Wednesday, July 13, 2011

नवोदय प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए 1396 छात्र

अररिया : नवोदय विद्यालय में नामांकन के लिए रविवार को जिला मुख्यालय के चार परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की गयी। इस प्रवेश परीक्षा में 1396 छात्र-छात्रा उपस्थित हुए जबकि 266 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। मुख्यालय के हाई स्कूल, ग‌र्ल्स हाई स्कूल, आजाद एकेडमी व आदर्श मवि अररिया बाजार में सभी नौ प्रखंडों के छात्रों का परीक्षा केन्द्र निर्धारित किया गया था। कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन को ले डीईओ राजीव रंजन प्रसाद व गश्ती दल दंडाधिकारी डीटीओ सदनलाल जमादार व जेएनवी के प्राचार्य डीके साहू केन्द्रों का दौरा करते रहे। इसके अतिरिक्त समन्वयक के रूप में संबंधित प्रखंड के केन्द्रों पर बीईओ डा. बैजू झा, गयासुद्दीन अंसारी, धनंजय सिंह, चंदन प्रसाद एवं रामदयाल शर्मा मौजूद थे। वहीं इस अवसर पर केन्द्राधीक्षक अब्दुल कादिर, अनवरी खातून, अब्दुल मन्नान अंसारी तथा सूर्यकिशोर झा सक्रिय दिखे।

छह माह से महिलाओं को नहीं मिला बाल जननी सुरक्षा योजना का लाभ

कुर्साकांटा (अररिया) :  बाल मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से सरकारी अस्पतालों में बाल जननी सुरक्षा योजना कुर्साकाटा में अपने उद्देश्य से भटक रही है। इस योजना के तहत प्रसव कराने वाली प्रत्येक महिला को पौष्टिक खान पान के लिए 1400 सौ रुपये एवं उच्च प्रेरक आशा कर्मी को 150 सौ रुपये सहायता राशि प्रदान किया जाना है। परंतु आवंटन प्राप्त होने के बावजूद यहां माह जनवरी से लाभुक महिलाओं को नहीं दिया जा रहा है। सूदुर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आज कई महीनें से अस्पताल का चक्कर लगा रही हैं। अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार जनवरी से अब तक इस अस्पताल में 1052 महिलाओं ने प्रसव कराया है। परंतु सहायता राशि से लाभुक आज भी वंचित हैं। जबकि यह सहायता राशि नवजात शिशुओं एवं प्रसुता माता को पौष्टिक आहार के लिए दिया जाता है। गत 09 मार्च 2011 को तत्कालीन जिला धिकारी एम. सरवणन एवं सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार ने निरीक्षण के क्रम में इस योजना के भुगतान में गड़बड़ी पायी थी तथा संबंधित अस्पताल कर्मियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्यवाही भी की गई थी। परंतु भुगतान की प्रक्रिया आज तक नियमित नहीं हो सका है।

Tuesday, July 12, 2011

अब तक नहीं हुई खाद्य सामग्री व पालीथीन की खरीद

अररिया : संभावित बाढ़ के दौरान बचाव व राहत कार्य के लिए पालीथीन सीट, चूड़ा, चना, गुड़ व दियासलाई आदि की खरीद व अनाज का भंडारण आदि नहीं हो पाया है।
प्रभारी डीएम शशिभूषण कुमार ने शनिवार को दूरभाष पर बताया कि सामग्री खरीद के लिए भिन्न तिथियों पर तीन बार निविदाएं आमंत्रित की गयी पर कोई निविदादाता सामने नहीं आया। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने सामग्री की दर तय कर दी है और सामान की खरीद के लिए नयी प्रक्रिया अपनायी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 13 मई को पहली बार निविदा निकाली गयी, लेकिन किसी ने टेंडर नहीं भरा। डीडीसी सह प्रभारी डीएम के अनुसार इस दौरान तीन बार निविदा प्रकाशित की जा चुकी है,लेकिन किसी ने निविदा नहीं डाली है।

अब तक नहीं दी गई एनडीआरएफ की ट्रेनिंग

अररिया: अगर खुदा न खास्ते वर्ष 2008 जैसी प्रलयंकारी बाढ़ फिर आ जाये तो क्या होगा?
जानकारी यह है कि अब तक एनडीआरएफ के मास्टर ट्रेनरों को भी बचाव कार्य की ट्रेनिंग नहीं मिल पायी है। ये मास्टर ट्रेनर ही पंचायत स्तर पर लोगों को प्रशिक्षित करते। विभाग के निर्देशानुसार यह ट्रेनिंग मार्च में ही हो जानी चाहिये थी।
तत्कालीन जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने मई माह में प्रशिक्षण की तिथि निर्धारित की थी, लेकिन उस पर अमल नहीं हो पाया।
अररिया अंचल के सीओ तैयब आलम शाहिदी ने बताया कि उनके अंचल से तीस प्रशिक्षुओं का जत्था दो तिथियों को प्रशिक्षण लेने के लिए भेजा गया था, लेकिन उन्हें बैरंग लौटा दिया गया।

ं बीइओ को कार्यशैली में सुधार का डीइओ ने दिया निर्देश

अररिया : नव पद स्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने शुक्रवार को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें अपनी कार्यशैली में बदलाव लाने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि सभी बीईओ माह में कम से कम 20 विद्यालयों का निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गुणात्मक शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। इसके अलावा पाठ्य योजना, वर्ग रूटीन, ब्लैक बोर्ड आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उसी दिन प्रतिवेदित करें। डीईओ ने कहा कि कस्तूरबा गांधी, उत्प्रेरण केंद्र, तालिमी मरकज का विशेष रूप से निरीक्षण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले बीईओ पर कड़ी कार्रवाई करने के साथ साथ उनके विरूद्ध विभाग को प्रतिवेदित भी की जायेगी। बैठक में एडीएसई जयकांत मिश्र, बीईओ धनंजय सिंह, चंदन प्रसाद, ग्यासुद्दीन अंसारी, राधे सिंह, रामदयाल शर्मा, आमीचंद्र राम, बीआरसी मनोज मंडल आदि मौजूद थे।

डायवर्सन काटे जाने से यातायात बाधित

बसैटी (अररिया) : रानीगंज-अररिया मार्ग स्थित नारायणपुर स्कूल के समीप डायवर्सन काटे जाने के कारण उक्त मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण मंटू कुमार, बरमानंद मंडल, रामचंद्र चौधरी आदि ने बताया कि सड़क निर्माण कंपनी पुल निर्माण का काम धीमी गति से कर रहे हैं। जिस कारण एक जलस्तर में वृद्धि होने के कारण जल की निकासी नहीं हो पायी। जिससे कुपाड़ी, बथगारा, नारायणपुर आदि गांवों में पानी घुस गया। जिससे लोगों ने डायवर्सन काट दिया।

बसपा की बैठक आज

अररिया : कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ बहुजन समाज पार्टी आगामी 22 जुलाई को पटना स्थित आर ब्लाक चौराहा पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन करेगी। बसपा के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष सहमद मंसूरी ने बताया कि धरना प्रदर्शन की सफलता को लेकर एक बैठक रविवार को अररिया में आयोजित की जायेगी। जिसमें पंचायत प्रखंड से लेकर जिला के सक्रिय कार्यकर्ता भाग लेंगे।

इंदिरा आवास के लिए 12 से लगेंगे शिविर

अररिया : उप विकास आयुक्त के निर्देशानुसार वर्ष 2011-12 वित्तीय वर्ष के इंदिरा आवास की स्वीकृति एवं सहायता अनुदान भुगतान हेतु विशेष अभियान चलाने के लिए प्रखंड के सभी तीस पंचायतों में विशेष शिविर का आयोजन किया जायेगा। जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेन्द्र पासवान ने बताया कि प्रति दिन दो-दो पंचायतों से कलस्टरवार शिविर आयोजित होगी जो 6 अगस्त तक चलेगा। इस विशेष शिविर में चयनित लाभार्थियों की फोटोग्राफी शपथ पत्र पर ब्यान लेने, स्वीकृति पत्र देने एवं लाभार्थियों का बैंक खाता खोलवाने हेतु निर्धारित स्थलों पर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। बीडीओ ने जानकारी देते हुए कहा कि शरणपुर व भोजपुर तरौना पंचायत में 12 जुलाई को जमुआ व सहासमल में 14 को किस्मत खवासपुर व बटुरबाड़ी में 15 को झमटा व रामपुर मोहनपुर पश्चिमी में 18 को बांसबाड़ी व रामपुर मोहनपुर पूर्वी में 19 हड़िया व बोची में 21 जुलाई, मदनपुर पूर्वी व मदनपुर पश्चिमी में 23 को, पोखड़िया व बसंतपुर में 26 को, अररिया बस्ती व बेलवा पंचायत में 28 जुलाई, गैयारी व हयातपुर में 29, चन्दरदेई व बनगामा में 30 जुलाई, कमलदाहा व रामपुर कोदरकट्टी में एक अगस्त, दियारी व चिकनी में दो अगस्त, पैकटोला व कुसियारगांव में चार अगस्त, चातर में पांच अगस्त एवं गैंड़ा पंचायत में 6 अगस्त को शिविर लगाया जायेगा।

एसएसबी ने जब्त किया डेढ़ लाख से अधिक की अवैध दवाई

सिकटी (अररिया) : एसएसबी 28वीं बटालियन के जवानों ने सिकटी बीओपी के निकट एक सवारी गाड़ी से तलाशी के दौरान शनिवार को सात कार्टून अवैध दवाई जब्त की है। जब्त दवाई का मूल्य एक लाख सत्तर हजार बताया गया है। इसे कस्टम को सपूर्द कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसएसबी के सहायक सेनानायक आनंद मनी के नेतृत्व में की गयी। एसएसबी की इस कार्रवाई से से अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

प्रेम प्रसंग में गया से भाग कर लड़की पहुंची बथनाहा, प्रेमी युगल हिरासत में

बथनाहा (अररिया) : बोध गया के डोभी थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग को लेकर अपने प्रेमी संग भागकर बथनाहा पहुंची एक लड़की को पुलिस ने रविवार को स्थानीय ततमा टोला से बरामद किया है। पुलिस ने लड़की के प्रेमी ततमा टोला निवासी चंदन दास को भी हिरासत में लिया है। पूछताछ के बाद लड़की को सीडब्लूसी के जिला कोर्डिनेटर के हवाले कर दिया गया है। उसे अररिया लाया गया है। उधर, लड़के को पूछताछ के लिए थाने में ही रखा गया है। मिली जानकारी अनुसार गया जिले के डोभी थाना अंतर्गत वकीलगंज की रहने वाली लड़की राधा(काल्पनिक नाम)का बथनाहा के ततमा टोला निवासी चंदन दास से करीब चार माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। यात्रा के दौरान ट्रेन में दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ा। इसी बीच अपने प्रेमी चंदन के साथ वह शनिवार की रात भाग कर बथनाहा पहुंच गई। तब तक पुलिस को इसकी भनक मिल चुकी थी और रविवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बथनाहा थानाध्यक्ष राम दिनेश मंडल ने बताया कि लड़की के माता पिता से संपर्क का प्रयास किया जा रहा है। उनका बयान आने के बाद ही कोई कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने इसे ग‌र्ल्स ट्रैफिकिंग का मामला होने से भी इंकार नहीं किया है। थानाध्यक्ष श्री मंडल ने थाना पहुंचे सीडब्लूसी की जिला कोर्डिनेटर रीता घोष, साकेत श्रीवास्तव एवं अभय श्रीवास्तव को उक्त लड़की को सौंप दिया है जिसे अररिया लाया गया है। पुलिस डोभी थाना से संपर्क कर लड़की के परिजनों से जानकारी लेने का प्रयास कर रही है।

धरना की तैयारी को ले बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक


अररिया : बहुजन समाज पार्टी आगामी 22 जुलाई को पटना स्थित आर ब्लाक चौराहे पर कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ राज्य व्यापी एक दिवसीय धरना एवं प्रदर्शन करेगी। इसकी तैयारी को लेकर बसपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की एक बैठक रविवार को अररिया स्थित एक होटल में की गई। बैठक की अध्यक्षता नव मनोनीत बसपा जिलाध्यक्ष सहमद मसूंरी ने की। उन्होंने कहा कि केन्द्र की कांग्रेस सरकार गरीब और किसान विरोधी है। वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही है। जिस कारण गरीब एवं आम लोगों का जीवन नारकीय हो गया है। इसी के खिलाफ बसपा का यह धरना व प्रदर्शन होगा। नए जिलाध्यक्ष श्री मंसूरी ने कहा कि संगठन की मजबूती हमारी प्राथमिकता होगी। बैठक में बसपा नेता नारायण राम, महबुब आलम, रहमत अली, अय्यूब आलम, मंगल राम, जुबैर आलम, मो. मोइन, फैयाज आलम, चन्द्र मोहन राम एवं मो. इकबाल समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।

भरगामा: बैंक लूट के लिए जमा किये गये थे हथियार

भरगामा(अररिया) : भरगामा में हथियारों के साथ पकड़ाए अपराधियों से पूछताछ के बाद कई राज सामने आ रहे है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर यह सामने आयी है। किसी बैंक को लूटने के ख्याल से यहां हथियार जमा किये जा रहे थे। इसकी पुष्टि
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पाल ने की। श्री पाल ने कहा कि पूर्व नियोजित कार्यक्रम के मुताबिक हथियार उक्त लोगों के द्वारा अपने ठिकाने पर पहुंचाया जा रहा था। इस क्रम में पुलिस ने शुक्रवार की संध्या गश्ती के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस ने क्षेत्र के दबंग व वाहुबली समझे जा रहे जनप्रतिनिधियों की भूमिका को भी संदेहास्पद बताया है। साथ ही कहा है कि संभव है कि अनुसंधान में आगे क्षेत्र के सफेदपोश की संलिप्तता भी सामने आये। इधर अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार मुखिया पुत्र सुमन कुमार, जयकुमार यादव, शंकर ऋषि, तिलकधारी सरदार तथा पोठिया निवासी कुसुम लाल यादव को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार उक्त लोग पिंटू यादव गिरोह के राजेश यादव उर्फ बंटी यादव से संबंद्ध है जो डकैती के किसी बड़े घटना को अंजाम देने में थे। थानाध्यक्ष पाल ने गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के भी संलिप्त होने की आशंका जतायी है।

बड़े वारदात की तैयारी में थे गिरफ्तार अपराधी

अररिया : भरगामा में गिरफ्तार कारबाइनधारी अपराधी किसी बड़े वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। इस घटना में किसी अन्य गिरोह के सदस्यों को भी शामिल करने की योजना थी। यह खुलासा शनिवार को फारबिसगंज के डीएसपी विकास कुमार के समक्ष किया है। डीएसपी श्री कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का संपर्क पिन्टु यादव से है या नही , पुलिस इसकी जांच कर रही है लेकिन इन लोगों का संबंध किसी कुख्यात गिरोह से है और घटना के दिन भी ये लोग उसी के साथ अपराध को अंजाम देने के लिये रवाना हुए थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार हुए बदमाशों का अन्य जिलों में आपराधिक इतिहास क्या है।

गला दबाकर विवाहिता की हत्या

सिकटी(अररिया) : प्रखंड के सतबेर गांव में घर से पांच हजार नकदी नहीं लाने पर शनिवार की रात एक विवाहिता की हत्या गला दबाकर दी गयी है। मृतका के पिता बहादुर सदा के फर्द बयान पर सिकटी थाना में रविवार को कांड संख्या 50/2011 धारा 302/34 के तहत दर्ज कराया गया है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि मृतका गीता देवी की शादी करीब बारह तेरह साल पहले सतबेर गांव के कन्हैया सदा के साथ हुआ था। शादी के बाद उसे दो लड़का भी है। इस बीच उसके ससुराल वाले उसे घर से नकदी लाने के लिए दबाव डाल रहे थे। लगातार इंकार किये जाने की वजह से बीते शनिवार की रात उसे गला दबाकर मार दिया गया। इस मामले में मृतका के पति कन्हैया सदा, ससुर भैरव सदा, सास माला देवी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। बरदाहा थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया है।

अंचलों से नहीं आता वर्षा पात प्रतिवेदन

अररिया : अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में शनिवार को हुई आपदा प्रबंधन की बैठक में इस खुलासे से सब चौंक गये कि अंचलों से दैनिक वर्षापात का प्रतिवेदन ही नहीं आता। बैठक में उपस्थित आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मियों ने बताया कि अंचलों से वर्षापात की दैनिक रिपोर्ट नहीं आती।
इस मौके पर यह बात भी सामने आयी कि भरगामा का वर्षामापक यंत्र विगत कई माह से खराब पड़ा है। स्पष्ट है कि वर्षापात के संबंध में सरकार को जाने वाली रिपोर्ट ..?

बीड़ी पुल पर वाहन चालकों से वसूली जाती रंगदारी

अररिया : अररिया में सड़कों पर वाहनों से रंगदारी वसूली एक बार फिर शुरू हो गयी है। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर रंगदारों द्वारा आने जाने वाले वाहनों से बेरोकटोक मनमाना रंगदारी वसूली जा रही है। रंगदारों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि पैसा नहीं देने वालों की पिटाई भी की जाती है। रविवार को एक प्रेस वाहन से भी रंगदारों ने रंगदारी मांगी तथा पैसे नहीं देने पर वाहन चालक की पिटाई कर दी। इस संबंध में पूछे जाने पर इस संबंध में ताराबाड़ी थानाध्यक्ष ने भी स्वीकार किया है कि पूर्व में भी उन्हें रंगदारी की शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा है कि इस मामले पर त्वरित कार्रवाई कर दोषी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Sunday, July 10, 2011

बाढ़ को ले सजग रहें सभी सीओ: अप समाहर्ता

अररिया : जिले व आस-पास के इलाकों के नदियों में उफान आता देख जिला प्रशासन ने बाढ़ की पूर्व तैयारी करनी शुरू कर दी है। यह प्यास लगने पर कुआं खोदने जैसी कवायद लग रही है।
शुक्रवार के बाद पुन: शनिवार को भी एसडीओ के कार्यालय में जिले के सभी अंचल पदाधिकारी व संबंधित अधिकारियों के साथ बाढ़, राहत व बचाव कार्य को लकर समीक्षा की गयी। बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता कपिलेश्वर विश्वास ने की। बैठक में जिले के घाटों पर चल रहे नावों के परिचालन व पालीथीन शीट की उपलब्धता की समीक्षा की गयी।
इस क्रम में यह सामने आया कि जिले के विभिन्न नदी व घाटों पर 72 नाव चलाये जा रहे हैं जबकि 97 नावों की और आवश्यकता है। बैठक में मौजूद सभी सीओ ने 83 पंचायतों के बाढ़ से प्रभावित होने की आशंका जतायी है। अपर समाहर्ता श्री विश्वास ने प्रत्येक अंचल में अनाज भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया। एसी ने यह भी कहा कि एनडीआरएफ की ट्रेनिंग के लिए प्रत्येक अंचल से 5-5 मास्टर ट्रेनरों का नाम शीघ्र भेजने को कहा गया है। वहीं एसडीओ डा. विनोद कुमार ने कहा कि बाढ़ में बचाव के लिए प्रत्येक अंचल के लिए दो-दो महाजाल शीघ्र खरीदा जायेगा।
इस अवसर पर बाढ़ के वक्त विस्थापितों को रखने के लिए उंची शरणस्थली चिन्हित करने के अतिरिक्त अन्य कई दिशा-निर्देश भी दिये गये। बैठक में जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी तौकीर अकरम, जल निस्सरण के ईई राजाराम, डीएसओ रविन्द्र राम समेत सभी सीओ उपस्थित थे।

बगैर नाव के कैसे होगी बाढ़ से जंग?

अररिया : जिला मुख्यालय के निकट तिरसुलिया घाट पर रोजाना पांच सौ से हजार यात्री नाव से नदी पार करते हैं। लेकिन यहां नाव की साइज देखियेगा तो भय लगेगा। उस नाव का भी परिचालन सैरातधारी के नाविकों के जिम्मे है। यात्रियों व पार होने वाले साइकिलों की संख्या के मद्देनजर नाव भी बेहद छोटी है। लोग इस पर जान जोखिम में डाल कर यात्रा करते हैं। कुछ हुआ तो कौन होगा जिम्मेवार?
वहीं, जिले के सुदूर इलाकों में तो ऐसी नावें भी उपलब्ध नही। शनिवार को एसडीओ के कार्यालय कक्ष में एसी कपिलेश्वर विश्वास की अध्यक्षता में हुई अंचलाधिकारियों की बैठक में तत्काल 97 नई नाव देने की मांग की गयी। अन्यथा ग्रामीण इलाकों में यातायात बरकरार रखना बेहद मुश्किल हो जायेगा।
चार पांच सप्ताह पहले उपमुख्यमंत्री को सौंपी गयी रिपोर्ट में कहा गया था कि जिले में 155 नावों की जरूरत है जिसमें से 75 नाव की खरीद के लिए प्रक्रिया जारी है। लेकिन विडंबना देखिए कि इन नावों को खरीदने के लिए कोई आवंटन ही उपलब्ध नहीं।
गौरतलब है कि नावों को ले प्रशासन अक्सर गलत दावे करता रहता है। तीन साल पहले कोसी के महा प्रलय के वक्त भी नाव को ले ऐसे ही दावे किये गये थे। लेकिन समय पर एक भी नाव उपलब्ध नहीं हुई, बाहर के जिलों से बोट मंगाकर काम चलाना पड़ा था।
बाक्स के लिए
जिले में नाव की उपलब्धता
प्रखंड नाव की उपलब्धता
जरूरत
अररिया 22 10
कुर्साकाटा 16 06
सिकटी 15 05
पलासी 14 06
जोकीहाट 30 10
रानीगंज 19 09
नरपतगंज 16 06
फारबिसगंज16 16
भरगामा 20 15

ठाकुरबाड़ी में आज होगी माता पार्वती मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा

अररिया : सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी मंदिर में रविवार को धूमधाम से माता पार्वती, भगवान कार्तिक व गणेश की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जायेगी। इस समारोह को लेकर आयोजक समिति की ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है।
जयपुर से मंगायी गयी संगमरमर की तीनों मूर्तियों के साथ मंदिर के भक्तों ने शनिवार को नगर भ्रमण यात्रा निकाली तथा मुख्य सड़कों से गुजरते हुए पुन: मंदिर पहुंचे। रविवार को प्रात: काल सर्वप्रथम प्राण-प्रतिष्ठा समारोह होगा। इसके पश्चात कुंवारी कन्याओं का पूजन, हवन, आरती तथा महाभोग का कार्यक्रम निर्धारित है। ठाकुरबाड़ी को साधक पंडित कृष्णकांत तिवारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से चल रहे आयोजन का समापन रविवार की शाम होगा।

अंचलों से नहीं आता वर्षा पात प्रतिवेदन

अररिया : शनिवार की बैठक में इस खुलासे से सब चौंक गये कि अंचलों से दैनिक वर्षापात का प्रतिवेदन ही नहीं आता। अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपस्थित आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मियों ने बताया कि अंचलों से वर्षापात की दैनिक रिपोर्ट नहीं आती।
इस मौके पर यह बात भी सामने आयी कि भरगामा का वर्षामापक यंत्र विगत कई माह से खराब पड़ा है। स्पष्ट है कि वर्षापात के संबंध में सरकार को जाने वाली रिपोर्ट ..?