भरगामा(अररिया) :पंचायत चुनाव को लेकर भरगामा प्रखंड के सभा भवन में नामांकन के पांचवें दिन मंगलवार को विभिन्न पंचायतों से मुखिया पद के लिए 31 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। जबकि समिति पद के लिए कुल 36, सरपंच 15, पंच 50 एवं पंचायत के वार्ड सदस्य पद के लिए 115 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किये। वहीं नामांकन के दौरान प्रस्तावक बने वांछित को गिरफ्तार भी कर लिया है। भरगामा पुलिस ने प्रस्तावक बनकर आये वारंटी मोकदम वीरनगर विषहरिया निवासी पवन साह को गिरफ्तार कर लिया। नामांकन की प्रक्रिया को सुलभ व सरल बनाने के लिए कुल पांच काउंटर बनाये गये हैं। जबकि नामांकन प्रक्रिया में प्रखंड विकास पदाधिकारी मणिमाला, सीडीपीओ विनीता कुमारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राघेय सिंह एवं भरगामा थाना पुलिस काफी मुस्तैदी से मौजूद थे।
Tuesday, March 8, 2011
अभियान के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था
कुसियारगांव, (अररिया) : एक बार फिर सदर अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था उजागर हो गई है। डीएम द्वारा पिछले 10 दिन से जारी आपरेशन अस्पताल भी असफल साबित हो गये। मंगलवार की शाम जब पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त ब्रजेश मेहरोत्रा निरीक्षण करने पहुंचे तो अस्पताल में व्याप्त गंदगी व रोशनी की चरमरायी व्यवस्था देख विफर उठे। उन्होंने सुधार लाने अन्यथा आउटसोर्सिग वाले का कांटेक्ट समाप्त करने की चेतावनी दी। उन्होंने डीएम को 50-50 केवी के दो ट्रांसफार्मर खरीदने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक शौचालय में एक-एक सफाई कर्मी प्रतिनियुक्त करने का भी निर्देश दिया। भवन परिसर व शौचालय में फैली गंदगी को देख उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। श्री मेहरोत्रा सर्जिकल व आसीयू कक्ष का भी नरीक्षण किया। श्री मेहरोत्रा ने डीएम को परिसर में भवन तक पहुंच पथ शीघ्र निर्माण कराने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि डीएम एम. सरवणन पिछले 10-15 दिनों से अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार के लिए आपरेशन अस्पताल अभियान छेड़ रखा था। बावजूद कर्मियों की कार्यशैली में सुधार नहीं आ पाया। निरीक्षण के बाद आयुक्त ने परिसर में अपने हाथों से वृक्षारोपण किया। इस मौके पर डीएम एम. सरवणन, एसमी गरिमा मल्लिक, सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार, एसडीपीओ मो. कासिम, आदि मौजूद थे।
घर में सेंध लगाकर हजारों के जेवर व नकदी चोरी
कुर्साकाटा, (अररिया) : कुर्साकाटा थाना क्षेत्र के सोनापुर गांव में प्रमोद कुमार मंडल के घर रविवार की रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर बक्से में रखा 35 भर चांदी का गहना, 4600 रूपये नकदी व कपड़ा आदि हजारों के सामान चुरा लिये। सुबह खोजबीन के दौरान मुख्य सड़क किनारे अर्धनिर्मित मकान में खाली बक्सा एवं अटैची प्राप्त हुआ। इस चोरी की घटना में 30 हजार से अधिक की संपत्ति चोरी हुई है। घटना की सूचना कुर्साकाटा थाना को दे दी गयी है।
प्रत्याशियों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान
कुर्साकाटा(अररिया) : कुर्साकाटा प्रखंड में प्रथम चरण में होने वाले मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया गुरूवार को समाप्त हुई। वहीं प्रत्येक पंचायतों में प्रत्याशियों द्वारा संपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। मतदाताओं से डोर टू डोर जाकर प्रत्याशी मिल रहे हैं। चाय पान की दुकान और चौक चौराहों पर आपस में लोग बात करते देखे गये कि जनता अब जागरूक हो चुकी है। हर कोई समझ रहा है कि इस पांच साल के दौरान इस पंचायती राज में क्या हुआ। समाजसेवी दिलीप कुमार झा, भगवान लाल साह, अजय कुमार गुप्ता आदि ने बताया कि पांच वर्ष रहे मुखिया और पंचायत समिति ने पंचायत में आमजन को क्या दिया इस बार भी गोटी लाल करने की जुगाड़ लगा रहे है। अब देखना है जनता क्या फैसला लेती है।
मनरेगा: 40 दिनों का रोजगार भी नहीं मिला मजदूरों को
अररिया : महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना की स्थिति जिले में काफी खस्ताहाल है। पूरे एक वर्ष में पंचायतों में मात्र 20-25 लाख रुपये ही खर्च किये गये हैं जो लक्ष्य से काफी कम है। मंगलवार को समाहरणालय में मनरेगा की समीक्षा करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ब्रजेश मेहरोत्रा ने जिले के हालात पर नाराजगी जतायी। बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला परिवहन विभाग की भी समीक्षा बैठक भी साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया एवं अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण किया। कमीश्नर श्री मेहरोत्रा ने दोनों विभागों की लचर व्यवस्था पर भी चिंता जतायी तथा सुधार के कई निर्देश दिये।
डीएम कक्ष में मनरेगा अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान आयुक्त श्री मेहरोत्रा ने पिछले एक वर्ष के दौरान संचालित योजनाओं की सूची व खर्च विवरण देख आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिनियम के अनुसार 100 दिन का रोजगार देना है। लेकिन शर्मनाक है कि 40 दिन का रोजगार भी मात्र 13 फीसदी मजदूरों को मिला है। उन्होंने प्रत्येक प्रखंड में मजदूरी के लिए आवेदन एकत्र करने के लिए बाक्स देने का निर्देश डीएम को दिया। उन्होंने भरगामा, सिकटी, कुर्साकांटा प्रखंड में मनरेगा की स्थिति पर क्षोभ व्यक्त किया। बैठक में डीएम एम. सरवणन एनईपी निदेशक विजय कुमार, मनरेगा के कार्यपालक अभियंता सुरेश प्र. सिंह, लेखा पदाधिकारी मुकेश कु., परियोजना अर्थशास्त्री मनोज कुमार, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल, पवन कुमार आदि मौजूद थे। इसके बाद आयुक्त ने परिवहन विभाग की बैठक में भी वहां की लचर व्यवस्था पर खेद जताते हुए उसमें तुरंत सुधार लाने का कड़ा निर्देश दिया। वहीं निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था देख कर वे विफर उठे तथा आउटसोर्सिग को कई निर्देश दिये। इससे पूर्व आयुक्त को पुलिस जवानों द्वारा गार्ड आफ आनर दिया गया।
कनकई नदी में डूबने से दो बहनों की मौत
जोकीहाट, (अररिया) : प्रखंड के बारा इस्तम्बरार गांव के पास से गुजरी कनकई नदी मंगलवार को दो सगी बहनों को लील ली। मो. साबिर की दो मासूम बेटियों की मौत कनकई नदी में डूबने से हो गयी है। मंगलवार को करीब ग्यारह बजे साबिर की आठ व छह वर्ष की दो बेटिया घर के निकट खेल रही थी। खेलने के क्रम में छोटी बहन का पैर अचानक नदी में फिसल गया। नदी में छोटी बहन को डूबते देख बड़ी बहन उसे बचाने के लिए नदी में कूद गयी लेकिन दोनों में से कोई भी बाहर नहीं आ पाई। बाद में गांव के जुबेर आलम आदि भैंस चरा रहे लोगों ने बच्चों को डूबते देखकर हल्ला मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीणों वहां जमा हुए तथा डूबे दोनों बच्चियों को नदी से बाहर निकाला लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। एक साथ दो दो बेटियों की लाश देख पिता साबिर व मां महजबी कारो का रो रोकर बुरा हाल है। जिला पार्षद तसनीम शम्सी, मुखिया नसीम अनवर, कांग्रेस नेता शमशाद आलम, जुबैर आलम आदि ने मृत लड़कियों के परिजनों को दो दो लाख रूपये देने की मांग जिला प्रशासन से की है।
एसएसबी ने जब्त किया दो लाख का चाइनीज संतरा
फारबिसगंज(अररिया) : तस्करों पर लगातार नकेल कसने में बथनाहा एसएसबी 24 वीं बटालियन को लगातार सफलता मिल रही है। नेपाल से जोगबनी के रास्ते तस्करी कर फारबिसगंज लाये जा रहे दो लाख रूपये से अधिक का चाइनीज संतरा के साथ दो लोगों को एसएसबी ने बथनाहा चौक पर सोमवार की रात दबोचा है। जानकारी अनुसार 33 बैग में भरे चाइनीज संतरा को फारबिसगंज सब्जी मंडी पहुंचाने ले जाया जा रहा था जिसे एसएसबी अधिकारी ने गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ लिया। बथनाहा स्थित एसएसबी 24 वीं बटालियन कमांडेंट एकेसी सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया चीन से नेपाल में आयातित संतरा चोरी छिपे भारतीय बाजार में भेजा जा रहा है। जब्त 759 किग्रा चाइनीज संतरे की कीमत करीब दो लाख दस हजार रूपये बताया गया है। संतरा ले जा रहे टेम्पो बीआर 38 सी/9215 तथा चालक एवं सहायक मो. जावेद तथा अजय कुमार पासवान को गिरफ्तर कर लिया गया। जब्त संतरा वाहन तथा पकड़े गये दोनों युवकों को फारबिसगंज कस्टम के हवाले कर दिया गया है। कमांडेंट के अनुसार तस्करी का संतरा रवींद्र मुंशी नामक व्यक्ति का है।
संवीक्षा के बाद 14 नामांकन रद
कुर्साकांटा (अररिया) : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर 20 अप्रैल को होने वाले चुनाव हेतु चल रहे संवीक्षा के बाद विभिन्न पदों के लिए आये 14 प्रत्याशियों का नामांकन रद कर दिया गया है। जबकि पंच सदस्य पद के लिए 89 प्रत्याशी निर्विरोध घोषित किये गये हैं। मुखिया पद से दो, सरपंच के एक, वार्ड सदस्य चार एवं पंच के सात प्रत्याशियों का नामांकन त्रुटियों के आधार पर रद्द कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जागीर परासी के निवर्तमान मुखिया राजेन्द्र यादव का नामांकन रद कर दिया गया है। चूंकि श्री यादव को शिक्षक नियोजन में अनियमितता बरतने के कारण पदच्युत कर दिया गया था जिसके आधार पर उनका नामांकन रद हो गया। इसी प्रकार पहुंसी पंचायत से मुखिया पद से नामांकन का पर्चा दाखिल करने वाले धीरेन्द्र कुमार सिंह का भी नामांकन इसलिए रद कर दिया गया क्योंकि उनके प्रस्ताव का उम्र 21 वर्ष से कम था। पहुंसी पंचायत से सरपंच पद से अमर गुप्ता का नामांकन रद्द हुआ है। इसी प्रकार वार्ड सदस्य चार एवं पंच सदस्य के सात प्रत्याशियों का नामांकन रद कर दिया गया। वहीं 8 पद रिक्त घोषित हुआ। 20 अप्रैल को होने वाले चुनाव में पंच पद के लिए केवल 78 पदों पर चुनाव होना है। वार्ड सदस्य के लिए कुल 654 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किये जिसमें 4 प्रत्याशियों का रद हुआ। वहीं हरीरा वार्ड नं. 12 पर एक पद निर्विरोध घोषित हुआ।
इस प्रकार संवीक्षा के उपरांत मुखिया पद से 130, सरपंच पद से 71, वार्ड सदस्य पद से 649, पंच सदस्य पद से 78 एवं समिति सदस्य 183 प्रत्याशी चुनावी मैदान में बचे हैं। 9 अप्रैल तक इन प्रत्याशियों का नाम वापस लेने की अंतिम तिथि दी गयी है।
कैसर बने प्रदेश महासचिव

अररिया : अररिया जिला के रजोखर गांव निवासी जदयू के वरिष्ठ नेता कैसर अली को जनता दल यूनाईटेड अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेश महासचिव मनोनित किये जाने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है। प्रदेश अध्यक्ष मो. सलाम द्वारा उन्हें मनोनित किये जाने पर कार्यकर्ताओं जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, पूर्व मंत्री मंजर आलम, शौकत अली, मो. जियाउल्लाह, श्रवण भगत, शैलेस सुमन, मंजर आलम, इबरार आलम, उमेश राय, मो. रागीब, रमेश सिंह, नसीम अहमद गाजी आदि ने उन्हें साधुवार दिया है।
पलासी: जिप पद के लिए पहले दिन नहीं खुला खाता
अररिया : पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये जाने की अधिसूचना जारी किये जाने के बाद पहले दिन जिला परिषद सदस्य पद के लिए एक भी खाता नहीं खुला। वहीं कुर्साकांटा प्रखंड क्षेत्र के अन्तगर्त क्षेत्र संख्या 13 से कुर्बान अंसारी नामक अभ्यर्थी ने मंगलवार को नामांकन वापस ले लिया। कुर्साकांटा के क्षेत्र सं. 13 व 14 के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि बुधवार को है। बुधवार को शाम चार बजे के बाद जिप सदस्य प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जायेगा। उक्त आशय की जानकारी अनुमंडल सहायक निर्वाची पदा. देवेन्द्र राम व सीपी सिंह ने दिया।
बंध्याकरण शिविर
अररिया (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी में मंगलवार को बंध्याकरण शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर डा. एपी सिंह, डा. इकबाल हुसैन, बालेश्वर यादव, मोजाहिर आदि मौजूद थे। इस संबंध में प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने बताया कि शिविर में16 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया है।
108 घंटे का महाविष्णु यज्ञ शुरू
पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के कलियागंज चरेमना गांव में मंगलवार से स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 108 घंटे के महाविष्णु यज्ञ का शुभारंभ रामचरित मानस पाठ से हुआ। इससे पूर्व 151 कुंवारी-कन्याओं ने कलश यात्रा भी निकाली। इस महाविष्णु यज्ञ में विष्णु, शिव, पार्वती, हनुमान, गणेश, राधा-कृष्ण सहित 81 देवी-देवताओं की प्रतिमा स्थापित की गयी है। जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
फांसी लगाकर की आत्महत्या
पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के महादेव कालेज गांव के युगेश कुमार मांझी की पत्नी बबीता देवी ने मानसिक तनाव के कारण रविवार की रात्रि फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पाकर पलासी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु अररिया भेज दिया। वहीं इस बाबत मृतका के पिता अमर लाल मांझी साकिन रंगैली (नेपाल) के फर्द बयान पर पलासी थाना में यूडी का एक मामला दर्ज किया गया है।
दो दुकानों से हजारों की चोरी
फारबिसगंज, (अररिया) : शहर के फैंसी मार्केट स्थित दो दुकानों से सोमवार की रात चोरों ने हजारों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। इसमें प्रदीप स्वर्णकार की ज्वेलरी दुकान तथा अमल ओझा की गैस सिलेंडर पार्ट्स की दुकान शामिल है। चोरों ने दुकान के पीछे वाले दरवाजे को तोड़कर नगदी, आभूषण तथा अन्य सामान निकाल लिए। चोरी की घटना के दौरान दुकान के पीछे स्थित व्यवसायी के आवास के मुख्य द्वार को चोरों ने रस्सी से बांध दिया था ताकि दुकानदार बाहर नहीं निकल सके। जबकि दुकानदार को चोरी की भनक तक नही लगी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। ज्ञात हो कि कुछ ही दिन पूर्व शहर में इसी तरह आभूषण की दुकान को निशाना बनाया था।
ट्रेन से 25 हजार की सुपारी जब्त
फारबिसगंज, (अररिया) : फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह जोगबनी से कटिहार जा रही 734 डाउन सवारी गाड़ी में कस्टम के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर तस्करी के 25 हजार रूपये की सुपारी बरामद किया है। कस्टम इंस्पेक्टर केके मिश्रा ने बताया कि पांच बोरा तस्करी की सुपारी जब्त किया गया है जिसका वजन 25 किलो है।
महिला दिवस पर निकाली जागरूकता रैली
अररिया : महिला दिवस के अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल अररिया के तत्वावधान में मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली तेरापंथ भवन से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ पुन: तेरापंथ भवन पहुंची। इस अवसर पर महिलाओं ने महिला सशक्तीकरण से संबंधित कई नारे बुलंद किये। रैली का नेतृत्व मंडल अध्यक्षा मदन देवी बगड़िया कर रही थी। इसके बाद महिलाओं ने एक कार्यक्रम आयोजित कर नारी जागरूकता एवं उसके उत्थान पर विशेष चर्चा की। मौके पर साहसिक कार्यो के लिए एक महिला मौसमी लेन गुप्ता को सदस्यों ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर कई महिला वक्ताओं ने नारी के उत्थान में सबसे बड़ी बाधा अशिक्षा को बताया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजू देवी चौरडि़या, विजय देवी खटेर, ज्योति देवी, लक्ष्मी वेगबानी, कुसुम बराड़िया, नीतू भूरा सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित थी।
इंटर परीक्षा : पहले दिन दो छात्र निष्कासित
फारबिसगंज (अररिया) : इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले ही दिन एक परीक्षा केन्द्र से दो छात्र कदाचार के आरोप में निष्कासित कर दिये गये। फारबिसगंज अनुमंडल मुख्यालय में छह परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। जिसमें फारबिसगंज कालेज, महिला कालेज, ली अकादमी, थाना मध्य विद्यालय, कन्या मध्य विद्यालय तथा भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय शामिल हैं। ली अकादमी से दो परीक्षार्थियों को कदाचार के आरोप में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार झा ने निष्कासित कर दिया। फारबिसगंज कालेज परीक्षा केन्द्र पर 1581, महिला कालेज केन्द्र पर 8907, ली अकादमी में 1157, गोयल स्कूल में 888, थाना मध्य विद्यालय में 615 तथा कन्या मध्य विद्यालय में 595 परीक्षार्थियों के परीक्षा की व्यवस्था की गई है। फारबिसगंज में विभिन्न केन्द्रों में 5643 इंटर परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
Monday, March 7, 2011
मार्च लूट से सख्ती से निबटेगा प्रशासन, रणनीति तैयार
अररिया, : मार्च लूट रोकने के उद्देश्य से कोषागार में अनावश्यक भीड़ को रोकने व समय पर विपत्रों के निष्पादन के लिए प्रशासन ने ठोस रणनीति तैयार की है। इस के तहत जिला पदाधिकारी एम सरवणन ने जिले के सभी निकासी एवं व्य्यन पदाधिकारी को निर्देश जारी किया है। कार्य नहीं करने वाले निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी पर गाज भी गिर सकती है।
डीएम ने वित्तीय अनियमितताओं से बचने व ससमय विपत्र निष्पादन के लिए जो तिथि निर्धारित की है उसके मुताबिक 26 फरवरी से 10 मार्च तक प्राप्त आवंटन का विपत्र 15 मार्च तक कोषागार में जमा करना होगा। जबकि 11 मार्च से 20 मार्च तक प्राप्त आवंटन का विपत्र 25 मार्च तक, 21 मार्च से 25 मार्च तक प्राप्त आवंटन का बिल 29 मार्च तक तथा 26 मार्च से अंतिम दिन तक प्राप्त आवंटन का विपत्र हर हाल में 31 मार्च के दोपहर एक बजे तक कोषागार में समर्पित करना होगा। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वेतन विपत्र 15 मार्च तक पारित करा लिया जाय। डीएम श्री सरवणन ने यह भी स्पष्ट किया है कि राशि वापस होने की जवाबदेही डीडीओ की होगी।
महिला पर्यवेक्षिकाओं का उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू
अररिया : सोमवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में डीएम एम. सरवणन ने नव नियोजित महिला बाल विकास पर्यवेक्षिकों को आइसीडीएस के उद्देश्यों को आत्मसात कर कार्य करने की हिदायत दी है। आत्मन कक्ष में नव नियोजित 82 महिला सुपरवाइजरों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू हुआ। सोमवार को अररिया, भरगामा व जोकीहाट प्रखंड के सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। जिसका समापन मंगलवार को होगा। डीएम ने सुपरवाइजरों से अपील करते हुए भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए कड़ाई करने को कहा। कार्यक्रम के पहले दिन स्वास्थ्य जांच व टीकाकरण सेवाएं, पूरक पोषाहार सेवाएं, समेकित बाल विकास कार्यक्रम का स्वास्थ्य सेवाएं के साथ समन्वय आदि विषयों के बारे में डीपीओ चन्द्र प्रकाश, डीपीएम रेहान अशरफ, एसएमसी परमानंद ने जानकारी दी। मौके पर एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल भी मौजूद थे।
Subscribe to:
Posts (Atom)





