Friday, December 3, 2010

विद्युत सप्लाई काटने आये अभियंता को ग्रामीणों ने बनाया बंधक

जोगबनी(अररिया),निप्र: जोगबनी में नेपाल द्वारा जारी विद्युत सप्लाई काटने आये फारबिसगंज विद्युत सहायक अभियंता शकील अहमद खान सहित हेड मिस्त्री गोपाल पासवान को मंगलवार को आक्रोशित नगर वासियों ने घंटों बंधक बनाये रखा। बाद में लोगों के बीच बचाव के बाद उन्हें मुक्त कराया जा सका। जोगबनी वासियों ने विद्युत विभाग के इस निर्णय के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की धमकी दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर अवस्थित जोगबनी में नेपाल द्वारा विद्युत आपूर्ति होती आयी है। लेकिन विभाग द्वारा मंगलवार को नेपाल से जोगबनी को मिल रही बिजली को विच्छेदित करने विद्युत सहायक अभियंता आ धमके। जैसे ही अभियंता और उनके कर्मी जोगबनी पहुंचे कि नगर वासियों को इसकी भनक लग गयी और आक्रोशित हो उन्हें बंधक बना लिया। बाद में कुछ लोगों के बीच बचाव पर उन्हें मुक्त कर दिया। जिससे उक्त अभियंता बिना विद्युत विच्छेदित किये ही वैरंग वापस लौट गये।
इस संबंध में सहायक अभियंता ने बताया कि नेपाल की बिजली को काट कर फारबिगंज से जोगबनी को जोड़ा जायेगा। लेकिन यह मानने को सीमावर्ती जोगबनी के नागरिक तैयार नहीं है। इन लोगों द्वारा विद्युत विभाग के विरोध में बुधवार को बाजार बंद का आह्वान कर चरणबद्ध आंदोलन छेड़ दिया है। नगर वासियों का कहना है कि हमें नेपाल से ही विद्युत आपूर्ति होती आयी है और आगे भी होगी। अगर विद्युत विभाग आपूर्ति रोकने का काम करेगी तो भारत-नेपाल सीमा को अनिश्चित काल के लिए सील कर दिया जायेगा। जिसकी सारी जवाबदेही विद्युत विभाग की होगी।

0 comments:

Post a Comment