फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज की वित्त रहित जीरा देवी शीतल साह महाविद्यालय की छात्राओं के द्वारा कालेज के अंगीभूतीकरण को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। भूपेन्द्र नारायण मंडल विवि के इस वित्त रहित महाविद्यालय की छात्राओं की इस पहल को सभी वर्गो से समर्थन से मिल रहा है। छात्राओं का हस्ताक्षर युक्त आवेदन राज्यपाल सह कुलाधिपति को प्रेषित किया जायेगा। जिसके माध्यम से कालेज को अंगीभूतीकरण की मांग की जायेगी। कालेज की छात्रा पुष्पा कुमारी, पूजा कुमारी, ललिता कुमारी आदि ने कहा कि यह महाविद्यालय जिला का एक मात्र महिला डिग्री कालेज है जहां सिर्फ छात्राओं के लिये हीं पढ़ाई की व्यवस्था है। ऐसे में इस महाविद्यालय को पहले ही से अंगीभूत कर दिया जाना चाहिए था।
Wednesday, June 15, 2011
लोकसेवाओं के अधिकार अधिनियम को ले प्रशिक्षण शुर
अररिया : लोक सेवाओं के अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन को लेकर समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में विभागीय अधिकारियों का प्रशिक्षण सोमवार को आरंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 17 जून तक चलेगा जिसमें अलग अलग विभागों के पदाधिकारियों, कर्मियों एवं लोक सूचना पदाधिकारियों को लोक सेवा अधिकार अधिनियम की जानकारी दी जायेगी। प्रशिक्षण के प्रथम दिन सोमवार को डीसीएलआर तौकीर अकरम ने राइट टू सर्विस एक्ट 2011 के बारे में कर्मियों को विस्तार से जानकारी दी। आरटीएस एक्ट के सफल क्रियान्वयन के लिए फिलहाल जिले के नौ प्रखंडों में छह के ब्लाक आईटी असिस्टेंट की बहाली की गयी है जिसमें मनिंदर कुमार, प्रियव्रत कुमार वर्मा, रंजीत कुमार, मोहतसीन अरशद, जयप्रकाश एवं रवींद्र कुमार शामिल हैं। सेवा के अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन को लेकर सभी प्रखंडों में एक एक कार्यपालक सहायक की बहाली भी जल्द होगी। पांच दिवसीय प्रशिक्षण में सभी पदाधिकारियों एवं उनके कर्मियों को आरटीपीएस की जानकारी दी जायेगी। प्रशिक्षक ने बताया कि पूरे राज्य में यह अधिनियम 15 अगस्त 2011 से लागू हो जायेगा। इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य राज्य स्तर पर सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता लाना एवं नियत समय पर कार्यो को पूरा करना है। बिहार देश का मध्य प्रदेश के बाद दूसरा राज्य है जहां यह अधिनियम लागू होने जा रहा है। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के पहले दिन एसडीओ, बीडीओ, सीओ, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी को प्रशिक्षण दिया गया।
अररिया के छात्र लहरा रहे सफलता के परचम
अररिया : जिले के जोकीहाट प्रखंड के सिसौल गांव के रहने वाले मोजीबुर रहमान के पुत्र इजताबाउर रहमान ने सीबीएसई दसवीं की परीक्षा में सीपीजीए ग्रेड ए प्लस प्राप्त कर अपने गांव एवं जिले का नाम रोशन किया है। इजताबाउर रहमान विद्या बिहार पूर्णिया में अपनी पढ़ाई की है। वहीं दूसरी ओर शरणपुर दभड़ा के जगन्नाथ झा के पुत्र प्रणव कुमार झा ने एआईईईई (एन जे टी) की परीक्षा में आल इंडिया रैंक 11000 एवं स्टेटे रैंक 219 प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। दोनों छात्रों की सफलता को लेकर जिले में खुशी व्याप्त है।
टेम्पो पलटने से आधा दर्जन जख्मी
कुसियारगांव(अररिया) : अररिया चिकनी मार्ग पर सोमवार को पुल के समीप साइकिल सवार को बचाने में टेम्पो पलट जाने से आधा दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। सभी जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना थाना को दे दी गयी है। जख्मी मो. उसमान, मो. कमरूद्दीन, मो. सज्जाद, मो. मुर्शीद आदि शामिल हैं। सभी जख्मी चिकनी गांव के निवासी बताये जाते है।
नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण आज
अररिया : अररिया प्रखंड के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम मंगलवार से प्रखंड कार्यालय में शुरू होगा। चार चार पंचायतों का तिथिवार कलस्टर के अनुसार शपथ ग्रहण होना है। जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर पासवान ने बताया कि 14 जून को शरणपुर, जमुआ, तरौना भोजपुर एवं साहसमल पंचायत का शपथ ग्रहण होगा। 15 को किस्मत खवासपुर, बटुरबाड़ी, झमटा, बासवाड़ी, 16 को हड़िया, रामपुर मोहनपुर पश्चिम, रामपुर मोहनपुर पूर्वी एवं बोची, 17 जून को मदनपुर पश्चिम, मदनपुर पूर्वी, पोखरिया व अररिया बस्ती, 18 को बसंतपुर, बेलवा, गैयारी, हयातपुर, 19 को चंद्रदेई बनगामा, कमलदाहा, रामपुर कोदरकट्टी, 20 जून को दियारी, चिकनी, पैकटोला कुसियारगांव एवं 21 जून को चातर एवं गैड़ा पंचायत के प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण होगा। बीडीओ श्री पासवान ने बताया कि 22 जून को जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष एवं अररिया प्रखंड के प्रमुख व उपप्रमुख का चुनाव 25 जून को होना तय है।
बाल श्रमिक विद्यालय कर्मियों ने मानदेय को लेकर दिया धरना
अररिया : अररिया में संचालित राष्ट्रीय बाल श्रमिक विशेष विद्यालय के कार्यरत कर्मियों ने महीनों से लंबित अपने मानदेय के भुगतान के लेकर एक दिवसीय धरना दिया। सोमवार को नेताजी सुभाष स्टेडियम अररिया में कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित धरना में 26 से 30 माह तक मानदेय नही मिलने को लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया। इतने लंबे समय से मानदेय नही मिलने के कारण उनके समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई। जिले में 89 विशेष बाल श्रमिक विद्यालय है। धरना में देवकांत झा, मो. जावेद आलम, धर्म नाथ मंडल, मो. नाजीश, दिलीप कुमार, राम प्रकाश, मो. खुर्शीद आलम के अलावा दर्जनों कर्मी व शिक्षक मौजूद थे।
बिजली का तार टूटने से चार मवेशियों की मौत
फारबिसगंज (अररिया) : शहर से सटे मटिहारी पंचायत वार्ड संख्या 5 तथा 6 में एक सी आई चौक के समीप रविवार की संध्या ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्र में ग्यारह हजार वोल्टेज विद्युत तार टूट कर गिर जाने से चार मवेशी बिजली की चपेट में आ गया। जिससे घटना स्थल पर हीं रामदास पासवान की चारों गायों की मौत हो गई। जबकि ग्यारह हजार का विद्युत उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जाने वाली 440 वोल्टेज तथा 220 वोल्टेज विद्युत तार पर भी गिर गया। जिससे लगी सार्ट सर्किट से बस्ती के करीब एक दर्जन से अधिक घरों में इलेक्ट्रानिक सामान जल जाने से हजारों रुपये मूल्य की संपति बर्बाद हो गया। इस घटना में सड़क किनारे बैठे कई महिला-पुरुष एवं बच्चे बाल-बाल बच गये। मरने वाली गायों में दो गर्भवती गाय थी। मवेशी पालक राम दास पासवान की चार गायों के मरने के बाद उसके घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। पंचायत की मुखिया पति प्रदीप देव घटना स्थल पहुंचकर पीड़ितों से मिले। इधर श्री देव सहित ग्रामीणों ने बताया कि एक जर्जर हो चुके ग्यारह हजार का तार इससे पूर्व भी तीन बार गिर चुका है जिसकी सूचना विभाग को दिया गया था। लेकिन किसी प्रकार की सुरक्षात्मक कार्रवाई नही हुई। जिस कारण दो माह के दौरान चौथी बार तार टूटा है जो जानलेवा साबित हुआ है। पूर्व मुखिया प्रदीप देव ने मवेशी पालक को मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है। शार्ट-सर्किट से राम दास, वैद्यनाथ पासवान, जगदीश पासवान, मदन सिंह, चलित्तर पासवान, ललिता देवी, कुमर चंद दास, गौतम भगत सहित कई लोगों के घर का इलेक्ट्रानिक मीटर, टीवी, वीसीडी बल्ब, पंखा आदि जल गया।
महिला कालेज में प्रायोगिक परीक्षा आरंभ
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के जीरा देवी शीतल साह महिला महाविद्यालय में स्नातक द्वितीय खंड की प्रायोगिक परीक्षा आरंभ हो गयी है। केन्द्राधीक्षक सह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शंभू नाथ सिंह ने बताया कि 14 जून तक प्रायोगिक परीक्षा चलेगी जिसमें मनोविज्ञान, गृह विज्ञान, भूगोल एवं संगीत की छात्राएं शामिल होंगी। परीक्षा के दौरान परीक्षा आंतरिक नियंत्रक सह रानीगंज के कलावती कालेज के प्रो. राकेश कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. हीरा लाल मेहता, प्रो. सुरेश प्रसाद यादव तथा कृष्णा बाला मौजूद थी।
मांगों को लेकर लोजपा का धरना
अररिया : फारबिसगंज में पुलिस गोली कांड एवं अनियमित विद्युत आपूर्ति के खिलाफ समाहरणालय परिसर में सोमवार को लोजपा कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोजपा जिलाध्यक्ष सुनील झा ने कहा कि फारबिसगंज के भजनपुर गांव में पुलिस की गोली से मारे गये लोगों के मौत के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार है। अपने वाजिब हक की मांग करने वाले बेकसूर ग्रामीणों को बर्बरतापूर्वक गोलियों से भूना जाना प्रजातंत्र की हत्या है। बाद में लोजपा के एक शिष्टमंडल ने मांगों से संबंधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। सौंपे गये ज्ञापन में मृतक के परिजनों को दस दस लाख रूपये मुआवजा, पीड़ित परिवार को नौकरी देने व दोषी पुलिस कर्मियों को बर्खास्त कर हत्या का मुकदमा चलाने सहित पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग शामिल है। फैक्ट्री के मालिक भाजपा के एमएलसी अशोक अग्रवाल पर आपराधिक मुकदमा भी चलाने की मांग की जिलाध्यक्ष ने की। धरना पर कमाले हक, तपन तिवारी, प्रयाग पासवान, साबिर अंसारी, अनवर राज, तनवीर आलम, नवाब राजा, गफ्फार अंसारी, जकीउल होदा, शाहनवाज बबलू, सुधीर कुमार, निलय, अरशद आलम, अब्बास अंसारी, शम्स मुर्शीद, लाल मोहम्मद, खुर्शीद आलम, मो. एकरामुद्दीन आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
शादी का प्रलोभन दे यौन शोषण, प्राथमिकी दर्ज
अररिया : नगर थाना क्षेत्र के ढकिया गांव की एक युवती के साथ गांव के ही एक द्वारा शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का मामला प्रकाश में आया है। लड़की के गर्भवती हो जाने के बाद शादी से इंकार करने पर पीड़िता ने सोमवार को नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। लड़की फिलहाल आठ माह की गर्भवती है। पीड़िता के परिजनों को चिंता है कि माँ बन जाने के बाद उसकी बेटी को कौन अपनाएगा। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार लड़की सोनी कु मारी 'काल्पनिक नाम' के साथ गांव के ही रामू कुमार मंडल ने शादी का झांसा देकर बार बार यौन शोषण किया। घटना की जानकारी के बाद जब पीड़िता के परिजनों ने युवक पर शादी का दबाव बनाया तो वह इंकार कर गया। तब पीड़िता के परिजनों ने पंचायत का सहारा लिया, लेकिन मामले का कोई हल नहीं निकला। बाद में लड़की के परिजनों ने गर्भपात कराने के लिए उसे 50 हजार रूपये देने का प्रलोभन भी दिया। लेकिन लड़की अपने फैसले पर अडिग रही। अन्त में थक हार कर युवती ने नगर थाना पुलिस को आपबीती सुनाते हुये युवक के विरूद्ध सोमवार को प्राथमिकी दर्ज करायी है।
लूटी गई सामग्री बरामद
फारबिसगंज (अररिया) : मोटर साइकिल लूट कांड में गिरफ्तार अपराधी चंदन यादव की निशानदेही पर फारबिसगंज थाना की पुलिस ने रविवार की संध्या परवाहा में गुलशन यादव के छापामारी कर लूटी गई कई सामग्रियों की बरामदगी की गई है। बरामद सामानों में चाइनीज रिचार्जेबुल टार्च, रीचाजेबुल टेबुल लैंप, 25 घड़ी चाइनीज बैट्री, खिलौना वाला मोबाइल शामिल है। जबकि छापामारी से पूर्व ही गृह स्वामी फरार हो गया। इधर गिरफ्तार को सोमवार को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।
Sunday, June 12, 2011
मरीजों को छह माह से नहीं मिल रहा जननी सुरक्षा योजना का लाभ
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र तथा जननी सुरक्षा योजना की राशि के उठाव के लिए लाभुकों को पिछले कई माह से अस्पताल का चक्कर लगाना पड़ रहा है। बावजूद इसके उन्हें लाभ नही मिल पा रहा है। खासकर दूर-दराज से आने वाले मरीजों को आर्थिक तथा मानसिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि नवंबर 10 के बाद अब तक जननी सुरक्षा योजना का लाभ मरीजों को नही मिल सका है वहीं जन्म प्रमाण पत्र का भी कमोवेश वितरण बंद है जबकि नियमानुसार जन्म के 21 दिन के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराये जाने का प्रावधान है। दूर-दराज से आने वाले ग्रामीण महिला-मरीजों की माने तो जननी सुरक्षा योजना की चेक प्राप्त करने के लिए वे कई बार अस्पताल आई किंतु अब उन्हें चेक नही मिला। उन्हें बार-बार बाद में आने की बात संबंधित लोगों द्वारा कहा जाता है जिस कारण उनका रूपया भी खर्च हो रहा है वहीं आने-जाने में परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। इधर इस बाबत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. जेएम प्रसाद ने राशि उपलब्ध नहीं होने की बात बताते हुए कहा कि पिछले कई माह से आवंटन नहीं प्राप्त हुआ है। प्रमाण पत्र के वितरण पर उन्होंने बताया कि पिछले कुछ ही दिनों से प्रमाण पत्र वितरण का कार्य प्रभावित है जिसे शीघ्र ही चालू किया जायेगा।
24 जून को होगा प्रमुख व उपप्रमुख का चुनाव
जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख का चुनाव आगामी 24 जून को एसडीओ डा. विनोद कुमार की देखरेख में होगी। इस संबंध में बीडीओ मो. सिकंदर ने बताया कि उक्त चुनाव के लिए स्थल निर्धारण नहीं किया गया है। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर जल्द स्थल निर्धारण कर लिया जायेगा। तिथि निर्धारण के साथ ही प्रमुख व उपप्रमुख बनाने को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गयी है।
फूड फोर वर्क मामले में एक दर्जन डीलरों पर कार्रवाई की अनुशंसा
जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के लगभग एक दर्जन डीलरों के विरुद्ध काम के बदले अनाज योजना में प्रतिवेदन निर्धारित समय पर प्रखंड मुख्यालय में जमा नहीं करने को लेकर बीडीओ मो. सिकन्दर ने कार्रवाई हेतु जिला कार्यालय को लिखा है। श्री सिकन्दर ने बताया कि वर्ष 2001-05 में संपूर्ण रोजगार योजना एवं काम के बदले अनाज योजना अतंर्गत आवंटित एवं उपयोग किये गये खाद्यान्न का विवरण सूचना के बावजूद डीलरों ने शनिवार तक प्रखंड कार्यालय में जमा नहीं किया। प्रतिवेदन नहीं जमा करने वाले डीलरों में बगडहरा के तस्लीमुद्दीन कुसैल के ताराचन्द राय, हरदार के योगेन्द्र राम, चकई के मुस्तफा, गैरकी मसुरिया के मसूद आलम, चैनपुर मसुरिया के तारकेश्वर, भूना के मो. यूनूप, पछियारी पिपरा के चन्दर हरिजन आदि शामिल हैं। उन्होंने सबों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को पत्र भेजा है।
चरमराई विद्युत व्यवस्था के विरोध में बाजार बंद
जोगबनी (अररिया) : बाधित विद्युत आपूर्ति के विरोध में जोगबनी विद्युत उपभोक्ता संघर्ष समिति के बैनर तले लोगों ने रविवार को बाजार बंद रखा एवं चक्का जाम किया। आक्रोशित विद्युत उपभोक्ताओं बाधित विद्युत के विरोध में रविवार को बाजार बंद करा दिया तथा सड़क जाम कर आवागमन भी ठप्प कर दिया। वहीं समिति आगे की रणनीति को ले संध्या बैठक में निर्णय लेगी। इस संबंध में संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय दूबे ने बताया कि पिछले माह कार्यपालक विद्युत अभियंता सीताराम सिंह से हुए समझौते के अनुसार जोगबनी फीडर को अलग कर जोगबनी में सुचारू रूप से विद्युत व्यवस्था का आश्वासन दिया था लेकिन आज तक उसमें सुधार नहीं हुआ है। विद्युत के बाधित रहने के अलावा वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि कार्यपालक अभियंता द्वारा बिना किसी आदेश के जोगबनी फीडर पर अन्य जगहों को जोड़ा गया है जिससे यहां समस्या उत्पन्न हुई है।
इस संबंध में जब कार्यपालक विद्युत अभियंता श्री सिंह से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि किसी समस्या का निदान धीरे-धीरे होता है। हमने जोगबनी फीडर को अन्य से अलग करने की बात कही थी लेकिन जे.ई. छुट्टी पर थे। एक सप्ताह में फीडर अलग करने का कार्य पूरा हो जायेगा। तब सारी समस्या ठीक हो जायेगी।
बंद को सफल बनाने में संघर्ष समिति के प्रभात सिंह, विजय श्रीवास्तव, फिरोज खान, रमेश चौधरी, फिरोज अंसारी, दिनेश साह, जीतू साह, मनोज साह, जावेद खान, अनिल यादव, राजू सोनी, कमल तापडिया, राकेश साह सहित सौ से अधिक उपभोक्ता शामिल थे।
भूमि विवाद में मारपीट
पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के मधैल गांव निवासी बीबी मरियम ने पुरानी भूमि विवाद को लेकर खूंटा में बांध कर मारपीट व छिनतई का आरोप लगाते हुए पलासी थाना में एक नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। जिसमें गांव के ही मो. जमील, मो. अजीम सहित सात व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया है।
इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
टीटीई के भय से चलती ट्रेन से कूदी छात्रा, जख्मी
फारबिसगंज (अररिया) : कटिहार-जोगबनी रेल खंड स्थित फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर रविवार को टीटीई द्वारा मारपीट के भय से करीब 15 वर्षीय एक छात्रा चलती सीमांचल ट्रेन से प्लेटफार्म पर कूद गई। जिससे छात्रा बुरी तरह जख्मी हो गयी। बाद में आरपीएफ के जवानों ने जख्मी पूनम कुमारी (15) (काल्पनिक नाम) का इलाज स्टेशन पर ही कराया।
जानकारी के अनुसार छात्रा पूनम अपनी विधवा मां का इलाज कर उसके साथ बिना टिकट के ही सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन से फारबिसगंज लौट रही थी। इसी दौरान फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर सीमांचल ट्रेन के टीटीई ने महिला से टिकट मांगा जिस पर रमै की रहने वाली महिला ने गरीबी का हवाला देते हुए कहा कि उसके पास टिकट नहीं है। इस पर टीटीई ने कथित तौर पर महिला को दो-तीन थप्पड़ मारा। इस घटना से घबराकर महिला की बेटी डर से चलती ट्रेन से कूद गई। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने लड़की की जान बचा ली। बाद में सीमांचल ट्रेन जोगबनी के लिये रवाना हो गई। जबकि महिला तथा बेटी को फारबिसगंज-सहरसा ट्रेन पर बैठा दिया गया जिससे उसे अपने मायके ललित ग्राम जाना था। आरपीएफ प्रभारी एहसान अली ने घटना की पुष्टि की है।
गतिरोध:बैलगाड़ी की रफ्तार बन गयी ट्रैफिक का मानक
-शहर में मात्र एक ट्रैफिक पोस्ट, वाहन पार्किग की कोई व्यवस्था नहीं
-सड़कों पर ही खड़े रहते है वाहन व रिक्शा
-ट्रैफिक की बदहाली में सुधार के प्रयास नगण्य
अररिया: तकरीबन एक लाख की आबादी वाले अररिया शहर में ट्रैफिक की रफ्तार का मानक बैलगाड़ी है। आप भले ही सुपर लग्जरी गाड़ियों में चलिए, स्पीड बैलगाड़ी की ही रखनी होगी। क्योंकि इस शहर की सारी प्रमुख सड़कों पर बालू मिट्टी ढोने वाली बैल व पाड़ा गाड़ियों, आवारा मवेशियों व बेढंग तरीके से चलने वालों का राज है।
ट्रैफिक की अराजकता में सुधार के प्रयास नगण्य-
विगत दो दशक में जिले के सभी शहरों की आबादी बेतहाशा बढ़ी है। लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने की कोई कोशिश हीं की गई है। हालांकि इन दिनों जिला मुख्यालय स्थित एकाध चौराहों पर नीली सफेद वर्दी वाले ट्रैफिक पुलिस बल जरूर नजर आने लगे हैं। लेकिन वे नाकाफी हैं।
बेलगाम तथा नियंत्रणविहीन ट्रैफिक के कारण आमजन को होने वाली दिक्कत का अनुमान सहज लगाया जा सकता है।
ट्रैफिक व्यवस्था का पूरा परिदृश्य बदहाल-
अररिया जिले में ट्रैफिक व्यवस्था का पूरा परिदृश्य अराजक स्थिति का शिकार है। अतिक्रमण के कारण हालात और भी गंभीर है। पीक आवर में सड़कों पर गाय बैल का अड्डा, बैलगाड़ी, टमटम, ठेला व पैदल यात्रियों की रोड छेकू जमात। इन मनबढ़ू लोगों को जरा टोक कर तो देखिए। ..हमको जैसे मन होगा, चलेंगे,आप ही का रोड है? प्रशासन को इनसे कोई मतलब नहीं। उनकी ओर से ट्रैफि क पर नजर रखने वाला कोई नहीं।
जिले के तीनों शहरों में बदहाल है ट्रैफिक सिस्टम-
जिला मुख्यालय, फारबिसगंज अनुमंडल मुख्यालय या फिर सीमावर्ती शहर जोगबनी में ट्रैफिक परिदृश्य पर गौर करे तो यातायात व्यवस्था की बदहाली सहज सामने आती है। हालात बेहद खराब है। सड़कों पर जहां मन तहां खड़े रिक्शा-ठेला.., उन्हे टोकने वाला भी कोई नहीं। लोग करे तो क्या? बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था ने कई लोगों को मौत की नींद सुला दिया है। फारबिसगंज में वाहन पड़ाव बना है, लेकिन प्रशासन वाहनों को वहां पार्क करवाने में अब तक विफल ही रहा है।
फारबिसगंज व जोगबनी में हरवक्त जाम जैसी स्थिति-
फारबिसगंज व जोगबनी में हर हमेशा जाम जैसी स्थिति रहती है। जोगबनी चले जाइये तो अंतर्राष्ट्रीय सीमा से दो तीन किमी दक्षिण तक वाहनों खास कर ट्रक की कतार लगी मिलेगी। आखिर, प्रशासन इस समस्या का निदान क्यों नहीं खोज पाया है? दक्षिण महेश्वरी में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के लिये जमीन अर्जित की हुई है। अगर इसका निर्माण हो गया रहता तो सड़क पर वाहनों की जानलेवा पार्किग से बचा जा सकता था। इन तीन शहरों के अलावा रानीगंज, नरपतगंज, जोकीहाट, कुर्साकाटा, पलासी सहित अन्य ग्रामीण बाजारों में भी यातायात व्यवस्था अराजक व बदहाल बनी हुई है।
नहीं दी जाती आमजन को सड़क सुरक्षा की जानकारी-
आम आदमी को सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों तथा यातायात सिगन्लों की जानकारी देने के मामले में जिला प्रशासन कोई कार्रवाई करता नहीं दिख रहा है। खासकर ट्रैफिक नियमों से बेपरवाह ग्रामीण आबादी को जागरूक बनाने के उपाय तो बिल्कुल ही नहीं हुए है।
शहर में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं-
अररिया सहित जिले के किसी भी शहर में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां तक कि जिला मुख्यालय स्थित दोनों बस पड़ाव सड़क ही जमीन पर हैं।
शहर के अंदर बाजार के कार्यो से आने वाले लोग अपने वाहनों की पार्किंग कहां करें? इस संबंध में नगर परिषद व प्रशासन किसी का कोई ध्यान नहीं। नप ने ठीक अपने कार्यालय के सामने टेंपू पड़ाव बना दिया है। आने जाने वालों को इससे क्या दिक्कत होती होगी, नप के अधिकारियों को इसकी कोई परवाह नहीं।
अनियमित विद्युत आपूर्ति के विरुद्ध आंदोलन का निर्णय
अररिया : शहर में अनियमित विद्युत आपूर्ति के विरुद्ध यूथ प्रोग्रेसिव सर्किल क्लब के सदस्यों ने आंदोलन का निर्णय लिया है। सर्किल के अध्यक्ष मुजफ्फर हासमी ने बताया कि यदि विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं होती है तो उनकी संस्था प्रथम चरण में बिजली एलडीओ का घेराव, उच्च मार्ग को जाम व पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके बाद भी यदि इसमें सुधार नही हुई तो वे लोग उग्र आंदोलन को बाध्य हो जायेंगे।
लूटी गई बाइक के साथ एक गिरफ्तार
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के परवाहा-सिमराहा सड़क मार्ग पर बीते नौ जून को लूटी गई एक मोटरसाइकिल के साथ एक अपराधी को भरगामा थाना की पुलिस ने रविवार को धनगड़ा गांव से गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापामारी के बाद पुलिस ने बरामद मोटर साइकिल तथा अपराधी चंदन यादव को फारबिसगंज थाना लायी जहां उससे पूछताछ जारी है। बरामद मोटर साइकिल (बीआर 39/2258) टीवीएस स्टार मो. नसीम के पुत्र बबलू की बताई जाती है जिसे 44 आरडी नहर के समीप लूटी गयी थी।
Subscribe to:
Posts (Atom)