सिकटी : पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। गुरूवार को विभिन्न पदों के लिए 141 नामांकन दाखिल हुए। जिसमें पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 28, मुखिया पद के लिए 19, सरपंच के लिए 9, वार्ड सदस्य के लिए 88 एवं कचहरी पंच के लिए 20 अभ्यर्थियों द्वारा पर्चे दाखिल किये गये। आज पर्चा दाखिल करने वालों में निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य परमानंद बैठा, अजीमुद्दीन, नसीमा खातून, शमशां खातून, जैगुन निशां, निवर्तमा मुखिया मुरारीपुर नारायण सिंह, पड़रिया के निवर्तमान मुखिया नजमा खातून, खोरागाछ के निवर्तमान मुखिया आमनूर खातून, पैक्स अध्यक्ष बदरूद्दीन, निवर्तमान सरपंच असथिर लाल मंडल, मंजूर आलम सहित कौआकोह से मुखिया पद से मंजूला देवी, बरदाहा से रूखसाना बेगम सहित अन्य ने नामांकन दाखिल किया। मौके पर निर्वाची पदाधिकारी भूमि सुधार उप समाहर्ता अररिया तौकीर अकरम, बीडीओ त्रिपुरारी शर्मा, सीओ श्रीराम सिंह, बीएओ अनिल कुमार, बीसीओ वीरेन्द्र कुमार, कनीय अभियंता गौतम कुमार तिवारी द्वारा नामांकन पत्र प्राप्त किया गया।
Friday, March 4, 2011
गाजे बाजे के साथ निकली बाबा भोले की बारात
रानीगंज(अररिया) : महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के शिवालयों में बुधवार की रात्रि बाबा भोले नाथ की बारात गाजे बाजे के साथ निकाली गयी तथा विशेष पूजा अर्चना की गयी। बसैटी मठ, रानीगंज, खरसाही, कालाबलुआ, परसाहाट, परिहारी, गुणवंती आदि सभी जगहों पर भोले नाथ की बारात गाजा बाजा के साथ निकली। फिर शिवालय में मैया पार्वती के संग महादेव के विवाह रस्म की अदायगी हुई। वहीं प्रखंड के खरसाही गांव के शिव मंदिर में हर हर महादेव के साथ साथ महंथ बाबा की भी जयकार लगाया गया। मंदिर परिसर में ही एक ओर बाबा की समाधि स्थल बनी है जहां सैकड़ों वर्ष पूर्व समाधि ले चुके महंत बाबा का त्रिशूल, कमंडल व चिमटा आज भी पड़ा है। गुरूवार को भी देर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
Thursday, March 3, 2011
श्रद्धालुओं ने निकाली शांति पद यात्रा
अररिया : महाशिवरात्रि के अवसर पर बुधवार को हर-हर महादेव के जय घोष के साथ प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी राजयोग गीता पाठशाला अररिया आरएस के तत्वावधान में शांति पद यात्रा निकाली गयी। बीके उर्मिला बहन के नेतृत्व में निकाली गयी पदयात्रा ने शहर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण किया तथा शिव संदेश दिये।
इस अवसर पर महाशिव रात्रि पर्व पूरे भक्ति भाव से मनाया गया। शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही तथा श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जल व दूध से जलाभिषेक किया। भांग, धतूरा, बेर, बेलपत्र व पुष्प आदि अर्पित कर लोगों ने मंगल कामना की। शांति पद यात्रा में मोहिनी देवी स्कूल के डायरेक्टर संजय प्रधान, अमरेन्द्र गुप्ता, शकुन्तला बहन, ज्योति बहन, किरण बहन, संजय भाई, राजमुनि साह, विलास गुप्ता, विजय सिंह सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
डीएम तक नहीं पहुंचा लोक अभियोजक नियुक्ति से संबंधित पत्र
अररिया : जिले में माफिया की पकड़ कितनी मजबूत है इसका अंदाजा इस बात से किया जा सकता है कि सरकार से जिलाधिकारी को भेजा गया पत्र भी रास्ते में ही रूक जाता है। बिहार सरकार के विधि विभाग से सरकार के संयुक्त सचिव ओमप्रकाश सिंह द्वारा हस्ताक्षरित पत्र दो माह बाद भी जिलाधिकारी अररिया को नहीं मिल पाया है।
इस बात का खुलासा तब हुआ जब ज्ञापांक- 73 जे. 05 जनवरी वाले पत्र की छाया प्रति जब डीएम के समक्ष लाया गया तो वे खुद हैरान रह गये। हालांकि विधि प्रशाखा के कर्मियों ने भी डीएम के समक्ष स्वीकार किया कि पत्र की मूल प्रति उन तक नहीं पहुंची है। उक्त पत्र में संयुक्त सचिव ने लोक अभियोजन की नियुक्ति के लिए ग्यारह योग्य अधिवक्ताओं के नामों की अनुशंसा करने का निर्देश दिया है। पत्र के अनुसार वर्तमान लोक अभियोजन का कार्यकाल 2 मार्च को समाप्त हो गया है। पत्र में यह भी दर्ज है कि सीआरपीसी की धारा 24 (4) एवं पीमी मैनुअल की धारा 138 के अनुरूप डीएम जिला एवं सत्र न्यायाधीश पूर्णिया से परामर्श कर ग्यारह योग्य व वरिष्ठ वकीलों के नामों की अनुशंसा करें। डीएम एम सरवणन ने गुरुवार को बताया कि अधिवक्ताओं का पैनल एक सप्ताह के भीतर विभाग को भेजा जायेगा। उन्होंने इसमें पूरी पारदर्शिता बरतने की बात भी कही है। उन्होंने विधि प्रशाखा के उप समाहर्ता प्रभारी विजय कुमार सिंह को शीघ्र संचिका प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
महिला झुलसी, पति जख्मी
कुसियारगांव (अररिया) : अररिया रहिका टोला में गुरुवार को खाना बनाते वक्त साड़ी में आग लग जाने से सुरेन मलिक की पत्नी सीमा देवी बुरी तरह झुलस गयी। उसे बचाने के क्रम में उसका पति भी जख्मी हो गया। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। लेकिन स्थिति गंभीर देख चिकित्सक डा. कुमार आनंद ने सीमा को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
पंचायत चुनाव : 1310 लोगों ने किया नामांकन
कुर्साकाटा, (अररिया) : प्रथम चरण के तहत 20 अप्रैल को होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर प्रखंड के तेरह पंचायतों में 294 पदों के लिए 1310 लोगों ने अपने पर्चे दाखिल किये।। कुर्साकांटा पंचायत में मुखिया पद से 8 सरपंच 7 वार्ड सदस्य 78 समिति सदस्य 24 पंच सदस्य पद से लोगों ने पर्चे दाखिल किये। लैलोखर पंचायत में मुखिया पद से 6, सरपंच 4, पंच समिति सदस्य 5, वार्ड सदस्य 41। कुआड़ी पंचायत से मुखिया 8, सरपंच 6, पंच वार्ड सदस्य 48, समिति सदस्य 7। पहुंसी पंचायत से मुखिया 9, सरपंच 4, समिति सदस्य 13, वार्ड सदस्य 54, पंच सदस्य। कमलदाहा पंचायत मुखिया 12, सरपंच 8, समिति सदस्य 26, वार्ड सदस्य 50,पंच सदस्य। जागीर परासी से मुखिया 15, सरपंच 9, पंच वार्ड सदस्य 48, समिति सदस्य 16। सौरगांव पंचायत से मुखिया 7, सरपंच 3, वार्ड सदस्य 29, समिति सदस्य 8, पंच स.। हरीरा पंचायत से मुखिया 6, सरपंच 6, समिति सदस्य 10, वार्ड सदस्य 42, पंच स.। सिकटिया से मुखिया 10, सरपंच 7 समिति सदस्य 10 वार्ड सदस्य 51 वार्ड सदस्य। रहटमीना से मुखिया 9 सरपंच 5 समिति सदस्य 28 वार्ड सदस्य 55 पंच सदस्य, शंकरपुर से मुखिया 12 सरपंच 4 समिति सदस्य 9 वार्ड सदस्य 50 पंच सदस्य। डुमरिया से मुखिया 12 सरपंच 3 समिति सदस्य 16 वार्ड सदस्य 54 पंच सदस्य, लक्ष्मीपुर पंचायत से मुखिया 14 सरपंच 5 समिति सदस्य 12 वार्ड सदस्य 54 एवं पंच सदस्य के लिए लोगों ने अपने अपने पर्चे दाखिल किये। इस प्रकार सभी पदों से 294 पदों पर कुल 1310 लोगों ने पर्चे दाखिल किये। प्रखंड के तेरह पंचायत में 265 लोगों ने पंच सदस्य के लिए नामांकन दर्ज किया है।
अनियंत्रित वैन दुकान में घुसा, बालक की मौत
फारबिसगंज (अररिया) : शहर के काली मेला रोड स्थित मंदिर के सामने गुरुवार को एक अनियंत्रित मारुति वैन सड़क किनारे स्थित एक चाय-नास्ते की दुकान में घुस गया जिससे कुचल कर दुकान में बैठा एक बारह वर्षीय बालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृतक फारबिसगंज प्रखंड के हलहलिया लहसनगंज निवासी गणेश भगत का पुत्र चंदन कुमार था। दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया। लेकिन वाहन में बैठे एक अन्य युवक को स्थानीय लोगों ने अपने कब्जे में ले लिया। बाद में घटना स्थल पर पहुंची फारबिसगंज थाना की पुलिस ने जब आशीष कुमार नामक उस युवक को छुड़ाना चाहा तो आक्रोशित लोगों से उसकी तीखी झड़प भी हो गई।
लोगों ने पुलिस जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आक्रोशित लोग पकड़े गये युवक को सौंपने की मांग कर रहे थे। बाद में कुछ स्थानीय लोगों के सहयोग से आक्रोशित लोगों को शांत किया गया। मृतक के परिजनों को गांव से बुला लिया गया है। जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया गया है।
बैंक लूट का आरोपी निकला दरोगा का हत्यारा
अररिया : हरदार बैंक लूट कांड के आरोपी बदमाश अनमोल यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। बताया जा रहा है कि मधेपुरा जिला के बनमनखी निवासी अनमोल यादव वर्ष 2000 में सरसी थानाध्यक्ष राजीव कुमार नयन की हत्या गोली मारकर कर दी थी। जब वह अपराधियों के विरूद्ध छेड़े गये अभियान के दौरान गश्ती में था। जानकारी अनुसार सरसी थाना कांड संख्या 61/2000 में थानाध्यक्ष के हत्या के आरोपी में अनमोल यादव नामजद अभियुक्त है इसकी तलाश पुलिस को कई वर्षो से थी। थानाध्यक्ष के हत्या में धराये बदमाश ने अररिया पुलिस कप्तान के समक्ष अपनी संलिप्तता स्वीकार भी की है। बनमनखी सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार यह घटना तब घटी थी जब सरसी थाना क्षेत्र में अपराधियों का वर्चस्व कायम था। अपराधियों के वर्चस्व पर लगाम लगाने के लिए थानाध्यक्ष ने अभियान छेड़ रखी थी। रात में जब वे गश्ती के लिए निकले तो घात लगाये बदमाशों ने उन पर गोली चला दी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार दरोगा हत्या कांड के नामजद अभियुक्त बनने के बाद उसने कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था।
उद्भेदन में शामिल पुलिस कर्मी होंगे सम्मानित
अररिया, सं: हरदार बैंक लूट कांड का उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी में शामिल सभी पुलिस कर्मी सम्मानित किये जायेंगे। ये बातें पुलिस कप्तान गरिमा मल्लिक ने गुरुवार को पत्रकारों से कही। उन्होंने बताया कि महज नौ दिन के अंदर जिस प्रकार उनकी पुलिस घटना के उद्भेदन में काम किया है वे निश्चय ही सराहनीय है।
एसपी श्रीमति मल्लिक ने बताया कि पुलिस कर्मियों को सम्मानित करने के लिये उनकी वार्ता डीजीपी से भी हो चुकी है। जल्द ही इन्हें विभागीय स्तर से सम्मानित किया जायेगा। मौके पर आरक्षी निरीक्षक अनिल कुमार, थानाध्यक्षों में नगर के राम शंकर सिंह, पलासी के राम विलास सिंह, रानीगंज के अरुण सिंह, जोकीहाट के मो. जुल्फिकार समेत बैरगाछी सिकटी एवं अन्य पुलिस बल मौजूद थे।
बैंक लुटेरा कलुआ पहले करता था साइकिल चोरी
अररिया : साइकिल चोरी करते-करते बैंक लुटेरा बन गया नजमूल उर्फ कलुआ। बैंक डकैती कांड में शामिल कलुआ को पुलिस ने छापामारी के दौरान उनके गांव से गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी से पूर्व वह चार साल से गांव से बाहर था। इन दिनों में वह कहां था और किन-किन घटनाओं को अंजाम दिया पुलिस इसकी तहकीकात कर रही है। लेकिन स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार साढ़े चार साल पूर्व गांव में वह साइकिल चोरी करता था। साइकिल चोरी के दौरान ग्रामीणों ने उसे दबोचा था तथा उसकी जमकर पिटायी हुई थी। इसके बाद वह गांव छोड़कर भाग गया था। इतने दिनों बाद फिर उसकी गिरफ्तारी से ग्रामीण स्तब्ध हैं कि आखिर साइकिल चोर कलुआ बैंक लुटेरा कैसे बन गया।
इंटरमीडिएट की परीक्षा शांतिपूर्ण
फारबिसगंज, (अररिया) : सीबीएसई द्वारा आयोजित इंटर परीक्षा के दूसरे दिन गुरूवार को अनुमंडल में बनाये गये दो परीक्षा केंद्रों पर बिजनेस स्टडी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में ली गयी। जानकारी अनुसार परीक्षा केंद्र रानी सरस्वती विद्या मंदिर में 71 परीक्षार्थियों में आज चार अनुपस्थित रहे जबकि एमपीएस में 22 में तीन अनुपस्थित रहे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए पुलिस जवान के साथ साथ केंद्र दंडाधिकारी एवं केंद्राधीक्षकों को प्रतिनियुक्त किया गया है।
अलग-अलग ट्रैक्टरों ने ली दो की जान
पलासी/ कुर्साकाटा (अररिया) : पलासी और कुर्साकाटा प्रखंड क्षेत्र में गुरूवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला व एक बच्ची की मौत हो गयी है। वहीं एक बच्ची जख्मी है जिसका इलाज पलासी पीएचसी में चल रहा है।
पलासी प्रखंड के हसनपुर-गड़हरा मार्ग पर गुरूवार को धपहड़ र्इंट भट्टा के समीप एक टै्रक्टर की चपेट में आने से चौरी गांव निवासी अछत लाल मालाकार की पत्नी जितनी देवी की मौत हो गयी जबकि उसकी सात वर्षीय पुत्री भी जख्मी हो गयी। घायल बच्ची ज्योति को इलाज पीएचसी में कराया जा रहा है। वह किशनगंज जिला के कोचगर पदमपुर स्थित अपने मायके जाने के लिए तीन बच्चों के साथ निकली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। ड्राइवर गाड़ी सहित भागने में सफल रहा है।
उधर, कुर्साकाटा से जाटी के अनुसार सुंदरनाथ मंदिर के पास खेसरैल निवासी विनोद कुमार मंडल की सात वर्षीय पुत्री रूबी कुमारी की मौत टै्रक्टर से ठोकर लगने से हो गयी। जानकारी अनुसार रूबी अपने मौसा और मौसी के साथ सुंदर नाथ जा रही थी कि मंदिर से करीब पांच सौ फीट पूरब सड़क पर जा रहे एक तेज गति ट्रैक्टर ने ठोकर मार दी जिससे घटना स्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर कुर्साकाटा कुआड़ी एवं सोनामनी थाना पुलिस व बीडीओ घटना स्थल पर पहुंचे और शव को अन्त्य परीक्षण के लिए अररिया भेज दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा। जबकि ट्रैक्टर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
शीघ्र पकड़े जाएंगे बचे अपराधी : एसपी
अररिया : हरदार बैंक लूट कांड के उद्भेदन के बाद अररिया के पुलिस कप्तान गरिमा मल्लिक ने गुरुवार को पत्रकारों से बताया कि लूटी गयी 15 लाख में 1.25 रुपये की बरामदगी हो गयी है। शेष रुपये की बरामदगी भी जल्द ही कर ली जायेगी। श्री मती मल्लिक ने बताया कि लूट कांड के उद्भेदन में शामिल सभी पुलिस कर्मी सम्मानित किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल चार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी केलिए पुलिस का छापामारी अभियान जारी है। जब तक शेष राशि की बरामदगी नही हो जाती है तब तक छापामारी अभियान जारी रहेगा। एसपी श्रीमति मल्लिक ने बताया कि घटना के बाद चलाये जा रहे छापेमारी अभियान में ग्रामीणों का भी पूर्ण सहयोग मिल रहा है। बीते बुधवार को नजमूल उर्फ कलुआ की गिरफ्तारी में ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय रहा है।
बिना पुर्जा के दवा देने वाली दुकानों के लाइसेंस होंगे रद : डीएम
अररिया : जिला पदाधिकारी एम सरवणन का आपरेशन अस्पताल नामक कार्यक्रम लगातार जारी है। पिछले 10 दिनों में सदर अस्पताल का तीन दिन निरीक्षण करने के बाद वे बुधवार को एक बार फिर सदर अस्पताल पहुंचे। आज उनका ध्यान सिर्फ अस्पताल परिसर तक ही सीमित नहीं था, बल्कि अस्पताल के बाहर शहर के दवाई दुकानों पर अगली कार्रवाई करने की तैयारी। डीएम ने सदर अस्पताल परिसर में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक किया। इस बैठक में सिर्फ दवाई दुकान के मुद्दे पर ही चर्चा की गई। बैठक के दौरान उन्होंने सिविल सर्जन को दवा दुकानदारों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक निर्देश देने को कहा। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी दवा दुकानदार बिना पुर्जा व प्रिस्क्रीप्शन के दवाई देगा उसका लाइसेंस रद कर दिया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ड्रग इंस्पेक्टर को सूचित कर शीघ्र अररिया बुलावें अन्यथा उनके विरुद्ध विभाग को पत्र लिखा जायेगा। बैठक में मौजूद सदर एसडीओ को डीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि ड्रग इंस्पेक्टर के साथ दवाई दुकानों पर छापा मारी अभियान चलाकर जांच कर रिपोर्ट दें। श्री सरवणन ने बताया कि आपरेशन अस्पताल के तहत अब गड़बड़ी करने वाले दवाई दुकानों पर कार्रवाई की जायेगी। बैठक में राच्य स्वास्थ्य समिति से आये समन्वयक ने भी माना कि ड्रग इंस्पेक्टर का कमीशन बना होता है, जिस कारण वे कम आते हैं। मौके पर सिविल सर्जन डा. सीके सिंह, सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार, स्टेट समन्वयक रामजतन, डीपीएम रेहान अशरफ, डा. हुस्नआरा वहाज, डा. एसके सिंह आदि मौजूद थे।
विद्युत उपभोक्ताओं ने किया बिल के भुगतान से इनकार
जोगबनी (अररिया) : अनियमित विद्युत आपूर्ति एवं बिल वितरण में अनियमितता के विरोध में जोगबनी के विद्युत उपभोक्ताओं ने बिल भुगतान का बहिष्कार करते हुए विद्युत विभाग के विरोध में नारेबाजी की। विद्युत बिल भुगतान का बहिष्कार कर रहे उपभोक्ता विजय श्रीवास्तव ने कहा कि जोगबनी वासी को न तो नियमित बिजली मिलती है और न ही समय पर बिल प्राप्त होता है। साथ ही एक ही दिन में बिल का भुगतान करने को कहा जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जोगबनी को वाया नेपाल बिजली मिलती थी। लेकिन अब जोगबनी अंधेरे में डूबा रहता है। उन्होंने कहा कि जब तक नियमित बिजली एवं नियमित बिल वितरण सुचारू नहीं होता है बिल जमा नहीं होगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में शिवाकांत ठाकुर, सुशील व नीरज साह सहित बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता मौजूद थे।
पीएचसी: पदस्थापित चार चिकित्सकपर मिलते एक भी नहीं
नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का बुरा हाल है। कहने को इस पीएचसी में चार डाक्टर पदस्थापित हैं, लेकिन एक मात्र डा. योगेन्द्र सिंह के भरोसे पर टिका है यह अस्पताल। डा. निलेश प्रधान चार माह के लिए प्रसव के विशेष ट्रेनिंग में गए हैं। वहीं डा. अली वडा. नाजीम सिद्दीकी प्राय: छुट्टी पर रहते हैं।
29 पंचायतों से घिरे इस क्षेत्र में इस प्रा. स्वास्थ्य केन्द्र में अकसर देखा जा सकता है कि डाक्टर के जगह कम्पाउंडर ही दवा लिखते हैं। वहीं महिला चिकित्सकों की कमी से प्रसव में काफी परेशानी होती है। बताया गया है तीन वर्ष पूर्व डा. रेशमा अली के स्थानान्तारण के बाद किसी महिला डाक्टर का यहां पदस्थापन नहीं हुआ है। वहीं अस्पताल में जीवन रक्षक दवाई की कमी रहती है। कुत्ते काटने की दवा, कपशीरप, कालाजार की दवा आदि बार-बार लिखने के बावजूद अररिया के पदाधिकारी ध्यान नहीं देते हैं। वहीं नरपतगंज क्षेत्र के उपस्वास्थ्य केन्द्र पर आयुष डा. भी अक्सर गायब रहते हैं।
महाशिवरात्रि पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
अररिया : महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा भोले व मैया पार्वती का दरबार फिर सजा। इस दरबार में लाखों लोगों ने हाजिरी लगाई और बाबा से अपनी समृद्धि व सलामती की दुआ मांगी।
जिले के सुंदरी मठ स्थित बाबा सुंदर नाथ के दरबार में भारत व नेपाल के एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे व बाबा का जलाभिषेक किया।
इस मौके पर सुंदरी में मेला भी लगा है तथा लोग नेपाल की पहाड़ियों से बिक्री को आने वाली वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं।
सुंदरी में नेपाल से आये श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देख कर यही प्रतीत हुआ कि राजनीति की 'तलवार' भले ही दोनों देशों को अलग रखती हो संस्कृति हर वक्त एक 'ढाल' की तरह उन्हें जोड़ कर रखती है।
शिवरात्रि के मौके पर बाबा पर जलाभिषेक करने वालों में भाजपा विधायक आनंदी यादव, पूर्व सांसद सुकदेव पासवान, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंहा आदि प्रमुख थे।
अररिया से संसू के अनुसार
महाशिवरात्रि के मौके पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जिले के बाबा मदनेश्वर धाम, बाबा सुंदर नाथ, बाबा खड़गेश्वर नाथ, सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी, बाबा जलेश्वर नाथ बसैटी के शिव मंदिर व जहानपुर शिव मंदिर में भक्तों की काफी भीड़ देखी गई। अहले सुबह से ही महिला, पुरुष, बच्चे पूजा अर्चना के लिए लाइन में खड़े हो गये। बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर कोई दूध का अर्पण कर रहा था तो कोई गंगाजल चढ़ा रहा था। सिकटी में निकले शिवलिंग आकृति वाले पत्थर पूजन के लिए भी क्षेत्र के भक्तों की काफी भीड़ देखी गई। बुधवार की रात शिव-पार्वती की विवाह के लिए शहर के खड़गेश्वर नाथ मंदिर, जलेश्वर नाथ मंदिर व ठाकुरबाड़ी मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। वहां से बुधवार की रात भूत, पिशाच, हाथी, घोड़ा, बैंड बाजे के साथ शिव की बारात भी निकाली जायेगी। इसे सफल बनाने में पंडित कृष्णकांत तिवारी, बलराम भगत, रामसूरत जायसवाल आदि काफी सक्रिय हैं। जबकि जलेश्वर नाथ मंदिर के पूजन की तैयारी में सीताराम भगत, रीतेश कुमार, द्वारिका भगत लगे हैं वहीं बुधवार को महाशिवरात्रि के मौके पर मां खड़गेश्वरी काली मंदिर सह बाबा खड़गेश्वर नाथ मंदिर से कांवर यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में शामिल भक्तों ने तिरसुलिया घाट, परमान नदी तट पर से जल लेकर शहर के कई शिवालयों में जल अर्पण किया। इसमें मुख्य रूप से काली मंदिर के साधक नानू बाबा, शशिकांत दुबे, नंदी बम, शिवन पासवान, अर्जुन, गुड्डू, संतोष झा, मयानंद पासवान समेत दर्जनों महिला-पुरुष-बच्चे शामिल थे।
प्रशिक्षुओं को दी योग व प्राणायाम की जानकारी
फारबिसगंज, (अररिया) : पतंजलि योग पीठ व भारत स्वाभिमान न्यास हरिद्वार के तत्वावधान में व पतंजलि योग समिति अररिया द्वारा संचालित फारबिसगंज प्रखंड में 15 दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का समापन स्थानीय द्विजदेनी स्मारक उच्च विद्यालय के प्रांगण में बुधवार को प्रात: काल योग प्राणायाम एवं योग साथ हुआ। इस मौके पर संत मेॅहीॅ दास के शिष्य ब्रह्माचारी दयानंद बाबा का सानिध्य बतौर मुख्य अतिथि के प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष जगत नारायण दास ने की। इस अवसर पर सेवा व्रती जीवनदानी प्रफुल्ल जी द्वारा विगत 15 दिवस से प्रशिक्षुओं को योग, प्राणायाम के पाठ बताये गये थे। उन्हें नव प्रशिक्षुओं द्वारा कुशलतापूर्वक प्रदर्शित किया गया जिसमें बहन इंदू और बहन मनीषा आदि का प्रदर्शन सराहनीय रहा। नव शिक्षक सतीश आनंद ने भी प्राणायाम के गुण बताएं। तत्पश्चात यज्ञ पुरोहित ई. भुटेश्वर जी के पौरोहित्व में आयोजित हवन यज्ञ कार्यक्रम में सभी साधकों ने भाग लिया जिसके यजमान भाई सुभाष जी तथा उनकी धर्म पत्नी रही। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष श्री दास, देवकला देवी व योग शिक्षक भाई मोहन जी द्वारा भजन प्रस्तुत किये गये। वहीं जीवनदानी प्रफुल्ल जी ने कहा कि यह समापन नहीं बल्कि यह इस योग यज्ञ का शुभारंभ है जो अनवरत जारी रहेगा। ब्रह्मचारी दयानंद बाबा के आर्शीवचन तथा शांति पाठ के साथ शिविर का समापन किया गया।
पंचायत चुनाव : जाति व आवास प्रमाण पत्र बनवाने की होड़
नरपतगंज, (अररिया) : छठे चरण में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत को लेकर पंचायत के विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को जाति, आवासीय, आय व चरित्र प्रमाण प्रमाण पत्र बनाने के लिए प्रखंड कार्यालयों पर भीड़ उमड़ रही है। वहीं पंचायत सचिव के नहीं रहने से प्रमाण पत्र बनवाने वाले प्रत्याशियों व अन्य कार्यो के लिए कागजात बनाने आये छात्रों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विदित हो कि 29 पंचायतों में पंचायत सचिवों की संख्या मात्र दस है। एक एक पंचायत सचिव को तीन से चार पंचायत का प्रभार है। प्रखंड सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पंचायत सचिव की कमी के बारे में कई बार जिला पदाधिकारी को लिखा जा चुका है। वहीं पंचायत सचिव का कहना है कि एक पंचायत में ही आय, जाति निवास के अलावा वृद्धा पेंशन, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, कन्या विवाह, बीआरजीएफ, 13वें वित्त योजना आदि काम है ऊपर से एक से ज्यादा पंचायत का प्रभार है।
आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति पर चिंता जाहिर की
नरपतगंज (अररिया) : जिप उपाध्यक्ष सहित क्षेत्र के कई जिला पार्षदों ने नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति पर चिंता जाहिर की है। जिप उपाध्यक्ष शंभु साह, जिला पार्षद प्रभाष चन्द्र झा व जहांगीर खां ने कहा है कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों को दिये जाने वाले लाभ की बात तो दूर क्षेत्र के अधिकांश केन्द्र कभी खुलते तक नहीं। पार्षदों ने आरोप लगाया है कि बाल विकास परियोजना कार्यालय के कर्मियों एवं प्रशासनिक लापरवाही के कारण प्राय: आंगनबाड़ी केन्द्र मृत हैं तथा सिर्फ कागज पर ही केन्द्र चलते हैं।
पार्षदों ने कहा है कि आंगनबाड़ी सेविका की बहाली में भी यहां काफी अनियमितता हुई है तथा जनप्रतिनिधि, डीलर व सरकारी सेवकों के परिजनों की भी बहाली कर दी गई है।
Subscribe to:
Posts (Atom)


