Saturday, May 12, 2012

डीलर करते आनाकानी, गरीबों को नही मिलता अनाज


अररिया, : राज्य सरकार या फिर जिला प्रशासन गरीबों तक नियमित खाद्यान्न आपूर्ति की बात करती हो, परंतु जमीनी सच्चाई कुछ और ही बयां कर रही है। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों का अनाज या तो कालाबाजार में बेच दिया जाता है, या फिर माफियाओं को सौंप दिया जाता है। जिले के छह दर्जन से अधिक ऐसे निडर डीलर हैं जो लगातार आदेश के बावजूद कई माह से खाद्यान्न का उठाव नही कर रहे हैं। उठाव करने के लिए पिछले चार माह से ड्राफ्ट नही बनाने वाले ऐसे डीलरों पर कोई कार्रवाई नही की गई है।
इन छह दर्जन में से सिर्फ पलासी प्रखंड के दो दर्जन ऐसे जविप्र दुकानदार हैं, जिन्होंने कई माह से खाद्यान्न उठाव के लिए राशि जमा नहीं किया है। इधर पलासी प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश मंडल ने पलासी के 25 डीलरों पर कार्रवाई करने की अनुशंसा की है। पलासी एमओ के द्वारा एसडीओ के समक्ष जिन डीलरों पर कार्रवाई के लिए पत्र लिया गया है, उनमें मो. मजीद, गयानंद मांझी, अशोक कुमार पासवान, शमीम अनवर, कृपानंद झा, वसीकुर्रहमान, मो. नईमउद्दीन, चमनी देवी, सुभाष चन्द्र मंडल, गयानंद मांझी, दिगंबर ऋषिदेव, शिवानंद सरदार, मो. माजउद्दीन, सुरेन्द्र प्र. सिंह, पिपरा विजवार के शिवानंद यादव, राजेन्द्र ऋषिदेव, धर्मगंज के शिवानंद यादव, फागुलाल विश्वास, दिनेश कुमार, लक्ष्मी प्र. साह, सुरेश कुमार राम, आकेश्वर यादव, महेश्वर पासवान, रीता देवी तथा सुलोचना देवी के नाम शामिल हैं। इधर इस संबंध में एसडीओ डा. विनोद कुमार ने कहा कि सभी डीलरों से स्पष्टीकरण पूछा गया है। डा. कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि गरीबों का अनाज उठाव नही करने वाले डीलरों को बख्शा नही जायेगा।

0 comments:

Post a Comment