Wednesday, August 3, 2011

आयल कांवरिया शिव के धाम


अररिया : सावन की तीसरी सोमवारी को अररिया के शिवभक्त कांवरियों ने मनिहारी घाट से पवित्र गंगाजल लाकर अररिया स्थित बाबा अररिया नाथ महादेव व मदनपुर के ऐतिहासिक मदनेश्वर महादेव में बाबा का जलाभिषेक किया।
अररिया ठाकुरबाड़ी के प्रमुख पुजारी पं.कृष्णकांत तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों कांवरिया मनिहारी घाट पर पहुंचे तथा वहां से विधि विधान पूर्वक गंगाजल अपने कांवर में लेने के पश्चात विभिन्न स्थलों पर विश्राम करते हुए सोमवार को यहां पहुंच गये।
अररिया में बाबा भोले पर जलार्पण करने के बाद कांवरियों का झुंड सोमवार को ही मदनपुर पहुंचा तथा बोल बम के जयकारे के बीच बाबा मदनेश्वर शिवलिंग पर पवित्र गंगाजल अर्पित किया।
इस दल में कांवरिया रामकुमार भगत, संजय कुमार ठाकुर, राजू गुप्ता, विनोद गुप्ता, विजय कुमार, शंकर, चंदन, संजीत, सिट्टू, राजकुमार, कन्हैया सिंह, दुर्गा, अर्जुन, डोमा,दिनेश, पप्पू, सुबोध आदि शामिल थे।

विधायक ने दिया कालेज में पथ निर्माण का आश्वासन


अररिया : अररिया कालेज के जर्जर संपर्क पथ का पुनर्निर्माण करवाया जायेगा। यह बात भाजपा विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने सोमवार को अररिया महाविद्यालय के भ्रमण के दौरान कही। वहीं, कालेज पहुंचने पर प्राचार्य की अगुवाई में शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मियों ने उनका भरपूर स्वागत किया।
विधायक ने कालेज में बन रही आधारभूत संरचनाओं का मुआयना किया तथा उनके शीघ्र पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कालेज में चल रहे विकास कार्य इस पिछड़े इलाके के नजरिये से बेहद जरूरी हैं तथा उनको अति शीघ्र पूरा किया जाना चाहिये।
विधायक ने कालेज के संपर्क पथ की जर्जर स्थिति को देख निराशा जताई तथा जिले के प्रभारी मंत्री से मिल कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण करवाये जाने की बात कही। उन्होंने महाविद्यालय में बाउंड्रीवाल बनाये जाने की जरूरत पर भी बल दिया।
इससे पहले श्री यादव के कालेज परिसर में पहुंचने पर प्राचार्य डा. मुहम्मद कमाल ने उनका औपचारिक रूप से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रो.एएच सिद्दीकी, प्रो.नवल किशोर सिंह, प्रो कमल नारायण यादव, प्रो.ए मतीन, प्रो. कफील अहमद, डॉ. रत्‍‌नेश्वर चौधरी, डॉ. अशोक पाठक, कर्मचारी संघ के प्रक्षेत्र उपाध्यक्ष जय कृष्ण राय सहित कई अन्य शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मी उपस्थित थे।

रेणु के गांव में नवसृजित स्कूल का शुभारंभ


रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के पश्चिमी औराही पंचायत स्थित बंगाली टोला औराही में सोमवार को नवसृजित प्राथमिक विद्यालय शुभारंभ किया गया।
विद्यालय का शुभारंभ पंचायत के मुखिया सुनील कुमार मंडल के द्वारा हुआ। इस विद्यालय के स्थापना से ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि रेणु जी का सपना था कि इस टोले में विद्यालय बने। उन्होंने ही इस टोले का नाम नवीननगर रखा था। इस मौके पर पं. समिति सदस्य मुश्ताक आलम, पूर्व समिति सदस्य कृत्यानंद मंडल, सुनील चन्द्र डे, गोपाल मंडल, विद्यालय प्रभारी दिनेश कुमार, ऐनुल, मुर्शीद, वशीर, संजय ऋषिदेव, संकुल समन्वयक रजनीश भारती आदि ग्रामीण उपस्थित थे।

साक्षर भारत की सफलता को ले बैठक

रेणुग्राम (अररिया) : साक्षर भारत कार्यक्रम 2012 को सफल बनाने को लेकर फारबिसगंज प्रखंड प्रमुख अशोक विश्वास की अध्यक्षता में एक बैठक की गई। जिसमें सर्व सम्मति से प्रखंड लोक शिक्षा समिति का गठन किया गया। गौरतलब हो कि 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर महिला एवं पुरुष को साक्षर बनाने के उद्देश्य से साक्षर मिश्न 2012 चलाया जा रहा है। इस बैठक में प्रखंड के कार्यक्रम सचिव के रूप में प्रखंड साक्षरता सचिव अमरनाथ झा को चुना गया। साथ ही अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। इस मौके पर उप प्रमुख किरण देवी, वीईओ चंदन प्रसाद सहित के आरपी आदि उपस्थित थे।

युवा कांग्रेस ने चलाया जागरूकता अभियान

फारबिसगंज (अररिया) : युवा कांग्रेस के द्वारा आम आदमी का सिपाही, कार्यक्रम के तहत फारबिसगंज प्रखंड के बोकरा पंचायत के हल्दिया गांव में रविवार को जागरूकता अभियान चलाया। युवा कांग्रेस लोक सभा ममहासचिव डा. सुधाकर तथा युवा कांग्रेस फारबिसगंज विधान सभा अध्यक्ष पूजा कुमारी के नेतृत्व में ग्रामीणों के बीच मानव रहित रेलवे क्रासिंग को पार करते समय सावधानी बरतने की जानकरी दी गई। इसके अलावा केन्द्र सरकार द्वारा प्रायोजित विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकरी ग्रामीणों को दी गई। इस मौके पर मो. अनदर, मो. जाबूल, अभिषेक कुमार, बुलानंद राम, शहंशाद, विक्की सहित दर्जनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

सेवानिवृति पर अधिकारी को दी गयी विदाई


बथनाहा (अररिया) : प्रमंडल कार्यालय बथनाहा में पदस्थापित अवर प्रमंडल पदाधिकारी गिरजा प्रसाद सिंह की सेवानिवृति पर रविवार को उन्हें विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों के द्वारा कार्यालय परिसर में समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गयी। इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता एलके झा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं इसी मौके पर प्रभार ग्रहण करने वाले अवर प्रमंडल पदाधिकारी लक्ष्मण यादव का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भीमनगर के अवर प्रमंडल पदाधिकारी राकेश बाबू, त्रिवेणी प्रसाद शर्मा सहित भास्कर जी, विनोद कुमार, मुख्तार आलम, कामिल, शाहिद आदि भी उपस्थित थे।
विदाई समारोह कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर आजाद, कनीय अभियंता शिविर एवं मार्ग अवर प्रमंडल कार्यालय बथनाहा के द्वारा किया गया।
वक्ताओं ने गिरजा बाबू के कुशल कार्यकाल की चर्चा की तथा सेवानिवृति के उपरांत उनके दीर्घ जीवन की कामना की। धन्यवाद ज्ञापन भास्कर जी द्वारा किया गया।

ऐसे भरा जायेगा टीइटी परीक्षा का ओएमआर आवेदन


अररिया : टीइटी परीक्षा का ओएमआर आवेदन पत्र भरने में सावधानी बरतने की जरूरत है। थोड़ी सी चूक होने पर फार्म कैंसिल हो सकता है।
1. फार्म का पहला क्रमांक एक कंट्रोल नंबर का है। यह अभ्यर्थियों द्वारा भरा नहीं जायेगा। यह सिर्फ कार्यालय उपयोग के लिए है। इसलिए इसे न भरें।
2. फार्म का दूसरा क्रमांक दो कैटेगरी से संबंधित है। इसमें सात श्रेणी बताई गयी है। सामान्य, एससी, एसटी, बीसी, ईबीसी, बीसीएफ तथा अन्य के सामने गोलक को भरे।
3. फार्म का तीसरा क्रमांक विकलांगों के लिए है।
4. चौथा कालम जन्म तिथि का है। पहले जन्म की तारीख, फिर महीना और अंत में जन्म का वर्ष के सामने आने वाले गोलक को भरें।
5. फार्म का क्रमांक पांच स्त्री व पुरुष अभ्यर्थी की सूचना देने के लिए है। संबंधित वर्ग के सामने गोलक को भरना है।
6. फार्म का छठा क्रमांक वर्ग पात्रता के लिए है। वर्ग एक से पांच तक के लिए पेपर एक तथा छह से आठ के लिए पेपर टू व दोनों के लिए बोथ के सामने के गोलक को भरें।
7. फार्म का सातवां क्रमांक अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता से संबंधित है। पहला वर्ग पांच तक के लिए व दूसरा वर्ग छह से आठ तक के लिए है। सही गोलक को भरना है।
8. फार्म का आठवां कालम प्रशिक्षित-अप्रशिक्षित होने की सूचना से संबंधित है। उपर प्रशिक्षित और नीचे वाला गोलक अप्रशिक्षित उम्मीदवार भरेंगे।
9. फार्म के नौंवे क्रमांक के अंतर्गत गणित व विज्ञान तथा समाज विज्ञान के लिए अलग-अलग गोलक को भरना है।
10. फार्म का दसवां क्रमांक अभ्यर्थी के नाम के लिए है। उपर केपिटल लेटर में नाम लिखना है तथा उसके नीचे सामने के गोलक को भरना है।
11. 11वें क्रमांक में भाषा विकल्प देना है। पहली से 5वीं के लिए पांच भाषा व छह से आठ के लिए नौ भाषा का चयन कर उसके सामने के गोलक को भरें।
13. क्रमांक तेरह-चौदह में माता-पिता का नाम व 15 में टेलीफोन नंबर को दर्ज करना है।
14. आवेदन के नीचे दिए स्थान पर फोटो चिपकाना है। यहां पता व जिला कोड कार्यालय द्वारा भरा जायेगा। इसलिए इसे न भरें।

स्वतंत्रता सेनानी का निधन

रानीगंज (अररिया) : वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी कल्लर गोप का निधन शनिवार की रात्रि जामून घाट स्थित उनके निज आवास पर हो गया। वे लगभग 100 वर्ष के थे। रविवार को फरियानी नदी के किनारे उनका अंतिम संस्कार किया गया। स्व. गोप के तीन पूत्रों में बड़े उपेन्द्र यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस अवसर पर वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी कलानंद सिंह, रानीगंज थानाध्यक्ष अरुण सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। श्री गोप के निधन पर प्रखंड बीडीओ ललन ऋषि, सीओ राम विलास झा, आरक्षी निरीक्षक ललन पांडे, एसआई प्रशांत भारद्वाज, नवल किशोर सिंह आदि लोगों ने गहरी संवेदना प्रकट की।

सचिव की घोषणा से न्याय मित्र व सचिवों में उहापोह

जोकीहाट(अररिया) : सरकार की अलग अलग घोषणाओं से न्याय मित्रों एवं न्याय सचिवों के बीच ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। न्याय मित्र संघ के जिला सचिव कृष्णकांत झा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि एक तरफ ग्रामीण विकास विभाग पटना की ओर से इंदिरा आवास आवंटन हेतु लाभुकों का शपथ पत्र ग्राम कचहरी के न्यायमित्रों से बनवाने के निर्देश दिये गये हैं। जिसके तहत जिले के सभी 218 पंचायतों में कार्यरत न्यायमित्रों द्वारा शपथ पत्र हस्ताक्षरित कराये जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पंचायती राज विभाग के सचिव ने न्याय मित्रों एवं न्याय सचिवों की संविदा के समाप्ति की घोषणा की है। ऐसी स्थिति में न्याय मित्र एवं न्याय सचिव असमंजस की स्थिति में है। उन्होंने मुख्यमंत्री से शीघ्र मामले को स्पष्ट करने का आग्रह किया है। इस दौरान दर्जनों न्याय मित्र व सचिव उपस्थित थे।

प्रदेश नेता पर लगाया भेदभाव बरतने का आरोप

फारबिसगंज(अररिया) : जदयू के फारबिसगंज नगर अध्यक्ष नौशाद आलम ने जिला पार्टी संगठन पदाधिकारी सह प्रदेश नेता आलोक व‌र्द्धन पर भेदभाव बरतने का आरोप लगाते हुए एक शिकायत पत्र मुख्यमंत्री को प्रेषित किया है। जिसमें अल्पसंख्यक एवं अति पिछड़ों के साथ बैठकों में भेदभाव बरतने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में कहा गया है कि कार्यक्रम अथवा आगमन की जानकारी नगर अध्यक्ष को नहीं दी जाती है। जबकि शहर में पार्टी कार्यालय खुला रहने के बावजूद दो चार खास लोगो के आवास पर ही बैठक की जाती है।

बाढ़ से जूट की फसल बर्बाद ,कृषि मंत्री को भेजा त्राहिमाम पत्र

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के अम्हारा पंचायत के कई गांवों में परमान नदी व वर्षा का पानी घुस जाने के कारण पाट (जूट) की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। जिससे किसान आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं। पंचायत के मुखिया प्रकाश चौधरी ने कृषि मंत्री सहित वरीय अधिकारियों व बीडीओ को त्राहिमाम् पत्र भेजकर उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि उक्त पंचायत के खमकौल पोटरी, लडू़बा, बाघमारा, मलवा, कमता, बलियाडीह एवं अम्हारा में वर्षा और बाढ़ के पानी के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जिस कारण पाट की खेती करने वाले किसान हताश हैं।

ग्रामीण हाट हुए कीचड़मय, राजस्व वसूली प्रभावित

भरगामा (अररिया) : लगातार बरसात के कारण ग्रामीण सड़कों व राजस्व हाटों की स्थिति नारकीय हो गयी है। कीचड़मय हो चुकी क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों पर यातायात बाधित हो गया है। स्थिति यह है कि आम लोग सड़कों की जगह खेत-खलिहान व पगडंडियों से होकर प्रखंड व जिला मुख्यालय आने-जाने पर मजबूर हैं। उल्लेखनीय है कि वीरनगर, धनेश्वरी, हरिपुर कला, खुटहा बैजनाथ आदि पंचायत को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क पर वाहनों का परिचालन पिछले एक पखवाड़े से पूरी तरह बंद है। वहीं खजुरी से बनमनखी तक जाने वाली लगभग सभी सड़कों की हालत बिगड़ गई है। जबकि प्रखंड के कई राजस्व हाट भी वर्षा के कारण कीचड़मय हो जाने के कारण बाधित हैं। मालूम हो कि प्रखंड के खजुरी, रघुनाथपुर, महथावा, वीरनगर, मंगलवार-चरैया तथा भरगामा हाट से सरकार को हजारों की आय प्राप्त होती है। फिलवक्त उक्त हाटों की स्थिति नारकीय बनी हुई है। खासकर खजुरी, वीरनगर व भरगामा हाट कीचड़ को लांघकर पहुंचना काफी कष्टकर है। हाट के अनुबंध धारियों का कहना है कि कीचड़मय स्थिति के कारण आम उपभोक्ता हाट तक पहुंच हीं नही पाते हैं। लिहाजा समुचित राजस्व की वसूली भी नहीं हो पाती है।

डूबने से बच्ची की मौत

कुर्साकाटा(अररिया) : सोमवार को प्रखंड के रहटमीना अरताहा निवासी सुरेन्द्र यादव की पुत्री पूजा कुमारी (11) की मौत पानी में बहकर डूब जाने से हो गयी। मृतका दो अन्य सहेली के साथ दूसरे गांव से भोज खाकर लौट रही थी कि रास्ते में सगरदीना स्कूल के निकट धारा पार करने के क्रम में बह गयी। जबकि दो अन्य सहेली डूबने से बच गयी।

एनसीसी कैडेट चयन को जांच परीक्षा चार से

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज महाविद्यालय में एनसीसी कैडेटों के चयन के लिए आगामी चार अगस्त को शारीरिक जांच परीक्षा का आयोजन किया गया है। जिसमें सफल छात्र छात्राओं को 2011-12 के लिए एनसीसी कैडेटों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। शारीरिक जांच परीक्षा में पूर्णिया से एनसीसी के कई अधिकारी उपस्थित रहेंगे। महाविद्यालय के एनसीसी सह मीडिया प्रभारी प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि जांच परीक्षा सुबह 10 बजे से ली जायेगी।

अलग अलग सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन जख्मी


कुसियारगांव(अररिया) : विगत चौबीस घंटे के दौरान जिले में हुई अलग- अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक नाबालिग सहित आधा दर्जन लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। वहीं चिकित्सक ने एक को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
जानकारी अनुसार जोकीहाट मार्ग पर परमान पुल के समीप टैंपू के पलट जाने से सवार मोहनी करेला निवासी मो. मुन्ना बुरी तरह जख्मी हो गया। वहीं बैरगाछी चौक के समीप मोटरसाइकिल सवार भैंस से टकरा जाने मो. सन्नू जख्मी हो गया। वह डुमरिया महलगांव का निवासी बताया जाता है।
वहीं रानीगंज मार्ग पर रजोखर चौक के समीप रूपैली निवासी जुबेर के पुत्र मोअज्जम सफारी गाड़ी के चपेट में आ जाने से जख्मी हो गया। वहीं गैयारी निवासी मो. अमीन, मो. साहेब चुड़ी पट्टी, मनोज कुमार सिंहा अररिया, बीबी मनीषा सरीफ नगर आदि शामिल है।

करंट से मिस्त्री झुलसा

कुसियारगांव(अररिया) : कुसियारगांव के समीप लगे खंबे पर तार जोड़ने के दौरान करंट मार देने से एक प्राइवेट मिस्त्री बुरी तरह झुलस गया। जिसे इलाज के लिए सोमवार को सदर अस्पताल लाया गया। नाजुक स्थिति को देखते हुए डा. शरद कुमार ने बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया है।

डकैती की योजना बनाते छह बदमाश गिरफ्तार, तीन फरार


अररिया : नगर थाना क्षेत्र के ईदगाह मैदान में गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को डकैती की घटना को अंजाम देने की योजना बनाते पुलिस ने छह बदमाशों को दबोचने में सफलता पायी है। बदमाशों के पास से पुलिस शटर तोड़ने का सामान, धारदार हथियार, शराब की बोतलें, गांजा, नेपाली परिचय प्रमाण पत्र एवं कई अन्य कागजात जब्त किये हैं। इस दौरान तीन अन्य बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार बदमाशों में इसलाम नगर के मो. सत्तार उर्फ छोटू, मिट्टु उर्फ पिंटू आलम मिर्जाभाग, मो. जफर, सोनू, मो. पप्पू एवं खलीलाबाद के मो. इमरान शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों से आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बदमाशों ने पुलिस के समक्ष शहर में पिछले दिनों हुई ज्वेलर्स लूट, ज्वेलर्स दुकान एवं मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर हुई चोरी मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बदमाशों ने खुलासा करते हुए पुलिस को बताया कि उनके गिरोह में एक दर्जन से अधिक सक्रिय अपराध कर्मी सक्रिय है। उन्होंने बताया कि चोरी या फिर लूटी गयी सामानों को वे लोग किशनगंज के चोर बाजार में बेचने का काम करते हैं। पिछले दिनों व्यापारी से लूटी गयी ज्वेलर्स को भी उन लोगों ने चूड़ीपट्टी स्थित किसी शाहनवाज नामक युवक के हाथों बेच दिया। बदमाशों ने यह भी खुलासा किया कि उनके गिरोह में शामिल सदस्यों में तीन बदमाश किशनगंज जिले के हैं। बदमाशों की गिरफ्तारी के संबंध में नगर थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह के अनुसार उनके सहयोगी अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार, राजन कुमार एवं टाइगर मोबाइल दस्ता के सदस्य ज्वेलर्स लूट के मामले में अनुसंधान पर थे। इसी बीच किसी ने संदेश दिया कि ईदगाह मैदान में कुछ बदमाशों द्वारा अपराध की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। पुलिस बिना समय गंवाये मैदान की घेराबंदी कर बदमाशों को दबोचने में सफलता पायी। पुलिस के अनुसार धराये बदमाशों में अधिकांश कई बार जेल की हवा खा चुके हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि बदमाश से पूछताछ के बाद कई आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ। पुलिस जल्द ही शेष बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान संचालित करेंगी।

गांजे की अवैध बिक्री

बथनाहा (अररिया) : पुलिस प्रशासन की उदासीनता के कारण बथनाहा का वीरपुर चौक गांजा व शराबखोरों का अड्डा बनता जा रहा है। कई स्थानीय पान दुकानों में अवैध रूप से गांजा बेचा जाता है। इस गांजे को सिगरेट में भर कर कई युवा व वाहन चालक खुलेआम पी रहे हैं। यही हाल शराबियों का भी है जो पुलिस की निष्क्रियता से शाम ढलने के बाद पीकर चौक-चौराहे पर शोर-गुल व नौटंकी करने लगते हैं।

रमजान की आहट से बढ़ी बाजारों की रौनक

जोकीहाट(अररिया) : रमजान के पवित्र महीने के आगमन से रोजेदारों के बीच खरीदारी को लेकर बाजार में रोनक बढ़ गयी है। जोकीहाट बाजार में इन दिनों खरीदारों खासकर महिलाओं की भीड़ बढ़ गयी है। फल, सब्जियां एवं किराना दुकानों में ग्राहकों की संख्या काफी अधिक बढ़ गयी है। रोजे की आहट से मछली, सब्जी, फल के दामों में काफी उछाल भी आ गया है। रमजान के दौरान जहां दुकानदारों की चांदी कटेगी वहीं ग्राहकों की जेब कटने वाली है। जो भी हो रमजान के आहट से बाजारों में रौनक दिख रहा है।

आया सावन झूम के उत्सव मेला में झूमे दर्शक

फारबिसगंज(अररिया) : सावन माह के अवसर पर रविवार को स्थानीय मारवाड़ी अतिथि सदन में महिला अग्रवाल मंच द्वारा आया सावन झूम के उत्सव मेला का आयोजन किया गया। मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष वीणा देवी एवं मंच की अध्यक्ष सरोज अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महिलाओं के बीच मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें करीब तीन दर्जन प्रतिभागियों ने भाग लिया। मेले में करीब डेढ़ दर्जन व्यंजन व अन्य स्टाल लगाये गये थे, जहां लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। खासकर महिलाओं एवं बच्चों में उत्सव मेला को लेकर खासा उत्साह रहा। वहीं मेंहदी प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका ललिता अग्रवाल, शांता अग्रवाल तथा कामिनी गोयल ने निभाया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रही ममता अग्रवाल को मेंहदी क्वीन का ताज पहनाया गया। द्वितीय स्थान पर नीलम जिंदल तथा तृतीय पोजिशन पर सरिता अग्रवाल रही। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम को जयप्रकाश अग्रवाल, अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, युवा मंच अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल, नप उपमुख्य पार्षद राजकुमार अग्रवाल, मंच अध्यक्ष सरोज अग्रवाल, सचिव शांता अग्रवाल, सुलोचना अग्रवाल, कामिनी गोयल, अनीता अग्रवाल आदि ने संबोधित किया। मंच संचालन प्रो. उर्मिला जैन ने की। इस अवसर पर दर्जनों की संख्या में महिला व बच्चे उपस्थित थे।