अररिया : पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बावजूद नरपतगंज पुलिस द्वारा केस डायरी प्रस्तुत नहीं किये जाने के कारण गुरुवार को लंबित अग्रिम जमानत के मामले की सुनवाई नहीं हो पाई। मिली जानकारी के अनुसार अररिया की अदालत ने कुल 18 लंबित मामले से संबंधित वाद की केश डायरी की मांग पुलिस अधीक्षक से की थी, जिसमें अररिया के पुलिस अधीक्षक ने दिनांक 02 मई 11 को अपने वितन्तु संवाद संख्या 1306 के तहत विभिन्न थानों को सूचना निर्गत की। इसमें नरपतगंज थाना कांड संख्या 45/11 से संबंधित केश डायरी 05 मई 11 के पहले कोर्ट में प्रस्तुत करने का आदेश नरपतगंज थानाध्यक्ष को आदेश दिया था। परंतु पांच मई 11 तक डायरी कोर्ट में प्रस्तुत नहीं की गई। इस परिस्थिति में उक्त अग्रिम जमानत अर्जी की सुनवाई नहीं हो पाई।
Friday, May 6, 2011
बिजली की आंख मिचौनी से उपभोक्ता त्रस्त
फारबिसगंज (अररिया),जाटी: फारबिसगंज प्रखंड के हरिपुर, रामपुर, परवाहा सहित अन्य पंचायतों में बिजली की आंख मिचौनी उपभोक्ता त्रस्त हैं तथा आंदोलन का मन बना रहे हैं। मो. मुमताज, राज, मो. सुकलू, सुशील साह, कपिलदेव मेहता, लक्ष्मण झा, प्रकाश ठाकुर, उमेश राम, बबलू मंडल, गणेश साह, लक्ष्मी साह, सुधाकर, शंकर केशरी कहते है कि हमलोग समय पर बिल जमा करते हैं परंतु बिजली विभाग की उदासीनता के कारण क्षेत्र में दो तीन घटे मात्र बिजली रहती है। जिस कारण चोरी तथा सर्पदंश के शिकार ग्रामीण हो रहे है। यहां तक कि ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल चार्ज नही होने के कारण भी काफी परेशानी होती है। अगर अनियमित आपूर्ति में सुधार नही किया गया तो लोगों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
नैय्यरूज्जमा बने जमाअते इस्लामी के प्रदेश अध्यक्ष
अररिया : अररिया निवासी 49 वर्षीय हाजी नैय्यरूज्जमा को जमाते इस्लामी हिंद का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद जमाल उद्दीन उमरी ने श्री नैयर को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
विदित हो कि नैय्यरूज्जमा 1978 ई. से ही किसी न किसी रूप में जमाअत से जुड़े रहे हैं। वे अररिया जिला के अमीरे मोकामी, कोसी प्रमंडल के प्रभारी के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रहकर जमाअत इस्लामी में अपनी सेवा दे चुके है। श्री नैयर को अध्यक्ष बनने पर पूरे सीमांचल एवं बिहार व बंगाल के लोगों में हर्ष का माहौल है। इन्हें बधाई देने वालों में हाजी कमर मसूद, मो. मोहसिन, विधायक अख्तरूल इमान, विधायक जाकिर अनवर, इंजीनियर जुबैर अहमद, अफरोज आलम, शमसे आलम, मो. नजरूल के अलावा दर्जनों बुद्धिजीवी शामिल हैं। श्री नैयर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जमाअत के संगठन को मजबूत करना एवं सब को साथ लेकर काम करना हमारी प्राथमिकता होगी।
नरपतगंज में मतदान आज, पौने दो लाख मतदाता डालेंगे वोट
अररिया : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के छठे चरण में जिले के नरपतगंज प्रखंड में शुक्रवार को मतदान होगा। प्रखंड के 29 पंचायतों में 406 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। इन मतदान केन्द्रों पर प्रखंड के 1 लाख 76 हजार 114 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नरपतगंज प्रखंड के निर्वाची पदाधिकारी नरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रखंड में 93914 पुरुष तथा 82200 महिला मतदाताओं की संख्या है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रखंड को छह जोन व 29 सेक्टर में बांटा गया है। 150 से अधिक पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की तैनाती भी हुई है। प्रखंड क्षेत्र के 29 पंचायतों में सभी पदों के लिए 2558 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। 29 मुखिया पद के विरुद्ध 227, 29 सरपंच के विरुद्ध 189, 41 पसंस पद के लिए 380, 406 वार्ड सदस्य के लिए 1296 व 406 पंच के लिए 344 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि प्रखंड के चार जिला परिषद सदस्य पद के लिए 68 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं।
इधर नरपतगंज प्रखंड में होने वाले चुनाव को लेकर नेपाल से सटे सीमा को सील कर दिया गया है तथा प्रखंड से सटे अन्य जिलों के सीमा पर भी बैरियर लगाया गया है। मतदान के दौरान बूथ लूटेरों को गोली मारने के आदेश दिये गये है। इसके अतिरिक्त मतदान केन्द्र के 200 मीटर के भीतर हंगामा करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश जारी किया गया है।
बालक ने खाया जहरीला पदार्थ
कुसियारगांव (अररिया) : पलासी थाना क्षेत्र के काचमो गांव में खेलने के क्रम में जहरीला पदार्थ खा लेने से एक बालक बीमार हो गया जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। योगेन्द्र ठाकुर का पुत्र सुभाष कुमार ठाकुर ने खेलने के क्रम में भूल से जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। लेकिन उसकी स्थिति को नाजुक देखकर चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए अररिया भेज दिया। वहीं चिकित्सक डा. एमपी साह ने बताया कि इलाज से लगातार सुधार जारी है।
मारपीट की अलग- अलग घटनाओं में चार जख्मी
कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान विभिन्न मामले को लेकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में एक महिला समेत चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गये, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना अस्पताल द्वारा संबंधित थानों को भेज दी गयी है। जानकारी के अनुसार कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के शरणपुर गांव में चुनावी रंजिश को लेकर एक महिला रेणु देवी की कुछ लोगों ने भरपूर पिटाई कर दी जिससे वह बुरी तरह जख्मी है। उसे तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां बेहतर इलाज के लिए अररिया भेज दिया।
दूसरी घटना जोकीहाट थाना क्षेत्र के सिसौना गांव में हुई जहां घरेलू विवाद को ले पड़ोसी ने मो. एकराम के पुत्र को दबिया से गर्दन पर वार कर घायल कर दिया। जिससे वह जख्मी है। तीसरी घटना महलगांव थाना क्षेत्र के चिलहनिया गांव में घटी जहां उधार मांगने पर मो. नौशाद को धारदार हथियार से वार कर जख्मी कर दिया गया। वहीं आरएस ओपी क्षेत्र के डोरिया सोनापुर गांव में फसल खाने के कारण चरवाहा मो. शाजिद को लाठी से वार कर हाथ तोड़ दिया है।
नया वेतनमान नहीं मिलने पर कर्मियों ने जताया खेद
अररिया : विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी संघ के नेताओं ने सरकार द्वारा नये वेतनमान लागू करने के आदेश के बावजूद उस पर अमल नहीं होने को लेकर खेद जताया है। बीएन मंडल विवि शिक्षकेतर कर्मी संघ के प्रक्षेत्र उपाध्यक्ष जय कृष्ण राय, अररिया जिला सचिव सितेश कुमार वर्मा, अररिया कालेज इकाई सचिव विजय ठाकुर, पूर्व सचिव परवेज आलम सहित कई अन्य नेताओं ने बताया कि सरकार ने हमारी हड़ताल के बाद नया वेतनमान देने पर स्वीकृति दे दी है, लेकिन कई बार स्मार के बावजूद विश्वविद्यालय स्तर से वेतन निर्धारण व मांग विवरणी प्रस्तुत करने का कार्य नहीं किया जा रहा है। यह अत्यंत खेद का विषय है। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि विश्वविद्यालय संघ के स्तर पर भी इस दिशा में समुचित पहल नहीं हो रहा है।
उन्होंने प्रक्षेत्रीय संघ के पदाधिकारियों से इस दिशा में अविलंब पहल करने तथा नया वेतनमान दिलवाने की मांग की है।
अब तक नहीं हुआ परिवहन अभिकर्ता का चयन
अररिया : बिहार राज्य खाद्य निगम, शाखा अररिया में खाद्यान्नों के परिवहन व हथालन अभिकर्ता का चयन अब तक नहीं हो पाया है। 30 जनवरी को डीएम की अध्यक्षता में अभिकर्ता चयन के लिए बैठक तो हुई पर उसमें लिए गए निर्णयों का अब तक पालन नहीं हुआ। उस निविदा में चार संवेदकों ने अपने- अपने दर के साथ भाग लिया। जिसमें उमेश प्रसाद यादव का सबसे कम दर अर्थात शून्य से 10 किमी. तक एक रुपया 30 पैसा तथा शून्य से 50 किमी तक 39 रु. 85 पैसा पर टेंडर भरा गया था। परंतु न तो इन्हें टेंडर दिया गया और न दूसरे अभिकर्ता का चयन हुआ। बताया जाता है कि गत 24 फरवरी को ही डीएम ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को स्पष्ट प्रस्ताव देने का आदेश दिया था। लेकिन डीएम के निर्देशों का पालन आज तक नहीं हुआ। जबकि 30 जनवरी को हुये टेंडर समिति की बैठक में निविदा डालने वाले एक संवेदक के विरुद्ध बांका जिले में 22 फरवरी को ही मामला दर्ज हुआ है। जबकि एक संवेदक के विरुद्ध फारबिसगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज है।
इसके बावजूद डीएसओ कार्यालय के कर्मियों द्वारा संबंधित संचिका सचिकास्थ करने की प्लानिंग की जा रही है।
सूत्रों की माने तो जिला प्रबंधक कार्यालय व आपूर्ति विभाग कार्यालय में कुछ दबंग संवेदक दवाब बना कर मामले को रफादफा करने की साजिश रच रहे हैं। इधर, इन आरोपों को जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविन्द्र राम ने खारिज किया है।
Thursday, May 5, 2011
चुनाव: गावों में अचानक शुरू हो गयी देशभक्ति की बयार
अररिया : जिले में चुनावों की सरगर्मी परवान पर है। प्रचार के तौर तरीकों को देख ऐसा लगता है कि उम्मीदवारों पर देश भक्ति का जज्बा तारी होकर बोल रहा है। अररिया, रानीगंज, फारबिसगंज व नरपतगंज प्रखंड में शेष बचे चार चरणों में चुनाव होने हैं और प्रचार का कानफाड़ू शोर चरम पर है।
इस प्रचार के लिए फिल्म आलमआरा की जुबैदा के गाये गीतों से लेकर कुंदन लाल सहगल, लता, आशा भोंसले व नूर जहां के गाये देश भक्ति के गीतों की धूम है। युवाओं के बीच सुनिधि चौहान व कुणाल गांजावाला के गीतों की जबर्दस्त मांग है। ऐसा प्रतीत होता है कि पूरी ग्रामीण फिजां देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गयी है।
कोई आपसी प्रेम का संदेश देता है: आपस में प्रेम करो देशप्रेमियो तो कहीं पर हम जिऐंगे हम मरेंगे ऐ वतन तेरे लिए की शपथ खायी जा रही है। अररिया जीरो माइल पर तो अभूतपूर्व प्रचार दिखा। कर चले हम फिदा, जाने तन साथियो, अब तुम्हारे हवाले 'बटन' साथियो। भाईयो एवं बहनो, हमारे किस्मत का बटन अब आपके ही हाथ है। यह बात अलग है कि पंचायत चुनावों में इवीएम के बटन का नहीं बैलेट का प्रयोग हो रहा है, लेकिन उम्मीदवारों की गुजारिश अपनी जगह मजबूत है।
जोकीहाट: ग्रामीणों ने मजिस्ट्रेट व मतदान कर्मियों को बनाया बंधक
जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट प्रखंड के महलगांव पंचायत अंतर्गत करहरा गांव में मंगलवार को संपन्न हुए मतदान में गड़बड़ी को लेकर मतदान कर्मियों को ग्रामीणों के आक्रोश का शिकार होना पड़ा। ग्रामीणों ने मतदान समाप्ति के बाद जहां बैलेट बाक्स रोक लिया वहीं मजिस्ट्रेट, पीठासीन पदाधिकारी सहित तीन बूथों के मतदान कर्मियों को बंधक बना लिया।
बाद में सूचना मिलते ही एसडीओ विनोद कुमार व बीडीओ मो. सिकंदर ने वहां पहुंच कर जांच करने व पुन: मतदान कराने का आश्वासन देकर सभी मतदान कर्मियों को मुक्त कराया। तब जाकर बैलेट बाक्स बज्रगृह भेजा जा सका।
वहां के प्रत्याशियों ने डीएम एम सरवणन को आवेदन देकर पुनर्मतदान की माग की है। इस संबंध में एसडीओ डा विनोद कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को मतदान कर्मियों पर गड़बड़ी करने का शक था। जिसके कारण उन लोगों ने बैलेट बाक्स रोक लिया था। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच का निर्देश प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी को दिया गया है। उनकी रिपोर्ट आने पर पुनर्मतदान का निर्णय लिया जायेगा।
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि बूथ नंबर 276 पर 305 वोट ही गिरे थे लेकिन पीठासीन पदाधिकारी 419 वोट गिराये जाने की बात कह रहे थे। ग्रामीणों को शक था कि मतदानकर्मी वहां प्रत्याशी विशेष के पक्ष में कार्य कर रहे थे। ऐसी ही शिकायत बूथ नंबर 275 एवं 277 पर भी थी। बाद में मतदान समाप्ति के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उक्त बूथों के बैलेट बाक्स को रोक लिया तथा मजिस्ट्रेट विनोद कुमार, पीठासीन पदाधिकारी सीएन सिंह, आनंद पाठक सहित अन्य कर्मियों को बंधक बना लिया तथा पुनर्मतदान की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही एसडीओ विनोद कुमार, बीडीओ मो. सिकंदर, थानाध्यक्ष द्वय मो. जुल्फिकार एवं असगर अली अंसारी सहित अन्य पुलिस कर्मी पर मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को पुर्नमतदान का आश्वासन देकर बंधक बने मतदान कर्मियों को देर रात मुक्त कराया। जबकि इस सिलसिले में पूछे जाने पर प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र राम ने बताया कि मतदान के दौरान अफवाह के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई।
जर्जर अवस्था में सड़क
कुर्साकाटा(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित वर्णवाल बस्ती जाने वाली मुख्य सड़क यू तो प्रत्येक वर्ष बरसात में जर्जर अवस्था में पहुंच जाता है। लेकिन इस बार बारिस के पहली फुहार के बाद भी नरक में तब्दील हो चुका है। प्रखंड मुख्यालय की हृदय स्थली कही जाने वाली यह सड़क पीडब्लूडी मुख्य सड़क से बस्ती की ओर जाती है। इस ईट सोलिंग सड़क की स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि चौपहिया वाहन को कौन कहे दुपहिया वाहन का इस सड़क से चलना मुश्किल हो गया है। खासकर एक बारिस के बाद इस मार्ग से गुजरना जंग जीतने के समान है। वर्णवाल बस्ती ही नहीं मरिक टोला, पासवान टोला, अम्बारी टोला आदि के लोगों का अपने घर जाने का यही एक मुख्य मार्ग है। जनप्रतिनिधियों ने इस सड़क की नारकीय स्थिति को देखकर ही अनदेखी करते रहे। मुहल्लेवासी रामनाथ गुप्ता, अनिल साह, नूर मोहम्मद, रामानंद पासवान, दिलीप पासवान, शिवानंद गोपाल आदि ने बताया कि वे लोग कई बार जनप्रतिनिधियों से मिलकर इस सड़क के जीर्णोद्वार करने का आग्रह किया है। परंतु स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है। प्रखंड मुख्यालय स्थित यह मुख्य सड़क सदा से उपेक्षित रहा है। जिस कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कामेश्वर गुप्ता के घर के निकट बीच सड़क में बड़े बड़े गडढों में पानी भर चुका है। पैदल भी इस रास्ते से गुजरना खतरों को न्यौता देना है।
नशीले पदार्थो की बिक्री चरम पर
भरगामा (अररिया) : इन दिनों प्रखंड क्षेत्र में गांजा समेत अन्य नशीले व मादक पदार्थो की बिक्री चरम पर है। स्थिति यह है कि किराना, पान दुकान या अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर भी इस तरह के मादक पदार्थो की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है।
सूत्रों की माने तो इस धंधे में कथित रूप से कुछ पुलिस वालों का भी सहयोग बताया जाता है। हालांकि थानाध्यक्ष भोला सिंह ने इस तरह के किसी भी गतिविधि से खुद को दूर बताते हुए इस प्रकरण पर त्वरित विराम लगाने हेतु हर संभव प्रयास करने की बात कही है।
सत्संग भवन आश्रम का शिलान्यास
फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत हरिपुर पंचायत के हरिपुर डाक में महर्षि मेंही सत्संग भवन आश्रम का शिलान्यास दिनांक गत एक मई को किया गया। गांव के ही बासदेव मेहता एवं हीरा लाल मेहता ने सत्संग भवन के लिए जमीन दान में दी है। शिलान्यास गांव के ही विभाष चन्द्र मेहता के द्वारा किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सत्संग भवन नही रहने के कारण सत्संग प्रेमियों को काफी कठिनाई होती थी। भवन निर्माण की देख-रेख का जिम्मा ग्रामीणों ने संजय मेहता को सौंपी है।
सुअरों के उत्पात से नगरवासी परेशान
फारबिसगंज(अररिया) : नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डो में सुअर के झुंडों के अवाध विचरण से नगरवासी परेशान हैं। ये जहां गंदगी फैला रहे हैं वहीं लोगों को नाकों पर रूमाल रखने को विवश कर देते हैं। वहीं नगर प्रशासन ने आश्वासन के बाद भी इस ओर अब तक ध्यान नहीं दिया है। बताया जाता है कि शहर के वार्डो में विचरण करने वाले ये सुअर दरअसल सफाई कर्मियों के पालतू हैं। लेकिन उन्हें लावारिस छोड़ दिया जाता है। जिसके चलते ये जीव आराम से शहर के रिहाइशी इलाके, मंडी बाजार और मैदान समेत आसपास के क्षेत्रों में आराम से विचरण करते नजर आते हैं। इस संदर्भ में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने कुछ माह पूर्व आश्वासन दिया था कि इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। किंतु महीनों गुजर जाने के बावजूद भी सुअरों का उत्पात यथावत बने रहने के कारण लोग परेशान हैं।
हस्ताक्षर अभियान का विशेष कैंप 7 को
फारबिसगंज (अररिया), : बिहार को विशेष राच्य का दर्जा देने की मांग को लेकर जारी जदयू के हस्ताक्षर अभियान के अंतिम चरण में आगामी सात मई को जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंड मुख्यालय एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया है। जदयू के जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा ने बताया कि पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सात मई को विशेष हस्ताक्षर कैंप लगाया जायेगा। जबकि आगामी दस मई को हस्ताक्षर अभियान का रिपोर्ट मुख्यालय को सौंप दिया जायेगा। साथ में ग्यारह मई को पटना में एनडीए की बैठक आयोजित की गई है। कहा कि जदयू के अररिया जिला संगठन प्रभारी आलोक वर्द्धन तथा पार्टी जिलाध्यक्ष नौशाद आलम के सफल नेतृत्व में निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया जायेगा। कहा कि संगठन प्रभारी श्री वर्द्धन द्वारा जिला में चल रहे हस्ताक्षर अभियान की देख-रेख की जा रही है।
हस्ताक्षर अभियान का विशेष कैंप 7 को
फारबिसगंज (अररिया) : बिहार को विशेष राच्य का दर्जा देने की मांग को लेकर जारी जदयू के हस्ताक्षर अभियान के अंतिम चरण में आगामी सात मई को जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंड मुख्यालय एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया है। जदयू के जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा ने बताया कि पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सात मई को विशेष हस्ताक्षर कैंप लगाया जायेगा। जबकि आगामी दस मई को हस्ताक्षर अभियान का रिपोर्ट मुख्यालय को सौंप दिया जायेगा। साथ में ग्यारह मई को पटना में एनडीए की बैठक आयोजित की गई है। कहा कि जदयू के अररिया जिला संगठन प्रभारी आलोक वर्द्धन तथा पार्टी जिलाध्यक्ष नौशाद आलम के सफल नेतृत्व में निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया जायेगा। कहा कि संगठन प्रभारी श्री वर्द्धन द्वारा जिला में चल रहे हस्ताक्षर अभियान की देख-रेख की जा रही है।
अवैध शराब की बिक्री जोरों पर
फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के परवाहा हाट में अवैध देशी व अंग्रेजी शराब की बिक्री इन दिनों धड़ल्ले से हो रही है। परवाहा चौक, परवाहा हाट, धीवाहा चौक, हरिपुर चौक, सैफगंज चौक स्थित चाय नाश्ता, किराना एवं पान दुकानों पर भी अवैध शराब धड़ल्ले से बिक रहा है। यही वजह है कि उक्त चौराहों पर शाम ढ़लते ही सभ्य लोगों का चलना मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि यहां अक्सर लड़ाई झगड़ा भी होता रहता है।
ओपी अध्यक्ष के खिलाफ आवेदन
बथनाहा (अररिया) : प्रताड़ित किये जाने व झूठे मुकदमा में फंसाये जाने की धमकी दिये जाने का आरोप लगाते हुए सोनापुर गांव के लोगों ने बथनाहा ओपी अध्यक्षके विरूद्ध एसपी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस बाबत करीब 50 लोगों द्वारा दिये गए हस्ताक्षरित आवेदन की कापी मुख्यमंत्री, डीजीपी, आईजी एवं डीआईजी को भी दी गयी है।
नरपतगंज में थमा चुनावी शोर
नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में आगामी 6 मई को होने वाले पंचायत चुनाव का प्रचार-प्रसार खत्म हो गया है। क्षेत्र का माहौल शांत हो गया है और प्रखंड मुख्यालय में पदाधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस बल से भरा हुआ है। मतदान कर्मियों को बारिश के कारण थोड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ा। निर्वाचन पदाधिकारी नागेन्द्र सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण एवं भय मुक्त मतदान कराने हेतु सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। वही पुलिस बल पर नियंत्रण स्वयं ही एसपी राम कृपाल शर्मा कर रहे है तथा निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पूर्व में आदेश दिये गए वाहन में से एक वाहन का उपयोग प्रत्याशी मतदान के दिन कर सकते हैं।
रिम का नेटवर्क गुम, उपभोक्ता परेशान, अधिकारी उदासीन
फारबिसगंज (अररिया) : रिम यानी रिलायंस इंडिया मोबाइल के उपभोक्ता पिछले कुछ माह से नेटवर्क नही रहने से परेशान है। मोबाइल उपभोक्ता छले जा रहे है।
उपभोक्ताओं द्वारा रिचार्ज के अलावा विभिन्न एसटीवी पावर डाले जाने के बावजूद भी रिम का टावर गायब रहने के कारण उपभोक्ता किसी भी सेवा का लाभ नही उठा पा रहे हैं और खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। रिम के उपभोक्ताओं ने बताया कि यूं तो यह समस्या एक वर्ष से भी अधिक समय से जारी है, लेकिन विगत कुछ महीनों से यह समस्या अधिक बढ़ गई है। जबकि उपभोक्ताओं का कहना है कि कस्टमर केयर में बार-बार शिकायत के बावजूद भी कोई सुधि नहीं ली गई।
इस संदर्भ में रिम के काफी पुराने उपभोक्ता अरविंद गोयल, तमाल सेन, दूरगाह अंसारी, मो. साबिर आदि ने मोबाइल पोर्टेबिलिटी सुविधा के तहत कंपनी बदलने की आवेदन कर चुका है। जबकि कईयों ने कंपनी बदल ली या फिर रिम के बदले दूसरे सीडीएमए सेवा का लाभ ले लिया है।
इस संबंध में फारबिसगंज में कंपनी के प्रतिनिधि वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि समस्या की सूचना जिला तथा पटना मुख्यालय के अधिकारी को दी जा चुकी है। जबकि अररिया स्थित रिम के एरिया मैनेजर अभिषेक कुमार ने नेटवर्क के खराब रहने से इनकार करते हुए कहा कि महज कुछ जगहों पर हीं गड़बड़ी की सूचना है। वहीं पटना के एक अधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि फाइबर में गड़बड़ी के कारण रिम के नेटवर्क में बड़ी समस्या आ गई है। बताया जा रहा है कि जिला के स्थानीय कंपनी अधिकारी नेटवर्क दुरुस्त करने में समुचित प्रयास नही कर रहे हैं। फारबिसगंज स्थित रिम मोबाइल के डिस्ट्रीब्यूटर जय मां तारा कम्युनिकेशन के नरेन्द्र कुमार ने कहा कि रिम मोबाइल और डेटा कार्ड के उपभोक्ता इस खराब नेटवर्क के कारण हमसे दूर भाग रहे है। रिचार्ज कूपनों और मोबाइलों की बिक्री बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि कंपनी के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन स्थिति में कोई सुधार नही है। जो उपभोक्ता महीना भर का स्कीम वाला पैक कूपन रिचार्ज करवाते है वह उसका पूरा उपयोग ही नही कर पा रहे है।
Subscribe to:
Posts (Atom)