Sunday, November 14, 2010

किसानों के लिए वरदान पताल तोड़ कुंआ

अररिया, निप्र.: पानी की किल्लत से हलकान क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित हो सकता है पताल तोड़ कुंआ। प्रकृति प्रदत्त इस मुफ्त उपहार के बहुआयामी प्रयोग से किसानों के लिए चहुंमुखी विकास की संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करने के आसार प्रबल हैं।
प्रखंडाधीन सौरा नदी के पूर्वी किनारे-किनारे पंचायत चन्द्रदेई, कमलदाहा व बनगामा में तकरीबन हजारों किसान इस पातालतोड़ कुंआ के जरिए दर्जनाधिक बोरिंग के माध्यम से पम्पसेट मशीन लगाए बिना हजारों एकड़ फसलों का मुफ्त पटवन कर रहे हैं। जागरूकता की कमी के चलते एक दशक पूर्व तक सौरा नदी के किनारे उत्तर से दक्षिण तकरीबन तीन किमी की लंबाई में इस भूगर्भीय संरचनाओं में छिपे पताल तोड़ कुंआ के बारे में क्षेत्र के किसान अनभिज्ञ थे।
एक दशक पूर्व जब क्षेत्र के किसानों ने परंपरागत खेती से हटकर वैज्ञानिक तौर तरीके से खेती करने के लिए बोरिंग का इस्तेमाल शुरू किया तो पाया कि बिना पम्प सेट मशीन के बोरिंग से स्वत: वर्ष भर पानी निकल रहा है। कमलदाहा पंचायत के डीहया बस्ती के किसान इमरान आलम, गुलाम मुस्तफा, साबीर आलम, रेहान, शाहीद, रब्बान, सावन, बदरूल, जावेद, हारुण आदि ने बताया कि इस क्षेत्र में पाताल तोड़ कुंआ के जरिए हो रहे मुफ्त पटवन से धान के फसलों में प्रति एकड़ अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इधर, जिला कृषि पदाधिकारी बैद्यनाथ प्रसाद यादव के नेतृत्व में अधिकारियों के एक दल ने क्षेत्र का मुआयना कर उपरोक्त तथ्यों की पुष्टि की है।
ज्ञात हो कि बोरिंग से स्वत: निकल रहे इस जल से किसान अपने-अपने खेतों में आवश्यक सिंचाई के बाद जल को नदी में बहा देते हैं। डीएओ श्री यादव ने क्षेत्र के किसानों को पटवन के अतिरिक्त इस पर्याप्त जल को एकत्रित कर मत्स्य पालन की सलाह दी। जिससे कि किसानों को कई गुणा ज्यादा लाभ मिलेगा। लेकिन किसानों को दरकार है सरकारी सहायता की जिससे वे बेहतर जल प्रबंधन कर अपनी किस्मत संवार सकें।

डायरिया से बच्ची की मौत

कुसियारगांव(अररिया),संसू.: सदर अस्पताल अररिया में डायरिया से प्रभावित एक बच्ची की मौत रविवार को हो गयी। जबकि एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुर्साकांटा प्रखंड के कपरफोरा गांव के सुरेश सरदार की डेढ़ वर्षीय पुत्री दीपिका कुमारी को इलाज के लिए कुर्साकांटा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। डायरिया से पीड़ित बच्ची को लेकर उनके परिजन जैसे ही सदर अस्पताल अररिया पहुंचे तथा दिखाने के चिकित्सक डा. सुदर्शन झा के पास ले गये। जब तक डाक्टर चेक कर इलाज शुरू करते तब तक बच्ची ने दमतोड़ दिया। वहीं रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के रजोखर निवासी मो. जफर के पुत्र सलाम भी डायरिया से पीड़ित है। सलाम का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। परन्तु उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

डाकेजनी मामले में पुलिस को अब तक नही मिला सुराग

फारबिसगंज(अररिया),जासं.: शहर के छुआपट्टी में एक कपड़ा व्यवसायी के घर छठ की संध्या हुई डकैती मामले में पुलिस को अभी तक किसी प्रकार की सफलता नहंी मिली है। पुलिस का हाथ घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी खाली है। हालांकि, पुलिस द्वारा छापामारी अभियान और उचित कार्रवाई के दावे दिए जा रहे हैं। यह पहला मौका नहीं है जब फारबिसगंज पुलिस डकैती की घटना के बाद हाथ मलती नजर आ रही है। ऐसी दर्जनों घटनाओं के बाद अपराधियों को पकड़कर लूटी हुई सामग्री को बरामद करने के प्रयास के लिए जाते रहे हैं। लेकिन परिणाम अधिकांश मामलों में सिफर ही रहा। चाहे वह संजय भगत के यहां हुई डकैती हो या फिर रीता गुप्ता, डा. एचके सिंह या फिर अन्य व्यवसायियों के यहां हुई डाकेजनी की घटनाओं के सामानों की बरामदगी। शायद ही आज तक हो सकी हो। हर्षा स्टोर के मालिक पुखराज डागा के घर लाखों रुपये की लूट के बाद व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गयी है। वहीं, अपराधियों के गिरेबान तक पुलिस का नहीं पहुंचना, लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

विषपान से नाबालिग की मौत

कुसियारगांव(अररिया), संसू.: विगत चौबीस घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घरेलू विवाद के कारण एक नाबालिग समेत चार लोगों ने विषपान कर लिया। परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक नाबालिग की मौत हो गयी। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन ने स्थानीय थाना को सूचना दी है।
पलासी मोहनिया टोला जोकीहाट कुजरी में मो. अलीमुद्दीन के 12 वर्षीय पुत्र मो. रेहान गुस्से में चुहा मारने वाला दवा खा लिया। इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। इधर, आरएस थाना के शमदा गांव के मुर्शीद खा, नगर थाना क्षेत्र के खरैयाबस्ती की बीबी अस्मती, जोकीहाट डोरियारे के बीबी साजदा ने घरेलू विवाद को लेकर विषपान कर लिया। सभी को इलाज के लिए शनिवार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे लोग इलाजरत है।

मांगों के समर्थन में शिक्षकों का धरना 21को

अररिया, संस.: जिला प्राथमिक शिक्षक संघ अररिया अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह जानकारी जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अब्दुल कुद्दुस ने दी। उन्होंने कहा कि आगामी 21 व 29 नवम्बर को अपने न्यायोचित मांगों के समर्थन में विशाल धरना-प्रदर्शन करेगी। इसकी तैयारी को लेकर शिक्षक संघ की एक बैठक रविवार को शिक्षक संघ भवन में जिलाध्यक्ष अब्दुल कुद्दुस की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। श्री कुद्दुस ने कहा कि जिला प्राथमिक शिक्षक संघ हमेशा शिक्षकों के हित की लड़ाई लड़ी है। साथ ही बच्चों को बेहतर व गुणवतापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का काम किया है। उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ स्वार्थी शिक्षक संघ की एकता व अखंडता को खंडित करने का प्रयास करती है, जिससे शिक्षकों का मोह भंग होता है। बैठक में बाल दिवस को लेकर शिक्षक संघ ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बैठक में राजेन्द्र प्रसाद सिंह, अमर यादव, आबिद हुसैन, पंकज सिंह, रामपुकार सिंह, हाजी गफ्फार, सत्यकाम आदि मौजूद थे।

अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह दिवस पर संगोष्ठी

अररिया, संस : अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस के मौके पर रविवार को जिला पेंशनर समाज सभागार में डा. नवल किशोर दास की अध्यक्षता में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में डा. एसआर झा ने भाग लिया। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डा. मोईज उपस्थित थे।
मधुमेह पर चर्चा करते हुए डा. आरएस झा ने कहा कि मधुमेह आज एक आम बीमारी का रूप धारण कर चुकी है। भारत वर्ष की कुल जनसंख्या का हर सातवां व्यक्ति मधुमेह से ग्रसित है। मधुमेह को आम बोलचाल में चीनी की बीमारी भी कहा जाता है। हर होटल व चाय मधुमेह से ग्रसित लोग आसानी से पहचाने जा सकते है, क्योंकि वे बगैर चीनी के चाय पीते हैं व मिठाई खाने से परहेज करते हैं। डा. नवल किशोर दास ने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि मधुमेह से आंख की रोशनी कम हो जाती है। डा. मोइज ने मधुमेह के संबंध में बताया कि ये बीमारी शरीर में इंसुलीन की कमी से होता है। मधुमेह होने पर व्यक्ति को एलर्ट हो जाना चाहिए। मधुमेह होने की स्थिति मं पेशाब खूब लगना, बार-बार पेशाब होना, प्यास व भूख बढ़ जाता है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव किडनी पर पड़ता है। मधुमेह रोग जन्म के समय से अथवा बड़े उम्र में भोजन में परहेज नहीं करने से होता है। तनावपूर्ण व अनियमित खानपान भी मधुमेह का मुख्य कारण है। इस मौके पर विनोद कुमार, गौरी शंकर यादव, सविता सिंह, राज मोहन सिंह राघव, डीपीएस के निदेशक डा. रजी हैदर उजाला, एसएम कासो के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

जन्म दिन पर याद किये गये चाचा नेहरू

अररिया, संस: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी आश्रम अररिया में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके तैल्य चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गयी।
इस मौके पर मौजूद कांग्रेस कर्मियों ने पं. जवाहर लाल नेहरू के जीवनी पर प्रकाश डाला। इस मौके पर जिला प्रवक्ता अब्दुस सलाम, सदरे आलम, मासूम रजा, शशिभूषण झा, आबिद हुसैन अंसारी, अरूण वर्मा, प्रदीप तिवारी मौजूद थे। वक्ताओं ने कहा कि पं. नेहरू बच्चों से बहुत प्यार करते थे। इसलिए इनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। वहीं दूसरी ओर आजाद नगर स्थित गांधी कोचिंग सेन्टर में भी नेहरू जयंती के मौके पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
रेणुग्राम से जाप्र के अनुसार नेहरू जयंती के अवसर पर मध्य विद्यालय सिमराहा में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रधानाध्यापक कृत्यानन्द ठाकुर ने बच्चों से नेहरू के आदर्शो पर चलने की बातें कही। मौके पर विनोद मंडल, रजनीश भारती, गंगा यादव आदि उपस्थित थे। प्राथमिक विद्यालय गोलाबाड़ी में भी बाल दिवस पर कार्यक्रम आयोजित की गयी

शादी का प्रलोभन देकर यौन शौषण, पांच के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी

पलासी(अररिया),निसं: प्रखंड क्षेत्र के दौलतपुर गांव में एक विधवा(काल्पनिक नाम मीना देवी) के साथ शादी का प्रलोभन देकर समीप के पीपरा गांव के द्वारा एक वर्ष से अधिक समय से यौन शोषण करने का मामला प्रकाश में आया है। इस क्रम में विधवा को मिले इंदिरा आवास की 35 हजार रूपये की राशि भी फुसलाकर पीड़ितों ने ले लिया गया। इस बाबत पीड़िता अबला ने समीप के गांव के ही युवक योगेन्द्र मंडल सहित पांच व्यक्तियों के विरूद्ध पलासी थाना में एक नामजद अभियुक्त प्राथमिकी दर्ज कराया है। जिसका थाना कांड संख्या 154/10 के तहत अंकित किया गया है। वहीं थानाध्यक्ष आर.बी. सिंह ने बताया कि पीड़िता को स्वास्थ्य परीक्षण हेतु अररिया भेज दिया गया है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि करीब चौदह माह से पीपरा गांव के योगेन्द्र मंडल शादी का प्रलोभन देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस क्रम में पिछले वर्ष उन्हें इंदिरा आवास की 35000 रूपये मिला। जिसे उसने फुसलाकर ले लिया। शादी हेतु दवाब बनाने पर वह बीते 6 नवंबर संध्या समय अपने घर ले गया। जहां उनके परिजनों ने उनके साथ मारपीट करते हुए उनका जेवरात छीन लिया। तत्पश्चात पंचायती द्वारा योगेन्द्र मंडल को शादी करने कहा गया। किंतु उसने इंकार कर दिया। बाध्य होकर पीड़िता ने पलासी थाना से न्याय की गुहार लगायी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।

अररिया में आयोजित होगा अभाविप का जिला अभ्यास वर्ग

अररिया, संवाद सूत्र.: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का जिला अभ्यास वर्ग आगामी 4 व 5 दिसम्बर को जिला मुख्यालय में आयोजित होगा। कार्यक्रम की रुप रेखा तैयार करने के लिए रविवार को परिषद कार्यकर्ताओं की एक बैठक जिला प्रमुख प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में उनके आवास पर संपन्न हुई।
बैठक में परिषद के राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य प्रवीण कुमार ने कहा कि चार व पांच दिसम्बर को होने वाले अभ्यास वर्ग में जिले के करीब 250 चयनित छात्र-छात्रा एवं शिक्षक प्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि ज्ञान शील एकता की विशेषता को लेकर चल रही परिषद के इस अभ्यास वर्ग में गिरती शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में कई प्रदेश स्तर के छात्र नेता भाग लेंगे। वहीं जिला प्रमुख प्रो. सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता को लेकर आयोजित एक बैठक में व्यवस्था समिति के संचालन समिति का गठन किया गया। बैठक में परिषद के प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्रो. शैलेन्द्र कुमार झा, नगर अध्यक्ष प्रो. अनिल मिश्रा, छात्र नेता पवन पावक, सुकांत आदर्श, नगर मंत्री कुणाल प्रियदर्शी, सत्यवान मालाकार, ललित पोद्दार, रवि शंकर यादव, सुबोध मोहन ठाकुर समेत प्रखंड के छात्र नेता भी मौजूद थे।

समय से नहीं पहुंचती पुलिस

फारबिसगंज(अररिया),जासं.: अनुमंडल के थानों की स्थिति यह है कि सूचना मिलने के घंटों बाद भी पुलिस गश्ती दल गंतव्य तक नहीं पहुंच पाती है। चार दिन पूर्व ही बंगाली टोला में चोरों के होने की सूचना फारबिसगंज थाना को दी गयी तो गश्ती दल के कुछ देर में पहुंच जाने की बात थाना से कही गयी, लेकिन घंटों तक पुलिस नहीं पहुंची। कई ऐसे मौके आए हैं जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंचने में उदासीनता बरती।

सुदर्शन के सोनिया विरोधी बयान से कांग्रेसियों में आक्रोश

अररिया, संस.: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व सर संघ संचालक केसी सुदर्शन द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में अनर्गल बयानबाजी से जिला के कांग्रेसियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। अनर्गल बयानबाजी कर सुदर्शन झूठी लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे है। बयान से ऐसा लगता है कि सुदर्शन अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। कांग्रेसियों ने कहा कि केसी सुदर्शन को सोनिया गांधी के बारे में की गयी गलत बयानबाजी के लिए माफी मांगनी चाहिए। आक्रोश व्यक्त करने वालों में जिलाध्यक्ष भारतेन्दू यादव, पूर्व अध्यक्ष हरि प्रसाद वैश्यंत्री, पूर्व मंत्री मोईदूर रहमान, जिला प्रवक्ता अब्दुस सलाम व शंकर साह, सदरे आलम, लखन राम, अनिल सिन्हा, आबिदूर रहमान, मो. ताहा, कुलानन्द झा, मीर मंसूर आलम, आवेश यासीन, सुनील आर्य, अरुण वर्मा, दिलीप पासवान, अब्दुल मन्नान अंसारी आदि शामिल है।

ईद उल अजहा: महंगी कीमतों पर बिक रहे बकरे

अररिया, संस.: बकरीद के करीब आते ही बकरे के मूल्यों में तेजी से वृद्धि हो रही है। चार हजार से लेकर 12 हजार मूल्य तक के बकरे इस बार बाजार में बिकते देखे जा रहे हैं। मूल्य में वृद्धि से एक ओर बकरा पालने वालों में जोश भरा है वहीं कुर्बानी करने वालों की जेबें खाली हो रही है। बकरा बेचने हाट पहुंचे मुड़बल्ला के नजाम व कोशकीपुर के रइस ने बताया कि हमलोग साल दो साल बकरे को बड़ी मेहनत से पालते हैं और बकरीद के मौके पर उसे बेचकर हमलोग अपने परिवार के साथ बकरीद त्योहार मनाते हैं। अररिया, चन्द्रदेई, सिमराहा, जोकीहाट, मटियारी, बैरगाछी आदि जगहों पर बकरे की खरीददारी में मुस्लिम भाई मशगूल है। हालांकि, इस बार पिछले वर्ष की तुलना में दाम बढ़े हुए हैं। बावजूद कुर्बानी देने वालों के हौसले में कोई कमी नहीं है।
बसैटी से संसू के अनुसार रानीगंज प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार को होने वाले महान पर्व बकरीद को लेकर मुसलमान भाई जमकर बकरे की खरीददारी कर रहे हैं। बसैटी, गुणवंती पचीरा, मोहनी, धामा, कुपाड़ी, अररिया आरएस आदि स्थानों पर आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी में जूट गए। वहीं रजोखर बाजार के मनिहारा दुकानदारों के यहां काफी भीड़ देखी जाती है। इस पर्व का खास मतलब है। जामा मस्जिद रजोखर के हाफीज मो. जाबिर आलम बताते हैं कि यह पर्व पैगम्बर हजरत इब्राहिम (अ.) और उनके अजीज बेटे मो. इस्माइल (अ.) की याद में मनाया जाता है।

शिक्षा दिवस के रूप में मना मौलाना आजाद डे

अररिया, संस.: भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबूल कलाम आजाद की 122वीं जयंती को शिक्षा दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर गुरुवार को अररिया स्थित आजाद एकेडमी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में हाजी मोईदूर्रहमान ने भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद एक महान स्वतंत्रता सेनानी के साथ-साथ महान शिक्षाविद व विचारक थे। लोगों को उनकी धर्म निरपेक्ष छवि को आत्मसात करना चाहिए। श्री रहमान ने कहा कि बच्चों को अगर जीवन में सफलता होने के लिए बड़े सपने देखने होंगे। मौलाना आजाद डे पर बोलते हुए सदरे आलम ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम शिक्षा साम्प्रदायिक सौहार्द के प्रतीक थे।
सचिव अब्दुल सलाम, पूर्व प्राचार्य कमर मसूद, मुश्ताक आलम, शफी आलम, एखलाकुर रहमान, सैयद शमीम अनवर, अनवार इंजीनियर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन विज्ञान शिक्षक अरशद अनवर अलीफ ने की। मौके पर स्कूली बच्चों के दरम्यान भाषण, क्विज, वादविवाद प्रतियोगिता आयोजित की गयी। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। विभिन्न प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।
दूसरी ओर मौलाना आजाद डे के मौके पर मौलाना आजाद एडुकेशनल एण्ड वेलफेयर फाउंडेशन आजाद नगर में भी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मौके पर फाउंडेशन के निदेशक असरार अहमद ने कहा कि मौलाना आजाद शिक्षा के क्षेत्र में अपने महत्वपूर्ण कार्यो के लिए हमेशा याद किए जाते रहेंगे। वे भारत में ऐसी शिक्षा के पक्षधर थे जिससे भारतीय सद्दाम में भाईचारगी के रिश्ते मजबूत हो सके। मौके पर अफसाना परवीन, रफी हैदर, रजी अहमद, इश्तियाक आलम ने भी अपने विचार प्रकट किए।

अग्निकांड: दो लाख की संपत्ति राख

अररिया,निसं.: अररिया प्रखंड के भोजपुर पंचायत अंतर्गत आमगाछी गांव में शुक्रवार की रात हुई अग्नि कांड में 12 मवेशी समेत दो लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी। इस घटना में पीड़ितों के आधा दर्जन से अधिक घर भी जलकर खाक हो गये। घटना के दूसरे दिन एक बजे तक किसी भी प्रकार की सरकारी राहत उपलब्ध नहीं करायी गयी थी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक संध्या काल गांव के लोग छठ घाट पर अ‌र्घ्य देने नदी किनारे गए थे। इसी बीच किसी ने गांव में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण घाट से दौड़कर गांव पहुंचे और आग पर काबू करने का प्रयास करने लगे। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक राजेश सिंह, उमेश सिंह, हजारी सिंह, लाल बिहारी सिंह, दिनेश व विकास सिंह के घर जलकर खाक हो गये।
अग्निकांड में आंगन व दरवाजे पर बंधी एक गाय, एक बाछी एवं सात बकरियां झुलस कर मर गयी। घटना में पीड़ितों के घर में रखा अनाज व कपड़ा भी जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद मुखिया पति जय प्रकाश सिंह ने तत्काल पीडि़तों को राहत मुहैया करायी।

गला दबाकर युवक की हत्या, विरोध में सड़क जाम

बथनाहा(अररिया), निसं.: फारबिसगंज प्रखंड के भंगही पंचायत के श्याम नगर खत्री टोला निवासी सिन्टू कुमार सिंह की हत्या शुक्रवार की रात गला दबाकर कर अज्ञात लोगों ने कर दी, तथा शव को 121 आरडी कोसी मेन केनाल के उत्तर जलेवी पेड़ के नीचे फेंक दिया। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने बथनाहा-वीरपुर सड़क को श्यामनगर गांव के निकट जाम कर घंटों प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कारी खोजी कुत्ता के जरिए हत्या कांड का खुलासा करवाने की मांग कर रहे थे। खोजी कुत्ता मंगाने के आश्वासन देकर पुलिस ने तीन घंटे बाद यातायात चालू कराया।
जानकारी के अनुसार श्यामनगर खत्री टोला निवासी विधवा मधुलता देवी के पुत्र सिन्टू कुमार सिंह की हत्या गुरुवार की रात गला दबाकर अपराधियों ने कर दी। एक पैर से विकलांग सिन्टू मनरेगा के तहत कजरा रिंग बांध पर लगे दो सौ वृक्षों का रखवाली करता था। गुरुवार की रात भी वह वृक्षों की रखवाली कर रहा था। हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। बथनाहा ओपी अध्यक्ष दिनेश मंडल ने सैप जवानों के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया तथा खोजी कुत्ता लाकर घटना की जांच कराने की बातें कही। तत्पश्चात जाम हटा। शव को कब्जे में लेकर बथनाहा पुलिस पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया है। इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ स्थानीय थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है।

गला दबाकर युवक की हत्या, विरोध में सड़क जाम

बथनाहा(अररिया), निसं.: फारबिसगंज प्रखंड के भंगही पंचायत के श्याम नगर खत्री टोला निवासी सिन्टू कुमार सिंह की हत्या शुक्रवार की रात गला दबाकर कर अज्ञात लोगों ने कर दी, तथा शव को 121 आरडी कोसी मेन केनाल के उत्तर जलेवी पेड़ के नीचे फेंक दिया। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने बथनाहा-वीरपुर सड़क को श्यामनगर गांव के निकट जाम कर घंटों प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कारी खोजी कुत्ता के जरिए हत्या कांड का खुलासा करवाने की मांग कर रहे थे। खोजी कुत्ता मंगाने के आश्वासन देकर पुलिस ने तीन घंटे बाद यातायात चालू कराया।
जानकारी के अनुसार श्यामनगर खत्री टोला निवासी विधवा मधुलता देवी के पुत्र सिन्टू कुमार सिंह की हत्या गुरुवार की रात गला दबाकर अपराधियों ने कर दी। एक पैर से विकलांग सिन्टू मनरेगा के तहत कजरा रिंग बांध पर लगे दो सौ वृक्षों का रखवाली करता था। गुरुवार की रात भी वह वृक्षों की रखवाली कर रहा था। हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। बथनाहा ओपी अध्यक्ष दिनेश मंडल ने सैप जवानों के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया तथा खोजी कुत्ता लाकर घटना की जांच कराने की बातें कही। तत्पश्चात जाम हटा। शव को कब्जे में लेकर बथनाहा पुलिस पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया है। इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ स्थानीय थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है।

ट्रेनिंग लिस्ट दिखाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप

अररिया, निसं: मुड़बल्ला निवासी अब्दुल कैयूम ने जिलाधिकारी को एक पत्र भेजकर आजाद एकेडमी के एक शिक्षक मो. अनवार आलम पर लूट खसोट एवं मनमानी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
श्री कैयूम ने आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त श्री कैय्यूम ट्रेण्ड शिक्षकों को ट्रेनिंग के नाम पर सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए अवैध वसूली करने का काम करते हैं। गत सोमवार को लिस्ट दिखाने के नाम पर उनसे ती सौ पचास रूपये वसूल की गयी। लेकिन लिस्ट नहीं दिखाया। लिस्ट नहीं दिखाने पर जब उनसे अपनी राशि की मांग की गयी तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। श्री कैय्यूम ने जिलाधिकारी को सारी बातों से अवगत कराते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। वहीं शिक्षक मो. अनवार इस आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि उनके पास कोई सूची नहीं आयी है और न ही उन्होंने किसी से रूपये की मांग की है।

गंदगी से पटा है ताराबाड़ी हाट

ताराबाड़ी(अररिया),संसू.: अररिया प्रखंड के ताराबाड़ी हाट गंदगी से पटा पड़ा है। साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण हाट में खरीददारी करने आने वाले ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्राहक व समाज सेवी शैलेश झा, सुरेश मंडल, नरेश गोस्वामी आदि ने जिला प्रशासन से हाट की समुचित सफाई व्यवस्था कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ताराबाड़ी हाट में दर्जनों गांव के लोग आवश्यकता की वस्तुओं की खरीददारी करने आते हैं। लेकिन हाट में न तो पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही शौचालय की। अगर हाट में शौच लग जाए तो..। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाट में गंदगी पसरी रहने के कारण कई तरह की संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है।

रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं में रोष

फारबिसगंज(अररिया),हप्र.: रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पर रहा है। इससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। इंडेन गैस एजेंसी के वितरण प्रतिष्ठान के सामने सुबह से ही रसीद कटाने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारे लगी रही। परन्तु कई लोगों को गैस नहीं मिली। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि वितरण एवं भेंडर द्वारा गैस की कालाबाजारी की जाती है। विशेषकर त्योहार के मौके पर गैस की कृत्रिम किल्लत दिखाकर अनाप-शनाप कीमतों पर गैस उपलब्ध कराया जाता है।
ज्ञात हो कि फारबिसगंज स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास कुल 12 हजार उपभोक्ता है। ऐसे में प्रतिमाह फारबिसगंज गैस एजेंसी को औसतन 35 गाड़ी गैस की आवश्यकता है। जबकि डीपो से 25 से 30 गाड़ी ही आपूर्ति की जाती है। वहीं नम्बर माह के दस तारीख तक जहां उन्हें ग्यारह गाड़ी गैस मिलनी चाहिए वहां मात्र पांच गाड़ी ही गैस की आपूर्ति की गयी। ऐसे में गैस की किल्लत स्वाभाविक ही है। कुल मिलाकर गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं को पर्व के मौके पर काफी परेशानी हो रही है।

आपराधिक घटनाओं से नगर वासियों मे क्षोभ

फारबिसगंज(अररिया),हप्र : शहर में हो रही चोरी-डकैती समेत अन्य आपराधिक घटनाओं पर फारबिसगंज वासियों ने क्षोम व्यक्त किया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अविलंब इन घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही यह मांग भी किया है कि पुलिस बल और वाहन की कमी से जूझ रहे फारबिसगंज थाना में अतिशीघ्र पुलिस बल तथा वाहन की प्रतिनियुक्ति की जाये।
शुक्रवार सरेआम छोआपट्टी स्थित रेडिमेड व्यवसायी के घर सशस्त्र अपराधियों द्वारा डाकेजनी की घटना को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस के नाक के नीचे से आराम से निकल जाने की मामला से हतप्रभ हैं। इस घटना पर क्षोम व्यक्त करते हुए लोजपा प्रत्याशी मायानंद ठाकुर, मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप मुख्य पार्षद राज कुमार अग्रवाल, नप के पूर्व अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल, कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी, नगर पार्षद रीता गुप्ता, मूलचंद्र गोलछा, अनिल कु. सिन्हा, शाद अहमद, धीरज पासवान, चेम्बर आफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष मोती लाल शर्मा, अरविंद गोयल, प्रदीप लूनिया आदि ने चिंता व्यक्त करते हुए अविलंब संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तार की मांग पुलिस प्रशासन से किया है।
उन्होंने यह भी मांग की है कि इस महत्वपूर्ण थाना में अविलंब समुचित पुलिस बल तथा कम से कम चार वाहन उपलब्ध कराया जाये ताकि अपराधिक घटनाओं पर विराम लगाया जा सके।