Thursday, March 24, 2011

पोलियो राउंड की सफलता को लेकर बीटीएफ की बैठक


पलासी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी प्रांगण में गुरुवार को आगामी पोलियो चक्र की सफलता को लेकर प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आहूत की गयी। जिसकी अध्यक्षता बीडीओ अमिताभ ने की। बैठक में मुख्य रूप से बीते पोलिया चक्र की समीक्षा के उपरांत आगामी पोलियो चक्र की सफलता को लेकर आइसपैक, नवजात शिशुओं की टै्रकिंग पर बल सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी।
मौके पर प्रभारी डा. जहांगीर आलम, डा. इकबाल हुसैन, डा. अरुण कुमार, एस.एम.ओ. डा. अरुण कुमार पांडेय यूनिसेफ की ओर से परमानंद, पवन बजरंग, कमलानंद मंडल आदि मौजूद थे।

मुकेश ने जीती साइकिल रेस प्रतियोगिता


अररिया : कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा गुरुवार को ओपेन साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह रेस गोढ़ी चौक के टाल टैक्स से मुड़बल्ला होते हुए पुन: टाल टैक्स तक पहुंचा। रेस में शामिल प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि सदर अनुमंडल पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रतियोगिता में अररिया कालेज के छात्र खरैया बस्ती निवासी मुकेश कुमार यादव प्रथम, अखिलेश कु. यादव द्वितीय तथा यादव कालेज के छात्र अजय कु. यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को कार्यक्रम स्थल पर ही मुख्य अतिथि डा. कुमार ने अपने हाथों से पुरस्कार प्रदान किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को साइकिल दी गयी। प्रतियोगिता में नगर थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गयी थी। जबकि डीआईओ डा. राजेश कुमार की अगुवाई में मेडिकल टीम स्थल पर मौजूद थी। इस अवसर पर डीईओ दिलीप कुमार, मिथुन कुमार, विवेकानंद यादव, मो. नौशाद, संजय मिश्र, अनवर करीम आदि मौजूद थे।

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर चालक को पीटा


अररिया  : रंगदारी में शराब की राशि नही देने पर एफसीआई से चावल लेकर बसैटी जा रहे ट्रैक्टर चालक हरिलाल यादव को बाजार प्रागंण के समीप चार युवकों ने लोहे की राड से पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। पीड़ित चालक ने नगर थाने में दो नामजद शिवपुरी के मनु, खरैया बस्ती के छोटुआ व दो अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी हैं।

विदेशों में जमा काला धन वापस लाने को लेकर धरना


रानीगंज (अररिया) : पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान के तत्वाधान में बुधवार को प्रखंड मुख्यालय में धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत एक मांगपत्र बीडीओ को सौंपा गया। राष्ट्रपति के नाम सौंपे गये ज्ञापन में विदेशों में जमा काले धन को भारत लाने एवं भ्रष्टाचार को समाप्त करने आदि मांगें शामिल हैं। पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान न्यास के जुड़े लोगों ने प्रखंड परिसर में भ्रष्टाचार मिटाना है-भारत को समृद्ध बनाना है, काला धन को वापस लायेंगे और देश को खुशहाल बनायेंगे आदि नारे के साथ धरना कार्यक्रम में हिस्सा लिया। शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के बलिदान दिवस के अवसर पर हुए इस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति के नाम दिये गये ज्ञापन की प्रति बीडीओ चन्द्रमा राम को सौपा गया जिस पर सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षर थे। इस अवसर पर शिव शंकर कलाकार, प्रमोद कुमार, महेन्द्र यादव, डा. नरेश साह, कृपानंद झा, सुनील कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रतिभागी पुरस्कृत


जोगबनी (अररिया) : बिहार दिवस के मौके पर जोगबनी युवा मंच द्वारा गुरुवार को साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
साइकिल रेस प्रतियोगिता का प्रारंभ रेलवे परिसर से जोगबनी थानाध्यक्ष एके पाल व जीआरपी प्रभारी अनवारुलहक द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। लगभग दो किमी के साइकिल रेस में प्रथम मकबूल, द्वितीय मो. जुबेर तथा तृतीय रूपेश पंडित आये। थानाध्यक्ष श्री पाल ने सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया। इस मौके पर मंच के मंटू भगत, कमल तापडिया, सुनिल राय, सहित काफी संख्या मे लोग उपस्थित थे।

मजदूरी को लेकर एनएच जाम, पुलिस ने चटकायी लाठियां


अररिया : चातर पंचायत के करीब पांच दर्जन मजदूरों ने बकाया मजदूरी के लिए गुरुवार को एनएच 57 अररिया-पूर्णिया मार्ग को करियात कैंप के पास बाधित कर करीब आधा घंटा तक यातायात को ठप रखा। बाद में वहां पहंची पुलिस ने उन पर लाठियां भी चटकायी। इस क्रम में कई मजदूरों को चोटें आयी है। हालांकि सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर आंदोलन कारियों को दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया तब जाकर मजदूरों ने जाम हटाया। मजदूरों का कहना था कि वे लोग मनरेगा योजना के तहत पंद्रह दिनों से काम कर रहे हैं। लेकिन अब तक उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं पंचायत के उप मुखिया मो. वसीक ने बताया कि नियमानुसार मजदूरों को सात दिनों के बाद ही मजदूरी का भुगतान हो जाना चाहिये था लेकिन पीआरएस की लापरवाही से समय पर मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल पा रहा है। जबकि पीआरएस राज कुमार ने बताया कि मजदूरों के सात दिन की मजदूरी का चेक गढ़बनैली पोस्ट आफिस में जमा कराया गया है। चेक कलेक्शन नहीं होने के कारण ही समय पर मजदूरों को भुगतान नहीं हो पाया है। उन्होंने यह भी बताया कि मजदूरों के दूसरे सप्ताह की राशि का चेक भी जमा करा दिया गया है।

विश्व यक्ष्मा दिवस पर निकाली जागरूकता यात्रा


अररिया : विश्व यक्ष्मा दिवस के मौके पर गुरुवार को ग्रामीण बाल एवं मानव विकास समिति, आद्रा व व‌र्ल्ड विजन के तत्वावधान में सदर अस्पताल परिसर से जागरूकता यात्रा निकाली गयी। यात्रा को सिविल सर्जन डा. सीके सिंह ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर सीएस श्री सिंह ने आम लोगों से टीवी रोग को दूर भगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को सहयोग देने की अपील की। जागरूकता रथ अस्पताल से निकलकर प्रखंड मुख्यालय होते हुए अररिया, रानीगंज, फारबिसगंज, कुर्साकांटा व जोकीहाट के कई पंचायतों में घूमा। इस संबंध में रूपेश कुमार, विश्वनाथ झा ने बताया कि जागरूकता रथ शुक्रवार को भरगामा, पलासी, सिकटी, नरपतगंज के पंचायतों तक जाकर गांव के लोगों को टीवी के बारे में जागरूकता करेगी। इस रैली में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डा. मो. मोईज आद्रा के डीसी शैलेश सिन्हा, अवधेश प्र. कर्ण, तपन कुमार विश्वास, शंकर प्रसाद, दिनेश गुप्ता, फिरोज, युगेश पासवान, अहमद रेजा आदि मौजूद थे।

प्रत्याशियों का डोर टू डोर अभियान तेज


कुर्साकांटा (अररिया) : आगामी 20 अप्रैल को प्रथम चरण के तहत होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रत्याशियों द्वारा अब डोर टू डोर प्रचार अभियान शुरू कर दिया गया है। मतदाताओं से आशीर्वाद पाने की उनमें होड़ लग गई है। मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए प्रत्याशियों द्वारा हर संभव प्रयास शुरू कर दिया गया है। चुनाव पर्व को ले होली पर्व के अवसर पर प्रत्याशियों ने दिल खोलकर उदारता का भी परिचय दिया। एक मतदाता ने बताया कि सभी प्रत्याशी पहुंच रहे हैं, अभी सभी को आश्वस्त कर भेज देता हूं, बदले में जो कुछ मिलता है लेने में क्या बुराई है। वोट तो जिसे देना है उसे ही देंगे। मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति, वार्ड सदस्य, पंच सदस्य एवं जिला परिषद सभी छ: पदों पर दर्जनों प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हैं। सभी अब घर-घर जाकर मतदाताओं को रिझाने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाने लगे हैं। कई पंचायत में मुखिया पद के लिए 17 तो समिति सदस्य के लिए 18 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं।

धीमी साइकिल रेस में रत्‍‌ना व मासूकप्रथम


अररिया : बिहार दिवस महोत्सव के अंतिम दिन गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से नेताजी सुभाष स्टेडियम में बालक व बालिका वर्ग के अलग-अलग धीमी गत की साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को डीईओ दिलीप कुमार व डीएसई अहसन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बालक वर्ग में मो. मासूक अहमद उर्फ सोना प्रथम, सफीअल होदा द्वितीय तथा उवि के अमन कुमार सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में ग‌र्ल्स हाई स्कूल की छात्रा कुमारी रत्‍‌ना ने प्रथम, शबनम आरा ने द्वितीय तथा एपीएस की शायमिन सफी ने तृतीय पुरस्कार जीता। सभी प्रतिभागियों को स्टेडियम में मुख्य अतिथि मो. रहमान, मो. ताहा, विजय कुमार एवं गंगा प्रसाद के हाथों पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर डीएम, एसपी, एसडीओ, डा. नवल किशोर दास, विजय कुमार समेत कई अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद थे।
उधर, रानीगंज से जाप्र के अनुसार बुधवार को लाल जी उच्च विद्यालय के प्रांगण में धीमी साइकिल रेस प्रतियोगिता का उद्घाटन बीडीओ चन्द्रमा राम ने किया। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। प्रखंड बीआरसी भवन में एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रा. शिक्षक संघ द्वारा उपस्थित अतिथि का सम्मान माल्यार्पण व भेंट देकर किया गया। इस अवसर पर बीईओ अवरुद्ध प्र. मंडल, स्टेट बैंक शाखा प्रबंधक विस्नोई वोपोई, समाज सेवी लीलानन्द सिंह, आदि मौजूद थे जबकि कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार झा कर रहे थे।

सांस्कृतिक धरोहरों की प्रदर्शनी बना आकर्षण का केंद्र


अररिया : जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला कृषि फार्म में आयोजित दो दिवसीय मेगा किसान मेला सह प्रदर्शनी कार्यक्रम में सांस्कृतिक धरोहरों की प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहा। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन कानून विद् श्रीकृपण झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर सांस्कृतिक धरोहरों से संबंधित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। सांस्कृतिक धरोहर स्टाल पर फणीश्वरनाथ रेणु सहित अन्य महान रचनाकारों के पुस्तक, पेटिंग, मिथिला पेटिंग सहित कुशल शिल्पकारों द्वारा यतन पूर्वक बनाये गये मूर्ति व अन्य शिल्प सभी को बरबस आकर्षित कर रही थी। वहीं शिक्षा की अलख जगाने के लिए आदिवासी महिलाओं द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य गायन ने भी सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर सांस्कृतिक धरोहर स्टाल के प्रभारी प्रो. बासुकीनाथ झा, डीएम एम. सरवणन समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

मां ने बेटे को बताया हत्यारोपी


फारबिसगंज (अररिया) : सच्चाई की बलि बेदी पर एक मां ने अपनी ममता कुर्बान कर दी है। मां ने एसडीपीओ को बताया है कि उसके बेटे ने ही पड़ोसी राकेश की हत्या की है। मामला फारबिसगंज थाना क्षेत्र के ढ़ोलबज्जा गांव का है। जहां से एक युवक के पहले गुमशुदा होने और फिर पड़ोसी द्वारा कथित हत्या किये जाने की प्राथमिकी बीते दिनों दर्ज हुई है। इसी मामले में हत्यारोपी नरेश मंडल (35) की मां सारो देवी ने बुधवार को फारबिसगंज एसडीपीओ के सामने इकबालिया बयान में कहा कि उसके बेटे नरेश ने ही पड़ोसी राकेश कुमार वर्मा (23) की हत्या की है। इसके अलावा गांव के करीब दो दर्जन लोगों ने भी नरेश द्वारा ही युवक की हत्या किये जाने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार ढ़ोलबज्जा निवासी सतीश प्रसाद वर्मा का पुत्र राकेश कुमार वर्मा पांच फरवरी से लापता है जिसकी सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को 15 फरवरी को एक सनहा के माध्यम से दी थी। आखिर में 15 मार्च को सतीश वर्मा द्वारा पड़ोसी नरेश मंडल पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में कांड संख्या 115/11 दर्ज कराया गया। जिसमें कहा गया कि नरेश द्वारा उसके बेटे को अगवा कर हत्या कर दी गई और शव को कहीं छिपा दिया है। राकेश का शव अभी तक पुलिस को नही मिला है। पुलिस नरेश और उसकी पत्‍‌नी अनीता देवी की तलाश में जुटी है। एसडीपीओ श्री शर्मा ने बताया कि राकेश वर्मा नरेश मंडल के घर उसके बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। एसडीपीओ श्री शर्मा ने कहा कि हत्या के पीछे अवैध संबंध एक प्रमुख कारण हो सकता है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।

अपहरण मामले में गिरफ्तार दोनों अपराधियों को देवघर पुलिस को सौंपा


फारबिसगंज (अररिया) : झारखंड के देवघर के उद्योगपति एनके सिंघानिया के अपहरण मामले में फारबिसगंज से गिरफ्तार अपराधी सरोज सिंह तथा कन्हैया चौधरी उर्फ फौजी को देवघर पुलिस बुधवार की देर रात अपने साथ ले गई। देर संध्या फारबिसगंज थाना पहुंची देवघर पुलिस टीम पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत विमर्श किया। साथ ही गिरफ्तार दोनों युवकों से भी पूछताछ की। लेकिन अभी तक अपहृत व्यवसायी का कुछ भी पता नहीं चल पाया है। हालांकि पुलिस को गिरफ्तार अपराधियों से कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। साथ ही दोनों की निशानदेही पर दूसरे जिले से कई और अपराधियों के पकड़े जाने की सूचना है। दोनों को फारबिसगंज पुलिस ने शहर के प्रोफेसर कालोनी निवासी योगानंद सिंह के घर छापेमारी कर पकड़ा था। पुलिस ने पूछताछ के लिए योगानंद सिंह को भी पकड़ा था किंतु फिलहाल उन्हें छोड़ दिया गया है। अपराधी के साथ पुलिस ने श्री सिंह के आवास से एक मोटर साइकिल भी बरामद की थी।

साइकिल रेस में छात्राओं ने लहराया परचम

अररिया : विश्व का सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिन्दी समाचार पत्र दैनिक जागरण की ओर से बिहार दिवस के मौके पर गुरुवार को बालिकाओं की महादेव चौक से टाल टैक्स के बीच दो किमी साइकिल रेस का आयोजन किया गया। रेस में शामिल प्रतिभागियों को जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस प्रतियोगिता में कई सरकारी व गैर सरकारी स्कूल की दर्जनों छात्राओं ने भाग लिया। साइकिल रेस प्रतियोगिता में बालिका उच्च विद्यालय की छात्रा शबनम आरा प्रथम, साजरा प्रवीण द्वितीय, नंदिनी कुमारी तृतीय, चन्द्रमुखी कुमारी चतुर्थ तथा महिला कालेज की छात्रा कोमल कुमारी ने पंचम स्थान प्राप्त किया। सभी विजयी प्रतिभागियों को सुभाष स्टेडियम में जागरण परिवार की ओर से आयोजित समारोह में डीएम एम. सरवणन व एसपी गरिमा मल्लिक ने पुरस्कार प्रदान किया। इस मौके पर डीएम श्री सरवणन ने दैनिक जागरण के इस कार्यक्रम को सराहते हुए कहा कि यह एक अच्छी पहल है। वहीं एसपी श्रीमति मल्लिक ने दैनिक जागरण को जमीन व समाज से जुड़ा अखबार बताया। कार्यक्रम में मंच संचालन जागरण के डा. अशोक झा ने किया। पुरस्कार वितरण समारोह के मौके पर जागरण के अररिया कार्यालय प्रभारी मनोज कुमार, कमर आलम, आमोद शर्मा, अमित अमन, अमर वर्मा, अरुण झा, मंटू भगत, राजीव मिश्रा, संजय शंकर, घनश्याम, गौतम चौधरी, बंधु, राकेश प्रसाद के अलावा शिक्षक विवेकानंद यादव, जिला क्रीड़ा संघ के मासूम रेजा, आबिद अंसारी आदि मौजूद थे।

दूसरे दिन चार नामांकन


अररिया : पंचायत चुनाव के लिए अररिया प्रखंड में नामांकन का दौर जारी है। प्रखंड के चार जिला परिषद क्षेत्रों के लिए पहले दिन बुधवार को एक भी नामांकन दाखिल नहीं किया गया। दूसरे दिन गुरुवार को दो क्षेत्र से चार नामजदगी के पर्चे दाखिल किये गये हैं। सहायक निर्वाची पदाधिकारी देवेन्द्र राम ने बताया कि क्षेत्र सं. 22 से विपिन बिहारी सिंह, अबु शहमा व मूसा एवं क्षेत्र सं. 23 से इदरीश लहेटी ने नामांकन भरा है। जबकि क्षेत्र सं. 17 व 18 में दूसरे दिन भी नामांकन का खाता नहीं खुल पाया है।

पत्‍‌नी को पीट-पीट कर मार डाला


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत मटियारी के पास बुधवार की शाम को पति सद्दाम ने बीबी शोबरत खातून को पीट पीट कर मार डाला है। गुरूवार की सुबह ग्रामीणों ने लाश देखकर जोकीहाट पुलिस को सूचना दी तब पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अन्त्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। मृतका के चाचा शोयब आलम के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा पति सद्दाम को नामजद बनाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरदा पंचायत के बनमोतर गांव निवासी रज्जाक की पुत्री बीबी शोबरत की शादी मटियारी गांव निवासी मो. सद्दाम से हुई थी। कुछ ही महीनों के बाद दहेज आदि की मांग को लेकर शोबरत को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा। प्रताड़ना से तंग आकर वह कुछ दिनों पूर्व अपने पिता के घर बनमोतर आ गई। इस बीच बुधवार को सद्दाम ससुराल पहुंचकर शोबरत को बहला-फुसलाकर घर ले जाने लगा। इसी बीच रास्ते में ही वह छोटकी परमान धार के निकट पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी तथा फरार हो गया। अनि मधुबन सिंह घटना की छानबीन कर रहे हैं।

मौलवी परीक्षा: दूसरे दिन भी शांतिपूर्ण


फारबिसगंज (अररिया) : बिहार मदरसा शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी इंटर के समकक्ष मौलवी की परीक्षा दूसरे दिन गुरुवार को अनुमंडल मुख्यालय में बनाये गये सभी चार परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा में करीब 15 सौ परीक्षार्थी शामिल हुये। किसी भी परीक्षार्थी के निष्कासन की सूचना नहीं है। इसे पूर्व बुधवार को परीक्षा के प्रथम दिन एसडीओ जीडी सिंह ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर शांति देवी, धीर नारायण गुप्ता जिला स्कूल केन्द्र से कदाचार के आरोप में तीन परीक्षार्थियों को निष्कासित किया था। वही भगवती देवी गोयल बालिका उच्च विद्यालय केन्द्र से केन्द्राधीक्षक के द्वारा एक परीक्षार्थी को नकल करने के आरोप में निष्कासित कर दिया गया था। वहीं दूसरे परीक्षार्थी के बदले परीक्षा दे रहे मो. नसीर नामक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया था। इधर अनुमंडल के परीक्षा केन्द्र आदर्श मध्य विद्यालय ढ़ोलबज्जा में 352, लीएकेडमी में 413, भगवती देवी गोयल में 471 तथा जिला स्कूल में 218 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। जिनमें दो दर्जन से अधिक अनुपस्थित भी रहे। केन्द्रों पर अपर्याप्त पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार


कुर्साकांटा (अररिया) : कुर्साकांटा थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात्रि विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मंगलवार को कुर्साकांटा में एक विवाहिता के साथ कुछ लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता के द्वारा दो नामजद एवं दो अज्ञात के विरुद्ध जबरन दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया था। कुर्साकांटा थाना पुलिस ने नामजद अभियुक्त मुसाकिर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। जिसे बुधवार को न्ययायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं अन्य अभियुक्तों की पुलिस तलाश कर रही है। वहीं प्रखंड स्थित बलचंदा गांव में बुधवार की रात्रि एक विवाहिता के साथ गांव के ही एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। पीड़िता के लिखित आवेदन पर कुर्साकांटा थाना में मो. शबूर के पुत्र मो. महबूब को नामजद किया गया है। जबकि उसको सहयोग करने वाले कुछ अन्य युवकों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Wednesday, March 23, 2011

मदनपुर पश्चिम: 22 पंचायत शिक्षकों को शिक्षण कार्य से किया मुक्त


अररिया : प्रथम चरण शिक्षक नियोजन 2007 में नियोजन समिति द्वारा बरती गयी अनियमितता व गड़बड़ी मामले में कार्रवाई होने लगी है। अररिया में कई पंचायत में नियोजन में गड़बड़ी का मामला उजागर होने के बाद अब मदनपुर पश्चिम पंचायत में जालसाजी कर नियोजन करने का आरोप प्रमाणित हुआ है। जिला शिक्षक नियोजन अपीलीय प्राधिकार ने दर्जन भर शिकायतकर्ताओं की शिकायत पर पंचायत में नियोजित 25 शिक्षकों में से 22 को शिक्षण कार्य से मुक्त करने का फैसला सुनाया है। इधर, जिला शिक्षा अधीक्षक अहसन ने मुखिया व सचिव को पत्र लिखकर आदेश के आलोक में नियोजित शिक्षकों को शिक्षण कार्य से मुक्त करने का निर्देश दिया है। प्राधिकार ने अपने आदेश में मदनपुर पश्चिम पंचायत के मुखिया व सचिव पर भी कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। साथ ही डीएसई द्वारा प्रतिनियुक्त शिक्षक दीपक तिवारी पर भी कानूनी कार्रवाई करने की अनुशंसा की है। प्राधिकार ने जांच व सुनवाई क्रम में माना है कि पंचायत में जाली हस्ताक्षर का खेल हुआ है तथा फर्जी पंजी का प्रयोग किया गया है। प्राधिकार सदस्य ने आदेश में स्पष्ट किया है कि 25 शिक्षकों में से सिर्फ अनिल कुमार साह व आबिद हुसैन प्रशिक्षित हैं पर उनके कागजातों का सत्यापन नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त विकलांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया, जो जांच का विषय है। बीबी अरशदी बेगम के विरुद्ध आरोप प्रमाणित नहीं होने पर उन्हें कार्य से मुक्त नही किया गया है। शेष अनिल साह, आबिद हुसैन, ब्रजनंदन ठाकुर, प्रियंका कुमारी, ललिता देवी, मंजू कुमारी, मोहन लाल मांझी, उपेन्द्र कु. चौधरी, राजीव कुमार, मो. हसमुद्दीन, दिलीप कुमार सिंह, शमा अंजुम, बीबी नुसरत जहां, सरीता कुमारी, रोमी कुमारी, रीना कुमारी, तरन्नुम खातून, साजदा खातून, मंजूद मिश्रा, रोहित, केशव झा, दिव्येन्दु, सुनील कु. दास, विजेन्द्र कु. निराला तथा सुनितेश मोहन कश्यप को अगले आदेश तक कार्य से मुक्त कर दिया गया है।
प्राधिकार ने पंचायत के मुखिया सचिव व दीपक तिवारी से सात अप्रैल तक कारणपृच्छा मांगा है।
बाक्स के लिए
सहायक शिक्षक पर षडयंत्र रचने की आशंका
- स्पष्टीकरण नहीं देने पर हो सकता है एफआईआर
अररिया, संसू: अररिया प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत मदनपुर पश्चिम पंचायत में हुये प्रथम चरण शिक्षक नियोजन में बरती गयी अनियमितता में सहायक शिक्षक दीपक तिवारी पर कई आरोप प्रमाणित हुये र्है। जिला शिक्षक नियोजन अपीलीय प्राधिकार सदस्य ने कहा है कि श्री तिवारी अवैध प्रतिनियुक्त रह कर अपने पुत्र दिव्येन्दु सहित अन्य रिश्तेदारों की नियुक्ति करने के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचा तथा अभिलेख में छेड़-छाड़ की है। सदस्य ने पूरे नियोजन प्रक्रिया को प्रभावित करने का जिम्मेवार दीपक तिवारी को ही माना है। प्राधिकार ने आदेश में स्पष्ट कर दिया है कि सात अप्रैल तक स्पष्टीकरण नहीं देने पर सहायक शिक्षक के विरुद्ध आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई जायेगी। श्री तिवारी पर हस्तलिपी सूची तैयार कर 9 और शिक्षकों की गलत नियुक्ति करने का भी आरोप है।

खाना खजाना में मिली बिहारी डिश की सुगंध


अररिया : एक बार फिर लिट्टी और चना का स्वाद जिले के लोगों ने चखा। सिर्फ यही नहीं करारी पकौड़ी व तरावटी लस्सी का स्वाद भी लोगों की जुबान पर वाह के साथ सामने आया। मौका था बिहार महोत्सव कार्यक्रम के दूसरे दिन लगाये गये 'खाना खजाना' में खाने का। जिला प्रशासन द्वारा बिहार दिवस के मौके पर बुधवार की शाम स्थानीय टाउन हाल में व्यंजन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एम सरवणन व कई अन्य गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी चन्द्रप्रकाश के निर्देशन में आयोजित मेला स्थल को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। बच्चों के मनोरंजन के लिए एयर रायफल काउंटर व म्यूजिकल चेयर लगाया गया। जिसका बच्चों ने ही नहीं अभिभवकों ने भी लुप्त उठाया। टाउन हाल में आठ काउंटर पर एक पर एक लजीज व्यंजन बिक रहे थे। डीईओ दिलीप कुमार के काउंटर पर 10 रुपये में करारी पकौड़ी, लिट्टी व चना बिक रहा था, तो डीएसई अहसन के द्वारा 10 रुपया में खट्टी-मीठी दहीबाड़ा कर इंतजाम किया गया था। डीटीओ सदन लाल जमादार की ओर से 15 रुपये प्लेट चटकारे छोले भटूरे, सदर एसडीओ डा. बिनोद कुमार के सौजन्य से चाय, काफी व सुप, उप निर्वाचन पदाधिकारी वीके सिंह की ओर से तरावटी लस्सी व ठंडई, डीआरडीए निदेशक जफर रकीब की ओर से वेज बिरयानी , डीएचएस डीपीएम रेहान अशरफ की ओर से 10 रुपये में जिलेबी तथा डीआईओ सौम्यव्रत सिन्हा की ओर से रसगुल्ला व मीठी खीर की व्यवस्था की गयी थी। व्यंजन मेला शाम चार बजे से देर रात तक चलता रहा। इससे पूर्व मेला का उद्घाटन विजय कुमार फीता काटकर किया।

बिहार दिवस के बहाने किया गया याद

अररिया : बिहार की स्थापना दिवस समारोह के मौके पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कराये गये कई कार्यक्रमों में जिले के नामचीन हस्तियों को याद किया गया। अब तक समारोह या कार्यक्रम में राजनेता या अधिकारी मुख्य अतिथि दुआ करते थे। लेकिन प्रशासन ने 99वें बहार दिवस समारोह में ये परिपाटी बदल कर जिले के चर्चित लोगों को आमंत्रित किया जो काबिले तारीफ है। सर्वप्रथम जला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में वरिष्ठ पत्रकार डा. नवल किशोर दास को बतौर मुख्य अतिथि बुलाया गया। वहीं कृषि फार्म में कृषि मेला का उद्घाटन वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीकृष्ण झा से कराया गया। स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत एडीजे जुबेरूल हसन, क्विज प्रतियोगिता में मो. मोहसीन व विजय कुमार, विकास हेतु 99 आयडिया में हेडमास्टर अनवरी खातून को मुख्य अतिथि बनाया गया। इसके अतिरिक्त मार्च को होने वाले मेगा ऋण में एपीपी एमपी शर्मा, साइकिल रेस प्रतियोगिता में अब्दुर रहमान, 24 मार्च को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में काली मंदिर के पुजारी नानू बाबा को मुख्य अतिथि के रूप में पेश किया जाएगा।