Friday, December 23, 2011

कारा में मोबाइल सिम भेजने का प्रयास करते युवक गिरफ्तार

अररिया : अररिया जेल में बंद एक हत्यारोपी कैदी को मोबाइल सिम भेजने का प्रयास कर रहे एक युवक को जेलर शैलेश प्रसाद सिन्हा ने गुरुवार को रंगे हाथ पकड़ा है। युवक को नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पकड़ा गया युवक मो. मिट्ठू रानीगंज थाना के काला बलुआ का रहने वाला बताया गया है। ज्ञात हो कि कैदियों द्वारा मोबाइल का इस्तेमाल किये जाने की सूचना अक्सर प्रकाश में आती रही है। सिम पहुंचाने की ताजा घटना को लेकर चर्चाएं छिड़ गयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार युवक का बड़ा भाई मो. कामिल वर्ष 2009 से ही हत्या के आरोप में जेल में बंद है। उस पर आरोप है कि वह गांव के ही जैनुद्दीन नामक व्यक्ति की हत्या कर दिया था। गुरुवार को मो. मिट्ठू जेल में बंद अपने बड़े भाई को दो सिम संख्या 9504295530 एवं 9599164087 जैकेट के पाकेट में डालकर भेज रहा था। जैकेट अंदर आते देख अपने कक्ष में बैठे जेलर को शक हुआ। उन्होंने जैकेट के पाकेटों की तलाशी ली तो उसमें सिम पाया गया। बताया गया है कि एक सिम बंदी के नाम पर ही दिल्ली से खरीदा गया है जबकि दूसरा सिम अररिया से ही छोटे भाई के नाम पर है। इधर दो सिमों की बरामदगी को लेकर प्रशासनिक महकमों में खलबली है।

खाद दुकानदार निर्देशों की उड़ा रहे धज्जियां

बथनाहा(अररिया) : सीमावर्ती क्षेत्र स्थित खाद दुकानदार सरकारी निर्देशों की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। गौरतलब है कि एसएसबी 24वीं बटालियन बथनाहा के सेनानायक एकेसी सिंह ने भी खाद तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से तीन चार माह पूर्व सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित खाद विक्रेताओं को स्टाक एवं मूल्य तालिका दुकान के आगे टांगने की सख्त हिदायत दी थी। मगर इस निर्देश की परवाह दुकानदारों ने नहीं किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण किसानों का कहना है कि उन लोगों से निर्धारित मूल्य से प्रति बोरी 50 से 100 रूपये अधिक खाद की कीमत वसूला जाता है। नहीं तो वापस लौटा दिया जाता है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि उनके हिस्से का मिलने वाली खाद पथरदेवा, फुलकाहा, घुरना आदि बाजारों से प्रतिदिन नेपाल को तस्करी हो रही है।

धान क्रय केंद्र शुरू, पहले दिन खरीदी गई सौ क्विंटल

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में क्रय केंद्र पर धान की खरीद शुरू हो गयी है। कृषि भवन जोकीहाट में बृहस्पतिवार को कई कि सानों ने अपना धान बेचा। इस दौरान धान अधिप्राप्ति क्रय केंद्र पर उपस्थित बीएओ अभिनंदन सिंह ने बताया कि लगभग एक सौ क्विंटल धान की खरीदारी आज की गई। बीएओ श्री सिंह ने बताया कि भगवानपुर, चिरह, चकई, पथराबाड़ी, दभड़ा, डूबा, तारण, प्रसाद पुर, सिसौना, मटियारी एवं महलगाँव के संबंधित पंचायत के पैक्सों के माध्यम से धान खरीदे जायेंगे। बाकी सभी पंचायतों के धान कृषि केन्द्र जोकीहाट में क्रय किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि धान बेचने वाले किसान गयानन्द साह, धन लाल साह, तौहीद आलम आदि को साधारण धान की कीमत 1080 की दर से केनरा बैंक अररिया का चेक दिया गया। इस दौरान केन्द्र पर रिजवान आलम, नितेश राय, हीरा लाल ठाकुर,मो हसीबुल, चन्द्रेश्वर यादव आदि किसान उपस्थित थे।

नए डीडीसी ने किया पदभार ग्रहण



अररिया : लंबे समय से अररिया में उप विकास आयुक्त का पद खाली रहने के बाद गुरुवार को बिहार प्रशासनिक सेवा के प्रकाश कुमार महथा ने 17वें डीडीसी के रूप में यहां पदभार ग्रहण कर लिया है। डीडीसी कार्यालय कक्ष में नए डीडीसी श्री महथा ने प्रभारी डीडीसी सह डीआरडीए निदेशक जफर रकीब से चार्ज लिया। इससे पहले शशि भूषण कुमार 16 जून 2011 से 16 अगस्त 2011 तक डीडीसी के रूप में यहां पदस्थापित थे। उनका ट्रांसफर पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव पद पर हो गया। तब से डीआरडीए निदेशक श्री रकीब प्रभार में थे। स्थाई रूप से डीडीसी के नहीं रहने से जिला परिषद तथा डीआरडीए के कर्मियों का वेतन कई माह से नहीं मिला था। साथ ही बीआरजीएफ, मनरेगा, इंदिरा आवास की योजना भी राशि आवंटन के अभाव के कारण मंथर गति से चल रहे थे। नये डीडीसी श्री महथा ने चार्ज लेने के पश्चात बताया कि लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा कराया जायेगा साथ ही योजनाओं में गड़बड़ी बर्दाश्त नही होगी। इस मौके पर डीआरडीए निदेशक जफर रकीब, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार, मनरेगा के कार्यपालक अभियंता सुरेश प्र. सिंह सहित जिला परिषद व डीआरडीए के कई स्टाफ मौजूद थे।

आया शीतलहर, अपने साथ बच्चों का भी रखें खास खयाल


नरपतगंज (अररिया) : सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है। सूबे में शीतलहरी का प्रकोप बढ़ी हुई है। ऐसे में खुद के साथ-साथ बच्चों के देखभाल की भी ज्यादा जरूरत है। खासकर नवजात शिशुओं के मामले में लापरवाही परेशानी का सबब बन सकती है। सर्दी के मौसम में छोटे बच्चे इससे ज्यादा प्रभावित होते हैं।
- बच्चों को क्या क्या हो सकती है दिक्कतें
बाल रोग विशेषज्ञ डा. निलेश प्रधान का कहना है इस मौसम में शरीर का तापमान कम हो सकता है जिसे हायपोथर्मिया कहा जाता है। नवजात शिशुओं में इसका खतरा अधिक रहता है। सांस की नली में संक्रमण या फेफड़ों में संक्रमण (निमोनिया) भी हो सकता है। कई बार पीड़ित बच्चों को दमे का अटैक भी पड़ जाता है। जाड़े में ब्रौंकाइटिस व ब्रोकियोतनाइिटस बीमारी बढ़ जाती है। इसके लिए डाक्टर से अवश्य सलाह लेनी चाहिए।
पहली सर्दी है खतरनाक
डा. योगेन्द्र सिंह कहते हैं, जिन नवजातों की पहली सर्दी है, उन अभिभावकों को खास एहतियात बरतने की जरूरत है बचाव के लिए विशेषज्ञ की सलाह पर अमल करना चाहिए।
- नौनिहालों का ऐसे रखें ध्यान
- कमरे का तापमान 20-30 डिग्री रखें, लेकिन ध्यान रहे कि इसमें घुटन न हो।
- बच्चे को टोपी, ग्लब्स, मोजे पहनाकर रखें लेकिन मुंह खुला रखें।
- बच्चों को नियमित टीकाकरण कराना आवश्यक है।
- मां का दूध ज्यादा से ज्यादा पिलाया जाए।
- यदि मां को खांसी जुकाम है तो मां मुंह पर कपड़ा रखकर ब्रेस्टफीडिंग कराये
- संक्रमित बीमार लोगों से बच्चे को दूर रखे।
- बच्चों के आसपास ध्रूमपान करने से बचे।
- दमा पीड़ित बच्चे को न तो ठंडी हवा में ले जायें और न पालतू जानवरों के संपर्क में आने दें।

फसल क्षतिपूर्ति वितरण शिविर 23 से


पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति के प्रभावित कृषकों के बीच अनुदान राशि का वितरण शिविर लगाकर 23 दिसंबर से किया जायेगा।
इस संबंध में बीडीओ अमिताभ ने बताया कि 23 दिसंबर को भीखा पंचायत, 24 दिसंबर को रामनगर पंचायत, 26 दिसंबर को सुखसैना पंचायत, 27 दिसंबर को पकरी पंचायत, एवं 28 दिसंबर को पेचैली पंचायत के प्रभावित कृषकों के बीच ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति के लिए अनुदान राशि का वितरण प्रखंड मुख्यालय में किया जायेगा। उक्त राशि वितरण मामले के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रभात कुमार को पर्यवेक्षक बनाया गया है।

अभाविप का अधिवेशन आज से, जन संपर्क तेज


नरपतगंज (अररिया) : आगामी 23, 24 एवं 25 दिसंबर को होने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 53वें प्रांतीय अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने को ले नरपतगंज ईकाई के कार्यकर्ताओं ने अंतिम दिन पंचायत स्तर पर सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारणी सदस्य कौशल कुमार ने बताया कि इस महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अधिवेशन में प्रांत के सभी जगहों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अलावा शिक्षक एवं महिलाएं भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि गांव से भी भारी संख्या में लोग अधिवेशन स्थल पर पहुंचेंगे।
इस अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़ कर अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। इस मौके पर नगर मंत्री विभूति सिंह, पिंटू राय, रामानंद लाल देव, सुद्दीर सिंह, मनोज ठाकुर आदि ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इंदिरा आवास को ले शिविर का आयोजन



कुर्साकांटा (अररिया) : मुख्य सचिव ग्रामीण विकास विभाग के निर्देश पर इंदिरा आवास लाभुकों को चयनित आवासों की स्वीकृति एवं सहायता अनुदान के भुगतान हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को निर्धारित तिथि के अनुसार लैलोखर एवं कुआड़ी पंचायत में शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लाभुकों के शपथ पत्र, फोटो ग्राफी एवं बैंक में खाता खोलने हेतु सारी प्रक्रिया पूरी की गई। लैलोखर पंचायत के पंचायत भवन में आयोजित इस शिविर में 103 लाभुकों के चयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया। मौके पर बीडीओ पृथ्वी नाथ पांडे ने बताया कि इस शिविर में प्रतिनियुक्त कर्मियों को इमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया। मौके पर किशोर कुमार पांडे, विजय कुमार राय, हिरालाल दास, भोला मेहता, मुर्शिद आलम, मोहन कुमार सहित अनेक प्रखंड कर्मी, बैंक कर्मी एवं न्याय मित्र मौजूद थे।

सर्वसम्मति से सीआरपी का गठन

पलासी (अररिया) : प्रखंड के मवि. डेहटी में नए सीआरसी के गठन को लेकर मुश्तरी बेगम की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक आहुत की गयी। बैठक में सर्वसम्मति से सीआरपी के लिए खुर्शीद आलम, नौशाद, इफ्तारवार आलम, मिसबाहुल, शबाना खातुन का चयन किया गया। समन्वयक खुर्शीद आलम ने बताया कि समन्वयक का चयन बाद में किया जायेगा। इस अवसर पर मो. ऐनुल हक, अवेश आलम, मंसूर आलम, मथुरानंद झा आदि शिक्षक मौजूद थे।

पियक्कड़ों के उत्पात से लोग परेशान

भरगामा (अररिया) : भरगामा थाना क्षेत्र में अवैध शराब पर पाबंदी लगाने में स्थानीय पुलिस असफल साबित हो रही है। स्थिति यह है कि विभिन्न चौक-चौराहों व हाट बाजारों में भी शाम घिरते ही पियक्कड़ों की महफिल सजने लग जाती है जो देर रात तक जमी रहती है। वहीं शराब के नशे में धुत्त नशेड़ी उत्पात मचाने से भी बाज नहीं आते हैं।
प्रखंड वासियों की मानें तो खजुरी ब्लाक चौक पर स्थिति काफी बिगड़ी हुई है जहां शराबी खुलकर उत्पात मचाते हैं। सभ्रांत परिवार के लोग शाम घिरने से पहले ही बाजार से घर को लौट जाने को विवश हैं। वहीं बुद्धिजीवियों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन के प्रयास से पिछले दिनों स्थिति काफी हद तक सामान्य हुई थी। लेकिन गुजरते वक्त के साथ एक बार फिर स्थिति पूर्ववत सी हो गई है। लोगों ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Wednesday, December 21, 2011

हिरण नदी पर पुल नहीं होने से आवागमन में दिक्कत


भरगामा (अररिया) : प्रखंड के हरिपुर कलां पंचायत के हिरण नदी पर पुल नही रहने से लोगों का आवागमन में भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। यह पुल रानीगंज क्षेत्र वासियों तथा भरगामा प्रखंड के क्षेत्र वासियों के लिए भी खासा महत्वपूर्ण है। किंतु पुल के अभाव में क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को या तो मीलों चक्कर लगाकर जिला मुख्यालय आना पड़ता है अथवा नदी तैर कर सफर करना पड़ता है।
ग्रामीण उदित नारायाण, योगेन्द्र मंडल, अरविंद साह, श्याम लाल मंडल मुखिया व संगीता देवी आदि ने बताया कि पुल निर्माण को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार आश्वासन भी दिया गया किंतु वर्षो बाद भी पुल निर्माण संभव नहीं हो पाया। गौरतलब है कि हिरण नदी में सालों भर पानी का बहाव बना रहता है। लेकिन आवागमन बनाए रखने को नाव, चचरी या अन्य वैकल्पिक व्यवस्था भी अब तक नहीं की जा सकी है।
ग्रामीण अशोक यादव, महेश्वरी यादव, देदी यादव, सत्यनारायण यादव आदि ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए पुल निर्माण कराने की मांग की है।

प्रांतीय अधिवेशन को लेकर स्वागत समिति का गठन


फारबिसगंज(अररिया) : आगामी 23 दिसंबर से आयोजित होने वाले अभाविप की 53 वें प्रांतीय अधिवेशन के सुचारू संचालन के निमित्त प्रबुद्ध लोगों को लेकर स्वागत समिति का गठन किया गया। जिसके अध्यक्ष रामकुमार केसरी होंगे।
बुधवार को अपराह्न परिषद के स्थानीय कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में अभाविप के प्रांतीय संगठन मंत्री निखिल रंजन ने बताया कि समिति के मंत्री अररिया के किशुन भगत, उपाध्यक्ष फारबिसगंज के भास्कर जैन एवं रानीगंज की नीलिमा देवी, सह मंत्री जोगबनी के संजीव कुमार दास और फारबिसगंज के विद्यासागर उर्फ मनचन केसरी होंगे। बताया कि इसके संरक्षक डा. एनएल दास होंगे। स्वागत समिति के सदस्य प्रियव्रत मेहता, शंभु साह, वीणा देवी, संतोष गोयल, सीताराम जायसवाल, लाल बहादुर सिंह, नवरतन गोलछा, वैद्यनाथ महतो, उपेंद्र राउत और मनोहर कुमार है।
्रप्रांत संगठन मंत्री श्री रंजन ने सूची जारी करते हुए कहा कि अधिवेशन संयोजक प्रो. एमपी सिंह, सह संयोजक राजप्रकाश चौधरी एवं व्यवस्था प्रमुख रविशंकर यादव होंगे। उन्होंने बताया कि अधिवेशन का उद्घाटन अशोक भगत करेंगे। इस अवसर पर लगने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन एसएसबी 24 वीं बटालियन के सेनानायक एकेसी सिंह तथा नोबेल मेडिकल कालेज, विराटनगर के निर्देशक सुनील कुमार शर्मा द्वारा संयुम्त रूप से किया जायेगा।
श्री रंजन ने प्रेस वार्ता में बताया कि अभाविप का पहला प्रांतीय अधिवेशन सन् 1959 में पटना में आयोजित हुआ था और यह 53 वां प्रांतीय अधिवेशन है। बताया कि अधिवेशन में मुख्य रूप से भ्रष्टाचार उन्मूलन एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर विस्तृत तौर पर चर्चा होगी। सीमांचल क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठी का मुद्दा भी शामिल होगा। साथ ही भ्रष्टाचार की दलदल में फंसे राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था तथा बिहार की वर्तमान परिस्थिति पर दो प्रस्ताव भी अधिवेशन में लिये जायेंगे। बताया कि अधिवेशन में परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. रामनरेश सिंह, पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री पारूल मंडल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री गोपाल शर्मा सहित कई लोग शिरकत करेंगे। मौके पर रामकुमार केसरी, शंभू साह, मोहन दास, विद्यासागर केसरी, धीरज पासवान, प्रवीण कुमार, सुकांत आदर्श आदि उपस्थित थे।

हिरण नदी पर पुल नहीं होने से आवागमन में दिक्कत


भरगामा (अररिया) : प्रखंड के हरिपुर कलां पंचायत के हिरण नदी पर पुल नही रहने से लोगों का आवागमन में भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। यह पुल रानीगंज क्षेत्र वासियों तथा भरगामा प्रखंड के क्षेत्र वासियों के लिए भी खासा महत्वपूर्ण है। किंतु पुल के अभाव में क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को या तो मीलों चक्कर लगाकर जिला मुख्यालय आना पड़ता है अथवा नदी तैर कर सफर करना पड़ता है।
ग्रामीण उदित नारायाण, योगेन्द्र मंडल, अरविंद साह, श्याम लाल मंडल मुखिया व संगीता देवी आदि ने बताया कि पुल निर्माण को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार आश्वासन भी दिया गया किंतु वर्षो बाद भी पुल निर्माण संभव नहीं हो पाया। गौरतलब है कि हिरण नदी में सालों भर पानी का बहाव बना रहता है। लेकिन आवागमन बनाए रखने को नाव, चचरी या अन्य वैकल्पिक व्यवस्था भी अब तक नहीं की जा सकी है।
ग्रामीण अशोक यादव, महेश्वरी यादव, देदी यादव, सत्यनारायण यादव आदि ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए पुल निर्माण कराने की मांग की है।

महिलाओं का सफल बंध्याकरण

अररिया : प्रखंड अंतर्गत आदर्श मध्य विद्यालय पटेगना में एक एनजीओ की ओर से मध्य विद्यालय भोजपुर में 15 महिलाओं का बंध्याकरण और आदर्श मध्य विद्यालय पटेगना पलासी में 52 महिलाओं का सफल परिवार नियोजन आपरेशन किया गया। इसमें डा. संतोष कुमार (सर्जन), डा. एके चौधरी पूर्णिया, डोरिस बासकी एएनएम और जय अंबे वेल्फेयर सोसाइटी के सचिव कुमार नाथ चौधरी व निदेशक संजय चौधरी का भरपूर योगदान रहा। आशा कर्मियों और सेविकाओं का भी योगदान सराहनीय रहा।

महिलाओं का सफल बंध्याकरण

अररिया : प्रखंड अंतर्गत आदर्श मध्य विद्यालय पटेगना में एक एनजीओ की ओर से मध्य विद्यालय भोजपुर में 15 महिलाओं का बंध्याकरण और आदर्श मध्य विद्यालय पटेगना पलासी में 52 महिलाओं का सफल परिवार नियोजन आपरेशन किया गया। इसमें डा. संतोष कुमार (सर्जन), डा. एके चौधरी पूर्णिया, डोरिस बासकी एएनएम और जय अंबे वेल्फेयर सोसाइटी के सचिव कुमार नाथ चौधरी व निदेशक संजय चौधरी का भरपूर योगदान रहा। आशा कर्मियों और सेविकाओं का भी योगदान सराहनीय रहा।

अन्तिम प्रपत्र की प्रतीक्षा में 11 साल से मामला लंबित

अररिया : करीब ग्यारह वर्ष पूर्व कुंडीलपुर में चोरी की एक घटना हुई जिसकी प्राथमिकी पीड़ित नरेश गुप्ता ने नरपतगंज थाने में अज्ञात लोगों के विरुद्ध दर्ज तो कराया, परंतु पुलिस अब तक न चोर को पकड़ सकी है एवं न ही इस मामले में अंतिम प्रपत्र ही कोर्ट में प्रस्तुत कर पायी। जिस कारण यह मामला लंबित पड़ा है। आखिर स्पीडी ट्रायल कैसे चलेगा सोचनीय बन गया है। उक्त घटना 07 जुलाई 2000 की बतायी जाती है। कुंडीलपुर निवासी नरेश गुप्ता के घर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ कई सामानों की चोरी कर ली। इस संबंध में दिनांक 08 जुलाई, 2000 को नरपतगंज थाना कांड संख्या 136/2000 भादवि की धारा 457, 380 के तहत दर्ज कराया। वर्षो बीत गये। परंतु नरपतगंज पुलिस ने अबतक अंतिम प्रपत्र कोर्ट में प्रस्तुत नहीं किया है।

आग लगने से हजारों की क्षति

फारबिसगंज(अररिया) : शहर के शिवाजी चौक स्थित डालमिया आयरन एंड स्टील कंपनी नामक आलमारी एवं फर्नीचर के प्रतिष्ठान में मंगलवार की देर रात आग लगने से हजारों रूपये की कुर्सी आदि जलकर नष्ट हो गया। आग लगने की सूचना पर वहां दमकल भी पहुंचा, लेकिन तब तक प्रतिष्ठान के संचालकों एवं स्थानीय लोगों द्वारा आग पर काबू पा लिया गया था। मामले की जानकारी प्रतिष्ठान के मालिक विनोद केजरीवाल द्वारा फारबिसगंज थाना पुलिस को दी गयी। प्रत्यक्षदर्शी एवं संचालकों ने बताया कि आग मंगलवार की रात करीब साढे़ बारह बजे लगी। जिस कारण करीब पचास हजार मूल्य का कुर्सी, टेबिल, पंखे एवं दुकान के दरवाजे, खिड़की आदि पूरी तरह से जल गया। बताया कि काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया और कई अन्य सामानों को सुरक्षित हटाया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया। रिहाइशी इलाके में स्थित प्रतिष्ठान में आग लगने को लेकर कुछ देर के लिए लोगों में अफरा तफरी मच गयी।

महिला झुलसी


फारबिसगंज: स्थानीय सैफगंज निवासी चालीस वर्षीय रेणु देवी पति विमल साह बुधवार की सुबह अलाव तापने के दौरान गंभीर रूप से झुलस गयी। स्थानीय रेफरल अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर फारबिसगंज के अ.नि. बालेश्वर प्रसाद ने रेफरल अस्पताल पहुंचकर महिला का बयान दर्ज किया।

आलू की फसल झुलसा रोग से प्रभावित

नरपतगंज (अररिया) : सूबे में बढ़ रही शीतलहर से जहां आम लोग खास परेशान है। वहीं किसानों को दोहरी मार खानी पड़ रही है। जहां पहले धान की फसल का उचित मूल्य नही मिल पा रहा है। वहीं आलू की फसल होने से पहले ही झुलसा रोग से प्रभावित हो गई। प्रखंड के कई किसान ने सोचा था धान की फसल व आलू की फसल से मुनाफा कमाकर बेटी की शादी कर लेंगे उनका चेहरा मुरझा गया। मधुरा के सत्यनारायण मंडल, उमाकांत राय, खाब्दह के मनोज यादव, तामगंज के सुरेन्द्र, पथराहा के मो. हदीश अन्य पंचायतों के पैक्स अध्यक्ष ने बताया किसानों के 40 प्रतिशत चालीस प्रतिशत आलू की खेती झुलसा रोग से प्रभावित हो गई। इस संबंध में कृषि पदा. रामप्रवेश यादव ने कहा उन्हें कुछ खेतों में झुलसा रोग से प्रभावित आलू खेतों की जानकारी मिली है। हालांकि किसी किसान ने लिखित सूचना नही दी है। प्रभावित खेतों का दौरा स्वयं वे करेंगे।

मूलभूत सुविधाओं से महरूम है पीरगंज


कुर्साकांटा (अररिया) : जन प्रतिनिधियों व सरकारी पदाधिकारियों की उपेक्षा के कारण प्रखंड क्षेत्र का पीरगंज गांव आजादी के छह दशक बीत जाने के बाद भी मूलभूत सुविधाओं से महरूम है। जिसकी सुधि नही ली जा रही है। गांव की आबादी लगभग एक हजार की है। उक्त गांव कुआड़ी पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत है। गांव चारों ओर से बकरा नदी एवं मारा धार से घिरा है। पुल-पुलिया, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य आदि की समस्या बरकरार है।
ग्रामीण शिक्षक हरिहर राम, जनकू यादव, किसन देव यादव, अचानु ततमा, विश्नदेव यादव, महावीर आदि लोगों ने बताया कि बाढ़ के समय यहां के लोगों का जीवन नारकीय बना रहता है। तीन या चार महीना लोग अत्यधिक कष्ट झेलते हैं। आज तक किसी जन प्रतिनिधि ने इस ओर ध्यान तो दूर कभी यहां के वासियों को देखने या हाल समाचार से भी अवगत नही हुए। सभी ने इस गांव के साथ सौतेले पन का ही व्यवहार किया है। आवागमन के अभाव में यहां के लड़के, लड़कियों का शादी विवाह बाधित होते हैं। इलाज के लिये मरीजों को किस तरह नदी, नाला, मरीया धार पार करना पड़ता है। जब कि कुआड़ी पंचायत की अंतिम सीमा दहिपोड़ा, मजरख, आमगाछी होते सिकटी प्रखंड को जोड़ती है। किंतु आज तक किसी जनप्रतिनिधि ने इस ओर ध्यान तक नही दिया। इस लिये यहां के ग्रामीणों की निगाहें क्षेत्र के नए विधायक पर टीकी है। इन्हें आशा है कि भाजपा विधायक पीरगंज वासियों का समस्याओं से निजात दिलायेंगे।