Thursday, May 26, 2011

चुनावी रंजिश : मारपीट में डेढ़ दर्जन घायल,घर में लगाई आग

जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के मटियारी गांव में नवनिर्वाचित मुखिया अनवरी खातून तथा एक अन्य मुखिया प्रत्याशी बीबी शबनम के समर्थकों के बीच बुधवार की रात्रि जमकर मारपीट हुई, जिसमें डेढ़ दर्जन लोग जख्मी हो गए। मारपीट के क्रम में मुखिया समर्थक एवं बीबी शबनम के समर्थकों ने एक-दूसरे के घरों में आग भी लगा दी। दोनों पक्षों की ओर से जोकीहाट थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है।
आवेदन के अनुसार मुखिया अनवरी खातून के समर्थक डीलर जफीरूद्दीन अन्नपूर्णा का चावल लेकर मटियारी आए तो डीलर पुत्र अबुलैश तथा हसन के पुत्र सोनू उर्फ मुर्तजा के बीच चुनाव संबंधी बातों को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े की बात सुन डीलर वहां पहुंचा, उनके पहुंचते ही हसन कलाम, सलाम सहित लगभग 25 लोगों ने कहा कि तुम अनवरी को वोट क्यों दिये? इसी बात पर मुखिया प्रत्याशी शबनम के समर्थकों ने डीलर से 50,000 रंगदारी मांगी तथा घर में घूसकर लूटपाट किया तथा लाठी, डंडा से मारपीट कर गुफरान, नईम, अकबरी, रेहान, राजा, गुलबहार, नुसरत, मोसर्रत, रजाबुल आदि को जख्मी कर दिया। इस बीच जाते-जाते सबनम के समर्थकों ने गुफरान के घर में आग भी लगा दी। दूसरी ओर मुखिया प्रत्याशी शबनम के पति मो. हसन के आवेदन के अनुसार उनके पुत्र को मुखिया अनवरी के समर्थकों में से मुन्ना, मरगुब, गुफरान, ईशा आदि मारपीट कर रहे थे इसी बीच हल्ला सुनकर जैसे ही हसन आया तो मुखिया अनवरी के पति नजीब सहित 50-60 लोगों ने हसन के घर लूटपाट के क्रम में 25,000 नकद, जेवर, कपड़ा आदि लूट लिया तथा गोदाम में आग लगा दी, जिससे गोदाम में रखे लगभग दो लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। इस बीच विरोध करने पर शबनम समर्थकों में सलाम, जावेद, चमनआरा, जकरिया, मुर्तजा आदि घायल हो गए। घटना को लेकर गाव में तनाव व्याप्त है। थानाध्यक्ष मो. जुल्फिकार ने घटना की पुष्टि की है। समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी दर्ज होने की प्रक्रिया जारी था।

मंजू बनी मुखिया चन्द्रा सरपंच

नरपतगंज (अररिया)  : बुधवार को हुई मतगणना के अनुसार रामघाट कोशिकापुर पंचायत से मुखिया पद पर मंजू देवी ने 42 मतों से शोभा देवी को पराजित कर दिया। मंजू देवी को 611 मत तथा शोभा देवी को 569 मत मिले। उसी पंचायत से सरपंच पद पर चन्द्रा देवी ने 939 मत प्राप्त कर नसीमा खातून को 464 मतों से पराजित किया। नसीमा खातून को 475 मत मिले। पं. समिति क्षेत्र संख्या 27 से सरिता देवी 1266 मत प्राप्त कर पुरनी देवी को 747 मतों से पराजित किया। पुरनी देवी को 519 मत मिले। दरगाहीगंज पंचायत से मुखिया पद पर रविलाल ऋषिदेव ने 633 मत प्राप्त कर योगानंद ऋषिदेव को 64 मतों से पराजित किया। योगानंद को 569 मत मिले।
सरपंच पद पर राजदेव पासवान ने 931 मत प्राप्त कर झमेली ऋषिदेव को 92 मतों से पराजित किया। झमेली ऋषिदेव को 39 मत मिले। पं.स. क्षेत्र संख्या 28 से सुभाष यादव ने 461 मत प्राप्त कर तेज नरायण मंडल को 132 मतों से पराजित किया। तेजनारायण मंडल को 329 मत मिले। समिति क्षेत्र संख्या 29 से अरविन्द कुमार यादव ने 439 मत प्राप्त कर सुनिता देवी को 125 मतों से पराजित किया।
पलासी पंचायत से मुखिया पद पर मनोज मंडल ने अर्जुन मंडल को पराजित किया। पलासी के समिति क्षेत्र संख्या 31 से विभा देवी ने राज कुमारी देवी को पराजित किया। इसी पंचायत के समिति क्षेत्र संख्या 32 से तबन्नुम शबाना ने 344 मत प्राप्त कर सुंदरी देवी को 78 मतों से पराजित किया।

मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

अररिया, : प्रखंड के ग्राम पंचायत किश्मत खबासपुर के मुखिया प्रत्याशी शबनम खातून ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी का एक पत्र सौंप कर आरोप लगाया है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर उनके पंचायत के परिणाम में उलटफेर हुआ है। उन्होंने जिला पदाधिकारी को सौंपे आवेदन में दर्जनों ऐसे मतदाताओं की सूची संलग्न की है जो किसी अन्य पंचायत के हैं और उनका नाम किश्मत खवासपुर पंचायत के मतदाता सूची में दर्ज है। श्रीमती खातून ने बताया कि इस गड़बड़ी की शिकायत पिछले 28 अप्रैल को जिला प्रशासन द्वारा बुलाई गई बैठक में की गई थी। इससे पूर्व 15 अप्रैल को प्रखंड विकास अररिया को भी शिकायत पत्र सौंपा गया था। लेकिन इस शिकायत पर जिला प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। जबकि इस आशय की सूचना 13 अप्रैल को राज्य चुनाव आयोग को पैक्स संदेश के माध्यम से दी गई थी। श्रीमती खातून ने बताया कि मतदाता सूची में व्यापक गड़बड़ी की जांच यदि जिला प्रशासन द्वारा नही कराई जाती है तो वे लोग आमरण अनशन व धरना प्रदर्शन एवं उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

सामान्य शाखा के प्रधान सहायक से डीएम ने पूछा स्पष्टीकरण

अररिया : आपरेशन कार्यालय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला पदाधिकारी एम सरवणन ने बुधवार को समाहरणालय स्थित सामान्य शाखा का निरीक्षण किया। सरकारी पत्रों व संचिकाओं को अद्यतन नहीं रखने के मामले में उन्होंने सामान्य शाखा के प्रधान सहायक से स्पष्टीकरण पूछा। उन्होंने आवंटन पंजी की भी जांच की। फारबिसगंज में 28 लाख की लागत से बन रहे स्टेडियम निर्माण से जुड़ी संचिका की जांच के क्रम में उन्होंने दूरभाष पर ही आरईओ वन के कार्यपालक अभियंता उदयकांत मिश्रा से बात कर दिशा निर्देश दिए। डीएम ने मौके पर चौकीदारों की अनुकंपा से जुड़े फाइल का भी अध्ययन किया। उन्होंने कहा कि अगर चौकीदार को किसी तरह की समस्या है तो वे बिना संघ नेताओं के सहयोग के स्वयं उनसे मिल सकते हैं।

मैट्रिक परीक्षा: सुप्रिया ने हासिल किया बालिका वर्ग में12वां स्थान

अररिया : शहर के वार्ड नंबर 10की सुप्रिया ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की दसवीं कक्षा की परीक्षा में सूबे के अंदर बालिका वर्ग में 12वां स्थान प्राप्त किया है। उसकी इस सफलता से परिजनों में खुशी व उत्साह है तथा मोहल्लावासी गौरवान्वित हैं। बुधवार को जब दैनिक जागरण ने सुप्रिया की सफलता संबंधी खबर ब्रेक की तो परिजन खुशी से झूम उठे।
प्रेम लाल शर्मा व सुलोचना देवी की पुत्री सुप्रिया पांच भाई बहनों में चौथे नंबर पर है। उसने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, माता- पिता, परिजन व गुरुजनों को दिया। उसने बताया कि वह डाक्टर बन कर पीड़ित मानवता की सेवा करना चाहती है।

गुमटी हटाने को लेकर मारपीट, एक जख्मी

अररिया,  : जोकीहाट प्रखंड के चिल्हनियां गांव में अपनी जमीन पर से गुमटी हटाए जाने को लेकर सोमवार की रात दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें जमीन मालिक मो. इदरिश बुरी तरह जख्मी हो गए। इस घटना को लेकर महलगांव थाना में मामला 105/2011 दर्ज कर पूर्व मुखिया मो. जावेद एवं उनके पुत्र को अभियुक्त बनाया गया है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरा मामला चुनावी रंजिश का परिणाम बताया जा रहा है। इस घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

मैट्रिक परीक्षा: सुप्रिया ने हासिल किया बालिका वर्ग में12वां स्थान

अररिया, : शहर के वार्ड नंबर 10की सुप्रिया ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की दसवीं कक्षा की परीक्षा में सूबे के अंदर बालिका वर्ग में 12वां स्थान प्राप्त किया है। उसकी इस सफलता से परिजनों में खुशी व उत्साह है तथा मोहल्लावासी गौरवान्वित हैं। बुधवार को जब दैनिक जागरण ने सुप्रिया की सफलता संबंधी खबर ब्रेक की तो परिजन खुशी से झूम उठे।
प्रेम लाल शर्मा व सुलोचना देवी की पुत्री सुप्रिया पांच भाई बहनों में चौथे नंबर पर है। उसने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, माता- पिता, परिजन व गुरुजनों को दिया। उसने बताया कि वह डाक्टर बन कर पीड़ित मानवता की सेवा करना चाहती है।

Wednesday, May 25, 2011

अधिकारी बदले पर सूचना पट पर नहीं बदला नाम व नंबर


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के बीएसएनएल कार्यालय में टंगे सूचना पट पर अगर भरोसा करें तो बीएसएनएल महाप्रबंधक अभी भी श्याम सुंदर यादव ही हैं। यहां विभिन्न पदों पर कई पदाधिकारी आए और गए, लेकिन कार्यालय में टंगे सूचना पट्ट पर न तो नाम बदला और न ही मोबाइल नंबर। यहां तक कि कटिहार बीएसएनएल महाप्रबंधक अभी भी श्याम सुंदर यादव को दर्शाया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों से नाम, पद और संपर्क नंबर वाले सूचना पट्ट को बदला नहीं गया है। सूचना पट्ट पर अंकित पदाधिकरियों और उनके मोबाइल नंबर के अनुसार वर्तमान में जीएम कटिहार के पद पर दशरथ पंडित पदस्थापित हैं। जबकि सूचना पट्ट पर श्याम सुंदर यादव को दर्शाया गया है। जेटीओ के पद पर सुमन कुमार सिंह को दर्शाया गया है जो वर्तमान में पूर्णिया में एसडीई के पद पर कार्यरत हैं। इसी प्रकार जेटीओ (स्वीच रूम) के पद पर सुनील कुमार दिखाया गया है। इस नाम के आगे अंकित मोबाइल नं. 9431200448 पर संपर्क करने पर रिसीव करने वाला व्यक्ति द्वारा रांग नंबर बताया गया। इन दोनों पदों पर फिलहाल मनीष कुमार नामक अभियंता पदस्थापित हैं। यहां के महत्वपूर्ण पद डीएसई (ग्रुप) के पद पर पूर्व के अधिकारी पीके साह का नाम दर्ज है जिनके मोबाइल नंबर 9431200448 पर संपर्क करने पर मालूम चला कि वे तो बारसोई में पदस्थापित हैं। वर्तमान में अररिया के एसडीई यूके मिश्रा ही फारबिसगंज के प्रभार में भी है। यहां बताया गया कि सूचना पट्ट पर अंकित डीई (पी) अररिया पद पर पदस्थापित सकुमार किस्कू का नाम ही सही है। शेष सभी पदों पर दर्शाये गए पदाधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर यहां के पदाधिकारियों के नहीं है।

पंचायत चुनाव : जीत, खुशी व कौआ विरयानी


अररिया : पंचायत चुनाव की मतगणना का सिलसिला निरंतर जारी है। हर जीत के बाद मतगणना केंद्र के बाहर जयकारे का जोरदार उद्घोष होता है और विजयी उम्मीदवार के साथ कथित समर्थकों की भीड़ चल पड़ती है। रंग अबीर व गुलाल में डूबे समर्थक तथा कागज के बनावटी फूलों की माला में डूबे प्रत्याशी या प्रत्याशी पति। अब मिठाई, नास्ता व खाना फ्री..।
हर रोज निरंतर ऐसा ही नजारा दिखता है।
मंगलवार को बाजार की एक दुकान पर होटल फ्री था। ..हय, वहां मिठाई दो न, अरे बुड़बक, उसको समोसा देबे नहीं किया। इधर, जोश में डूबे समर्थक निरंतर नारा लगा रहे थे। इंकलाब जिंदाबाद..। विजयी मुद्रा में विराजमान इस भीड़ से किनारे एक पराजित उम्मीदवार से मुलाकात होती है। भैया क्या हुआ? अरे गड़बड़ा गया, पैसो ले लिया और वोटो नै दिया। खैर, छोड़िए, होटल में जरा देखिए न कौआ विरयानी का जोश। अभी क्या हुआ है। जब पंचायत का फंड मिलेगा तब देखिएगा असल कौआ विरयानी का जोर।
अरे ई कौआ विरयानी क्या होता है?
वही, इंदिरा आवास में दलाली, केसीसी, सोलर लाइट
में बिचौलियागिरी, नरेगा में घेटाला, वृद्धा पेंशन,अंत्योदय व अन्नपूर्णा में कमीशनखोरी और उसके बाद
जम कर होटलबाजी। वैसे इस कौआ विरयानी की जोरदार चर्चा अब गांवों तक पहुंच चुकी है।
गौरतलब है कि लगभग 70 करोड़ रुपयों का डेहटी पैक्स घोटाला अररिया जिले में ही हुआ। जिले में पंचायत स्तर की राजनीति में इंदिरा आवास व सोलर लाइट घोटालों के अलावा मनरेगा आदि योजनाओं की गड़बड़ी आम रही हैं। इन आरोपों में एक पूर्व डीएम, दो पूर्व डीडीसी व सात बीडीओ विभागीय व न्यायिक कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। इन मामलों में सरकारी कर्मियों के अलावा डेढ़ सौ से अधिक मुखिया भी संलिप्त रहे बताए जाते हैं। सरकारी पैसों की इसी लूट को इस जिले में कौआ विरयानी की संज्ञा दी गई है।

शाहीन बनी मुखिया


पलासी : प्रखंड में पंचायत चुनाव के सातवें दिन मंगलवार को हुए मतगणना में सुखसैना पंचायत से मुखिया पद के लिए शाहीन ने 956 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नजमा खातून को 108 मतों से पराजित कर विजय प्राप्त की। सरपंच पद के लिए बीबी रशिदा ने 1287 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मीनो देवी को 201 मतों से पराजित कर विजय प्राप्त की। वहीं पंचायत समिति सदस्य क्षेत्र संख्या 17 से कृष्ण कुमार राय ने सर्वाधिक 549 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अब्दुल सब्बीर को 87 मतों से पराजित कर विजय प्राप्त की।

गंदगी व कीचड़ का अंबार


फारबिसगंज (अररिया) : करोड़ों रुपये का लेन-देन करने वाली कृषि बाजार समिति (विघटित) के प्रांगण स्थित एसबीआई की एएमवाई शाखा कीचड़ की समस्या से जूझ रही है। इस बैंक के उपभोक्ता चाहकर भी यहां आना नहीं चाहते हैं। बैंक शाखा कार्यालय भवन के चारों तरफ कीचड़ और गंदगी का साम्राज्य है। कोई उपभोक्ता यहां पहुंचना भी चाहे तो वह पैदल नहीं पहुंच सकता। चारों तरफ मोटे परत का कीचड़ रहने के कारण यहां पहुंचने के लिए रिक्शा या अन्य वाहन ही सहारा बना हुआ है। इस महत्वपूर्ण शाखा के उपभोक्ताओं के लिए यहां नरक की स्थिति बनी हुई है।

फरवरी में मांगी सूचना, अब तक नहीं मिली


अररिया : जोकीहाट प्रखंड के भंसिया पंचायत में आगनबाड़ी सेविका पद पर बहाली से जुड़े एक मामले में सूचना मांगे जाने के लगभग तीन माह बाद भी आवेदक को सूचना नहीं मिल पाई है।
इस संबंध में आवेदिका फरखंदा खानम व उसके पिता मंसूर आलम ने बताया कि उनके पंचायत में सेविका पद पर हुई बहाली में फर्जी आमसभा का सहारा लिया गया। जानकारी के अनुसार आमसभा कार्यवाही में वर्णित 48 लोगों ने अपना हस्ताक्षर नहीं होने की बात शपथपत्र दायर कर कही। जब इस बाबत डीएम व निदेशक समाज कल्याण विभाग के पास शिकायत की गई तो दोनों अधिकारियों के स्तर से मामले की जांच के आदेश दिए गए। लेकिन अब तक क्या जांच हुई उन्हें यह नहीं बताया जा रहा है। उन्होंने विगत 28 फरवरी को आरटीआई के तहत सूचना मांगी है, लेकिन लगभग तीन माह बीतने को हैं, उन्हें सूचना नहीं दी जा रही है।

अजगरा-धार में पुल बनने से हजारों होंगे लाभान्वित


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट प्रखंड के भगवानपुर पंचायत के भाग तुर्केली गांव के निकट उदासूर्यापुर सड़क मार्ग पर पुल निर्माण नहीं होने से जोकीहाट प्रखंड के लगभग पचास हजार की आबादी को जिला मुख्यालय आने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि धार के दोनों ओर सड़क बने एक वर्ष से अधिक हो गए लेकिन पुल निर्माण नहीं किया गया जिससे चकई, उदाहाट, चिरह, कुर्सेल, बागेश्वरी, तुर्केली, महलगांव, गैरकी, प्रसादपुर, भंसिया, जोगिन्दर आदि गांव के लोगों को जिला मुख्यालय आने में कठिनाई होती है।

कुर्साकाटा : सारे परिणाम घोषित


कुर्साकांटा (अररिया) : मंगलवार को मतगणना के सातवें व अंतिम दिन प्रखंड के सभी 13 पंचायतों के चुनाव परिणामों की घोषणा कर दी गई। अंतिम दिन सौरगांव चुनाव परिणाम की घोषणा की गई। मुखिया पद से मनोज सिंह कांटे की टक्कर में विजयी रहे। निवर्तमान मुखिया मनोज सिंह को 982 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चन्द्रानंद मंडल को 41 मतों से पराजित किया। वहीं समिति सदस्य क्षेत्र सं. 18 से मीरा देवी ने 642 मत प्राप्त कर सुनिता देवी को 41 मतों से पराजित किया। सरपंच पद से टोटाय दास ने 1118 मत प्राप्त कर पंकज कुमार माथुर को 137 मतों से पराजित किया। जिला परिषद क्षेत्र सं. 13 से भाई उस्मान ने सात पंचायतों के चुनाव परिणाम के बाद अंतत: जीत का सेहरा अपने नाम करा लिया। भाई उस्मान ने 5172 मत प्राप्त कर धर्मनाथ विश्वास उर्फ राकेश मुखिया को 1515 मतों से पराजित किया।
ज्ञात हो कि 13 पंचायतों के चुनाव परिणाम के बाद 11 निवर्तमान मुखिया को हार का मुंह देखना पड़ा वहीं केवल दो निवर्तमान मुखिया पुन: निर्वाचित हुए।

दस साल में ही जर्जर हो गया 11 लाख का पुल


कुर्साकांटा (अररिया), : प्रखंड के कपड़फोड़ा चौक के निकट भलुआ नदी पर सांसद निधि से बना 11 लाख की लागत से स्क्रू पाइल पुल बड़े हादसे का गवाह बन सकता है। यह स्क्रू पाइल पुल मौत को आमंत्रण दे रहा है।
तत्कालीन सांसद सुकदेव पासवान के सांसद निधि से 16 वर्ष पूर्व 1995 में हीं 11 लाख की लागत से बना यह स्क्रू पाइप पुल अंतिम सांस ले रहा है। रख रखाव के अभाव में इसके दोनों तरफ की रेलिंग टूटकर नीचे झूल रही है। इतना ही नहीं पुल के बीच का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। जो दुर्घटना की कारण बन सकता है।

दो वर्ष में ही जर्जर हो गई प्रधानमंत्री सड़क


बसैटी(अररिया) : रानीगंज प्रखंड के हांसा डाक बंगला से बसैटी होते हुए पूर्णिया जाने वाली प्रधान मंत्री सड़क गढ्डों में तब्दील हो गई है। कई स्थानों में गढ्डे के कारण आए दिन दुर्घटना होती रहती है। ग्रामीणों ने उक्त सड़क मरम्मत करवाने की मांग जिला प्रशासन व सरकार से की है। ग्रामीण मुन्ना स्वर्णकार, पप्पू कुमार, विकास आर्य आदि ने बताया कि यह महत्वपूर्ण सड़क प्रधान मंत्री ग्रामीण योजना से बने मात्र दो वर्ष ही हुए हैं कि बसैटी, भवानी नगर, गुणवंती गांव के समीप कई स्थानों में सड़क उखड़ गई है।

तीन वर्ष पूरा करने वाले पंचायत सचिवों का होगा ट्रांसफर : डीएम



अररिया : पंचायत चुनाव मतगणना कार्य जारी रहने तक जिला पदाधिकारी एम. सरवणन कार्यालयों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। श्री सरवणन ने मंगलवार को जिला पंचायत राज कार्यालय व मनरेगा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। प्रथम पाली में पंचायत कार्यालय निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम आवंटन पंजी के बेतरतीब रख-रखाव पर आक्रोश व्यक्त किया। साथ ही पंजी को नियमित रूप से गार्ड फाइल में रखने का निर्देश दिया। डीएम ने संचिका समीक्षा के क्रम में कहा कि एसी व डीसी बिल बनाने का कार्य हर हाल में 31 मई तक पूर्ण करें, अन्यथा कर्मचारी पर कार्रवाई होगी। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2010-11 के लिए दलपति, न्याय मित्र, न्याय सचिव के मानदेय आवंटन की समीक्षा में पाया कि राशि को डीपीआरओ द्वारा प्रखंड कार्यालयों में उपावंटित कर दिया गया है। कार्यालय में लंबित 07 सीडब्ल्यूजेसी के मामलों को शीघ्र निष्पादन करने तथा कार्यालय अधीक्षक को हरेक पंद्रह दिन पर 0 सीडब्ल्यूजेसी, एमजेंसी व सूचना का अधिकार से संबंधित मामले के एक मामले, सेवांत लाभ से संबंधित तथा 15 जन शिकायत वादों के बारे में डीपीआरओ व कर्मियों को निबटाने का सख्त आदेश दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि तीन वर्ष पूरा करने वाले पंचायत सचिवों का ट्रांसफर शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने ऐसे पंचायत सचिवों की सूची तथा गत वर्ष ट्रांसफर के बाद योगदान आदि की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर डीपीआरओ विजय कुमार, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल आदि मौजूद थे।

मतपत्र अधकट्टी मामले में ग्रामीण जाएंगे पटना

फारबिसगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के सोनापुर पंचायत चुनाव के मतपत्र की अधकट्टी (काउंटर फाइल) खेत में बरामद होने के मामले में ग्रामीण चुनाव आयोग पटना से मिलने की तैयारी में है। प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होता देख सोनापुर के ग्रामीण सहित हारे हुए प्रत्याशी आगे जाने के लिए कमर कस रहे हैं। इधर इस मामले में जांच होने की संभावना नही के बराबर है। जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार ने इस बाबत कहा कि मतपत्र की अधकट्टी मतदान के बाद रात को बूथ से ले जाने के क्रम में रास्ते में गिर जाने की संभावना है। एआरओ श्री कुमार ने कहा कि यह मानवीय भूल हो सकती है और इतना गंभीर मामला नही कि इसकी विस्तृत जांच कराई जाए। उन्होंने बताया कि बरामद काउंटर फाइल सोनापुर पंचायत के सरपंच चुनाव से संबंधित है जो करीब 400 की संख्या में है। अधिकारी ने कहा कि यहां जीत-हार का फैसला करीब 1900 मतों से हुआ है। इसलिए परिणाम प्रभावित होने की संभावना नही है।

हजार व पांच सौ के नोटों की हो रही तस्करी


अररिया : भारतीय अर्थ व्यवस्था पर चोट पहुंचाने की दोहरी साजिश हो रही है। सीमा पार से सुपाड़ी व अन्य मादक पदार्थो की तस्करी तथा उसके एवज में हजार व पांच सौ के बड़े भारतीय नोटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अररिया जैसे सीमावर्ती जिले के एटीएम से प्रतिदिन करोड़ों मूल्य के बड़े नोट निकल रहे हैं और उन्हें हर रोज नेपाल भेजा व ले जाया जा रहा है।
जानकारों के मुताबिक भारतीय क्षेत्र के एटीएम से निकलने वाले बड़े नोटों को कमीशन पर नेपाल पहुंचाया जाता है, जहां से उनका इस्तेमाल भारतीय क्षेत्र में तस्करी नेटवर्क के लिए किया जाता है। धंधे में कार्यरत दलाल बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड लेकर भारतीय एटीएम सेंटरों में पहुंचते हैं तथा वहां से रुपयों की निकासी कर उन्हें नेपाल ले जाते हैं।
बाक्स
फोटो- 24 एआरआर 1
कैप्शन- भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी दस रुपये के सिक्के
कहां गए लाखों दस रुपये के सिक्के?
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी व विगत वर्ष अररिया जिले में आया खूबसूरत दस रुपये के सिक्के कहां गए? ये बाजार के सर्कुलेशन में दिखाई नहीं पड़ते।
अररिया के बाजारों में सिक्कों की आम तौर पर किल्लत है तथा किसी भी दुकान में जाइए तो खुदरा की जगह टॉफी पकड़ा दिया जाता है या फिर पर्ची। इस व्यवस्था से आजिज आम लोग सिक्कों की किल्लत पर अब चर्चा भी नहीं करते। जानकारों के अनुसार विगत वर्ष जिले में लाखों मूल्य के दस टकिया क्वाइन आए थे। लेकिन बाजार में कहीं भी दस रुपये का सिक्का नजर नहीं आता। इस सिक्के के बाहरी हिस्से में पीली धातु की खूबसूरत बाइंडिंग है।
कोट :
एटीएम केद्रों पर निकासी करने वाले ग्राहकों में बमुश्किल 25 प्रतिशत लोग ही स्टेट बैंक के ग्राहक होते हैं। नेपाली व अन्य विदेशी बैंकों के कार्ड पर भी स्टेट बैंक के एटीएम से निकासी हो सकती है। स्टॉक में दस रुपये के सिक्के हैं, पहले रिलीज किए गए सिक्कों का क्या हुआ, पता नहीं।
वियोग कुमार, मुख्य प्रबंधक, स्टेट बैंक मेन ब्रांच
कोट :
एटीएम व बैंकों से बड़े नोटों की निकासी कर उन्हें नेपाल ले जाया जाता है। सूचना है कि नेपाल में इन रुपयों का उपयोग कथित रूप से तस्करी नेटवर्क में होता है। ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है।
एकेसी सिंह, कमांडेंट, एसएसबी 24 वीं बटालियन

लावारिस लाश बरामद


रेणुग्राम (अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र के पोठिया पुल के समीप सिमराहा पुलिस ने रविवार को एक लवारिस अवस्था में एक लाश बरामद की। उसे पोस्टमार्टम हेतु अररिया भेज दिया गया है। लाश किसी पुरुष की है तथा उसकी शिनाख्त नहीं की जा सकी है।