अररिया : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा है कि अभाविप के जिला संयोजक पवन पावक समेत 6 सदस्यों पर रानीगंज पुलिस ने समाज व राष्ट्रविरोधी ताकतों के इशारे पर मुकदमा किया गया है। परिषद कार्यकर्ता पर दर्ज मामला झूठा व तथ्यहीन है। इसी मामले प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. एमपी सिंह के नेतृत्व में परिषद के 5 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को एसडीपीओ मो. कासिम से मुलाकात की। इस दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने रानीगंज थानाध्यक्ष द्वारा दर्ज कराया गया मुकदमा को गलत करार देते हुए एसडीपीओ से पारदर्शिता के साथ अनुसंधान करने की मांग की। एसडीपीओ मो. कासिम ने परिषद कार्यकर्ताओं को आश्वासन देते हुए कहा कि अनुसंधान में निर्दोष नहीं फसेंगे परंतु दोषी को बख्शा भी नही जायेगा। एसडीपीओ मो. कासिम ने यह भी कहा कि रानीगंज का क्षेत्र डीएसपी बदरे आलम का है। उनके छुट्टी से वापस आने पर उचित कार्रवाई की जायेगी। मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल में परिषद के जिला सदस्य सुकांत आदर्श, छात्र नेता चंदन कुमार, सूरज कुमार, अभिषेक बच्चन आदि शामिल थे।
Wednesday, March 28, 2012
Tuesday, March 27, 2012
फर्जीवाड़ा: बैंक कर्मी ने बीडीओ के खाते से उड़ाया 54 लाख
फारबिसगंज/बथनाहा (अररिया) : मधेपुरा जिला के आलम नगर बीडीओं के सरकारी खाते से फर्जीवाड़ा कर एसबीआई जोगबनी शाखा में कार्यरत बैंक कर्मी द्वारा निकाली गयी 54 लाख रूपये मामले में जोगबनी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। शाखा प्रबंधक ब्रिजनंदन झा ने बैंक के वरीय सहायक दिपेश कुमार सिंहा सहित फर्जीवाड़ा में शामिल अन्य आठ खाताधारकों पर प्राथमिकी कांड सं. 22/12 के तहत दर्ज करायी है। मंगलवार को एसपी शिवदीप लांडे बैंक पहुंचकर प्रबंधक सहित अन्य कर्मियों से पूछताछ की है। एसपी श्री लांडे ने बताया कि एक स्पेशल पुलिस टीम आलमनगर बीडीओ से भी पूछताछ के लिए भेजी गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही फर्जीवाड़ा से पर्दा उठा लिया जायेगा। इधर, आरोपी कर्मी दीपेश कुमार फरार हो गये हैं।
ज्ञात हो कि आलमनगर के बीडीओं रामाकांत के खाते से फर्जी तरीके से जोगबनी एसबीआई ब्रांच में पदस्थापित वरीय सहायक दीपेश कुमार सिन्हा ने 54 लाख रूपये की निकासी कर ली गई है। जिसमें से पुलिस ने उनके परिजनों से 24 लाख रूपये वसूल कर लिए हैं।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा:
एसबीआई जोगबनी के वरीय सहायक दीपेश कुमार सिन्हा ने दो तिथियों 20 एवं 23 मार्च को आजमनगर के बीडीओ के खाते से 54 लाख रूपये की निकासी की। बैंक कर्मी ने कोर बैंकिंग का लाभ उठाकर तथा उनके पासवर्ड का इस्तेमाल कर बीडीओ आलमनगर के दो सरकारी खातों (खाता सं.-11755507044 एवं खाता सं. 31817609549) से उक्त राशि बिना किसी बाउचर के ट्रांसफर कर ली। इसके अलावा नेपाल इंडस्ट्रीयल कारपोरेशन बैंक लि. नेपाल (एनआईसी) के खाता सं. 11458532091 सहित अन्य आठ खातों में ट्रांसफर कर दिया। जिसमें से खाता धारकों ने राशि भी निकाल ली। जबकि बैंक कर्मियों के अनुसार एक खाते से एक बार में मात्र चार लाख की निकासी की जा सकती है। इस पूरे अवैध ट्रांजेक्शन में आठ खाताधारकों तथा उनके खातों का इस्तेमाल किया गया।
कैसे हुआ खुलासा:-
20 मार्च से चल रहे इस खेल का खुलासा पांच दिन बाद 24 मार्च को शाखा प्रबंधक द्वारा जांच के क्रम में हुआ। शाखा प्रबंधक बीके झा जब 24 मार्च को डे बुक जांच करने बैठे तो उन्हें इतनी बड़ी राशि निकासी पर संदेह हुआ। जब गहराई से उन्होंने जांच किया तो मामले का खुलासा हुआ। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना क्षेत्रीय प्रबंधक घनश्याम कुमार सिन्हा को दी। जिसके बाद महाप्रबंधक ने भी मामले की जांच की और प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश ब्रांच मैनेजर को दिया। इसके बाद जोगबनी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी। मामला सामने आते ही बैंक कर्मी दिपेश सिन्हा फरार हो गया है।
किन-किन पर हुआ एफआईआर:-
शाखा प्रबंधक बीके झा द्वारा बैंक कर्मी दीपेश सहित खाता धारक फारसिबगंज निवासी पवन गौड़, नेपाल के अजय रूनियार, मधेपुरा निवासी वीरेन कुमार सिंह, पंपा देवी, नीलम देवी, संदीप कुमार, इंदू शेखर सिंह तथा फारबिसगंज निवासी बसंती देवी पर फर्जीवाड़ा की प्राथमिकी दर्ज करवायी है। दीपेश ने उड़ायी गयी उपरोक्त राशि उक्त खाताधारियों के नाम ही ट्रांसफर किया था। जिसमें से कुछ रूपयों की निकासी भी कर ली गयी।
क्या हो रही कार्रवाई:-
अररिया एसपी शिवदीप लांडे ने प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कार्रवाई तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि दीपेश सिन्हा द्वारा निकासी की गयी राशि में से 24 लाख रूपये उसके परिजनों से वसूल कर ली गयी है। उन्होंने कहा कि स्पेशल पुलिस टीम को आलमनगर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि बीडीओ का खाता संख्या और उनका पासवर्ड उनके किसी निकटतम लोगों ने ही दीपेश को उपलब्ध करायी होगी। उन्होंने इस फर्जीवाड़ा में किसी गिरोह के शामिल होने की आशंका जतायी है। उन्होंने बताया कि इस फर्जीवाड़ा से जुड़े सभी बैंक खातों को तत्काल फ्रिज (बंद)कर दिया गया है।
बालपन शिक्षा के मूल उद्देश्यों की दी गयी जानकारी
अररिया : प्रखंड संसाधन अररिया में पिछले चार दिनों से जारी चार दिवसीय बाल दीदी का आवासीय प्रशिक्षण सोमवार को समाप्त हो गया। प्रशिक्षण शिविर में कुल 56 बाल दीदी ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान इस चार दिन में बाल दीदी को बाल पन शिक्षा के मूल उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी गयी। प्रशिक्षक के रूप में एएसआरजी अंजुमन, उषा, रीता व आभा ने बाल पन शिक्षा को आगे बढ़ाने का मूल मंत्र बताया। साथ ही इस कार्य में बाल दीदी की भूमिका के बारे में भी चर्चा हुई। प्रशिक्षण में रेणु, अनु, अकिला, रीना, किरण कुमारी, पिंकी सिंह, रीता, फरहत जंबी, स्वेता नेहा, अनिता सहित 56 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
बदरंग हो रही कलाकारों की जिंदगी
जोकीहाट (अररिया) : राष्ट्र व समाज के सांस्कृतिक विरासत को कला व चित्रकारी के माघ्यम से अक्ष़ुण्ण बनाए रखने वाले क्षेत्र के कई कलाकारों की जिंदगी आज खुद बदरंग हो गई है। संरक्षण के अभाव में क्षेत्र के कई चित्रकार केनवास व ब्रस छोड़ पेट पालने के लिए दूसरा काम अपनाने को विवश हैं। अपने ही देश में कभी चित्रकार, साहित्यकार, जैसे कलाकार व विद्वानों को राज दरबार की शोभा समझा जाता था तथा उन्हें सम्मान के साथ-साथ भरपूर संरक्षण दिया जाता था लेकिन आज वे उपेक्षित हो गये हैं।
प्रखंड क्षेत्र के कई चित्रकार कला की कद्र नहीं होते देख अन्य रोजगार तलाशने को मजबूर हैं। काकन गांव के चित्रकार खालिद शबा चित्रकारी छोड़ कप्यूटर का माउस थाम लिया है। खालिद की पेंटिंग कई बार जिला व राज्य स्तर पर चर्चा बटोर चुकी है। लेकिन आज वे अपना पुश्तैनी काम छोड़ने को लाचार हो गये। ऐसे ही दूसरे कलाकार हैं जोकीहाट बाजार निवासी विद्यानंद पोद्दार। मिथिला पेन्टिंग, पशु पक्षियों व पर्यावरण से जुड़े विषय पर उनकी चित्रकारी हमेशा चर्चा में रही है। लेकिन आज वे भी चित्रकारी छोड़ने को विवश हैं। श्री पोद्यार बताते हैं कि इस ध्ाधे में दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी मुश्किल है। फिर इस तकनीकी दौर में चित्रकारों को कौन देखने वाला है। इसी तरह पलासी प्रखंड अन्तर्गत सोहन्दर हाट के मूर्तिकार सह चित्रकार सुरेन्द्र यादव, लक्ष्मी मंडल कप्यूटर की दुकानें खोल ली है। बुद्धिजीवियों का मानना है कि अगर कलाकार इसी तरह विमुख होते रहे तो सामाजिक संवेदनाओं और संस्कृति को सहेज कर रखना हमारे लिए आसान नहीं होगा। जबकि कला साहित्य से जुड़े लोगों का कहना है कि ऐसे कलाकारों क ो सरकारी संरक्षण मिलना चाहिए । ऐसा नहीं हुआ तो सामाजिक क्रियाकलापों का संरक्षण मुश्किल होगा।
रामनवमी की तैयारी को ले बैठक
जोकीहाट : प्रखंड के जहानपुर चौक स्थित बजरंगवली मंदिर परिसर में आगामी रामनवमी पर्व की तैयारी को ले समिति के अध्यक्ष कमलेश ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी 72 घटे का अष्टयाम, भजन कीर्तन व पूजा अर्चना को ले कार्यकर्ताओं के बीच विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पूजा समिति के बिपीन बिहारी, टिंकू झा, दिगम्बर, संतोष दास, विनोद, बलित झा, नारायण आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
सिंडीकेट सदस्य बनाये जाने से हर्ष
अररिया : फारबिसगंज कालेज के प्राचार्य डा. सतीन्द्र कुमार को बीएन मंडल विश्वविद्यालय मधेपुरा का सिंडीकेट सदस्य बनाये जाने पर अभाविप ने हर्ष व्यक्त किया है। अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. एमपी सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुकांत आदर्श, जिला प्रमुख प्रो. शैलेन्द्र कुमार झा, विभाग प्रमुख रविशंकर यादव, छात्र नेता कुणाल प्रियदर्शी, नगर अध्यक्ष प्रो. अनिल मिश्रा, जिला संयोजक पवन पावक आदि ने डा. सतीन्द्र कुमार को बधाई प्रेषित करते हुए छात्र हित से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के प्रति आशा जतायी।
न्यूक्लियस ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस टी-20 टूर्नामेंट जीता
कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित सुभाष स्टेडियम में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच में न्यूकिलीयस अररिया एवं सहारा एलेवन टीम फारबिसगंज के बीच खेला गया। जिसमें फारबिसगंज की टीम 28 रनों से मैच जीत लिया और कप पर कब्जा जमा लिया। फारबिसगंज की टीम टास जीतकर बल्लेबाजी प्रारंभ किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में अपने सभी विकेट गंवाकर 145 रन का लक्ष्य खड़ा किया। जबाब में उतरी न्यूकिलियस अररिया की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 118 रन ही बना पायी। इस प्रकार फारबिसगंज की टीम 26 रन से विजयी घोषित की गयी। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जिप उपाध्यक्ष भाई उष्मान ने कहा कि जिस प्रकार जीवन में रोटी-कपड़ा मकान और शिक्षा की जरूरत है उसी प्रकार खेल भी आवश्यक है। मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख धनजीत सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को हार-जीत से नही बल्कि बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान रखना चाहिए। वहीं पूर्व मुखिया मुस्ताक अली ने अनुशासन के साथ टूर्नामेंट के लिए खेलने हेतु खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मैन आफ द मैच का खिताब अररिया टीम के अनिल ठाकुर को दिया गया और मैन आफ द सीरीज फारबिसगंज टीम के राजेश कुमार को दिया गया। अंपायर की भूमिका में आमीर सोहेल सोहेल एवं अफरोज आलम, कामनेटर के रूप में श्रवण सिंह, इमरान, संतोष सिंह एवं अंशु स्कोरर के रूप में मृत्युंजय आनंद और मुकेश कुमार, शशि, पिंटू एवं संजय गुप्ता की भूमिका सराहनीय रही। मैच को सफल बनाने गुड्डू इमरान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
रेफरल अस्प्ताल में न्यू बेबी केयर कार्नर स्थापित
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य अपनाये गये आधुनिक चिकित्सा प्रणाली के तकनीकों की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है। बिहार दिवस के मौके पर प्रसव गृह में न्यू बेबी केयर कार्नर (एमबीसीसी) स्थापित किया गया है। स्वास्थ्य प्रबंधक मो. नाजिश नियाज ने बताया कि इसके तहत नवजात शिशुओं के तापमान नियंत्रण के लिए रेडियंट वार्मर, पीलिया रोग से बचाव के लिए फोटोथेरपी यूनिट, आक्सीजन के लिए दो आक्सीजन काउन्सेट्रेटर तथा सेन्गसेन मशीन की फ्री सुविधा उपलब्ध करवायी गई है। अब परिजनों को इसके लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता नही है। इस केयर कार्नर का नाडल पदाधिकारी डा. आशुतोष कुमार को बनाया गया है। इतना ही नही मरीजों को शीतल तथा शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 80 लीटर का वाटर कुलर तथा आरओ मिनिरल जल की भी सुविधा शुरू की गई है।
महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के गैरकी गांव में 108 घंटे का महाअष्टयाम, हवन व कीर्तन को लेकर सोमवार को सैकड़ों महिलाओं ने कलश शोभा यात्रा निकाला। मटियारी के निकट बकरा नदी से महिलाओं ने जल भर कर कलश यात्रा की शुरूआत की तथा यज्ञ स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा में शामिल महिलाओं ने बताया कि कलश के जल से यज्ञ स्थल पर पूजा पाठ, हवन, शुद्धीकरण के बाद महाअष्टयाम आरंभ होगा। मास्टर राजीव यादव ने बताया कि 6 बजे शाम से अष्टयाम आरंभ होगा। अष्टयाम में बारह कीर्तन मंडली भाग ले रही है। यज्ञ को सफल बनाने में भुवनेश, तुलसी, मनोज यादव, दयानंद, उपेंद्र यादव, विनोद वर्णवाल सहित संपूर्ण ग्रामीण सक्रिय भूमिका
पथराबाड़ी डाकघर में अनियमितता की जांच
जोकीहाट (अररिया) : डाकघर में अनियमितता की शिकायत पर जांच अधिकारी ने पथराबाड़ी डाकघर के पोस्टमास्टर मो. बदरूद्दीन से पूछताछ की है। वृद्धापेंशन धारियों को समय पर पैसा नहीं दिया जाना, अवैध वसूली आदि की शिकायत लाभुकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. सिकंदर से की थी। बीडीओ श्री सिकंदर ने जांच पदाधिकारी सुरेन्द्र नाथ झा को मामले की जांच कर प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया। इस सिलसिले में श्री झा पथराबाड़ी डाकघर पहुंचकर पोस्टमास्टर से पूछताछ की। श्री झा ने बताया कि जांच प्रतिवेदन बीडीओ मो. सिकंदर को सौंप दिया जायेगा।
एड्स से बचाव के लिए जागरूकता एवं संयम जरूरी
फारबिसगंज (अररिया) : लेप्रा इंडिया की एक एडवोकेशी बैठक सोमवार को रेफरल अस्पताल परिसर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. जेएन प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। आयोजित बैठक में एचआईवी एड्स को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लेप्रा लिंक वर्कर के माध्यम से चलाये जा रहे जागरूकता कार्यक्रम को बिना किसी रूकावट के चलाये जाने पर विचार विमर्श किया गया। एड्स, एचआईवी के प्रति जागरूकता के लिए लिंक वर्कर योजना को और अधिक गति देने पर भी चर्चा की गई। बैठक में कहा गया कि जिस तरह अररिया जिला क्षेत्र में एचआईवी, एड्स के मरीजों की संख्या बढ रही है ज्यादा लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। कहा गया कि जब तक लोग संयम नही बरतेंगे तब तक इस पर काबू पाना मुश्किल होगा। बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
इस मौके पर डा. अजय कुमार, बीएचएम मनोहर कुमार प्रियांशु, एचएम मो. नाजिश नियाज, लेप्रा इंडिया के अररिया जिला संसाधन सेवी धीरेन्द्र कुमार सिंह, जिला संसाधन सेवी प्रशिक्षण राजेश कुमार, पर्यवेक्षक पशुपति नाथ झा, मनोज कुमार, रानीगंज प्रखंड के सरपंच संघ अध्यक्ष रमेश गोस्वामी, टीआई परियोजना के निर्देशक अरुण सिंह आदि उपस्थित थे।
वैष्णो देवी की प्रतिमा बनी आकर्षण का केन्द्र
रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के हलहलिया गांव में आयोजित विराट विष्णु रूप सह अखंड अष्टयाम संकीर्तन यज्ञ से चारों ओर भक्ति का माहौल बना हुआ है। यज्ञ स्थल पर चारों ओर ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाया गया है। वही यज्ञ स्थल तक जाने वाले मार्ग में दर्जनों तोरणद्वार लगाए गए हैं। यज्ञ को लेकर उत्सव का माहौल बना हुआ है। यज्ञ स्थल पर 50 फीट पर उपर बनायी गयी मां वैष्णो देवी की प्रतिमा भक्त जनों के लिए खासा आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। पहाड़ का दृश्य देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रहती है। यज्ञ स्थल पर प्रतिमा दर्शन के लिए दूर दराज से भक्तजनों का आना जाना लगा है। यज्ञ स्थल पर आकर्षक झूला, मौत का कुआं सहित भव्य मेला भी लगा है। आगामी 29 मार्च तक चलने वाले इस यज्ञ को सफल बनाने में ग्रामीण तत्परता से जुटे हैं।
तस्करी का कैसेट जब्त
बथनाहा: एसएसबी के कमांडो दस्ता ने सोमवार को बथनाहा जोगबनी सड़क मार्ग में 2500 पीसी डीवीडी के अवैध कैसेट जब्त किया है। जब्त कैसेट का मूल्य 25 हजार रुपये आंका गया है। बताया गया है कि कैसेट को तस्करी कर नेपाल ले जाया जा रहा था।
कालाबाजारी से परेशानी
फारबिसगंज: फारबिसगंज में पान मसाला, गुटखा एवं सिगरेट के कथित कालाबाजारी के कारण दुकानदार तथा उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि थोक विक्रेताओं द्वारा इन वस्तुओं का निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा वसूला जाता है जिस कारण छोटे दुकानदारों को ग्राहकों के कोपभाजन का शिकार बनना पड़ जाता है।
पांच लाख का अवैध विदेशी शराब बरामद
रानीगंज (अररिया) : पुलिस ने सुपौल से पूर्णिया ले जा रहे मिनी ट्रक पर लोड करीब पांच लाख का अवैध शराब बरामद किया है। यह कार्रवाई रानीगंज थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे के निर्देश पर किया है। रानीगंज पुलिस ने सोमवार की शाम रानीगंज जामुन घाट के पास अवैध विदेशी शराब से लदी एक मिनी ट्रक को जब्त किया। ट्रक चालक के पास शराब से संबंधित कोई कागजात नही था। मौके पर पहुंचकर एसपी श्री लांडे ने मामले की जांच की तथा पकड़े गये ट्रक ड्राइवर से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह टैक्स चोरी का मामला प्रतीत होता है। हालांकि उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्य में अंतर जिला गिरोह कार्य कर रहा है। ट्रक पर लदे 120 कार्टून में शराब की कीमत लगभग 5 लाख आंकी गयी है।
गुप्त सूचना पर थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने रानीगंज जामुन घाट पुल के समीप एक लाल रंग की महेन्द्र मिनी ट्रक नं. बीआर 11सी/1582 को रोका तथा उसकी पड़ताल की। जांच के दौरान उस पर विभिन्न ब्रांडों के विदेशी शराब के कार्टून मिले जिसका कोई भी कागजात ट्रक चालक ने प्रस्तुत नहीं किया। पुलिस ने शराब सहित ट्रक को जब्त कर थाना लाया। तब तक पुलिस कप्तान भी रानीगंज थाना पहुंच गये। जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इतनी भारी मात्रा में सुपौल से पूर्णिया की ओर शराब जाना जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि यह पूर्णत: अवैध है और इस कार्य में अंतर जिला गिरोह संलिप्त है जो टैक्स की चोरी सहित अन्य अवैध कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इन कार्यो में एक्साइज विभाग की मिली भगत से इंकार नहीं किया जा सकता है। वाहन चालक संजय सिंह ने पुलिस के समक्ष बताया कि यह शराब चयन सिंह नामक व्यक्ति का है जो पूर्णिया जिले के भवानीपुर ले जा रहे थे। पुलिस कप्तान के निर्देश के बाद पुलिस विभिन्न नजरिये से मामले की तहकीकात में जुट गयी है।
जागरूकता से ही टूटेगा अपराधियों का मनोबल: एसपी
अररिया : अपराध संतुलन हो या सामाजिक सुरक्षा का मुद्दा, संतुलन के लिए आम लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। आम लोगों को जागरूक होना आवश्यक है। अपराधियों का मनोबल तोड़ने में आम लोगों की भूमिका ज्यादा कारगर साबित हो सकती है। महलगांव थाना क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा दबोचे गये तीन बदमाशों के बाद पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे पत्रकारों से बात कर रहे थे। बदमाशों को पकड़वाने में सहयोग के लिए उन्होंने ग्रामीणों को बधाई भी दिया है। एसपी श्री लांडे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद ही किसी घटना में पुलिस वहां पहुंचती है। इससे पहले यदि ग्रामीण बदमाशों के विरोध में उतर जाय तो उनका मनोबल गिर जाता है। एसपी ने बताया कि आम लोग जागरूक होकर साहस दिखायें तो समाज से अपराध का नामोनिशान मिट जायेगा।
इंटर परीक्षा: प्रथम पाली में 39 परीक्षार्थी अनुपस्थित
अररिया : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित इंटरमीडिएट की परीक्षा जिले के 11 परीक्षा केन्द्रों पर सोमवार से शुरू हुई। परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में 1812 परीक्षार्थियों में से 1773 उपस्थित रहे, जबकि 39 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहले दिन शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार महिला कालेज में 01, अररिया कालेज में 3, हाईस्कूल अररिया में 11, आजाद एकेडमी में 2, गर्ल्स हाईस्कूल में 6, फारबिसगंज कालेज में 4, ली एकेडमी में 04 बीडीजी बालिका उवि 4, कन्या मवि फारबिसगंज में 3 तथा बाल मवि फारबिसगंज में 01 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि थाना मवि फारबिसगंज में सभी 55 परीक्षार्थी शामिल हुए। सोमवार को परीक्षा के दौरान जिला परीक्षा नियंत्रक डीईओ राजीव रंजन प्रसाद, एसडीओ डा. विनोद कुमार, एसडीपीओ मो. कासिम, गश्ती दल दंडाधिकारी विद्यानंद ठाकुर आदि लगातार गश्ती करते दिखे।
छात्राओं के बीच पोषाक राशि वितरित
कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में 70 छात्राओं के बीच पोशाक राशि वितरित किए गये। उक्त आशय की जानकारी देते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक जगन्नाथ झा ने बताया कि वर्ग 9 के 35 छात्राओं के बीच एवं वर्ग 10 के 282 छात्राओं के बीच 1000 रुपये प्रति छात्रा पोशाक राशि के रूप में वितरित किए गये। पोषाक राशि से वंचित 40 छात्राओं के लिए आवंटन का डिमांड किया गया है। मौके पर शिक्षक बीरेन्द्र झा, त्रिलोक नाथ झा एवं अन्य शिक्षकगण मौजूद थे।
जयंती पर याद की गयी कवयित्री महादेवी वर्मा
फारबिसगंज (अररिया) : स्थानीय द्विजदेनी मैदान में रविवार को इंद्रधनुष साहित्य परिषद के तत्वावधान में कवयित्री महादेवी वर्मा की जयंती समारोहपूर्वक मनायी गई। समारोह की अध्यक्षता उमाकांत दास ने की। इस अवसर पर कवयित्री वर्मा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित करने के पश्चात सभाध्यक्ष श्री दास, डा. एनएल दास, डा. अनुज प्रभात ने उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महादेवी वर्मा का जन्म सन 1934 में उत्तर प्रदेश के फरूखाबाद शहर में हुआ था। इनकी माता हेमरानी भी कवयित्री ही थी। जबकि डा. एमएल शर्मा एवं मांगन मिश्र ने बताया कि नौ वर्ष की उम्र में ही उनकी शादी रूवरूप नारायण वर्मा से हो गयी। फिर माता की साया सिर से उठ जाने के बावजूद उन्होंने अध्ययन जारी रखा और मैट्रिक से लेकर एमए तक प्रथम श्रेणी में उतीर्ण होती रही। बाद में वे प्रयाग महिला विद्यापीठ में प्रधानाचार्य के रूप में नियुक्त हुई। बताया कि उनका संपूर्ण जीवन हिन्दी की सेवा और महिलाओं में शिक्षा के प्रति जागरूक करने को समर्पित रहा।
अन्य वक्ताओं में विनोद कुमार तिवारी, हेमंत यादव, हर्ष नारायण दास आदि ने उनकी रचनाओं-नीहार, रश्मी, दीपशिखा आदि पर प्रकाश डाला।
मौके पर विनोद दास, बिहारी झा, पं. महेन्द्र ना. झा, भुवनेश्वर दास, शिव नारायण चौधरी, अरविंद ठाकुर, उमेश प्र. वर्मा, कृत्यानंद राय, तारानंद मंडल, श्रीवास सिंह आदि उपस्थित थे।
रंगारंग कार्यक्रम के साथ एनएसएस शिविर का समापन
रानीगंज (अररिया) : वाईएनपी डिग्री कालेज रानीगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन रविवार को हो गया। इस अवसर पर रविवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता कालेज के प्राचार्य डा. अशोक कुमार आलोक ने की। इस अवसर पर श्री आलोक ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। जब तक ग्रामीण एवं समाज के अंतिम पंक्ति के लोग खुशहाल नही होंगे तब तक देश विकसित नहीं होगा। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप युवा ही विकासशील देश के कर्णधार हैं। प्रो. सूर्यानंद सिंह ने कहा कि इस सात दिवसीय शिविर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक बनाना सराहनीय प्रयास है।
एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. सैफुल इस्लाम ने कहा कि कार्यक्रम के तहत सफाई अभियान, वृक्षारोपन, 5 वर्ष से कम अनामांकित बच्चों को गांव के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर तथा 14 वर्ष से कम बच्चों को विद्यालय में नामांकन, नशा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण सहित ग्रामीण विकास में युवाओं की भागीदारी पर व्याख्यानों का आयोजन विभिन्न सत्रों में किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने मन भावक गीत प्रस्तुत किये । वही मुलरी देवी द्वारा आदिवासी गीत द्वारा आदिवासियों की समस्याओं को उजागर किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन प्रो. इन्दू देवी ने किया।
Subscribe to:
Posts (Atom)