Thursday, June 16, 2011

नौका दुर्घटना:कौन बनेगा मसोमात वीणा के बुढ़ापे का सहारा?


-बेटे को बचाने में गयी चांदनी व पति की जान
अररिया : अब मसोमात वीणा के बुढ़ापे की लाठी कौन बनेगा? बड़े अरमान से अपने इकलौते बेटे गणेश को पाला था। परमान की कातिल धारा ने गणेश के साथ पुतोहू चांदन व पोते राजा को भी निगल लिया।
रामपुर मोहनपुर गाव की मसोमात वीणा की आंखे रोते रोते सूख चुकी हैं। पति जीवछ लाल की मौत के बाद वीणा की सारी उम्मीद गणेश पर टिकी थी। लेकिन वह भी छोड़ कर चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार को रामपुर घाट पर जब नाव डूबने लगी तो चांदनी के हाथ से दस महीने का बेटा राजा नीचे गिर गया। उसे बचाने के लिए 25 साल की चांदनी परमान की लहरों में कूद पड़ी, लेकिन खतरनाक लहरों ने उसे निगल लिया। उसे डूबता देख गणेश रजक भी नीचे कूदा, लेकिन नदी की तेज धारा ने उसे भी नहीं छोड़ा। मंगलवार की शाम पहले नौनिहाल राजा का शव मिला। जबकि बुधवार को देर तक चली तलाश में चांदनी का मृत शरीर बरामद कर लिया गया। लेकिन गणेश का अब तक कोई पता नहीं है। मसोमात वीणा को उम्मीद है कि गणेश जरूर लौट कर आयेगा।

अररिया: सौ से अधिक घाटों पर चलती हैं निजी नाव


-हो रहा यात्रियों का आर्थिक शोषण
-निजी नावों में यात्री सुरक्षा से खिलवाड़
अररिया : अररिया जिले के सौ से अधिक नदी घाटों पर निजी नावें चलती हैं। ये पंजीकृत भी नहीं हैं तथा इनके परिचालन में सुरक्षा मानकों का दूर दूर तक पालन नहीं होता। इन नावों पर यात्रियों से मनमाना भाड़ा वसूला जाता है। इतना ही नहीं सरकारी नावों के अभाव में बाढ़ बरसात के दिनों में लोग निजी नाव या केला के थंभ पर धार पार करते हैं।
रामपुर घाट पर मंगलवार को दुर्घटना ग्रस्त हुई नाव भी निजी थी और प्रशासन के पास पंजीकृत नहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव बुरी तरह जर्जर थी तथा गहनी के अभाव में उसमें पानी रिस रहा था। नाव जब घाट से खुली तो उसमें पानी भरने लगा। यह देख लोग धड़फड़ाने लगे। इससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गयी।
जानकारों की मानें तो जिले में बाढ़ आपदा से लड़ने की प्रशासनिक तैयारी अक्सर कागजी ही रहती है। कोसी की राष्ट्रीय आपदा के वक्त भी ऐसा ही था और जब अचानक जल प्रलय आ गया था तो प्रशासन के पास दो चार भी अच्छी नावें भी नहीं थी। बाहर के जिलों से नाव मंगा कर काम चलाया गया था।
नावों की किल्लत इस बार भी है। जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी के अनुसार जिले में कुल 155 नयी नाव क्रय करने की जरूरत है। लेकिन इसके लिए प्रशासन के पास पर्याप्त फंड नहीं है।
जिले में सौ से अधिक घाट ऐसे हैं जहां निजी नावें चलती हैं। ये जर्जर व अपंजीकृत हैं। वहीं, अधिक पैसे की लालच में इन पर यात्रियों को कोंच दिया जाता है। इनके अलावा दर्जनों ऐसे घाट हैं जहां सरकारी नावें हैं ही नहीं। इनमें रानीगंज प्रखंड अंतर्गत फरियानी नदी पर धुजा घाट, बरहरा घाट, नसीर घाट, बालू घाट, उत्तर कोड़िया घाट व दक्षिण कोड़िया घाट, कमला नदी पर काला बलुआ से पूरब ठोंगहा घाट आदि प्रमुख हैं। वहीं, अररिया व जोकीहाट प्रखंडों में तो स्थिति भयावह है। बकरा नदी के बेंहगी घाट में बड़ी संख्या में लोग पार करते हैं, लेकिन नाव जर्जर व बेकार है। रमराय व भंगिया के बीच बकरा धार में तथा फरासूत रमराय के बीच मरना धार में कोई नाव ही नही है। इसके अलावा दर्जनों की संख्या में अन्य प्रखंडों में भी ऐसे घाट हैं जहां नाव की जरूरत है पर वहां या तो नावें हैं ही नहीं या हैं तो जर्जर व बेकार।

Wednesday, June 15, 2011

एसडीओ, बीएसओ सहित कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दायर


अररिया : फारबिसगंज गोली कांड को लेकर मंगलवार को अररिया के मुख्य न्यायिक दंडाडिकारी की अदालत में अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक,फैक्ट्री मालिक व एमएलसी पुत्र सहित कई पुलिस कर्मियों के खिलाफ एक मामला दायर हुआ है। मामला गोलीकांड में मारे गये नाबालिग बालक के नाना भजनपुर निवासी रफीक अंसारी की ओर से दायर किया गया है।
फारबिसगंज के भजनपुर निवासी रफीक अंसारी ने सीजेएम की अदालत में केश नंबर 1341 सी/11 दायर किया है। इस मामले में घटना तिथि 03 जून, 11 का उल्लेख करते हुए भादवि की धारा 147, 148, 149, 341, 342, 307, 302, 109 एवं 120 बी सहित आ‌र्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत आरोप लगाया गया है। वादी की ओर से दायर मामले में फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी गिरवर दयाल सिंह, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक सुनील कुमार गुप्ता, थानाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, अररिया के अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार तथा महाश्वेता कुमारी, औरो सुन्दरम फैक्ट्री के मालिक अशोक कुमार चौधरी, भाजपा के विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल के पुत्र सौरभ अग्रवाल, फारबिसगंज के कमल अग्रवाल तथा गृहरक्षा वाहिनी सं. 401975 सुनील कुमार यादव समेत अररिया जिले के करीब एक सौ पुलिस कर्मी व प्राइवेट लठैत को अभियुक्त बनाया गया है। दायर मामले में वादी ने उल्लेख किया है कि वह अपनी बेटी बीबी रेहाना एवं अपने नाती नौसाद अंसारी उर्फ साहिल के साथ फारबिसगंज के फुलबरिया हाट से सौदा वगैरह खरीदकर अपने गांव भजनपुर लौट रहे थे कि एफसीआई गोदाम के पास उपरोक्त आरोपियों सहित कई पुलिस कर्मी व अन्य सैकड़ों लोग पिस्तौल, राइफल, बंदूक व लाठी वगैरह से लैश होकर सड़क को अवरुद्ध किये थे।
इसी बीच फायरिंग प्रारंभ कर दी गयी। जिससे राइफल की गोली उसके नाति उर्फ शाहिद तथा बेटी को लग गयी। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से रेफरल अस्पताल फारबिसगंज इलाज के लिये लाया, जहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिये रेफर कर दिया गया। इलाज के क्रम में नाती नौशाद की मौत हो गयी वहीं उसकी पुत्री का इलाज पीएमसीएच,पटना में चल रहा है।
बाद में आरोपियों ने भजनपुर गांव में भी कई निर्दोष लोगों पर गोली बरसाकर घायल कर दिया। मुस्तफा अंसारी को भी गोली मारी गयी तथा साजिश के तहत उसे पैरों से कुचलवा कर मार दिया गया।
अभियोगी ने उल्लेख किया है कि फारबिसगंज-भजनपुर जाने वाली ईट सोलिंग रोड को अवैध ढंग से दखल कर प्राईवेट फैक्ट्री का निर्माण प्रभावशाली लोगों द्वारा किया जा रहा है, उन्हीं लोगों के इशारे पर इस घटना को अंजाम दिया गया है।

ट्रेन से दस लाख की विदेशी सुपारी बरामद


फारबिसगंज (अररिया) : कस्टम ने एसएसबी के सहयोग से सोमवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर फारबिसगंज तथा बथनाहा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से करीब दस लाख रूपये मूल्य ेके तस्करी का विदेशी सुपारी बरामद करने में सफलता पायी है। जबकि तीन दर्जन की संख्या में रहे तस्कर भागने में सफल रहे। दोनों स्टेशनों पर जोगबनी से कटिहार जा रही डाउन पैंसेंजर ट्रेन 55754 से रात के करीब दो बजे छापामारी कर 100 से अधिक बोरा जब्त किया गया। नव पद स्थापित फारबिसगंज कस्टम के सहायक आयुक्त शिवशंकर के नेतृत्व में की गयी कार्रवाई से तस्करों को बड़ा झटका लगा है। एसी शिवशंकर ने कहा कि तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। छापामारी अभियान में कस्टम इंस्पेक्टर केके मिश्रा, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, एसएसबी 24 वीं बटालियन बथनाहा के एसआई संजीव कुमार, फारबिसगंज आरपीएफ प्रभारी एहसान अली शामिल थे।
जानकारी अनुसार अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि जोगबनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से बड़ी मात्रा में विदेशी सुपारी का बोरा रखा गया है जिसे पूर्णिया के गुलाबबाग तक पहुंचाने की योजना थी। लेकिन जोगबनी से देर रात ट्रेन खुलने के बाद अगले स्टेशन बथनाहा में ही कस्टम व एसएसबी के द्वारा ट्रेन में छापामारी की गयी। इसके बाद ट्रेन खुलने के बाद फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेन में छापामारी कर विदेशी सुपारी बरामद किया गया। छापामारी की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा रहा है। तस्करों के खिलाफ इसे बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

जोगबनी: बंद के दूसरे दिन किया यातायात अवरुद्ध


-सरकारी व गैरसरकारी संस्थान रहे बंद
जोगबनी (अररिया) : अनियमित विद्युत आपूर्ति से आक्रोशित जोगबनी विद्युत उपभोक्ताओं ने अनिश्चितकाल बंदी के दूसरे दिन मंगलवार को अपने तेवर कड़े करते हुए सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थान, स्कूल आदि को बंद करा जगह-जगह सड़क को अवरुद्ध कर दिया है। जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अवस्थित जोगबनी भारतीय सुरक्षा को लेकर भी अति संवेदनशील है। जनप्रतिनिधि व विद्युत विभाग के उदासीनता एवं उपेक्षा से लगभग 48 घंटों से सीमा क्षेत्र अंधेरे में डूबा पड़ा है। जिस कारण विद्युत उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है। आक्रोशित लोगों ने एक पीकप वैन का शीशा तोड़ डाला।
इधर जोगबनी विद्युत उपभोक्ता संघर्ष समिति द्वारा आंदोलन को मजबूती प्रदान करने हेतु बैंक, स्कूल एवं कस्टम के कार्यो को भी बाधित किया गया है जिससे कस्टम को जहां प्रतिदिन लाखों रुपये राजस्व की क्षति हो रही है वही बैंक, स्कूल व बाजार एवं यातायात के ठप्प रहने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गयी है।
इस संबंध में संघर्ष समिति सदस्यों अजय झा, मंटू भगत, कमल तापडिया ने कहा कि जब तक विभाग द्वारा हमारी मांगों को नही मानी जाती तब तक जोगबनी में बिजली को ले आंदोलन जारी रहेगा तथा उग्र होगा जिसकी जवावदेही विद्युत विभाग की होगी। इधर विद्युत कार्यपालक अभियंता सीताराम सिंह ने बताया कि तार के टूटने के कारण जोगबनी का विद्युत प्रभावित हुआ है जो आज ठीक हो जायेगा।

बख्शे नहीं जायेंगे नाव दुर्घटना के जिम्मेवार


अररिया : अररिया के अनुमंडल पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने कहा है कि रामपुर में हुई नौका दुर्घटना मामले की पूरी जांच की जायेगी। इस घटना के लिए जिम्मेवार व्यक्ति को बख्शा नही जायेगा। उन्होंने कहा कि यह नाव सरकारी नही थी। नाव निजी थी तथा पंजीकृत नही थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रशासन का ध्यान बचाव पर लगा हुआ है, जल्द ही इस मामले की जांच की जायेगी। इसके बाद उचित कार्रवाई की जायेगी।

फूड फॉर वर्क व मनरेगा में आवंटित खाद्यान्न आपूर्ति की जांच प्रारंभ


अररिया : बिहार सरकार के ग्रामीण विकास के प्रधान सचिव के निर्देशानुसार वर्ष 2001 से 2006-07 के बीच चली फूड फॉर वर्क एवं संपूर्ण रोजगार गारंटी स्कीम के तहत आवंटित खाद्य सामग्री की जांच जिले में शुरू कर दी गई। जिसको लेकर जिन डीलरों द्वारा योजना की खाद्य सामग्री उठाव व वितरण की गई थी उनमें हड़कंप मच गई है। अररिया प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदािधकारी नागेश्वर पासवान के निर्देश पर बुधवार से डीलरों द्वारा किये गये उठाव एवं वितरण की जांच कराई जा रही है। इस जांच से प्रथम दिन ही ऐसा प्रतीत होता है कि एक बहुत बड़ा घोटाला सामने आ सकता है। फाइले उठाव पंजी एवं वितरण पंजी को खंगाला जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के लगभग 40 डीलरों के द्वारा उठाव एवं वितरण किया गया। लेकिन दिलचस्प बात तो यह है कि उठाव का हिसाब तो स्पष्ट रूप से मिल रहा है लेकिन वितरण एवं अभिश्रव को लेकर डीलर की गला फसी नजर आ रही है। बहरहाल अभी जांच चल रहा है लेकिन प्रथम दृष्टा से ऐसा लगता है कि जिले का सबसे बड़ा घोटाला साबित हो सकता है। अररिया प्रखंड के बीडीओ श्री पासवान ने कहा कि दोषी डीलरों के खिलाफ सरकार को रिपोर्ट की जायेगी। तदउपरांत विभागीय निर्देशानुसार दोषी के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी। इधर डीलर संघ ने कहा कि पांच से दस साल पुराना मामला है। उस समय योजना के लिए अनाज का उठाव तो डीलर द्वारा होता था लेकिन वितरण डीडीसी के निर्देशानुसार उनके कनीय अभियंता द्वारा किया जता था तथा मास्टर राल भी वही भरते थे। डीलरों को कोई स्पष्ट मार्गदर्शन भी नहीं दिया गया था।

जोकीहाट: आज से शुरू होगा शपथ ग्रहण समारोह


जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के कुल 27 पंचायतों के मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य एवं पंच सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह प्रखंड मुख्यालय में 15 से 21 जून के बीच होगा। जानकारी देते हुए बीडीओ मो. सिकंदर ने बताया कि इस दौरान उपमुखिया एवं उपसरपंच का भी चुनाव कराया जायेगा। साथ ही प्रतिदिन चार पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलायी जायेगी।

एक पखवारे में 80 लाख की हुई विदेशी सुपारी बरामद


फारबिसगंज(अररिया) : भारत नेपाल सीमा पर हो रही तस्करी के खिलाफ कस्टम तथा एसएसबी को संयुक्त रूप से बीते 2 जून से 14 जून के दौरान करीब 80 लाख रूपये मूल्य की विदेशी सुपारी बरामद करने में सफलता मिली है। बीते दो जून को कस्टम ने किशनगंज जिला के कोचाधामन किशनपुर में 27 लाख रूपये का विदेशी सुपारी जब्त किय था। बीते नौ जून को अररिया जिला के पलासी प्रखंड में 27 लाख तथा पूर्णिया के गुलाबबाग में दो लाख रूपये का विदेशी सुपारी जब्त किया। दस जून को भी सुपारी बरामद हुआ फिर 14 जून जून को फारबिसगंज में दस लाख के विदेशी सुपारी ट्रेन से बरामद करने में सफलता पायी है।

अररिया में पीआरआई प्रतिनिधियों का शपथग्रहण प्रारंभ


-पहले दिन चार पंचायतों का हुआ शपथ ग्रहण
- उपमुखिया व उपसरपंच निर्विरोध चुने गये
अररिया, संवाद सहयोगी: अररिया प्रखंड के चार पंचायत शरणपुर, जमुआ, भोजपुर तरौना एवं साहसमल के नव निर्वाचित पीआरआई जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में संपन्न हुआ। चारों पंचायत के मुखिया एवं सरपंच ने अपनी पूरी टीम के साथ शपथ ग्रहण में भाग लिया। तत्पश्चात चारों पंचायत के उपमुखिया एवं उप सरपंच का चुनाव भी निर्विरोध हो गया। शरणपुर पंचायत में उपमुखिया गौरी देवी, उप सरपंच राम लखन सिंह, जमुआ पंचायत से सुशीला देवी, उपमुखिया एवं बुगन मंडल उप सरपंच बने, भोजपुर पंचायत से गणेश प्र. सिंह उपमुखिया व सुरेश विश्वास उप सरपंच बने जबकि साहसमल पंचायत में उपमुखिया सीता देवी एवं उपसरपंच परमानंद बने। प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेंद्र पासवान ने बताया कि उपमुखिया व उपसरपंच पद पर चारो निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुए। मौके पर सभी वार्ड सदस्य, पंच, मुखिया, उपमुखिया, सरपंच व उपसरपंच को भी शपथ दिलाई गई।

रंगे हाथ पाकेटमार धराया


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर सोमवार की संध्या मोबाइल चोरी करते एक पाकेटमार को आरपीएफ द्वारा रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तार चोर सूरज कुमार सिंह अररिया आरएस के रहिका टोला निवासी बताया जाता है। आरपीएफ प्रभारी एहसान अली ने जानकारी देते हुए बताया कि पाकेटमार के पास से चोरी का चार मोबाइल बरामद किया गया। बरामद मोबाइल तथा पाकेटमार को जोगबनी जीआरपी थाना को सुपुर्द कर दिया गया।

जिप सदस्य ने सचिव से कूपन छीना,प्राथमिकी


कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड के कमलदाहा गांव में कूपन वितरण के लिए गये ग्राम सचिव के साथ कुछ पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा दु‌र्व्यवहार किया गया है तथा कूपन भी नष्ट कर दिया गया है। कमलदाहा के ग्राम सचिव मो. रिजवान ने कुर्साकांटा थाना में इस आशय की प्राथमिकी सोमवार को दर्ज करायी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मो. रिजवान पंचायत में 300 कूपन लेकर वितरण के लिए जा रहे थे। वे ग्राम कचहरी के सचिव की प्रतीक्षा कर रहे थे कि कमलदाहा प्राथमिकी विद्यालय पोखर भिण्डा के निकट जिला पार्षद भाई उस्मान, पूर्व मुखिया पति फौजी अनवार, मो. अन्नू, मो. मजहर आदि करीब 20-25 लोग जबरन उनके हाथ से कूपन छीन लिये एवं फौजी अनवार लाइसेंसी हथियार लेकर गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। मो. रिजवान ने लिखित आवेदन देकर कांड संख्या 75/2011 दर्ज कर सरकारी संपत्ति को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।

दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज


कुर्साकांटा (अररिया) : चार चक्का गाड़ी दहेज में नहीं देने पर एक विवाहिता को प्रताड़ित किये जाने का मामला कुआड़ी ओपी में सोमवार को दर्ज कराया गया है। गरैया गांव के मो. अफरोज की पत्‍‌नी असीदा खातुन ने अपने पति मो. अफरोज, सास कोरेसा, श्वसुर मो. श्रफुल, ननद आसमां खातुन, ननदोई कमरूज्जमा, भैंसूर मो. तबरेज आदि पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कांड संख्या 74/2011 दर्ज किया है। पीड़िता ने आवेदन के माध्यम से कहा है कि ससुराल वाले पिछले दो वर्षो से पिता से चार चक्का गाड़ी लाने या कीमत लाने के लिए उनके साथ मारपीट किया जा रहा है। ज्ञात हो पीड़िता का विवाह दस वर्ष पूर्व हुआ था।

भू विवाद में मारपीट,एक गिरफ्तार


कुर्साकांटा (अररिया) : सोनामनी गोदाम थाना क्षेत्र के ककुड़वा बस्ती में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो व्यक्ति जख्मी हो गये। घायलों को कुर्साकांटा अस्पताल में भर्ती किया गया जहां से चिकित्सकों ने एक को पूर्णिया रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोनामनी ककुड़वा में जमीन विवाद को अनिल साह एवं सुलतान साह के साथ जमकर मारपीट हुई जिसमें अनिल साह घायल हो गया। अनिल साह के लिखित आवेदन पर उसी गांव के तीन व्यक्तियों को नामजद किया गया। वहीं दूसरी ओर सुलतान साह के लिखित आवेदन पर सात व्यक्तियों के विरुद्ध कांड संख्या 72/2011 दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने पहुंचे मो. सुलतान को गिरफ्तार कर लिया गया है।

विद्युत आपूर्ति की मांग को ले जोगबनी अनिश्चित काल के लिए बंद



जोगबनी (अररिया) : अनियमित विद्युत आपूर्ति से आक्रोशित उपभोक्ता आखिरकार आंदोलन पर उतर ही आये। उपभोक्ताओं ने संघर्ष समिति के बैनर तले भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी बाजार को सोमवार से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर आवागमन को पूर्णत ठप्प कर दिया है। जिससे सीमा पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब तक विभाग उनकी मांगों को नहीं मान लेता है तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जायेगा।
इधर, शाम को प्रशासन की ओर से फारबिसगंज के अंचलाधिकारी शिवशंकर प्रसाद ने आंदोलन कारियों से वार्ता की किंतु वे लाग आंदोलन वापस लेने पर तैयार नहीं हुए। आंदोलनकारियों ने सीओ को पांच सूत्री मांगों का एक ज्ञापन सौंपा है जिसमें नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने व जोगबनी का फिडर अलग करने आदि की मांग शामिल है।
अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित जोगबनी को सुरक्षा की दृष्टि से भाया नेपाल विद्युत आपूर्ति होती आ रही थी। लेकिन बाद में बिजली का विस्तारीकरण किया गया तब से नेपाल से आपूर्ति विद्युत को विच्छेदित कर फारबिसगंज से चालू किया गया। तब से जोगबनी विद्युत उपभोक्ताओं को अंधेरे में रहना नियति बन गयी है। इसी से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सोमवार से अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंद कर आवागमन को ठप्प कर दिया है।
विद्युत उपभोक्ता संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय दुबे सदस्य दिनेश साह, प्रभात सिंह ने कहा कि अतिमहत्वपूर्ण सीमा होने के बावजूद विभाग द्वारा जोगबनी की उपेक्षा आश्चर्यजनक है। उन्होंने बताया कि जब तक विद्युत व्यवस्था सुचारु नहीं किया जाता है आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मंगलवार से सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों के भी बंद किये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो रेल चक्का को भी जाम किया जायेगा। इस मौके पर संघर्ष समिति के कमल तापडिया, मंटू भगत, रमेश चौधरी, फिरोज खान, जीतू साह, जुग्गू अग्रवाल, जुगनू, मोहन अग्रवाल, भरत यादव, विजय श्रीवास्तव, जावेद खान, मनोज साह सहित सैकड़ों उपभोक्ता आंदोलन को सफल बनाने में सक्रिय रहे।

मनोरंजन के नाम पर परोसी जा रही अपसंस्कृति, खेल का हाल खस्ता


अररिया : मैला आंचल में मनोरंजन के नाम पर अब अपसंस्कृति परोसी जा रही है। पारंपरिक लोक गाथाओं व गीत नाट्यों के धुन नहीं सुनायी देते। नैका बंजारा व विदापत विलुप्त हो चुके हैं। वहीं, खेलकूद के मामले में
भी हाल बदहाल है। प्रोत्साहन के अभाव में जिले की खेल प्रतिभा जंगल के फूल की तरह खिल कर जंगल में ही बिखर जाती हैं।
मनोरंजन: अश्लील व फूहड़ फिल्मों का प्रदर्शन धड़ल्ले से-
जिले में मनोरंजन के नाम पर अश्लील फिल्मों का धड़ल्ले से हो रहा है। सी ग्रेड की फिल्में हों तो एक बात है, यहां तो नाइट शो में ब्लू फिल्में भी दिखायी जा रही हैं।
मेलों के लिए विख्यात रहे अररिया जिले में नौटंकी जहां शहरी मध्यम वर्ग के मनोरंजन कर वैध साधन थी, वहीं, ग्रामीण इलाके में नैका बंजारा, बिहुला बिसहरी, दीना भदरी, सावित्री सत्यवान, घुघली घाटम, विदापत जैसे गीति नाट्यों का जोर था। इनसे न केवल स्वस्थ मनोरंजन होता था, जीवन के लिए जरूरी शिक्षा भी मिलती थी। लेकिन आधुनिकता के प्रवेश ने इस आंचलिक विरासत को छीन लिया है। अब ग्रामीण मेलों में अश्लील चित्रहार और बीएफ का तथा नेपाल सीमावर्ती गांवों में हौजी (जुअेबाजी)व कैसिनो का जोर है। वहीं, शहरी व ग्रामीण मध्यम वर्ग टीवी व डीवीडी के पास चिपक कर रह गया है।
सिनेमा घरों की हालत खस्ता - जिले के फारबिसगंज व अररिया सहित कुछ जगहों को छोड़ कर अन्य सभी स्थानों पर मनोरंजन के नाम पर भद्दा व खतरनाक मजाक हो रहा है। जमाना अब मल्टीप्लेक्स का आ गया है, लेकिन अररिया में आज भी टीन की छपरी, बांस की बल्ली व तिरपाल से बने सिनेमा घर अपना शो करते हैं।

दूसरे की पत्‍‌नी को इलू का मैसेज भेजना पड़ा महंगा


बसैटी (अररिया) : आई लव यू का प्रयोग करना कोई खराब बात नहीं, पर किसके लिए? निश्चित रूप से दूसरे की पत्‍‌नी के लिए तो नहीं ही। बस रमजान अली से यहीं गलती हो गयी। उसने अकमल की बीबी अकलीमा खातून को इलू (आइ लव यू) का एसएमएस भेज दिया। यह मामला बौंसी थाना क्षेत्र के एकड़ा गांव में सोमवार को घटित हुआ, जिसमें जम कर मारपीट हो गयी। इस घटना में दो लोग घायल हुए। थाना अध्यक्ष टुनटुन पासवान ने प्राथमिकी दर्ज कर इलाज के लिये दोनों घायलों को रानीगंज रेफरल अस्पताल भेज दिया है।
आवेदन में मो. अकमल का आरोप है कि गाव के ही रमजान अली ने उनकी बीबी अकलीमा खातुन के मोबाइल पर आई लव यू का मैसेज भेजा। इस संबंध में पूछने पर रमजानी व युसूफ आदि ने उसके साथ उल्टे मारपीट की तथा मवेशी खरीदने जा रहे उनके भाई सेराजुल हक की जेब से 51000 रु. छीन लिये।
भूमि विवाद को ले मारपीट, दो घायल
बसैटी: वही दूसरी घटना मे बौसी पंचायत के अररिया टोला गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर जम कर मारपीट हुई।
इस संबंध में मसो. सावित्री देवी (जख्मी) के आवेदन पर रमेसर पासवान तथा कामेश्वर पासवान की पत्‍‌नी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई । थाना अध्यक्ष टुनटुन पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

ट्रेन से गिरकर मौत


जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के पथराबाड़ी पंचायत के हड़वा गांव निवासी मो. नौशाद, पिता मुश्ताक उर्फ मुसाई की दिल्ली जाने के क्रम में शुक्रवार की रात यूपी के टूंडला के निकट ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। सोमवार को नौशाद की लाश उनके पैतृक गांव हड़वा में लाकर कफन-दफन किया गया। उनकी मौत से परिजनों एवं रिश्तेदारों के बीच शोक का माहौल व्याप्त है। नौशाद की मौत पर दु:ख व्यक्त करने वालों में मो. ईशा अबुबकर, मोहीद्दीन, अश्फाक, जाबुल आदि शामिल हैं।

मोटर साइकल चोरी


रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के अम्हारा निवासी चन्द्रशेखर कुमार चौधरी की हीरो होंडा मोटर साइकल (बीआर-39 एफ 9031) उनके आंगन से रविवार की रात को चोरी हो गई। इस संबंध में पीड़ित श्री चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय थाने को भी इसकी सूचना दे दी गई है।

छात्राओं ने चलाया हस्ताक्षर अभियान


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज की वित्त रहित जीरा देवी शीतल साह महाविद्यालय की छात्राओं के द्वारा कालेज के अंगीभूतीकरण को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। भूपेन्द्र नारायण मंडल विवि के इस वित्त रहित महाविद्यालय की छात्राओं की इस पहल को सभी वर्गो से समर्थन से मिल रहा है। छात्राओं का हस्ताक्षर युक्त आवेदन राज्यपाल सह कुलाधिपति को प्रेषित किया जायेगा। जिसके माध्यम से कालेज को अंगीभूतीकरण की मांग की जायेगी। कालेज की छात्रा पुष्पा कुमारी, पूजा कुमारी, ललिता कुमारी आदि ने कहा कि यह महाविद्यालय जिला का एक मात्र महिला डिग्री कालेज है जहां सिर्फ छात्राओं के लिये हीं पढ़ाई की व्यवस्था है। ऐसे में इस महाविद्यालय को पहले ही से अंगीभूत कर दिया जाना चाहिए था।