Wednesday, May 18, 2011

मतगणना केंद्रों पर जमी रही भीड़


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज कालेज स्थित मतगणना केन्द्र के बाहर बुधवार को प्रत्याशी एवं समर्थकों की भारी भीड़ लगी रही। चिलचिलाती धूप में भी चुनाव परिणामों की ताजा खबर जानने को उत्सुक पंचायत के वासियों की भीड़ सड़क और मतगणना के सामने फोर लेन के फ्लाई ओवर पर भी बनी रही। जबकि सैकड़ों समर्थक कई धूप से निजात पाने फ्लाई ओवर के नीचे आश्रय ले रखा था।
इधर मतगणना के पहले दिन ही कालेज चौक पर चाय नाश्ता के दर्जनों व स्थाई दुकानों के साथ फूल माला और अबीर की दुकान भी लग गई थी। जब किसी प्रत्याशी के पक्ष में रूझान के समाचार प्राप्त होते ही समर्थकों की भीड़ माला और अबीर की खरीदारी में व्यस्त हो जाते। पहले दिन पर ही चाय नाश्ता आदि कि अस्थायी दुकानों में अच्छा व्यापार किया। जबकि खीरा, तरबूज एवं कोल ड्रिंक की बिक्री भी काफी तेज रही। वहीं दूसरे पंचायत के प्रत्याशी भी बेताबी के साथ अपनी पारी इंतजार करते देखे गए। कुल मिलाकर मतदान केन्द्र के बाहर मेले का दृश्य बना रहा और सड़क जाम की स्थिति बन गई।

ठनका गिरने से एक जख्मी


कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड के मेंहदीपुर गांव के संन्यासी टोला में बुधवार की अल सुबह ठनका गिरने से एक महिला बुरी तरह जख्मी हो गई। व्रजपात से दो अन्य लोग भी आंशिक रूप से घायल हुए है।
मिली जानकारी के अनुसार संन्यासी टोला निवासी मायानंद पूरी की पत्‍‌नी निर्फुला देवी अपने घर में सोई थी कि तभी जोर की आवाज के साथ पास में ही व्रजपात हुआ। जिससे निर्फुला देवी बुरी तरह झुलस गई। उसे परिजनों ने तत्काल कुर्साकांटा पीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

चुनाव समाप्त होते ही मजदूरों ने फिर पकड़ी परदेश की राह


फारबिसगंज (अररिया) .: चुनाव के संपन्न होने के बाद फिर एक बार फारबिसगंज अनुमंडल के ग्रामीण इलाकों से मजदूरों का रोजगार के लिए अन्य प्रदेशों में पलायन शुरू हो गया है। सैकड़ों की संख्या में मजदूर रोजाना पंजाब, हरियाणा, दिल्ली आदि राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। सरकार के मनरेगा जैसी योजनाओं में व्याप्त लाल फीताशाही के कारण मजदूरों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिस कारण जीविकोपार्जन के लिए मजदूर अपने परिवार को छोड़कर प्रदेशों में पूर्व की भांति पलायन को विवश हैं। मजदूरों के पलायन की रफ्तार का पता इससे भी लगाया जा सकता है कि खेती बाड़ी सहित अन्य कार्यो के लिए यहां मजदूर नहीं मिल रहे हैं। फारबिसगंज रेलवे स्टेशन से दिल्ली जा रहे मजदूरों के एक जत्था में शामिल कुलानंद ऋषिदेव, बजरंगी सरदार, मस्तफा, जमील, रामप्रकाश मंडल आदि ने बताया कि वे लोग दो माह पूर्व अपने घर आए थे। चुनाव में उन्होंने भाग भी लिया और पुन: रोजगार के लिए प्रदेश जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर रोजगार की उपलब्धता नियमित नहीं होने के कारण उन्हें प्रदेश जाना पड़ता है।

आर-पार की लड़ाई लड़ेगी समिति


अररिया : नगर विकास संघर्ष समिति नगर परिषद अररिया के विरुद्ध आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है। जून माह के प्रथम सप्ताह में नप के क्रियाकलापों के विरोध में समिति चरणबद्ध आंदोलन करेगी। यह बात समिति के सचिव नंद मोहन मिश्र ने एक बयान जारी कर कही है। श्री मिश्रा ने कहा है कि नप के कर्मी, अधिकारी व कुछ वार्ड पार्षद मिलकर सरकारी राशि की बंदरबाट कर रहे हैं। संविदा पर बहाल अधिकांश कर्मियों में नप कर्मी व वार्ड पार्षद के रिश्तेदार है। समिति सचिव ने कहा है कि इन्हीं सब मुद्दों को लेकर समिति कार्यकर्ताओं ने आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इधर इन सारे आरोपों को नप के मुख्य पार्षद व कार्यपालक अधिकारी ने इसे खारिज करते हुए मनगढंत करार दिया है।

सफलता का रास्ता शार्ट कट नहीं होता : अभिमन्यु


कुर्साकांटा (अररिया) : यूपीएससी की परीक्षा 2010 में प्रखंड क्षेत्र के कुआड़ी निवासी कृष्ण चन्द्र गुप्त का पौत्र एवं भानु प्र. गुप्त का द्वितीय पुत्र अभिमन्यु ने 128वां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र वासियों ही नहीं बल्कि जिले का नाम रोशन किया। इसके पूर्व भी भारतीय राजस्व सेवा में ये चयनित होकर राजस्व सेवा के तहत नागपुर में प्रशिक्षणरत हैं। अपनी सफलता का श्रेय वह माता-पिता व गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता की तैयारी में छात्रों की असफलता से घबराना नहीं चाहिए। बल्कि जो कमी है उसे दूर करने का प्रयास किया जाना चाहिए। क्योंकि सफलता का रास्ता शार्ट कट नहीं होता है। संर्घष जारी रखना चाहिए। प्रतियोगिक छात्रों को उन्होंने बेसिक ज्ञान के लिए एनसीआरटी की पुस्तकों को उपयुक्त बताया। अपनी सफलता के बाद पहली बार अपने घर पहुंचे अभिमन्यु ने समाज के सभी वर्गो की सेवा की इच्छा व्यक्त की। वे भारत को एक विश्वशक्ति के रूप में देखना चाहता है। आज अभिमन्यु जिस मंजिल पर पहुंच चुका है उसके संदर्भ में उन्होंने कहा कि यह सफर काफी लंबा और संघर्षपूर्ण होता है। उचित मार्ग दर्शन एवं आत्मविश्वास ही संबल का काम करता है। चूंकि इसका क्षेत्र असिमित होता है। हर विषय पर अच्छी पकड़ एवं योजनाबद्ध तरीके से तैयारी होनी चाहिए। प्रत्येक वर्ष नए पैटर्न पर आधारित प्रश्न को हल करने होते हैं, अत: बेसिक ज्ञान ही आधार बनता है। 25 वर्षीय अभिमन्यु ने बताया कि साक्षात्कार के बाद भी वे पूर्ण आश्वस्त नहीं थे परंतु आशान्वित अवश्य थे।

सर्प दंश से बच्ची की मौत


कुसियारगांव (अररिया) : सर्प दंश की शिकार एक पांच वर्षीया बच्ची पायल की मौत सदर अस्पताल अररिया में मंगलवार को हो गई। मिली जानकारी अनुसार ओम नगर निवासी अशोक साह की पुत्री को घर में ही किसी विषैले सर्प ने काट लिया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में इलाज कर रहे चिकित्सक डा. सुदर्शन झा ने बताया कि पीड़िता को एवीएस का दो सूई भी लगाया गया पर उसे बचाया नहीं जा सका। घटना से उसके परिजन व मोहल्लेवासी मर्माहत हैं।

महिला ने किया विषपान


कुसियारगांव (अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के पथलाबाड़ी निवासी मो. इस्हाक की पुत्री बीबी जहान खातुन घरेलू विवाद के कारण बुधवार को विषपान कर ली जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना थाना को भेज दी गई है। इस संबंध में डा. जितेन्द्र प्रसाद ने बताया कि पीडि़ता की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

तरक्की की राह चली राजवंशी समुदाय की महिलाएं


लीड में लगाएं
फोटो: 18 एआरआर 3
कैप्शन-प्रशिक्षण ले रही महिलाओं के साथ नाबार्ड के अधिकारी
......महिला सशक्तीकरण का लोगो अवश्य लगाएं
- तीन दर्जन से अधिक महिलाएं हथकरघा से बना रही जूट के रंग-बिरंगे सामान
- नाबार्ड के सहयोग से बदल रही राजवंशी महिलाओं की तकदीर
-गोवा के पांच सितारा होटलों व अन्य प्रांतों में जूट निर्मित सामान भेजने की तैयारी
-नाबार्ड डीडीएम ने पहल के लिए दैनिक जागरण को दिया साधुवाद
मनोज कुमार,अररिया
भारत-नेपाल की सीमा पर स्थित सिकटी प्रखंड की राजवंशी महिलाएं स्वरोजगार के जरिए स्वावलंबन की जो मिसाल कायम की है वह महिला सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होने वाली है। जूट के रंग-बिरंगे सामान बनाने को लेकर मिली पुश्तैनी सौगात आज उनके अपने पैरों पर खड़ा होने का साधन बन गई है।
दैनिक जागरण ने जब उनकी दयनीय स्थिति को प्रकाश में लाया तो नाबार्ड ने वहां की करीब तीन दर्जन महिलाओं को हथकरघा का प्रशिक्षण देने के लिए बरदाहा में शिविर लगाया और एक स्वयंसेवी संस्थान ने उनके द्वारा निर्मित जूट का झल्ला व कालीन की खरीदारी के लिए कटिहार के एक जूट मिल को तैयार किया। यह जूट मिल उनके सामान को गोवा के पांच सितारा होटलों व अन्य प्रांतों में भेजेगा। आज ये महिलाएं न सिर्फ अपनी व अपने परिवार का भरण-पोषण करने में सक्षम हैं बल्कि किसी पुरुष का मोहताज भी नहीं है। इस संदर्भ में नाबार्ड के डीडीएम एसके झा ने बताया कि ये महिलाएं आधी आबादी की सशक्तीकरण के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित सिकटी प्रखंड मं राजवंशी समुदाय के लोगों की बड़ी आबादी निवास करती है। इस पिछड़े समुदाय के लोगों की जीवनशैली भी खास्ता ही है, लेकिन इस समुदाय की महिलाओं को पुरखों से जूट के सामान बनाने की कला पुश्तैनी सौगात के रूप में मिली हुई है। इस समुदाय क महिलाएं हाथ के सहारे पहले जूट की धुनाई करती हैं फिर अपनी जंघा पर पतला रेशा तैयार करती हैं। इस रेशा को विशेष रूप से तैयार माड़ी के सहारे कड़ा किया जाता है फिर अपने पीठ और पैर में रस्सी को लपेट कर विशेष औजार के जरिए जूट का खूबसूरत झल्ला व चादर तैयार करती है। एक झल्ला तैयार करने में महिलाओं को करीब एक माह का समय लग जाता है साथ ही काफी मेहनत भी करनी पड़ती है। इसके अलावा उन्हें बाजार मूल्य की सही जानकारी नहीं होने के कारण वे पहले उसे औने-पौने दाम पर ही बेच देती थी। लेकिन दैनिक जागरण ने उन महिलाओं की कला और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया तथा सहयोग मिलने पर उनकी कला को रोजगार के अवसर में बदले जाने पर भी फोकस किया था। जिसके बाद उन महिलाओं के तारनहार के रूप में नाबार्ड आगे आया। नाबार्ड के डीडीएम सुनील कुमार झा ने उन महिलाओं का सर्वेक्षण कराया तथा उनकी कला व उत्कृष्ट उत्पाद को देख दंग रहे गये। बाद में नाबार्ड के वित्त पोषण में एक स्वयंसेवी संस्था आदर्श रहनुमा विकास संस्थान को उनके उत्थान का जिम्मा सौंपा। बाद में संस्थान की ओर से बरदाहा में उन महिलाओं को सुधा कार्यक्रम के अंतर्गत हस्तकरघा द्वारा कौशल उन्नयन एवं डिजाइन विकास का प्रशिक्षण शुरू किया। संस्था के बीके झा ने बताया कि महिलाओं को सामूहिक रूप से लूम भी दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा बनाए गए जूट के सामान को कटिहार के एक प्रतिष्ठित जूट मिल द्वारा खरीदे जाने का आश्वासन दिया गया है। उधर पिछले दिनों प्रशिक्षण कार्यक्रम के निरीक्षण के लिए पहुंचे नाबार्ड के डीडीएम एसके झा ने बताया कि राजवंशी समुदाय की महिलाओं में कला का भंडार छिपा है और जिस ढंग से ये महिलाएं स्वावलंबन की ओर अग्रसर हो रही हैं वह आने वाले समय में पूरे देश के लिए मिसाल बनेगी। उन्होंने उन महिलाओं की दुर्दशा को सामने लाने के लिए दैनिक जागरण को साधुवाद दिया।

प्रखंड कर्मियों को मतगणना से अलग रखने की मांग


जोकीहाट (अररिया) : मतगणना कार्यो में गड़बड़ी पहुंचाने की आशंका के मद्देनजर काकन पंचायत के दर्जनों प्रत्याशियों ने मंगलवार को एसडीओ डा. विनोद कुमार को आवेदन सौंपकर प्रखंड के एमओ हारुण रशीद सहित प्रखंड कार्यालय के अन्य सभी कर्मियों को मतगणना से संबंधित सभी कार्यो से मुक्त रखने की मांग की है। प्रत्याशियों के समर्थकों में नूर आलम राही, वफा हसन, नासिर उद्दीन, अब्दुल हाफिज, खालिद सबा, रज्जाक, मजहरूल आदि ने बताया कि मतगणना कार्यो में इनकी उपस्थिति से गड़बड़ी हो सकती है। इस संबंध में एसडीओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि गड़बड़ी करने वाले कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पारदर्शितापूर्ण मतगणना कराने का पूर्ण आश्वासन प्रत्याशियों एवं समर्थकों को दिया।

गर्मी बढ़ी, बिजली की आंखमिचौनी शुरू


अररिया : जिले में पिछले तीन-चार दिनों से बढ़े तापमान से लोग परेशान हैं। इधर, इसी भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंख मिचौनी का खेल आरंभ हो गया है। पिछले कई दिनों से अल सुबह से ही धूप की तपिश बढ़ी रहती है। इस गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालांकि राज्य सरकार ने सभी सरकारी विद्यालयों को गर्मी के कारण अगले आदेश तक बंद करने का आदेश दिया है। परंतु जिले के सभी प्राइवेट स्कूल इस भीषण गर्मी में चल रहे हैं। गर्मी के कारण लोग घर से नहीं निकल पा रहे हैं। आमलोगों की परेशानी से आलाधिकारी को शायद कोई मतलब नहीं हैं। क्योंकि वे तो जेनरेटर चलाकर गहरी नींद में सोते हैं। पिछले दो-तीन दिनों से दिन व रात मिलाकर चार घंटे भी बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही है। जिससे शहर के उपभोक्ता खासे आक्रोशित हैं।

भुगतान में गड़बड़ी को लेकर मतदान कर्मियों ने किया हंगामा


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज कालेज स्थित मतगणना केंद्र पर बुधवार को वोटों की गिनती समाप्त होने के बाद शाम को मतगणना कर्मियों ने मानदेय भुगतान में अनियमितता का आरोप लगाते हुए बबाल काटा। कर्मियों ने मानदेय भुगतान में गड़बड़ी का आरोप लगाया तथा आगे से काम करने पर इंकार किया। किंतु बाद में अधिकारियों के समझाने पर शांत हुए। मतगणना कर्मियों का कहना था कि एक दिन के लिए उन्हें 325 रुपये मानदेय देने का निर्देश दिया गया है। जिसमें दो सौ नकद भुगतान किया गया तथा 100 रुपये भोजन के नाम पर और 25 रुपये खुदरा नहीं होने के कारण बवाल काटा जा रहा था। कर्मी अरविंद कुमार, सुरेश कुमार, शंकर कुमार मांझी, मो. सबीर, मो. इफ्तार सहित अन्य ने बताया कि दिया गया भोजन घटिया था तथा सौ रुपये के लायक नही था। इधर मानदेय राशि वितरण कर रहे लिपिक ने सभी आरोपों को गलत बताया।

दुष्कर्म का मामला दर्ज


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थानाक्षेत्र के रानी इस्तम्बरार गांव की बीबी सफीना पिता स्व. जहीर ने गांव के ही मिठ्ठु उर्फ अफसर पर दुष्कर्म का मामला थाने में दर्ज करवाई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सफीना 13 मई की रात में घर के पीछे शौच के लिए गई थी कि अचानक मिठ्ठु ने पकड़कर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

हर हाल में रोका जाएगा तस्करी : एकेसी


जोगबनी (अररिया) : सीमा क्षेत्र में जारी तस्करी देश के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। खासकर ऐसे समय में जब पूरे देश में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षातंत्र को अलर्ट किया गया है। तस्करी हर हाल में रोका जाना चाहिए। इसके लिए एसएसबी ने रणनीति तय कर अभियान चला रखा है।
उपरोक्त बातें एसएसबी 24 वीं बटालियन के सेनानायक एकेसी सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल से लगी सीमा के सुरक्षा का दायित्व एसएसबी के जिम्मे है। जिसे वह बखूबी निर्वाह कर रही है। सीमा क्षेत्र में बढ़ते तस्करी पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में खाद्यान्न, ड्रग्स एवं विदेशी सुपारी की तस्करी को रोकने की दिशा में एसएसबी कटिबद्ध है। समय-समय एसएसबी द्वारा करोड़ों रुपये के खाद्यान्न एवं सुपारी जब्त करने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि तस्करी पर लगाम पर लगाने हेतु स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग आवश्यक है। इसके लिए एसएसबी द्वारा डीआरएम, एसआरपी, कस्टम, जिला पदाधिकारी एवं एसडीओ को पत्र लिखकर सहयोग मांगा है। उन्होंने कहा कि सोमवार की घटना तस्करों के बौखलाहट का नतीजा है तथा उनके मंसूबे कभी पूरे नही होंगे।

दो प्रत्याशी समर्थकों के बीच मारपीट


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के रामपुर दक्षिण पंचायत में दो प्रत्याशी समर्थकों के बीच बुधवार की संध्या पुराने विवाद को ले मारपीट हो गई, जिसमें आधा दर्जन लोगों को चोटें आई है। जबकि एक मोटर साइकल भी क्षतिग्रस्त हो गई है। तनाव की स्थिति का देखते हुए फारबिसगंज थाना पुलिस मौके पर आक्रोशित लोगों को समझाने में लगी थी। थानाध्यक्ष एके गुप्ता ने कहा कि मामले के सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

8560 एकड़ में श्रीविधि से होगी धान की खेती


अररिया : वित्तीय वर्ष में जिले के 8560 एकड़ में श्रीविधि से धान की खेती की जाएगी। इस योजना के तहत किसानों को बीज के साथ एक कीट भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिनमें बीज के अनुरूप खाद भी होगा। यह जानकारी जिला कृषि पदाधिकारी नईम असगर ने दी है। श्री असगर ने बताया कि आगामी 26 मई से 10 जून तक जिले के सभी प्रखंडों में कृषि उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के माध्यम से किसानों को इस योजना की पुरी जानकारी दी जाएगी। कृषि पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना के तहत 751 ग्रामों को चयनित किया गया है। इन ग्रामों के 1502 कृषकों के बीच 90.12 क्विंटल बीज का वितरण किया जाएगा। इसी प्रकार बीज ग्राम योजना के तहत 72 सौ किसानों को बीज उत्पादन के लिए आधार बीज उपलब्ध करायी जाएगी। हाई ब्रीड राइस योजना के तहत इस बार 3831 हैक्टेयर में धान की खेती की जानी है।
श्री असगर ने जानकारी देते बताया कि वित्तीय वर्ष में जिले को 2198 क्विंटल ढैंचा का बीज उपलब्ध हुआ जो कृषकों के बीच वितरित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिले में कृषि उत्पादन क्षमता के लिए 2749 मिट्टी का नमूना लिया गया है। जिसको जांच हेतु कटिहार भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उन क्षेत्रों के मिट्टी पर ध्यान केन्द्रित की जाएगी ताकि किसानों को फसल बुआई की जानकारी हो सकें।

चचरी! अब भी तेरा ही सहारा


जोकीहाट (अररिया), : प्रखंड क्षेत्र में विकास की बातें अब भी कोसों दूर है। बागनगर एवं चिल्हनियां पंचायत के हजारों लोगों को प्रखंड कार्यालय पहुंचने के लिए पंद्रह किलोमीटर की दूरी को परमान नदी में पुल नहीं होने के कारण 40-45 किमी की दूरी तय कर प्रखंड मुख्यालय जोकीहाट पहुंचना पड़ता है। परमान नदी में मसुरिया एवं खाता घाट में यूं तो बरसात में यातायात पूरी रह बाधित रहता है लेकिन सुखाड़ के दिनों में भी चचरी पुल ही वर्षो से आवागमन का सहारा है। नदी के दोनों किनारों पर प्रधानमंत्री सड़कें बनने को लगभग दो वर्षो से अधिक बीत चुके हैं लेकिन अबतक यहां पुल नहीं बना है। मोंगरा घाट पर भी यही स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि नीतीश कुमार के शासन काल में कई छोटे जगहों पर पुल-पुलिए बने हैं लेकिन आज भी जोकीहाट का खाता घाट मोंगरा घाट, मसुरिया घाट पर परमान नदी में पुल नही बनना विकास का पोल खोल रहा है। वर्षो से चचरी पुल ही यहां के लोगों के आवागमन का सहारा है। ग्रामीणों के बीच लगातार यही प्रश्न उठता है कि आखिर कब यहां पुल बनेगा।

आपसी विवाद को लेकर दर्ज हुई पांच प्राथमिकी


बसैटी (अररिया) : बौसी थाना में सोमवार को अलग-अलग गांवों में पांच प्राथमिकी दर्ज की गई है। भवानीनगर गांव के बीदानन्द मेहता के आवेदन पर समानन्द मेहता, सुशील मेहता सहित कुल सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया। जबकि सुशील कुमार मेहता के आवेदन पर कित्यानंद मेहता सहित चार लोगों का नामजद बनाया गया। इस प्रकार बीबी संजिता खातून के फर्ज बयान के आधार पर छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई, वहीं बसैटी गांव में सोमवार की संध्या रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षो के बीच मारपीट में तीन लोग जख्मी हो गए। हंसराज साह के लिखित आवेदन पर दयानंद साह, अशोक साह सहित छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। जबकि जख्मी दयानंद साह के आवेदन पर छह लोगों के विरुद्ध बौसी थाना कांड सं. 95/11 दर्ज में बताया कि मामले की अनुसंधान की जा रही है। अधिकांश मामले जमीन विवाद का बताया जा रहा है।

टैंक लारी लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थानाक्षेत्र के भेभड़ा चौक पर टैंक लारी लूटकांड का आरोपी रजी पिता हाजी मुजीद ग्राम मटियारी को थानाध्यक्ष मो. जुल्फिकार ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस कांड के अन्य आरोपियों में रंजीत साह पूर्व में ही जेल भेजे जा चुके हैं। अन्य आरोपियों में रागीब एवं संजय साह की भी जल्द गिरफ्तारी होगी।

मतगणना पास बनाने में पक्षपात, प्रत्याशियों का हंगामा


जोकीहाट (अररिया), : पंचायत चुनाव के मतगणना को लेकर मंगलवार तक भी दर्जनों एजेंटों का पास निर्गत नहीं होने पर प्रत्याशियों ने कार्यालय परिसर में बवाल काटा एवं प्रखंड कर्मियों के विरुद्ध नारेबाजी की। मामले को बिगड़ता देख बीडीओ मो. सिकंदर ने पुलिस बल को बुलाकर मामले को शांत कराया।
प्रदर्शनकारियों में मुखिया प्रत्याशी रंजीत मांझी, सलाम, याकूब, शकुंतला देवी, नैयर आलम आदि ने बताया कि 14 मई को ही मतगणना का पास बनाने दिया गया है, लेकिन आज तक पास नही मिला है। प्रदर्शनकारियों ने प्रधान लिपिक रणवीर पासवान पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि कई गैर सरकारी लोगों की सहायता से वे पक्षपात पूर्ण ढंग से पास निर्गत करते हैं। हालांकि श्री पासवान ने आरोप को निराधार बताया।
विधायक सरफराज आलम ने घटना की निंदा करते हुए प्रखंड कर्मियों के द्वारा गड़बड़ी की जांच की मांग की है। श्री आलम ने जोकीहाट प्रखंड के प्रधान सहायक की संपत्ति की जांच की मांग की है। विधायक ने कहा कि प्रधान सहायक की मनमानी के विरुद्ध पूर्व में भी डीएम से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सभी गैर सरकारी कर्मी को अविलंब प्रखंड कार्यालय से हटाने का निर्देश बीडीओ को दिया।

मतगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी


भरगामा (अररिया) : 18 मई से प्रारंभ हो रहे मतगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। मतगणना को लेकर कर्मियों को जहां विधिवत निर्देश जारी कर दिया गया है, वहीं सुरक्षा की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है। निर्वाची पदाधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा एवं बीडीओ मणिमाला ने बताया कि प्रखंड परिसर में मतगणना का कार्य विभागीय निर्देशानुसार आगामी 18 मई से प्रात: 08 बजे से संध्या 06 बजे तक ही संपादित किया जाएगा तथा जिस पद हेतु मतगणना की घोषणा की जाएगी उसी पद के प्रत्याशी या उनके अभिकर्ता मतगणना कक्ष में प्रवेश करेंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना केन्द्र पर अभिकर्ता, प्रत्याशी या अन्य के द्वारा मोबाइल फोन आदि सामग्री ले जाना सख्त मना है।