Wednesday, March 23, 2011

स्कूल का कच्चा भवन गिरने से आधा दर्जन छात्र घायल


जोकीहाट (अररिया) प्र: जोकीहाट प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय शेख टोला चकई का फूस का विद्यालय भवन बुधवार को गिर गया। उस समय उक्त भवन में करीब दो दर्जन छात्र पढ़ रहे थे। भवन गिरने से सोनी कुमारी, रूकसार, शाकिर, लालू, मुकारिम, टुनटुन सहित कई अन्य बच्चों को चोटें आई। हालांकि ग्रामीणों के मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
इस संबंध में प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. जफर ने बताया कि बच्चों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। बांस का खंभा सड़ा होने के कारण ही घर गिर गया। ज्ञात हो कि 2006 में विद्यालय का सृजन हुआ था, लेकिन डेहटी पैक्स में राशि रखे जाने के कारण विद्यालय का मकान नहीं बन सका। पूर्व मुखिया आफाक आलम ने जिला प्रशासन से शीघ्र भवन निर्माण कराये जाने की मांग की है।

भ्रष्टाचार व कालेधन के खिलाफ धरना का आयोजन


अररिया/कुर्साकांटा : भ्रष्टाचार व कालेधन को रोकने के लिए भारत स्वाभिमान न्यास के बैनर तले राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत पतंजलि योग समिति व न्यास कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ठाकुरबाड़ी परिसर में एक दिवसीय उपवास किया। उपवास आंदोलन की अध्यक्षता समिति के जिलाध्यक्ष प्रो. कमल नारायण यादव ने की। धरना व उपवास के उपरांत कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा। कार्यक्रम में लोगों ने काला धन लाना है देश को बचाना है, योग भी सिखायेंगे, काला धन भी लायेंगे आदि नारे भी लगाये। जिलाध्यक्ष प्रो. यादव ने काला धन व भ्रष्टाचार को खत्म करने के पांच उपायों पर बल देते हुए कहा कि सरकार अगर कठोर कानून बनाकर करेंसी को रिकाल करे, मारिशस के रूट को बंद करें तो भारत समृद्धशाली राष्ट्र बनकर उभरेगा। सामूहिक उपवास कार्यक्रम में मुख्य रूप से समिति के उपाध्यक्ष रामलखन राम, महामंत्री शंकर आनंद, महिला प्रभारी शांति कुमारी, रामानंद सिंह यादव, विवेका नंद यादव, विधानंद जी महाराज पंडित, विनय कुमार, सुनील कुमार, अरुण कुमार, विदेश्वरी यादव आदि मौजूद थे।
कुर्साकांटा से निज संवाददाता के अनुसार बुधवार 23 मार्च को भगतसिंह, राजगुरु, सुखदेव के बलिदान दिवस के अवसर पर प्रखंड मुख्यालय स्थित अतिथि सदन में पतंजलि योग समिति के सदस्यों द्वारा भ्रष्टाचार एवं कालेधन के खिलाफ चल रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत एक दिवसीय धरना एवं अनशन किया गया।
इसमें मुख्य रूप से रामनाथ गुप्त, प्रणव गुप्ता, ब्रजेन्द्र झा, रामलाल साह, सुनील कु. केशरी एवं सुमन कुमार केशरी आदि मौजूद थे।

बिहार दिवस के मौके पर दिखा दीपावली सा माहौल

अररिया : बिहार दिवस पर पूरे जिले में दीपावली जैसा माहौल दिखा। शहर में ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी घरों पर दिये व रोशनी जलाये गये थे। सरकारी भवनों को दुल्हन की तरह सजाया गया था। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय का भवन रोशनी से जगमगा रहा था। डीआरडीए भवन, मंडल कारा, नगर थाना के भवन पर लाइट की पूरी व्यवस्था की गयी थी। डीएसई कार्यालय में भी 99 दीप जलाये गये थे। कुछ इसी तरह का नजारा नगर परिषद व जिला परिषद कार्यालय का भी रहा। बिहार के सौवें वर्ष में प्रवेश की खुशी में मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक मां खड़गेश्वरी काली मंदिर को भी बेहद आकर्षक तरीके से सजाया गया। मंगलवार को मंदिर की खूबसूरत दूर से ही झलक रही थी। इतना ही नहीं मंदिर के साधक नानू बाबा ने बिहार दिवस के मौके पर शहर वासियों से साम्प्रदायिक सद्भाव बनाये रखने की अपील भी की।

प्रभात फेरी में सफल छात्र पुरस्कृत


अररिया : बिहार दिवस के मौके पर मंगलवार को प्रात: शहर के कई सरकारी विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गयी। सभी स्कूल का प्रभात फेरी हाईस्कूल में एकत्र होकर शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरते हुए बिहार दिवस के उपलक्ष्य में नारे भी लगाये। निकाले गये प्रभात फेरी में कुल्लियतु सालेहात विद्यालय को प्रथम पुरस्कार, राजकीय बालिका उच्च विद्यालय को द्वितीय तथा आदर्श मवि बाजार को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके अतिरिक्त राजकीय कन्या मवि व आदर्श मवि ककुड़वा को सांत्वना पुरस्का दिया गया। प्रभात फेरी के निर्णायक मंडल में प्रो. बासुकी नाथ झा, डा. नवल किशोर दास व मो. मोहसीन शामिल थे। पुरस्कार डीएम के हाथों दिया गया।

धरोहरों को सहेजने का अद्भुत प्रयास


अररिया : अपनी खूबियों व धरोहरों पर गौरवान्वित होने का यह अद्भुत क्षण था। बिहारी होने के शान व सम्मान का गौरव, स्वयं पर विश्वास करने का संकल्प और जिले की विशिष्टताओं को उभारने तथा विशिष्ट व्यक्तियों के चरणरज को माथे पर तिलक की तरह लगाने का गौरव, पूरे कार्यक्रम में सब कुछ समाहित नजर आया। शाम के वक्त तो दीपों की चमक में सब कुछ चकाचक नजर आया।
प्रदेश की स्थापना के 99 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित बिहार उत्सव को लेकर तीन दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम की रंगारंग शुरूआत मंगलवार को हुई। कृषि फार्म में आयोजित मुख्य समारोह में साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता डा. नित्यानंद लाल दास ने अपने संबोधन से जिला वासियों में विश्वास के शक्ति सृजन का आह्वान किया। वहीं, डीएम एम सरवणन ने नि:स्वार्थ सेवा व त्याग की भावना को विकास का मूल मंत्र बताया। उन्होंने कहा कि हमारा जिला साझी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसके संव‌र्द्धन से समाज मजबूत होगा। पुलिस कप्तान गरिमा मलिक ने जिले व प्रदेश के सतत विकास की कामना की। वहीं, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक एस के साह ने कृषि के क्षेत्र में नित हो रहे विकास कार्यो की चर्चा की।
मौके पर कृषि पंडित विष्णुदेव मंडल ने अपने अनुभव सुनाए तथा जिले में कृषि की मजबूती के लिये काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रो. बासुकी नाथ झा के निर्देशन में संचालित सांस्कृतिक धरोहर व सुष्मिता ठाकुर के नेतृत्व में कला पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीकृष्ण झा व जिलाधिकारी एम सरवणन ने सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने वाली पुस्तिका का विमोचन किया।
वहीं, निप्र के अनुसार, 99वें बिहार दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के तत्वावधान में कृषि फार्म परिसर में मंगलवार को दो दिवसीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन प्रख्यात अधिवक्ता श्रीकृष्ण झा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर कृषि पंडित विष्णुदेव मंडल, अवकाश प्राप्त न्यायाधीश जुबैरुल हसन, शिक्षाविद डा.एनएल दास का अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया।
डीएओ वैद्यनाथ यादव ने अतिथियों का स्वागत किया।
मौके पर एसडीओ डा. विनोद कुमार, एसडीपीओ कासिम, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, एसडीसी विधान चंद्र यादव, नगर थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह, कृषि परामर्शी रजनी, एसएमएस डा.प्रताप विराजी, ज्ञान शंकर सिंह, बीएओ हेमंतकुमार, मृत्युंजय कुमार आदि मौजूद थे।
वहीं, जोकीहाट से निप्र के मुताबिक राज्य स्थापना दिवस पर उच्च विद्यालय जोकीहाट
में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रअ सईदुर्रहमान ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जोकीहाट विधायक सरफराज आलम ने कहा कि देश विदेश में बिहारियों ने जो मुकाम हासिल किया, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि आज सचमुच बिहारी कहलाना गर्व की बात है। प्रखंड के मध्य विद्यालय जहानपुर, चकई, केशर्रा, सिसोना, काकन, बगडहरा सहित कई अन्य स्कूलों में भी बिहार दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किये गये।
पलासी से निसं के अनुसार बिहार दिवस के अवसर पर उच्च वि. पलासी, उच्च वि. कलियागंज, म.वि. कलियागंज सीआरसी म.वि. मालद्वार सीआरसी आदि के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गयी। मौके पर बच्चों के बीच खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। वहीं दूसरी ओर जहां बीडीओ अमिताभ की देखरेख में प्रखंड स्तरीय धीमी साइकिल दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गयी। जबकि प्रभारी डा. जहांगीर आलम की देखरेख में पीएचसी प्रांगण में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। मौके पर प्रधानाध्यापक मो. मुस्लिम पं. बटेश नाथ झा, सियाराम यादव, मो. खुर्शीद आलम आदि संबंधित संस्थानों में मौजूद थे।
बाक्स के लिये
स्कूलों में जले घी के दीये
अररिया, निसं: बिहार दिवस के उपलक्ष्य में जिले के डेढ़ हजार से अधिक प्राथमिक, मध्य व उच्च विद्यालयों में घी के दीये जलाये गये। विद्यालयों के प्रअ ने अपने अपने स्कूलों में प्रदेश के 99 वर्ष पूरा होने के प्रतीक स्वरूप 99 दीप जलाए। इस कार्यक्रम को ले गांवों में खासा आकर्षण बन रहा।

दहेज नही देने पर की दूसरी शादी, प्राथमिकी दर्ज


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मझुआ गांव निवासी मुन्ना लाल पासवान की पुत्री रीता देवी (21) ने अररिया के कनैन गांव स्थित अपने ससुराल वालों व पति के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है।
दर्ज कांड संख्या 132/11 के अनुसार रीता के पति एवं ससुराल वालों द्वारा उस पर अपने मैके से एक लाख रुपया लाने के लिये दवाब दिया जा रहा था। इसके लिये रीता के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद पति अजय पासवान ने पत्‍‌नी रीता देवी को धोखे से मझुआ गांव स्थित मैके पहुंचा दिया और दूसरा विवाह रचा लिया है। पीड़िता ने पति सहित डीलर रामानंद पासवान, दुर्गानंद पासवान, सुटा पासवान, मुन्नी देवी, आशा देवी व सरिता देवी पर दहेज के लिये मारपीट व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। रीता तथा अजय का विवाह चार वर्ष पूर्व हुआ था।

बिहार उत्सव पर फैला दीपों का प्रकाश


फारबिसगंज (अररिया) : बिहार उत्सव पर मंगलवार की शाम शहर से लेकर गांव तक दीपावली की जगमग छटा नजर आयी। शहर तथा गांव वासियों ने अपने घरों तथा दुकानों पर दीये जलाये, बल्बों से घरों, दुकानों को सजाया। जिससे बिहार उत्सव दीपावली सा रौनक हो गया। घर की छतों पर दीये जलाये गये। यह अपने-अपने आप में बिहारीपन का सुखद एहसास था। दूसरी तरफ सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों द्वारा भी शाम को दीया एवं मोमबत्ती जलाया गया। फारबिसगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में बीडीओ अमीनुल्लाह अंसारी की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम आयोजित की गई। जिसमें बीडीओ ने कहा बिहारियों में अब सम्राट अशोक के समय की गौरव पाने की ललक पैदा हो रही है। उन्होंने समय, मानवीय क्षमता, संस्कृति एवं नैतिकता को बिहार उत्सव से जोड़ने की बात कही और भ्रष्टाचार उन्मूलन के लिये सिर्फ पदाधिकारी नहीं बल्कि जनमानस को जगाने की अपील की। मौके पर सीओ शिव शंकर प्रसाद, एमपीएस की प्राचार्या पुतुल मिश्रा, डायरेक्टर विकास मिश्र, राय बहादुर केसरी, टुनटुन सिंह आदि मौजूद थे। वहीं युवा जदयू नेताओं ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं के आगे मोमबत्ती जलाया तथा माल्यार्पण किया। इस मौके पर जदयू जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा, युवा जदयू जिलाध्यक्ष रमेश सिंह, नौशाद आलम, मंजू देवी, मीना झा, रजत रंजन, प्रदीप साह आदि मौजूद थे। वहीं फारबिसगंज नप कार्यालय परिसर में नप अध्यक्षा वीणा देवी की मौजूदगी में दर्जनों वार्ड पार्षदों के द्वारा दीप प्रज्वलित किया गया। मौके पर नप कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया। यहां उपाध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल, पार्षद अनिल सिंहा, मोती खान आदि मौजूद थे। दूसरी तरफ फारबिसगंज थाना में भी रोशनी की व्यवस्था की गई तथा दीये जलाए गये।

निरीक्षण में एसडीओ ने पकड़ी अनियमितता


फारबिसगंज (अररिया) : रेफरल में बुधवार को एसडीओ ने औचक निरीक्षण कर कई अनियमितताएं पकड़ी तथा अस्पताल प्रबंधन को जमकर फटकारा।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एसडीओ ने अस्पताल में साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, भोजन, दवा वितरण व रजिस्टर इंट्री में भारी अनियमितता पायी, जिसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बाद में एसडीओ जीडी सिंह ने कहा कि अस्पताल हेल्थ मैनेजर, ब्लाक हेल्थ मैनेजर तथा अस्पताल प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति पूरी तरह लचर है तथा भोजन की गुणवत्ता भी अच्छी नहीं है। कहा कि दवा वितरण सहित कई अन्य मामलों की भी जांच की जायेगी। इधर एसडीओ के निरीक्षण से अस्पताल में हड़कंप मच गया।
गौरतलब हो कि उक्त अस्पताल में अनियमितता होने की बात आये दिन दबी जुबान में मरीज व परिजनों से मिलती रही है। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा प्रभारी डा.जेएम प्रसाद सहित अन्य अस्पताल कर्मी उपस्थित थे।

शहादत दिवस पर निकाली भ्रष्टाचार मिटाओ संकल्प रैली


फारबिसगंज (अररिया) : अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को वार्ड नं. 03 स्थित बाल विद्या मंदिर द्वारा भ्रष्टाचार मिटाओ संकल्प रैली निकाली गई। मौके पर आयो मुख्य अतिथि भारत स्वाभिमान न्यास के राज्य संयोजक जनार्दन दास पारखी ने किया।
भ्रष्टाचार मिटायेंगे नया भारत बनायेंगे, काला धन लाना है, देश को बचाना है आदि नारे लगाते हुए बाल विद्या मंदिर के छात्र-छात्रा एवं शिक्षकगण प्राचार्य लक्ष्मण प्रसाद मंडल के नेतृत्व में शहर के विभिन्न मार्ग से गुजरते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंचे। इस मौके पर संजय कुमार मंडल, सरोज कुमार यादव, अनिता देवी आदि उपस्थित थे।

मारपीट की अलग अलग घटना में आठ जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : अलग-अलग थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मंगलवार की देर संध्या हुई मारपीट की घटना में छह महिला समेत आठ लोग जख्मी हो गया। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। मदनपुर ओपी क्षेत्र के मदनपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में बीबी नशरीन, बीबी सोहरा, बीबी तथा रशिदा खातून घायल हो गई। दूसरे पक्ष के बीबी शकिला इत्यादि को भी गंभीर चोट लगी है। वहीं रानीगंज थाना क्षेत्र के धामा गांव में आपसी रंजिश के कारण मो. आरिफ को पीट कर जख्मी कर दिया गया है।

चित्राकंन प्रतियोगिता कल


फारबिसगंज (अररिया) : बिहार दिवस के उपलक्ष्य में दैनिक जागरण द्वारा आगामी 25 मार्च शुक्रवार को स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन फारबिसगंज स्थित महावीर भवन में किया जायेगा। इसके लिए एक निर्णायक मंडली का भी गठन किया गया है। महावीर भवन में इस प्रतियोगिता में तीन दर्जन से अधिक बच्चों के विभिन्न विद्यालयों से शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए स्थानीय साधना श्री चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा भरपूर सहयोग किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों द्वारा वाटर कलर अथवा पेंसिल स्केच का उपयोग किया जा सकेगा। इसी तरह की प्रतियोगिता अररिया में भी आयोजित की जायेगी। दोनों जगहों से चयनित सर्वश्रेष्ठ पांच-पांच प्रतिभागियों को लेकर फाइनल प्रतियोगिता का आयोजन जिला मुख्यालय में किया जायेगा। जिसमें सफल प्रतिभागी पुरस्कृत किये जायेंगे।

तेरह परीक्षा केन्द्रों पर मौलवी की परीक्षा शुरू


अररिया : बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित इंटर समकक्ष मौलवी की परीक्षा बुधवार से जिले के 13 परीक्षा केन्द्रों पर शुरू हो गयी। अररिया में परीक्षा के लिए 5 तथा फारबिसगंज में आठ परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। इन तेरह परीक्षा केन्द्रों पर 6 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। जिला प्रशासन की पूरी टीम बिहार दिवस कार्यक्रम में व्यस्त रहने के कारण परीक्षा के पहले दिन कदाचार की गंगा बही। हालांकि केन्द्रों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात किये गये हैं। शहर के हाई स्कूल केन्द्र पर तो काफी भीड़ जमी रही। स्कूल के पीछे दीवार फांदकर व डीईओ कार्यालय के सामने से अभिभावकों ने खूब नकल करवाया। हालांकि डीईओ दिलीप कुमार ने मौलवी की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से चलने की बात कही है।

Tuesday, March 22, 2011

बिहार दिवस: प्रखंड मुख्यालयों में कार्यक्रमों की धूम



फारबिसगंज/नरपतगंज/भरगामा/रेणुग्राम/बथनाहा : स्थापना के 99वें वर्षगांठ को लेकर मनाये जा रहे बिहार उत्सव को लेकर फारबिसगंज नगर सहित प्रखंड मुख्यालयों में भी मंगलवार को विभिन्न कार्यक्रमों की धूम रही। विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में बिहार उत्सव को लेकर हर्षोल्लास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर के शांति देवी धीर नारायण गुप्ता उच्च विद्यालय (जिला स्कूल) के बच्चों के द्वारा प्रभात फेरी निकाली गयी। इस दौरान बच्चों ने बढ़ता बिहार विकसित बिहार के गगन भेदी नारे भी लगाये। इस मौके पर विद्यालयों में भाषण एवं संगीत प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इधर प्रस्वीकृत द्रोपदी कन्या मध्य विद्यालय में भी बच्चों के बीच वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया। वहीं रेफरल अस्पताल के समीप स्थित टारगेट इंटर वेन्सर के द्वारा टी आई कार्यालय में भी बिहार स्थापना के उपलक्ष्य में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें एड्स के प्रति जागरूकता एवं बचाव पर परिचर्चा भी की गई। इस मौके पर परियोजना प्रबंधक कुमार भास्कर, रूपा कुमारी, जयंत कुमार, रीना कुमारी, सेकस वर्कर भी मौजूद थी। क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में खेल-कूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। रेणुग्राम जाप्र. के अनुसार बिहार दिवस के मौके पर मंगलवार को म.वि. मानिकपुर शुभंकरपुर, सिमराहा, लहसनगंज, गोलावाड़ी, तिसकुंड, रमई, घोड़ाघाट आदि विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस मौके पर म.वि मानिकपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई तथा क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। उधर, भरगामा जाटी के अनुसार बिहार स्थापना दिवस के मौके पर सरकारी गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित किये गये। मवि भरगामा, उ.म.वि जामुआन मवि रहडि़या, मवि महथावा आदि में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। हमारा बिहार, गौरवमय बिहार आदि विषयों पर भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित किया गया। नरपतगंज से जाटी के अनुसार क्षेत्र के विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिता,वाद विवाद, खेल कूद व भाषण प्रतियोगिता आदि आयोजित किये गये। वहीं कई विद्यालयों में बिहार शिक्षा परियोजना द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से योजनाओं व नारी सशक्तिकरण आदि की जानकारी दी गयी। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीडीओ अरूण यादव, बीइओ आमी चन्द राम, बीआरपी राजनंदन पोद्दार, अवधेश कुमार, राजदेव बहरदार आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उधर, थानाध्यक्ष टीपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने साइकिल जुलूस निकाला।

बिहार दिवस के बहाने किया गया याद


अररिया : बिहार की स्थापना दिवस समारोह के मौके पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कराये गये कई कार्यक्रमों में जिले के नामचीन हस्तियों को याद किया गया। अब तक समारोह या कार्यक्रम में राजनेता या अधिकारी मुख्य अतिथि दुआ करते थे। लेकिन प्रशासन ने 99वें बहार दिवस समारोह में ये परिपाटी बदल कर जिले के चर्चित लोगों को आमंत्रित किया जो काबिले तारीफ है। सर्वप्रथम जला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में वरिष्ठ पत्रकार डा. नवल किशोर दास को बतौर मुख्य अतिथि बुलाया गया। वहीं कृषि फार्म में कृषि मेला का उद्घाटन वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीकृष्ण झा से कराया गया। स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत एडीजे जुबेरूल हसन, क्विज प्रतियोगिता में मो. मोहसीन व विजय कुमार, विकास हेतु 99 आयडिया में हेडमास्टर अनवरी खातून को मुख्य अतिथि बनाया गया। इसके अतिरिक्त मार्च को होने वाले मेगा ऋण में एपीपी एमपी शर्मा, साइकिल रेस प्रतियोगिता में अब्दुर रहमान, 24 मार्च को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में काली मंदिर के पुजारी नानू बाबा को मुख्य अतिथि के रूप में पेश किया जाएगा।

चाकू मारकर घायल किया, प्राथमिकी


जोकीहाट (अररिया) : महलगांव थानाक्षेत्र के पैचेली गांव में रविवार को चापाकल के पानी के बहाव में हुए विवाद को लेकर विवेक विश्वास ने चाकू से प्रहार कर सुरेन्द्र विश्वास को घायल कर दिया। इस सिलसिले में सुरेन्द्र के भाई विजेन्द्र विश्वास ने महलगांव थाना में आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। नामजदों में संत कुमार विश्वास धर्मेन्द्र विश्वास, परमानंद, दिनेश, योगेन्द्र सभी ग्राम पैचैली शामिल है। उधर थानाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

जिला प्रशासन कर रहा प्रोटोकाल का उल्लघंन: भाजपा



अररिया : बिहार दिवस का कार्यक्रम आम आदमी के लिए किया जा रहा है लेकिन अररिया में बिहार दिवस का कार्यक्रम सिर्फ जिला प्रशासन तक ही सीमित रह गया है। प्रशासन ने प्रोटोकाल का उल्लंघन किया है। यह बात भाजपा के जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत व जदयू जिलाध्यक्ष नौशाद आलम ने मंगलवार को पत्रकारों से कही। बिहार दिवस कार्यक्रम के आमंत्रण नहीं मिलने से नाराज राजग नेताओं ने मंगलवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर अपने आक्रोश का भी इजहार किया। भाजपा जिलाध्यक्ष के आवास पर बुलाये गयी पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे बिहार के गौरवमयी इतिहास को बिहार दिवस के माध्यम से उजागर कर रही है। लेकिन जिला प्रशासन इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राजग कार्यकर्ताओं को नहीं बुलाकर अपनी मनमानी का परिचय दिया है। श्री भगत ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने सांसद प्रदीप कुमार सिंह विधायक देवयंती देवी, पद्म पराग राय वेणु आदि से बात की तो पता चला कि उन लोगों को भी बिहार दिवस कार्यक्रम में आमांत्रित नहीं किया गया। इसके लिए जिला प्रशासन खुद जिम्मेदार है। श्री आलम ने बताया कि यहां के अधिकारियों की मनमानी की शिकायत मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री तथा पार्टी के वरीय पदाधिकारी से की जायेगी। इस मौके पर भाजपा के जिला महामंत्री सुरेन्द्र झा, जदयू महिला प्रकोष्ट जिलाध्यक्ष सबिता सिंह, जदयू नेता रेशम लाल पासवान, उमेश चन्द्र राय, शैलेश सुमन, रूपेश गुप्ता आदि उपस्थित थे।

विवाहिता से सामूहिकदुष्कर्म


कुर्साकांटा (अररिया) : कुर्साकांटा थानाक्षेत्र के मरातीपुर मंडल टोला में एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है। घटना को ले पीड़िता अनोखा देवी (काल्पनिक नाम) ने कुसाकांटा थाने में आवेदन देकर दो नामजद व दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने मंगलवार को पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात्रि अपने घर में अनोखा देवी अकेली सोयी थी। उनका पति होली में बाहर गया हुआ था। इसी का लाभ उठाकर रात में कुआड़ी निवासी गुलजार मियां का पुत्र मो. अब्बास, कुर्साकांटा आमबाड़ी निवासी दु:खवा मियां का पुत्र मो. मुस्तफा एवं दो अन्य युवक ने उसके घर का जबरन दरवाजा खुलवाया तथा मुंह में कपड़ा ठूंसकर ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद बालात्कारियों ने पिस्तौल दिखाकर धमकी दी कि किसी को सूचना दी तो हत्या कर दी जायेगी।
मंगलवार को जब पीडि़ता का पति घर वापस आया तब उसने घटना की सूचना उन्हें दी और मामला थाना पहुंचा। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गयी है।

खेलकूद प्रतियोगिता के साथ बिहार दिवस का आगाज


अररिया : बिहार के 99वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित बिहार दिवस कार्यक्रम का आगाज मंगलवार को खेलकूद प्रतियोगिता के साथ हुआ। स्थानीय नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि डा. नवल किशोर दास मौजूद थे। जिनके हाथों खेल का उद्घाटन कराया गया। प्रशासन द्वारा कराये गये खोखो, कबड्डी के प्रतियोगिता में जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा। खो-खो प्रतियोगिता के सीनियर बालक वर्ग में जेएनवी प्रथम, मिथिला पब्लिक स्कूल द्वितीय, जेएनवी प्रथम व ग‌र्ल्स आयडियल एकेडमी द्वितीय वर्ग में जेएनवी प्रथम, केन्द्रीय विद्यालय द्वितीय तथा बालिका में जेएनवी प्रथम व मवि अचरा द्वितीय स्थान पर रहा। इसी तरह कबड्डी में बालक सीनियर वर्ग में एमपीएस प्रथम, हाई एकेडमी प्रथम तथा आइडियल एकेडमी द्वितीय एवं बालक जूनियर वर्ग में मवि बेंगा प्रथम, केवीएस द्वितीय तथा बालिका में जेएनवी प्रथम मवि अचरा दूसरे स्थान पर रही। सभी टीम को डीएम एम. सरवणन, एसपी गरिमा मल्लिक, एडीजे जेएनसिंह के हाथों बिहार माडल मोमेन्टो व प्रमाण पत्र दिया गया। इस मौके पर डीईओ दिलीप कुमार, डीएसई अहसन, एसडीपीओ मो. कासिम, डीपीओ चन्द्रप्रकाश, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल, बीईओ डा. बैजू झा, मासूम रेजा, आबिद हुसैन अंसारी आदि मौजूद थे।

प्रभात फेरी में कुल्लियतु सालेहात स्कूल प्रथम


अररिया : बिहार दिवस के मौके पर मंगलवार को प्रात: शहर के कई सरकारी विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गयी। प्रभात फेरी में कुल्लियतु सालेहात विद्यालय को प्रथम पुरस्कार, राजकीय बालिका उच्च विद्यालय को द्वितीय तथा आदर्श मवि बाजार को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके अतिरिक्त राजकीय कन्या मवि व आदर्श मवि ककुड़वा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रभात फेरी के निर्णायक मंडल में प्रो. बासुकी नाथ झा, डा. नवल किशोर दास व मो. मोहसीन शामिल थे। पुरस्कार डीएम के हाथों दिया गया।

हलाल तरीके से कमाएं व खर्च करें: मौ.नसर


अररिया : आज समाज में हर प्रकार की बुराई का मुख्य कारण यह है कि लोग हराम व हलाल की तमीज भूल गए है। हराम तरीके से कमाना और जैसे-तैसे उसे खर्च कर देना आम बात हो गई है। ये बातें बनारस से आए मौलाना अहमद नसर बनारसी ने अररिया में एक प्रेस वार्ता के दौरान कही। श्री नसर ने कहा कि एक दूसरे का हक मारना व दूसरों पर जुल्म करना आज आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि जो दूसरों पर जुल्म करता है वो मुसलमान नहीं हो सकता। आज लोग अपनी बेटियों को भी हक नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा अपनी बेटियों को उसका हक दो ये अल्लाह का हुक्म है। मौलाना ने कहा कि कुरान पाक केवल मुसलमानों के लिए ही नही बल्कि पूरी इसांनियत की हिदायत के लिए आई है। जरूरत है उसे पढ़कर समझने एवं उसपर अमल करने की। मौके पर मौलाना हदीशुल्ला नसर भागलपुरी भी मौजूद थे।