Saturday, December 3, 2011

शिक्षक प्रमाणपत्र सत्यापन का मामला खटाई में


नरपतगंज (अररिया) : 2006-2008 के शिक्षक नियोजन में नरपतगंज प्रखंड में जाली अंक पत्र एवं प्रमाण पत्रों पर नियोजित शिक्षकों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नही होने से सरकार को लाखों का चूना लग रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 2006 के नियोजन में प्रखंड क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों ने जाली कागजात के सहारे नौकरी पा ली। कुछ दिन बाद मामला सामने आया। रामघाट पंचायत के एक पंचायत शिक्षक का प्रमाण पत्र जाली होने का मामला प्रकाश में आया। कार्रवाई करने से पहले ही उक्त शिक्षक ने पद से त्याग पत्र दे दिया। लेकिन इस घटना के पश्चात भी विभाग ने पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। तब से अब तक यह कहानी ओझल है। बताया जाता है कई जाली सर्टीफिकेट पर नौकरी पाए शिक्षक प्रधानाध्यापक तक बन बैठे है जो एमडीएम के साथ विद्यालय का भवन बना रहे है। वहीं जाली शारीरिक प्रशिक्षण शिक्षक विद्यालय में छात्रों को पीटी नही कराते देखे जा सकते हैं।
इधर प्रमाण पत्र पर बहाल शिक्षक लगातार रूप से मानदेय का उठाव कर सरकार का लाखों का चूना लगा रहे है। आखिर कब उठेगा धांधली से पर्दा और कौन करेगा इस पर कार्रवाई?

पिक अप वैन पलटने से गोंडा के युवक की मौत


पलासी (अररिया) : पलासी-झाला मुख्य पथ पर गुरुवार की देर रात्रि दिघली गांव के समीप एक पिकअप वैन के पलटने से उस पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि अन्य बच निकलकर भागने में सफल रहे। मृतक रवीन्द्र मिश्रा सा. बसंतपुर थाना वजीरगंज, जिला गोण्डा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। बताया जाता है कि वह किसी दूरसंचार कंपनी में तेल आपूर्ति करने का कार्य करता था।
इधर, सूचना पाकर पलासी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम हेतु अररिया भेज दिया है। इस बाबत थानाध्यक्ष आर बी सिंह ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Thursday, December 1, 2011

बरामदे पर चल रहा प्राथमिक विद्यालय

जोकीहाट (अररिया) : राज्य सरकार जहां विद्यालयों के आधारभूत ढांचों के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है बावजूद आज भी कई विद्यालयों को अपना भवन तक नसीब नहीं हो पाया है। प्रखंड क्षेत्र में कई विद्यालय निजी घरों एवं वृक्ष के नीचे संचालित हो रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय अझुवा धोबी टोला भी गांव के एक निजी बरामदे पर संचालित हो रहा है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रूक्मिणी देवी व सहायक शिक्षक शाहंशाह आलम ने बताया कि गांव में कोई भी जमींदार जमीन देना नहीं चाहते हैं। जिस कारण वर्ष 2007 में विद्यालय स्थापित होने के बावजूद अब तक वहां भवन नहीं नसीब हुआ है जिस कारण यहां के छात्र छात्राओं को सालों भर एक मात्र टीन के शेड के नीचे पढ़ना पड़ता है। इस संबंध में पूछने पर सिसौना के पूर्व मुखिया कौसर जिया ने बताया कि जमीन आवंटन के लिए जमींदारों से बात चल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा विभाग के पदाधिकारी आज तक जमीन उपलब्ध कराने के लिए कोई प्रयास नहीं किये हैं। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में छात्र छात्राओं का समुचित विकास असंभव दिख रहा है।

शांति समिति की बैठक


बसैटी: मोहर्रम पर्व को लेकर बौंसी थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता थानाध्यक्ष टुनटून पासवान ने की। थानाध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील की। इस मौके पर विमल किशोर सिंह, मो. जाबीर, मो. जाकिर, रूस्तम अली आदि उपस्थित थे।
उद्घाटन आज
बसैटी: रानीगंज प्रखंड के बसैटी गांव में प्राथमिक बुनकर सहयोग समिति के अध्यक्षों की बैठक हुई। जिसमें आइसीआइसीआइ लेबार्ड के जिला कोआर्डिनेटरनैयर आलम ने बताया कि बुनकरों को सरकार की ओर से मुफ्त चिकित्सा सुविधा डा. पीके सिंह हास्पिटल रोड अररिया द्वारा दी जायेगी। जिसका उद्घाटन शुक्रवार को होगा। गरीब बुनकरों को सुविधा के साथ साथ मुफ्त दवा, जांच मुहैया करायी जायेगी। मौके पर बुनकर अध्यक्ष नजेबुल हक, फजले अंसारी, मो. रउफ आलम, मो. इदरीश, मंसूर अंसारी, आकुब अंसारी, अकबर अली आदि मौजूद थे।

परिवार कल्याण आपरेशन की लाभुकों को मिले चेक

कुर्साकांटा (अररिया) : बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में बंध्याकरण कराने वाली सभी महिलाओं को गुरुवार को प्रखंड प्रमुख धनजीत सिंह के द्वारा 6 सौ रुपये का चेक प्रदान किया गया। बंध्याकरण कराने वाली ऐसे 35 महिलाओं को सरकार द्वारा दिये गये प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान करते हुए प्रमुख श्री सिंह ने जनसंख्या नियंत्रण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। मौके पर मो. शमशुल, रामराज साह, डा. राजेन्द्र कुमार, डा. ओपी मंडल, मदन पासवान, राजेन्द्र पासवान, हिमांशु झा आदि अनेक लोग उपस्थित थे।

सरपंच पद के लिए प्रचार जोरों पर

जोकीहाट : प्रखंड क्षेत्र के पथराबाड़ी पंचायत में आगामी चार दिसंबर को होने वाले सरपंच पद के उप चुनाव के लिए तीनों प्रत्याशियों ने अपने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोक दी है। चुनावी मैदान में पूर्व सरपंच हजरत अंसारी, प्रेम लाल सिंह एवं आशमां खातुन शामिल हैं। ग्रामीणों की माने तो चुनाव में दो प्रत्याशियों के बीच आमने सामने की टक्कर है लेकिन पंचायत के राजनीतिज्ञों के गणित के हिसाब से चुनाव त्रिकोणीय भी हो जाय तो ताज्जुब की बात नही होगी।

तीन दिवसीय विकलांग शिविर संपन्न

नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय में विगत तीन दिनों से चल रहे विकलांग शिविर का गुरुवार को समापन हो गया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर चल रहे इस तीन दिवसीय शिविर में प्रखंड के हजारों विकलांगों को जांचोपरांत डाक्टरों द्वारा सार्टिफिकेट दिया गया। बीडीओ जागो दास ने बताया इस शिविर में आये विकलांगों से नि:शक्ता पेंशन योजना का फार्म भी भराया गया। स्वास्थ्य प्रबंधक मो. सईद उज्जमा ने बताया आंगनबाड़ी सेविका द्वारा पोषक क्षेत्र के चयनित विकलांगों की जांच पंचायत वार कांउटर लगाकर पीएचसी प्रभारी डा. एम सिद्दीकी व हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. अतहर हुसैन, डा. शालिक आजम द्वारा की गई। इस मौके पर जिला सामाजिक सुरक्षा प्रभारी गोपाल प्रसाद, प्रमुख सुलोचना देवी, सीडीपीओ राजकुमारी देवी, उप्रमुख मनोज यादव, जीपीएस महेन्द्र शर्मा व संबंधित पंचायत के पंचायत सेवक सअनि जवाहर सिंह आदि मौजूद थे।

शांति समिति की बैठक


जोगबनी (अररिया) : मुहर्रम को ले जोगबनी परिसर में पुलिस निरीक्षक फिरोज अहमद की अध्यक्षता में गुरुवार को शांति समिति की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें मुहर्रम को शांतिपूर्वक मनाये जाने का निर्णय लिया गया।
शांति समिति की बैठक में समय पर जुलूस निकालने, शराब का प्रयोग वर्जित व शांति बनाये रखने की जवाबदेही अखाड़ा संचालक को देते हुए थानाध्यक्ष मो. जुल्फिकार ने कहा कि अगर अशांति या विधि व्यवस्था प्रभावित होगी तो अखाड़ा संचालक दोषी होंगे। ऐसी परिस्थिति में उन पर प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है। इसलिए विधि व्यवस्था अपने-अपने अखाड़ों बनाये रखने की जवाबदेही अखाड़ा संचालकों की है। बैठक में इसके अलावे जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती, मुहर्रम के अंतिम दो दिन शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित, तथा सड़क में बने गड्ढ़ों के भरने जैसे निर्णय लिये गये।
इस मौके पर अवर निरीक्षक पंकज कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अनवर राज, मो. अब्बास अंसारी, राजू राय, फिरोज अंसारी, संजय दूबे, डा. सफी, मनोज राय, लीला देवी, युसुफ काव्बाल सहित सभी अखाड़ा संचालक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

बिना कागज के दौड़ रही दिल्ली की दर्जनों गाड़ियां


अररिया  अररिया एवं आसपास के शहरों में बिना कागजात के दिल्ली व पंजाब नंबर की दर्जनों चौपहिया व दुपहिया गाड़ियां सरपट दौड़ रही हैं। इसका खुलासा अररिया के नये पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे के निर्देश पर चलाये जा रहे चेकिंग अभियान के बाद हुआ है।
चेकिंग अभियान के दौरान केवल नगर थाना पुलिस ने ही आधा दर्जन ऐसे बोलेरो, सूमो, आल्टो आदि वाहनों को जब्त किया है जो महीनों से शहर में बिना पेपर के सरपट दौड़ लगा रही थी। इनमें कुछ ऐसे भी चौपहिया वाहन हैं जिसमें बिहार के नंबर है और गाड़ी दिल्ली की। ये गाड़ियां बिना पेपर के दिल्ली से अररिया कैसे पहुंची इसकी तहकीकात पुलिस कर रही है।
वहीं, हाल के वर्षो में पुलिस ने कुछ ऐसे भी वाहन जब्त किये हैं जिसके आनर का खुलासा आज भी नही हो पाया है। नगर थाना पुलिस द्वारा करीब पांच वर्ष वर्मा सेल पेट्रोल पंप के निकट बिना नंबर की नई सेन्ट्रो कार लावारिस अवस्था में जब्त की गयी थी। यह गाड़ी कहां से और कैसे अररिया पहुंची इसका जवाब पुलिस आज तक नही खोज पायी।
ऐसे कई स्कार्पियो, बोलेरो वाहन नगर थाना में वर्षो से जंग खा रहे हैं। ऐसे वाहनों की जब्ती के बाद कुछ लोग पुलिस के समक्ष पेपर जल्द हीं ट्रांसफर करवाने की बात दोहराते हुये देखे गये लेकिन यह कहानी पुलिस के लिये नई नहीं है। पूर्व के पकड़ाए वाहन को मुक्त कराने के लिये लोग ऐसी ही दुहाई दे रहे थे। लेकिन आज भी उन गाड़ियों के कागजात पुलिस के पास नही पहुंची है। जब्त की गई गाड़ी में बोलेरो डीएलजीसीवाई 035, डीएल 3 सीएआई 0920 डब्लू बी 74 एम 0027 आदि शामिल है।

बंदी का नहीं दिखा असर

फारबिसगंज : भाजपा का भारत बंदी अभियान का फारबिसगंज में कोई असर नही दिखा। सड़कों पर न तो किसी पार्टी के कार्यकर्ता नजर आए और न हीं नेता। रोजाना की तरह बाजार अपने निर्धारित समय पर खुला। दुकानों में रौनक देखी गयी। मालूम हो कि खुदरा व्यवसायी में विदेशी निवेश को लेकर केन्द्र सरकार के विरोध में वामदलों के गुरुवार को भारत बंद अभियान का भाजपा ने समर्थन करते हुए बंद का आह्वान किया था।

फारबिसगंज: एड्स दिवस पर निकली जागरुकता रैली

फारबिसगंज (अररिया) : विश्व एड्स दिवस को लेकर गुरुवार को बिहार एड्स कंट्रोल सोसायटी टीआई फारबिसगंज में जागरूकता रैली निकाली गई। रैलीे टी आई आफिस से होते हुए अपने निर्धारित स्थल पर जाकर संपन्न हुआ। फारबिसगंज, जोगबनी खवासपुर में स्टाल लगाकर मुफ्त कंडोम का वितरण किया। इस मौके पर एडस के प्रति लोगों को जागरूक करने को लेकर गगनभेदी नारे भी लगाये गये। रैली का नेतृत्व टीआई के प्रोग्राम डायरेक्टर अरुण कुमार सिंह कर रहे थे। इधर पंडित रामदेनी तिवारी 'द्विजदेनी' चेतना समिति द्वारा स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर में विश्व एड्स दिवस पर 'एड्स -कारण और बचाव' विषय पर जनजागरण का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने अपने घर परिवार से दूर रोजी-रोटी कमाने वाले भाईयों को एड्स से सावधान रहने की अपील की। इस मौके पर संस्था सचिव मनोज तिवारी, राकेश देव, बबलू चक्रवती, कुंदन यादव, अविनाश गुड्डू, संतोष उपाध्याय आदि मौजूद थे।

Tuesday, November 29, 2011

नीमहकीमों का कॉल बन रहा मरीजों का काल


अररिया : अररिया जिले के गांवों में सबको स्वास्थ्य सेवा की सरकारी घोषणा के बावजूद आम जन के स्वास्थ्य पर अब भी अनपढ़ नीम हकीमों का ही कब्जा है।
किसी गांव में मोटर साइकिल की डिक्की में सैलाइन लादे, आला व प्रेसर मशीन लिए कई क्वैक सड़क पर मिल जायेंगे। '.. भैया, कॉल पर जा रहे हैं।' लेकिन, क्या पता यह कॉल कितनों के लिए काल बनकर आ जाता है। पानी घट गया तो इनमें से कुछ लोग चापाकल का पानी भी चढ़ा देते हैं।
जानकारों की मानें तो इस जिले में पांच सौ से अधिक क्वैक कार्यरत हैं। इनमें से कुछ तो इतने ढीठ हैं कि बाकायदा अपना बोर्ड लगाकर मोटी फीस लेने के बाद ही मरीजों को देखते हैं। वहीं, ग्रामीण इलाके में दवा की दुकान चलाने वाले कई लोग भी खुलेआम क्वैक का धंधा चला रहे हैं।
हालांकि जानकार मानते हैं कि ग्रामीण अस्पतालों की दुर्दशा क्वैक डाक्टरों के पनपने का प्रमुख कारण है। जिले के अधिकांश ग्रामीण अस्पताल नाकारा बने हुए हैं। इनमें न तो कोई चिकित्सक जाता है और न ही कोई स्वास्थ्यकर्मी। ग्रामीण बताते हैं कि पल्स पोलियो के दिन को छोड़कर स्वास्थ्य कर्मियों के दर्शन संयोग से ही होते हैं। कुर्साकाटा मार्ग पर प्रखंड मुख्यालय से छह सात किमी पहले अवस्थित है सोनापुर स्वास्थ्य उपकेंद्र। सड़क किनारे होने के बावजूद इस अस्पताल की छत पर पटुआ सुखाया जाता है तथा कैंपस में मवेशी बंधे रहते हैं। दर्जनों ग्रामीण अस्पताल 'लापता' हैं। ये केवल कागजों में ही हैं। गीतवास जिले का एक प्रमुख बाजार है। यहां एक एडिशनल पीएचसी है। लेकिन वर्षो से इसका ताला नहीं खुला। तारावाड़ी स्थित एडिशनल पीएचसी, खमगड़ा स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र, रामपुर के स्वास्थ्य उपकेंद्र सहित सौ से अधिक अस्पताल केवल कागजों में ही चलते हैं। प्रशासन द्वारा क्वैकरी पर नियंत्रण के उपाय अब तक नहीं दिखे। सीएस डा. हुस्न आरा वहाज कहती हैं कि क्वैकरी पर नियंत्रण पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयासरत है। इसके लिए टीम का गठन कर दिया गया है।

पैंतीस दिनों से बंद हैं प्रखंड के तीन प्राथमिक विद्यालय


कुर्साकाटा(अररिया) : प्रखंड के कमलदाहा पंचायत के तीन प्राथमिक विद्यालय विगत पैंतीस दिनों से बंद पड़े हैं। स्कूल भवन में ताला लटका है तथा पढ़ाई बिल्कुल बंद है। इससे पोषक क्षेत्र के अभिभावकों में आक्रोश व्याप्त है। ये विद्यालय हैं प्राथमिक विद्यालय बखरी मिलीक टोला, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय यादव टोला, प्रा.वि. पोखरभिंडा कमलदाहा।
ज्ञात हो कि अक्टूबर माह में जिला शिक्षा अपीलीय प्राधिकार द्वारा नियोजन इकाई द्वारा अनियमितता उजागर होने पर इन विद्यालयो के शिक्षकों को कार्य मुक्त कर दिया गया था। प्राथमिक विद्यालय बखरी मल्लिक टोला में चार, प्रा.वि. यादव टोला और पोखरभिंडा कमलदाहा में कार्यरत दो दो शिक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया गया।
इस बाबत बीईओ रामदयाल शर्मा ने बताया कि संबंधित पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव को प्रतिनियोजन संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। परंतु पंचायत सचिव बंमदनेश्वर सिंह ने बताया कि प्रा.वि. कमलदाहा में शिक्षक की पूर्व से कमी है जिसके कारण प्रतिनियोजन में कठिनाई एवं परेशानी हो रही है। मध्य विद्यालय से शिक्षकों को बीईओ के माध्यम से ही प्रतिनियोजित किये जा सकते है। इधर विद्यालय बंद रहने से छात्र छात्राओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।www.arariatimes.com

2263 लोगों को मिला भूमि नामांतरण शुद्धि-पत्र


रानीगंज(अररिया) : प्रखंड परिसर में सुशासन विकास शिविर का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न योजनाओं का लाभ सामूहिक रूप से लाभार्थियों को दिया गया। अंचल कार्यालय से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार शिविर लगातार तीन दिनों तक चलेगा। शिविर में लोक सेवा अधिकार अधिनियम के तहत भूमि नामांतरण के लिए प्राप्त 2634 आवेदन के विरुद्ध 2263 लोगों को शुद्धि-पत्र निर्गत किया गया। अंचलाधिकारी राम विलास झा ने बताया कि आवेदन प्रक्रियाधीन है। भूमि अधिकार प्रमाण-पत्र (एलपीसी) के लिए प्राप्त 1676 आवेदनों में से 1673 को प्रमाण पत्र निर्गत किया गया जबकि 03 प्रक्रियाधीन है। उसी प्रकार निवास प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त 2836 आवेदनों में से 2824 निर्गत किए गये। आय प्रमाण पत्र के लिए 900 में से 893 निर्गत किए गए जबकि जाति के लिए 1026 में से 1019 को प्रमाण पत्र निर्गत किए गए हैं।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ललन ऋषिदेव से मिली जानकारी के अनुसार मुख्य मंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 592 लाभुकों को योजना का लाभ शिविर में देने का लक्ष्य है। वहीं महादलित पोशाक योजना के तहत 3598 लाभुकों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। पूरे प्रखंड में प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को मिलने वाली छात्रवृति योजना के तहत 17 लाख 06 हजार 860 रुपये की राशि वितरित की जायेगी। बीडीओ श्री ऋषिदेव ने बताया कि आवंटित राशि को देखते हुए छात्रवृति का लाभ उन्हीं छात्रों को दिया गया है जिनकी उपस्थिति विद्यालय में 70 प्रतिशत से अधिक है।

महलगांव थाना आज भी सुविधा विहीन

जोकीहाट (अररिया) : सरकार जहां पुलिस व थाने के आधुनिकीकरण में लगी है वहीं महलगांव थाना आज भी संसाधनों के अभाव में सुविधा हीन पड़ी है। दो छोटे-छोटे कमरों में कार्यालय, शस्त्रागार, रसोई व अन्य व्यवस्थाएं निष्पादित होती है। बरामदे पर खाना बना रहे एक चौकीदार से जब पूछा गया यहां खाना क्यों बनाते हैं? तो उन्होंने बताया भैया यहां खाना नही बनाएंगे तो कहां बनाएंगे? कोई जगह हीं नही है। महलगांव थाने में हाजत, मालखाना, महिला कैदी के लिए हाजत सहित अन्य बुनियादी सुविधा तक नही है। पूछने पर थानाध्यक्ष मनु प्रसाद ने बताया किसी तरह काम निकल जाता है। गौर करने वाली बात ये है कि जवानों के अस्त्र-शस्त्र भी रखने की भी कोई व्यवस्था नही है। ऐसे हालात में पुलिस खुद की हिफाजत करें या लोगों की?

विद्युत आपूर्ति प्रभावित, उपभोक्ता परेशान

फारबिसगंज (अररिया) : बिजली की समस्याओं के बीच फिर एक बार प्रभावित विद्युत आपूर्ति के कारण शहर में ज्यादातर समय विद्युत आपूर्ति बंद रहती है जहां एक माह पूर्व तक सामान्य रूप से बेहतर बिजली जिले वासियों को मिल रहा था। वहीं पिछले कुछ दिनों से जिले को मात्र 12 से 13 घंटे ही बिजली मिल पा रही हैं कारण ज्यादातर समय जिला के नगरीय सहित ग्रामीण इलाकों को अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि सेंट्रल तथा राज्य विद्युत उत्पादन केन्द्रों पर कम बिजली उत्पादन के कारण विद्युत आपूर्ति में कटौती सीएलडी से किया गया। फारबिसगंज ग्रिड से मात्र 12 से 13 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इधर आपूर्ति कम होने से उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत आपूर्ति का प्रभाव उद्योग व्यवसाय पर भी प्रतिकुल प्रभाव डाल रही है। विद्युत आपूर्ति की स्थिति कब तक सुधर पायेगी यह अधिकारी भी नही बता पा रहे है। इधर फारबिसगंज सब विद्युत स्टेशन के विद्युत एसडीओ रतिकांत ने विद्युत स्टेशन के विद्युत आपूर्ति कम मिलने की बात बतायी। उन्होंने कहा कि इस बाबत वरीय अधिकारियों को आपूर्ति की जानकारी दी जाती है। कहा की ग्रिड से जितना उन्हें विद्युत मिलता है, उसे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाता है। आपूर्ति के सुधार के सवाल पर उन्होंने अनिश्चितता जाहिर की।

पीडीएस व एमडीएम गड़बड़ी के खिलाफ चलेगा अभियान

अररिया : अगर कोई डीलर अनाज व तेल का नियमित उठाव व वितरण नही कर रहे हैं तथा गरीब उपभोक्ताओं से अधिक राशि लेकर कम अनाज दे रहे हैं तो उनकी खैर नहीं। जिला प्रशासन का आपरेशन जांच अभियान दिसंबर माह में पीडीएस के लिए ही चलाया जायेगा। इस बात का संकेत जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दिया। उन्होंने कहा है कि दिसंबर माह में पीडीएस के अतिरिक्त एमडीएम की व्यवस्था को दुरुस्त किया जायेगा। लेकिन इससे पूर्व डीएम ने एमडीएम प्रभारी को योजना संचालन में व्याप्त समस्या, गड़बड़ी को चिन्हित करने का निर्देश दिया। पीडीएस जांच के संबंध में डीएम श्री सरवणन ने कहा कि जांच फारबिसगंज अनुमंडल के प्रखंडों से शुरू किया जायेगा। एक साथ अधिकारियों की टीम गांव-गांव जाकर जविप्र दुकान की जांच करेगी तथा वहां देखरेख में खाद्यान्न वितरण कराया जायेगा। डीएम ने यह भी बताया कि इस दौरान अधिकारी गांव के लोगों से समस्या संबंधी शिकायतें भी प्राप्त करेंगे। शुक्रवार को बैठक में डीएम ने प्रखंड मुख्यालय में आयोजित होने वाले सुशासन विकास शिविर की तैयारियों की समीक्षा भी की। इस दौरान उन्होंने शिविर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, डीसी बिल आदि का भी निपटारा करने का निर्देश दिया। डीएम ने बैठक में स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में सांसद मद की योजना, बीआरजीएफ योजना तथा विगत तीन वर्षो में नगर निकायों के विकास कार्यो की जांच करायी जायेगी। इस मौके पर एसडीओ डा. विनोद कुमार, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

उर्वरकों की बढ़ी कीमत से किसान परेशान


रेणुग्राम (अररिया) : बाढ़ एवं सुखाड़ से पीड़ित किसानों के समक्ष रबी फसल की बुआई के समय उर्वरकों को बढ़ती कीमत एवं खाद की किल्लत की समस्या बन गई है। ज्ञातव्य हो कि आए दिन डीएपी यूरिया, अल्यु-मिनियम सल्फेट आदि उर्वरक में उछाल से किसान हतोत्साहित एवं परेशान है।
किसानों के समक्ष समस्या है फसल का उचित मूल्य नही मिलना। लागत मूल्य भी वर्तमान खेती से किसानों को नहीं मिल पा रहा है। एक तो पहले बाढ़ ने धान एवं पाट को फसल को नष्ट कर दिया और बाद में भारी बारिश से भी फसल को नुकसान पहुंचा और धान की उपजे भी हो गई। वर्तमान रबी फसल की बुआई अगर सही समय पर नही हुआ तो किसानों के समक्ष गंभीर समस्या उत्पन्न हो जायेगी। पहले के फसल क्षति की क्षति पूर्ति आज तक सरकार द्वारा नही की गई है। जबकि किसान आर्थिक तंगी से गुजरने पर विवश है। उस पर रबी फसल के समय खाद-बीज सस्ते दर मुहैय्या नही कराया जाना किसानों के लिए सिर दर्द बना है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में कोई दमदार संगठन नही होने के कारण इसकी आवाज कोई सुनने वाला नही है।

छेड़खानी का आरोप


अररिया: शहर के एक चिकित्सक डा. एस झा पर नाजीया प्रवीण नामक महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज प्राथमिकी में ईस्लामनगर की पीड़िता प्रवीण ने कहा कि मंगलवार को वह चेकअप के लिए चिकित्सक के पास गई थी। चेकअप के दौरान चिकित्सक ने उसके साथ छेड़छाड़ किया। पुलिस मामले की सच्चाई टटोलने में लगी है तथा तहकीकात में जुट गई है।
वृद्ध की मौत,शोक
अररिया: नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहिका टोला वार्ड नं. 17 में 65 वर्षीय राम जी झा की मौत मंगलवार को हो गयी। उनकी मौत से मोहल्ले वासियों में जहां शोक व्याप्त है वहीं श्री झा की मौत को लोग संदिग्ध मान रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कोई दबंग उनकी जमीन व मकान हड़पना चाहते थे। उनकी मौत के बाद कुछ लोगों ने वहां एक व्यक्ति से मारपीट भी की है। बाद में पुलिस ने वहां पहुंचकर मामले को शांत किया तथा जांच में जुट गई है।

बच्ची की खोज में अररिया पहुंची यूपी पुलिस


अररिया : छह वर्षीय मासूम अन्नू की खोज में मबाना (उत्तर प्रदेश) की पुलिस मंगलवार को अररिया पहुंची। यूपी पुलिस अन्नू एवं उसे बहलाकर लाने वाली मधु की तलाश में यहां आयी थी। मधु की खोज में पुलिस हरियाबाड़ा के वार्ड संख्या 12 पहुंची, जहां उसकी कोई अता-पता नहीं चल सका।
यूपी पुलिस के संग आये अन्नू के मामा पवनीश पाल ने बताया कि हरनी व सोनी के कहने पर तीन माह पूर्व उन्होंने मधु (16 वर्ष)को अपने घर में काम करने के लिए रखा था। परन्तु वह जुलाई माह में अन्नु को लेकर घर से फरार हो गयी। हेड काउंस्टेबल रामदास ने बताया कि अन्नु के मामा ने 8 जुलाई 11 को मबाना थाना (मेरठ जनपद)में प्राथमिकी दर्ज करायी, जिसमें मधु, सोनी, व हरनी को नामजद अभियुक्त बनाया। यूपी पुलिस के जवान रामदास ने बताया कि हड़ियाबाड़ा में सरपंच के माध्यम से मधु की जब खोजबीन की गयी तो इस नाम के कोई भी लड़की हड़ियाबाड़ा पंचायत के वार्ड नंबर 12 में नहीं थी। इस संबंध में यूपी पुलिस के जवान ने नगर थाना को भी सूचना दी है।

प्रतिवर्ष घट रही खेती योग्य भूमि का रकवा


पलासी (अररिया) : प्रखंड का पिपरा विजवार पंचायत आजादी के 64 वर्ष पश्चात भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। बकरा नदी पंचायत को दो भागों में विभक्त करती है। विनाशकारी बकरा नदी के बाढ़ व कटाव से प्रतिवर्ष खेती युक्त भूमि का रकवा घटता जा रहा है। अत्यंत पिछड़ी जाति बहुल इस पंचायत की बाढ़, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क, बेरोजगारी आदि मुख्य समस्या है।
बकरा नदी के बाढ़ से निजात हेतु अब तक कोई ठोस पहल नही किया जा सका है। वर्षात के मौसम में पंचायत टापू में तब्दील हो जाता है। खासकर बकरा नदी के पश्चिम भाग वाले लोगों का नाव ही सहारा होता है। शिक्षा के मामले में पंचायत को अबतक प्राथमिक व मध्य वि. (9) ही उपलब्ध है। उच्च शिक्षा हेतु पंचायत के छात्रों को पलासी व कलियागंज जाना पड़ता है। स्वास्थ्य व्यवस्था नगण्य है। पेयजल के रूप में लोग चापाकल के आयरन युक्त जल पीने को विवश हैं। इस बाबत स्थानीय कामेश्वर सरदार, बलराम यादव, बौकाई ऋषिदेव आदि ने बताया कि लौह युक्त जल पीने से लोग पेट संबंधी बीमारियों से ग्रसित रहते हैं। बिजली के मामलों में कहीं-कहीं बिजली के पोल के दर्शन अवश्य हो जाते हैं। पंचायत की अधिकांश सड़कें बाढ़ व कटाव के कारण जर्जर स्थिति में है। यहां की मुख्य फसले धान, गेहूं, पाट है। किंतु बाढ़ के कारण धान की फसलों को व्यापक नुकसान होता है। रोजगार के अभाव में पंचायत की अधिकांश आबादी अन्य राज्यों की ओर पलायन कर जाती है। जनप्रतिनिधियों ने भी आजतक उक्त समस्याओं के निजात के लिए केवल आश्वासन ही दिया है। स्थानीय लोगों ने सुशासन के मुखिया से उक्त समास्याओं के स्थायी समाधान हेतु ठोस पहल की मांग की है।

हर हथकंडा अपना रहे प्रत्याशी


नरपतगंज: प्रखंड अंतर्गत पोसदाहा पंचायत में मुखिया पद के लिए हो रहे उपचुनाव में प्रत्याशी पूरी जोर आजमाइश में लग गए हैं। मैदान में 16 प्रत्याशी अपनी अपनी जीत के लिए हर हरथकंडे अपना रहे हैं। जिससे यहां शांति पूर्ण चुनाव को लेकर भी प्रशासन को पैनी नजर रखनी होगी है।

हाट में पेयजल की सुविधा नहीं
भरगामा: सरकारी राजस्व वाली हाट खजुरी में विभाग अथवा प्रशासन द्वारा पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं किए जाने से व्यवसायी और आम लोगों को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। आम लोग दुकान व किसी व्यवसाई के घर पहुंच अपनी प्यास बुझाने को विवश हैं। लोगों ने इस समस्या पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुये समस्या निस्पादन की गुहार लगाई है।

स्वास्थ्य कर्मियों की बैठक
पलासी: प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी में मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों की विशेष बैठक आहुत की गयी। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने की। मौके पर डा. एपी सिंह, डा. इकबाल हुसैन, डा. श्रीकांत, डा. साबिर, मो. खतीब अहमद आदि चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे। बैठक में मुख्य रूप से एमडीआर ग्रामीण स्वच्छता अभियान, आगामी 7 दिसंबर से होने वाले विकलांग शिविर, हेपटाइटिस बी के टीकाकरण संबंधी विभिन्न मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी।

टेलीफोन सेवा ठप
भरगामा: केबुल कट जाने से भरगामा में टेलीफोन सेवा पिछले करीब एक सप्ताह से पूर्णरुपेन ठप है। जबकि इस पिछड़े प्रखंड में टेलीफोन के माध्यम से लोग अन्यत्र रह रहे अपनों का हालचाल जान कर संतोष करते हैं। टेलीफोन उपभोक्ताओं ने इस ओर विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए निदान करने की मांग की है।

जीर्णोद्धार की मांग
भरगामा: खजुरी से मंगलवार चरैया जाने वाली सड़क की स्थिति जर्जर होने से आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढे में तब्दील इस सड़क के जीर्णोद्धार की मांग लोगों ने प्रशासन से की है। मालूम हो कि वीरनगर, विषहरिया, धनेश्वरी, हरिपुर कला समेत कम से कम दस पंचायतों को जोड़ने वाली यह एकलौता सड़क है जो फिलवक्त जर्जर हालत में है।

पोल व तार बनी शोभा की वस्तु
भरगामा: राजीव गांधी ग्रामीण विद्युती करण योजना भरगामा प्रखंड में शोभा की वस्तु बनकर रह गई है। ताम झाम के साथ क्षेत्र को रोशन करने के उद्देश्य से कई पंचायतों में योजना मद से पोल गाड़े गए हैं व तार भी लगाए गए किंतु यह महज शोभा की सामग्री बनकर रह गई है।

बालश्रम रोकने को ले पंचायत स्तरीय कमेटी गठित

सिकटी(अररिया) : श्रम परिवर्तन पदाधिकारी के नेतृत्व में मंगलवार को सिकटी प्रखंड में एक बैठक आयोजित की गयी, जिसमें बाल श्रम रोकने को लेकर प्रखंड व पंचायत स्तर पर एक कमेटी का गठन किया गया है। बैठक में प्रखंड प्रमुख को अध्यक्ष तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी को सचिव मनोनीत किया गया है। इसी तरह पंचायत में मुखिया को अध्यक्ष व पंचायत सचिव को सचिव मनोनीत किया गया। बीडीओ केके सिन्हा ने बताया कि बाल श्रम रोकने को लेकर श्रम विभाग के साथ मिलकर एक अभियान चलाया जायेगा। वहीं मुक्त बाल श्रमिकों को पुनर्वास कराया जाएगा। बाल श्रमिकों के पुनर्वास को लेकर नियोजक से ही बीस हजार रुपये वसूल की जायेगी। दुकान, गैरेज, होटल व चिमनी भट्ठा पर छापेमारी की जायेगी तथा वहां काम कर रहे बाल श्रमिकों को मुक्त कराया जायेगा। मौके पर प्रवर्तन पदाधिकारी कृष्ण मोहन मिश्र, बीडीओ केके मिश्रा, मुखिया प्रतिनिधि बब्बन झा, मुखिया शिवशंकर मांझी आदि उपस्थित थे।

विकलांगों की बढ़ रही संख्या बज रही खतरे की घंटी



कुर्साकांटा (अररिया) : विकलांगों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से सरकार उन्हें व्हील चेयर, वैशाखी, श्रवण यंत्र आदि संसाधन उपलब्ध करा रही है परंतु प्रत्येक वर्ष विकलांगों की संख्या में हो रही वृद्धि को रोकने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाये जा रहे हैं। जबकि विशेषज्ञों की मानें तो आयोडीन व पोषक तत्वों के कारण यहां विकलांगों की फौज तैयार हो रही है। गरीबी और अशिक्षा के कारण इलाके के लोग आयोडीन नमक के महत्व को नहीं समझ पा रहे हैं। फलस्वरूप अपंगता के बीज कोख में ही पड़ जाते हैं। प्रखंड मुख्यालय में प्रमाण पत्र के लिए आयोजित शिविर में विकलांगों की भारी भीड़ देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि विगत कुछ वर्षो में विकलांगों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। गर्भवती महिलाओं के लिए चलायी जाने वाली जननी बाल सुरक्षा योजना एवं आईसीडीएस प्रोग्राम यहां जमीनी स्तर पर कारगर साबित नहीं हो रहे हैं। गर्भवती महिलाओं को आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध नहीं हो पाती है। ऐसे में पोषक तत्व एवं उचित चिकित्सीय देख-रेख के अभाव में नवजात को विकलांग होने का खतरा बढ़ जाता है। प्रखंड के पहुंसी, कुआड़ी, जागीर परासी, रहटमीना, लक्ष्मीपुर आदि गांव विकलांगों से भरे पड़े है। जिसमें नवजात बच्चे, बढे़-बुढ़े और महिलाएं शामिल हैं। कई गांव के एक ही परिवार में कई विकलांग देखने को मिल रहे हैं। आज भी बाजारों में आयोडीन रहित नमक बिक रहे हैं। इसके लिए आवश्यक है लोगों को जागरूक करने की। विकलांगों की संख्या वृद्धि का अनुपात यही रहा तो जल्द ही इलाका विकलांग क्षेत्र के रूप में प्रसिद्ध होगा।

चोरी गई हजारों का रेलवे सामान बरामद


नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज थाना क्षेत्र के मधुरा पश्चिम पंचायत के साहेबगंज गांव में नवीन मंडल के घर सोमवार की रात्रि की गयी छापेमारी में रेलवे की चोरी गई हजारों की संपत्ति बरामद हुई है। हालांकि आरोपी नवीन मंडल फरार होने में सफल हो गया।
ज्ञात हो कि फारबिसगंज-सहरसा रेलवे का बड़ी लाइन अमान परिवर्तन का काम चल रहा है। इस निर्माणाधीन रेलवे लाइन पर सुरसर नदी पर पुल निर्माण हेतु समान गिराया गया है। लेकिन विगत दिनों वहां से कई सामान चोरी हो गये। इस संबंध में उक्त साईड के इंचार्ज पंकज कुमार ने नरपतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अ.नि. आईडी पासवान एवं विजय कुमार साह ने छापेमारी कर नवीन मंडल के घर से ब्रसींग, सरिया का चाली, एंगिल-व छह क्विंटल लोहे का सरिया आदि बरामद करने में सफलता पाई है।

डीजल अनुदान नहीं मिलने से आक्रोश

भरगामा: खरीफ फसल धान के पटवन हेतु सरकार द्वारा घोषित डीजल सब्सीडी कतिपय कारणों से प्रखंड के किसानों को नहीं मिल पाया है, जिस कारण प्रखंड के किसान आक्रोशित हैं। किसानों ने कहा है कि डीजल सब्सीडी, धान के पटवन के समय ही दिया जाना था जो अबतक नही दिया जा सका है। जबकि धान तैयार होकर किसानों के घर भी पहुंच चुका है। किसानों ने त्वरित निदान नहीं किये जाने की स्थिति में आंदोलन छेड़ने की धमकी दी है।

धान क्रय केंद्र खोले जाने की माग

भरगामा: भरगामा प्रखंड में धान क्रय केन्द्र नहीं खोले जाने से किसानों में रोष की स्थिति बनी हुई है। किसानों ने बड़ी लागत लगाकर धान की उपज तो कर ली, किंतु खले बाजार में भाव नही रहने से उनका लागत मूल्य भी उपर नहीं हो पा रहा है जिससे आगे गेंहू, मक्का व अन्य खेती प्रभावित हो रही है। अरविंद यादव, भुवनेश्वरी प्रसाद, उदय कुमार यादव, राजेश कुमार गुप्ता व अन्य ने प्रशासन से समस्या निष्पादन हेतु धान क्रय केन्द्र खोले जाने की मांग की है।

विधायक ने तलाशी क्षेत्र की समस्याएं


पलासी (अररिया) : जोकीहाट के विधायक सरफराज आलम ने सोमवार को पलासी प्रखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर लोगों से मिलकर उनसे क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।
इस क्रम में विधायक श्री आलम ने डेंगा, पकरी, डाला, मजलिसपुर, भटवार आदि गांवों का भ्रमण किया। साथ ही क्षेत्र में विकास की गति को तेज करने का भरोसा दिया। जिसमें शीघ्र बिजली व्यवस्था बहाल करने, पुल-पुलिया व शेष कच्ची सड़कों के पक्की करण कराने की बात कही। मौके पर विश्वनाथ चौधरी, मुखिया सुनील कुमार मंडल आदि मौजूद थे।

विधायक ने किया विद्यालय का औचक निरीक्षण


बसैटी (अररिया) : विधायक परमानन्द ऋषिदेव ने रानीगंज प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। कन्या मध्य विद्यालय गुणवंती में विद्यालय की कुव्यवस्था देख वे भड़क उठे। उन्होंने प्रधानाध्यापक महेन्द्र प्रसाद सिंह को फटकार लगायी तथा विद्यालय से ही दूरभाष पर एसडीओ डा. विनोद कुमार को विद्यालय की अराजक स्थिति से अवगत कराया।
विधायक ने बताया कि 11.30 बजे तक बच्चों के उपस्थिति पंजी उपस्थिति अंकित नही की गई थी। ग्रामीणों से उन्हें शिकायत मिली के मध्याह्न भोजन में जमकर बंदरबांट की जाती है। इसलिए बच्चों कि उपस्थिति शाम में बनायी जाती है। उन्होंने बताया कि किचन शेड के लिए उठाव कर लिया गया परंतु क्लास में खाना पकाया जाता है। विद्यालय परिसर में गंदगी तथा कक्षा रूम था बच्चों से मिलने के बाद प्रधानाध्यापक को कई निर्देश दिए।
श्री ऋषिदेव ने इसके बाद प्रा. वि. गुणवंती का निरीक्षण भी किया।
इधर प्रधानाध्यापक महेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि शिक्षकों के कमी व कक्षा रूम के अभाव के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है। इस मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष ओम प्रकाश, संजय झा, भाजपा नेता सितेश ठाकुर आदि उपस्थित थे।

प्रावि अझुवा में एमडीएम बंद,भवन भी अधूरा

जोकीहाट (अररिया) : बीआरसी भवन जोकीहाट से महज दो किमी की दूरी पर स्थित मटियारी पंचायत का प्राथमिक विद्यालय अझुवा बड़हवा टोला में एमडीएम अधिकतर बंद ही रहता है। एमडीएम व पठन-पाठन प्रधानाध्यापक मो. सवीक की मर्जी पर चलता है। मंगलवार को लगभग दो बजे, विद्यालय बंद होने पर ग्रामीणों में इस्माइल, आशिक एलाही, अलीमुद्दीन, रिजवान, इरशाद, एमलाख आदि ने बताया कि यह रोज का माजारा है। एमडीएम के नाम पर प्रधानाध्यापक कभी-कभी छात्रों को बिस्कुट बांट देते हैं। पठन-पाठन के नाम पर खानापूर्ति होती है। इस संबंध में बीईओ गयासुद्दीन अंसारी ने बताया कि मामले की जांच दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई होगी। ग्रामीणों ने बताया कि 2007 से ही विद्यालय भवन बन रहा है लेकिन अबतक अधूरा पड़ा है। बच्चे जमीन पर बैठकर पठन-पाठन करते हैं। भवन निर्माण नही होने से ग्रामीण आक्रोशित हैं तथा विद्यालय के विधि-व्यवस्था में गड़बड़ी की जांच वरीय पदाधिकारी से कराने की मांग की है।

किसानों को मिली जानकारी


फारबिसगंज : प्रखंड के बथनाहा तथा अमौना पंचायत में मंगलवार को कृषि विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ मृत्युंजय सिंह द्वारा किसानों को श्री विधि तकनीक, जीरो टीलेज तथा बीजोपचार विधि की जानकारी दी गई। वारंटी पकड़ाया
रेणुग्राम: सिमराहा थाना पुलिस ने कांड संख्या 533/11 के नामजद आरोपी मझुआ निवासी सुनील ठाकुर को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।
चार मवेशियों की चोरी
रेणुग्राम: सिमराहा थानाक्षेत्र के बोकरा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने मो. मसीक तथा मो. वसीक की चार मवेशिया चुरा ली। इसमें एक दुधारु भैंस, एक बाछा तथा दो बैल शामिल है। घटना की सूचना थाना को दे दी गयी है।

हाजिरी प्रशिक्षण स्थल पर, काम डीइओ आफिस में


अररिया : माध्यमिक शिक्षा निदेशक के निर्देश पर ग‌र्ल्स हाई स्कूल अररिया में रविवार से शुरू पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में शिक्षकों को पूर्ण सुविधा नहीं दी जा रही है। मंगलवार को कुछ शिक्षकों ने घटिया भोजन देने की बात कही। साथ हीं कुछ शिक्षकों ने कहा कि ठंडा के मौसम में रात के लिए कंबल व रजाई की व्यवस्था नदारद है। हालांकि प्रशिक्षण स्थल पर मौजूद साधन सेवी शिक्षकों ने इन सब बातों को गलत बताया है। परंतु उन्होंने यह स्वीकार किया कि निर्देश के अनुसार रात्रि के लिए चौकी देना था जो नहीं दिया गया। आवासीय प्रशिक्षण में शिक्षकों को जमीन पर बिठाकर विज्ञान माड्यूल की जानकारी दी जा रही है।
सूत्रों की माने तो आवासीय प्रशिक्षण होने के बाद भी रात्रि में अधिकांश शिक्षक घर चले जाते हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि प्रशिक्षण के लिए नामित शिक्षक वहां सिर्फ हाजिरी बना रहे हैं पर काम डीइओ आफिस में कर रहे हैं।
प्रोजेक्ट बालिका उवि बरदाहा के प्रभारी एचएम मो. अमीनुद्दीन प्रशिक्षण प्राप्त न कर पुस्तकालय अध्यक्ष के नियोजन का काम डीइओ कार्यालय में कर रहे हैं। उनका कहना है कि डीईओ साहब द्वारा मुझे नियोजन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। पर सवाल यह उठता है कि बिना प्रशिक्षण प्राप्त किये उक्त शिक्षक छात्रों के बीच किस तरह का ज्ञान बांटेंगे।

ट्रक की ठोकर से महिला समेत तीन जख्मी


फारबिसगंज (अररिया) : नरपतगंज-फारबिसगंज सड़क मार्ग पर झिंगली चौक के समीप मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक की ठोकर से मोटर साइकिल पर सवार एक महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गये। वहीं एक माह का बच्चा बाल-बाल बच गया।
घायलों को ग्रामीणों के सहयोग से रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां घायलों का इलाज जारी है। घायलों में रामघाट गांव के तफजल, सहरूना बेगम, तथा सज्जाद शामिल है। दुर्घटना के संदर्भ में घायल सज्जाद ने बताया कि वे लोग अपनी मोटरसाइकिल से फारबिसगंज आ रहे थे, इसी क्रम में झिंगली चौक के निकट तेज रफ्तार से गिट्टी लदा ट्रक ठोकर मारकर फरार हो गयी।

महिला के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

अररिया : नगर थाना क्षेत्र के कोदरकट्टी गांव मं सोमवार को 40 वर्षीय विवाहिता बतुलिया देवी (काल्पनिक नाम) के गांव के हीं साफी नामक युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के क्रम में ही आसपास के लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के संबंध में पीड़ित पति योगानंद ऋषिदेव ने बताया कि युवक कई दिनों से उनकी पत्नी को डरा धमका कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे रहा था। घटना के दिन भी वह जब घर से धान का खेत गया था तो आरोपी उसके घर में पहुंचकर उनकी पत्‍‌नी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। लेकिन आसपास के लोगों ने युवक को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता पायी।

महिला के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

अररिया : नगर थाना क्षेत्र के कोदरकट्टी गांव मं सोमवार को 40 वर्षीय विवाहिता बतुलिया देवी (काल्पनिक नाम) के गांव के हीं साफी नामक युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के क्रम में ही आसपास के लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के संबंध में पीड़ित पति योगानंद ऋषिदेव ने बताया कि युवक कई दिनों से उनकी पत्नी को डरा धमका कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे रहा था। घटना के दिन भी वह जब घर से धान का खेत गया था तो आरोपी उसके घर में पहुंचकर उनकी पत्‍‌नी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। लेकिन आसपास के लोगों ने युवक को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता पायी।

एसपी ने अररिया जेल में मारा छापा, कैदियों में हड़कंप


अररिया : नवपदस्थापित एसपी शिवदीप लांडे ने जेल से चल रहे आपराधिक गतिविधि की गुप्त सूचना पर मंगलवार को अररिया मंडल कारा में छापा मारा। हालांकि चर्चित एसपी के आगमन की सूचना मिलते ही जेल में कैदी भी सतर्क हो गए थे। शायद इसी वजह से जेल में कुछ खास आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। लेकिन अचानक पड़े छापा से कैदियों के बीच हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान एसपी ने विचाराधीन कैदी दिनेश राठौर एवं उसके भाई विजय राठौर के पास से दो सोने की चेन एवं एक घड़ी जब्त किया है। इस क्रम में एसपी को कई अपराध कर्मियों की सूची एवं उनके मोबाईल नंबर भी सेल से मिले हैं। एसपी ने जब्त सामानों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। छापेमारी के बाद एसपी श्री लांडे ने बताया कि भरगामा स्थित बैंक आफ बड़ौदा शाखा में हुई लूट के तार जेल से जुड़ने की सूचना मिल रही थी। एसपी ने बताया कि जेल में कैदियों द्वारा दबंगई दिखाने की भी सूचना उन्हें मिली थी। इसी आधार पर उन्होंने जेल में छापेमारी अभियान चलाया है। उन्होंने बताया कि जेल से कई अपराधियों की सूची व मोबाइल नंबर भी मिले हैं जिसके आधार पर छानबीन की जायेगी।
इधर जेल सूत्रों के अनुसार दबंग कैदी दिनेश राठौर के पास से भी एक चेन एवं घड़ी जब्त किया गया है। मिली जानकारी अनुसार एसपी ने दिनेश राठौर को कड़ी चेतावनी दी है कि वह अन्य कैदियों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित नहीं करे। उन्होंने उससे अन्य कैदियों से माफी भी मंगवायी।
छापेमारी में एसपी के साथ एसडीओ डा. विनोद कुमार, जेल सुपरिटेंडेंट रंजन चौहान, डीएसपी मो. कासिम, जेलर शैलेश प्रसाद समेत एक दर्जन से अधिक पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।

लिंक फेल रहने से बैंक रहे बंद, उपभोक्ता परेशान

फारबिसगंज (अररिया) : शहर के कई बैकों में सोमवार को लिंक फेल रहने से उपभोक्ता परेशान रहे। खासकर ज्योति सिनेमा के समीप स्थित बैंक आफ बड़ौदा का लिंक फेल रहने से बैंक का शटर गिराकर मुख्य द्वार तक बंद कर दिया गया और बाहर में लिंक फेल रहने का बोर्ड भी लगा दिया गया। जिस कारण बैंक के उपभोक्ता घंटों बैंक के बाहर चक्कर लगाते रहे। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं बंद पड़े बैंक के बाहर घंटों बैठी रही और बैंक के खुलने का इंतजार करती रही है। उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं को सुनने के लिए बैंक के कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी बाहर में नहीं दिखे जिसको लेकर बाहर खड़े ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा गया। कई लोगों ने बताया कि वे लोग दूर-दराज के गांव से बैंक पहुंचे हैं लेकिन बैंक का दरवाजा बंद रहने से उनकी न तो काई सुनने वाला है और न ही कोई काम ही हो पा रहा है। दर्जनों उपभोक्ता यहां से घंटो निराश होने के बाद बिना काम कराए वापस लौट गये। इधर शहर के कुछ अन्य बैंकों में लिंक फेल रहने से बैंक का कामकाज भी प्रभावित हुआ बताया जाता है। वहीं बड़ौदा बैंक के बंद रहने से बैंक का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ ही साथ ही व्यवसायियों के लिये भी समस्या उत्पन्न हो गयी।

मेले का रंग बदरंग कर सकता है कचरा


फारबिसगंज (अररिया) : इस बार कचरों के बीच ही यहां लगेगा प्रसिद्ध काली पूजा मेला। मेला परिसर में चारों ओर गंदगी पसरा हुआ
है। ऐसे में मेले की तैयारी भी प्रभावित हो सकती है। बताया जाता है कि अतिक्रमण के कारण पहले से ही मेला परिसर सिकुड़कर छोटा हो गया है, वहीं यहां दर्जनों गड्ढे भी बन गये हैं जिससे मेला परिसर की सुरत ही बदली हुई है। उस पर कचरों का साम्राज्य स्थापित हो जाने से रही-सही कसर भी पूरी हो रही है। गौरतलब है कि मेले की तैयारी शुरू हो रही है। गत दिनों मेला लगाने को लेकर नगर परिषद प्रशासन द्वारा डाक भी किया जा चुका है। बंदोबस्ती के बाद अब संवेदक मेला लगाने की जुगत में है। ऐसे में कचरों का ढ़ेर मेले का रंग बदरंग कर सकता है।

नेपाली प्रहरी ने पकड़ा एक लाख का तस्करी का सामान

जोगबनी (अररिया) : सीमा क्षेत्र में तस्करी कर नेपाल ले जाए जा रहे लगभग एक लाख मूल्य के कपड़ा व पार्टस आदि सामानों को रविवार की संध्या विराट नगर के वार्ड नं. पांच से नेपाल सशस्त्र प्रहरी ने जब्त कर नेपाल भंसार कस्टम को सौंपा है। जब्त सामानों में कपड़ा, मोटर पार्टस व चीनी शामिल है। उक्त सामानों को चोरी छिपे विभिन्न रास्ते से तस्करी के माध्यम से नेपाल ले जाया जा रहा था कि जांच के क्रम में नेपाल सशस्त्र प्रहरी ने उसे पकड़ा। जानकारी देते हुए प्रहरी नायव उपरीक्षक (डीएसपी) बद्री नारायण चौधरी ने बताया कि तस्करी रोकने की दिशा में नेपाल प्रशासन पूर्ण कटिबद्ध है तथा बिना भंसार कटाए सामानों को नहीं जाने दिया जायेगा।

वारंटी गिरफ्तार


फारबिसगंज: पुराने मामले में वारंटी रहे डाक हरीपुर गांव निवासी लालू ऋषिदेव को फारबिसगंज थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।
हरिवंश राय बच्चन की जयंती मनी
फारबिसगंज: स्थानीय द्विजदेनी स्मारक उच्च विद्यालय में इंद्रधनुष साहित्य परिषद के तत्वावधान में सोमवार को डा. हरिवंश राय बच्चन की जयंती मनायी गई। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्य प्रेमियों ने स्वर्गीय बच्चन के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर वक्ताओं ने डा. बच्चन के जीवन पर प्रकाश डाला तथा उनकी रचनाओं को सराहा। उमाकांत दास की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में संचालनकर्ता विनोद तिवारी, प्रो. कमला प्रसाद बेखबर, कर्नल अजित दत्त, डा. अनुज, प्रभात, इंदू कुमारी, तारानंद लाल मंडल, शोक सिंह, विनोद दास, अरविंद ठाकुर, कृत्यानंद राय, शिव नारायण चौधरी, श्रीवास सिंह, संजय मंडल सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

बाबोसा भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु


अररिया : ..हारे का सहारा, बाबोसा हमारा। जय श्री बाबोसा। सोमवार की शाम बाबोसा भक्तों के लिए खास रही। अररिया के महावीर रोड स्थित बाबोसा मंदिर में आयोजित सुमधुर भजन संध्या में भक्तों की जयकार निरंतर गूंजती रही।
श्री बालाजी भगवान बाबोसा महाराज की मिंगसर पंचमी के उपलक्ष्य में सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में प्रकाश की सुंदर सजावट की गई थी। कार्यक्रम में भारत के सुप्रसिद्ध भजन गायक विनोद शर्मा एवं गौहाटी की भजन गायिका संतोष देवी शर्मा ने भजनों की अमृत वर्षा से सबका मन मोह लिया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुति से दर्शक देर रात तक आनंदित होते रहे।
कार्यक्रम में शहर के गणमान्य व्यक्तियों अलावा बड़ी संख्या में बाबोसा के भक्त शामिल हुए।

पेड़ लगाकर किया हरित बिहार व सदस्यता अभियान का उद्घाटन


भरगामा(अररिया) : हरित बिहार व जदयू के सदस्यता अभियान को लेकर सेवादल द्वारा सिरसिया कला पंचायत के प्रा.वि. भैयाराम विशनपुर में रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जदयू जिलाध्यक्ष नौशाद आलम ने पेड़ लगाकर किया। उन्होंने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरगामी सोच की जानकारी लोगों को दी। कार्यक्रम को युवा जदयू जिलाध्यक्ष रमेश सिंह, प्रवक्ता पवन मिश्रा, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सविता सिंह, सेवादल के जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र राय, सेवादल के प्रांतीय महासचिव शिवजी भगत, दलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रेशम लाल पासवान, जिला महासचिव सुबोध श्रीवास्तव, प्रखंड अध्यक्ष नवीन कुमार श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष जवाहर झा आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर युवा जदयू प्र.अ. रामदेव सिंह, शिवनारायण भगत, रानी देवी, राजेन्द्र मंडल आदि मौजूद थे। जिला महासचिव सुबोध श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में कुल 90 नये सदस्यों को जोड़ा गया है जिन्होंने एक एक पेड़ भी लगाया।

लाभुकों को दिया गया कन्या विवाह योजना का चेक


भरगामा(अररिया) : प्रखंड के बाढ़ राहत शेड में सोमवार को शिविर लगाकर लाभुकों को कन्या विवाह योजना का चेक वितरित किया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अरूण कुमार गुप्ता ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक प्रखंड के कुल बीस पंचायतों से 420 लाभुकों के बीच चेक का वितरण किया गया है। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक देवयंती यादव, डीसीएलआर मुकेश कुमार सिंहा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आशुतोष कुमार, प्रखंड प्रमुख दिव्य प्रकाश यादवेंदु, पंचायत समिति सदस्य शितांशु शेखर पिंटू, गयानंद सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अशोक सिंह, दीपक कुमार मुन्ना आदि मौजूद थे। आयोजन को लेकर प्रखंड मुख्यालय में सुबह से ही लाभुकों की भीड़ एकत्रित थी।

अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार

जोकीहाट: महलगांव थाना पुलिस ने मसुरिया चौक पर सोमवार की संध्या छापामारी कर अवैध रुप से शराब बेच रहे चंदर मंडल को दबोचा है। पुलिस ने चंदर मंडल के पास से 60 पाउच एवं 16 बैगपाइपर शराब की बोतल बरामद किया है। थानाध्यक्ष मनु प्रसाद व सअनि नुरूल होदा खान ने बताया कि गिरफ्तार चंदर को जेल भेज दिया गया है।

बैंक लूट कांड का हुआ उद्भेदन, एक गिरफ्तार


अररिया : नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे की तत्परता से भरगामा थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा रघुनाथपुर में लगभग एक सप्ताह पूर्व दिनदहाड़े हुई बैंक लूट की घटना का उद्भेदन पुलिस ने कर लिया है। इस कांड को बंटी यादव गिरोह ने अंजाम दिया था। पुलिस ने कांड में शामिल गिरोह के एक सदस्य अनिल कुमार यादव को उसके गांव शंकरपुर से सोमवार को गिरफ्तार किया है। जबकि सरगना बंटी यादव गत 24 नवंबर को ही सुपौल की अदालत में आत्मसमर्पण कर चुका है। गिरफ्तार अनिल ने अररिया के एसपी श्री लांडे के समक्ष स्वीकार किया है कि इस घटना में छह अपराधी शामिल थे तथा उनलोगों ने कुल साढ़े नौ लाख रुपये लूटे जाने की बात बतायी है। उसने पुलिस को जानकारी दी है कि लूटी गयी राशि गिरोह के सरगना बंटी यादव के पास ही रखा गया है। उसने यह भी जानकारी दी है कि लूट कांड में शामिल अन्य सदस्यों ने घटना के बाद भाग कर नेपाल में शरण ले ली है। हालांकि वह भी नेपाल भागने की तैयारी में था लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसने कांड में शामिल अपने सभी साथियों के नाम का भी खुलासा किया है।
एसपी श्री लांडे ने बताया कि इस घटना में शामिल सभी अपराध कर्मियों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार करेगी। एसपी ने बताया कि इस कांड के उद्भेदन के लिए फारबिसगंज के डीएसपी विकास कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गयी थी। जिसमें पुलिस निरीक्षक ललन पांडेय, थानाध्यक्ष अनमोल कुमार, रानीगंज के अरुण सिंह, पीएसआई देवराज, शिवपूजन, भारद्वाज जी आदि शामिल थे।
बाक्स
पुलिस बंटी को लेगी रिमांड पर : एसपी
अररिया, निसं: बैंक ऑफ बड़ौदा लूट कांड के अंजाम देने के आरोपी गिरोह के सरगना बंटी यादव को अररिया पुलिस जल्द ही रिमांड पर लेगी। यह जानकारी अररिया के पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे ने सोमवार को कांड में शामिल एक अपराध कर्मी की गिरफ्तारी के बाद दी। एसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य अनिल कुमार यादव ने खुलासा किया है कि इस गिरोह के सरगना बंटी यादव हैं। जो छातापुर थाना कांड संख्या 90/11 में लूट के एक मामले में सुपौल न्यायालय में 24 अक्टूबर 11 को आत्मसमर्पण कर दिया है। एसपी ने बताया कि उन्होंने बंटी यादव को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। बैंक से लूटी गयी राशि कहां रखी गयी है इसका खुलासा बंटी से पूछताछ के बाद ही हो पायेगा। एसपी ने बताया कि अररिया में ऐसी घटनाओं पर पूर्ण पाबंदी लगायी जायेगी। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय अपराधकर्मियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है। सूची तैयार होने के बाद सभी अपराधकर्मियों के आपराधिक इतिहास का अध्ययन कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

सर्विस सेंटर का विधायक ने किया उद्घाटन

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के बैरगाछी-प्रसादपुर मुख्य सड़क पर तुर्केली गांव के निकट सोमवार को विधायक सरफराज आलम ने भारत पेट्रोलियम कंपनी के एक पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर खुशी व्यक्त करते हुए श्री आलम ने कहा इस पंप की सेवा से तुर्केली बागेश्वरी, भगवानपुर, भंसिया, चिरह, प्रसादपुर, जोगिन्दर जैसे दर्जनों गांव के किसानों व व्यवसायियों को उचित मूल्य पर डीजल व पेट्रोल की आपूर्ति होगी, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। पूर्व जिला पार्षद इमरान अजीम ने कहा कि पंप खुलने से लोगों में खुशहाली आयेगी। इस अवसर पर भारत पेट्रोलियम के सेल्स आफिसर शेखर वर्मा, नौशाद आलम, गजाला प्रवीण, मो. जियाउल्लाह, आबिद हुसैन, प्रधानाध्यापक शमीम अख्तर, प्रा. शिक्षक संघ अध्यक्ष अब्दुल कुद्दुस, संजय मंडल, के.के. चतुर्वेदी, वफा हसन, फिरोज आलम, मो. आरफीन सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

महीनों बाद प्रखंड कार्यालय में शुरू हुआ कामकाज

जोकीहाट (अररिया) : इंदिरा आवास मामले में मिली जमानत के बाद बीडीओ मो. सिकंदर, प्रधान सहायक रणवीर पासवान, नाजिर संजय कुमार व शमशाद आलम सोमवार को कार्यालय पहुंचे तथा पुन: कार्यालय का कामकाज शुरू हुआ। कार्य निष्पादन से पूर्व बीडीओ मो. सिकंदर ने प्रखंड के अन्य कर्मियों के साथ बैठक कर कई निर्देश दिए। उधर प्रखंड कार्यालय में लंबे अर्से के बाद काम शुरू होने से प्रखंड वासियों ने राहत महसूस किया। इस बीच लाभुकों और जनप्रतिनिधियों के अवागमन से प्रखंड कार्यालय की खोई रौनक पुन: बहाल हो गई।

चरित्र प्रमाण पत्र को ले समाहरणालय परिसर में लग रही भीड़

अररिया : चरित्र प्रमाण के लिये सोमवार को एसपी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा। भीड़ को ले अभ्यर्थियों ने कुछ देर के लिए हंगामा भी किया। कार्यालय परिसर में बढ़ते भीड़ को देखते हुए नगर थाना पुलिस वहां पहुंची और समझा बुझाकर छात्रों को शांत कराया। देर शाम तक छात्रों के बीच प्रमाण पत्र वितरण करने का काम जारी रहा। मौके पर कई छात्रों ने बताया कि 29 नवंबर से पूर्णिया में आर्मी बहाली का प्रक्रिया शुरू हो रही है। इस बहाली में छात्रों को चरित्र प्रमाण की आवश्यकता है। उन लोगों ने कई दिन पूर्व ही प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया था। लेकिन कार्यालय कर्मी उनलोगों को निर्धारित समय पर प्रमाण पत्र नहीं दे रहे। वहीं एसपी कार्यालय के कर्मी का कहना था कि स्टाफ की कमी के कारण प्रमाण पत्र बनाने में समय लग रहा है। लेकिन छात्रों के बीच प्रमाण पत्र समय पर ही वितरण हो रहा है।

विज्ञान शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण आरंभ


अररिया : बिहार राज्य माध्यमिक परियोजना निदेशक के निर्देश पर जिले के माध्यमिक स्कूलों में कार्यरत विज्ञान शिक्षकों का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण रविवार की शाम से ग‌र्ल्स हाई स्कूल अररिया में आरंभ हो गया। विज्ञान मोड्यूल आधारित इस प्रशिक्षण में जिले के चालीस हाई स्कूलों से एक-एक शिक्षक शामिल हुए। इस आवासीय प्रशिक्षण में साधन सेवी के रूप में नरेन्द्र कुमार सिंह, श्याम नरायण देव तथा दीन रजा अख्तर मौजूद थे। जबकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों में मुख्य रूप से मो. नेमतुल्लाह, अरशद हसन, बेनजीर इस्लाम घनश्याम, शेखर कुमार मिश्र, अमीनउद्दीन अजय कुमार सिंह, आशा कुमारी, कैलाशपति झा, अमरेश कुमार देव सहित कई शिक्षक शामिल हैं।

पुस्तकालय अध्यक्ष का काउंसिलिंग संपन्न


अररिया : जिला परिषद एवं नगर निकाय क्षेत्रों में रिक्त पुस्तकालय अध्यक्ष पद के लिए शनिवार से जारी काउंसिलिंग का कार्य रविवार की देर शाम संपन्न हो गया।
जिला परिषद अररिया में कुल 29 सीट के विरुद्ध 706 आवेदन प्राप्त हुए थे। जानकारी के अनुसार 173 छात्रों का द्वितीय औपबंधिक मेधा सूची जारी की गयी। सत्यापन में 173 संख्या के विरूद्ध 115 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इसमें बीसी कोटा के 63, यूआरके 40, इबीसी 11 तथा इबीसी विकलांग के एक छात्र ने भाग लिया।
वहीं नगर परिषद अररिया में तीन सीट के विरुद्ध 33 तथा जोगबनी नगर पंचायत में तीन के विरुद्ध तीन अभ्यर्थियों का आपत्ति निराकरण के बाद मेधा सूची का प्रकाशन किया गया था। सत्यापन कार्य में अररिया नप में 32, फारबिसगंज नप में 21 तथा जोगबनी नपं में 3 आवेदक भाग लिया। जबकि जोगबनी नपं में एक आवेदक के काउंसिलिंग को अमान्य करार दिया गया है। विभाग के अनुसार अंतिम मेधा सूची का प्रकाशन 29 नंबर को होना है।

बोधि संवाद प्रशिक्षण शुरू


जोकीहाट : बीआरसी भवन जोकीहाट में रविवार को दस दिवसीय आवासीय बोधि संवाद प्रशिक्षण का उद्घाटन किया गया। प्रशिक्षण में 40 प्रतिभागी शिक्षकों ने भाग लिया। बीआरपी शमीम अख्तर ने बताया कि प्रतिभागियों को स्वाध्याय एवं बौद्धिक विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारी दी जायेगी। इस अवसर पर बीआरपी शम्स जमाल, मेहनाज सुल्ताना, रकीब आदि उपस्थित थे।
विकलांग शिविर
नरपतगंज: नरपतगंज प्रखंड परिसर में सोमवार को विकलांग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें चार सौ से अधिक विकलांगों का जांचोपरांत डाक्टरों द्वारा सर्टिफिकेट दिया गया। बीडीओ जागो दास ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर विकलांग शिविर 1 दिसम्बर तक चलेगा। स्वास्थ्य प्रबंधक मो. समरूज्जमा ने बताया कि विकलागों की जांच के लिए विशेष रुप से हड्डी रोग विशेषज्ञों को बुलाया गया है। शिविर में आये विकलांगों से नि:शक्ता पेंशन योजना का फार्म भी भराया गया। मौके पर जिला सामाजिक कल्याण निदेशक गोपाल प्रसाद, बीडीओ जागो दास, प्र. चिकित्सा प्रभारी एमएन सिद्धिकी व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

विपक्ष की भूमिका में पिछड़ रही कांग्रेस


अररिया : किसी वक्त कांग्रेस का मजबूत गढ़ माने जाने वाले अररिया में पार्टी का बुरा हाल है। विगत दो दशक से सत्ता से दूर रही पार्टी की चुनावी जमीन खिसक चुकी है। वहीं, जिले में मुख्य विपक्ष की भूमिका में भी यह पार्टी पिछड़ गयी नजर आती है। अंतर्कलह से ग्रस्त पार्टी के बचेखुचे संगठन पर कब्जा जमाने के लिए कांग्रेसी आपस में ही भिड़े हुए नजर आते हैं।
रविवार को निर्धारित पार्टी जिलाध्यक्ष का चुनाव अंतर्कलह के कारण ही टाल दिया गया।
पार्टी के पूर्व संगठन मंत्री कुलानंद झा की मानें तो पार्टी का संगठन जमीनी हकीकत से दूर चला गया है। निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जगह नहीं खुशामदी लोगों को तरजीह दी जा रही है। वहीं, वरिष्ठ नेता व सिकटी के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष पवन लाल मंडल ने बताया कि जिलाध्यक्ष के चुनाव के लिए तैयार की गई सूची से ही स्पष्ट हो जाता है कि कांग्रेस के लिए समर्पित लोग दरकिनार कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सिकटी में पद्मानंद मिश्र निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष चुने गये, लेकिन उनका नाम ही सूची में नहीं है। जबकि सियाराम मिश्र ने जिला डेलीगेट के लिए आवेदन किया था, उन्हें प्रखंड अध्यक्ष बना दिया गया है।
सूची के दोषपूर्ण होने की शिकायत लगातार प्राप्त हो रही है। सिकटी में क्रियाशील मेंबर के एक ही नंबर पर दो डेलीगेट बना दिए गए हैं।
इसी प्रकार की शिकायतें भरगामा व अन्य प्रखंडों में भी हैं।
अंतर्कलह के ताजा दौर में जिलाध्यक्ष पर कब्जा जमाना सभी गुटों की प्राथमिकता बन गयी है। डेढ़ सप्ताह पहले पार्टी कार्यालय में कांग्रेसियों की आपसी भिडंत के पीछे भी जिलाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाने की होड़ प्रमुख कारण रही है।
जानकारी के मुताबिक इस पद के लिए सात नामांकन पड़ चुके हैं। इससे स्पष्ट है कि संगठन में सर्वानुमति का अभाव है और एकजुटता की यही कमी इस जिले में कांग्रेस को कमजोर बना रही है।

तत्कालीन बीडीओ के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी

अररिया : प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर अवैध राशि की उगाही मामले में अररिया की एक अदालत ने जोकीहाट के पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी रमेश झा के विरुद्ध गैर जमानतीय वारंट जारी किया है। इस मामले को लेकर अधिवक्ता द्विजेन्द्र कुमार गुप्ता ने कोर्ट में मामला (केश नंबर 590सी/08) दायर किया था। जिसमें जोकीहाट के पूर्व बीडीओ रमेश झा को आरोपी बनाया गया था। अधिवक्ता ने बीडीओ श्री झा पर मेडिकल में नामांकन के लिए आवासीय समेत अन्य प्रमाण पत्र बनाने के लिए अवैध राशि की मांग करने तथा नहीं देने पर प्रमाण पत्र नहीं निर्गत करने का आरोप लगाया था। अररिया के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी बीएम त्रिपाठी की अदालत में उक्त मामला लंबित है। जहां उक्त कोर्ट ने आरोपी बीडीओ रमेश झा की पूर्व की जमानत को रिजेक्ट करते हुए गैर जमानतीय वारंट जारी किया है।

जोगबनी में आरपीएफ को किया जायेगा और मजबूत: आईजी


जोगबनी (अररिया) : रेल महा निरीक्षक (एनएफ रेलवे) शहिद अहमद ने सोमवार को जोगबनी पहुंच कर स्टेशन का जायजा लिया व आरपीएफ कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस मौके पर आईजी श्री अहमद ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यह स्टेशन काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए यहां आरपीएफ को काफी मजबूत किया जायेगा तथा इंटेलीजेंस को भी चौकस किया जायेगा। यहां रेल परिसम्पत्ति की सुरक्षा भी अहम है। इसके लिए यहां के पदाधिकारियों व कर्मियों की विशेष चौकसी बरते जाने की हिदायत दी गयी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्र विरोधी तत्वों को रेल परिसर से दूर रखना भी यहां एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने रेल के माध्यम से जारी तस्करी पर रोक लगाने के लिए भी कड़े निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में बढे राष्ट्र विरोधी गतिविधि के मद्देनजर जोगबनी स्थित आरपीएफ को हर दृष्टि से सबल बनाने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही यहां इंटेलिजेंस को भी मजबूत बनाया जायेगा। ताकि रेलवे को सुरक्षित रखने में मजबूती प्रदान हो सके। उन्होंने जोगबनी स्टेशन स्थित आरपीएफ की कार्य क्षमता पर संतोष व्यक्त किया।
इस मौके पर आरपीएफ कटिहार के सीनियर सेनानायक आर के मिश्रा, निरीक्षक पूर्णिया व किशनगंज क्रमश: एके मंडल व राजीव रंजन कुमार एवं जोगबनी आरपीएफ प्रभारी पीके यादव सहित भारी संख्या में आरपीएफ बल मौजूद थे।

पोशाक व छात्रवृति राशि वितरित

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को स्कूली छात्र छात्राओं के बीच मुख्यमंत्री पोशाक योजना तथा अनुसूचित जाति छात्रवृति योजना की राशि वितरित की गई। दोनों योजनाओं में करीब आठ विद्यालयों के लगभग 400-400 छात्र छात्राओं को राशि वितरित करने का लक्ष्य था। राशि वितरण के अवसर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अशोक कुमार मंडल सहित प्रखंड कर्मी एवं विद्यालय के शिक्षक मौजूद थे। वर्ग एक से छह तक स्कूली बच्चों के साथ बड़ी संख्या में उनके अभिभावक भी प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे।

मोहर्रम की तैयारी जोरों पर


रेणुग्राम: मोहर्रम को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियों जोरो पर चल रही है। वही इसको लेकर विभिन्न जगहों पर लाठी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाती है। जिसमें विजेता उप विजेता को पुरस्कृत भी किया जाता है।

किसान उपेक्षित


रेणुग्राम: प्रशासनिक उपेक्षा की वजह से फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति बदतर हो गई है। एक तो खाद व बीज का मूल्य दोगुणा हो गया है वहीं उसके उपज का लागत मूल्य भी उसे नहीं मिल पा रहा है। किसानों को सरकारी योजनाओं की भी सही जानकारी नहीं मिल पाती है।

छात्रों का प्रशिक्षण शिविर


पलासी: प्रखंड के उत्क्रमित म.वि. चहटपुर में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम के तहत सोमवार को बाल सांसद व मीना मंच के छात्र/छात्राओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें प्रशिक्षक के रूप में मौजूद अमित कुमार ने बच्चों को साफ-सफाई, शौचालय, स्वास्थ्य पर ध्यान देने हेतु विस्तृत जानकारी दी। इस क्रम में खाने से पूर्व हाथ की सफाई शौच के पश्चात सफाई विद्यालय को स्वच्छ रखने सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी।

Sunday, November 27, 2011

अब हो रही नेपाल को भैंसों की तस्करी


नरपतगंज (अररिया) : बांग्लादेश की ओर पशु तस्करी के साथ ही स्मगलरों ने अब एक और रूट खेज निकाला है। यह रास्ता भारत के गांवों से नेपाल तक जाता है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में पशु भेजे जा रहे हैं। सर्दियों की बढ़त के साथ ही नेपाल को भैंस व पड़वों की तस्करी तेज होने लगी है।
बताया जाता है कुछ वर्ष पूर्व पशुओं की तस्करी अररिया से होते हुए किशनगंज के रास्ते बंग्लादेश होती थी। लेकिन अब भारतीय पशु नेपाल की ओर जा रहे हैं।
जानकारों के अनुसार सीमापार नेपाल के इनरवा जिला के नरसिंह में आधुनिकतम चाइना कसाई खाना फैक्ट्री खुल गई है। वहां प्रतिदिन 200 पशुओं की मांग है। इस फैक्ट्री से मांस की पैकेजिंग कर उसे चाईना, अमेरिका सहित अन्य देशों में भेजा जाता है। जिस तरह झुंडों में इन पशुओं को नेपाल जाते देखा जा रहा हैं यदि इनकी तस्करी पर लगाम नही लगी तो तस्कर पशुओं का वर्चस्व न खत्म कर दें। सीमा की तरफ जाने वाली पगडंडियों और नदियों के तटबंधों पर हांक कर आगे-पीछे तस्करों के आदमी हो लेते हैं जो सीमा पार बैठे नेपाल के पशु तस्करों के हवाले कर देते हैं। हालांकि बार्डर पर एसएसबी तैनात है कभी कभार मवेशी भी पकड़ाती है। लेकिन स्थिति यह है इसे रोकने के लिए एसएसबी व कस्टम असफल हो रहा है। पशु तस्कर सीमा के आस पास जानवर चराते है और मौका पाकर नेपाल सीमा में हांक देते हैं।

सड़क जीर्णोद्धार को ले संघर्ष समिति की बैठक


सिकटी (अररिया) : एबीएम सिकटी पथ के जीर्णोद्धार को ले सोमवार को बैरगाछी सिकटी सड़क निर्माण संघर्ष समिति की बैठक आयोजित कर कई प्रस्ताव पारित किए गये। जिला पदाधिकारी व मुख्यमंत्री को देने के लिए प्रस्ताव संबंधी ज्ञापन बीडीओ को सौंपा गया।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष पूर्व धनेश्वर सदा, सचिव दुखन लाल मंडल एवं संरक्षक सेवानिवृत अपर समाहर्ता वीरेन्द्र नारायण राय ने बताया कि आजादी के इतने दिनों के बाद भी इस जर्जर सड़क के जीर्णोद्धार का सार्थक प्रयास न तो राजनेता और न ही प्रशासन की ओर से हुआ है। जिसके कारण इलाके के लोगों को आवागमन में काफी कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर इस महत्वपूर्ण एबीएम सिकटी पथ का जीर्णोद्धार कार्य एक माह के अंदर प्रारंभ नहीं हुआ तो जनता आंदोलन को बाध्य होगी।

बांसबाड़ी ने इस्लामनगर को हरा क्रिकेट टूर्नामेंट पर जमाया कब्जा


अररिया : ईदगाह मैदान में कोहेनुर क्रिकेट क्लब खरैयाबस्ती के सौजन्य से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में रविवार को बांसबाड़ी क्रिकेट क्लब ने इस्लाम नगर क्रिकेट क्लब को दो विकट से हरा कर खिताब पर कब्जा जमाया।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इस्लाम नगर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 174 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांसबाड़ी की टीम आठ विकेट खोकर 175 रन बनाकर मैच जीत लिया। विजेता व उप विजेता टीम को मुख्य अतिथि डीएसए के सचिव मासूम रेजा एवं मो. मुमताज हुसैन ने शिल्ड प्रदान किया। मैच एम्पायर के रूप में अबू तलहा एवं अनवर हुसैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के सफल संचालन मे मंजर हुसैन, शाहिल, अबू तलहा, इमाम जफर आदि ने भरपुर योगदान दिया।

वृक्षारोपण को दृढ़ संकल्पित हैं ममता


बसैटी (अररिया) : पंचायत के प्रत्येक व्यक्ति के घर दरवाजे पर पौधे लगावाउंगी। यह संकल्प शनिवार को जदयू पार्टी द्वारा आयोजित हरित बिहार सह सदस्यता अभियान कार्यक्रम के मौके पर खरहट पंचायत की मुखिया ममता देवी ने गीदवास में व्यक्त किया। मौके पर जदयू जिला उपाध्यक्ष सह प्रखंड प्रभारी रामचन्द्र चौधरी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर नुक्कड़ सभा आयोजित कर वृक्ष की महत्ता पर प्रकाश डाला व दर्जनों वृक्ष लगाये। इस अवसर पर दीपक सरकार, राहुल चौधरी, पप्पू साह, विक्की कुमार, पप्पू स्वर्णकार, डीम्पी कुमार आदि ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर प्रदेश दलित महा सचिव रमेशलाल पासवान, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव कैसर आलम, जिला अध्यक्ष नौशाद आलम, पूर्व मुखिया रीता देवी, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सविता सिंह, सहित दर्जनों कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित थे। मौके पर प्रखंड प्रभारी श्री चौधरी व रीता देवी ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रखंड के सभी पंचायतों में आयोजित कर हरित बिहार व सदस्यता अभियान कार्यक्रम को सफल बनाने का प्रयास जारी है।

लूटकांड मामले में नहीं हुई कार्रवाई तो पंचायत प्रतिनिधि करेंगे आंदोलन: डा.


भरगामा(अररिया) : महथावा बाजार में कपड़ा व्यवसायी विधवा अमला देवी के घर किए गए लूटकांड की चहुंओर निंदा हो रही है। घटना के विरोध में व्यवसायियों द्वारा बाजार बंद व सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किए जाने के बाद रविवार को विधान पार्षद डा. दिलीप जायसवाल ने भी घटना की तीव्र निंदा की है। वे रविवार को पीड़ित विधवा से मिलने महथावा पहुंचे तथा उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के अंदर पुलिस दोषी लोगों के विरूद्ध कार्रवाई नहीं करती है तो व्यवसायियों के साथ वे भी आंदोलन में शामिल होंगे तथा इसमें पंचायत के प्रतिनिधि भी हिस्स लेंगे। महथावा में कपड़ा व्यवसायी पीड़ित विधवा के घर विधान पार्षद डा.जायसवाल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सुशासन में गरीब, लाचार अबला के साथ इस तरह की घटना को किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जा सकता है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने जिले के नये एसपी से मिलने का आश्वासन भी पीड़ित परिवार जनों को दिया।
मौके पर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अशोक सिंह, दीपक कुमार मुन्ना, शितांशु शेखर सिंटू, रघु साह, जीतू, अनिल भगत आदि मौजूद थे।

दो मोटर साइकिल की चोरी

रेणुग्राम : सिमराहा थाना क्षेत्र के बारा गांव में शनिवार की रात शिव प्रकाश मंडल की बजाज डिस्कवर मोटर साइकिल संख्या बीआर 38 बी 3874 एवं गांव के ही प्रभाकर भूषण की मोटर साइकिल लिब्रो यामहा संख्या बीआर 38 ए 3234 अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। दोनों ही पीड़ितों ने घटना की सूचना सिमराहा पुलिस को लिखित रूप से दी है। पुलिस चोरी गई गाड़ी की खोज में लग गई है। इधर क्षेत्र में लगातार घट रही गाड़ी चोरी की घटना से आम लोगों में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आक्रोश उभर रहा है।

स्कालरशिप को ले जांच परीक्षा


अररिया : नेहरू इन्स्टीच्यूट आफ इन्फोरमेशन टेकनलौजी अररिया के सौजन्य से रविवार को ग‌र्ल्स हाई स्कूल में स्कालरशिप को ले जांच परीक्षा आयोजित की गई।
इन्स्टीच्यूट के निदेशक मो. गालिब जमाल ने बताया कि इस जांच परीक्षा में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के लगभग 250 बच्चे-बच्चियों ने भाग लिया। हर वर्ग के सफल बच्चे के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित है। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की गई।

दहेज के लिए महिला की जहर देकर हत्या


भरगामा (अररिया) : खुटहा बैजनाथपुर पंचायत के थरूआ पट्टी 25 कालोनी में रमा देवी नामक एक महिला को दहेज के लिए जहर देकर शनिवार को मारे जाने की घटना प्रकाश में आयी है। मृतका के भाई विमल वर्मन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर शव बरामद कर लिया तथा अंत्य परीक्षण कराया है। मृतका के भाई के बयान पर भरगामा थाना में कांड संख्या 119/11 में दर्ज किया गया है। जिसमें महिला के पति राजू दास एवं ससुर रमनी दास पर दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

709 लाभुकों को मिला कन्या विवाह का लाभ


कुर्साकांटा (अररिया) : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत गरीब कन्याओं को शिविर के माध्यम से रविवार को प्रखंड मुख्यालय के परिसर में पांच-पांच हजार रुपये का चेक वितरित किए गये।
इस शिविर में 2008 से अब तक चयनित लाभुकों को चेक वितरित किया गया। प्रखंड के पहुंसी पंचायत में 66 लेलोखर 77, कुआड़ी 19, हरिरा 49, सिकटिया 38, रहटमीना 51, कुर्साकांटा 104, कमलदाहा 70, शंकरपुर 22, जागीर परासी 15, लक्ष्मीपुर 62, सौरगांव 22, डुमरिया पंचायत में 113 कन्याओं को पांच हजार रुपये का चेक वितरित किए गए। शिविर में कुल 709 लाभुकों को यह लाभ प्राप्त हो सका। मौके पर पंचायत राज पदाधिकारी विधान चंद्र यादव, बीडीओ पृथ्वीनाथ पांडे, सीओ विजय शंकर सिंह, आदि मौजूद थे।

महथावा लूट कांड मामले में प्राथमिकी

भरगामा(अररिया) : भरगामा थाना क्षेत्र के महथावा बाजार में एक कपड़ा व्यवसायी के घर धावा बोलकर गृहस्वामिनी अमला देवी को मारपीट कर जख्मी कर देने व लूटपाट करने के मामले में रविवार को एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है। दर्ज भरगामा थाना कांड संख्या 118/11 में रघुनाथपुर उत्तर पंचायत अंतर्गत शेखपुरा निवासी प्रदीप यादव व उनके समर्थक सीताराम व सुशील को नामजद किया गया है जबकि अन्य 35 अज्ञात को भी अभियुक्त बनाया गया है। घटना के अनुसंधानकर्ता देवराज राय हैं। ज्ञात हो कि शुक्रवार की रात महथावा बाजार में कपड़ा व्यवसायी विधवा अमला देवी के घर पर करीब तीन दर्जन सशस्त्र अपराधियों ने धावा बोल दिया तथा मालकिन को घर के बाहर खूंटे में बांध कर बुरी तरह पिटाई की। उसे बचाने गई उसकी दो बेटियों को भी बदमाशाों ने नहीं बख्शा। उधर घटना की सूचना के बावजूद पुलिस समय पर वहां नहीं पहुंची। जिससे आक्रोशित व्यवसायियों ने शनिवार को बाजार बंद रखा तथा सड़क जाम कर नारेबाजी की थी। इसी मामले में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है।

साढ़े तीन सौ लाभुकों को मिला कन्या विवाह योजना का चेक


सिकटी(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय में रविवार को शिविर लगाकर लाभुकों के बीच मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का चेक वितरित किया गया। जिसमें 342 लाभुकों को पांच हजार का चेक दिया गया। शिविर में 390 आवेदन भी स्वीकृत किये गये थे। मजरख पंचायत में चौदह, आमगाछी तीस, मुरारीपुर सत्तर, बोकंतरी 44, भिड़भिड़ी 27, ठेंगापुर 16, कौआकोह 9, बरदाहा 19, खोरागाछ 28, पड़रिया 30, दहगामा 15, कुचहा 6, डेढुआ 13 तथा बेंगा पंचायत के 21 लाभुकों के बीच चेक वितरित किया गया। शिविर में आठ काउंटर लगाए गये थे। बीडीओ केके सिन्हा ने बताया कि जो लाभुक छूट गए हैं उसके लिए अररिया के डीपीओ से और राशि की मांग की गई है। जिसे पुन: शिविर लगाकर चेक वितरित किया जायेगा। मौके पर अररिया के डीसीएलआर तौकीर अकरम, सीओ सुरेन्द्र कुमार पांडेय, बीएओ अनिल कुमार आदि उपस्थित थे।

दलालों से सावधान रहें लाभुक: आनंदी


पलासी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय परिसर में रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह के चेक वितरण शिविर का आयोजन बीडीओ अमिताभ के देखरेख में किया गया। शिविर का उद्घाटन सिकटी के भाजपा विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने लाभुकों को चेक देकर किया।
इस क्रम में उन्होंने लाभुकों को दलालों से सावधान रहते हुए चेक सीधे बैंकों में जमा करावें। यादें कोई भी बिचौलिया (दलाल) अनावश्यक रूप से तंग करे या अवैध राशि की मांग करें तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दें। वहीं इस बाबत बीडीओ अमिताभ ने बताया कि शिविर में कन्या विवाह के 503 लाभुकों के बीच चेक का वितरण किया जा रहा है। जो लाभुक आज चेक नही ले पायेंगे उन्हें सोमवार को शिविर में चेक दिया जायेगा। वहीं दूसरी ओर सीडीपीओ सावित्री दास ने बताया मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना के तहत यूटीआई बांड पेपर का वितरण 568 लाभुकों में किया जा रहा है। मौके पर वरीय उपसमाहर्ता रंजन चौहान, प्रखंड प्रमुख सदानंद यादव, उपप्रमुख इम्तियाज आलम, ललन कुमार, गोपाल कृष्ण मंडल, मुखिया रमानंद मंडल, हारुण रशीद, शोएब आलम, सुनील कुमार मंडल आदि मौजूद थे।

प्रभात फेरी


रेणुग्राम : मद्य निषेध दिवस के अवसर पर बारह संकुल के विभिन्न विद्यालयों में बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई । इस अवसर पर समन्वयक जयकांत पासवान सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी मौजूद थे।
मुहर्रम छ: दिसंबर को
अररिया: मुहर्रम आगामी छ: दिसंबर को मनाया जायेगा। शुक्रवार की शाम मुहर्रम का चांद देखा गया।
एक पकड़ाया
फारबिसगंज: फारबिसगंज थाना की पुलिस ने पुराने मामले में वारंटी मझुआ निवासी प्रदीप विश्वास को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।
मनोनीत
फारबिसगंज : प्रखंड सरपंच संघ अध्यक्ष सह किरकिचिया ग्राम कचहरी के सरपंच ब्रजेश कुमार राय को जिला सरपंच संघ का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। श्री राय को उपाध्यक्ष बनाये जाने पर ओम प्रकाश केशरी, बैजनाथ पासवान, मो. इसराफिल, महेन्द्र भगत, अलाउद्दीन, शेख हाजी, सत्यनारायण रायटर, नूर जहां, जूली कुमारी, विभा देवी, मौसीना, जमीला खातुन, रविन्द्र पासवान, रोली देवी आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

नाजिर सहित तीन का वारंट स्थगित

जोकीहाट (अररिया) : अररिया के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश उमेश चन्द्र मिश्रा ने जोकीहाट प्रखंड के इंदिरा आवास मामले में शनिवार को सुनवाई के दौरान प्रखंड नाजिर संजय कुमार, प्रधान सहायक रणवीर पासवान, लिपिक शमशाद आलम के विरुद्ध जारी वारंट पर स्थगन आदेश दिया है। इससे पूर्व बीडीओ मो. सिकंदर को भी अग्रिम जमानत न्यायालय ने दे दी है। गौरतलब है कि गैरकी पंचायत के इंदिरा आवास में गड़बड़ी के मामले में उक्त लोगों के विरुद्ध जोकीहाट थानाकांड सं. 196/11 दायर किया गया था। प्रखंड कर्मियों को मिली अग्रिम जमानत से जहां उनके परिजनों में खुशी व्याप्त है वहीं प्रखंड कार्यालय में चहल-पहल देखी जा रही है। कई जनप्रतिनिधियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रखंड कर्मियों के जमानत से विकास कार्यो को गति मिलेगा। उधर प्रधान सहायक रणवीर पासवान नाजिर, संजय कुमार, लिपिक शमशाद आलम ने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए कहा कि सच्चाई की जीत हुई है।

718 लाभुकों को मिले कन्या विवाह के चेक


नरपतगंज (अररिया) : जिला पदाधिकारी एम सरवणन के निर्देश पर नरपतगंज प्रखंड मुख्यालय में रविवार के रोज कन्या विवाह का शिविर लगाकर प्रखंड के 29 पंचायतों के 718 (सात सौ अठारह) महिलाओं का कन्या विवाह योजना की राशि चेक द्वारा दी गयी।
बीडीओ जागो दास ने बताया प्रखंड में प्राप्त सभी लंबित कन्या विवाह योजना आवेदनों की जांच कर चेक द्वारा भुगतान कर दिया गया है। इस मौके पर स्थानीय विधायक देवयंती देवी, प्रमुख सुलोचना देवी व उपप्रमुख मनोज यादव के हाथों विवाहित महिलाओं को चेक दिया गया।

अभाविप के अधिवेशन में भ्रष्टाचार व शिक्षा पर होगी सार्थक चर्चा


जोगबनी (अररिया) : बिहार में शिक्षा के बदहाली, भ्रष्टाचार एवं सीमा क्षेत्र में बढ़ती राष्ट्र विरोधी गतिविधि पर अभाविप के प्रांतीय अधिवेशन में सार्थक चर्चा होगी। यह तीन दिवसीय अधिवेशन आगामी 20, 11 व 22 दिसंबर को फारबिसगंज में होगा, जिसमें पूरे बिहार से दो हजार छात्र, छात्रा व शिक्षक भाग लेंगे। यह जानकारी अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने रविवार को दी।
उन्होंने बताया कि अधिवेशन की सफलता को ले पूरे अररिया जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया है ताकि अधिवेशन ऐतिहासिक हो सके। उन्होंने कहा कि इस अधिवेशन में देश के जाने माने शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र नेता शिरकत कर युवाओं व छात्रों का मार्ग दर्शन करेंगे। इसी दृष्टि से जोगबनी में पूर्व कार्यकर्ता के साथ बैठक की गयी। बैठक में मुख्य रूप से वासुकीनाथ राय, संजीव दास, प्रीतम कुमार व संजय सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

एसएसबी ने पकड़ी नशीली दवा की खेप



जोगबनी (अररिया) : गश्ती के क्रम में जोगबनी बीओपी तेलियारी एसएसबी ने शनिवार की देर संध्या चार हजार मूल्य के कोरेक्स जब्त कर रविवार को कस्टम को सौंप दिया। इस संबंध में एसएसबी प्रभारी सिंगार सिंह ने बताया कि संध्या जब गश्ती पर निकला तो युवा पथ के समीप एक युवक झोला फेंक भाग निकला जब झोले को खोलकर देखा गया तो उसमें 59 पीस कोरेक्स था जिसे जब्त कर कस्टम को सौंप दिया गया। गश्ती में प्रभारी के साथ सनातन दास, एसएस लोजोई, मुख्तार राय व मो. गुलाम हसन जवान मौजूद थे।

नये एसपी के आने से उड़े शराब माफिया के होश


अररिया : जिले में नये पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे के पदस्थापित होते ही शराब माफिया के होश उड़ने लगे हैं। चौक चौराहों पर चल रहे अवैध शराब की दुकानें अपने आप बंद होने लगी है। खास बात तो यह है कि विभिन्न सार्वजनिक स्थलों चौक-चौराहों, चाय नास्ता की दुकानों पर पीने-पिलाने वालों का मजमा भी चार दिनों से लगना बंद हो गया है।
लक्ष्य प्राप्ति के साथ-साथ दिन दूना रात चौगुना कमाई के फेर में शराब माफियाओं की अगली रणनीति क्या तय होगी ये तो भविष्य के गर्भ में है लेकिन गांव-गांव, गली-गली एवं किराना दुकानों में चल रहे परचूनिए की दुकानें अब मंद पड़ रही है। जबकि अधिकांश अनुज्ञप्तिधारी दुकानदार विभाग की लक्ष्य की प्राप्ति एवं रातों रात अमीर बनने का सपना परचुनिए पर ही पाल कर रखते हैं।
जिले में पदस्थापित नये पुलिस कप्तान की नजर प्राथमिकता के तौर पर अवैध ढंग से चल रहे सैकड़ों शराब की दुकानों पर भी है। पदस्थापन के दूसरे हीं दिन एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को ऐसे दुकानों पर कड़ी नजर रखने की हिदायत दी है। एसपी से हिदायत मिलने के बाद ही पलासी पुलिस ने एक ही रात इस धंधे से जुड़े एवं पीने-पिलाने के 13 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरएस पुलिस ने रेलवे स्टेशन के निकट छापा मारकर चार लीटर देशी शराब जब्त करने में सफलता पायी। वहीं नगर थाना पुलिस द्वारा लगातार दो दिनों से देर रात तक विभिन्न होटलों एवं दुकानों पर नजर रखने लगी है। पुलिस को डर है कि कहीं एसपी की नजर शराब माफियाओं की कारगुजारियों पर भी न पड़ जाये।

भजनपुर मामले के समाधान को ले टीम गठित


फारबिसगंज : ऑरो सुन्दरम इंटरनेशल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री, भजनपुर गोली कांड व सड़क की समस्या के समाधान को लेकर एक दिसम्बर को पटना में एक बैठक आयोजित की गयी है। जिसमें फैक्ट्री प्रबंधन के प्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, बियाडा के पदाधिकारी व ग्रामीणों के पक्ष रखने के लिए गठित टीम के सदस्य भाग लेंगे। टीम में प्रशासन की ओर से 16 व ग्रामीणों की ओर से 15 लोगों को शामिल किया गया है।
ज्ञात हो कि भजनपुर के ग्रामीणों को फारबिसगंज जाने के लिए रास्ता दिलाने को लेकर अररिया विधायक जाकिर अनवर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी है। गठित पन्द्रह सदस्यीय टीम के सदस्यों की बैठक एक दिसम्बर को पटना में बियाडा व प्रशासनिक पदाधिकारियों के बीच होगी।
पन्द्रह सदस्यीय टीम में पूर्व सांसद सुकदेव पासवान, पूर्व विधायक मायानन्द ठाकुर, गौस मोहम्मद, भोला तिवारी, जिला परिषद सदस्य इफ्तेखार, मुखिया मो. परवेज, मो. हाजी आदि शामिल हैं। ज्ञात हो कि 3 जून को रास्ते को लेकर भजनपुर के ग्रामीणों व पुलिस के बीच फैक्ट्री परिसर में ही झड़प हुई थी। जिसमें कई लोगों की जान गंवानी पड़ी थी।