Wednesday, May 23, 2012

खरीफ महोत्सव में किसानों को खेती के टिप्स


पलासी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय प्रागंण में बुधवार को कृषकों के लिए खरीफ महोत्सव शिविर का आयोजन किया गया। खरीफ महोत्सव शिविर का उद्घाटन उप प्रमुख मो. इम्तियाज आलम ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी मो. नईम अशरफ ने कृषकों को श्री विधि से धान की खेती करने से संबंधित तरीके व इसके फायदे के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
इस क्रम में उन्होंने कहा कि श्री विधि से धान की खेती करने से कम लागत में अधिक उपज होती है। साथ ही उन्होंने कम्पोस्ट खाद के प्रयोग पर जोर देते हुए इसके बनाने के तरीके पर भी जानकारी दी। इस क्रम में जिला कृषि वैज्ञानिक अशोक कुमार ने भी श्री विधि से धान की खेती हेतु बीज की बोआई, रोपाई, सिंचाई, खाद के प्रयोग, कीटनाशक दवाओं के प्रयोग आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस क्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रभात कुमार ने कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि श्री विधि से धान की खेती हेतु प्रखंड के चहटपुर, पीपरा विजवार, दक्षिण डेहटी, पकरी व बरहकुंबा पंचायत के 830 कृषकों को चिन्हित किया गया है। साथ ही शंकर बीज के लिए विभिन्न पंचायतों के 800 कृषकों को भी चिन्हित किया गया है। शिविर में कृषि यंत्र व बीज के लिए स्टाल भी लगाया गया। मौके पर प्रखंड प्रमुख सदानंद यादव, बीडीओ अमिताभ, मुखिया रामानंद मंडल, हारुण रशिद, शुकदेव मंडल, जिप सदस्य प्रेम लाल मंडल, कृषि परामर्शी श्रवण कुमार, मनोज कुमार आदि मौजूद थे।

0 comments:

Post a Comment