Thursday, May 10, 2012

भूमि विवाद में बच्ची की गला रेतकर हत्या


जोकीहाट (अररिया) : थानाक्षेत्र के चकई गांव में बुधवार की रात भूमि विवाद में एक तीन वर्षीय बच्ची इमरत की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई। इससे पहले उसके घर में लूटपाट भी की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। जोकीहाट थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने बताया कि हत्यारोपी मो. शमीम एवं सात अन्य पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की शाम नबी हसन (बच्ची का अब्बा) घर की मरम्मत कर रहा था। इतने में लाठी, फरसा, डंडा से लैस शमीम सहित सात अन्य लोग वहां पहुंचे और नबी हसन व उसके परिजनों पर टूट पड़े। आरोपियों ने सभी की जमकर पिटाई की। इस दौरान जान बचाकर सभी लोग भाग खड़े हुए, लेकिन उनकी तीन वर्षीय बच्ची इमरत वहीं रह गई, जिसे आरोपियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस दौरान आरोपियों ने घर में लूटपाट भी की।
इधर, जोकीहाट थानाध्यक्ष ने बताया कि गांव में बसोवास की जमीन को लेकर दो पक्षों मो. नबी हसन व शमीम आदि की बीच वर्षो से विवाद चल रहा था। 1994 में नबी हसन को 40 डिसमिल जमीन की डिक्री प्राप्त हुई थी। फिलहाल मामला मुंसफ कोर्ट में लंबित है। उस विवादित जमीन पर पीड़ित पक्ष का घर बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से विवाद बढ़ने के कारण स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों ने पंचायती भी की लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इस विवाद को लेकर ही बुधवार की रात एक पक्ष के लोगों ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।

0 comments:

Post a Comment