अररिया : भारत सरकार एवं बिहार सरकार द्वारा प्रायोजित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए बुधवार को जिला कृषि कार्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी नईम अशरफ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर डीएओ श्री अशरफ ने प्रशिक्षण के दौरान सभी एसएमएस व कृषि सलाहकारों को बीमा योजना का अधिक से अधिक प्रचार प्रचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि अररिया व कटिहार में बीमा के लिए चोला एमएस इंश्योरेंस कंपनी को नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि ऋण रहित किसानों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 11 तथा ऋणधारक किसानों के लिए 31 जनवरी 2012 निर्धारित है। श्री अशरफ ने बताया कि ऋण रहित किसानों के बीमा के लिए बैंक खाता व जमीन की रशीद अनिवार्य है। इस अवसर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी दिनेश पाठक, चोला मंडलम के प्रबंधक कनिष्क सिंह, आशीष कुमार सिंह आदि मौजूद थे।
Wednesday, December 21, 2011
फसल बीमा योजना को लेकर प्रशिक्षण
अररिया : भारत सरकार एवं बिहार सरकार द्वारा प्रायोजित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए बुधवार को जिला कृषि कार्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी नईम अशरफ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर डीएओ श्री अशरफ ने प्रशिक्षण के दौरान सभी एसएमएस व कृषि सलाहकारों को बीमा योजना का अधिक से अधिक प्रचार प्रचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि अररिया व कटिहार में बीमा के लिए चोला एमएस इंश्योरेंस कंपनी को नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि ऋण रहित किसानों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 11 तथा ऋणधारक किसानों के लिए 31 जनवरी 2012 निर्धारित है। श्री अशरफ ने बताया कि ऋण रहित किसानों के बीमा के लिए बैंक खाता व जमीन की रशीद अनिवार्य है। इस अवसर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी दिनेश पाठक, चोला मंडलम के प्रबंधक कनिष्क सिंह, आशीष कुमार सिंह आदि मौजूद थे।
190 महादलितों के मिला बासगीत पर्चा
अररिया : सुशासन विकास शिविर 2 के तहत बुधवार को अररिया अंचल कार्यालय में 190 महादलित परिवार के मुखिया के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया गया। अंचल कार्यालय में आयोजित वितरण शिविर में अंचल पदाधिकारी तैय्यब आलम शाहिदी ने अपने हाथों से लाभुकों को बासगीत पर्चा दिया। सीओ श्री शाहिदी ने बताया कि आज कुसियारगांव के 25, दभड़ा के 33, तिरहुतबिट्टा के 19, भाग पुरैनी के 45, बनगामा के 3, सौगना के 16, रामपुर कोदरकट्टी के 17, चिकनी के 7, मदनपुर के 4, भाग मोहब्बत के 18, व अररिया बस्ती के एक लाभुक को बासगीत पर्चा दिया गया। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार भूमिहीन महादलित परिवारों को रहने के लिए बासगीत पर्चा दिया गया। इस मौके पर कर्मी कैलाश कुमार भी मौजूद थे।
विकास शिविर का आयोजन
भरगामा (अररिया) : प्रखंड के शंकरपुर पंचायत में बुधवार के दिन विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भूमि बंदोबस्ती, बासगीत पर्चा व अन्य योजनाओं का निष्पादन किया गया।
अंचलाधिकारी भरगामा अरुण कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि माडा योजनांतर्गत पंचायत के चयनित विभिन्न गांवों में कुल पंद्रह चापाकल लगाया जाना है। जिसे लिए लाभुकों का चयन कर लिया गया है। शिविर में भू-बंदोबस्ती के कुल 15 मामले का भी निष्पादन किया गया जबकि कुल छ: लाभुकों में क्रमश: सावित्री देवी, बुदनी देवी, दैयम देवी, रजिया, मसोमात कल्पना देवी व रामवती देवी को बासगीत पर्चा निर्गत किया गया। शिविर में अंचलाधिकारी भरगामा के साथ राजस्व कर्मचारी ब्रिज किशोर पासवान, सहायक शैलेन्द्र कुमार तथा स्थानीय अन्य लोग भी मौजूद थे।
शिव आदी काल से ईश्वर के रूप में पूजित हैं: राम कुमार
कुर्साकांटा (अररिया) : शिव आदी काल से ईश्वर के रूप में पूजित हैं और आज भी हमारे गुरु है। उक्त बातें सोमवार की संध्या प्रखंड मुख्यालय स्थित वर्णवाल बस्ती में स्वर्गीय सीताराम साह के पुन्य स्मृति में आयोजित एक दिवसीय शिव महोत्सव में शिव शिष्य राम कुमार गुप्ता ने कही। शिव शिष्य अशोक कुमार साह ने कहा कि इस काल खंड के प्रथम शिव शिष्य साहब हरिन्द्रानंद एवं उनकी अर्धागनी देवी नीलम आनंद की प्रेरणा से शिव को अपना गुरु मानकर अपने जीवन में काफी बदलाव महसूस किया है। उन्होंने अपने कई अनुभूतियों का जिक्र प्रसंग के माध्यम से किया। शिव महोत्सव में भजन गायक मनीष कुमार झा, रामानंद, मुकुन्द आदि ने शिव भक्ति के गीतों से दर्शकों को भाव विभोर किया। मौके पर अशोक साह, सत्यम कुमार, सुभाष साह, रिंकू, सुरेन्द्र, अमिता राय, योगेन्द्र साह आदि अनेक शिव भक्त मौजूद थे।
मोटर साइकिल चुराते एक पकड़ाया, दूसरा भागने में सफल
जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट बाजार स्थित प्रोजेक्ट गर्ल्स हाईस्कूल के निकट मोटर साइकिल चोरी करते एक चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जबकि दूसरा उसका साथी भागने में सफल रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार महलगांव थानाक्षेत्र के करहरा गांव निवासी मो. आरिफ एवं एक अन्य मंगलवार की देर शाम प्रोजेक्ट हाईस्कूल के निकट हीरो होंडा पैशन प्रो मोटर साइकिल चुरा कर भाग रहा था इस बीच मोटर साइकिल मालिक विनोद रजक, ग्राम सिसौना एवं आसपास के अन्य लोगों ने हल्ला मचाया इस बीच भाग रहे चोरों में से पुलिस ने एक को धर दबोचा जबकि दूसरा भाग निकला। जोकीहाट थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार चोर महलगांव थाना के करहरा गांव का है। गिरफ्तार चोर आरिफ ने पुलिस को अपने दूसरे साथी का भी नाम बताया है। जोकीहाट थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि उक्त चोर मोटर साइकिल रिपेयरिंग करने के बहाने सुबह से जोकीहाट बाजार में चक्कर लगा रहा था।
आलू की फसल झुलसा रोग से प्रभावित
नरपतगंज (अररिया) : सूबे में बढ़ रही शीतलहर से जहां आम लोग खास परेशान है। वहीं किसानों को दोहरी मार खानी पड़ रही है। जहां पहले धान की फसल का उचित मूल्य नही मिल पा रहा है। वहीं आलू की फसल होने से पहले ही झुलसा रोग से प्रभावित हो गई। प्रखंड के कई किसान ने सोचा था धान की फसल व आलू की फसल से मुनाफा कमाकर बेटी की शादी कर लेंगे उनका चेहरा मुरझा गया। मधुरा के सत्यनारायण मंडल, उमाकांत राय, खाब्दह के मनोज यादव, तामगंज के सुरेन्द्र, पथराहा के मो. हदीश अन्य पंचायतों के पैक्स अध्यक्ष ने बताया किसानों के 40 प्रतिशत चालीस प्रतिशत आलू की खेती झुलसा रोग से प्रभावित हो गई। इस संबंध में कृषि पदा. रामप्रवेश यादव ने कहा उन्हें कुछ खेतों में झुलसा रोग से प्रभावित आलू खेतों की जानकारी मिली है। हालांकि किसी किसान ने लिखित सूचना नही दी है। प्रभावित खेतों का दौरा स्वयं वे करेंगे।
Tuesday, December 20, 2011
धूमधाम से मनेगा जिला स्थापना दिवस : डीएम
अररिया : जिले का 22वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जायेगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद की प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी तथा जिला स्तर पर विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व्यक्ति सम्मानित किए जायेंगे।
इस संबंध में जिलाधिकारी एम सरवणन ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में कनीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारी की समीक्षा की तथा उन्हें कई निर्देश दिये।
उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में इस बार टी ट्वेंटी क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जायेगा। वहीं साइकिल रेस व अन्य खेलकूद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे तथा जिला स्तर पर विभिन्न क्षेत्र में अव्वल प्रदर्शन करने वाले छात्रों तथा अन्य लोगों को सम्मानित किया जायेगा।
श्री सरवणन के अनुसार जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्यमें आयोजित सुशासन विकास शिविर की सफलता के लिए भी लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत सभी नये लाभुकों के लिए खाता खोलने का कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जायेगा। इसी तरह मुख्य मंत्री कन्या सुरक्षा योजना के तहत अररिया प्रखंड में 2753 तथा जोकीहाट प्रखंड 2091 लोगों को लाभ दिया जायेगा। इसी तरह पारिवारिक लाभ योजना व कबीर अंत्येष्टि योजना के लाभुकों को भी पूरी तरह कवर करने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विकास शिविर में माडा योजना के तहत अजजा समुदाय के लाभुकों के बीच 66 लाख की परिसंपत्तियां तथा समुदाय के टोलों में शुद्ध पेय जल उपलब्ध करवाने के उपाय भी किये जा रहे हैं। वहीं, इसी योजना के तहत ढांचागत सुविधाओं के विकास के उपाय भी किये जा रहे हैं। इसके अलावा विशेष अंगीभूत योजनांतर्गत अजा समुदाय के लाभुकों के लिए भी कई उपाय किए गये हैं।
बिजली की बदहाली के विरोध में उद्योग रहे बंद
जोगबनी (अररिया) : नेपाल में बाधित विद्युत आपूर्ति एवं डीजल के मूल्य वृद्धि के विरोध में पूर्वाचल के उद्योग धंधे मंगलवार को बंद रहे।
इस संबंध में मोरंग उद्योग संगठन के अध्यक्ष अविनाश बोहरा ने बताया कि बिजली की अनियमित आपूर्ति एवं डीजल के दामों में हुई बढ़ोत्तरी के कारण मोरंग एवं सुनसरी के छोटे-बड़े 550 उद्योग बंदी के कगार पर आ गये हैं। सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन के बावजूद सरकार इस समस्या के निदान के प्रति सजग नही है।
ज्ञात हो कि डीजल के कीमतों में बेतहाशा वृद्धि एवं बाधित बिजली सुचारु की मांग को ले मोरंग व सुनसरी के उद्यमी चरणबद्ध आंदोलन कर रहे है। इसी के तहत आज उद्योग संगठनों द्वारा अपने उद्योग को एक दिवसीय सांकेतिक बंद रखा है। उद्यमियों का कहना है कि बढ़ मूल्य वृद्धि में 25 प्रतिशत की कमी एवं बिजली की नियमित आपूर्ति जबतक नहीं होती है। आगे की रणनीति तय कर आंदोलन तेज किया जायेगा।
प्रधानाध्यापक व दो कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी
अररिया : पलासी स्थित कस्तूरबा स्कूल के प्रधानाध्यापक व दो कई कर्मियों के विरुद्ध ताराबाड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसमें प्रताड़ित कर अमर्यादित करने का आरोप लगाया है। उक्त विद्यालय की वार्डेन सह शिक्षिका विनीति देवी ने ताराबाड़ी थाने में कांड संख्या 22/11 दर्ज कराया है, जिसमें प्रधानाध्यापक अरुण कुमार चौधरी, रात्रि प्रहरी रविन्द्र कुमार झा समेत अन्य को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
शीतलहर जारी, अलाव की व्यवस्था नही
रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी भीषण शीतलहर से जनजीवन अस्तव्यस्त है। इसके प्रभाव से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ठंड के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर बना है। वहीं कंपकपाती ठंड में भी जगह-जगह, चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशान उठानी पड़ रही है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण क्षेत्रों के रेणु गेट सिमराहा, मानिकपुर, डोड़िया, बरदाहा, अम्हारा, खबासपुर, तिरसकुंड आदि चौक पर अलाव की व्यवस्था की मांग लोगों ने प्रशासन से की है।
संतसेवी बाबा की जयंती मनी
अररिया : स्थानीय संतमत सत्संग भवन प्रागंण में मंगलवार को महर्षि संतसेवी परमहंस जी महाराज की जयंती धूमधाम से मनाया गया, जहां उपस्थित सत्संग प्रेमियों ने अपने गुरुदेव के व्यक्तित्व की चर्चा की।
इस अवसर पर अररिया सत्संग समिति के अध्यक्ष डा. श्याम लाल यादव ने संत सेवी जी के जीवनी पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान रामानंद विश्वास, ओम प्रकाश सिंह, नारायण बाबा आदि ने भी अपने अपने विचार प्रकट किये।
मंच की ओर से होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
अररिया : भारतीय कला संस्कृति मंच अपने स्थापना दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करेगा। इस आशय का निर्णय सोमवार को मंच के बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष भागीरथी गंगा ने की। बैठक में मंच के पांच वर्ष पूरा होने पर प्रसन्नता व्यक्त किया गया तथा मंच के कार्यो पर चर्चा हुई। इस अवसर पर मंच के संयोजक रामाशंकर दास, अबोध कुमार, संजय कुमार ठाकुर, विष्णु कुमार, सुशील कुमार, फैयाज अहमद राही, सिद्दू, पवन, नरेश, दिलीप, चंदन, ज्योति, प्रीती, मीनू, संजीव आदि मौजूद थे।
जोगबनी में मिले शिवदीप लांडे व मोरंग एसपी
जोगबनी (अररिया) : अररिया के पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे एवं मोरंग के एसपी प्रद्युम्न कार्की ने मंगलवार को जोगबनी थाना परिसर में हुई एक अनौपचारिक बैठक में हिस्सा लिया। दोनों ने एक दूसरे के साथ लंबी वार्ता की।
हालांकि दोनों एसपी के बीच हुई वार्ता व रणनीति को गोपनीय रखा गया है। किंतु अनुमान लगाया जाता है कि यह बैठक सीमा सुरक्षा, तस्करी व असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए आयोजित की गयी। माना जाता है कि इस संबंध में रणनीति बनाने की तैयारी के क्रम में ही यह बैठक की गयी है।
इंस्पेक्टर के विरुद्ध जारी वारंट का तामिला नहीं
अररिया : स्थानीय कोर्ट ने एक लंबित मामले में अररिया के तत्कालीन आरक्षी निरीक्षक के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया है। जिसकी तामिला के प्रतीक्षा में उक्त मामला वर्षो से लंबित पड़ा है।
इस मामले में अररिया निवासी अबु सदमा ने कोर्ट में एक केश दर्ज कराया था, जिसमें घटना तिथि 29 जनवरी, 03 का उल्लेख किया तथा अररिया के आरक्षी निरीक्षक एस. एन प्रसाद को कथित अभियुक्त बनाया। अररिया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने केश नंबर 155सी/09 में पिछले 23 सितंबर 05 को संज्ञान लिया तथा भादवि के विभिन्न मामले में लगाये गये आरोप को विचारण के लिए स्थानांतरित कर दिया। इस मामले में वादी ने तत्कालीन आरक्षी निरीक्षक के विरुद्ध कई गंभीर आरोप लगाया तथा न्यायालय से इंसाफ की गुहार लगायी।
स्थानीय अदालत के सीजेएम ने मामले की गंभीरता पर अपना संज्ञान लिया तथा आरोपी बने तत्कालीन आरक्षी निरीक्षक को कोर्ट में हाजिर होने का नोटिस जारी किया, तत्तपश्चात गैर जमानती वारंट तामिला नही होने पर पुन: रिमांडर भेजा गया। बावजूद उक्त आरक्षी निरीक्षक अब तक कोर्ट में हाजिर नहीं हुए हैं। जिस कारण उक्त मामला उनकी उपस्थिति को लेकर वर्षो से कोर्ट में लंबित पड़ा है।
खाद दुकानदार निर्देशों की उड़ा रहे धज्जियां
बथनाहा(अररिया) : सीमावर्ती क्षेत्र में अवस्थित खाद दुकानदारों द्वारा एसएसबी सेनानायक एकेसी सिंह के निर्देशों की धज्जियां उड़ायी जा रही है। गौरतलब है कि एसएसबी 24वीं बटालियन बथनाहा के सेनानायक एकेसी सिंह ने तीन चार माह पूर्व सीमावर्ती क्षेत्र में अवस्थित खाद विक्रेताओं को स्टाक एवं मूल्य तालिका दुकान के आगे टांगने की सख्त हिदायत दी थी। मगर इस निर्देश की परवाह एक भी दुकानदार द्वारा नहीं किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण किसानों का कहना है कि उन लोगों से निर्धारित मूल्य प्रति बोरी 50 से 100 रूपये अधिक खाद की कीमत वसूला जाता है। अधिकार नहीं नहीं देने पर खाद नहीं दी जाती है और वापिस लौटा दिया जाता है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि उनके हिस्से का मिलने वा खाद पथरदेवा, फुलकाहा, घुरना आदि बाजारों से प्रतिदिन नेपाल को तस्करी हो रही है।
मोटर साइकिल चोरी
अररिया : सदर अस्पताल अररिया के परिसर में बीते सोमवार को अज्ञात चोरों ने ओमनगर निवासी शशि भूषण पासवान की हीरो होंडा मोटर साइकिल संख्या बीआर 39 डी 2986 चोरी कर ली। इसकी सूचना पीड़ित ने पुलिस को लिखित रूप से दिया है। पीड़ित ने बताया है कि वह अपनी गाड़ी अस्पताल भवन के आगे खड़ी कर किसी रोगी को देखने गया था। कुछ देर बाद जब वह लौट कर आया तो गाड़ी गायब पायी गयी।
शीतलहर को ले स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी स्थगित
पलासी(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी प्रांगण में स्वास्थ्य कर्मियों की मंगलवार को बैठक आयोजित की गयी। जिसमें शीतलहर के कारण सभी कर्मियों की छुट्टी स्थगित किए जाने की जानकारी दी गयी। इसके अलावा एचएमआईएस डाटा संधारण से संबंधित एएनएम की समीक्षा की गई एवं दिशा निर्देश दिये। प्रसव गृह में प्रतिनियुक्त एएनएम को इमानदारी पूर्वक दायित्व निर्वहन करने सहित शीतलहर को देखते हुए अपने अपने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने व बच्चों से संबंधित किसी भी बीमारी की सूचना तत्काल पीएचसी को देने का निर्देश दिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने की। मौके पर डा. एपी सिंह, मो. खतीब अहमद, रजानंद चौधरी, डा. साबिर आलम, मो. एखलाख आदि मौजूद थे।
आशा कार्यकर्ताओं के बीच ड्रग किट्स वितरित
फारबिसगंज(अररिया) : राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं के बीच ड्रग किट्स एवं बैग का वितरण रेफरल अस्तपाल परिसर में किया गया। सामानों का वितरण स्वास्थ्य प्रबंधक मो. नाजिस तथा बीएचएम मनोहर कुमार की देखरेख में किया गया। कुल आठ पंचायतों के आशाओं के बीच सामानों का वितरण किया गया है। स्वास्थ्य प्रबंधक ने बताया कि ड्रग किट्स में प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सकीय सामान दिये गये। जिसमें कुल 16 प्रकार के दवा उपलब्ध कराये गये हैं।
52 लाख की लागत से होगा पंचायत सचिवालय भवन का निर्माण
बथनाहा(अररिया) : अब 52 लाख की लागत से सभी पंचायतों में पंचायत सचिवालय भवन का निर्माण होगा। इसके लिए पंचायतों में एक एकड़ अथवा कम से कम 50 डिसमिल जमीन चाहिए। इस बाबत सभी पंचायत सचिव एवं मुखिया को जमीन उपलब्ध कराये जाने को लेकर सूचना दे दी गयी है। फारबिसगंज बीडीओ किशोर कुमार दास ने बताया कि पंचायत सचिवालय के निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी गयी है तथा सभी पंचायतों से रिपोर्ट मांगी गयी है। बीडीओ ने बताया कि पंचायत सचिवालय के लिए जमीन अनुदान में लेना है।
विद्यालय में चोरी
पलासी : प्रखंड के उच्च विद्यालय कलियागंज में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चापाकल, फिल्टर व फर्नीचर आदि सामान चुरा लिया। इसकी सूचना पलासी थाना को दी गयी है।
Subscribe to:
Posts (Atom)