Tuesday, August 2, 2011

गैयारी में इंदिरा आवास को ले शिविर का आयोजन


अररिया : अररिया प्रखंड के आदर्श पंचायत गैयारी में रविवार को इंदिरा आवास के लाभुकों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
गैयारी स्थित पंचायत भवन में वित्तीय वर्ष 2011-12 के कुल 123 लाभुकों का प्रखंड कर्मियों द्वारा मौलिक सत्यापन, फोटोग्राफी एवं बैंक खाता खुलवाने हेतु फार्म भरा गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेन्द्र पासवान ने बताया कि 123 लाभुकों में सामान्य 61 अल्पसंख्यक 31 हरिजन 27 एवं विकलांग कोटे से 4 लाभुकों का चयन किया गया है। इस शिविर में युकों बैंक गैय्यारी के शाखा प्रबंधक, जीपीएस के अलावा प्रखंड उप प्रमुख गुलशन आरा मुखिया वाजिदा तबस्सुम समिति सदस्य तबस्सुम नाज, शमशाद आलम, मो. अशफाक आदि मौजूद थे। वहीं शिविर में मौजूद कुछ ग्रामीणों ने लाभूकों के चयन में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया। इस संबंध में बीडीओ ने कहा कि जिन्हें सूची में गड़बड़ी का शक है वे आपत्ति पत्र दे सकते हैं जिनका पुन: जांच कराया जायेगा।

एसपी से प्राथमिकी दर्ज कराने की गुहार

अररिया : सिमराहा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर की रहने वाली जानकी देवी ने आरक्षी अधीक्षक को आवेदन सौंपकर जानलेवा हमला करने के आरोपी के विरुद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाने की गुहार लगायी है। आरक्षी अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में पीड़िता ने कहा है कि बीते 28 जुलाई को मामूली बात को लेकर उनके पड़ोसी बद्री मेहता, शिवन मेहता, नारायण मेहता, रमेश मेहता उनके आंगन में घुस आये और तेज धारदार हथियार से उन पर जानलेवा हमला किया। घायल अवस्था में उन्हें चिकित्सा के लिए रेफरल अस्पताल फारबिसगंज में भर्ती कराया गया। जब इसकी लिखित सूचना सिमराहा पुलिस को दी तो वह किसी राजनीतिज्ञों के दबाव में आकर प्राथमिकी दर्ज नही की।

लूटने के क्रम में अपराधियों ने युवक को गोली मारी

नरपतगंज(अररिया) : नरपतगंज थाना क्षेत्र के पलासी रेलवे ढाला के समीप रविवार की शाम सशस्त्र अपराधियों ने लूटपाट के क्रम में एक युवक को गोली मार दी। घायल अवस्था में ग्रामीणों ने उसे रेफरल अस्पताल फारबिसगंज में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक का नाम महेश कुमार है जो फारबिसगंज के गोड़ियारे चौक का रहने वाला बताया गया है। गोली मारने के बाद सभी अपराधीे दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही नरपतगंज थानाध्यक्ष मनीष कुमार फारबिसगंज अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से पूछताछ की है। जानकारी अनुसार अपराह्न छह बजे युवक महेश कुमार अपने ग्लैमर मोटरसाइकिल से नरपतगंज स्थित अपने संबंधी के यहां से फारबिसगंज की ओर आ रहा था। रास्ते से ही दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधी उसका पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह रेलवे ढाला के समीप पहुंचा कि अपराधियों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया तथा मोटरसाइकिल लूटने का प्रयास करने लगे। लेकिन युवक अपराधियों से भीड़ गया। युवक को उलझता देख अपराधियों ने उस पर गोली चला दी जो उसके बायें पैर में जा लगी। गोली लगने से युवक जख्मी हो कर गिर गया। लेकिन तब तक आसपास के लोग वहां जमा होने लगे जिसे देख कर अपराधी उसे छोड़कर फरार हो गया।

Sunday, July 31, 2011

जिप अध्यक्ष ने दिया चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर


अररिया : पंचायत स्तर तक साक्षर भारत को सफलता पूर्वक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को जिले के सभी 16 केआरपियों की बैठक जिप कार्यालय में बुलाई गयी। जिसकी अध्यक्षता जिप अध्यक्ष सह साक्षर भारत के जिला लोक शिक्षा समिति की अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने की। बैठक में जनशिक्षा के प्रभारी पदाधिकारी डीपीओ बसंत कुमार, जिला सचिव प्रो. बीएन झा भी मौजूद थे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रखंड स्तर पर गठित लोक शिक्षा समिति के शिक्षाविद एनजीओ, एसएचजी व कोर्ट से चयनित सदस्यों का बायोडाटा जांच कराया जायेगा। बैठक में श्रीमती अजीम ने सभी केआरपी को प्रखंड स्तर पर से पंचायत स्तर तक चयनित होने वाले प्रेरक, लेखा समन्वयक पद पर नियोजन समिति सदस्य के हैसियत से पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी। वहीं डीपीओ श्री कुमार ने कहा कि केआरपी की भूमिका पर ही साक्षर भारत कार्यक्रम की सफलता निर्भर करेगा। वहीं जिला सचिव प्रो. बासुकीनाथ झा ने कहा कि इस कार्यक्रम में जनसमुदाय की भागीदारी आवश्यक है। मौके पर केआरपी उर्मिला देवी, योगेन्द्र प्र. सिंह, नसीमउद्दीन, कमर मासूम, चंदन कुमार, विरेन्द्र प्रसाद, मो. हासिम व रीता कुमारी मौजूद थे।

उपेक्षित वार्डो की सूची मंत्री को सौपेंगे विधायक


जोगबनी (अररिया) : मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत जोगबनी शहर के उपेक्षित वार्डों का विकास किया जायेगा। फारबिसगंज विधायक पदम पराग वेणु के प्रवक्ता ने जोगबनी में जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए विधायक अतिशीघ्र शहरी विकास मंत्री प्रेम कुमार से मिल कर वार्डो की सूची सौपेंगे।
प्रवक्ता के अनुसार आगामी 8 अगस्त को विधायक जोगबनी नगर पंचायत में हुए विकास कार्यो की समीक्षा भी करेंगे। उन्होंने नगर पंचायत में पर्याप्त संसाधन रहने के बावजूद चेरामारी धार की सफाई नहीं होने पर आश्चर्य व्यक्त किया। इस मौके पर इनके साथ जोगबनी नगर जदयु अध्यक्ष रामावतार शर्मा, भाजपा कला संस्कृति मंच के प्रदेश मंत्री भानू प्रकाश राय, रीतेश वर्मा, गणेश गुप्ता, मो. अरसद, लीला देवी, अरविंद कुमार साह, संजय साह, देवनारायण चौधरी एवं अरुण कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

सावन महोत्सव पर मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन

फारबिसगंज (अररिया) : महिला अग्रवाल मंच के द्वारा रविवार को स्थानीय मारवाड़ी अतिथि सदन में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया है। जिसमें महिलाओं-युवतियों के बीच मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसके अलावा बच्चों के द्वारा आनंद मेला का आयोजन किया जायेगा। उक्त जानकारी मंच की अध्यक्षता सरोज अग्रवाल तथा सचिव अनिता अग्रवाल ने दी। कार्यक्रम की सफलता के लिये शांता अग्रवाल, प्रो. उर्मिला जैन, कामिनी गोयल, संगीता अग्रवाल, चित्रा अग्रवाल सहित कई महिलाएं सक्रिय हैं।

सुरक्षा की जानकारी देने को ले आरपीएफ का मॉक ड्रिल



फारबिसगंज (अररिया) : ट्रेनों में सुरक्षा तथा साफ-सफाई की जानकारी रेल यात्रियों को देने के उद्देश्य से शनिवार को आरपीएफ के द्वारा फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के तहत माकड्रिल का आयोजन किया गया। स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर आरपीएफ जवानों तथा अधिकारियों द्वारा ट्रेन में सुरक्षा से संबंधित जानकारियों नाटक के माध्यम से दी गई। जिसमें नशा खुरानी गिरोह से बचने, पाकेटमारों से सुरक्षा, आगजनी, मानवरहित रेलवे फाटक को पार करने के उपाय के बारे में बताया गया। साथ हीं प्राथमिक उपचार की भी जानकारी दी गयी। आरपीएफ अधिकारियों ने ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थ जैसे गैस सिलेंडर लेकर नहीं चलने, बीड़ी, सिगरेट नही पीने, पेट्रोलियम पदार्थ लेकर ट्रेन में नही चलने की अपील की। कार्यक्रम में आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त कटिहार मो. नईम, अ.नि डीके मंडल, एसके मवार, आरके श्रीवास्तव, मदन कांत झा, आरपी प्रभारी फारबिसगंज एहसान अली, शंकर मंडल, संतोष मंडल, टीपी सिंह, रविकांत सहा आदि मौजूद थे। मोक ड्रिल को देखने के लिए रेल यात्रियों तथा स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई।

भारी वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त

जोगबनी (अररिया) : आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भारी वर्षा से जोगबनी नगर पंचायत के कई वार्डो में वर्षा का पानी लोगों के घर में जहां घुस आया वहीं कई फूस के घर गिर गये। भारी वर्षा से जोगबनी थाना नगर पंचायत वार्ड 12, 8, 9, 13 में सड़कों एवं घरों में पानी घुस जाने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार


फारबिसगंज (अररिया) : शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार चलाये जा रहे अभियान के तह शुक्रवार की देर संध्या एक बार फिर सफलता मिली। फारबिसगंज
थाना की पुलिस ने परवाहा हाट पर गुप्त सूचना के आधार पर चाय-नाश्ता की दुकान में छापामारी कर अवैध देशी-विदेशी शराब के साथ दो दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दुकानदार स्वर्गीय उत्तम लाल मंडल के पुत्र राजेश मंडल तथा बमभोली मंडल के पुत्र लालू कुमार को शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया। जबकि दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत थाना में कांड संख्या 368/11 दर्ज कर लिया गया है। छापामारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांडो के 121 बोतल विदेशी शराब तथा 36 पैकेट देशी शराब का पाउच बरामद किया गया। जिसकी कीमत हजारों में बतायी जा रही है।

पूर्व विधायक को पितृ शोक

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के पूर्व विधायक मायानंद ठाकुर के पिता सच्चिदानंद ठाकुर का शनिवार की सुबह निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे तथा कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। पूर्व विधायक श्री ठाकुर के पैतृक गांव परवाहा में सैकड़ों शुभचिंतकों तथा परिजनों के बीच उनका दाह संस्कार किया गया। इस दौरान फारबिसगंज के पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता, नरपतगंज के पूर्व विधायक जनार्दन यादव, मूलचंद गोलछा, अनवर राज, मनोज साह, पूनम पांडिया, शंभू साह, परवाहा मुखिया कलवी देवी सहित बड़ी संख्या में शहर व गांव के गणमान्य लोग मौजूद थे।

अधिकारियों की अनुपस्थिति से पंस की बैठक हुई स्थगित

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में शनिवार को आयोजित पंचायत समिति की पहली बैठक अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण स्थगित कर दी गयी। बैठक में भाग लेने के लिए पंचायत समिति सदस्यों के अलावा मुखिया व बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। बैठक में बीडीओ एवं बीईओ भी पहुंचे थे। लेकिन अन्य पदाधिकारियों के नहीं पहुंचने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई। जिसके बाद जनप्रतिनिधियों ने अनुपस्थित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया। बैठक की अगली तिथि ग्यारह अगस्त निर्धारित की गई है। इस दौरान प्रखंड प्रमुख अशोक विश्वास, बीडीओ किशोर कुमार, मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष सुरेश पासवान, उप प्रमुख किरण देवी, रहिक पुर ठीलामोहन की पंसस गीता देवी व नौशाद आलम, मुखिया प्रकाश चौधरी, हासिम खान, परवेज, समिति चंद्रानंद दास, उमेश पांडेय, नरगिश, मुखिया परमानंद यादव आदि मौजूद थे।

बाइक व साइकल की टक्कर में दो जख्मी

कुसियारगांव (अररिया) : पलासी मार्ग पर डेंगा चौक के समीप शुक्रवार की शाम साइकल सवार भदेश्वर यादव को मोटर साइकल सवार द्वारा ठोकर मार देने के कारण वे बुरी तरह जख्मी हो गये। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। जहां डा. विमल ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पूर्णिया रेफर कर दिया। इस घटना में मोटर साइकल सवार के भी जख्मी होने की बात बताई गयी है। उनका इलाज निजी तौर पर चल रहा है।

रंगदारी नहीं देने पर दो को पीट कर किया जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : 20 हजार रुपया रंगदारी नहीं देने के कारण एक ठेकेदार के दो स्टाफ को पीटकर जख्मी कर दिया गया। उन्हें शुक्रवार को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। वहीं, घटना को लेकर दो लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
जानकारी अनुसार नगर थाना क्षेत्र के शरीफ नगर मे सड़क का कार्य चल रहा था। बताया गया है कि कुछ लोगों द्वारा 20 हजार रुपये की मांग किया गया, अन्यथा काम बंद करने की चेतावनी दी गयी। लेकिन काम नही रोकने के कारण दो दिन बाद गैयारी निवासी मो. मुश्ताक को धारदार हथियार से वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। जबकि बचाने पहुंचे सेराजउद्दीन की भी धुनाई कर दी गयी।

फैय्याज बने प्रखड सरपंच संघ के अध्यक्ष

अररिया : शनिवार को स्थानीय सुभाष स्टेडियम में अररिया प्रखंड क्षेत्र के सरपंचों की बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता दियारी के सरपंच रामानंद मंडल ने की। बैठक में अररिया प्रखंड सरपंच संघ का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से कमलदाहा पंचायत के सरपंच फैय्याज आलम को अध्यक्ष, अफरोज आलम को सचिव, निक्की सिंह को उपाध्यक्ष, चातर के इलियास को उपसचिव, रामपुर पश्चिम के सरपंच शाबरा को कोषाध्यक्ष व पैक्टोला के दिलचंद ऋषिदेव को उपकोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। मौके पर हसीब, रईस, द्विजेन्द्र मिश्र, मो. सेराज, मो. आशिक आदि मौजूद थे।

शुरू हो गयी इंसाफ की कार्रवाई: अध्यक्ष

फारबिसगंज (अररिया) : घटना के करीब दो माह बाद फारबिसगंज गोलीकांड की न्यायिक जांच की प्रक्रिया शनिवार से आरंभ हो गई। न्यायिक जांच आयोग के दो सदस्यीय टीम के अध्यक्ष उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायमूर्ति माधवेन्द्र शरण ने ग्रामीणों से मुलाकात के दौरान कहा कि इंसाफ की कार्रवाई शुरू हो गई है। वे आ गये हैं इंसाफ जरूर होगा। जो कोई व्यक्ति भी घटना के संदर्भ में अपनी बात रख सकते है लेकिन नोटिस जारी करने और समाचार-पत्रों में सूचना प्रकाशित होने तक इंतजार करना होगा। न्यायधीशों ने भजनपुर गांव का भ्रमण करने के दौरान गोलीकांड के मृतक मुस्तफा के घर पहले गये जहां उसके पिता फटकन मियां तथा मां से मिले। पीड़ित माता-पिता न्यायाधीश के सामने फफक-फफक कर रो पड़े। इसके बाद आयोग की टीम मृतक आठ माह का बच्चा नौशा के नाना रफीक अंसारी के घर गये जहां वे मृतक बच्चा की जख्मी मां रेहाना खातुन तथा नाना से भी मिले, इसके अलावा मृतक महिला साजमीन खातुन, मृतक मुख्तार के घर पर उनके परिजनों से मिले। साथ हीं गोलीकांड में जख्मी 13 वर्षीय लड़की जहीर अंसारी की पुत्री तालमून से भी पूछताछ की। तालमून को पीठ में गोली लगी थी। घायल रइस अंसारी (28) से भी मदरसा परिसर में पूछताछ हुई। ग्रामीणों ने मदरसा के उस गुबंद को भी न्यायधीशों को दिखाया जिस पर पुलिस फायरिंग के दौरान गोली लगने के निशान बताया गया है। न्यायाधीशो ने निर्माणाधीन ग्लूकोज फैक्ट्री तथा भजनपुर गांव के बी स्थित फोर लेन एनएच 57 सड़क तथा उसके नजदीक वाले ग्रामीण के घर का भी मुआयना किया। 3 जून को हुई घटना के संदर्भ में ग्रामीणों से पूछताछ भी की गई। इस दौरान कार्यक्रम के लाइजनिंग आफिसर के रूप में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार सहित सुरक्षा बल मौजूद थे।

आयोग ने शुरू की फारबिसगंज गोलीकांड की जांच



फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज गोलीकांड की जांच को यहां शनिवार को पहुंची न्यायिक जांच आयोग की टीम को ले लोगों में काफी उत्सुकता बनी रही। टीम के अध्यक्ष अवकाश प्राप्त न्यायमूर्ति माधवेन्द्र शरण तथा सचिव सह अवकाश प्राप्त जिला एवं सत्र न्यायधीश एसएम नसीमुद्दीन को हालांकि शुक्रवार को ही यहां पहुंचने की बात कही गयी थी। लेकिन वे लोग शुक्रवार को अररिया में ही रूक गये थे। शनिवार को सुबह से ही बारिश होने के बावजूद दोनों सदस्य करीब 10 बजे बुंदा-बांदी के बीच ही भजनपुर गांव पहुंचे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर उन्हें देखने के लिए काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए थे। साथ ही गांव में भी गोलीकांड के पीड़ितों व लोगों को आयोग की टीम से मिलने की उत्सुकता बनी हुई थी। आयोग के दोनों सदस्यों ने भी लोगों को निराश नहीं किया। वे बारी बारी से पुलिस फायरिंग मे मारे गये सभी मृतकों के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की और उनका दुख दर्द सुना। दोनों न्यायाधीशों ने घटना में घायल हुए लोगों से भी मुलाकात की। अपने पहले दौरे पर फारबिसगंज पहुंची आयोग की टीम के दोनों सदस्यों ने घटनास्थल निर्माणाधीन ग्लूकोज फैक्ट्री परिसर का भी बारिकी से मुआयना किया। वहां उन लोगों ने उस विवादित सड़क का भी निरीक्षण किया जिसकी मांग को ले वहां बीते तीन जून को ग्रामीणों व पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई थी जिसके बाद हुई पुलिस फायरिंग में एक बच्चा समेत चार लोग मारे गये थे। न्यायाधीशों ने ग्रामीणों की मांग वाली विवादित सड़क का काफी दूर तक मुआयना किया। आयोग के अध्यक्ष तथा सचिव ने उस टूटी दिवाल को भी देखा जिसे 3 जून को घटना के दिन उग्र ग्रामीणों द्वारा तोड़ दिया गया था। दोनों न्यायाधीशों ने वहां घटना की परिस्थिति से संबंधित जानकारियां भी ली। हालांकि न्यायाधीशों से जब स्टार्च फैक्ट्री का निर्माण कर रही ओरो सुंदरम इंटरनेशल प्रा.लि. के अधिकारी व कर्मियों ने मिलकर अपनी बात रखनी चाही तो उन्होंने बताया कि इसके लिए नोटिस जारी की जायेगी तथा समाचार-पत्रों के माध्यम से सूचना प्रकाशित की जायेगी जिसके बाद शपथ-पत्र के साथ वे लिखित रूप से अपनी बात आयोग के समक्ष रख सकते हैं। न्यायधीशों के भ्रमण के दौरान गांव से लेकर एनएच 57 सड़क मार्ग तथा फैक्ट्री परिसर में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी हुई थी। हालांकि इस अवसर पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये थे। इस दौरान आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति माधवेन्द्र शरण ने गोलीकांड के पीड़ितों से कहा कि इंसाफ की प्रक्रिया शुरू हो गयी है, उन्हें अवश्य न्याय मिलेगा।

आटो किराया निर्धारण की मांग

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के बाराइस्तम्बरार-जोकीहाट मुख्य सड़क पर टेंपू चालकों द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया लिये जाने के कारण यात्रियों में आक्रोश व्याप्त है। बाराइसतम्बरार, नौआ ननकार, कजलेटा, पिपरा, हाटगाछी के ग्रामीणों का कहना है कि महज दस किमी की दूरी तय करने के लिए टेंपू चालक 10-15 रुपये वसूलते हैं। कम भाड़ा देने पर यात्रियों से वे लोग दु‌र्व्यवहार पर उतारू हो जाते हैं। जबकि अररिया-जोकीहाट मार्ग की दूरी 16 किमी है बावजूद इतनी दूरी के लिए भी उतने ही रुपये लिये जाते हैं। पूर्व जिला पार्षद तसनीम शम्सी एवं कांग्रेस के शमशाद आलम ने जिला परिवहन पदाधिकारी से इस मार्ग पर टेंपू चालकों के मनमानी पर रोक लगाने की मांग करते हुए किराया निर्धारण की मांग की है।

जिले में10 हजार किसान करेंगे सहजन की खेती

अररिया : जिला उद्यान विभाग किसानों को फलदार वृक्ष लगाने के लिए प्रोत्साहित करने की योजना बनायी है। इसके लिए किसानों के बीच फलदार वृक्षों का मुफ्त वितरण किया जायेगा। इसी उद्देश्य से आगामी 12 व 13 अगस्त को मुख्यालय स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति के प्रांगण में दो दिवसीय उद्यान महोत्सव का आयोजन किया गया है। इस दो दिवसीय महोत्सव में उद्यान विभाग द्वारा फलदार वृक्ष वितरित करने की योजना है। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी नईम अशरफ ने बताया कि महोत्सव में किसानों के बीच 10 हजार सहजन के पेड़, 8 हजार आम तथा 5 हजार लीची का पेड़ बांटे जायेंगे।

परचुनिया के सहारे लाइसेंसी शराब दुकानदार करते अवैध बिक्री का धंधा

अररिया : जिले में अवैध शराब बिक्री का धंधा परवान पर है। लाइसेंसी शराब दुकानदार अपना अवैध कारोबार चलाने के लिए बजाप्ता परचुनिया (अवैध सेल्स मेन) बहाल कर रखे हैं जिसके जरिये वे अपनी बिक्री का लक्ष्य प्राप्त कर लेते हैं। जिले में कुल शराब दुकानों की संख्या 110 के करीब है। और उन दुकानदारों के पास करीब 500 सौ से अधिक परचुनियां हैं। हालांकि उत्पाद विभाग द्वारा यदा-कदा चलाये गये छापामारी अभियान में महज चार माह के अंदर पांच दर्जन से अधिक लोगों को अवैध ढंग से शराब की बिक्री करते पकड़ा गया है। जबकि पकड़े गये परचुनिये से मात्र संधानित शुल्क वसूल कर छोड़ दिया जाता है। गत चार दिन पूर्व ही विभाग ने बसैटी थाना क्षेत्र के फरकिया गांव से डेढ़ लाख से अधिक की विदेशी शराब जब्त करने में सफलता पायी है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक चार माह के अंदर अब तक उत्पाद विभाग को 93 हजार रुपये संधानित शुल्क के रूप में राजस्व की प्राप्ति हुई है। उत्पाद विभाग के पुलिस इंसपेक्टर ने बताया कि अवैध ढंग से चल रहे शराब दुकानों के विरुद्ध विभाग की कड़ी नजर है। उन्होंने बताया कि लाइसेंसी दुकानदारों को परचुनियां नहीं रखने की लगातार हिदायत दी जा रही है। इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक डा. आनंद कुमार ने बताया कि दुकान कम करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।

नहीं लें बिचौलियों का सहारा: निदेशक

पलासी(अररिया) : इंदिरा आवास के लिए पंचायतों में लगाये जा रहे विशेष शिविरों का जायजा लेने बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त निदेशक डा. सतीश प्रसाद शनिवार को अररिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पलासी पहुंचकर विशेष इंदिरा आवास शिविर का निरीक्षण किया। वे कनखुदिया पंचायत पहुंचकर लाभुकों से मिलकर उनकी समस्याओं से अवगत हुए। उन्होंने लाभुकों से बिचौलियों से सावधान रहने की बात कहते हुए उन्हें अवैध राशि नहीं देने को कहा। साथ ही साथ उन्होंने पिपरा विजवार के लाभुकों से डेहटी पैक्स में वर्ष 2007-08 में जमा की गयी राशि की भी जानकारी ली। उसके बाद वे प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ उपेंद्र सिंह को भी कई आवश्यक निर्देश दिये।

वारंटी गिरफ्तार

अररिया : नगर थाना पुलिस ने शनिवार को कुर्की जब्ती के वारंटी रतन मंडल को छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को उसकी तलास कई वर्षों से थी। न्यायालय ने आरोपी के विरूद्ध कुर्की- जब्ती वारंट निर्गत कर रखा था।

सुविधा के अभाव में बस पड़ाव संवेदक ने काम नहीं करने की दी चेतावनी


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र में बस पड़ाव पर यात्री वाहनों से टैक्स वसूली करने वाले संवेदक ने आगे काम करने से हाथ खड़ा कर दिया है। वर्ष 2011-12 के लिये यात्री वाहनों से कर वसूली के लिये हुए संविदा को रद्द करने की चेतावनी देते हुए हुए संवेदक दिलीप कुमार ने नप के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है। संवेदक ने संविदा के तहत निर्धारित किये गये बस पड़ाव स्थलों पर सुविधाओं का अभाव रहने सहित यात्री वाहनों का निर्धारित स्थान पर नही लगाये जाने से टैक्स वसूली में कमी होने का हवाला दिया है।
इधर नप के कार्यपालक पदाधिकारी गिरिजानंद कापरी ने कहा कि संवेदक द्वारा सौंपे गये आवेदन को बोर्ड की बैठक में रखा जायेगा। जहां किसी प्रकार का अंतिम निर्णय लिया जायेगा। संविदा के तहत नप क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित निर्माणाधीन बस पड़ाव, काली मेला के समीप स्थित कन्या उच्च विद्यालय के समीप स्थित बस पड़ाव के लिये इन स्थलों के समीप यात्री वाहनों से टैक्स की वसूली की जानी है। आवेदक में कहा गया है कि इन बस पड़ावों पर न तो शौचालय है, नहीं यात्री शेड और स्वच्छ पेयजल की सुविधा बस पड़ाव प गिट्टी बालू का व्यापार करने वालों का अतिक्रमण है। कन्या उच्च विद्यालय के पास वाहन का ठहराव हीं नही होता है। ऐसे में आर्थिक नुकसान की बात संवेदक द्वारा कही गई है।

अररिया बाजार में सार्वजनिक शौच स्थलों की किल्लत


अररिया : यदि आप अकेले या घर की महिलाओं के साथ न्याय पाने के लिये अदालत परिसर या खरीददारी के लिये अरयिया बाजार जा रहे है तो जरूर जाईये। परंतु ध्यान रहे, कहीं अचानक मल-मूत्र त्यागने की जरूरत पड़े तो आपको परेशानी उठानी पड़ सकती है।
जिला मुख्यालय स्थित एक-दो स्थानों को छोड़ जहां आपकों सार्वजनिक शौचालय ढूंढने को भी नही मिलेंगे। वही मूत्रालय के नाम पर कोई ठिकाना शायद ही आपकों मिल पाये। उसमें भी यदि महिलायें साथ में हो तो आपकी बेईज्जती तय है। जिसके लिये आपकों अररिया के बाजार में लोगों की नजरे बचाकर कोई दुकान या सरकारी दीवालों के कोना खोजना पड़ सकता है या अदालत परिसर में बनें उंची दीवाल हो या खुले आसमान। हालांकि अदालत परिसर में हाल के दिनों में शौचालय बना तो है, लेकिन ऐसे स्थानों पर बना है जहां दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीण हो या शहर के बाबू। उनकी नजरे नही पड़ती। वह भी यह शौचालय जहां अपनी रख-रखाव का संकट झेल रहा है, तो इसका मेटनेंस लोगों को अपनी ओर नही खींच पा रहा है। मुवाक्किलों की सदा शिकायत रहती है कि शौचालय बंद पड़ा है या उसमें पानी की किल्लत।
उधर मुत्रालय के नाम पर कोई स्थाई स्थान यहां नही है। प्रति दिन हजारों लोगों की आवाजाही का यह प्रमुख केन्द्र के लोग मूत्र त्याग की तलब पर लोगों की नजरें बचा हाजत खाना के समीप हो या अदालत भवन के दीवालों के इर्द गीर्द या कहिये चाहरदीवारी की आड़ में कोने की तलाश लेकर इस संकट से छुट कारा पा रहे हैं। उसमें महिलाओं की स्थिति क्या हो सकती है खूद समझ सकते हैं।
यही स्थिति अररिया बाजार की है। आप अपने बाल-बच्चों के साथ हो या अकेले गये हो। मल-मूत्र त्यागने की संकट असहनीय मानिये। खैर मनाईये हाइस्कूल प्रशासन को। जहां स्थानीय दुकानदार हो या बाजार आये आम लोग। चुपके अपनी आदत बनाये स्कूल के मुख्य गेट होते घूसते हैं तथा इस प्रागंण ें अपना मूत्र त्याग राहत के साथ बाहर निकलते है। अन्य कोई सार्वजनिक शौचालय बाजारों में अनुपलब्ध है।
वैसे सामाहरणालय प्रागंण में शौचालय तो है, लेकिन इसके मेन गेट पार कर शाम ढलते वहां जाना दुभर है। यही स्थिति अररिया बस स्टेंड व जीरो माइल स्टेंड की भी मानिये। जो अत्यंत जर्जर व वर्षो पूराने है। जहां जाकर मल-मूत्र त्यागना बड़ी बीमारी के साथ देना कहा जाता है। प्रबुद्ध जनों का कहना है कि नागरिक सुविधा के नाम पर इन स्थानों का नाम लेना यानि रोंगते सिहर जाना है। यह स्थिति एक बड़ी भयावक कल्पना की ओर जहां इशारा करती है, वहीं सरकारी सभी दावों के विपरीत जिला मुख्यालय स्थित कचहरी व कार्यालयों में काम निपटाने पहुंचने वाले लोग हो या बाजार घरेलू सामान खरीददारी करने वाले हर बाबू। हर लोग इस आपाधापी के युग में इन कार्यो के निष्पादन के लिये भारी संकट झेल रहे हैं।

फारबिसगंज गोलीकांड: न्यायिक जांच आयोग की टीम पहुंची अररिया


अररिया : फारबिसगंज पुलिस गोलीकांड की जांच करने शुक्रवार की देर संध्या न्यायिक जांच आयोग की टीम अररिया पहुंच गयी है। टीम में आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति(सेनि) माधवेंद्र शरण तथा सचिव सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश(सेनि) एसएम नसीमउद्दीन शामिल हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार वे अररिया में रात्रि विश्राम करेंगे तथा शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण करने फारबिसगंज जायेंगे जहां वे गोलीकांड में मारे गये लोगों के परिजनों व घायलों से मुलाकात कर उनका बयान दर्ज करेंगे। ज्ञात हो कि फारबिसगंज स्थित बियाडा की जमीन पर निर्माणाधीन स्टार्च फैक्ट्री में गत तीन जून को रास्ते की मांग कर रहे भजनपुर के आक्रोशित ग्रामीणों पर पुलिस फायरिंग हुई थी, जिसमें एक बच्चा समेत चार लोगों की मौत हो गयी थी तथा आधा दर्जन लोग जख्मी भी हुए थे।
विपक्ष द्वारा इस मामले को तूल दिये जाने के बाद इसकी जांच को ले एक आयोग का गठन किया था।
आयोग के अध्यक्ष अवकाश प्राप्त न्यायमूर्ति माधवेंद्र शरण व सेवानिवृत जिला न्यायाधीश एस एम नसीमुद्दीन की टीम पहली बार जांच के लिए यहा पहुंची है। मालूम हो कि इससे पूर्व मानवाधिकार आयोग और अल्पसंख्यक आयोग की टीम भी फारबिसगंज पहुंचकर मामले की जांच कर चुकी है।

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी पर नहीं लग पा रहा लगाम

फारबिसगंज (अररिया) : भारत नेपाल सीमा पर कड़ी चौकसी के दावों के बावजूद तस्करी का धंधा रूकने का नाम नहीं ले रहा है। विभिन्न नेपाली सामानों की तस्करी कर भारतीय बाजारों में पहुंचाने का कार्य जारी है। सीमा पर तैनात एसएसबी तथा कस्टम के द्वारा आये दिन सुपाड़ी सहित प्रशाधन व वस्त्र आदि तस्करी के सामानों की बरामदगी की जा रही है। बावजूद तस्करों की सक्रियता कम होने का नाम नहीं ले रही है। पिछले कुछ माह के दौरान फारबिसगंज के विभिन्न स्थानों पर एसएसबी तथा कस्टम की संयुक्त छापेमारी में लाखों रुपये मूल्य के नेपाली सुपाड़ी की बरामदगी हुई है। वहीं जोगबनी-कटिहार रेलखंड पर भी ट्रेनों में छापेमारी में सुपाड़ी, गुटखा सहित अन्य नेपाली वस्तुओं की बरामदगी हुई है। पिछले दिनों कटिहार जा रही एक सवारी गाड़ी से कस्टम के एसी एवं सुपरींटेंडेंट के नेतृत्व में की गई छापेमारी में हिरण की छाल एवं एक हजार रुपये की कोरियन नोट की बरामदगी ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर हो रही तस्करी के प्रमाण भी मिले हैं। जानकारों की मानें तो विभागीय तालमेल में कमी व सूचनातंत्र की कमजोरी का लाभ तस्कर उठाने में सफल हो रहे हैं जिस कारण इस क्षेत्र में तस्करी पर रोक नहीं लग पा रही है। इधर कस्टम के प्रमंडलीय सहायक आयुक्त शिव शंकर ने कहा है कि विभाग तस्करी को जड़ से मिटाने के लिए सक्रियता के साथ कार्य कर रही है तथा इसमें सफलता भी मिलती नजर आ रही है।

कभी आर्थिक रूप से सबल रहा व्यापार मंडल आज हो गया है निष्क्रिय


रानीगंज (अररिया) : सरकार की घोषणा के बावजूद रानीगंज व्यापार मंडल का भाग्य अभी तक नहीं बदल पाया है। कभी आर्थिक रूप से काफी सबल रहा यहा का व्यापार मंडल आज अपनी किस्मत पर आंसू बहा रहा है। प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित ध्वस्त कार्यालय भवन व गोदाम अपनी स्थिति खूद बयां कर रहा है। व्यापार मंडल एवं पैक्स का कामकाज ठप्प रहने से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार चार दशक पूर्व आस्तित्व में आया रानीगंज व्यापार मंडल 80 के दशक तक बखूबी कार्य कर रहा था। इस व्यापार मंडल में किसानों के खाद बीज के साथ-साथ अन्य व्यवसायिक कार्य भी होता था। कहते हैं इस व्यापार मंडल को खूद की एचएमटी घड़ी सहित अन्य कई एजेंसी थी जिसका विपणन यहां किया जाता था। इस व्यापार मंडल के अधीन कई पैक्स एजेंसी भी कार्य करती थी और पूरे प्रखंड के कृषकों को यहां खाद-बीज मुहैया कराया जाता था। यही नही किसानों के फसलों के भंडारण की भी सुविधा यहां थी। परंतु वर्तमान में इसके अस्तित्व पर हीं प्रश्नचिन्ह लग गया है। व्यापार मंडल के वर्तमान अध्यक्ष वकील सिंह सहित समिति के सदस्यों का कहना है कि आज इसकी कोई जमा पूंजी नहीं बची है तथा इसका
गोदाम सहित कार्यालय भवन ध्वस्त हो चुका है। विडंबना है कि इस क्षेत्र के विधायक रह चुके तत्कालीन सहकारिता मंत्री रामजी दास ऋषिदेव के कार्यकाल में भी इसका जीर्णोद्धार नहीं हो सका हालांकि उन्होंने इसका आश्वासन लोगों को दिया था। सुबे की वर्तमान सरकार ने सहयोग समितियों एवं पैक्सों को अस्तित्व में लाकर ग्रामीणों एवं किसानों के लिए कई विभिन्न तरह के कार्य करने की घोषणाएं लगातार कर रही है जिससे इस व्यापार मंडल के पुन: अस्तित्व में आने की आश जगी है।

योजना लाभ के लिए विकलांग खा रहा दर-दर की ठोकरें

अररिया : दो वर्षो से एक विकलांग योजना लाभ के लिए दर दर की ठोकरें खा रहा है किंतु उसकी सुनने वाला कोई नहीं है। कभी कार्यालय से उसका आवेदन ही गायब हो जाता है तो कभी उपर के अधिकारी जांच के लिए उसे पुन: उसी अधिकारी के पास भेज देते हैं जहां से उसे न्याय मिलने की उम्मीद ही नहीं होती। अररिया प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत मदनपुर पश्चिम पंचायत के वार्ड न. 06 निवासी विकलांग अलीहसन एक बार गुरुवार को डीएम के जनता दरबार में पहुंच कर न्याय की गुहार लगायी। लेकिन विडंबना ही है कि एक बार फिर उसे एसडीओ कार्यालय ही भेज दिया गया जबकि एक बार पहले भी उसका आवेदन उक्त कार्यालय से गायब हो चुका है। विकलांग अलीहसन की शिकायत थी कि दो जुलाई को ही योजनाओं के लाभ के लिए एसडीओ को उसने आवेदन दिया था पर गुम कर दिया गया। गुरुवार को जनता दरबार में जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी ने उनके शिकायत को एसडीओ के समक्ष स्थानांतरित करते हुए 13 अगस्त तक रिपोर्ट मांगी है।

तोड़फोड़ मामले में एक नामजद सहित दस के खिलाफ मामला दर्ज


फारबिसगंज(अररिया) : बिजली बिल में की गयी बढ़ोत्तरी के विरोध में विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा फारबिसगंज पावर सब स्टेशन स्थित कार्यालय परिसर में शुक्रवार को किये गये हंगामा तथा तोड़फोड़ मामले में विभाग की ओर से एक नामजद सहित करीब दस अज्ञात के खिलाफ फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी। विद्युत विभाग के एसडीओ मो. इमरान के द्वारा यह प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। जिसमें फारबिसगंज के बंगाली टोला निवासी सुबोध मित्रा सहित दस अज्ञात लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, कार्यालय कर्मचारी को गाली गलौज करने तथा हंगामा करते हुए कार्यालय के काउंटर का शीशा तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।

नोडल पदाधिकारी ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण

कुसियारगांव (अररिया) : राज्य स्वास्थ्य समिति पटना के नोडल पदाधिकारी रामरतन प्रसाद ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। श्री रतन ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से पूछताछ की तथा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने लेबर रूम में रखे दवा व चेक लिस्ट भी देखा साथ ही गहन चिकित्सा कक्ष, एड्स, व ब्लड बैंक का भी निरीक्षण किया। वहीं श्री रतन ने अस्पताल प्रबंधक को लेवर रूम में महिला चिकित्सक को प्रतिनियुक्त करने की बात कही। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डा. एस के सिंह, डा. सुर्दशन झा से भी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार आनंद को व्यवस्था में सुधार के लिए कई निर्देश दिये।

शिविर में नहीं खुल पाया लाभुकों का खाता

कुसियारगांव (अररिया) : आदर्श ग्राम पंचायत गैयारी अंतर्गत मध्य वि. गैयारी में शुक्रवार को लगे शिविर में अत्यधिक भीड़ के कारण वहां से संबंधित प्रखंड व बैंक कर्मी खिसक गये जिससे किसी लाभुक का खाता नहीं खुल पाया। बताया गया है कि जैसे ही शिविर की कार्रवाई शुरू हुई अचानक वहां ग्रामीणों का हुजूम जमा हो गया तथा सभी खाता खोलने की जिद करने लगे जिससे वहां अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। जिस कारण पंचायत सचिव इंद्रकांत मिश्र व युको बैंक के शाखा प्रबंधक आदि वहां से खिसक गये जिससे किसी का खाता नहीं खुल पाया। इस संबंध में मुखिया पति मो. मसूद आलम ने बताया कि शिविर में काफी संख्या में बिचौलिये पहुंच गये जिस कारण व्यवस्था चरमरा गयी। जबकि शिविर में 130 लाभुकों का खाता खोला जाना था।

बढ़े बिजली बिल के विरोध में उपभोक्ताओं का हंगामा




फारबिसगंज(अररिया) : बिजली बिल में मनमानी राशि जोड़ने व विभिन्न शिकायतों पर कार्रवाई नही करने का आरोप लगाते हुए विद्युत उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को फारबिसगंज बिजली आफिस के बाहर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने कार्यालय के काउंटर के खिड़की के शीशे तोड़ डाले। इसके बाद कार्यालय के कर्मचारी कार्यालय बंद कर भाग खड़े हुए। इधर विद्युत उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली के बिल की राशि काफी बढ़ाकर भेजी गई है। जिसका विरोध सभी उपभोक्ता कर रहे थे। वहीं, विभागीय कर्मचारी द्वारा बढ़े हुए बिजली बिल के बारे में किसी तरह की जानकारी भी नही दी जा रही थी।
एक उपभोक्ता ने बताया कि एक तो बिल समय पर नही मिलता और शिकायत करने पर कार्रवाई तक नही होती है। वहीं एक अन्य उपभोक्ता मो. जहांगीर ने कहा कि मीटर की रीडिंग भी करने कोई नही आता है। जबकि अमर लाल, धर्मेन्द्र कुमार, मो. असलम, प्रमोद आदि ने कहा कि समस्याओं से संबंधित आवेदन देने के बाद भी अधिकारी द्वारा कार्रवाई नही की जा रही है।
इधर विद्युत कार्यपालक अभियंता सीताराम सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा हीं फ्यूल सरचार्ज की राशि बिल में अतिरिक्त जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यालय के समक्ष हंगामा एवं तोड़-फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

जदयू की बैठक में संगठन की मजबूती पर चर्चा

फारबिसगंज (अररिया) : जदयू के जिला संगठन प्रभारी सह प्रदेश महासचिव आलोकव‌र्द्धन की उपस्थिति में शुक्रवार को स्थानीय पटेल चौक स्थित प्रदीप साह के आवास पर कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें संगठन की मजबूती, अभियान तथा आगामी वृक्षारोपण कार्यक्रम पर विमर्श किया गया। बैठक में हस्ताक्षर अभियान में सहयोग के लिये आम लोगों तथा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम में युवा जदयू जिलाध्यक्ष रमेश सिंह, प्रदीप साह, पवन मिश्रा, पिंटू यादव, रविन्द्र पासवान, राजू पासवान, रामानंद ठाकुर, इंद्रानंद, मीना झा, शिवजी भगत, नरेश राम, आशिष पटेल, मजहर आलम, अन्ना अंसारी आदि मौजूद थे।

अपराधियों ने लूटी मोटर साइकल व नगदी


बथनाहा(अररिया) : बथनाहा वीरपुर मार्ग पर सुरसर कटान के निकट गुरुवार की देर संध्या सशस्त्र अपराधियों ने दो मोटर साइकल सवारों के साथ लूटपाट की। लुटेरों ने पिस्तौल दिखा कर मोटर साइकल व नकदी भी छीन ली।
मोटर साइकल सवार नीतीश कुमार दास व अजीत कुमार दास ने फुलकाहा थाना में दिये गये आवेदन में बताया है कि वह अपनी नई हीरो होंडा पैसन प्रो मोटर साइकल पर नरपतगंज से सीतापुर अपने घर जा रहे थे कि सुरसर कटान के निकट करीब डेढ़ दर्जन सशस्त्र अपराधियों ने उन्हें रोका तथा हथियार का भय दिखाकर नगद चौदह हजार रुपये, दोनों की मोबाइल एवं मोटर साइकल लूट ली।
इधर, सूचना मिलने पर फुलकाहा थानाध्यक्ष दिलीप कुमार ने घटना स्थल का मुआयना कर मामले की छानबीन की। शुक्रवार की सुबह फारबिसगंज के एसडीपीओ विकास कुमार ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की है तथा फुलकाहा एवं नरपतगंज थाना पुलिस को कई जरूरी निर्देश दिये।

शिविर का आयोजन

रेणुग्राम (अररिया) : विशेष अभियान के तहत इंदिरा आवास योजना अंतर्गत बीपीएल परिवारों को पक्का मकान बनाने हेतु कोटिवार लभार्थियों का चयन, शपथ पत्र, फोटोग्राफी आदि आवश्यक कार्यक्रम के अनुसार तिरसकुंड में त्रिदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्रम प्रर्वत्तन पदाधिकारी नुनुलाल चौधरी, न्यायमित्र विनोद कुमार झा, ताराचंद पासवान, सुधा बाबू आदि उपस्थित थे।

बैठक कल

रेणुग्राम (अररिया) : लंबित मानदेय व छात्रवृत्ति आदि को लेकर रविवार को राष्ट्रीय बाल श्रमिक विशेष विद्यालय कर्मियों की एक बैठक आयोजित की जायेगी। इसकी जानकारी संघ के जिलाध्यक्ष अनिल मिश्रा ने दी।

अभिलेख के अभाव में पंस की बैठक स्थगित

भरगामा (अररिया) : अभिलेख के अभाव में शुक्रवार को आयोजित पंचायत समिति की बैठक स्थगित करनी पड़ी। मालूम हो कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रखंड सभा भवन में नवनिर्वाचित समिति सदस्यों की पहली बैठक बुलायी गयी थी किंतु बीडीओ मणिमाला द्वारा पूर्व की बैठकों के अभिलेख उपलब्ध नही कराये जाने के कारण बैठक स्थगित कर दी गयी। मौके पर मौजूद विधायक देवयंती यादव ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को पूर्व के अभिलेख उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं नवनिर्वाचित प्रखंड प्रमुख दिव्य प्रकाश यादवेंदु ने भी कार्यशैली में सुधार लाने को कहा।

Friday, July 29, 2011

देश भर के कर्मचारी करेंगे पेंशन बिल का विरोध: मंजुल


अररिया : अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ समान विचार वाले संगठनों के साथ मिल कर पेंशन बिल की वापसी व अन्य मुद्दों पर संघर्ष करेगा। यह बात संगठन के राष्ट्रीय सचिव मंजुल कुमार दास ने शुक्रवार को संघ भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कही। मौके पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कांत झा, महामंत्री राजकिशोर राय, संयुक्त मंत्री सुरेंद्र चौधरी व अन्य नेता भी मौजूद थे।
राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि पेंशन बिल (पीएफआरडीए) कर्मचारियों के हित में नहीं है तथा सरकार जानबूझ कर इसे थोपना चाहती है। वर्ष 2003 के बाद इस साल मार्च में इसे दोबारा लाया गया है। जबकि पूरे भारत के कर्मचारी इस बिल का विरोध करते आ रहे हैं। इसके विरोध में संपूर्ण देश के कर्मचारी एकजुट हैं तथा इस संबंध में संसद मार्च के अलावा राष्ट्रपति को एक करोड़ कर्मचारियों व आम जन के हस्ताक्षर शीघ्र सौंपे जायेंगे।
कर्मचारी नेता ने कहा कि वे प्रदेश सरकार से विभिन्न हड़ताल अवधि का सामंजन अर्जित अवकाश आदि में करने की भी मांग करते हैं।
इससे पहले महासंघ की जिला कार्यकारिणी की विशेष बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जटाशंकर सिंह व संचालन जिला मंत्री सुभाषचंद्र झा ने किया। बैठक में चार अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदेश व्यापी धरना, बीस सितंबर को बिहार बंद सहित अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रम की सफलता को ले व्यापक रूप से विचार विमर्श किया गया।
इस अवसर पर समस्तीपुर के जिलाध्यक्ष रामसेवक महतो, प्रमंडलीय मंत्री दयानंद सिंह, अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के जिला मंत्री अनंत झा, राजस्व कर्मचारी संघ के जिला मंत्री अमरनाथ सिंह, रमानंद मेहता, वीरेंद्र झा, जयप्रकाश पासवान, दीपाली नायक, राजेश कुमार आदि उपस्थित थे।

शिक्षकों ने किया शिक्षक चेतना मंच का गठन

फारबिसगंज (अररिया) : राशि निकासी में अनियमितता बरते जाने का आरोप निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी पर प्रखंड के प्राथमिक तथा मध्य विद्यालय में कार्यरत नियमित शिक्षकों ने लगाया है। शिक्षकों ने इस संबंध में एक शिकायत पत्र फारबिसगंज एसडीओ को प्रेषित कर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शिक्षकों ने शिक्षक चेतना मंच का गठन कर अनियमितता के विरुद्ध संघर्ष का निर्णय लिया है। आवेदन में शिक्षक सिराजुद्दीन, राम कुमार सिंह, दूर्गानंद साह, श्यामनंद साह, अनुज कुमार दास, नीरज कुमार, मीरा राका, राजेन्द्र पासवान सहित एक दर्जन शिक्षकों ने थाना मध्य विद्यालय के हेडमास्टर एवं सह डीडीओ सहित अन्य पर वेतन एवं भत्ते की राशि की निकासी में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है। आवेदन की प्रति डीईओ एवं बीईओ को भी प्रेषित किया गया है।

मवेशी चराने को लेकर मारपीट, मां-बेटी जख्मी

फारबिसगंज (अररिया) : प्रखंड के सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर कोठी गांव में मवेशी चराने को लेकर हुए विवाद में गुरुवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें जनार्दन मेहता की पत्‍‌नी जानकी देवी (40) तथा उनकी पुत्री चुन्नी देवी (19) बुरी तरह जख्मी हो गयी। घायलों को फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों के सिर पर गंभीर जख्म के निशान हैं। घायलों ने बताया कि उनके रिश्तेदार बद्री मेहता की गाय उनकी खेत में लगे फसल को खा रही थी। जिसे देखने पर चुन्नी देवी ने गाय को पकड़कर अपने दरवाजे पर बांध दिया। इसी बात को लेकर हुए विवाद में बद्री मेहता, लाल देवी, शिव नारायण सहित अन्य लोगों के द्वारा घर में घुसकर मां-बेटी के साथ मारपीट किया तथा लोहे की रड से प्रहार कर घायल कर दिया।

नानू बाबा की महादंडप्रणाम यात्रा आज से

अररिया : ऐतिहासिक मां खड़गेश्वरी काली मंदिर सह बाबा खड़गेश्वर नाथ मंदिर के साधक स्वामी सरोजानंद दीक्षित उर्फ नानू बाबा की महादंडप्रणाम यात्रा शुक्रवार से शुरू होगा। प्रत्येक वर्ष सावन माह में नानू बाबा इस महादंडप्रणाम यात्रा पर निकलते हैं। यह यात्रा का समापन 06 अगस्त को होगा। श्री नानू बाबा के अनुसार सावन माह में होने वाली यात्रा का यह 25वां वर्ष है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सिल्वर जुबली यात्रा को विशेष रूप से किया जाएगा। काली मंदिर व बाबा मंदिर से निकलकर बाबा जलेश्वरनाथ मंदिर का दर्शन कर, फिर नदी किनारे महावीर मंदिर जायेंगे। उनका शुक्रवार को रात्रि विश्राम ब्राह्माण टोला में होगा। नानू बाबा इससे पूर्व पटना, दिल्ली की धरती पर भी महादंडप्रणाम यात्रा कर चुके हैं।

भूमि विवाद को ले मारपीट

पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के करोड़ दिघली गांव में भूमि विवाद को ले दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी। मो. अजीमुद्दीन ने इस संबंध में मारपीट व छिनतई का आरोप लगाते हुए पलासी थाना में एक नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है जिसमें गांव के ही असलम, अफसर, अनवर, जावुल, जवादुल सहित दस व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया है।

दहेज के लिए दो महिलाओं की हत्या, प्राथमिकी


सिकटी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के खोरागाछ पंचायत अंतर्गत बगुला डोगी गांव में दहेज दानवों की फिर हत्या की। मृतका के पिता मो. अब्दुल्ला खां ने सिकटी थाना में मामला दर्ज कर हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगायी। दर्ज प्राथमिकी में बगुलाडांगी निवासी अब्दुल्ला ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी लड़की नुरेफा की शादी खोरागाछ के ही मो. इजराइल पिता मो. युसुफ से करवायी। शादी के समय ही दान दहेज देकर लड़की को विदा किया था। लेकिन शादी के चार माह के बाद से ही बेटी पर मैके से एक मोटरसाइकिल व 50 हजार नकदी लाने को दवाब पड़ने लगा। मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई।
बुधवार की शाम पति मो. इजराइल पिता मो. युसुफ, सास जुवैदा खातुन व देवर मो. जाकिर ने मिलकर नुरेफा खातुन को लाठी से मारपीट किया तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में मृतका के पति, ससुर, सास व देवर को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
वहीं सिकटी थाना केन्द्र के पड़रिया खान टोला में दहेज के कारण एक और विवाहिता की हत्या कर दी गयी। मृतका के भाई मो. कमरूद्दीन सिकटी थाना में थाना कांड संख्या 59/11 दर्ज किया है।

14 अगस्त को शहीदों की प्रतिमाओं पर होगा माल्यार्पण



फारबिसगंज (अररिया) : आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गुरुवार को फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय सभागार में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों, गणमान्य लोगों तथा राजनीतिक दलों के नेताओं की एक बैठक आयोजित की गई। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को शहर में विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने का निर्णय लिया गया। जहां पर स्कूली बच्चे प्रभात फेरी निकालेंगे। 15 अगस्त को कृषि बाजार प्रागंण में अनुमंडल पदाधिकारी मुख्य समारोह में तिरंगा फहराएंगे। एसडीओ जीडी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी नौ अगस्त को बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता, 10 अगस्त से 12 अगस्त तक बाजार समिति प्रागंण में स्कूली बच्चों के परेड की तैयारी, 15 अगस्त को प्रशासन तथा नागरिक के बीच फैंसी फुटबाल मैच कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार, इंस्पेक्टर फिरोज अहमद, जागरण कल्याण भारती के संजय कुमार, नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी, आरपीएफ प्रभारी एहसान अली, बीईओ चंदन प्रसाद, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंहा, डा. मंटू ठाकुर, एसएनपी गुप्ता, जदयू नेता रमेश सिंह, नौशाद आलम, स्वतंत्रता सेनानी रामानंद सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

मारपीट: तीन महिला सहित आठ जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) सू: जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विभिन्न मामले को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में तीन महिला सहित आठ लोग जख्मी हो गये, जिन्हें इलाज के लिए गुरुवार को सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा थाना भेज दी गयी है।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के पेकटोला गांव में बकाया रुपया मांगने के कारण रविना व पति शेराज की धुनाई कर दी गयी, वहीं महलगांव थाना क्षेत्र के फुलपुर गांव में बकाया रुपया मांगने के कारण गीता देवी को पीटकर जख्मी कर दिया गया, जबकि पलासी थाना क्षेत्र के दिगली गांव में पानी निकासी को लेकर मारपीट में दोनों पक्षों के अफसर आलम व अलीमुद्दीन जख्मी हो गये। चौथी घटना के तहत बौसी थाना क्षेत्र के छतियौना गांव में भूमि विवाद को लेकर बीबी जूलेखा व नौशाद को पिटाई की गयी।

ट्रेन से तस्करी का समान बरामद

फारबिसगंज (अररिया) : सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन से कस्टम ने बुधवार की देर संध्या फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर हजारों रु. मूल्य के तस्करी का इंची-टेप बरामद किया। जबकि तस्कर फरार हो गये। उक्त सामान नेपाल से जोगबनी बार्डर के माध्यम से चोरी-छुपे भारतीय क्षेत्र में लाया गया था। छापामारी टीम में कस्टम इंस्पेक्टर सुरेन्द्र पासवान व अन्य अधिकारी शामिल थे।

सात केन्द्रों पर पात्रता परीक्षा फार्म लेने की प्रक्रिया शुरू


अररिया : बिहार प्रारंभिक शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए बिक्री किये गये 49 हजार से अधिक आवेदन संबंधित केन्द्रों पर प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। अररिया अनुमंडल के चार तथा फारबिसगंज के तीन केंद्रों पर फार्म जमा हो रहा है। जिला मुख्यालय के उच्च विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय आजाद एकेडमी, महात्मा गांधी स्मारक उच्च विद्यालय आरएस व फारबिसगंज के बीडीओ बालिका उच्च विद्यालय, प्लस टू ली एकेडमी तथा शांति देवी धीर नारायण उच्च विद्यालय के काउंटरों पर फार्म लिया जा रहा है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि फार्म 6 अगस्त तक लिये जायेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि ओवरराइटिंग, व्हाईटनर वाले तथा मुड़े हुए ओएमआर सीट नहीं लिए जायेंगे।

पुलिस मेन्स एसोसियेशन का चुनाव संपन्न

अररिया : पुलिस मेन्स एसोसियेशन शाखा अररिया का चुनाव गुरुवार को पुलिस लाइन में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना है। मौके पर मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव के निर्धारित समय तक कुल 416 मतदाताओं में 377 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। संध्या के सात बजे से मतगणना कार्य संपन्न कराया जायेगा। देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे। उन्होंने बताया कि कुल सात पदों के लिये चुनाव कराये गये हैं। जिनमें अध्यक्ष पद के लिये अजय कुमार सिंह एवं जय कुमार यादव दावेदार हैं। मौके पर पर्यवेक्षक ओम प्रकाश सिंह, रामाकांत यादव, सहायक पर्यवेक्षक प्रदीप कुमार वर्मा एवं जय राम राय मौजूद थे। जबकि सुरक्षा का जिम्मा आरक्षी निरीक्षक अनिल कुमार एवं सुबेदार हरिद्वार शर्मा के जिम्मे था।

अररिया: शिव सर्किट के विकास की असीम संभावना


अररिया : जिले में सड़क सुविधाओं के विकास से पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं। इस दिशा में सरकारी स्तर पर हालांकि कुछ नहीं हो रहा, पर निजी टूर आपरेटरों ने संभावनाओं की तलाश शुरू कर दी है।
जिले से गुजरने वाली ईस्ट वेस्ट कारीडोर की फोरलेन सड़क पर नेपाल के विश्वविख्यात पशुपतिनाथ महादेव के दर्शन को धार्मिक पर्यटकों का काफिला लगातार नजर आने लगा है।
काशी में विश्वनाथ, देवघर में वैद्यनाथ और नेपाल में पशुपतिनाथ के बीच का त्रिकोण ऐतिहासिक व्रात्य क्षेत्र
है और वेद में व्रातस्तोम यज्ञ के समावेश के साथ ही इसी त्रिकोण के मध्य देवाधिदेव महादेव की पूजा का रहस्य भी
छिपा है। सावन के महीने में पूरी दुनिया से लाखों पर्यटक देवघर व बासुकीनाथ में शिव आराधना व जलाभिषेक को पहुंचते हैं। निजी टूर आपरेटरों ने इस प्रवृति को पहचान कर शिव स्थलों के भ्रमण-पर्यटन का आकर्षक पैकेज निकाला है।
अररिया के एनएच टाल प्लाजा पर पशुपतिनाथ की यात्रा पर जा रहे यूपी बलिया व देवरिया के पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने बाबा अजगैबीनाथ के दर्शन पूजन के साथ ही शिवधाम भ्रमण की जो शुरूआत की वह देवघर, बासुकीनाथ में दर्शन पूजन के बाद पशुपतिनाथ व अंत में बाबा विश्वनाथ के पूजन के साथ संपन्न होगी।
इधर, अररिया में भी कई आपरेटर सुल्तानगंज से बाबाधाम, बासुकीनाथ होते हुए कहलगांव के बटेश्वरनाथ, मदनपुर के मदनेश्वर तथा सुंदरी मठ के बाबा सुंदरनाथ दर्शन पूजन का पैकेज निकाल रहे हैं। लेकिन इन यात्राओं का नकारात्मक पहलू यह है कि इनके साथ सरकार व प्रशासन का प्रोत्साहन तथा संरक्षण नगण्य ही है।

आंगनबाड़ी केन्द्रों में घपले का खुलासा बना चर्चा का विषय

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के प्रसादपुर में हुए सोशल आडिट के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में खुलकर हो रही अनियमितता की पोल खुलने के बाद आम लोगों के बीच यह चर्चा का केंद्र बन गया है। लोगों के बीच यह सवाल बार बार उभर कर सामने आ रहा है कि क्या आडिट के दौरान सामने आये घपले के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी या फिर सब कुछ पुराने ढ़र्रे पर ही चलेगा। वहीं प्रखंड में यह भी चर्चा है कि एक पंचायत के सभी केन्द्रों में जब अनियमितता सामने आयी है तो प्रखंड के अधिकांश केन्द्रों में बच्चों को दी जाने वाली टीएचआर एवं पोषाहार में व्यापक गड़बड़ी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। जनजागरण संगठन द्वारा सोमवार को प्रसादपुर पंचायत के आंगनबाड़ी केन्द्रों का कराये गये सोशल आडिट ने कुव्यवस्था की पोल खोल दी है। आडिट के दौरान केन्द्रों की बदहाली के लिए सेविकाओं ने सीडीपीओ को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्यालय पर प्रति माह एक हजार रुपये बतौर नजराना लेकर बिल पास करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में अनियमितताओं की शिकायत के बाद भी संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा जायेगा अथवा मामले को रफा-दफा कर दिया जायेगा। प्रसादपुर के ग्रामीणों का कहना है कि आजतक इसके विरुद्ध विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

बच्चा नहीं होने पर पत्‍‌नी ने की दूसरी शादी, गिरफ्तार


कुसियारगांव (अररिया) : पत्‍‌नी के बच्चा नहीं जनने पर पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने की घटनाएं अक्सर प्रकाश में आती रहती है लेकिन यहां उल्टा ही हुआ है। रानीगंज थाना क्षेत्र के बगुलाहा टोला नगराही में एक विवाहिता ने बच्चे नहीं होने का ठिकरा अपने मर्द पर जड़ते हुए दूसरी शादी रचा ली। हालांकि पति द्वारा स्थानीय थाना में अपनी पत्‍‌नी को भगा ले जाने की प्राथमिकी दर्ज करा दी। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के लिए गुरुवार को सदर अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार रानीगंज
थाना क्षेत्र के बगुलाहा टोला नगराही के गणेश सहनी की शादी तीन साल पहले मीना देवी काल्पनिक नाम के साथ हुई थी। इस बीच दोनों को एक भी संतान नहीं हुआ। जिसके बाद मीना ने गांव के ही देवेन्द्र सहनी से मंदिर में विवाह रचा लिया। हालांकि उसके पति गणेश ने देवेंद्र पर अपनी पत्‍‌नी को भगा ले जाने का मामला दर्ज करा दिया। जिसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के लिए भेजा है। जबकि पहले पति गणेश सहनी पत्‍‌नी के इंतजार में दूसरी शादी नहीं की है।

आडिट को पहुंची राज्य स्वास्थ्य समिति की टीम


जोकीहाट (अररिया) : रेफरल अस्पताल जोकीहाट में गुरुवार को राज्य स्वास्थ्य समिति पटना के वरीय लेखा पदाधिकारी के नेतृत्व में पहुंचे आडिट दल ने महत्वपूर्ण फाइलों की जांच की। जांच के दौरान आय-व्यय सहित बाल जननी सुरक्षा, परिवार नियोजन आदि फाइलों का लेखा-जोखा संबंधी जानकारी ली गई। जांच के दौरान स्वास्थ्य प्रबंधक औवेश अहमद, गोपाल कुमार सहित अन्य अस्पताल कर्मी मौजूद थे।

आइजी ने किया बीओपी का निरीक्षण

बथनाहा (अररिया) : एसएसबी के आइजी (पटना रेंज) आदित्य मिश्रा बुधवार को देर संध्या बथनाहा स्थित 24वीं बटालियन के मुख्यालय पहुंचे तथा कई बीओपी का निरीक्षण किया। मुख्यालय में मौजूद 24वीं वाहिनी के सहायक सेनानायक ओकेन्द्रा सिंह ने बताया कि आईजी बीओपी के निरीक्षण उपरांत बीरपुर निकल गये। जहां वे शुक्रवार को इंडो-नेपाल अधिकारियों की समिति की बैठक में भाग लेंगे।

बीएसएनएल टेलीफोन उपभोक्ताओं को समय पर नहीं मिल रहा बिल

फारबिसगंज (अररिया) : एक ओर प्राइवेट टेलीकाम कंपनियां बिल के लिए समय से पहले ही उपभोक्तओं को विभिन्न माध्यमों से चेतावनी भेजना शुरू कर देते हैं वहीं बीएसएनएल उपभोक्ता यहां बिल के लिए तरस रहे हैं। समय पर बिल नहीं मिलने के कारण बीएसएनएल टेलीफोन उपभोक्ता समय पर बिल का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। किसी भी माह का बिल डेढ़ से दो माह विलंब से मिलता है। जिस कारण उपभोक्ताओं को बाद में बिलंब शुल्क के साथ बिल की राशि जमा करनी पड़ती है। वहीं बीएसएनएल के अधिकारियों का कहना है कि बिल वितरण की जिम्मेदारी डाक विभाग को दी गयी है। इधर, बीएसएनएल के अधिकारियों की उदासीनता और डाक विभाग की लापरवाही के कारण उपभोक्ता परेशान हैं। जिस कारण बीएसएनएल के टेलीफोन उपभोक्ताओं में कमी आई है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता सेवा से निराश होकर अपना कनेक्शन कटवा चुके है।

मात्र दो चिकित्सकों के हवाले पौने दो लाख की आबादी का स्वास्थ्य

कुर्साकांटा (अररिया) : स्वास्थ्य सेवा को लेकर सरकार कई दावे कर रही है लेकिन कुर्साकाट में हकीकत दावे से बिल्कुल अलग है। कुर्साकांटा प्रखंड के पौने दो लाख की आबादी की स्वास्थ्य सेवा मात्र दो चिकित्सकों पर निर्भर है। प्रखंड मुख्यालय स्थित एक मात्र प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में केवल दो चिकित्सक ही पदस्थापित हैं। जिस कारण ओपीडी में मरीजों की रोज लंबी लाइन लगी रहती है। यूं तो ग्रामीण क्षेत्रों में उपस्वास्थ्य केन्द्र भी हैं परंतु चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी के अभाव में ये मात्र प्रतीक बनकर रह गये हैं। अस्पताल में कई तकनीकि उपकरण भी दिये गये हैं परंतु योग्य आपरेटर एवं स्वास्थ्य कर्मी के अभाव में वे भी बेकार पड़े हैं। आपात कालीन स्थिति में आज भी मरीजों को पूर्णिया अथवा अन्यत्र जाना मजबुरी बनी हुई है। इस ओर न तो सरकार और न ही प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान है।

विकास के लिए एकजुट हों पंचायत जन प्रतिनिधि: देवयंती


भरगामा (अररिया) : युवा जागृति मंच के तत्वावधान में प्रखंड के मध्य विद्यालय पट्टीप्राण पत प्रागंण में बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता दामोदर प्रसाद काम ने की। जबकि मंच संचालन लक्ष्मी सरदार ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि नरपतगंज के विधायक देवयंती यादव एवं प्रखंड प्रमुख दिव्य प्रकाश यादवेंदु उपस्थित थे।
इस अवसर पर विधायक देवंती यादव ने प्रखंड क्षेत्र में बिजली, सड़क व अन्य जन समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों से एकजुटता का आह्वान किया। वहीं प्रखंड प्रमुख दिव्य प्रकाश यादवेंदु ने प्रखंड में विकास को पटरी पर लाने के लिए सबसे सहयोग की अपील की। कार्यक्रम को पूर्व मुखिया जय कृष्ण साह, कमल किशोर शर्मा, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अशोक सिंह, भाजपा प्रखंड प्रवक्ता चन्द्वान्द, चापाक्य, अनंत झा, गयानंद सिंह आदि ने भी संबोधित किया। समारोह में युवा जागृति मंच द्वारा क्षेत्र के विशिष्ट लोगों एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित होने वाले जनप्रतिनिधियों में विधायक व प्रमुख के अलावा अशोक सिंह, मो. इंत्खाब आलम, संगीता देवी, अशोक साह, गयानंद सिंह, अरूणा देवी, चन्द्रानंद झा, अनंत झा सहित दर्जनों प्रतिनिधि शामिल थे।

जिला योजना समिति के 24 सदस्यों का चुनाव आज, तैयारी पूरी

अररिया : जिला परिषद इकाई के पुनर्गठन के बाद रिक्त पड़े 24 जिला योजना समिति सदस्य पद का चुनाव शुक्रवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में होगा। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है। इस संबंध में जिला पंचायत राज पदाधिकारी विधान चन्द्र यादव ने बताया कि 24 सदस्यों में 12 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। शेष 12 पद सामान्य उम्मीदवार के लिए हैं। श्री यादव ने बताया कि चुनाव को लेकर शुक्रवार को होने वाली बैठक की सूचना सभी जिला परिषद सदस्यों को दे दी गयी है। उन्होंने बताया कि डीएम की देखरेख में चुनावी प्रक्रिया होगी। उन्होंने यह भी बताया कि योजना समिति के पदेन अध्यक्ष जिप अध्यक्ष होंगी। डीपीआरओ ने यह भी कहा कि सर्वसम्मति से निर्विरोध चयन के बावजूद उन्हें नामांकन देना होगा। मतदान हाल में अधिकृत अधिकारी के अतिरिक्त जिला परिषद सदस्य तथा प्रवेश पत्र प्राप्त कर्मी ही प्रवेश करेंगे। चुनाव को लेकर समाहरणालय परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।

मोबाइल पर रंगदारी मांगने वाला युवक गिरफ्तार


अररिया : मोबाइल फोन पर धमकी देकर रंगदारी मांगने वाले हामिद नामक युवक को लोगों ने पकड़कर बुधवार की शाम नगर थाना पुलिस के हवाले किया है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है। युवक जोकीहाट के सुकसेना का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने गैयारी निवासी वकार असरफ के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है।
मिली जानकारी अनुसार पेट्रोल पंप के पास स्थित दुकान पर गैयारी निवासी असरफ बैठा था। बुधवार की शाम वह थोड़ी देर के लिए दुकान से बाहर निकला लेकिन उसका मोबाइल नंबर 896909360 दुकान में ही छूट गया। इसी बीच दुकान के पास पहले से खड़े एक युवक ने उसके मोबाइल से किसी को फोन कर तीन हजार रुपये रंगदारी की मांग की। तब तक दुकानदार असरफ अपनी दुकान पर वापस लौट आया। जैसे ही वह दुकान पर पहुंचा तो पीड़ित व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर रिंग बैक कर पूछा कि आपने क्यों रंगदारी मांगी? दोनों में बातचीत हो ही रही थी कि दुकान पर खड़ा वह लड़का भागने लगा। शक होने पर जब उपस्थित लोगों ने उसे खदेड़ कर पकड़ा तो उसने रंगदारी मांगने की बात स्वीकार कर ली। इसी क्रम में भीड़ में उपस्थित अजमतपुर निवासी मो. समीन भी उस युवक को देख कर चौंक गया तथा बताया कि उसने दो दिन पूर्व ही उससे दो हजार रंगदारी वसूला है। ग्रामीणों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

टेंपू स्टैंड से जाम की समस्या हुई विकराल

फारबिसगंज(अररिया) : शहर के अस्पताल रोड में फुलवरिया हाट से मेला रोड चौक तक सड़क के किनारे मनमाने ढंग से टेंपू व अन्य यात्री वाहन पड़ाव करने के कारण लोगों को यातायात में काफी कठिनाई हो रही है। वाहनों के अवैध रूप से पड़ाव करने के चलते इस खंड पर हमेशा ही सड़क जाम की स्थिति बनी रहती है। फलस्वरूप रेफरल अस्पताल, अनुमंडल न्यायालय, बस पड़ाव आदि स्थानों पर जरूरी काम से जाने-आने वाले लोगों का काफी समय नाहक ही बर्बाद हो जाता है। जबकि स्थानीय नागरिकों ने करीब एक माह पूर्व ही एक बैठक आयोजित कर यहां लगने वाले टेंपू एवं अन्य वाहनों के स्टैंड को अन्यत्र हटवाने की मांग नगर परिषद एवं स्थानीय प्रशासन से किया था। लेकिन एक माह गुजर जाने के पश्चात भी वाहनों का यहां लगने एवं इस कारण सड़क जाम की समस्या बदस्तूर जारी है। जबकि इस मार्ग होकर प्रशासनिक पदाधिकारियों का प्रतिदिन जाना-आना रहता है। बावजूद इसके भी कोई कार्रवाई नहीं किया जाना नागरिकों के समझ से पड़े है। वहीं जब इस सबंध में न. परिषद के मुख्य पार्षद से वीणा देवी से सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि इस विषय में स्थानीय थाना को सूचित किया गया है और उनके सहयोग से वाहनों को नगर परिषद द्वारा निर्धारित टैक्सी स्टैंड में शिफ्ट किया जाएगा।

टेलीफोन खराब, सूचना देने में हो रही परेशानी

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज थाना में पिछले एक पखवारे से भी अधिक समय से यहां का बेसिक टेलीफोन खराब चल रहा है। ऐसे में किसी को सूचना भी देनी होगी तो कम से कम बेसिक फोन से नहीं दी जा सकेगी। हालांकि इस संबंध में दूरसंचार विभाग को कई बार थाना के कर्मी द्वारा टेलीफोन ठीक करने के लिए कहा जा चुका है। लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नही हो पायी जिस कारण थाना का टेलीफोन खराब पड़ा हुआ है।

महिला सरपंच के साथ मारपीट


अररिया : अररिया आरएस थाना क्षेत्र के छतियौना में जेनरेटर का तार तोड़े जाने को ले हुई मारपीट की घटना में महिला सरपंच रुक्मिणी देवी घायल हो गयी। घटना के बाद सरपंच ने बुधवार को लिखित शिकायत थाने में की है।
पुलिस को दी गयी सूचना में कहा गया है कि पड़ोस के शिवानंद मंडल, राजो मंडल एवं अन्य ने उनपर घातक हमला किया। लेकिन इस हमले में वह बाल-बाल बच गयी। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मो. कासिम ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही है।

एसएसबी इंटर सेक्टर प्रतियोगिता में पूर्णिया विजयी


बथनाहा (अररिया) : बथनाहा स्थित एसएसबी 24वीं बटालियन मुख्यालय में इंटर सेक्टर एथलेटिक प्रतियोगिता में बुधवार को पटना रेंज के पूर्णिया एवं मुजफ्फरपुर सेक्टर के कुल नौ बटालियन के चुने हुए एथलिटों ने भाग लिया।
संपन्न प्रतियोगिता में पूर्णिया सेक्टर की टीम विजेता एवं मुजफ्फरपुर सेक्टर की टीम उप विजेता घोषित की गयी। बेस्ट एथलिट का पुरस्कार एक बार पुन: पूर्णिया सेक्टर के 35वीं बटालियन राजनगर के महादेव घोष को मिला। विजेता सभी खिलाड़ी को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक सेनानायक ओ. आकेन्द्र सिंह ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मौके पर एसआई चैतन्य शर्मा, नरेन्द्र सिंह, संजीव कुमार आदि अधिकारी व जवान उपस्थित थे।

घरेलू विवाद को ले किया विषपान


कुसियारगांव (अररिया) : जलालगढ़ थाना क्षेत्र के गेहुआ गांव में बुधवार को घरेलू विवाद के कारण मो. नइम के पुत्र मो. रेहान ने विषपान कर लिया। परिजनों को सूचना मिलते ही इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। चिकित्सक के मुताबिक पीडि़त की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना थाना को दे दी गयी है।

अलग- अलग घटनाओं में चार महिलाएं झुलसीं

कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में झुलस जाने से दो युवती सहित चार महिलाएं बुरी तरह जख्मी हो गयी जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया हैं जहां दो को चिकित्सक ने पूर्णिया रेफर कर दिया है। पीडि़तों में अररिया काली बाजार निवासी गणेश ठाकुर की पुत्री बीना कुमारी खाना बनाने के क्रम में बुरी तरह झुलस गयी। बचाने पहुंची दूसरी बहन मीना कुमारी भी मामूली रूप से जल गयी, वहीं मुडबला गांव में बीबी हुसना भी खाने बनाने के क्रम में बुरी तरह झुलस गयी। तीसरी घटना महिषाकोल गांव में मंगलवार की शाम ठनका गिरने के कारण बीबी नासमिन अचेत हो गयी। वहीं चिकित्सक ने बताया कि महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

पत्‍‌नी की पिटाई कर पिलाया जहर, मौत


कुसियारगांव (अररिया) : सिकटी थाना क्षेत्र के परहरिया खान टोला में प्रेम प्रसंग को लेकर पत्‍‌नी को पति द्वारा पिटाई के बाद में पिला दिया गया। हालांकि गांव के कुछ लोगों द्वारा इसे कलियागंज में एक निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया गया जहां महिला ने दम तोड़ दिया।
इधर, पुलिस ने सुचना मिलते ही शव को अपने कब्जे में कर अंत परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के परिजन कलीम खान आदि ने बताया कि फिरोजा खातून के पति फरमान खान का गांव के ही एक विवाहिता के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कई बार पंचायत भी हुई पर मामले का कोई हल नहीं निकल पाया। मृतका फिरोजा अकसर इस बात का विरोध किया करती थी। कलीम के अनुसार पहले तो फिरोजा इसे पिटाई की गयी फिर बाद में जहर पिला दिया गया। स्थिति बिगड़ता देख उसे कलियागंज के एक प्राइवेट चिकित्सक के पास ले जाया गया सोमवार को जहां मंगलवार को महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस को सुचना मिलते ही शव को अपने कब्जे में कर अंत परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जहां पति सहित सभी लोग घर से फरार बताये गये है।

डीइओ का विद्यालय परिवार ने किया अभिनंदन


अररिया : बुधवार को मुख्यालय स्थित आदर्श मध्य विद्यालय ककोड़वा में विद्यालय परिवार द्वारा जिले के नव पद स्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन को शॉल एवं गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया गया। मौके पर स्काउट गाइड द्वारा सलामी दी गयी।
मौके पर विद्यालय के प्राचार्य मो. मुस्तफा, शिक्षक कमलानंद मंडल, मो. जाहिद हुसैन एवं शमशाद आलम आदि उपस्थित थे।

डेहटी पैक्स: घोटालेबाजों के बीच फिर खलबली


अररिया : जिलाधिकारी एम. सरवणन द्वारा नये सिरे से आरोप पत्र गठन करने के बाद हुई कार्रवाई से डेहटी पैक्स के घोटालेबाजों के बीच एक बार फिर खलबली मच गयी है। सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जिले के छह तत्कालीन बीडीओ परवेज उल्लाह, गयानंद यादव, शमीम अख्तर, रमेश झा, सुरेन्द्र राय आदि पर नये आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है।
इंदिरा आवास, एसजीआरवाई, बाल विकास परियोजना सर्व शिक्षा आदि मदों की राशि डेहटी पैक्स में जमा करने का आरोप इन अधिकारियों पर लगाया गया है। दरअसल डेहटी पैक्स में सरकारी राशि जमा करने का सिलसिला पलासी से वर्ष 2004 में शुरू हुआ। 2004 से 2008 तक अररिया, सिकटी, पलासी व जोकीहाट प्रखंडों की राशि पैक्स में खाता खोलकर जमा करायी गयी।
2008 में दैनिक जागरण द्वारा ही खबर प्रकाशित कर मामले को उजागर किया गया था। जिस पर तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी बाला मुरूगन डी ने जांच शुरू की और पूरा रिपोर्ट डीएम व सरकार को प्रेषित किया था। राज्य सरकार ने ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव राम बाबू सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच दल अररिया भेजा। उप सचिव ने जांच कर सरकार को रिपोर्ट दिया। जिसमें बताया गया कि इन चार प्रखंडों के 27 करोड़ की राशि पैक्स में जमा करायी गयी। लेकिन पैक्स की हालत खस्ता हो गयी। जांच रिपोर्ट पर सरकार ने फौरन जिले में उस वक्त पदस्थापित पांच व एक अन्य जिले के बीडीओ तथा आधे दर्जन से अधिक सहायक व नाजिर को निलंबित कर दिया। बाद में तीन कर्मियों की सेवा भी समाप्त कर दी गयी। पैक्स का मामला फिलहाल निगरानी के जिम्मे भी है।
डीएम एम. सरवणन द्वारा जांच के बाद यह 70 करोड़ से अधिक का घोटाला बताया जा रहा है। वर्तमान में घोटाले के आरोपी रहे तत्कालीन डीएसई दिनेश चौधरी व तत्कालीन बीडीओ अशोक तिवारी जेल में है।
पैक्स घोटाले से संबंधित चारों प्रखंड के बीडीओ, तीन सीडीपीओ तथा डीएसई द्वारा विभिन्न थानों में कई केस दर्ज कराये गये हैं। इसी पैक्स घोटाले की किताब में एक और पन्ना जोड़ने का आरोप सरकार ने दे दिया है। बदरहाल जो भी हो, लेकिन पैक्स घोटाले के मुख्य कर्ता-धर्ता व दलाल अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

पंस की बैठक में छाया रहा कृषि का मुद्दा


अररिया : अररिया प्रखंड पंचायत समिति की बैठक में कृषि विभाग के घोटाला एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर बरती जा रही अनियमितता का मुद्दा छाया रहा। बुधवार को प्रखंड कार्यालय स्थित सभा भवन में आयोजित पहली बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख जुगनू परवीन ने की।
बैठक में अधिकांश पंचायत समिति एवं मुखिया ने कहा कि कृषि विभाग पूरी तरह बिचौलियों की गिरफ्त में है। कृषि सलाहकार के माध्यम से विभाग में लूट मची हुई है। जनप्रतिनिधियों को किसी योजना की जानकारी नहीं दी जाती है। मुखिया संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार ने बीपीएल सूची में गड़बड़ी, मनरेगा में किये गये लूट, जनवितरण प्रणाली में मनमानी जैसे मुद्दे उठाये। जबकि कई सदस्यों ने इंदिरा आवास एवं अन्य विकास योजनाओं के दो वर्षो का लेखा जोखा मांगा। बैठक में मनरेगा के पीओ एवं पीआरएस की अनुपस्थिति को लेकर सदस्य आक्रोशित थे। बैठक में बीडीओ नागेन्द्र पासवान, सीओ मो. तैयब, प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एनएस मंजू देवी, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष बबलू झा, उपप्रमुख गुलशन आरा, विधायक प्रतिनिधि तनवीर आलम आदि उपस्थित थे।

जमाते इस्लामी का दो रोजा जलसा आज से

अररिया : जमाअते इस्लामी हिन्द कोसी हल्का का दो दिवसीय जलसा गुरुवार से अररिया में आयोजित होने जा रहा है। यह जानकारी जमाएत के अमीरे मोकामी मो. मोहसीन ने दी।

डीलर की मौत पर शोक

अररिया : सिकटी प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत डेढुवा पंचायत के डीलर गुलाब मांझी की पटना में कार्यक्रम में भाग लेने जाते वक्त हुई मौत पर डीलरों ने शोक व्यक्त किया है। शोक व्यक्त करने वालों में सिकटी प्रखंड अध्यक्ष मुस्ताक अंसारी, महासचिव रंभा देवी, उमेश साह, रामचंद्र पासवान, चन्द्रानंद मंडल आदि शामिल हैं।

Tuesday, July 26, 2011

दहेज हत्या का आरोपी ससुर गिरफ्तार

बसैटी (अररिया) : मोटर साइकिल की मांग पूरी नही होने पर महिला को चाप चढ़ाकर मारने के आरोप में ससुर विजल ततमा को सोमवार की रात्रि गोपालपुर गांव से बौसी थाना अध्यक्ष टुनटुन पासवान के नेतृत्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। बताया जाता है कि दस दिन पूर्व दहेज के लालची पति, ससुर, ननद, देवर आदि ने गीता देवी को चांप चढ़ाकर मारने के बाद बांसबाड़ी में जलाकर राख कर दिया था। मृत विवाहिता की मां के लिखित आवेदन पर बौसी थाना में 15 जुलाई 11 को धारा 304 (बी) 201/34 भादवि के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मृतक की मां मसो. दायरानी ने बताया कि 13 जुलाई 011 को मृतक के पति राजकुमार ततमा उसके पूर्णिया जिला के सरसोनी से विदाई कराकर अपने घर गोपालपुर ले गया था। दूसरे दिन ही उसे काटकर जला दिया। मृतक विवाहिता को आठ माह की बच्ची भी है। शादी में मोटरसाइकिल दे पाने के कारण पहले भी पति, सास, ससुर, देवर, ननद आदि द्वारा गीता को प्रताड़ित किया जाता था। इधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये सघन छापामारी की जा रही है।

भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव जरूरी: कुशवाहा



फारबिसगंज(अररिया) : अंग्रेज जमाने के भूमि अधिग्रहण कानून 1854 को रद्द कर नया कानून बनाने सहित कृषि योग्य भूमि को अधिग्रहण से बचाने के लिए जनसंघर्ष मोर्चा के बैनर तले आगामी आठ अगस्त को दिल्ली स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान में सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। जिसमें क्रांतिकारी समता पार्टी सहित मोर्चा के विभिन्न घटक दलों के नेता भाग लेंगे। यह बातें क्रांतिकारी समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को गोलीकांड के पीड़ित भजनपुर गांव तथा घटना स्थल का दौरा करने के बाद फारबिसगंज रेलवे स्टेशन परिसर में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि फारबिसगंज गोलीकांड से संबंधित बियाडा की जमीन सहित पूरे बिहार में बियाडा की जमीन में कथित घोटाले में राज्य सरकार द्वारा क्लीन चिट देना गुमराह करने जैसा है। बिहार सहित अन्य राज्यों में रीयल स्टेट के खेल में राजनेता, नौकरशाहों बिल्डरों का गिरोह सक्रिय है। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव के लिए समर्पित सभी समाजवादी, अंबेडकरवादी, वामपंथी तथा किसान आंदोलन के राजनीतिक मंच जनसंघर्ष मोर्चा के बैनर तले आंदोलन करेंगे। जिसमें उनकी पार्टी भी एक घटक है। भजनपुर गोलीकांड के संदर्भ में कहा कि नीतीश सरकार विकास के नाम पर किसानों की भूमि हड़प रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यशवंत सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस ने चार किसानों की निर्मम हत्या की है जो अपना हक मांग रहे थे। पार्टी के दोनों नेता भजनपुर के पीड़ितों से भी मिले।

शिविर का आयोजन

सिकटी (अररिया) : प्रखंड के बेंगा पंचायत में इंदिरा आवास योजना के कागजी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए प्रखंड प्रशासन द्वारा शिविर का आयोजन मध्य विद्यालय बेंगा में सोमवार को किया गया। शिविर में लाभुकों का भौतिक सत्यापन जमीन संबंधी जांच, खाता खोलने की प्रक्रिया के साथ शपथ पत्र बनवाया गया। शिविर में वीडीओ कमल कृष्ण सिंहा, सीओ श्री राम सिंह व अन्य अधिकारी गण मौजूद थे। ज्ञात हो कि इसे पंचायत में इंदिरा आवास योजना के लिए अनुसूचित जाति के 76 एवं अन्य के 29 लक्ष्य निर्धारित हैं। शिविर में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति नहीं देखी गयी।

विकास शिविर को ले बीडीओ ने की बैठक

पलासी (अररिया) : बीडीओ उपेन्द्र सिंह ने आगामी विकास शिविर को लकर सोमवार को अपने कार्यालय में बैंकरों के साथ एक बैठक की। बैठक में मुख्य रूप से शाखा प्रबंधकों से इंदिरा आवास से संबंधित लाभूकों के खाता खोलने से संबंधित विस्तृत चर्चा की। इस क्रम में बीडीओ श्री सिंह ने शाखा प्रबंधकों को बिचौलियों से सावधान रहने की भी सलाह दी। साथ ही बिचौलियों पर लगाम कसने हेतु ठोस कदम उठाने की बात भी कही।

मारपीट व छिनतई का आरोप, प्राथमिकी

पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के डेहटी गांव निवासी खलील खां ने सड़क पर मवेशी बांधने के विवाद को लेकर लगाते हुए पलासी थाना में एक नामजद प्राथमिकी दर्ज कराया है। जिसका थाना कांड सं. 99/11 के तहत गांव के ही मो. नियाज, मो. महताब सहित चार व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया है।

सरपंच संघ का गठन 30 को

अररिया : अररिया प्रखंड के नव निर्वाचित सरपंच व उनके प्रतिनिधियों की बैठक आगामी 30 जुलाई को नेताजी सुभाष स्टेडियम अररिया में आयोजित की जायेगी। जिसमें प्रखंड सरपंच संघ का गठन किया जायेगा। यह जानकारी कमलदाहा पंचायत के सरपंच फैयाज आलम व रईसउद्दीन ने दी है।

मनरेगा व आइसीडीएस में लाखों का गबन

सिकटी (अररिया) : पलासी प्रखंड के धर्मगंज पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय धर्मगंज में मनरेगा व आंगनबाड़ी केंद्रों का सामाजिक अंकेक्षण किया गया। जिसमें मनरेगा व आंगनबाड़ी केन्द्रों में बड़े पैमाने पर अनियमितता का उजागर हुआ है। धर्मगंज पंचायत में कुल आठ आंगनबाड़ी केंद्रों में 1.32 लाख रुपयों के गबन का मामला प्रकाश में आया है। वहीं मनरेगा में 6 लाख 39 हजार 782 रुपये का गबन किया गया। सामाजिक अंकेक्षण के सदस्यों द्वारा संबंधित सभी अधिकारियों को जन समुदाय के बीच ही स्पष्टीकरण पूछा गया। इस अवसर पर डीपीओ चंद्र प्रकाश सिंह, बीडीओ उपेन्द्र कुमार सिंह, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अनिल कुमार दास सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

समकालीन में आठ गिरफ्तार

बसैटी (अररिया) : बौसी थाना अध्यक्ष टुनटुन पासवान के नेतृत्व में समकालीन अभियान के तहत सोमवार की रात्रि अलग-अलग कांड के आठ वारंटी को गिरफ्तार किया गया। जिसमें हत्या के आरोपी विजल ततमा, कुम्हरा गोपालपुर निवासी तथा सुहेल ततमा डुमरा निवासी को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। जबकि 6 अन्य को जमानतीय धारा रहने के कारण थाने से ही जमानत दे दी गई।

एसएसबी: एंटी नारकोटिक्स कार्यशाला संपन्न


अररिया : सशस्त्र सीमा बल की अररिया स्थित 28वीं बटालियन के मुख्यालय में मादक द्रव्यों की आवाजाही पर अंकुश लगाने को ले आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला मंगलवार को संपन्न हो गयी।
इस अवसर पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो पटना के अधीक्षक निर्भय सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को मादक द्रव्यों से जुड़ी आवश्यक बातों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस पर नियंत्रण के लिए न केवल आम लोगों को जागरूक बनाने की जरूरत है, बल्कि इस संबंध में सरकार द्वारा बनाये गये कानून के बारे में भी जानकारी होना जरूरी है।
कार्यशाला का उद्घाटन 28वीं बटालियन के सेनानायक के रंजीत ने किया। जबकि इसमें सहायक सेनानायक रवि खन्ना, डा. राजीव रंजन, तथा अनेंद्र मनी सिंह के अलावा 35वीं वाहिनी राजनगर, 14वीं वाहिनी जयनगर, 24वीं वाहिनी बथनाहा तथा 18वीं वाहिनी वीरपुर के कुल 26 अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

कर्मचारी संघ का चुनाव 21 अगस्त को


फारबिसगंज(अररिया) : अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी संघ की अनुमंडल शाखा की बैठक विद्यानंद पासवान की अध्यक्षता में सोमवार को स्थानीय मारवाड़ी अतिथि सदन में आयोजित की गयी। श्री पासवान संघ के अनुमंडल अध्यक्ष हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से संघ के अनुमंडल तथा प्रखंड स्तरीय चुनाव आगामी 21 अगस्त को कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि जिला सचिव अखिलेश्वर कुमार, रामानंद पासवान, सुभाष, मानिक चंद्र टुडु, जयकांत पासवान, राजेन्द्र पासवान, आनंदी राम, उपेंद्र सादा, ब्रजेश कुमार, धर्मदेव पासवान, नुनू लाल पासवान, दीपनारायण आदि उपस्थित थे।

जनसुविधाओं के अभाव में दुकानदार व ग्रामीण परेशान


बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के बसैटी हाट में शौचालय नहीं रहने के कारण दुकानदारों व ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि प्रत्येक वर्ष हाट से राजस्व के रूप में हजारों रूपये सरकार को प्राप्त होते हैं। परंतु प्रशासन इस ओर से लापरवाह बनी है। हटिया में चारों ओर गंदगी पसरी हुई है।
ग्रामीण मुन्ना स्वर्णकार मो. मोख्तार अंसारी, नरेश विश्वास आदि बाते हैं कि यहां प्रतिदिन कटुआ, करेला, दुर्गापुर, तमघट्टी, भवानी नगर, लकुनवा, जठा सहित दर्जनों गांव के हजारों लोग आवश्यक वस्तु की खरीददारी करने पहुंचते हैं। परंतु एक अदद शौचालय के अभाव में लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। खासकर महिलाओं पर तो मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ता है जब उन्हें शौच की जरूरत आन पड़ती है। यही नहीं हटिया पर चापाकल तक नहीं है। ग्रामीणों ने हाट पर पेयजल के लिए चापाकल की व्यवस्था करने तथा शौचालय बनवाने की मांग प्रशासन से की है।

अभाविप का हल्ला बोल रैली आज


अररिया : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय पर मौन तोड़ो हल्ला बोल रैली आयोजित की जायेगी। परिषद के जिला प्रमुख प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि 27 जुलाई को होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी। इस रैली में पूरे जिले से हजारों परिषद कार्यकर्ता भाग लेंगे।

मजदूरों की कमी से धान रोपनी प्रभावित

जोकीहाट (अररिया) : क्षेत्र से लगातार हो रहे मजदूरों के पलायन का कुप्रभाव अब यहां के खेती पर दिखना शुरू हो गया है। अब यहां के किसानों को अपना फसल लगाने व काटने के अलावा अन्य कार्यो के लिए मजदूर नहंी मिल रहे हैं। फिलहाल मजदूरों की कमी के कारण क्षेत्र में धान की रोपनी प्रभावित हो रही है। अनुकूल मौसम के बावजूद मजदूरों की कमी के कारण यहां समय पर धान रोपनी का काम नहीं हो पा रहा है। घर में ही रोजगार देने के उद्देश्य से चलायी गयी मनरेगा योजना प्रखंड क्षेत्र में अधिकारियों की उदासीनता व बिचौलियों की भेंट चढ़ गयी जिस कारण योजना का कार्यान्वयन यहां ठीक ढंग से नहीं हो पाया। फलत: मजदूर रोजी रोटी की तलाश में अन्य प्रांतों को कूच कर गये। ज्ञात हो कि यहां रोजगार का एक प्रमुख साधन आज भी खेती है। खेती के बल पर ही यहां के किसानों की गृहस्थी चलती है। क्षेत्र का मुख्य फसल धान, गेहूं और पटुवा है। इसी खेती के बल किसान अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से लेकर शादी एवं अन्य कार्य करते हैं। लेकिन उनकी यह खेती अब मजदूरों के अभाव के कारण मार खा रही है। केसर्रा, हरदार, सिसौना, दभड़ा, पथराबाड़ी, सिमरिया, काकन, बगडहरा आदि गांवों में मजदूरों की कमी के कारण धान की रोपनी गति नहीं पकड़ पायी है। एक किसान निजामुद्दीन बताते हैं- पहले गेहूं पत्थर में खतम भैलि। आब धान रोपनी में मजदूरी नै मिलै छै। जे मिलै छै त 150-250 तक मजदूर सीनी मांगे छै। किरंग के धान रोपनी हेतै अ पटुवा कटतै। यही हाल अन्य प्रखड क्षेत्रों में भी है।