Monday, May 21, 2012

बिहार के साथ केंद्र सरकार कर रही भेदभाव : भाजपा


अररिया : बिहार को विशेष राज्य का दर्जा के समर्थन में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। धरना पर बैठे सदस्यों ने वर्तमान केन्द्र सरकार पर बिहार के साथ भेद भाव बरतने का आरोप लगाया। धरना का नेतृत्व भाजपा जिलाअध्यक्ष आलोक कुमार भगत कर रहे थे।
मौके पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि विभाजन के बाद राज्य की तस्वीर के साथ तकदीर एवं भूगोल बदल गया। लेकिन खान एवं वन झारखंड के पास चले गये। चरमराये आर्थिक ढांचा, पूर्व वर्ती राजद कांग्रेस का कुप्रबंधन एवं भ्रष्टाचार ने मानव विकास सूचकांक, साक्षरता, निर्धनता की दृष्टि से बिहार को देश में निचले पायदान पर खड़ा कर दिया है। इस हालात में बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिये विशेष दर्जा की निहायत आवश्यकता है। जनसंख्या की दृष्टि से बिहार सबसे अधिक घनत्व वाला राज्य है। यही कारण है कि राज्य में 54 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार के मंत्री मंडलीय समिति एवं योजना आयोग के सचिव तथा केन्द्रीय वित्त सचिव ने पिछले माह बिहार को विशेष श्रेणी के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया है जो अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
वक्ताओं में क्षेत्रीय प्रभारी सत्येन्द्र कुशवाहा, जिला प्रभारी विजय कुमार सिंह, विधायक देवयंती यादव, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता, पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण झा, महामंत्री सुरेन्द्र झा, सुंजय मिश्रा, संतोष सुराना आदि शामिल थे। इस अवसर पर सुजाता सिंह, अशोक सिंह, बटेश कुमार झा, सुधाकर झा, समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment