Tuesday, December 20, 2011

जांच की मांग


अररिया: भरगामा प्रखंड अंतर्गत नवलगंज पिताम्बर राम टोला निवासी राकेश कुमार ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र में हो रही अनियमितता की जांच की मांग की है।
विद्युत उपभोक्ता परेशान
रेणुग्राम: फारबिसगंज प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति नियमित नहीं रहने से उपभोक्ता परेशान हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि पिछले कई दिनों से बिजली की स्थिति दयनीय बनी हुई हुई है। पिछले अड़तालीस घंटे से मात्र दो तीन घंटे ही बिजली मिल पाती है। बिजली उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारी से नियमित बिजली आपूर्ति करने की मांग की है।

छात्रावास निर्माण में अनियमितता का आरोप

भरगामा (अररिया) : अल्पसंख्यक के कल्याणार्थ सरकार जहां नित नई-नई घोषणाएं कर रही है। वहीं प्रखंड के दीदार बक्स उ. वि. वीरनगर में निमार्णाधीन अल्पसंख्यक छात्रावास में अनियमितता बरती जा रही है। ं कार्य स्थल पर न तो प्राकल्लन राशि की सूचना टांगी है और न ही बोर्ड ही लगाया गया है। इस संदर्भ में ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी एम. सरवणन एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी भरगामा अरुण कुमार गुप्ता को आवेदन प्रेषित किया है। ग्रामीणों में हाजी शाहजहां, हाजी सलीमुद्दीन, पैक्स अध्यक्ष अब्दुल सत्तार, मो. कैजूल, मो. निजाज, मुमताज आदि ने आरोप लगाया है कि संवेदक तीन नंबर का ईट, घटिया बालू, गुणवत्ता हीन सीमेंट का उपयोग निर्माणाधीन छात्रावास में किया जा रहा है। दिये गये आवेदन आलोक में बीडीओ अरुण कुमार गुप्ता ने प्रभारी प्रधानाध्यापक कमरूल हौदा को स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। इधर ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई नही की गई तो मामले को लेकर आंदोलन करेंगे।

बांस को लेकर किसानों में आस


भरगामा (अररिया) : बांस की खेती भरगामा व आसपास के इलाकों के किसानों समक्ष संवृद्धि का जरिया बनता जा रहा है। बड़ी संख्या में किसान इस खेती के प्रति आशक्त हुए हैं। शून्य लागत पर आधारित इस खेती को लेकर क्षेत्र के किसानों में काफी उत्साह भी बना है।
बांस की कई प्रजाती के लिए उर्वरक साबित हो रही यहां की मिट्टी:-
जानकारों की माने तो चाभ, बनबांस, मोकला, हरौथ आदि बांस की कई प्रजातियां है जो इस मिट्टी के लिए उपयुक्त है। खासबात यह है कि शून्य की लागत की यह खेती अर्थोपार्जन के साथ कई मायने में लाभकारी साबित हो रही है। बांस की छोटी-छोटी पतली शाखाएं फूस के घर निर्माण, घेराबंदी आदि के कामों में आ जाती है, जबकि जड़ जलावन के काम में। इससे किसानों के कई समस्या का हल भी एक साथ हो जाता है। एक आंकड़े के मुताबिक केवल भरगामा में फीलवक्त ढ़ाई हजार एकड़ से अधिक के क्षेत्रों में बांस की खेती हो रही है जो कुछ वर्ष पूर्व तक ढ़ाई सौ से चार सौ एकड़ के बीच थी।
व्यवसाय के रूप में उभरने को बेताब यह खेती:-
छोटे से प्रखंड की सीमा को लांघ कर यह व्यवसाय देखते अब महानगर-दिल्ली के साथ राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं अन्य कई बाजारों तक पहुंच गया है। स्थानीय स्तर पर भी कई व्यवसाई उभरे हैं जो रोजगार के साथ अच्छी कमाई भी कर रहे हैं। व्यवसाई बताते हैं कि हाल के दिनों में हुए सड़क निर्माण तथा सुदृढ़ीकरण की व्यवस्था ने इस खेती या व्यवसाय को बेहतर गति दिया। जिस कारण व्यापारी खेतों के बीज सहजता से उपलब्ध हो जाते हैं।
प्रशासनिक प्रयासों से स्थापित हो सकती है यह खेती:-
जानकारों की मानें तो प्रशासनिक प्रयास से बांस की खेती को स्थापित कर गांवों में भी संवृद्धि लाई जा सकती है। इसके लिए जरूरी है किसानों के बीच इसके खेती से जुड़े तकनीक की सही जानकारी उपलब्ध कराना, आर्थिक सहायता व प्रोत्साहन आदि। बहरहाल बांस की खेती कर रहे किसानों में अरविंद यादव, जयन्त कुमार, राणा गुप्ता बताते हैं कि गांवों में भी एक बांस की कीमत 40 से 50 रुपया तक उपलब्ध हो जाती है। एक अनुमान के मुताबिक बताया कि प्रति वर्ष, प्रति एकड़ इस खेती से लाखों में कमाई की जा सकती है।

हत्यारोपी महिला गिरफ्तार

बसैटी : बौसी थानाध्यक्ष टुनटुन पासवान के नेतृत्व में पुलिस ने हत्या के आरोपी बुधनी देवी को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि 2010 में एक हत्या के मामले में वह नामजद आरोपी थी। जो अपने ससुराल कटिहार में रहती थी।

हौसले ने किया विकलांगता को पराजित


बथनाहा (अररिया) : बचपन से वह अपने दोनों पैर से विकलांग पोलियोग्रस्त है। बावजूद इसके यह विकलांगता कमी उसके जीवन का अवरोधक नही बन पायी। क्योंकि यह शारीरिक विकलांगता कभी उसके मन-मस्तिष्क को विकलांग नही बना पायी।
वह बारह वर्ष का था तबसे वह अपने परंपरागत पेशे से जुड़ गया और आज वह अपनी ट्राई साइकिल से प्रतिदिन 3 से 4 किमी की दूरी तय करके आता है और बथनाहा हाट व वीरपुर मोड़ चौड़ाहे के फुटपाथ पर अपनी दुकान लगाता है।
वह प्रतिदिन दूसरों के चप्पल जूतों की मरम्मत कर स्वयं व अपने परिजन की गुजर करता है।
आज जब विकलांगता का ढोंग रच कर भीख मांगने वालों की तादाद काफी है अमौना पंचायत के मीरगंज गांव के 20 वर्षीय विकलांग विनोद राम का जज्बा एवं हौसला क्षेत्र में मिसाल बनी है। दोनों पैर से विकलांग विनोद न केवल अपने परिवार का सहारा बना हुआ है बल्कि विकलांग होने के बावजूद वह दुनियां को पैरों पर खड़ा होने की राह दिखा रहा है। हालांकि आज तक उसे पंचायत या अन्य स्तर पर कोई सरकारी सहायता नही मिल पायी है।
विनोद ने बताया कि अपने कमाई में से थोड़े-थोड़े पैसे जमा कर उसने कबाड़ी से एक ट्राई साइकिल खरीदा फिर उसे मरम्मत करवा कर उसी से आता जाता है। वर्ना इससे पहले वह टायर आदि अपने कमर के नीचे बांधकर उसके सहारे घसीट-घसीट कर आता-जाता था। वहीं पंचायत के मुखिया पति सह जदयू नेता मुन्ना खान ने कहा कि बहुत जल्द विनोद को इंदिरा आवास व अन्य सरकारी सहायता देकर उनकी मदद की जायेगी।

प्रेम के भूखे होते हैं भगवान: सुधीर जी महाराज


जोगबनी (अररिया) : जब जब पृथ्वी पर पाप बढ़ता है तो प्रभु अवतार लेते हैं। श्री राम ने भी अवतार ले राक्षसों का नाश किया। प्रभु की लीला अगम अपार है।
उपरोक्त बातें नेपाल के विराटनगर स्थित तोदी भवन में आयोजित राम चरित्र मानस अमृत वर्षा ज्ञान के दूसरे दिन अपने प्रवचन में सुधीर जी महाराज ने कही। उन्होंने कहा कि प्रभु छोटे बड़े देख नही आते। वो प्रेम के भूखे हैं। अगर ऐसा होता तो सबरी के जूठे बैर खाने प्रभु उनकी कुटिया में नही विराजते। महाराज जी सीता हरण संवाद पर प्रवचन देते हुए कहा कि प्रभु तो अन्तर्यामी थे उन्हें सब पता था कि सोने का हिरण माया है फिर भी उसके पीछे भागे और रावण ने सीता हरण किया।
उन्होंने कहा कि सच्चे मन से प्रभु को याद करने वाला ही ज्ञानी है। बाल्मिकी ने सच्चे मन से प्रभु को याद किया और उन्हें प्रभु ने अपने शरण में लिया। इस अवसर पर नौ दिवसीय अमृत वर्षा ज्ञान के आयोजक नेपाल-भारत मैत्री परिषद के सचिव यशोदा दहाल, कोषाध्यक्ष पुष्पा दहाल, उपाध्यक्ष राजेश पोखरेल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

डीएओ ने किया खाद दुकानों का निरीक्षण


रानीगंज(अररिया) : सोमवार को जिला कृषि पदाधिकारी मो. नईम अशरफ ने रानीगंज में विभिन्न खाद बीज प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीज एवं विभिन्न खाद के नमूने एकत्र किये। खाद बीज दुकानदारों से इस दौरान उन्होंने सही खाद बीज उचित कीमत में किसानों को उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों को गेहूं की खेती जीरो टिलेज विधि से करने की सलाह दी। किसानों को जानकारी देते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि गेहूं की खेती लगाने का समय निकलता जा रहा है। समय एवं लागत की बचत के लिए किसान जीरो टिलेज विधि से गेहूं की फसल लगाये। इस विधि से गेहूं लगाने की मशीन जिला में उपलब्ध है जो 80 प्रतिशत अनुदान पर मात्र 12 हजार रूपये में किसानों को दिये जा रहे हैं। कृषि विषय वस्तु वैज्ञानिक प्रताप विराजी के साथ जिला कृषि पदाधिकारी ने रानीगंज के अधिकांश खाद बीज दुकानों का निरीक्षण किया। नकली खाद बीज एवं प्रयोग की समाप्ति के बाद कीटनाशक व दवा बेचने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने की कड़ी चेतावनी दी। खाद की जमाखोरी कर कालाबाजारी करने वालों पर नकेल कसने की भी बात डीएओ ने कही।

भूमि अधिग्रहण का मुआवजा राशि वितरित

अररिया : सोमवार को स्थानीय डीआरडीए सभा भवन में भूमि अधिग्रहण का मुआवजा राशि कैंप लगाकर वितरित किया गया। आईसीपी गोरियारे के निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई भूमि का राशि चेक के माध्यम से भू-स्वामित्वों को दिया गया। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रविन्द्र राम ने बताया कि आज इस कैंप में रामनारायण साह, रूबी कुमारी, शिवनारायण साह आदि लाभुकों के बीच 8 लाख, 1 हजार, 320 रुपये का चेक बांटा गया। श्री राम ने बताया कि अब निर्देश के अनुसार एक साथ ही मुआवजा राशि वितरित किया जाना है। इस मौके पर डीएलओ कार्यालय के प्रधान सहायक महादेव प्र. यादव, मो. मुस्लिम आदि मौजूद थे।

पारा लुढ़का, अलाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं


फारबिसगंज (अररिया) : दिसंबर जाने को है दिन प्रतिदिन ठंड बढ़ता जा रहा है,पारा लगभग 7 डिग्री तक लुढ़क चुका है। लोग घरों से निकलने में कतराने लगे हैं पर नगर परिषद प्रशासन इस समस्या से बेखबर नजर आ रहा है। फारबिसगंज व आसपास के क्षेत्रों में अभी तक पर्याप्त मात्रा में ठंड से राहत के इंतजाम करने में प्रशासन दिलचस्पी नही दिखा रहा है। आम आदमी नप के उदासीन रवैया को जनकल्याण कार्यो की अनदेखी के रूप में अब देखने लगा है।
पिछले वर्षो के विपरीत फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में पर्याप्त अलाव की व्यवस्था नही की गई है। ठंड से ठिठुरते लोगों को चौक-चौराहों पर देखा जा सकता है। सबसे ज्यादा बुरी स्थिति हवा के झोंकों के चलने पर होती है।
परवाहा से खरीदारी करने आए किशुन बताते हैं कि पहले जगह-जगह अलाव के इंतजाम किए जाते थे। पर इस बार ऐसी स्थिति नदारद है। जबकि ठंड इसबार पिछले सारे रिकार्ड तोड़ने पर आमदा है। वहीं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गिरिजानंद कापड़ी अलाव की व्यवस्था नहीं होने का ठीकरा अनुमंडल प्रशासन पर फोड़ा है। श्री कापड़ी ने बताया कि उन्हें अभी तक अनुमंडल पदाधिकारी से अलाव की व्यवस्था संबंधी कोई निर्देश नही मिला था।

डेयरी फिल्ड आफिसर के वेतन पर डीएम ने लगायी रोक



अररिया : जिला पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में सोमवार को कृषि विभाग के जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता डीएम एम. सरवणन ने की। बैठक के दौरान ही गव्य विकास की समीक्षा के क्रम में खराब रिपोर्ट देने व कार्य में शिथिलता बरते जाने को लो डेयरी फिल्ड आफिसर संजय कुमार सिंह के वेतन पर अगले आदेश तक के लिए डीएम ने रोक लगा दी। डीएम श्री सरवणन ने स्पष्ट किया कि अगली बैठक में सही रिपोर्ट नहीं देने पर उनके उपर विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जायेगा। डीएम ने डेयरी फिल्ड आफिसर को गव्य विकास के तहत अनुदान पाने वाले लाभार्थियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कराने का भी सख्त निर्देश दिया। डीएम ने यह भी कहा कि जिस बैंक में अनुदान का मामला लंबित है, स्वयं जाकर निष्पादन करवायें। बैठक में रबी कार्यक्रम के लिए तैयार 67 लाख 92 हजार का बजट व खर्च की गई राशि वेतन सहित कुल 25 लाख 81 हजार का बिल पारित किया गया। वहीं बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि यांत्रीकरण अनुदान मद में 18 लाख 90 हजार रुपया अब भी अवशेष हैं। बैठक में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, निरीक्षक आदि के मुख्यालय से लगातार गायब रहने का भी मामला उठा। इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी नईम अशरफ, जिला पशुपालन पदाधिकारी डा. आरपी सिंह, सिंचाई प्रमंडल अररिया, बथनाहा नरपतगंज के कार्यपालक अभियंता, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल आदि मौजूद थे।

बकरा के विस्थापित जी रहे खानाबदोश की जिंदगी


सिकटी (अररिया) : रहने को घर नहीं सोने को बिस्तर नहीं..,किसी तरह गुजर रही है जिंदगी प्रखंड क्षेत्र के बकरा व नूना नदी से विस्थापित परिवारों का कुछ ऐसा ही नसीब है। हालांकि सीओ एसके पांडे का कहना है कि विस्थापितों के पुनर्वास के लिए सूची बनाई जा रही है। उन्हें जल्द जमीन उपलब्ध करा दी जायेगी।
बकरा नदी से विस्थापित हुए परिवार पिछले कई वर्ष से सड़क, बांध व तीरा हाट पर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में खानाबदोश की जिंदगी व्यतीत कर रहे हैं। प्रशासन व जनप्रतिनिधि से इन लोगों को पुनर्वास का आश्वासन तो मिला, पर उस पर अमल नही होने से दिन व दिन इन लोगों की हालत बिगड़ती जा रही है। हालांकि यहां के सांसद व विधायक कटाव स्थल का निरीक्षण भी किया विस्थापित परिवारों को आश्वासन भी दिया, लेकिन नतीजा कुछ भी नही निकला।
जानकारी के अनुसार वर्ष 1987 के बाद से बाढ़ एवं कटाव से विस्थापितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। कृषि योग्य भूमि का एक बड़ा भाग कटाव ग्रस्त होने से कृषि पर अधारित परिवारों की हालत भी खराब हो गयी है।
एक ही जगह बसे ग्रामीण कभी पड़ोसी हुआ करते थे लेकिन आज अलग अलग जगहों पर बसे हैं। क्षेत्र के नेमुआ गांव की सड़कों व तीरा हाट सहित कई अन्य स्थानों पर विस्थापित परिवार झोपड़ी डालकर रह रहे हैं। कई विद्यालय भी नदी की कटाव की जद में आ गये हैं।
इस संबंध में अंचलाधिकारी एसके पांडे ने बताया कि विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए सूची बनाई जा रही है। उन्हें बहुत जल्द जमीन उपलब्ध करा दी जायेगी।

25 दिसंबर तक बंद रहेंगे सभी प्राइवेट व सरकारी स्कूल

अररिया : मानव संसाधन विकास विभाग के प्रधान सचिव के निर्देशानुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने ठंड के कारण जिले के सभी प्राईवेट व सरकारी स्कूलों को 25 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। सोमवार को जारी आदेश के अनुसार इसी दिन से जिले के सभी उच्च, मध्य, प्राथमिक, मदरसा, संस्कृत व प्राइवेट स्कूलों पर प्रभावी होगा। जारी आदेश के अनुसार माध्यमिक विद्यालयों में जांच परीक्षा के कारण माध्यमिक स्कूल 25 दिसंबर के बाद पूर्ववत चलेगा। डीईओ श्री प्रसाद ने बताया कि विद्यालय में पठन-पाठन कार्य बंद रहेगा, परंतु शिक्षक पात्रता परीक्षा व अन्य विकासात्मक कार्यो के संचालन के लिए शिक्षक अपने मल विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कराकर लंबित कार्यो को निष्पादित करेंगे।

सड़क जर्जर

कुसियारगांव : जिला मुख्यालय से अररिया कोर्ट स्टेशन जाने वाली पक्की सड़क गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। जिससे टेम्पों, रिक्शा व अन्य वाहन आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे है।

अलग-अलग दुर्घटना में तीन जख्मी

कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटना में एक पंचायत समिति सदस्य सहित तीन लोग जख्मी हो गये। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। वहीं चिकित्सक ने एक को इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। जानकारी अनुसार सोमवार की संध्या जीरोमाइल मिलिया कालेज समीप तेज रफ्तार से जा रही टेम्पों गैयारी पंचायत समिति सदस्य मशूद आलम को ठोकर मार दिया। जहां ग्रामीणों ने टेम्पों को अन्य वाहन से खदेड़ कर पकड़ लेने की बात बताई गयी है। अन्य घटना में गैयारी के रेहान आलम पुरंदाहा के रहमत तुल्ला शामिल है।

एनएच बना खलिहान, दुर्घटनाएं हुई आम


फारबिसगंज(अररिया) : एनएच 57 पर अररिया से लेकर नरपतगंज तक एनएचआइ के कुप्रबंधन के कारण दुर्घटनाएं लोगों को आमंत्रित कर रही है। एक तो घना कोहरा और एनएच पर लगे धान, पुआल व फसलों के ढ़ेर, थोड़ी सी चूक हुई किहो गए भगवान के प्यारे..। जिला क्षेत्र में पड़ने वाले फोरलेन के दोनों किनारे कई जगहों पर सड़क पर ही अतिक्रमण कर उसे खलिहान बना दिया गया है। घने कोहरे में इस हाई स्पीड सड़क पर वाहन चालकों को धान और पुआल का ढेर देखने में थोड़ी भी भूल हुई कि दुर्घटना तय है। कई बार इस वजह से यहां दुर्घटनाएं हो चुकी हैं तथा लोगों को जान भी गंवानी पड़ी है।
फोर लेन सड़क पर हो चुकी है कई दुर्घटनाएं:
शनिवार की रात हुई दो ट्रकों की भिड़ंत घने कोहरे का ही परिणाम था जिसमें एक चालक की मौत हो गयी। करीब दो वर्ष पूर्व सिमराहा कालोनी के समीप एनएच 57 के किनारे बने गड्ढे में ट्रैक्टर पलट जाने से दो मजदूरों की भी मौत हो गयी थी। एनएचआई के कुप्रबंधन के कारण अब तक इस सड़क पर दर्जन से अधिक जानें जा चुकी है। बावजूद इसके फोरलेन पर सुरक्षा के समुचित उपाय नहीं किए गए हैं।
एसपी के आदेश का भी नहीं पड़ा असर:
एनएच 57 पर किए गए अतिक्रमण तथा धान एवं पुआल के ढेर को जगह से हटाने के लिए जिले के विभिन्न थानाध्यक्षों को एसपी शिवदीप लांडे ने कड़ा निर्देश दिया था। लेकिन सख्त तेवर वाले एसपी के आदेश के बावजूद फोरलेन पर अतिक्रमण जारी है।
एसपी श्री लांडे ने फोरलेन पर इस प्रकार के अतिक्रमण से भीषण सड़क दुर्घटना की आशंका व्यक्त की थी। जिला में फोरलेन से जुड़े अररिया थाना, सिमराहा, फारबिसगंज तथा नरपतगंज थाना क्षेत्र में फोरलेन पर मौत को दावत देने वाले अतिक्रमण बदस्तूर जारी है।

चोरी की भैंस के साथ एक गिरफ्तार


जोकीहाट (अररिया) : गुप्त सूचना के आधार पर महलगांव व रौटा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर चोरी गई भैंस रौटा थाना क्षेत्र के फलेश्वरी गांव के चन्नीघाट स्थित एक कसाई खाने से सोमवार को बरामद कर लिया। महलगांव थानाध्यक्ष मनुप्रसाद ने बताया कि एक भैंस जिंदा पाया गया जबकि एक कटा हुआ था। इस दौरान कसाई खाने से मोईज भागने में सफल रहा जबकि दलमालपुर गांव से सुलेमान नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस संबंध में छह व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी महलगांव थाने में दर्ज कर ली गई है। छापामारी दल में थानाध्यक्ष मनुप्रसाद सअनि नुरूल होदा खान व अन्य पुलिस बल मौजूद थे।
ज्ञात हो कि क्षेत्र के चिल्हनियां पंचायत अंतर्गत दोमोहना गांव से शनिवार की रात ललित यादव की दो कीमती भैंस चोरी हो गई थी। जिसकी सूचना उन्होंने थाने को दी थी। जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। जबकि पांच दिन पूर्व जोकीहाट थानाक्षेत्र के बगडहरा गांव से भी चोरी के आधा दर्जन मवेशी जोकीहाट पुलिस ने मोजीब के घर से बरामद किया था। सूत्रों का मानना है कि चोरी की मवेशी बगैर लाइसेंस के चल रहे अवैध कसाई खानों में चोरों द्वारा बेच दी जाती है।

90 लाख की लागत से होगा शहर का सौंदर्यीकरण


अररिया : मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत अररिया शहरी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का प्रारुप तैयार कर लिया गया है। शहर के तीन मुख्य स्थलों पर 90 लाख की राशि से निर्माण कार्य कराया जायेगा। सोमवार को नप के वार्ड आयुक्तों ने सामान्य बैठक आयोजित कर सर्व सम्मति से निर्माण के लिए आए प्रस्ताव पर अपनी मोहर लगा दी है। नप अध्यक्ष अफसाना प्रवीण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया है कि प्रथम चरण में छठ घाट कारगिल पार्क में गार्डेन व झरना का निर्माण कराया जायेगा। इसके बाद रोड व नाला निर्माण मद में 70 लाख रुपये खर्च की जायेगी। जिसमें एनएच 57 से कोर्ट रेलवे स्टेशन तक जाने वाली सड़क का निर्माण भी शामिल है। वहीं बैठक में शामिल कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार झा ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार बैठक में योजना का प्रस्ताव पारित किया गया। डुडा योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण एवं सड़क निर्माण का प्रस्ताव लिया गया है।
बैठक में उप मुख्य पार्षद पारस भगत पार्षद अनुराधा देवी, रेशम लाल पासवान, मो. यासीन, रितेष कुमार राय, सुदामा देवी, संजय कुमार यादव, संजय अकेला, गौतम साह आदि मौजूद थे।

विश्व शांति के लिए हो रहा राम नाम संकीर्तन यज्ञ

अररिया : कुर्साकांटा प्रखंड के सौरगांव पंचायत अंतर्गत कोतहपुर गांव में शांति और समृद्धि हेतु हरे राम, हरे कृष्ण का मंत्र जाप रविवार से शुरू हुआ। कड़ाके की ठंड और व्यस्त जनजीवन के बावजूद श्रद्धालु भक्तों का यहां तांता लग रहा है। यह आयोजन श्री राम सेवा समिति कोतहपुर के द्वारा किया गया है। यज्ञ में ग्रामीणों बुद्धिनाथ झा, अखिल मोहन झा, कन्हैया झा, गोपाल झा, जयदेव मंडल, प्रमोद मंडल एवं पंचायत के मुखिया मनोज कुमार सिंह आदि का काफी सहयोग देखा जा रहा है।

तैयारी पूरी

फारबिसगंज : टीइटी परीक्षा को लेकर फारबिसगंज में बनाए गए 16 परीक्षा केन्द्रों पर तैयारी पूरी कर लेने का दावा किया गया है। बीइइओ चंदन प्रसाद ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों का मुआयना किया गया है तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

विकलांगता को विकास में नहीं बनने देंगे बाधा: विधायक


रानीगंज (अररिया) : जीवन में विकलांगता को कभी बाधा नहीं बनने देंगे। शारीरिक रूप से लाचार लोगों की सहायता के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। उपरोक्त बातें रानीगंज के भाजपा विधायक परमानन्द ऋषिदेव ने रानीगंज में सोमवार को आयोजित नि:शक्तता शिविर के उद्घाटन के दौरान कहा। उन्होंने चिकित्सकों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न पंचायतों से आए शारीरिक रूप से विकलांग लोगों को नि:श्क्तता प्रमाण पत्र दिया।
प्रखंड परिसर में चार दिनों तक चलने वाले इस शिविर के पहले दिन सोमवार को लगभग छ: सौ लोगों को नि:शक्तता प्रमाण पत्र दिया गया। जिनमें धामा, मिर्जापुर, खरहट, खरसाही, विस्टोरिया, कुपाड़ी, परमानन्द पुर एवं बरबन्ना पंचायत के लाभुक सम्मलित हुए। चार दिनों तक चलने वाले इस शिविर में 2300 नि:शक्त लोगों को प्रमाण पत्र देने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर विशेष रूप से आए सामाजिक सुरक्षा के निदेशक गोपाल प्रसाद ने बताया कि सभी पंचायतों में कार्यरत आंगनबाड़ी सेविका के द्वारा चिन्हित विकलांगों की सूची बनाकर संकलित की गयी है। उस सूची को प्रखंड के डाटा सेंटर में प्रवृष्ट कर विकलांग सर्वे सूची पंचायतवार बनाया गया है और उसी के आधार पर नि:शक्तता प्रमाण पत्र दिया जा रहा है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. अतहर एवं डा. मो. सालिक आलम उपस्थित थे। इस अवसर पर रानीगंज चिकित्सा प्रभारी अवधेश कुमार भी मौजूद थे। कड़ाके की ठंड के बावजूद शिविर में भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। मौके पर बीडीओ ललन ऋषि, सीओ रामविलास झा, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष कलानंद सिंह, युवा भाजपा जिला अध्यक्ष, सितेष ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सेनानी, संजय झा, विक्की दत्ता, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी सहित विभिन्न पंचायतों से आए भारी संख्या में लोग शिविर में उपस्थित थे।