Wednesday, November 23, 2011

लगातार बढ़ रही शराबियों की संख्या


कुर्साकांटा (अररिया) : सीमावर्ती क्षेत्रों से लोगों के जुबान से अक्सर सुनने को मिलता है कि सूर्य अस्त नेपाल मस्त। परंतु अब यह बात कुर्साकांटा में दिखने लगी है।
गांवों के चौक-चौराहों पर सूर्यास्त के बाद से देर रात तक यही नजारा देखने को मिल रहा है। शराबियों की संख्या में काफी इजाफा होने लगा है। बूढ़े, जवान यहां तक की बच्चे भी इसकी लत का शिकार होने लगे हैं। शराबियों को गांव में ही शराब सहज उपलब्ध हो जाते है। देशी शराब से लेकर अंग्रेजी शराब तक पान, किराना एवं दवाई दुकान में प्राप्त हो जाते है। शराब पीकर किसी को गाली गलौज करना आम बातें हो गई। लाइसेंसी शराब की दुकान एक है एवं परचुनियां की कई दुकान खुल चुकी हैं।
जागीर इटाही के विपिन यादव, आमोद यादव, अनमोल यादव आदि ने बताया कि हलधारा और जागीर ईकाई चौक पर प्राय: सभी दुकानों में देशी और अंग्रेजी शराब खुले आम बिकती है। शाम ढलते ही पियक्कड़ों का जमघट लगना प्रारंभ हो जाता है।

बैंक आफ बड़ौदा लूट कांड को पांडवा गिरोह ने दिया अंजाम

अररिया : भरगामा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर पंचायत स्थित बैंक आफ बड़ौदा शाखा में हुई डकैती घटना मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। घटना में शामिल अपराध कर्मियों को चिन्हित कर लिया गया है। उक्त बैंक लूट की घटना को पांडवा गिरोह ने अंजाम दिया है। प्रभारी एसपी सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मो कासिम ने बताया है अररिया में पहली बार इस गिरोह ने बैंक लूट की घटना की है। उन्होंने बताया कि पांडवा गिरोह के सदस्य पूर्णिया, सुपौल एवं मधेपुरा में काफी सक्रिय है। अब इस गिरोह के सदस्य अररिया में भी पांव पसार लिए हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना में गिरोह के आधा दर्जन सदस्यों ने भाग लिया। उन्होने इस बात से इंकार किया है कि पिछले फरवरी माह में जोकीहाट के हरदार बैंक लूट कांड में शामिल अपराधकर्मियों की इस घटना में कोई संलिप्तता है। क्योंकि जोकीहाट लूट कांड में शामिल अधिकांश अपराध कर्मी आज जेल में हैं। हालांकि उन्होंने बैंक आफ बड़ौदा शाखा में हुई लूट में शामिल अपराध कर्मियों को चिन्हित कर लिए जाने का दावा किया किंतु बदमाशों के नाम का खुलासा किए बगैर बताया कि जल्द ही सभी अपराधियों को दबोचने में उनकी पुलिस सफलता पा लेगी।

डेढ़ लाख की संपत्ति लूटी

बथनाहा : सोमवार की रात सशस्त्र अपराधियों ने फुलकाहा निवासी मनमोहन रजक के घर धावा बोलकर चार जर्सी गाय एवं जेवर समेत डेढ़ लाख की संपत्ति लूट ली। इसके बाद पड़ोस के नरेश रजक के घर पर लूट पाट करने का प्रयास किया लेकिन विफल रहे। घटना की सूचना मिलने पर सअनि अशोक सिंह के नेतृत्व में फुलकाहा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की।

Sunday, November 20, 2011

घघरी पंचायत में अब भी बैलगाड़ी ही सहारा

बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के घघरी पंचायत वासी आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। एक अदद पक्की सड़क के लिए भी यहां के लोग आज भी सरकार व प्रशासन का मुंह ताक रहे हैं। पगडंडी के सहारे लोग गांव जाते हैं। बरसात के मौसम में तो गांव झील में तब्दील हो जाता है। दुलारदेय नदी के किनारे बसा इस गांव के लोग पुल के अभाव में बैल गाड़ी से नदी पार करते हैं। स्वास्थ्य सेवा की बात सोचना भी बेईमानी है। करीब साढ़े छह हजार की आबादी पूरी तरह नीम हकीमों पर पर आश्रित है। गांव में स्वास्थ्य केन्द्र तक नहीं है। ग्रामीण बताते हैं कि एक उपकेन्द्र है वह भी कागजों पर ही चलता है। कभी-कभार एएनएम दिखाई देती हैं। सदूर ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण पदाधिकारियों का आगमन नहीं के बराबर होता है। विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र सहित अन्य कल्याण कारी योजना को देखने वाला कोई नही है। ग्रामीण परवेज आलम, चंद्रिका प्रसाद सिंह, परवेज आदि का आरोप है कि चुनाव के समय लंबा-लंबा धोतीकुर्ता वाला झूठा गांव के विकास के लिये वायदा करते तो जरूर है परंतु चुनाव जीतने के बाद अपना मुंह भी नही दिखाते।

केन्द्र की नीतियों पर अभाविप ने किया प्रहार


रानीगंज (अररिया) : भ्रष्टाचार मुक्त भारत निर्माण के संकल्प के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में निकले जन-जागरण रथ के रानीगंज पहुंचने पर रविवार को नुक्कड़ सभा आयोजित की गयी। सभा में केन्द्र सरकार को भारत के इतिहास का सबसे भ्रष्ट सरकार बताया।
जन जागरण रथ यात्रा के उत्तर बिहार प्रभारी सुमित वर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जन-जागरण रथ का उद्देश्य पूरे राष्ट्र के युवाओं को भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में शामिल करना है। सभ को रथ-यात्रा के संयोजक बालकृष्ण पटेल, परिषद के स्थानीय अध्यक्ष प्रो. दयानंद राउत, परिषद के प्रांतीय कार्यकारणी सदस्य सह जिला प्रभारी पवन पावक आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय अभाविप के कार्यकर्ता गण मौजूद थे। इससे पूर्व शनिवार की शाम जनजागरण रथ के पहुंचने पर स्थानीय युवकों द्वारा एक जुलूस भी निकाला गया, जिसमें शामिल युवक भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे लगा रहे थे।

सोलर लाइट योजना में भी बिचौलियाखोरी का घुन

बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के विभिन्न पंचायत योजना से लगाई गई सोलर योजना बिचौलियों की मिलीभगत से खाओ पकाओ योजना बन गयी है। पंचायत 12वीं वित योजना से 2007-08-09-10 में बसैटी, गुणवंती, बौसी, मझुआ पूरब, खड़हर्ट, होसा, पपीरा, मिर्जापुर सहित अन्य पंचायतों के सैकड़ों सोलर लाइट लगाये गये परंतु बिचौलियों कि मेहरबानी से अधिकांश अपने स्थान से गायब है या फिर खराब पड़े है। जिसे देखने वाला कोई नही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जन प्रतिनिधि व पंचायत सचिवों ने अधिक कमीशन के लालच में बिचौलियों के माध्यम से घटिया कंपनी के सोलर लाईट लगवा दिये, जो कुछ दिनों में खराब हो गये। वहीं, कुछ स्थानों में लगे सोलर लाइट चोरों द्वारा उड़ा लिये गये। इधर गुणवंती पंचायत के मुखिया अर्चना देवी ने सभी आरोपों को बुनियाद बताते हुए कहा कि जो खराब हो गये है उसे मरम्मत कराया जायेगा। वही बसैटी पंचायत के मुखिया निभो देवी का कहना है कि उनके समय काल में सोलर लाइट नही लगाये गये। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।

रेफरल प्रभारी सहित चार डाक्टरों के वेतन पर लगी रोक

जोकीहाट (अररिया) : राज्य सरकार जहां स्वास्थ्य विभाग को चुस्त दुरूस्त बनाने के लिए प्रयासरत है वहीं डाक्टरों की लापरवाही से रेफरल अस्पताल जोकीहाट में रोगियों का उचित इलाज कठिन लग रहा है। डाक्टरों की लापरवाही उस समय उजागर हुई जब सिविल सर्जन डा. हुस्नआरा ने 12 नवंबर को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान डा. जावेद आलम, डा. केके कश्यप, डा. खैरूल्लाह अंसारी अनुपस्थित पाए गये थे। दो नवंबर को छठ पर्व के दौरान एक भी डाक्टर के ड्यूटी में तैनात नही रहने को लेकर सिविल सर्जन ने रेफरल प्रभारी डा. सिफतैन आलम से स्पष्टीकरण पूछा है। इस संबंध में सिविल सर्जन ने डीएम एम सरवणन को लिखित प्रतिवेदन भेजा है। सीएस ने अपने प्रतिवेदन में लिखा है कि डा. जावेद आलम तीन नवंबर से 12 नवंबर तक डा. केके कश्यप 9 नवंबर से 12 नवंबर तथा डा. खैरूल्ला अंसारी 12 नवंबर को बगैर सूचना के अस्पताल से अनुपस्थित पाये गये। सिविल सर्जन ने अनुपस्थित डाक्टरों के वेतन पर रोक लगाते हुए रेफरल प्रभारी से स्पष्टीकरण पूछा है।

निरक्षरों का सर्वेक्षण

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में साक्षर भारत के तहत सर्वेक्षण कर्ताओं ने साक्षरों का सर्वेक्षण किया। इस अवसर पर मानिटरिंग कार्य में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गयासुद्दीन अंसारी, बीआरपी शम्स जमाल, शमीम अख्तर मो. रकीब तैनात थे। बीईओ श्री अंसारी महलगांव क्षेत्र शमीम अख्तर बगडहरा, तारण, काकन, डूबा, सिसौना, मो. रकीब केसर्रा, हरदार, बारा इस्तम्बरार, पथराबाड़ी आदि के सर्वेक्षण कर्ताओं का मानिटरिंग कर रहे थे।

हन्नान बने सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष



जोकीहाट(अररिया) : जिला सरपंच संघ का चुनाव रविवार को अररिया के एक मीटिंग हाल में सर्वसम्मति से किया गया। चुनाव की अध्यक्षता कर रहे जोकीहाट प्रमुख पति मो. आरफीन ने बताया कि सभी नौ प्रखंड के अध्यक्षों ने सर्वसम्मति से सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष पद के लिए जोकीहाट प्रखंड के चैनपुर मसुरिया के सरपंच अब्दुल हन्नान को जिलाध्यक्ष पद के लिए चुना। वहीं, कुर्साकांटा के सरपंच संघ के अध्यक्ष शमशुल आलम को जिला सचिव, कोषाध्यक्ष पद के लिए अररिया के फैयाज आलम, उपाध्यक्ष पद के लिए फारबिसगंज के ब्रजेश कुमार राय एवं संरक्षक व प्रवक्ता पद के लिए नरपतगंज के जागेश्वर बिराजी का चयन किया गया। इस दौरान विजयी मुद्रा में नये अध्यक्ष ने कहा कि संघ को मजबूत करना ग्राम कचहरी के सदस्यों की समस्या का निदान करना, दबे कुचलों को न्याय दिलाना संघ का मकसद होगा। संघ के नेताओं ने कहा कि पंचायती राज के तहत मिले अधिकारों का कुछ मुखिया गण अतिक्रमण करते हैं जो दुखद है, इसका विरोध किया जायेगा। निर्वाचन के दौरान सरपंच छोटू सिंह, वीरेन्द्र मंडल, अजीबुद्दीन ने सरपंचों को दिये गये न्यायिक अधिकार का स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा अतिक्रमण किये जाने की बात उठाई।
मौके पर जोकीहाट उपप्रमुख तारिक अनवर, पंसस सलाउद्दीन, सरपंच जहांआरा, जाबीर, रइसुद्दीन, अब्दुल रज्जाक, कृष्णानंद कुंवर, मो. नजीमुद्दीन, सुरेन्द्र कुमार आदि उपस्थित थे।

महादलित बस्ती से हुई सर्वे की शुरूआत

कुर्साकांटा (अररिया) : शतप्रतिशत साक्षरता प्राप्त करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय साक्षरता मिशन के द्वारा प्रधान सचिव मानव संसाधन विकास विभाग बिहार पटना के पत्रांक 2019 द्वारा दिये गये निर्देश के आलोक में रविवार को एक दिवसीय साक्षरता सर्वेक्षण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पंचायत एवं वार्ड स्तर पर सर्वेक्षण दल का गठन कर घर-घर जाकर साक्षरता के संबंधित विभिन्न पहलुओं का सर्वेक्षण किया गया। भारत सरकार का यह एक समय बद्ध एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसी कड़ी के तहत रविवार को प्रखंड के हरिरा पंचायत के मेंहदी पुर वार्ड नं. 13 के महादलित बस्ती से इस कार्यक्रम की शुरूआत की गयी। साक्षरता सर्वेक्षण के सफल कार्यान्वयन के लिए जिला स्तर से पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधियों एवं साक्षरता कर्मी इस मौके पर मौजूद थे। प्रखंड के 13 पंचायतों के 176 वार्डो में चार पुरुष एवं महिलाओं को सर्वे कर्ताओं के रूप में परिवारिक सूची के आधार पर सर्वे का कार्य सौंपा गया था। साक्षरता दर के सही आकलन इस सर्वे के माध्यम से पूरा किया जा रहा है। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी पृथ्वी नाथ पांडे, प्रखंड कार्यक्रम समन्वयक राधा कृष्ण विश्वास, डीआरपी अरुण कुमार, दीपक कुमार गुप्ता, शिवशंकर राज भर, धमेन्द्र सिंह आदि साक्षरता कर्मी एवं पदाधिकारी मौजूद थे।

सिकटी में 691 निश्शक्तों को मिले प्रमाण पत्र


सिकटी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय सिकटी में शिविर लगाकर निशक्तता जांच शिविर का आयोजन 17 से 19 नवंबर के बीच किया गया। जिसमें कुल 691 निश्शक्तजनों की जांच के बाद उन्हें प्रमाण पत्र दिया गया।
दहगामा पंचायत के विकलांग की सूची नही जमा करने पर कुछ लोगों ने शिविर में हंगामा मचाया।
इस शिविर में प्रखंड क्षेत्र के 14 पंचायत की सेविकाओं के द्वारा 991 विकलांगों का सूची दी गयी थी। जिसमें कुल 691 निश्शक्त जनों को जांच का प्रमाण पत्र दिया गया।
बीडीओ केके सिन्हा ने बताया कि शारीरिक रूप से विकलांग 448 मुख्य बधिर का 101 व दृष्टि बाधित का 110 निश्शक्त जनों का जांच कर प्रमाण पत्र वितरण किया गया। वहीं 576 विकलांगता वाले को निश्शक्ता योजना का पेंशन योजना का आवेदन भरवाया गया है। वहीं दहगामा पंचायत के आंगनबाड़ी केन्द्र संख्या 64 के सेविका द्वारा विकलांग सूची नही जमा करने पर आये परिजनों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। जिससे वहां के लोगों ने हंगामा भी मचाया। जांच दल में चिकित्सा प्रभारी डा. जमील अहमद की अध्यक्षता में हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. कुमार आनंद, डा. साजिक आजम आदि ने जांच की। मौके पर समाजिक सुरक्षा के सहायक निर्देशक गोपाल प्रसाद, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मिथिलेश कुमार, जिला मोक्ष पदाधिकारी सीडीपीओ वीणा झा, नरेगा के लेखापाल रविन्द्र कुमार आदि लोग उपस्थित थे।

लाभुक चयन को लेकर ग्रामीणों की आमसभा



रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के बोकड़ा पंचायत स्थित मदरसा इमदादुल उलुम बोकड़ा में शनिवार को मुखिया गजाला खातुन की अध्यक्षता में आम सभा का आयोजन किया गया। आम सभा में अन्नपूर्णा के लाभार्थियों के चयन तेरहवीं वित्त की राशि के उपयोग सहित अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आम सभा में उपस्थित लोगों ने मुखिया से पंचायत के गरीबों के बीच पेय जल स्रोत उपलब्ध कराये जाने की मांग की। वहीं वार्ड एक से 7 तक के वार्ड में डीलर नही रहने के कारण परेशानी का मुद्दा भी उठाया। इस आम सभा में पंचायत सचिव गयासउद्दीन, मो. मुश्ताक, पं. समिति मो. असरफ, वार्ड सदस्य नौशाद, मो. शाकिर, अरुण यादव, रिजवान मुज्जमिल सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

साक्षरता सर्वे संपन्न

पलासी (अररिया), निसं : साक्षर भारत 2012 कार्यक्रम के तहत प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में रविवार को एक दिवसीय साक्षरता सर्वे किया गया। प्रखंड साधनसेवी मो. नोमानी ने बताया कि सर्वे को सफल बनाने हेतु 2224 सर्वेक्षण कर्ता, 278 शिक्षक, 08 समन्वयक, 03 बीआरपी, 02 केआरपी को काम में लगाया गया।

दांत की बीमारियों की जांच के लिए शिविर


भरगामा (अररिया) : प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भरगामा के प्रांगण में रविवार को नि:शुल्क दंत शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में आये मरीजों का दांत से जुड़े बीमारियों का इलाज के साथ मुफ्त में दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर के माध्यम से डा. सुजय सिंह द्वारा पायरिया व अन्य बीमारियों से बचाव आदि के संबंध में जानकारी दी गई। दांतों के विभिन्न रोगों के उपचार के लिए उपयुक्त दवा का वितरण भी किया गया।
शिविर की सफलता को लेकर भरगामा प्रखंड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी आमलोगों की जानकारी हेतु प्रचार-प्रसार का व्यापक प्रबंध किया गया था, जिस कारण शिविर में मरीजों की बड़ी संख्या देखी गई। शिविर के सफलता हेतु कार्यक्रम से जुड़े लोगों ने समाज सेवी सह राजद जिला महासचिव मुनेश्वर कुमार मुन्ना, गैनू सिंह व अन्य के सहयोग को सराहनीय बताया।

अंतर जिला अपराधी गिरफ्तार


पलासी (अररिया) : पलासी थाना पुलिस ने शुक्रवार को गश्ती के दौरान संदेह के आधार पर तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया, जिसमें से पूछताछ के बाद दो को छोड़ दिया गया। गिरफ्तार युवकों में से एक रणधीर यादव उर्फ दिवाकर यादव अंतर जिला अपराधी गिरोह का सदस्य है। पुलिस को उसकी लंबे अरसे से तलाश थी।
दिवाकर पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र के चांदपुर भंगहा का रहने वाला है। पुलिस ने उसे शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। उसके विरुद्ध चोरी के जुर्म में पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि उक्त अपराधी ने अपने बयान में आ‌र्म्स एक्ट तथा पेट्रोल पंप लूट कांड में कई बार जेल जाने की भी बात स्वीकारी है। दूसरी ओर पलासी थाना पुलिस ने वारंटी मो. सालेह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।

कस्टम एजेंटों ने शुरू की काम रोको हड़ताल


जोगबनी (अररिया) : कस्टम क्लीयरिंग हेतु ट्रांसपोर्ट के सामने मुख्य सड़क पर खड़ा माल सहित ट्रैक्टर को एसएसबी द्वारा जबरन जब्त किये जाने के विरोध में भारत-नेपाल के कस्टम क्लीयरिंग एजेंटों ने रविवार से समस्या निदान होने तक अपने को कार्य से अलग रखा है। जिस कारण दोनों ओर का आयात-निर्यात प्रभावित हुआ है।
इधर, एसएसबी के विरोध में इन कर्मियों की एक बैठक पीताम्बर यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें एसएसबी द्वारा अनावश्यक ट्रेडर्स को परेशान करने पर विरोध जताते हुए निंदा प्रस्ताव पास किया गया।
ज्ञात हो कि शुक्रवार को एसएसबी द्वारा एक नेपाली ट्रैक्टर (मे1त/178) पर लदा मोबाइल बैग व टिश्यू पेपर को सीमा से महज 50 गज की दूरी पर एनआरसी ट्रांसपोर्ट के पास से कागजात के अभाव में जब्त किया था। जिसके विरोध में इन लोगों द्वारा कार्य रोको प्रस्ताव लाया गया है। बैठक में मुख्य रूप से गजेन्द्र ठाकुर, नरेश यादव, खुर्शीद खान, राजेश गुप्ता, आजाद, जीतू राय, आरके मिश्रा, सुधीर मिश्रा, राजकुमार गिरि, वीजेन्द्र परासर, प्रवीण जोशी, भरत यादव, राजन्दन यादव आदि मौजूद थे।

राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में शामिल हुए 524 छात्र


अररिया : राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा रविवार को अररिया के दो केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गयी। इस परीक्षा में जिले के 524 छात्र व छात्राओं ने भाग लिया।
अररिया उच्च विद्यालय केंद्र पर 300 व बालिका उच्च विद्यालय केंद्र पर 224 छात्र छात्राओं ने परीक्षा दी। परीक्षार्थियों को समुचित बैठने के साथ परीक्षा की देखरेख के लिए कई पदाधिकारियों को लगाया गया था। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन, प्रभारी उपविकास आयुक्त जफर रकीब, डीपीओ विद्यानन्द ठाकुर आदि केंद्रों का लगातार निरीक्षण करते देखे गये।

साक्षर भारत: निरक्षरों का किया सर्वे


अररिया : साक्षर भारत कार्यक्रम के तहत रविवार को पूरे जिले में सर्वे कार्यक्रम चलाया गया। इस कार्यक्रम के तहत साक्षरता कर्मियों ने एक-एक वार्ड में पहुंचकर साक्षर व निरक्षर लोगों का आंकड़ा जुटाए। सर्वे कार्य में 11 हजार सर्वेक्षी एवं 23660 कर्मियों को लगाया गया था। सर्वे कार्यक्रम के बाद इसकी रिपोर्ट भारत सरकार को सौंपी जायेगी।
कार्यक्रम का मानिटरिंग करने के बाद जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रो. बासुकी नाथ झा ने बताया कि आगामी 10 दिसंबर से जिले के तमाम पंचायतों में निरक्षरता का कलंक दूर करने के लिये केन्द्र खोले जायेंगे। केन्द्र के कर्मी निरक्षर लोगों को साक्षर करने का काम तो करेंगे ही इसके अलावा साक्षर लोगों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ने का काम करेंगे। श्री झा ने बताया सर्वेक्षण कार्यक्रम के लिये प्रत्येक वार्डो में 4 महिला व 4 पुरुष लगाये गये हैं।

भू-विवाद: तीन महिलाओं सहित आधा दर्जन जख्मी



फारबिसगंज/बथनाहा (अररिया) : फुलकाहा थाना के भोड़हर चैनपुर गांव में रविवार की सुबह जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच हुए जमकर मारपीट में एक पक्ष के तीन महिला सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गये। वही दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों को चोटें आने की जानकारी प्राप्त हुई है। घायलों को फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उनका इलाज जारी है। घटना की लिखित सुचना पहले पक्ष द्वारा फुलकाहा थाने में दिये जाने की बात बतायी गई है। वहीं दूसरे पक्ष द्वारा भी काउंटर आवेदन दिये जाने की खबर है। अस्पताल में भर्ती पहले पक्ष यशोदा देवी, महानंद साह, सत्यनारायण साह, ललीता देवी, सुरज साह, सीता देवी तथा दयानंद साह शामिल है। पुलिस को दिये अपने आवेदन में महानंद साह ने बताया है कि आज सुबह वह अपने परिजन के साथ अपनी जमीन को जोतने के लिए ट्रैक्टर से जमीन पर गये थे वही पर तेजनारायण साह, दिलीप साह, सुनील साह, मुन्नू साह, जगनारायण साह, अशोक साह सहित 15-20 लोग ने जमीन जोतने से मना करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी। बीच-बचाव को आयी उनके घर की महिलाओं को लाठी, फरसा आदि से मारकर घायल कर दिया।

जयंती मनायी गयी

फारबिसगंज(अररिया) : लक्ष्मीबाई एवं प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी की जयंती रविवार को अपर्णा बाल विद्या मंदिर फारबिसगंज के संस्थापक लक्ष्मण प्रसाद मंडल की अध्यक्षता में मनायी गयी। मौके पर उपस्थित लोगों ने चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। मौके पर विनोद कुमार तिवारी, शंभूनाथ मिश्र ने रानी लक्ष्मी बाई तथा इंदिरा गांधी के बारे में विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक संजय कुमार मंडल ने किया।