Wednesday, August 3, 2011

तीन आरोपियों को पांच पांच साल की सजा


अररिया : आ‌र्म्स एक्ट के एक मामले में एडीजे प्रथम उमेश चन्द्र मिश्रा के कोर्ट ने मंगलवार को तीन आरोपियों को पांच वर्षो की सश्रम सजा व अर्थ दंड का फैसला सुनाया है। तीनों आरोपी पूर्णिया जिले के रहने वाले हैं।
सत्र वाद संख्या 132/02 के तहत तकरीबन दस साल पुरानी इस घटना के अनुसार सूचक मनोज कुमार चौधरी अपने साथियों के साथ दवा बिक्री का पैसा वसूल कर मोटर साइकिल से लौट रहे थे। इसी क्रम में रामपुर चौक से आगे चरघरिया के समीप आरोपियों ने आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर मारपीट किये तथा हजारों राशि लूट लिया गया।
इस मामले में पूर्णिया जिले के केहाट थाना अंतर्गत राजावाड़ी निवासी मो. साबिर तथा मो. वसीम एवं जलालगढ़ निवासी मो. अकीर उर्फ अकीरूद्दीन को दोषी पाया तथा सभी को सश्रम पांच वर्षो की सजा तथा प्रत्येक को पांच हजार जुर्माना राशि अदा करने का फैसला सुनाया गया। इस मामले में सरकार की ओर से एपीपी आरिफ हुसैन तथा बचाव पक्ष से मो. तस्लीमउद्दीन ने भाग लिया।

टीइटी आवेदन जमा करने का सिलसिला जारी


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत शिक्षक पात्रता परीक्षा के आवेदन पत्र जमा कराने सिलसिला जारी है। इसके लिए नगर परिषद क्षेत्र में तीन केंद्र बनाये गये हैं जहां आवेदकों द्वारा आवेदन फार्म शांतिपूर्ण तरीके से जमा किया जा रहा है।
नगर के एसडीडीएन जिला स्कूल, ली एकेडमी तथा बीडीबीजी बालिका उच्च विद्यालय में शिक्षा पदाधिकारियों की देख-रेख में विगत 28 जुलाई से आवेदन पत्र जमा करवाया जा रहा है। इसके लिए इन केन्द्रों पर कोटिवार स्टाल लगाये गये है जहां आवेदक पंक्तिवार अपना फार्म जमा कर प्राप्ति रसीद प्राप्त कर रहे हैं। आवेदक कर्ताओं में महिलाओं की संख्या भी काफी देखी जा रही है।

राजद के धरना में भाग लेंगे हजारों कार्यकर्ता


अररिया : राष्ट्रीय जनता दल द्वारा आगामी 6 अगस्त को पटना के आयकर गोलंबर पर आयोजित धरना कार्यक्रम में अररिया के हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे। यह जानकारी राजद के जिला महा सचिव कुलानंद सिंह यादव अकेला ने दी है।
श्री अकेला ने बताया कि बिहार में पुलिसिया बर्बरता, भ्रष्टाचार और अपराध में हुई बढ़ोत्तरी को लेकर नीतीश सरकार के विरुद्ध राजद कार्यकर्ताओं का विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित होने जा रहा है। बिहार प्रांत के कोने-कोने से हजारों राजद कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचेंगे। श्री अकेला ने बताया कि अररिया से करीब दो हजार वर्कर आगामी पांच अगस्त को पटना के लिये रवाना होंगे।

लापता युवक का शव मिला

जोकीहाट (अररिया) : महलगांव थानाक्षेत्र के करटरा गांव निवासी मो. रईस आलम (40 वर्ष) का शव मंगलवार को दंशिया पुल के निकट मिला है। परिजनों ने बताया कि दो दिन पूर्व वह भैंस चराने के लिए घर से निकला था लेकिन शाम होने के बाद भी घर नही लौटा। मंगलवार की सुबह अचानक धार के निकट ग्रामीणों ने एक शव पड़ा हुआ देखा और इसकी सूचना गांव वालों को दी। तब उसके परिजन जब वहां पहुंचे तो उसकी पहचान की। शव पर कोई निशान आदि नहीं पायी गयी है जिससे इसके पता नहीं चल पाया है कि युवक की मौत कैसे हुई है।

गिरफ्तार युवक को एसएसबी ने दी क्लीन चीट

फारबिसगंज (अररिया) : एसएसबी 24वीं बटालियन द्वारा ट्रेन से संदेह के आधार पर पकड़े गये मिट्ठू नामक युवक को फिलहाल क्लीन चीट दे दी गई है। एसएसबी द्वारा गहन जांच के क्रम में युवक के किसी आतंकी गतिविधि में शामिल नही रहने की बात सामने आयी है। हालांकि खुफिया विभाग अभी भी इन छह आतंकियों की खोज में है जो हाल के दिनों में नेपाल आया था और भारत में आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की साजिश रच रहा है। एसएसबी 24वीं बटालियन बथनाहा के डिप्टी कमांडेंट बीआर चौहान ने बताया कि संदेह के आधार पर पकड़े गये युवक के बारे में गहन छान-बीन की गई है। इसके द्वारा साहेबगंज जिला में बताये गये घर जांच में सही पाया गया है। युवक मिट्ठू के किसी आतंकी गतिविधि में शामिल रहने की पुष्टि नहीं हुई है बावजूद इसके खुफिया विभाग संदिग्ध आतंकियों की खोजबीन में जुटी। हिरासत में लिये गये युवक मिट्ठू (26) से एसएसबी कैंप में पूछताछ की गई। श्री चौहान ने बताया कि उक्त युवक साहेबगंज में मनिहारा का दुकान करता है जो जोगबनी बार्डर से सामान खरीदकर ले जा रहा था। मालूम हो कि सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी ने जोगबनी से कटिहार जा रही पैसेंजर ट्रेन में छापामारी कर संदेह के आधार पर पूछताछ के लिये उक्त युवक को पकड़ा था। एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि इसी ट्रेन से आइएसआई एजेंट नेपाल से भारत में प्रवेश कर जा रहा है। अब खुफिया विभाग उन आतंकियों की खोज में है जिसकी तलाश सीमावर्ती क्षेत्र में की जा रही है।

सेवानिवृति पर शिक्षक को दी गयी विदाई



सिकटी (अररिया) : प्राथमिक विद्यालय तरौना से शिक्षक विन्देश्वरी पासवान के सेवानिवृत होने पर मंगलवार को सम्मान समारोह आयोजित कर विदाई दी गई। इस सम्मान समारोह में सभी शिक्षक व ग्रामीणों ने शिक्षक विन्देश्वरी पासवान को नम आंखों से विदाई की। ज्ञात हो कि शिक्षक बिन्देश्वरी पासवान 24 वर्षो से तरौना प्र. वि. में कार्यरत ये तथा वह जेपी आंदोलन के भी सदस्य रह चुके है। इस विदाई समारोह में प्रधानाध्यापक सियावती कुमारी, शिक्षक महानंद मंडल, जाहिदा प्रवीण, नूतन कुमारी, मधुालता कुमारी, महावीर पासवान, सीताराम पासवान, संतोष कुमार यादव, जयप्रकाश पासवान, सुरेश प्र. सिंह, हरिचंद्र मिश्र, वासुदेव सिंह, काली सिंह, ऋतु सिंह, रमेश सिंह, शिवचरण सिंह, बोकाई सिंह, दयानंद सिंह सहित उपस्थित गणमान्य लोगों ने शिक्षक के दीर्घायु होने की कामना की।

निष्ठा व श्रद्धा के साथ मनी मधुश्रावणी

रेणुग्राम (अररिया) : मिथिलांचल की लोक, संस्कृति पर आधारित मधुश्रावणी का पर्व मंगलवार को आस्था, निष्ठा, व श्रद्धा के साथ संपन्न हो गया। सावन पंचमी से प्रारंभ होने वाले इस पर्व में मूलत: नव विवाहिता पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ सुहाग की रक्षा के लिए आदि शक्ति गौरी की पूजा-अर्चना करती है। यह पर्व मूलत: 15 दिनों का होता है। कभी-कभी यह इससे कम या अधिक दिनों तक इस दौरान नव विवाहिता अपने पति की दीर्घायु हेतु देवी गौरी की पूजा-अर्चना करती है ताकि आदि शक्ति देवी उनकी सुहाग की रक्षा करती रहे। पूजा के दौरान चावल का लेप, चंदन, सिंदुर व काजल से नाग की पूजा अर्चना की जाती है। समापन के दिन मंगलवार को टेमी दागने की रस्म की गई। इस अवसर पर महिलाओं के बीच सामुहिक भोज भी आयोजित की गई।

इंदिरा आवास को ले शिविर का आयोजन

रेणुग्राम (अररिया) : इंदिरा आवास के लाभुकों के लिए हलहलिया पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय वारा में तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। सोमवार से शुरू हुए शिविर बुधवार तक चलेगा। जिसमें लाभार्थियों का चयन, शपथ पत्र, फोटोग्राफी आदि कार्य का निष्पादन होगा।

गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने का आह्वान

अररिया, : अररिया प्रखंड के संकुल संसाधन केंद्र में मंगलवार को मासिक गुरू गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह मध्याह्न भोजन प्रभारी प्रदीप कुमार ने प्रधानाध्यापकों को संबोधित करते हुए हर हाल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का संकल्प लेने का आहवान किया। श्री कुमार ने कहा कि सभी विद्यालय में मध्याह्न भोजन नियमित रूप से निर्धारित मीनू के आधार पर ही दें। विदित हो कि अररिया प्रखंड में मध्य विद्यालय की संख्या 26, उत्क्रमित मध्य विद्यालय 51, प्राथमिकी विद्यालय 175, मदरसा 15 एवं संस्कृत विद्यालय की संख्या 5 है। मासिक बैठक में अधिकांश प्रधानाध्यापक के अलावा बीआरपी सुरेश प्रसाद यादव, ओमप्रकाश सिंह, मनोज कुमार मंडल, अफसाना प्रवीण एवं अब्दुल रहमान आदि मौजूद थे।

ट्रांसफॉर्मर जला, विद्युत आपूर्ति बाधित


भरगामा (अररिया) : खजुरी में ट्रांसफार्मर जल जाने से पंचायत के साह टोला, आनन्द नगर, हनुमान नगर, विजय शर्मा टोला आदि में पिछले कम से कम पांच दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित है।
मालूम हो कि उक्त गावों बिजली उपभोक्ताओं की संख्या 150 से उपर है। हालांकि बिजली उपभोक्ताओं ने ट्रांसफार्मर जलने की लिखित सूचना विभागीय अधिकारियों को दी है जिसमें तत्काल ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बहाल करने की मांग रखी है। बिजली उपभोक्ताओं में राजेश गुप्ता, कृत्यानंद यादव, कुलानन्द दास, अनिल साह आदि ने कहा है कि उक्त गांवों में बिजली की व्यवस्था काफी जर्जर है। बिजली का पोल अधिकांश जगहों पर झुकी हुयी है, जबकि तार भी काफी जर्जर व कमजोर हो गये हैं। करंट युक्त तार के गिरने से हाल के दिनों में भी मवेशी की मौत हुई है। बिजली उपभोक्ताओं ने चेतावनी देते हुये कहा है कि अगर अविलंब व्यवस्था में सुधार नही किया गया तो उपभोक्ता समस्या को ले अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे।

दहेज हत्या मामले में पति को उम्र कैद


अररिया : दहेज हत्या के एक मामले में स्थानीय अदालत के फास्ट ट्रैक कोर्ट चतुर्थ ने अभियुक्त पति को उम्र कैद की सजा सुनाई है। फास्ट ट्रैक कोर्ट चतुर्थ के न्यायाधीश जितेन्द्र नाथ सिंह ने दहेज हत्या सत्र वाद संख्या 335/10 की सुनवाई पूरी करते हुए मंगलवार को अपना फैसला सुनाया।
जोकीहाट थाना क्षेत्र के चकई गांव में विवाहिता सोनी को उसके ससुराल वाले दहेज में एक धेनु गाय व एक भैंस नहीं दिये जाने के कारण बराबर प्रताड़ित करते थे तथा 03 जनवरी, 07 को उसके शरीर पर किरासन तेल छिड़क कर आग लगा दी। जिसे बाद में इलाज के लिए अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गयी।
इस मामले में जोकीहाट थाना कांड संख्या 27/07 दर्ज हुआ था। कोर्ट ने सत्रवाद के इस मामले में सुनवाई पूरी की तथा मृतका सोनी के पति चकई निवासी मो. साबीर को उम्र कैद की सजा सुनायी है।

सात केंद्रों पर लिए जा रहे टीइटी परीक्षा प्रपत्र


अररिया : जिले के सात केंद्रों पर टीइटी परीक्षा के प्रपत्र आगामी छह अगस्त तक लिये जायेंगे।
प्रारंभिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को टीइटी फार्म संभलकर भरना होगा। अन्यथा किसी भी तरह की चूक हुई तो फार्म रद कर दिया जायेगा। वहीं प्रत्येक फार्म पर क्रमांक दर्ज है, जो भविष्य में किसी तरह की पूछताछ या पत्राचार के लिए महत्वपूर्ण है। आवेदक के पास अगर फार्म का उक्त नंबर नही है तो विभाग से किसी भी तरह की जानकारी प्राप्त नही हो पायेगी। वहीं फार्म जमा करने के पश्चात अभ्यर्थी प्राप्ति रसीद लेना न भूले। अगर रसीद नहीं होगा तो आपका परीक्षा में शामिल होने पर संशय बरकरार रहेगा।
सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि फार्म जिस केन्द्र पर से लिया गया है वहीं जमा लिया जायेगा। दूसरे अन्य केन्द्र पर फार्म प्राप्त नही किया जायेगा। अररिया में कुल 49654 टीइटी फार्म की बिक्री हुई है। जिसमें 45502 फार्म सामान्य वर्ग के तथा 4152 एससी/एसटी वर्ग के अभ्यर्थी ने लिया है। फार्म लेने के लिए जिले के अररिया व फारबिसगंज में कुल सात केन्द्र बनाये गये हैं।
यह फार्म नहीं होगा एक्सेप्ट:
टीइटी परीक्षा में शामिल होने के लिए काउंटरों पर से लिये गये ओएमआर आवेदन पत्र को बड़ी सावधानी से भरना पड़ेगा। ओएमआर आवेदन पत्र कहीं से मुड़ा होने पर, फार्म पर ओवररायटिंग व कंटिग करने पर, उस पर ह्वाईटनर का प्रयाग करने पर, ओएमआर का फोटो कापी देने पर आवेदन स्वीकृत नहीं किया जायेगा। क्योंकि ऐसे आवेदन को कंप्यूटर अस्वीकार करेगा।

डेहटी पैक्स घोटाला: प्रमुख सूत्रधार अभी भी पुलिस पकड़ से दूर


अररिया : करोड़ों के डेहटी पैक्स घोटाले में यूं तो अब तक आधा दर्जन से अधिक तत्कालीन बीडीओ व जिला शिक्षा अधीक्षक पर गाज गिर चुकी है। उनमें से कई जेल की हवा भी खा चुके हैं। परंतु घोटाले के सूत्रधारों में से एक तत्कालीन उपविकास आयुक्त अभी भी पुलिस पकड़ से दूर हैं। तत्कालीन डीडीसी एम.एम तलहा साजिद के विरूद्ध अररिया थाना में कांड सं. 481/10 दर्ज है। उनके खिलाफ वारंट भी निर्गत है। किंतु अभी तक पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने में असफल रही है।
ज्ञात हो कि सरकारी योजनाओं की करोड़ों की राशि गबन करने की नियत से राष्ट्रीयकृत बैंकों में नहीं रख कर डेहटी पैक्स में रखा गया था। जहां से पैक्स कर्मियों, अधिकारियों व बिचौलियों की मिलीभगत से अब तक हुई जांच के अनुसार लगभग 90 करोड़ की राशि का गबन कर लिया गया है। इस मामले में अब तक करीब डेढ़ दर्जन प्राथमिकी विभिन्न थानों में दर्ज की जा चुकी है। जबकि एक मामला पटना स्थित स्पेशल जज विजिलेंश (द्वितीय) के कोर्ट में भी केश नंबर 19/09 लंबित है। उक्त मामले में अब तक छह बीडीओ पर गाज गिर चुकी है। हाल में अररिया पुलिस ने तत्कालीन बीडीओ सह छपरा के वरीय अपर समाहर्ता अशोक तिवारी तथा तत्कालीन जिला शिक्षा अधीक्षक व जहानाबाद के कार्यक्रम पदाधिकारी दिनेश चौधरी को गिरफ्तार किया था। हालांकि दोनों को कोर्ट से इस आधार पर बेल मिल गया कि उन लोगों ने तत्कालीन डीडीसी एम.एम तलहा साजिद द्वारा जारी पत्र के आधार पर ही योजनाओं की राशि डेहटी पैक्स में जमा करायी थी। जेल में बंद उक्त पैक्स के प्रबंधक रूद्रानंद झा ने भी अपनी स्वीकारोक्ति बयान में स्वीकार किया है कि तत्कालीन डीडीसी के कार्यकाल से ही पैक्स में घोटाले शुरू हुए।
मिली जानकारी के अनुसार अररिया के तत्कालीन डीडीसी एम.एम तलहा साजिद 15 जनवरी 2000 से 10 जनवरी 01 तक यहां पदस्थापित थे। उन्होंने अपने पत्रांक 1726 दिनांक 02 दिसंबर 2000 को पलासी बीडीओ को पत्र जारी किया था, जिसमें इंदिरा आवास योजना से संबंधित राशि डेहटी पैक्स में जमा करने का निर्देश दिया गया था। उसके बाद से ही शुरू हो गया था पैक्स में घोटाले का खेल। इस दौरान मिली भगत से 90 करोड़ से भी अधिक की राशि गबन कर ली गयी। लेकिन अभी तक उक्त सूत्रधार पुलिस पकड़ से बाहर है। उनकी गिरफ्तारी के बाद घोटाले के कई और राज खुलने की उम्मीद है।

फरार कैदी दारा फिर दे सकता है बड़ी घटना को अंजाम


अररिया : सदर अस्पताल पूर्णिया में चिकित्सा के दौरान पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर फरार हुआ कैदी तबरेज उर्फ दारा का सुराग अब तक पुलिस को नहीं मिल पाया है। वहीं सूचना है कि वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए क्षेत्र में फिर से अपने गिरोह को संगठित कर रहा है। इस अपराधी के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। यहां तक कि दिल्ली पुलिस को भी कई मामलों में इस अपराधी की तलाश है। डीएसपी कासिम के अनुसार फरार कैदी को पुन: गिरफ्त में लेने के लिये पुलिस प्रयासरत है।
ज्ञात हो कि जीरो माईल पेट्रोल पंप लूट कांड के बाद तबरेज उर्फ दारा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार जाल बिछाया लेकिन हर बार असफलता ही हाथ लगी। दिल्ली से भगायी गयी लड़की की बरामदगी मामले को लेकर ग्रामीणों से उलझे बदमाश को आसपास के लोगों ने उसे काबू कर बीते 18 जून को ही पुलिस को सुपुर्द किया था। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा की गयी पिटाई से उसका पैर बुरी तरह जख्मी हो गया था। मंडल कारा में पदास्थापित चिकित्सकों के सलाह पर उसे सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया था। लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुये चिकित्सकों ने उसे 12 जुलाई को पूर्णिया रेफर कर दिया। कैदी के साथ पुलिस लाइन अररिया से चार पुलिस जवान उनकी देख-रेख में लगाये गये। लेकिन घायल होने के बावजूद कैदी पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर जुलाई को फरार हो गया। सूत्रों की माने तो फरार होने के बाद उनके सहयोगियों ने पुन: उसे अररिया के किसी क्षेत्र में लाया लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग पायी। बताया जा रहा है कि पैर ठीक होने के साथ ही फरार कैदी जिले में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की रणनीति बनाने में सक्रिय है। इसके लिये वह अपने गिरोह के सदस्यों को इकट्ठा भी करना शुरू कर दिया है।

आपराधिक घटना में वृद्धि से ग्रामीण भयभीत


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थानाक्षेत्र के बारा इस्तम्बरार पंचायत के सिसुवा गांव में डीलर देवानंद प्र. साह के घर का ग्रिल काटकर चोरों ने लगभग एक लाख की संपत्ति चोरी कर ली। चोरी की इस घटना में स्प्लेंडर प्रो मोटर साइकिल नं. बीआर 39 एफ, 9295 एवं दो डायनेमो आदि चोरी कर ली गई।
डीलर श्री साह ने लिखित सूचना जोकीहाट थाना में देकर कार्रवाई की मांग की है। इधर, मुखिया शौकत आरा ने भी घटना की पुष्टि की है। उधर अररिया-जोकीहाट मार्ग पर गुरुवार की रात सड़क लुटेरों ने बांका जिला निवासी अनुज कुमार की बोलेरो रोककर मोबाइल व नकदी लूट ली थी। घटना के छह दिन बाद भी जोकीहाट पुलिस अपराधियों का अता-पता नही कर पाई है। अपराधिक घटनाओं में वृद्धि से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

विधायक ने लिया बकेनिया पुल का जायजा

पलासी (अररिया) : सिकटी विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने रविवार को अभियंताओं की टीम के साथ प्रखंड क्षेत्र होकर बहने वाली बकरा नदी पर बने बकेनियां पुल का जायजा लिया। गौरतलब है कि बकरा नदी के कटाव के कारण बकेनियां घाट पर बने पुलिया के आगे से होकर पानी बहने लगी है जिस कारण यातायात में आमजनों को काफी परेशानी अभियंताओं की टीम को वर्षात के बाद पुल की लंबाई बढ़ाने को कहा। इस क्रम में विधायक श्री यादव ने मौके पर मौजूद बीडीओ उपेन्द्र सिंह को तत्काल बकेनियां घाट, जहानपुर घाट तथा काचमोह घाट पर नाव उपलब्ध कराने को कहा। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण के समय ही यदि इस ओर ध्यान दिया जाता, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। मौके पर अशोक झा, शोभा विश्वास, दयानंद चौधरी, राजेन्द्र यादव आदि मौजूद थे।

बिजली चोरी करते पकड़े गये टावर मालिक, प्राथमिकी


अररिया : गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा वर्मा सेल के निकट स्थित व्योम नेटवर्क टावर में बिजली चोरी करते पकड़ा। चोरी पकड़ने के बाद टावर मालिक एवं सहकर्मी के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। वही एसडीओ किरण कुमार ने विभागीय नियमानुसार टावर मालिक के विरुद्ध 11 लाख एक हजार 970 रुपये का जुर्माना लगाया।
घटना की जानकारी देते एसडीओ श्री कुमार ने बताया कि मालिक एवं उनके कर्मी के सहयोग से टावर में अवैध ढंग से बिजली आपूर्ति की जा रही थी। इसकी सूचना जब उन्हें मिली तो उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुये छापामारी की।
बताया जाता है कि टावर में महीनों से विद्युत की चोरी जारी थी। 

चांद दिखा, रमजान शुरू

अररिया : रमजानुल मुबारक का चांद सोमवार की शाम देखा गया। चांद दिखने के बाद रोजा आज से शुरू हो गया है। इसके साथ ही विभिन्न मस्जिदों में तरावीह की विशेष नमाज शुरू हो गयी है। लोगों में पहला रोजा को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। एक तरह से पूरा जिला रमजानुल मुबारक के आगमन को लेकर जश्न के माहौल में डूबा हुआ है।

22 करोड़ की लागत से बनेंगे तीन पुल: विधायक


अररिया : सिकटी के भाजपा विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने कहा है कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में 22 करोड़ की लागत से तीन बड़े पुलों का निर्माण करवाया जायेगा। इसकी स्वीकृति नाबार्ड से मिल चुकी है। जिन जगहों पर पुल बनेंगे उनमें बकरा नदी पर कुर्साकाटा के निकट पड़रिया घाट व पलासी के निकट जहानपुर घाट के अलावा
रहटमीना सझिया पथ में बहेलिया (लोहंदरा) पुल शामिल हैं।
विधायक ने बताया कि ऐतिहासिक डोम सड़क में ं कुर्साकाटा के निकट बकरा नदी के पड़रिया घाट पर 11 करोड़ की लागत से पुल बनेगा। जबकि इसी नदी के जहानपुर घाट पर बनने वाले पुल पर 7 करोड़ की लागत आयेगी।
वहीं,कुर्साकाटा प्रखंड के रहटमीना गांव से सझिया जाने वाली पथ में बहेलिया (लोहंदरा) नदी पर चार करोड़ की लागत से पुल बनेगा। विधायक श्री यादव ने बताया कि इन पुलों के निर्माण की जिम्मेवारी बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को सौंपी गयी है। तीनों महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट टेंडर की प्रक्रिया के अधीन है तथा इन पर बरसात के बाद कार्य शुरू होगा। उन्होंने बताया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में इन तीनों पुलों के लिए कई दशकों से मांग की जाती रही है। अब इसकी स्वीकृति मिलने से इलाके के विकास में नये आयाम जुड़ेंगे।

आयल कांवरिया शिव के धाम


अररिया : सावन की तीसरी सोमवारी को अररिया के शिवभक्त कांवरियों ने मनिहारी घाट से पवित्र गंगाजल लाकर अररिया स्थित बाबा अररिया नाथ महादेव व मदनपुर के ऐतिहासिक मदनेश्वर महादेव में बाबा का जलाभिषेक किया।
अररिया ठाकुरबाड़ी के प्रमुख पुजारी पं.कृष्णकांत तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों कांवरिया मनिहारी घाट पर पहुंचे तथा वहां से विधि विधान पूर्वक गंगाजल अपने कांवर में लेने के पश्चात विभिन्न स्थलों पर विश्राम करते हुए सोमवार को यहां पहुंच गये।
अररिया में बाबा भोले पर जलार्पण करने के बाद कांवरियों का झुंड सोमवार को ही मदनपुर पहुंचा तथा बोल बम के जयकारे के बीच बाबा मदनेश्वर शिवलिंग पर पवित्र गंगाजल अर्पित किया।
इस दल में कांवरिया रामकुमार भगत, संजय कुमार ठाकुर, राजू गुप्ता, विनोद गुप्ता, विजय कुमार, शंकर, चंदन, संजीत, सिट्टू, राजकुमार, कन्हैया सिंह, दुर्गा, अर्जुन, डोमा,दिनेश, पप्पू, सुबोध आदि शामिल थे।