कुर्साकाटा, (अररिया) : कुर्साकाटा थाना क्षेत्र के सोनापुर गांव में प्रमोद कुमार मंडल के घर रविवार की रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर बक्से में रखा 35 भर चांदी का गहना, 4600 रूपये नकदी व कपड़ा आदि हजारों के सामान चुरा लिये। सुबह खोजबीन के दौरान मुख्य सड़क किनारे अर्धनिर्मित मकान में खाली बक्सा एवं अटैची प्राप्त हुआ। इस चोरी की घटना में 30 हजार से अधिक की संपत्ति चोरी हुई है। घटना की सूचना कुर्साकाटा थाना को दे दी गयी है।
Tuesday, March 8, 2011
प्रत्याशियों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान
कुर्साकाटा(अररिया) : कुर्साकाटा प्रखंड में प्रथम चरण में होने वाले मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया गुरूवार को समाप्त हुई। वहीं प्रत्येक पंचायतों में प्रत्याशियों द्वारा संपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। मतदाताओं से डोर टू डोर जाकर प्रत्याशी मिल रहे हैं। चाय पान की दुकान और चौक चौराहों पर आपस में लोग बात करते देखे गये कि जनता अब जागरूक हो चुकी है। हर कोई समझ रहा है कि इस पांच साल के दौरान इस पंचायती राज में क्या हुआ। समाजसेवी दिलीप कुमार झा, भगवान लाल साह, अजय कुमार गुप्ता आदि ने बताया कि पांच वर्ष रहे मुखिया और पंचायत समिति ने पंचायत में आमजन को क्या दिया इस बार भी गोटी लाल करने की जुगाड़ लगा रहे है। अब देखना है जनता क्या फैसला लेती है।
मनरेगा: 40 दिनों का रोजगार भी नहीं मिला मजदूरों को
अररिया : महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना की स्थिति जिले में काफी खस्ताहाल है। पूरे एक वर्ष में पंचायतों में मात्र 20-25 लाख रुपये ही खर्च किये गये हैं जो लक्ष्य से काफी कम है। मंगलवार को समाहरणालय में मनरेगा की समीक्षा करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ब्रजेश मेहरोत्रा ने जिले के हालात पर नाराजगी जतायी। बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला परिवहन विभाग की भी समीक्षा बैठक भी साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया एवं अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण किया। कमीश्नर श्री मेहरोत्रा ने दोनों विभागों की लचर व्यवस्था पर भी चिंता जतायी तथा सुधार के कई निर्देश दिये।
डीएम कक्ष में मनरेगा अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान आयुक्त श्री मेहरोत्रा ने पिछले एक वर्ष के दौरान संचालित योजनाओं की सूची व खर्च विवरण देख आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिनियम के अनुसार 100 दिन का रोजगार देना है। लेकिन शर्मनाक है कि 40 दिन का रोजगार भी मात्र 13 फीसदी मजदूरों को मिला है। उन्होंने प्रत्येक प्रखंड में मजदूरी के लिए आवेदन एकत्र करने के लिए बाक्स देने का निर्देश डीएम को दिया। उन्होंने भरगामा, सिकटी, कुर्साकांटा प्रखंड में मनरेगा की स्थिति पर क्षोभ व्यक्त किया। बैठक में डीएम एम. सरवणन एनईपी निदेशक विजय कुमार, मनरेगा के कार्यपालक अभियंता सुरेश प्र. सिंह, लेखा पदाधिकारी मुकेश कु., परियोजना अर्थशास्त्री मनोज कुमार, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल, पवन कुमार आदि मौजूद थे। इसके बाद आयुक्त ने परिवहन विभाग की बैठक में भी वहां की लचर व्यवस्था पर खेद जताते हुए उसमें तुरंत सुधार लाने का कड़ा निर्देश दिया। वहीं निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था देख कर वे विफर उठे तथा आउटसोर्सिग को कई निर्देश दिये। इससे पूर्व आयुक्त को पुलिस जवानों द्वारा गार्ड आफ आनर दिया गया।
कनकई नदी में डूबने से दो बहनों की मौत
जोकीहाट, (अररिया) : प्रखंड के बारा इस्तम्बरार गांव के पास से गुजरी कनकई नदी मंगलवार को दो सगी बहनों को लील ली। मो. साबिर की दो मासूम बेटियों की मौत कनकई नदी में डूबने से हो गयी है। मंगलवार को करीब ग्यारह बजे साबिर की आठ व छह वर्ष की दो बेटिया घर के निकट खेल रही थी। खेलने के क्रम में छोटी बहन का पैर अचानक नदी में फिसल गया। नदी में छोटी बहन को डूबते देख बड़ी बहन उसे बचाने के लिए नदी में कूद गयी लेकिन दोनों में से कोई भी बाहर नहीं आ पाई। बाद में गांव के जुबेर आलम आदि भैंस चरा रहे लोगों ने बच्चों को डूबते देखकर हल्ला मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीणों वहां जमा हुए तथा डूबे दोनों बच्चियों को नदी से बाहर निकाला लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। एक साथ दो दो बेटियों की लाश देख पिता साबिर व मां महजबी कारो का रो रोकर बुरा हाल है। जिला पार्षद तसनीम शम्सी, मुखिया नसीम अनवर, कांग्रेस नेता शमशाद आलम, जुबैर आलम आदि ने मृत लड़कियों के परिजनों को दो दो लाख रूपये देने की मांग जिला प्रशासन से की है।
एसएसबी ने जब्त किया दो लाख का चाइनीज संतरा
फारबिसगंज(अररिया) : तस्करों पर लगातार नकेल कसने में बथनाहा एसएसबी 24 वीं बटालियन को लगातार सफलता मिल रही है। नेपाल से जोगबनी के रास्ते तस्करी कर फारबिसगंज लाये जा रहे दो लाख रूपये से अधिक का चाइनीज संतरा के साथ दो लोगों को एसएसबी ने बथनाहा चौक पर सोमवार की रात दबोचा है। जानकारी अनुसार 33 बैग में भरे चाइनीज संतरा को फारबिसगंज सब्जी मंडी पहुंचाने ले जाया जा रहा था जिसे एसएसबी अधिकारी ने गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ लिया। बथनाहा स्थित एसएसबी 24 वीं बटालियन कमांडेंट एकेसी सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया चीन से नेपाल में आयातित संतरा चोरी छिपे भारतीय बाजार में भेजा जा रहा है। जब्त 759 किग्रा चाइनीज संतरे की कीमत करीब दो लाख दस हजार रूपये बताया गया है। संतरा ले जा रहे टेम्पो बीआर 38 सी/9215 तथा चालक एवं सहायक मो. जावेद तथा अजय कुमार पासवान को गिरफ्तर कर लिया गया। जब्त संतरा वाहन तथा पकड़े गये दोनों युवकों को फारबिसगंज कस्टम के हवाले कर दिया गया है। कमांडेंट के अनुसार तस्करी का संतरा रवींद्र मुंशी नामक व्यक्ति का है।
संवीक्षा के बाद 14 नामांकन रद
कुर्साकांटा (अररिया) : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर 20 अप्रैल को होने वाले चुनाव हेतु चल रहे संवीक्षा के बाद विभिन्न पदों के लिए आये 14 प्रत्याशियों का नामांकन रद कर दिया गया है। जबकि पंच सदस्य पद के लिए 89 प्रत्याशी निर्विरोध घोषित किये गये हैं। मुखिया पद से दो, सरपंच के एक, वार्ड सदस्य चार एवं पंच के सात प्रत्याशियों का नामांकन त्रुटियों के आधार पर रद्द कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जागीर परासी के निवर्तमान मुखिया राजेन्द्र यादव का नामांकन रद कर दिया गया है। चूंकि श्री यादव को शिक्षक नियोजन में अनियमितता बरतने के कारण पदच्युत कर दिया गया था जिसके आधार पर उनका नामांकन रद हो गया। इसी प्रकार पहुंसी पंचायत से मुखिया पद से नामांकन का पर्चा दाखिल करने वाले धीरेन्द्र कुमार सिंह का भी नामांकन इसलिए रद कर दिया गया क्योंकि उनके प्रस्ताव का उम्र 21 वर्ष से कम था। पहुंसी पंचायत से सरपंच पद से अमर गुप्ता का नामांकन रद्द हुआ है। इसी प्रकार वार्ड सदस्य चार एवं पंच सदस्य के सात प्रत्याशियों का नामांकन रद कर दिया गया। वहीं 8 पद रिक्त घोषित हुआ। 20 अप्रैल को होने वाले चुनाव में पंच पद के लिए केवल 78 पदों पर चुनाव होना है। वार्ड सदस्य के लिए कुल 654 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किये जिसमें 4 प्रत्याशियों का रद हुआ। वहीं हरीरा वार्ड नं. 12 पर एक पद निर्विरोध घोषित हुआ।
इस प्रकार संवीक्षा के उपरांत मुखिया पद से 130, सरपंच पद से 71, वार्ड सदस्य पद से 649, पंच सदस्य पद से 78 एवं समिति सदस्य 183 प्रत्याशी चुनावी मैदान में बचे हैं। 9 अप्रैल तक इन प्रत्याशियों का नाम वापस लेने की अंतिम तिथि दी गयी है।
कैसर बने प्रदेश महासचिव

अररिया : अररिया जिला के रजोखर गांव निवासी जदयू के वरिष्ठ नेता कैसर अली को जनता दल यूनाईटेड अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेश महासचिव मनोनित किये जाने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है। प्रदेश अध्यक्ष मो. सलाम द्वारा उन्हें मनोनित किये जाने पर कार्यकर्ताओं जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, पूर्व मंत्री मंजर आलम, शौकत अली, मो. जियाउल्लाह, श्रवण भगत, शैलेस सुमन, मंजर आलम, इबरार आलम, उमेश राय, मो. रागीब, रमेश सिंह, नसीम अहमद गाजी आदि ने उन्हें साधुवार दिया है।
पलासी: जिप पद के लिए पहले दिन नहीं खुला खाता
अररिया : पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये जाने की अधिसूचना जारी किये जाने के बाद पहले दिन जिला परिषद सदस्य पद के लिए एक भी खाता नहीं खुला। वहीं कुर्साकांटा प्रखंड क्षेत्र के अन्तगर्त क्षेत्र संख्या 13 से कुर्बान अंसारी नामक अभ्यर्थी ने मंगलवार को नामांकन वापस ले लिया। कुर्साकांटा के क्षेत्र सं. 13 व 14 के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि बुधवार को है। बुधवार को शाम चार बजे के बाद जिप सदस्य प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जायेगा। उक्त आशय की जानकारी अनुमंडल सहायक निर्वाची पदा. देवेन्द्र राम व सीपी सिंह ने दिया।
बंध्याकरण शिविर
अररिया (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी में मंगलवार को बंध्याकरण शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर डा. एपी सिंह, डा. इकबाल हुसैन, बालेश्वर यादव, मोजाहिर आदि मौजूद थे। इस संबंध में प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने बताया कि शिविर में16 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया है।
108 घंटे का महाविष्णु यज्ञ शुरू
पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के कलियागंज चरेमना गांव में मंगलवार से स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 108 घंटे के महाविष्णु यज्ञ का शुभारंभ रामचरित मानस पाठ से हुआ। इससे पूर्व 151 कुंवारी-कन्याओं ने कलश यात्रा भी निकाली। इस महाविष्णु यज्ञ में विष्णु, शिव, पार्वती, हनुमान, गणेश, राधा-कृष्ण सहित 81 देवी-देवताओं की प्रतिमा स्थापित की गयी है। जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
फांसी लगाकर की आत्महत्या
पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के महादेव कालेज गांव के युगेश कुमार मांझी की पत्नी बबीता देवी ने मानसिक तनाव के कारण रविवार की रात्रि फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पाकर पलासी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु अररिया भेज दिया। वहीं इस बाबत मृतका के पिता अमर लाल मांझी साकिन रंगैली (नेपाल) के फर्द बयान पर पलासी थाना में यूडी का एक मामला दर्ज किया गया है।
दो दुकानों से हजारों की चोरी
फारबिसगंज, (अररिया) : शहर के फैंसी मार्केट स्थित दो दुकानों से सोमवार की रात चोरों ने हजारों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। इसमें प्रदीप स्वर्णकार की ज्वेलरी दुकान तथा अमल ओझा की गैस सिलेंडर पार्ट्स की दुकान शामिल है। चोरों ने दुकान के पीछे वाले दरवाजे को तोड़कर नगदी, आभूषण तथा अन्य सामान निकाल लिए। चोरी की घटना के दौरान दुकान के पीछे स्थित व्यवसायी के आवास के मुख्य द्वार को चोरों ने रस्सी से बांध दिया था ताकि दुकानदार बाहर नहीं निकल सके। जबकि दुकानदार को चोरी की भनक तक नही लगी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। ज्ञात हो कि कुछ ही दिन पूर्व शहर में इसी तरह आभूषण की दुकान को निशाना बनाया था।
ट्रेन से 25 हजार की सुपारी जब्त
फारबिसगंज, (अररिया) : फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह जोगबनी से कटिहार जा रही 734 डाउन सवारी गाड़ी में कस्टम के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर तस्करी के 25 हजार रूपये की सुपारी बरामद किया है। कस्टम इंस्पेक्टर केके मिश्रा ने बताया कि पांच बोरा तस्करी की सुपारी जब्त किया गया है जिसका वजन 25 किलो है।
महिला दिवस पर निकाली जागरूकता रैली
अररिया : महिला दिवस के अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल अररिया के तत्वावधान में मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली तेरापंथ भवन से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ पुन: तेरापंथ भवन पहुंची। इस अवसर पर महिलाओं ने महिला सशक्तीकरण से संबंधित कई नारे बुलंद किये। रैली का नेतृत्व मंडल अध्यक्षा मदन देवी बगड़िया कर रही थी। इसके बाद महिलाओं ने एक कार्यक्रम आयोजित कर नारी जागरूकता एवं उसके उत्थान पर विशेष चर्चा की। मौके पर साहसिक कार्यो के लिए एक महिला मौसमी लेन गुप्ता को सदस्यों ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर कई महिला वक्ताओं ने नारी के उत्थान में सबसे बड़ी बाधा अशिक्षा को बताया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजू देवी चौरडि़या, विजय देवी खटेर, ज्योति देवी, लक्ष्मी वेगबानी, कुसुम बराड़िया, नीतू भूरा सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित थी।
इंटर परीक्षा : पहले दिन दो छात्र निष्कासित
फारबिसगंज (अररिया) : इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले ही दिन एक परीक्षा केन्द्र से दो छात्र कदाचार के आरोप में निष्कासित कर दिये गये। फारबिसगंज अनुमंडल मुख्यालय में छह परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। जिसमें फारबिसगंज कालेज, महिला कालेज, ली अकादमी, थाना मध्य विद्यालय, कन्या मध्य विद्यालय तथा भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय शामिल हैं। ली अकादमी से दो परीक्षार्थियों को कदाचार के आरोप में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार झा ने निष्कासित कर दिया। फारबिसगंज कालेज परीक्षा केन्द्र पर 1581, महिला कालेज केन्द्र पर 8907, ली अकादमी में 1157, गोयल स्कूल में 888, थाना मध्य विद्यालय में 615 तथा कन्या मध्य विद्यालय में 595 परीक्षार्थियों के परीक्षा की व्यवस्था की गई है। फारबिसगंज में विभिन्न केन्द्रों में 5643 इंटर परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
Monday, March 7, 2011
मार्च लूट से सख्ती से निबटेगा प्रशासन, रणनीति तैयार
अररिया, : मार्च लूट रोकने के उद्देश्य से कोषागार में अनावश्यक भीड़ को रोकने व समय पर विपत्रों के निष्पादन के लिए प्रशासन ने ठोस रणनीति तैयार की है। इस के तहत जिला पदाधिकारी एम सरवणन ने जिले के सभी निकासी एवं व्य्यन पदाधिकारी को निर्देश जारी किया है। कार्य नहीं करने वाले निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी पर गाज भी गिर सकती है।
डीएम ने वित्तीय अनियमितताओं से बचने व ससमय विपत्र निष्पादन के लिए जो तिथि निर्धारित की है उसके मुताबिक 26 फरवरी से 10 मार्च तक प्राप्त आवंटन का विपत्र 15 मार्च तक कोषागार में जमा करना होगा। जबकि 11 मार्च से 20 मार्च तक प्राप्त आवंटन का विपत्र 25 मार्च तक, 21 मार्च से 25 मार्च तक प्राप्त आवंटन का बिल 29 मार्च तक तथा 26 मार्च से अंतिम दिन तक प्राप्त आवंटन का विपत्र हर हाल में 31 मार्च के दोपहर एक बजे तक कोषागार में समर्पित करना होगा। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वेतन विपत्र 15 मार्च तक पारित करा लिया जाय। डीएम श्री सरवणन ने यह भी स्पष्ट किया है कि राशि वापस होने की जवाबदेही डीडीओ की होगी।
महिला पर्यवेक्षिकाओं का उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू
अररिया : सोमवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में डीएम एम. सरवणन ने नव नियोजित महिला बाल विकास पर्यवेक्षिकों को आइसीडीएस के उद्देश्यों को आत्मसात कर कार्य करने की हिदायत दी है। आत्मन कक्ष में नव नियोजित 82 महिला सुपरवाइजरों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू हुआ। सोमवार को अररिया, भरगामा व जोकीहाट प्रखंड के सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। जिसका समापन मंगलवार को होगा। डीएम ने सुपरवाइजरों से अपील करते हुए भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए कड़ाई करने को कहा। कार्यक्रम के पहले दिन स्वास्थ्य जांच व टीकाकरण सेवाएं, पूरक पोषाहार सेवाएं, समेकित बाल विकास कार्यक्रम का स्वास्थ्य सेवाएं के साथ समन्वय आदि विषयों के बारे में डीपीओ चन्द्र प्रकाश, डीपीएम रेहान अशरफ, एसएमसी परमानंद ने जानकारी दी। मौके पर एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल भी मौजूद थे।
सत्संग गंगा के समान : स्वामी व्यासानंद
सिकटी, (अररिया) : राष्ट्रीय संतमत सत्संग का दो दिवसीय जिला स्तरीय वार्षिक अधिवेशन प्रखंड क्षेत्र के बोकंतरी पंचायत के सेना मैदान में रविवार की संध्या संपन्न हो गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए स्वामी व्यासानंद जी महाराज ने कहा कि सत्संग गंगा के समान है जो मनुष्य के सारे पापों को बहाकर ले जाता है। जबकि ध्यान आग के समान है जो मनुष्य के सारे कुकर्मो को जलाकर राख कर देता है। संत सदगुरू के ध्यान से ही मुक्ति मिल सकती है। स्वामी जी ने कहा कि बड़ी मुश्किल से ही मनुष्य का शरीर मिलता है, बावजूद यदि समय निकालकर भजन नहीं किया गया तो फिर आत्मा चौरासी लाख योनि में भटकने को विवश हो जायेगा। इसलिए मनुष्य को ईश्वर का भजन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि भोजन से शरीर की सुरक्षा होती है, स्नान से स्वास्थ्य की सुरक्षा होती तथा दान से धन की सुरक्षा और सत्संग से आत्मा की सुरक्षा होती है। विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने भी स्वामी जी को धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन को सफल बनाने में पंसस सुरेन्द्र विश्वास, सरपंच प्रतिनिधि श्री प्रसाद यादव, गीरानंद चौधरी, उदय चंद साह, रामकृष्ण विश्वास, बालेश्वर विश्वास, शंभू प्रसाद विश्वास, खुर्शीद आलम, जयप्रकाश विश्वास, जितेन्द्र आदि ग्रामीणों का पूरा सहयोग रहा।
सिकटी: विभिन्न पदों के लिए 218 नामांकन दाखिल
सिकटी, (अररिया) : पंचायत चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को विभिन्न पदों के लिए 218 नामांकन पत्र दाखिल किये गये। जिसमें मुखिया पद के 43, पंचायत समिति पद के 28, सरपंच पद के लिए 24, वार्ड सदस्य के 52 एवं ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 71 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किये। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी तौकीर अकरम ने बताया कि नामांकन पत्रों की समीक्षा के लिए मुखिया एवं पंच पद के लिए आठ मार्च, पंचायत समिति एवं वार्ड सदस्य के लिए नौ मार्च एवं सरपंच पद के लिए दस मार्च निर्धारित किया गया है। इन तिथियों को 11 बजे से चार बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जायेगी। 11 व 12 मार्च को नाम वापसी की तिथि निर्धारित की गयी है। प्रपत्र नौ पर प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न आवंटित कर सूची जारी कर दी जायेगी। आज नामांकन दाखिल करने वालों में चंदन करदार, योगेन्द्र विश्वास, घनश्याम मंडल, सविता देवी, कृष्ण मोहन मंडल, परवेज आलम व दिलीप सिंह, डा. अंतलाल मंडले आदि शामिल हैं।
मानवता की सेवा ही सभी धर्मो का सार: भगीरथ बाबा
जोकीहाट (अररिया) : सभी धर्मो का सार मानवता की सेवा है। सत्संग से कुविचार नष्ट होते हैं। भक्तिसागर में गोता लगाने से मनुष्य मोक्ष को प्राप्त करता है। उक्त बातें बाबा भागीरथ एवं डा. विवेकानंद बाबा ने सोमवार को दो दिवसीय संत्सग के समापन के अवसर पर महलगांव पंचायत के टेकनी गांव में श्रद्धालुओं की भीड़ को संबोधित करे हुए कही। सत्संग में श्रद्धालुओं की भीड़ उखवा, बलुवा, चकई, भूना, चैनपुर, किशनपुर, उदा आदि गांवों से जुटे थे। सत्संग को सफल बनाने में डा. शंभू विश्वास, हरिहर विश्वास, श्याम सुंदर, रघु विश्वास सहित सभी ग्रामीणों ने महती भूमिका निभाई।
महिला दिवस पर रैली आज
अररिया: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को महात्मा गांधी स्मारक उच्च विद्यालय आरएस में ग्रामीण बाल एवं मानव विकास समिति के तत्वाधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर महिलाओं द्वारा रैली निकाली जायेगी। यह जानकारी संस्था के सचिव ने दी है।
ग्यारह केंद्रों पर आज से होगी इंटर परीक्षा
अररिया : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा ली जाने वाली वर्ष 2011 की इंटरमीडिएट की परीक्षा मंगलवार से जिले के 11 केंद्रों पर आरंभ होगी। शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन के लिए डीएम एम. सरवणन व एसपी गरिमा मल्लिक द्वारा संयुक्तादेश जारी किया गया है। कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन की सारी जवाबदेही दोनों एसडीओ व डीईओ को सौंपी गई है। सभी ग्यारह परीक्षा केन्द्रों पर स्टेटिक दंडाधिकारी के अलावा छात्राओं वाले परीक्षा केंद्र पर अलग से महिला अधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। महिला कालेज में महिला पर्यवेक्षिका मंजू कुमारी, आजाद एकेडमी में मीरा कुमारी, गर्ल्स हाई स्कूल में रंजना वर्मा, थाना मवि फार. में मीना कुमारी व गर्ल्स मिड्ल स्कूल फार. में नमीता कुमारी सुपरवाइजर को महिला अधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। जबकि अररिया अनुमंडल मुख्यालय में ईएम चन्द्र प्रकाश व फारबिसगंज के लिए ईएम शोभा रानी को फ्लाईग गार्ड के के रूप में प्राधिकृत किया गया है। वहीं अररिया में देवेन्द्र राम तथा फारबिसगंज के मकेश्वर पासवान व संजय कुमार को गश्ती दल सह प्रश्न पत्र प्रभारी बनाया गया है। परीक्षा के दौरान छात्रों के साथ-साथ वीक्षकों को मोबाइल प्रयोग को भी रोक दिया गया है।
शराब की दुकानों की हुई बंदोबस्ती
अररिया : वित्तीय वर्ष 2011-12 के लिए जिले में संचालित 109 शराब दुकानों का टेंडर सोमवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। डीआरडीए सभा भवन में अपर समाहर्ता कपिलेश्वर विश्वास की मौजूदगी में लाटरी हुई। सोमवार को लाटरी आरंभ होने से पहले ही सभा भवन व आस पास काफी भीड़ जमा हो गयी।
इधर बंदोबस्ती को लेकर सभा भवन के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। बावजूद टेंडर डालने आये लोग आपस में उलझते देखे गये। सोमवार को नगर परिषद प्रखंड मुख्यालय व कम्पोजिट दुकानों की लाटरी निकाली गई। जिनके नाम से लाटरी लगी उन्हें तुरंत राशि जमा करने का निर्देश दिया गया। इस मौके पर उत्पाद अधीक्षक डा. आनंद, कोषागार पदाधिकारी पंकज कुमार, एसबीआई मुख्य शाखा प्रबंधक वियोग कुमार, उत्पाद निरीक्षक अशरफ जमाल आदि मौजूद थे।
विद्यालय में चोरी
जोकीहाट: जोकीहाट थाना क्षेत्र के काकन पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मजगांवा में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर विद्यालय में चोरी कर ली। चोरी गयी सामानों में लगभग नौ क्विंटल चावल, छह कुर्सी, एक गैस सिलिंडर आदि शामिल है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक नौशाद आलम ने चोरी की घटना की जानकारी जोकीहाट थाना में दी है।
छात्राओं के बीच पोशाक राशि का वितरण
बसैटी, (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के संकुल संशाधन केन्द्र उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसैटी मध्य में सोमवार को मुख्यमंत्री कन्या पोशाक योजना अंतर्गत कक्षा छह के छात्राओं को पोशाक हेतु राशि सात सौ रुपये प्रधानाध्यापक मो. जहांगीर अंसारी ने वितरण किया। वही कक्षा तीन से पांच तक छात्रों को राशि नही मिलने के कारण बच्चे व अविभावकों में आक्रोश व्याप्त है। प्रधानाध्यापक श्री अंसारी ने बताया कि कक्षा 06 में कुल 27 छात्राओं को पोशाक राशि दी गयी है। कक्षा तीन से पांच तक लगभग 250 छात्र एक छात्राओं में मात्र 124 बच्चे का राशि विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया है जिसका वितरण किया जा रहा है। इस मौके पर रिजवान आलम, मो. सगीर उद्दीन, अस्मत प्रवीण, इस्लाम अंसारी आदि उपस्थित थे।
ट्रैक्टर पलटने से एक की मौत, आधा दर्जन जख्मी
कुर्साकाटा, (अररिया) : सुंदर नाथ धाम से लौट रहा मजदूरों से भरा एक टैक्टर प्राथमिक विद्यालय मधुबनी के पास सोमवार की देर संध्या असंतुलित हो जाने के कारण सड़क के नीचे पलट गया। जिससे उस पर सवार बारसोनी थाना डगुरूवा निवासी मो. निजाम की मौत घटना स्थल पर हो गयी। जबकि ट्रैक्टर पर सवार आधा दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों में अबुजर (बारसोनी), अजीजुल (कस्बा), शंभू मंडल (गोसाइपुर नवगछिया), बदलु राजवंशी (दादर बेरिया, नेपाल) गंभीर रूप से घायल हो गये। जिसे कुर्साकाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां सभी की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने पूर्णिया के लिए रेफर कर दिया। इस घटना में ट्रैक्टर ड्राइवर भागने में सफल रहा। शव को कुआड़ी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
छापामारी में छह गिरफ्तार
बसैटी (अररिया) : समकालीन अभियान के तहत बौसी थाना अध्यक्ष टुनटून पासवान के नेतृत्व में रविवार की रात्रि छापामारी कर विभिन्न मामले में 6 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। जिसमें जमानतीय धारा रहने के कारण भोला शर्मा रमेश गुप्ता, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, मंजय गुप्ता को थाना से ही जमानत दे दी गई। जबकि एक को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया। छापामारी में थाना अध्यक्ष के साथ सैफ के जवान शामिल थे।
चन्द्रेश समता पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत
फारबिसगंज (अररिया) : समता पार्टी के बिहार प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद पर चन्द्रेश कुमार को मनोनीत किया गया है। मनोनयन के बाद फारबिसगंज पहुंचे श्री कुमार ने बताया कि कुमार विजय को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व शिवपूजन चौधरी को बिहार प्रदेश संसदीय बोर्ड का कार्यकारी अध्यक्ष पद पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एन के सिंह के द्वारा मनोनीत किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला कमेटियों में कोई फेरबदल नहीं किया गया है। चन्द्रेश कुमार ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की 27 मार्च को दिल्ली में आयोजित होने वाली बैठक के बाद बिहार प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक चुनाव की तैयारी शुरू कर दी जायेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद संगठन प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक धारदार बनाया जायेगा।
निवर्तमान जिप अध्यक्ष समेत छह ने भरा पर्चा
अररिया : सिकटी प्रखंड के लिए नामांकन के अंतिम दिन अनुमंडल निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष जिला परिषद सदस्य पद के लिए निवर्तमान जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम समेत छह प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किये। सिकटी अंतर्गत जिला परिषद क्षेत्र सं.-5 से सदस्य पद के लिए रागिनी देवी, इमरान, बेनजीर व फूलो देवी ने पर्चा दाखिल किया है। जबकि क्षेत्र सं.- 16 से निवर्तमान जिप अध्यक्ष शगुफ्ता व जयंती देवी ने नामजदगी का पर्चा भरा है। इधर सहायक निर्वाची पदाधिकारी सीपी सिंह व देवेन्द्र राम ने संयुक्त रूप से बताया कि कुर्साकांटा प्रखंड के क्षेत्र सं.-13 व 14 की सवींक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार 13 व 14 में से किसी का पर्चा भी रद्द नहीं हुआ है। अब जिप सदस्य क्षेत्र सं.-13 से कुल 18 व 14 से नौ उम्मीदवार मैदान में रह गये हैं। श्री राम ने बताया कि मंगलवार से पलासी प्रखंड का नामांकन शुरू होगा।
करंट से मौत
रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के घोड़ाघाट ग्राम में विद्युत स्पर्शाघात से मो. आजाद (20 वर्ष) नामक युवक की मौत रविवार की संध्या हो गई।
ध्यान के प्रति आरूढ़ होने से मिलेगा मोक्ष : हरिनंदन बाबा
भरगामा (अररिया) : मानव तन को देवताओं के लिए दुर्लभ बताते हुए संतमत के वर्तमान आचार्य स्वामी श्री हरिनंदन जी महाराज ने सत्संग करने पर बल दिया है। वे प्रखंड के शेखपुरा में आयोजित अररिया जिला संतमत सत्संग के 18 वें महाधिवेशन के समापन अवसर पर सोमवार को प्रवचन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव शरीर ईश्वर भक्ति के लिए उपयुक्त व अहम है जो बड़े हीं भाग्य से प्राप्त होता है। वर्तमान आचार्य स्वामी हरिनंदन जी महाराज ने सत्संग इसकी महिमा व महत्ता, ध्यान व अध्यात्म आदि विषयों पर सदी के महान संत गुरु महर्षि मेंहीं परमहंस श्री महाराज के जीवन वृत व उनके कथनों का उद्धरण देते हुए ध्यान के प्रति आरुढ़ होने की अपील श्रद्धालुओं से की। कार्यक्रम में रामायण, गीता एवं अन्य धर्म ग्रंथ का पाठ सहयोगी बाबा प्रमोद बाबा, स्वामी सचिकांत ब्रह्मचारी, सत्यनारायण बह्माचारी तथा जय बाबा आदि ने किया। सत्संग कार्यक्रम के बीच बीच बाबा ने निर्मित सत्संग भवन का उद्घाटन भी किया।
जयंती पर याद किये गये स्वामी रामकृष्ण परमहंस
फारबिसगंज, (अररिया) : मां काली के परम भक्त स्वामी रामकृष्ण परमहंस देव की जयंती द्विजदेनी चेतना समिति और इंद्रधनुष साहित्य परिषद के तत्वावधान में सोमवार को आयोजित की गयी। इस अवसर पर साहित्यक गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें कवि रामनरेश त्रिपाठी एवं सोहनलाल द्विवेदी को याद किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में संत रामकृष्ण के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए मांगन मिश्र मार्तंड एवं उमाकांत दास ने परमहंस की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे मानवता के पुजारी थे जिनका संपूर्ण जीवन दीन दुखियों की सेवा में समर्पित रहे।
दूसरे सत्र में कवि सोहन लाल के बारे में जानकारी देते हुए हेमंत यादव शशि ने बताया कि उनकी प्रथम रचना महाराणा प्रताप काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौके पर पं. मदन मोहन मालवीय की अध्यक्षता में प्रस्तुत की गयी थी। जबकि विनोद कुमार तिवारी एवं जीवनदानी प्रफुल्ल जी ने आचार्य रामनरेश के बारे में कहा कि वे राष्ट्रीय भाव धारा के कवि यथार्थवादी कथाकार, सामाजिक चेतना के संदेश वाहक एवं नाट्यकार थे। इस अवसर पर राजनारायण प्रसाद, कृत्यानंद राय, धीरेन्द्र कुमार, चंद्रकात झा, शिवनारायण चौधरी, श्रीवास सिंह, हर्षनारायण दास, गोविंद नारायण दास, फकीरचंद्र मंडल आदि उपस्थित थे।
सात पकड़ाए
भरगामा (अररिया) : भरगामा थाना पुलिस ने भरगामा थाना क्षेत्र के विभिन्न कांड में वांछित कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में सोमवार को अररिया जेल भेज दिया। थाना सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार वांछितों में जयनगर निवासी फुलदेव सरदार, नरेश सरदार, महानन्द राम,उमानंद यादव, रामानंद यादव, दिनेश मंडल,योगेन्द्र मेहता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अज्ञात शव बरामद
जोगबनी (अररिया) : भारत-नेपाल सीमा पर नोमेंसलैण्ड के नेपाल की ओर नेपाल पुलिस ने सोमवार की सुबह एक लावारिस लाश बरामद किया है। पुलिस को अनुमान है कि किसी ने लूट के दौरान उसकी हत्या कर फेंक दिया है। मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। सोमवार की सुबह जब कुछ लोग शौच करने को जा रहे थे तो नोमेंस लैण्ड पर एक व्यक्ति का मरा पाया। तब लोगों ने दोनों ओर की पुलिस को सूचना दी।
चौथे दिन मुखिया पद के लिए 52 ने भरे पर्चे
भरगामा, (अररिया) पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन सोमवार को प्रखंड कार्यालय में अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार को विभिन्न पंचायतों से मुखिया पद के लिए 52 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया जबकि समिति सदस्य पद के लिए 42 लोगों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। वहीं समिति सदस्य पद से नामांकन करने आये शेखपुरा निवासी मंटू यादव के प्रस्तावक सकलदेव यादव को भरगामा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वे मारपीट के एक मामले में वांछित थे। नामांकन की प्रक्रिया को सुलभ व सरल बनाने के लिए प्रखंड कार्यालय में कई काउंटर बनाये गये हैं। जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी मणिमाला समेत आरओ व नामांकन कार्य में लगे प्रखंड कर्मी मुश्तैद दिखे। शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी सजग रही।
समकालीन अभियान में 43 वारंटी पकड़ाए
अररिया : पुलिस कप्तान के निर्देश पर चलाये गये समकालीन अभियान के तहत रविवार को जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने विभिन्न कांडों के 43 वारंटियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस दौरान पुलिस ने कई कुर्की जब्ती के मामलों का भी निष्पादन किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नगर थाना पुलिस ने एक, ताराबाड़ी दो, बैरगाछी एक, जोकीहाट एक, पलासी चार, सिकटी चार, बरदाहा एक, फारबिसगंज दो, सिमराहा तीन, जोगबनी चार, कुर्साकाटा एक, कुआड़ी एक, रानीगंज तीन, बौंसी एक भरगामा पांच, नरपतगंज पांच, फुलकाहा एक एवं घुरना पुलिस ने तीन वारंटियों को दबोचने में सफलता पायी है।
पांच गिरफ्तार
नरपतगंज: प्रखंड के अलग अलग पंचायतों से रविवार की रात नरपतगंज थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर अररिया जेल भेज दिया है। जिसमें बरदाहा गांव के संजीव सैनी व खाबदह पंचायत के रमेश मंडल, गुलाम पासवान, सत्यनारायण पासवान और जद्दु पासवान शामिल है।
छात्रों के दो गुटो में मारपीट, तीन जख्मी
कुसियारगांव (अररिया) : आपसी विवाद को लेकर रविवार की संध्या छात्रों के दो गुटों के बीचहुई मारपीट की घटना में तीन छात्र बुरी तरह जख्मी हो गये। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। घायलों में गुफरान आलम, कराहदा महलगांव, मो. नेहाल, बहादुरगंज, किशनगंज एवं मो. मौकिम, डोरिया सोनापुर शामिल है। सभी छात्र इंटर की परीक्षा देने आये हैं।
चौथे चरण के तहत आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया
पलासी, (अररिया), : प्रखंड में चौथे चरण में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो रही है। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। इस संबंध में प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी रंजन चौहान ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 8 मार्च से प्रारंभ होकर 15 मार्च तक चलेगा। संवीक्षा 16 मार्च से तथा चुनाव चिह्न का आवंटन 21 मार्च को किया जायेगा। श्री चौहान ने बताया कि प्रखंड कार्यालय में नामांकन के लिए तीन अलग अलग काउंटर बनाये गये हैं। प्रखंड में 21 मुखिया, 21 सरपंच, 28 पंचायत समिति सदस्य, 278 वार्ड सदस्य तथा 278 पंच के पद सृजित हैं। इसके अलावा जिला परिषद सदस्य के लिए तीन पद सृजित हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए 12 कोषांगों का भी गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रखंड में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने को प्रशासन कटिबद्ध है।
लापता दो भाइयों में एक का शव बरामद
नरपतगंज, (अररिया) : छातापुर प्रखंड के माधवपुर गांव से तीन दिन पूर्व लापता दो भाइयों में से एक का शव नरपतगंज प्रखंड के बरदाहा गांव के निकट सुरसर नदी से सोमवार को बरामद किया गया है। मृतक की पहचान विंदेश्वर कुमार उम्र छह वर्ष की गई है। जबकि बड़ा भाई अब भी लापता है। इस संदर्भ में मृतक के पिता जगदेव दास ने लिखित आवेदन देकर नरपतगंज थाना में अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। थाना में दर्ज प्राथमिकी 63/2011 के अनुसार चार मार्च की संध्या से विंदेश्वर कुमार तथा 14 वर्षीय इंदर कुमार लापता थे। इसकी सूचना छातापुर थाना को दी गयी थी। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने बताया कि विंदेश्वर को पानी में डुबोकर हत्या की गयी है। वहीं इंदर की तलाश पुलिस कर रही है।
बैठक में मुद्दों पर चर्चा
अररिया : सोशलिस्ट फ्रंट की बैठक सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित की गयी जिसकी अध्यक्षता फ्रंट के जिलाध्यक्ष खुशी लाल साह ने की। बैठक में मनरेगा अधिनियमों को पूर्ण रूप से लागू करने, बाल श्रमिक प्रथा पर पूर्ण रोक, प्रत्येक गांव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बहाल करने एवं भ्रष्टाचार पर रोक तथा भ्रष्टाचारियों का सामाजिक बहिष्कार करने सहित दस प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किये गये। इस अवसर पर फ्रंट के महासचिव चितरंजन झा, बबलू मरांडी, अरूण झा, राजू किस्कू आदि मौजूद थे।
चार अभियुक्त गिरफ्तार
पलासी, (अररिया) : पलासी थाना पुलिस ने समकालीन अभियान के तहत अलग अलग मामलों के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पकड़े गये अभियुक्तों में वारंटी गोविंद कुमार मंडल, योगेन्द्र यादव, छेदी लाल यादव व पलासी थाना कांड संख्या 10/2011 के अभियुक्त मो. रकीब उर्फ अब्दुल रफीक शामिल हैं।
जिप के लिए अब तक 12 नामांकन दाखिल
फारबिसगंज, (अररिया) : फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय नामांकन केंद्र पर सोमवार को भरगामा क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य के लिए ग्यारह उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किये। भरगामा प्रखंड जिला परिषद के तीन क्षेत्र के लिए चुनाव होना है। अब तक कुल बारह उम्मीदवारों द्वारा नामांकन के पर्चे भरे जा चुके हैं। सोमवार को हुए नामांकन में प्रखंड के क्षेत्र संख्या सात से उमा देवी, मीरा देवी, क्षेत्र संख्या आठ से चंद्रशेखर सिंह बब्बन, सीता देवी कुशवाहा, अमित सिंह, सिकंदर शर्मा, ईश्वर चंद्र साह, फुल कुमार ऋषिदेव तथा क्षेत्र संख्या नौ से नीलम देवी, दिनेश कुशवाहा एवं असलम बेग ने नामांकन के पर्चे भरे। नामांकन केंद्र पर सुरक्षा बल तथा दंडाधिकारी की तैनाती की गयी है।
भविष्य निधि की राशि बैंक में जमा करने की मांग
फारबिसगंज, (अररिया) : फारबिसगंज नगर परिषद कर्मचारी संघ की ओर से भविष्य निधि की राशि राष्ट्रीयकृत बैंक अथवा पोस्ट आफिस मे जमा करवाने की मांग नप प्रशासन से की गई है। इस संबंध में कर्मचारी संघ द्वारा नप के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन प्रेषित किया गया है। आवेदन में कहा गया है कि नगर परिषद के कर्मचारियों के वेतन से वर्ष 1986 से काटी जा रही राशि किसी राष्ट्रीयकृत बैंक या पोस्ट आफिस में जमा नहीं की जाती है जिससे कर्मचारियों को आर्थिक क्षति हो रही है। नप कर्मचारियों को वर्ष 2000 से अब तक मात्र तीन बार वर्दी (पोशाक) नप प्रशासन के द्वारा दिया गया है। आवेदन में कहा गया कि वार्षिक वर्दी भत्ता नियमानुसार नगद भुगतान का प्रावधान है। संघ ने वर्दी भत्ता नकद भुगतान कराने की मांग की है।
Sunday, March 6, 2011
महापरीक्षा में 70 हजार नवसाक्षरों ने लिया भाग

अररिया : साक्षर भारत योजना के तहत रविवार को आयोजित बुनियादी साक्षरता महापरीक्षा में लगभग सत्तर हजार नव साक्षरों ने भाग लिया। इस परीक्षा के लिए प्रखंडों में 450 से अधिक केंद्र बनाये गये थे। जिले के अररिया, जोकीहाट, रानीगंज, भरगामा, नरपतगंज, कुर्साकाटा, पलासी, व सिकटी प्रखंडों में भी महापरीक्षा को लेकर केंद्रों पर भीड़ देखी गयी। जिला व प्रखंड द्वारा गठित अनुश्रवण दल के लोग विभिन्न केंद्रों पर चल रहे परीक्षा का मुआयना करते देखे गये। जिला शिक्षा पदाधिकारी दिलीप कुमार, साक्षरता के जिला सचिव प्रो. बीएन झा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी केआरपी, प्रखंड सचिव, अनुश्रवण कार्य करते देखे गये।
फारबिसगंज प्रखंड में 64 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा ली गयी। मध्य विद्यालय पुरन्दाहा, मध्य विद्यालय मानिकपुर, मध्य विद्यालय बारा, मध्य विद्यालय सिमराहा व मध्य विद्यालय मिर्जापुर में टारगेट से अधिक नवसाक्षर पहुंचे।
विदित हो कि राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकार मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार एवं बिहार राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकार के संयुक्त तत्वावधान में इस महापरीक्षा का आयोजन किया गया जिसमें पंद्रह साल से अधिक आयु वर्ग के नवसाक्षरों ने भाग लिया।
पलासी से निसं के अनुसार प्रखंड के 42 केंद्रों पर साक्षरता महापरीक्षा का आयोजन किया गया। प्रत्येक पंचायत में नव साक्षरों की महापरीक्षा के लिए दो केंद्रों पर परीक्षा ली गयी। प्रखंड के कन्या मवि आदर्श मध्य विद्यालय पलासी, करोड़ दिघली, कलियागंज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लिया।
कुर्साकाटा निसं के अनुसार प्रखंड के तेरह पंचायतों में विभिन्न प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में कुल 26 परीक्षा केंद्र बनाये गये। रविवार को इस परीक्षा में 4200 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। केंद्राधीक्षक अवधेश ठाकुर ने बताया कि उनके केंद्र पर 167 नवसाक्षरों ने परीक्षा दी।
नरपतगंज से निसं के अनुसार प्रखंड के 29 पंचायतों में कुल 59 केंद्रों पर बुनियादी साक्षरता महापरीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में ली गयी। जिसमें कुल 9500 पुरूष व महिलाओं ने भाग लिया।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आमी चंद्र राम व अनुश्रवण समिति के सदस्य उमेश यादव, साक्षरता सचिव रामदेव यादव केआरपी, राजनंदन पोद्दार, अवधेश कुमार बीआरपी सक्रिय दिखे। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मध्य विद्यालय देवीगंज, उमवि मधुरा झरकाहा, कन्या मध्य विद्यालय चैनपुर एवं पिठौरा विद्यालय में शामिल न हो सके।
सिकटी से संसू के अनुसार साक्षरता अभियान के तहत प्रखंड के चौदह पंचायतों में 28 परीक्षा केंद्रों पर नव साक्षरों ने महा परीक्षा में भाग लिया गया। प्रखंड में निर्धारित 2800 के लक्ष्य में लगभग अस्सी प्रतिशत नवसाक्षरों ने परीक्षा में भाग लिया।
जोकीहाट से निप्र. के अनुसार 27 पंचायतों के 54 केंद्रों पर महापरीक्षा ली गई।
सीमांचल में रेल की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जायेगी: सांसद
अररिया : सीमांचल में रेल की उपेक्षा को लेकर अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने तेवर कड़े कर लिए हैं। सांसद ने सत्र में रेल बजट की चर्चा पर श्री सिंह ने न सिर्फ कड़ी प्रतिक्रिया जतायी बल्कि बजट को पं. बंगाल का बजट करार दिया। सत्र के दौरान सांसद श्री सिंह ने लोग सभा अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराते कहा कि नेपाल सीमा से सटे अररिया जिला सामरिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। बावजूद यहां के कई रेल कार्यक्रमों को ठप कर दिया गया। श्री सिंह कहा है कि वर्ष-2004 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने नई रेल लाइन का शिलान्यास रानीगंज में किया था, लेकिन आज भू-अर्जन की प्रक्रिया भी शुरू नही की गयी है। पूरे बिहार में 14 नई रेल परियोजना स्वीकृत की गयी है लेकिन कार्य नहीं शुरू की जा सकी है। उन्होंने आम्रपाली व इंटर सिटी का विस्तार जोगबनी तक करने की मांग मजबूती से रखी और इन्हें व्यवस्थित करने की मांग की।
कंटेनर की ठोकर से साइकिल सवार की मौत
जोगबनी(अररिया) : जोगबनी थाना क्षेत्र के मीरगंज के निकट रविवार को तेज रफ्तार से आ रहे एक कंटेनर के ठोकर से साइकिल सवार कोल्हुआ निवासी सिकन्दर साह की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते हीं थाना अध्यक्ष ए.पाल ने कंटेनर को जब्त कर लिया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया। वहीं चालक व खलासी गाड़ी छोड़कर फरार हो गये।
जानकारी अनुसार मृतक सिकंदर अपने भाई के साथ साइकिल से बेटी के लिए लड़का देखने जा रहे थे कि मीरगंज के पास बथनाहा की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे कंटेनर ने पीछे से धक्का मार दिया जिससे वे सड़क पर गिर गये। कंटेनर उनके दायें पैर को कुचलते हुए आगे निकल गया। बुरी तरह जख्मी हालत में उसे नेपाल अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत हो गयी।
शराब कारोबारियों की आज सजेगी महफिल
अररिया : नये वित्तीय वर्ष आने से पहले ही उत्पाद विभाग द्वारा जिले के शराब दुकानों का टेंडर सोमवार को कराया जायेगा। सोमवार को जिलाधिकारी एम. सरवणन की मौजूदगी में समाहरणालय में होने वाले टेंडर में शराब कारोबारियों की महफिल सजेगी। 109 दुकान के लिए डाक में भाग लेने वालों की संख्या 1235 हो गई है। उक्त आवेदनों में से सिर्फ शुल्क के तौर पर उत्पाद विभाग को 90 लाख 56 हजार की मोटी कमाई हुई है। 109 दुकानों को तीन प्रकार में बांटा गया है। उत्पाद अधीक्षक डा. आनंद ने बताया कि पंचायत स्तरीय दुकान को कम्पोजिट के रूप में रखा गया है। वहीं प्रखंड मुख्यालय व नगर परिषद क्षेत्र के लिए भी दुकानों का टेंडर होगा। उत्पाद निरीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि अररिया नप क्षेत्र में सात देसी व 9 विदेशी दुकान हैं जबकि फारबिसगंज नप में 6 देसी, 9 विदेशी, जोगबनी नगर पंचायत क्षेत्रान्तगर्त 01 देसी व 3 विदेशी शराब दुकान के लिए डाक लगेगी। जोकीहाट प्रखंड मुख्यालय में देसी 02, विदेशी- 2, रानीगंज प्रखंड मुख्यालय में देसी 2, विदेशी- 2 दुकान है। वहीं कुर्साकांटा, पलासी, नरपतगंज, सिकटी प्रखंड मुख्यालय में एक-एक देसी व एक-एक विदेशी दुकानें संचालित है। कम्पोजिट शराब दुकान अररिया प्रखंड क्षेत्र के 9 पंचायत, पलासी के 7 पंचायत, सिकटी के चार, रानीगंज के 9, फारबिसगंज के 10, भरगामा के 7 व नरपतगंज प्रखंड के 7 पंचायत में देसी व विदेशी शराब की दुकानों के लिए सोमवार को टेंडर होगा। इधर टेंडर के लिए समाहरणालय में अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
गबन को लेकर प्रधान मौलवी पर एफआईआर का निर्देश
अररिया : जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी दिलीप कुमार को पत्र लिखकर पलासी प्रखंड अंतर्गत मदरसा रहमानियां दिघली कलियागंज न.-389 के प्रधान मौलवी पर अविलंब प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। डीएम ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि जांच के बाद यह साबित हुआ है कि प्रधान मौलवी जफर आलम व मदरसा के सचिव ने मिलीभगत कर सरकारी राशि का गबन किया है। उल्लेखनीय है कि डीईओ श्री कुमार ने उक्त मदरसा का जांच कर गबन संबंधी रिपोर्ट डीएम को सौंपा था।
पुलिस-पब्लिक बैठक में समस्याओं पर चर्चा
रानीगंज (अररिया) : रानीगंज हसनपुर पंचायत के कलावती छात्रावास प्रांगण में रविवार को पुलिस-पब्लिक बैठक आयोजित की गयी जिसमें स्थानीय कई समस्याओं पर चर्चा की गयी।
पुलिस निरीक्षक ललन पांडे एवं राज कुमार साह की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने हसनपुर पंचायत सहित रानीगंज में बिजली के हजारों उपभोक्ता रहने के बावजूद यहां किसी विद्युत कर्मी की नियुक्ति नहीं करने तथा राजस्व वसूली की कोई व्यवस्था नहीं करने पर चिंता जतायी गयी। मुख्यालय स्थित जिला परिषद के डाक बंगला के जीर्णोद्धार कराने की मांग भी बैठक में रखी गयी। पंचायत के लोगों को डीजल अनुदान की राशि तथा फसल क्षति-पूर्ति की राशि वितरण नहीं करने पर भी क्षोभ व्यक्त किया गया तथा किसानों को अविलंब दोनों लाभ प्रदान करने सहित कई मांग की गयी। पुलिस पदाधकारियों ने आगामी पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। बैठक में सत्यदेव चौधरी, जगदीश प्रसाद जायसवाल, कुलदीप सिंह, ओम प्रकाश साह, सत्य ना. साह, थानाध्यक्ष अरुण सिंह, एसआई बाल्मिकी सिंह व पंचायत के चौकीदार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
तीन लोगों ने किया विषपान
कुसियारगांव (अररिया) : अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार की संध्या एक नाबालिग समेत तीन लोगों ने विषपान कर लिया। सभी को परिजनों के द्वारा इलाज के लिए स्थानीय उप स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। मरीजों की स्थिति नाजुक देखकर चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया जहां नाबालिग की स्थिति अबतक बेहद नाजुक बनी है।
जानकारी के अनुसार कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के हलदरा निवासी रामेश्वर यादव के पुत्र राजेश कुमार यादव तथा टिलामोहन निवासी गिरजानंद सार के पुत्र गोपाल साह ने घरेलू विवाद के कारण विषपान कर लिया।
तीसरी घटना पलासी थाना क्षेत्र के चौरी गांव में घटी जहां जगदीश प्रसाद साह के 12 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार साह ने विषपान कर लिया। उसकी स्थिति नाजुक बनी है।
भक्ति से प्राप्त किये जा सकते हैं अलौकिक सुख: भागीरथ बाबा
जोकीहाट, (अररिया) प्रखंड के महलगांव पंचायत अंतर्गत टेकनी गांव में रविवार को दो दिवसीय सत्संग समारोह का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मौके पर बोलते हुए कुप्पा घाट भागलपुर से आये महर्षि मेंही के शिष्य बाबा भागीरथ व डा. विवेकानंद बाबा ने कहा कि मनुष्य ईश्वर भक्ति के माध्यम से दुनिया के सभी अलौकिक सुखों की अनुभूति कर सकता है। भक्ति के लिए गुरू की आवश्यकता होती है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को स्वामी गंगाधर जी महाराज, मोती दास जी महाराज ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक सरफराज आलम ने कहा बिहार फकीरों और ऋषि मुनियों की धरती है। गुरू के अमृत वाणी का लाभ उठाया तथा आर्शीवाद लिया। सत्संग को सफल बनाने में डा. शंभू कुमार विश्वास, श्यामसुंदर, हरिहर विश्वास, दिनेश कुमार, गंगा प्रसाद, रघु विश्वास शामिल है।
पत्नी को पीटने के बाद मरा समझ ट्रेन में छोड़ा
कुसियारगांव (अररिया) : जब सहारा देने वाले की ही नीयत खराब हो जाये तो फिर उपर वाले का ही आसरा रह जाता है। रानीगंज थाना क्षेत्र के रूपैली गांव की एक विवाहिता की भी जान ऊपर वाले की कृपा से बच पायी है। उसके पति ने ही मायके ले जाने के बहाने पहले जोगबनी ले गया जहां बुरी तरह उसकी पिटाई की फिर बेहोश होने पर मरा समक्ष ट्रेन में छोड़कर फरार हो गया। शुक्रवार की शाम जब पति सज्जाद जब पत्नी बीबी गुलशन आरा को मरा समझ कर वहां से चला गया तब ट्रेन खुली।
इस संबंध में पीडि़ता के पिता जब्बार नादाफ ने बताया कि जब ट्रेन जोगबनी से खुली तो अहिस्ता-अहिस्ता गुलशन की बेहोशी खत्म होने पर यात्री से सहयोग से वह अररिया आरएस रेलवे स्टेशन पर उतर गयी और रिक्शा वाले की मदद से अपने ससुराल चली गयी। वहीं सास व ससुर मो. ताहिर के मदद से निजी तौर पर इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। बाद में उसे रविवार को सदर अस्पताल अररिया में भर्ती करवाया गया जहां उसकी की स्थिति नाजुक बनी है।
इंटरमीडीएट परीक्षा के लिए बनाये गये 11 परीक्षा केंद्र
अररिया : बिहार परीक्षा समिति द्वारा ली जाने वाली इंटरमीडीएट की परीक्षा आठ मार्च से आरंभ होगी। इस बार परीक्षा के लिए कुल ग्यारह परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। जिसमें अररिया के पांच व फारबिसगंज अनुमंडल में कुल छह केंद्र बनाये गये है। आठ मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा में इस बार 10291 छात्र भाग लेंगे। जिसमें सबसे अधिक कला विषय के 6907 छात्र हैं। जबकि विज्ञान के 2465 तथा 919 कामर्स के परीक्षार्थी होंगे। अररिया के पांच केंद्रों पर 4629 छात्रों व फारबिसगंज के छह केंद्रों पर 5659 परीक्षार्थी का केन्द्र बनाया गया है। बोर्ड द्वारा स्वीकृत सूची के अनुसार अररिया के महिला कालेज में 438, हाईस्कूल में 1229, आजाद एकेडमी में 938, पिपुल्स कालेज में 980 तथा गर्ल्स हाई स्कूल में 1044 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं फारबिसगंज के फारबिसगंज कालेज में 1581, ली एकेडमी में 1173, जेडीएसएस महिला मालेज में 807, बीडीजी बालिका उवि में 888, थाना मध्य विद्यालय में 615 तथा गर्ल्स मवि में 595 परीक्षार्थी का केन्द्र निर्धारित किया गया है। अररिया कालेज के छात्रों का फारबिसगंज कालेज तथा फारबिसगंज कालेज के छात्रों का वहीं थाना मवि में केन्द्र दिया गया है। इधर डीईओ दिलीप कुमार ने बताया कि सभी केन्द्राधीक्षकों को कापी उपलब्ध करा दिया गया है।
ट्रेन से गिर कर वृद्ध की मौत
जोगबनी (अररिया) : जोगबनी स्टेशन पर 55738 डाउन सवारी गाड़ी पर चढ़ने के क्रम में एक वृद्ध के गिर जाने से उसकी मौत रविवार को हो गयी। मृतक की पहचान अररिया वार्ड सं. आठ निवासी पृथ्वीचन्द शर्मा (मुंशी) के रूप में की गई है। जानकारी अनुसार मृतक शर्मा किसी कार्य वश जोगबनी आये थे। वे लौटने के क्रम में ट्रेन के खुलने के बाद दौड़ कर पकड़ने के क्रम में फिसल गये और ट्रेन के साथ घिसटाते हुए प्लेटफार्म पर थोड़ी दूर तक चले गये जिस कारण उसकी मौत हो गयी। जी आरपी शव को अपने कब्जे ले उनके परिजनों की सूचना दे दी है।
तालिम के बिना मंजिल पाना मुश्किल: सरफराज
जोकीहाट(अररिया) : तालिम के बगैर इंसान मंजिल तक नहीं पहुंच सकता है, सिर्फ शिक्षा को तवज्जो नहीं देने के कारण जोकीहाट में गरीबी और बेरोजगारी छायी है। यह बातें जोकीहाट विधायक सरफराज आलम ने रविवार को चौकता पंचायत के नुरूल होदा, मछेला तथा केलाबाड़ी मदरसा में छात्र छात्राओं के बीच साइकिल राशि वितरण के दौरान कही। उन्होंने खासकर लड़कियों के शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात मदरसा स्कूल के शिक्षकों तथा अभिभावकों को कही। सभा को संबोधित करने वालों में मदरसा सदर अब्दुल बहाव, मास्टर फकीर मोहम्मद, हेड मौलवी मौलाना फैयाज अहमद शामिल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता फकीर मोहम्मद ने किया। इस दौरान कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि रफीक आलम, मो. वाजुद्दीन, अबुजर मुखिया संजय यादव, मुअज्जम अंसारी, मंजूर आलम, तबारक, महबूब आलम समेत मदरसा के छात्र-छात्राएं व ग्रामीण उपस्थित थे।
आग से पांच लाख से अधिक की संपत्ति राख
सिकटी(अररिया) : प्रखंड के बेलवारी गांव में रविवार की दोपहर एक बजे अचानक लगी आग से छह परिवारों के नौ घर जलकर राख हो गये। अग्निकांड में घर में रखे सभी सामान भी जलकर राख हो गये। इस घटना में चार से पांच लाख रूपये के नुकसान बताया जाता है। जानकारी अनुसार फेंके गये घर के राख से पुआल के ढेर में आग पकड़ लिया जिसकी लपटें विजय ठाकुर, नरेश ठाकुर, रामनारायण ठाकुर, जयराम ठाकुर, महेश ठाकुर एवं राजशंकर ठाकुर के घर को चपेट में ले लिया। घटना के वक्त घर के सभी पुरूष सदस्य खेत में काम कर रहे थे, वहीं महिलाएं साक्षरता की महापरीक्षा देने के लिए बाहर गयी हुई थी जिसके चलते घर का सामान बाहर नहीं निकाला जा सका। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया जिससे अन्य घर को जलने से बचाया जा सका। घटना की सूचना पाकर अंचल निरीक्षक दिलीप कर्ण, अंचलाधिकारी श्रीराम सिंह ने घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवारों की सूची तैयार की एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों को तत्काल प्रखंड मुख्यालय आकर प्लास्टिक एवं खाने का अनाज लेने का निर्देश दिया। वहीं जोकीहाट निप्र के अनुसार प्रखंड के केसर्रा गांव में रविवार को लगी अचानक आग में उदनलाल पंडित, राहुल ऋषिदेव, बदरी पंडित के घर जलकर राख हो गये। इस घटना में चावल गेहूं सहित लगभग पचास हजार की संपत्ति जलकर नष्ट हो गये। सरपंच मास्टर यासीन, नागेश्वर पासवान, विपिन मांझी, सईद अनवर ने अग्निपीड़ितों को राहत एवं इंदिरा आवास देने की मांग जिला प्रशासन से की है।
ट्रैक्टर चालक के विरूद्ध प्राथमिकी
कुर्साकाटा, (अररिया) : महाशिवरात्रि के अवसर पर सुंदरनाथ धाम जाने के क्रम में एक ट्रैक्टर चालक द्वारा खेसरैल निवासी विनोद मंडल की पांच वर्षीय पुत्री की ठोकर लगने से मृत्यु हो जाने के बाद मृतक बच्ची का संबंधी भुतहा वोकंतरी, सिकटी निवासी छोटे लाल मंडल की पत्नी भोली देवी ने ट्रैक्टर चालक के विरूद्ध कुआड़ी ओपी थाना कुर्साकाटा में कांड संख्या 25/2011 दर्ज किया है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा। पुलिस बीआर 11/3047 नंबर के ट्रैक्टर को अपने कब्जे में कर लिया है। आवेदिका ने ट्रैक्टर चालक द्वारा लापरवाही एवं तेज गति से गाड़ी चलाने को लेकर घटना का कारण बताते हुए उनके विरूद्ध कार्यवाही की मांग की गयी है।
भीषण अग्निकांड में तीन दर्जन घर राख
अररिया : अररिया प्रखंड के कोशिकीपुर गांव में रविवार को लगी भीषण आग में तीन दर्जन से अधिक घर व कई मवेशी जलकर राख हो गये। अगलगी में करीब दस लाख से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशामक दस्ता व बैरगाछी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा संध्या तक आग पर काबू पाया। वहीं आसपास के ग्रामीण भी आग बुझाने में लगे रहे थे।
मिली जानकारी अनुसार दिन के करीब डेढ़ बजे इब्राहीम टोला निवासी मास्टर जाहिद के घर से आग की लपटें उठी तथा देखते ही देखते पूरे गांव को अपने चपेट में ले लिया। उस समय गांव के अधिकांश पुरूष बगल के मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे। आग उठते ही पहले आसपास के एक दर्जन से अधिक घरों को अपने चपेट में लिया। इसी बीच तेज पछुवा हवा आग को और भी बेकाबू कर दिया। इसके बाद आग और भड़क उठी तथा सड़क पार कर करीब आधा दर्जन से अधिक घरों को लपेट लिया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि लोग अपने अपने घरों के फर्नीचर, अनाज एवं अन्य सामान घर से बाहर नहीं निकाल पाये। ग्रामीणों के अनुसार इस अग्निकांड में पीड़ितों के घरों मे रखे चावल, गेहूं, पटुआ, बर्तन, कपड़ा व कीमती लकड़ी व नकदी आदि जलकर नष्ट हो गये। बताया जा रहा है कि सबसे अधिक क्षति मास्टर जाहिद एवं जुम्मन की हुई है। जुम्मन की एक गाय भी जलकर मर गयी। अब्बास के सात पुत्रों में साजिद, खालिक, बारिक, इम्तियाज, माजिद, रिजवान एवं शिक्षक जाहिद के दो दो घर जल गये। इसके बाद हाजी मंसूर, हाजी मैनुतुल्लाह, रहमतुल्लाह, अब्दुल्लाह, परवेज, आदिल के भी सभी घर जलकर राख हो गये। ग्रामीणों के अनुसार आग में करीब दस लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
बिजली की अनियमित आपूर्ति से उपभोक्ताओं में आक्रोश
कुर्साकाटा(अररिया) : प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली की अनियमित आपूर्ति से उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। बिजली की समस्या को लेकर कुर्साकाटा प्रखंड भाजपा अध्यक्ष चिंतलाल मंडल के अलावा दिलीप कुमार झा, जितेन्द्र मिश्र व इंद्र प्रसाद यादव, हरि सिंह, सियाराम यादव मुहम्मद जावेद आदि ने कहा कि अगर बिजली की आपूर्ति ठीक नहीं हुई तो वे लोग सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। उपभोक्ताओं ने पहुंसी, लैलोखर, मधुबनी, हरिपुर, विसनपुर सहित अन्य क्षेत्रों को कुर्साकाटा व कुआड़ी बिजली लाइन से जोड़ने की मांग की है।
पंचायत चुनाव: संवीक्षा का कार्य जारी
कुर्साकांटा (अररिया) : प्रथम चरण में 20 अप्रैल से होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पुरी किये जाने के बाद संवीक्षा का कार्य जोर-शोर से किया जा रहा है। वहीं मत पेटियों को दुरुस्त करने का काम प्रखंड कार्यालय परिसर में किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि राज्य सरकार ने 20 अप्रैल से 18 मई तक दस चरणों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने का निर्णय लिया है। प्रथम चरण के तहत कुर्साकांटा प्रखंड में 20 अप्रैल को चुनाव होना है। मुखिया, सरपंच, समिति सदस्य, बोर्ड सदस्य, पंच सदस्य एवं जिला परिषद कुल छ: पदों के लिए होने वाले मतदान के लिए प्रखंड में 175 बूथ बनाये गये हैं। मुखिया के 13 पदों के लिए 138, समिति सदस्य के 18 पद के लिए 184 सरपंच के 13 पद के लिए 71 वार्ड सदस्य 175 पद के लिए 652 एवं पंच सदस्य के 175 पद के लिए 265 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किये हैं। वहीं जिला परिषद भाग 13 से 17 एवं भाग 14 से 9 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किये हैं। संवीक्षा का कार्य 7 मार्च तक पुरा कर लिये जायेंगे उक्त आशय की जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्र. निर्वाची पदा. पृथ्वीनाथ पांडेय ने बताया कि प्रत्याशियों द्वारा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 मार्च को निर्धारित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि शांति पूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक उपाय किये जा रह हैं।
ओम शांति के जयकारा के साथ निकली शांति पद यात्रा
फारबिसगंज(अररिया) : ब्रह्मा कुमारी राजयोग गीता पाठशाला के तत्वावधान में संगठन के 75 वीं वर्षगांठ व महाशिवरात्रि के चौठारी पर रविवार को नगर में शांति पद यात्रा निकाली गयी। लाल एवं सफेद वस्त्र धारण किये महिला पुरूष श्रद्धालुओं ने सर पर कलश लिये एवं ओम शांति के नारों के साथ शहर के विभिन्न मार्गो का भ्रमण किया। इस मौके पर शिव पार्वती के रूप धारण कर झांकी भी निकाली गयी। शिव पार्वती बने महिला पुरूष तथा पद यात्रा में सफेद वस्त्रों में सबसे आगे चल रही छोटी छोटी बच्चियां आकर्षण का केंद्र रही। पद यात्रा में गीता पाठशाला के पूर्वाचल की संचालिका गीता दीदी सहित फारबिसगंज विधायक पदम पराग राय वेणु तथा नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी शामिल हुई। विधायक श्री वेणु ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महिलाओं को कलश प्रदान कर कार्यक्रम की शुरूआत की। छुआपट्टी स्थित गीता पाठशाला केंद्र में स्तुति गान तथा दीप माला का आयोजन किया गया। पद यात्रा में रूकमा दीदी, सीता दीदी, कविता दीदी, रोमा, कंचन, रेखा, मृदुला, सुनीता, अर्चना, श्वेता, ज्योति, अशोक, कुलानंद, अजातशत्रु अग्रवाल, डा. सुमन आदि शामिल थी।
जिप सदस्य पद के लिए तीन नामांकन
अररिया : दूसरे चरण के पंचायत चुनाव को लेकर सिकटी प्रखंड अंतर्गत जिला परिषद सदस्य पद के लिए शनिवार को तीन प्रत्याशियों ने नामजदगी का पर्चा दाखिल किया है। अनुमंडल सहायक निर्वाची पदाधिकारी देवेन्द्र राम के अनुसार शनिवार को सिकटी के अनुसार शनिवार को सिकटी के क्षेत्र सं. 15 जिप सदस्य पद के लिए करुणा देवी, आशा देवी, तथा क्षेत्र सं. 16 के लिए बुचनी देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया गया है। वहीं शुक्रवार को क्षेत्र सं.-15 जिप सदस्य पद के लिए कविता देवी, बालो देवी, रासो देवी व सुधा भारती ने नामांकन दाखिल किया था।
दुर्घटना में दो जख्मी
फारबिसगंज : फारबिसगंज-जोगबनी मार्ग पर बथनाहा में रविवार को एक टैंकलारी की ठोकर से साइकिल सवार दो व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गये। घायल पिपरा निवासी सिकंदर साह तथा बरदाहा निवासी सुखी लाल को गंभीर हालत में फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सुखी लाल को बेहतर इलाज के लिए विराटनगर भेज दिया गया है।
Subscribe to:
Posts (Atom)










