Wednesday, April 20, 2011

मुर्दे ने भी लिया तूफान राहत का लाभ


अररिया, : बीते वर्ष आये चक्रवाती तूफान में नगर परिषद क्षेत्र के पीड़ितों के बीच राशि व सामग्री वितरण में भारी गोलमाल हुआ है। घपले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृत व्यक्ति के नाम पर भी राहत सामग्री व राशि का उठाव कर लिया गया। इतना ही नहीं वार्ड पार्षदों ने अपनी पत्‍‌नी व रिश्तेदारों के नाम पर भी राहत ली। इस बात का खुलासा वार्ड संख्या- 5 निवासी संजय पासवान द्वारा सूचना अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गयी जानकारी के बाद हुआ है। संजय पासवान ने परिषद कार्यालय से पीड़ितों के बीच वितरित किये गये राहत वितरण के संबंध में जानकारी मांगी थी। करीब छ: माह बाद जब नप ने उन्हें सूचना उपलब्ध करायी तो उनमें कई खामियां उजागर हुई है। नप द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार वार्ड सं. छह के करीब एक दर्जन लोगों का नाम वार्ड संख्या-5 में दर्शा कर राहत का लाभ लिया गया है। ज्ञात हो कि वार्ड सं. 5 के पार्षद तेतर पासवान का आवास वार्ड 6 में स्थित है। यहां तक कि पार्षद की पत्‍‌नी मानती देवी को भी राहत राशि का लाभ दिया गया है। नप द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार एक पीड़ित बिमला देवी को भी राहत राशि का लाभ दिया गया है जबकि उक्त महिला की मौत वर्ष 2008 में ही हो चुकी है। बावजूद उनके नाम पर दो हजार की राशि टैक्स कलक्टर के सहयोग उठायी गयी है। सीता देवी पति मिथिलेश पासवान का घर नप क्षेत्र में नहीं है, लेकिन उनके नाम पर भी 4250 रुपये का उठाव किया गया। यह केवल एक वार्ड का मामला है। यदि जमीनी जांच की जाय तो पार्षदों द्वारा राहत के नाम पर लाखों की राशि बंदर बांट किये जाने का खुलासा हो सकता है।

0 comments:

Post a Comment