अररिया : तारण पंचायत की पुनर्मतगणना एवं दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर चार दिनों से जिला समहरणालय परिसर में बैठे मुखिया समर्थकों का अनशन रविवार को उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के आश्वासन बाद स्थगित हो गया है। मुखिया प्रत्याशी रफअत प्रवीण के अभिकर्ता मो. ईशा ने बताया कि माननीय उप मुख्यमंत्री ने उनके साथ न्याय किये जाने का आश्वासन दिया है। समर्थकों ने बताया कि उप मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद भी यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे लोग पुन: आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएंगे। इससे पूर्व जिला पदाधिकारी ने समर्थकों से वार्ता कर न्यायालय के माध्यम से न्याय लेने की बात कही थी। इधर, उप मुख्यमंत्री को सौंपे गये आवेदन में मुखिया प्रत्याशी श्री मति प्रवीण ने कहा कि जोकीहाट के एआरओ मो. हारूण एवं प्रखंड कर्मी रणवीर पासवान ने एक साजिश के तहत दूसरे प्रत्याशी के मतपत्र विजयी प्रत्याशी के पक्ष में डालकर गिनती करवायी है। इस संबंध में जब वे लोग न्याय की गुहार लगाई तो उनकी नहीं सुनी गई।
Tuesday, May 31, 2011
भरगामा में पांच पंचायत बीज ग्राम घोषित
भरगामा(अररिया) : प्रखंड के बाढ़ राहत भवन में सोमवार को किसान मेला का आयोजन किया गया तथा किसानों के बीच मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना के तहत धान बीज का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी नईम अशरफ, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, आशुतोष कुमार, कृषि वैज्ञानिक जावेद इदरीस, विषय वस्तु विशेषज्ञ नरेन्द्र जयसवाल समेत काफी संख्या में किसान व प्रतिनिधि उपस्थित थे। मेले में भरगामा प्रखंड अंतर्गत पांच पंचायतों को बीज ग्राम घोषित किया गया है। जिसमें रघुनाथपुर उत्तर, रघुनाथपुर दक्षिण, भरगामा, पैकपार मानुलहपट्टी शामिल हैं। उक्त पंचायतों में किसानों को आधार बीज उपलब्ध कराकर उत्पादन कराया जाएगा। मेले में कुल दस स्टाल लगाए गए थे जिसमें श्री विधि द्वारा धान के किट का वितरण किया गया तथा मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना के तहत प्रत्येक राजस्व ग्राम से दो- दो किसानों के बीच धान के बीच का वितरण किया गया। प्रत्येक पंचायतों में 18 एकड़ के लिए हाइब्रिड शंकर धान लगाए जाने के लिए बीज का वितरण किया गया। स्टाल के माध्यम से अनुदानित दर पर निकोनी यंत्र का भी भी आवेदन लिया गया है। वहीं कुछ किसानों ने बीज नहीं मिलने पर हंगामा भी मचाया। मेले में किसानों के अलावा जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजीव कुमार, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अशोक सिंह आदि उपस्थित थे।
पलासी: मात्र चार मुखियों की दोबारा हो सकी ताजपोशी
पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की देर संध्या संपन्न हुए मतगणना से जो परिणाम सामने आए हैं। उससे स्पष्ट है कि अधिकांश निर्वतमान मुखिया को जनता ने नकार दिया है। मात्र चार निवर्तमान मुखिया ही अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहे है। जिसमें डेहटी उत्तर पंचायत की निवर्तमान मुखिया प्रमिला देवी पति राम कृपाल वि., कनखुदिया पंचायत के राम प्रसाद चौधरी, कलियागंज के मो. मजेबुल रहमान, मियांपुर के निवर्तमान मुखिया मो. मुर्शिद आलम ने हैट्रिक लगाते हुए ही अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहे हैं। जबकि अन्य 17 पंचायतों में जनता ने नए चेहरों को तरजीह दी है। हारने वाले निवर्तमान मुखिया में मुख्य रूप से राजेश मौआर राम नारायण यादव, मो. शमीम अख्तर, जगन्नाथ मंडल की पत्नी, हरिहर प्र. यादव, देवनारायण यादव, नसीब लाल मांझी व अन्य शामिल हैं।
विधायक पुत्री की शादी में राजग नेताओं का जमावड़ा
अररिया : सिकटी के भाजपा विधायक आनंदी प्रसाद यादव की पुत्री के विवाह में रविवार की शाम अररिया में राजग नेताओं का जमावड़ा लग गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी व पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव सहित कई वर्तमान विधायक व पूर्व विधायक, सांसद तथा पार्टी संगठन से जुड़े नेता समारोह में शामिल हुए।
खासकर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन के आगमन को ले कर खासी चहल- पहल रही। इन वीआइपी नेताओं के कार्यक्रम के कारण जहां प्रशासनिक व पुलिस महकमा लगातार सक्रिय बना रहा, वहीं पार्टी संगठन से जुड़े दर्जनों छोटे बड़े नेता अपनी हाजिरी दर्ज करवाने में लगे रहे।
समारोह में सत्तारुढ़ दल के उपनेता गंगा प्रसाद, अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह, महिला आयोग की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लेसी सिंह, रानीगंज के भाजपा विधायक परमानंद ऋषिदेव, फारबिसगंज के भाजपा विधायक पद्मपराग वेणु, नरपतगंज की भाजपा विधायक देवंती देवी, जोकीहाट के जदयु विधायक सरफराज आलम, अररिया विधान सभा से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण झा, जदयु के किशनगंज से लोस प्रत्याशी महमूद अशरफ, जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम, पूर्व जिप अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू, भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत, जदयु जिलाध्यक्ष नौशाद आलम,पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्र शेखर सिंह बब्बन, जदयू नेता रमेश सिंह, पूर्व मंत्री विजय कुमार मंडल, भाजपा नेता प्रेम कुमार मिश्रा,युवा नेता रंजीत यादव सहित सैकड़ों राजग नेता व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बाक्स:
अमर आनंद के गीतों से रात भर झूमते रहे दर्शक
-भैया उठाए बहिनिया के डाली, बनिके कहरिया हो
अररिया : फिल्मी पाश्र्र्व गायक व प्रख्यात लोक गायक अमर आनंद व गोपाल यादव की जोड़ी ने रविवार की रात दर्शकों को लगातार झुमाए रखा। वे आंनदी यादव की पुत्री के विवाह समारोह में अपनी टीम के साथ प्रस्तुति दे रहे थे। दर्शकों में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन सहित कई वीआइपी नेता मौजूद थे।
अमर आनंद ने अपने कार्यक्रम की शुरूआत भारत परिचय व वंदना के साथ की। इसके बाद उन्होंने एक एक कर सुरों के लाजवाब जलवे बिखेरे। अमर ने सुरों के साथ ऐसी अठखेलियां की कि जैसी विरले ही देखने सुनने को मिलती हैं।
अमर के सबसे छोटे भाई सुमित ने तो अपनी प्रस्तुति से दर्शकों की भरपूर वाहवाही बटोरी। उन्होंने जब भैया उठाये बहिनियां की डोली , बनि के कहरिया हो तो सारी आंखे बिछोह के गम से नम हो गई।
मोटर साइकल दुर्घटना में दो घायल
कुसियारगांव (अररिया) : पलासी मार्ग स्थित चहटपुर चौक के समीप रविवार की रात एक मोटर साइकल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उस पर सवार विरेन्द्र कुमार झा व जय नाथ मिश्र बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। जख्मी सोहाग मारो सिकटी और भटवार पलासी निवासी रिश्तेदार बताए गए हैं।
केटीसीसी ने एमएससीसी को हराकर ट्राफी जीता
रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज में यूथ प्रोग्रेसिव क्लब द्वारा आयोजित टी-20 टूर्नामेंट के फाइनल मैच में केटीसीसी ने एमएससीसी को 16 रनों से पराजित कर विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य पार्षद वीणा देवी, मो. ईरफान अंसारी, मो. अफरोज आलम, आइटीआई के इंस्पेक्टर राम प्रकाश सिंह द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया। इससे पूर्व केटीसीसी ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवर में 9 विकेट खोकर 133 रन बनाए। जवाब में एमएससीसी ने 18 ओवर तीन गेंद में मात्र 117 रन ही बना सकी। मैन आफ द मैच का पुरस्कार केटीसीसी के निरंजन पंडित को मिला। वहीं मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार एमएससीसी के करण को मिला। बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार एमएससीसी के राजेश ने प्राप्त किया। टूर्नामेंट के आयोजन में राजू, मैराज, सलाउद्दीन ताहा, फैजी, सहबाज, साकिब, सैफ, नौशाद, वसीम, मिन्हाज, हैदर, भदनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बधाई दी
रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज के भाजपा विधायक पदम पराग राय वेणु ने नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को जीत की बधाई दी है। वहीं उन्होंने स्वतंत्रता एवं निष्पक्ष शांतिपूर्ण चुनाव के लिए जिला पदाधिकारी जिला पुलिस कप्तान एवं चुनाव में लगे सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को भी बधाई दी है।
भू-विवाद में मारपीट
कुसियारगांव (अररिया) : भूमि विवाद को लेकर नगर थाना क्षेत्र के कमलदाहा टोला मकियारपुर में सोमवार को चाचा- भतीजा के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसमें भतीजा मो. शमीम सहित बीबी अश्मती व पुत्री आजुम आरा घायल हो गये। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है।
दुकान से 45 हजार मूल्य के सामान की चोरी
कुर्साकाटा(अररिया) : मुख्य बाजार में हास्पीटल रोड स्थित एक जनरल स्टोर की दुकान की छत का टीन हटाकर चोरों ने लगभग 45 हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी रविवार की रात कर ली। दुकानदार उमेश साह ने इसकी सूचना पुलिस को दी तथा पुलिस ने घटना स्थल से बरामद एक मोबाइल के धारक को पकड़ कर जेल भेज दिया है। दुकानदार उमेश ने इस संबंध में बताया कि दुकान बंद कर वह रात में घर गया था। रात में ही छत का टीन हटाकर चोर दुकान के अंदर घुस गए और गल्ला से लगभग 11 हजार नकदी सहित लगभग 45 हजार रुपये का सामान चुरा लिया। घटना की सूचना पाकर कुर्साकाटा थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। खोजबीन के क्रम में टीन के ऊपर एक मोबाइल बरामद हुआ है। जिसके शिनाख्त के बाद मोबाइल धारक सूरज ठाकुर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। कड़ी पूछताछ के बाद भी उसने कुछ बताने से इंकार किया। सोमवार को हिरासत में लिए सूरज ठाकुर को पुलिस ने अररिया जेल भेज दिया। इधर व्यापारियों में सामान बरामदगी नहीं होने एवं अन्य चोर का पता नहीं लगाए जाने पर आक्रोश व्याप्त है।
जदयू का हस्ताक्षर अभियान जारी
अररिया : बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के क्रम में सोमवार को अररिया प्रखंड के बैरगाछी में विशेष कैंप लगाया गया। हस्ताक्षर अभियान क नेतृत्व जनता दल यूनाईटेड के प्रखंड अध्यक्ष सह जिला मीडिया प्रभारी मो. जियाउल्लाह कर रहे थे। मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, शहाबुद्दीन, शफीक, आबिद, परवेज, दबीर, आफाक के अलावा दर्जनों जदयू नेता मौजूद थे। सोमवार को कुल 1200 लोगों ने मांग पत्र पर हस्ताक्षर किया। मो. जियाउल्लाह ने बताया कि अररिया प्रखंड में पचास हजार लोगों से हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि आगामी 5 जून को प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ट नारायण सिंह अररिया आकर हस्ताक्षर अभियान की प्रखंड वार समीक्षा करेंगे।
भाजपा नेताओं ने किया शवदाह गृह का दौरा
अररिया : तत्कालीन पीएचईडी मंत्री अश्रि्वनी कुमारी चौबे के हाथों उद्घाटित वार्ड नं. 23 में स्थित आधुनिक शवदाह गृह आज भी अधूरा है। जबकि फरवरी में ओलावृष्टि के कारण पूरा एसबेस्टस क्षतिग्रस्त हो चुका है और आज भी चापाकल, सोलर लाईट, बाथरूम आदि चालू नहीं किया गया है। इसी से नाराज भाजपा नेताओं ने सोमवार को निर्माण स्थल का दौरा किया। यहां बता दें कि रविवार को सूबे के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के समक्ष यह मामला उठा तो वे भी भौंचक रह गए। श्री मोदी ने भाजपा जिलाध्यक्ष को अपने स्तर से रूचि लेकर कार्य पूर्ण करवाने तथा रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इसी के मद्देनजर सोमवार को भाजपा नेताओं ने जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत के नेतृत्व में शवदाह गृह का दौरा किया। उक्त स्थल पर पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता लाल बाबू महतो, पीएचईडी के एसडीओ एनके सिंह संबंधित संवेदक भी पहुंच कर पूरी जानकारी ली। श्री महतो ने बताया कि ओलावृष्टि में काफी नुकसान हुआ है। इसका क्लेम दर्ज कर शीघ्र ही मरम्मत करा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नप प्रशासन जान बुझकर हैण्डओवर लेने में विलंब कर रहा है। उनके द्वारा मांगे गए सारे कागजात उनको उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं जिलाध्यक्ष श्री भगत ने कहा कि शवदाह गृह का कार्य शीघ्र पूरा नही किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि संजय मिश्र, भाजपा के जिला महामंत्री सुरेन्द्र झा, भाजपा नेता वरुण जायसवाल, विजय जैन, रूपेश आदि मौजूद थे।
पिक-अप वैन की ठोकर से एक की मौत
अररिया : एनएच-57 अररिया-फारबिसगंज मार्ग स्थित बारा चौक के निकट सोमवार को एक पीक अप वैन ने डोरिया सोनापुर निवासी 50 वर्षीय अब्दुल गफ्फार को ठोकर मार दी जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। आसपास के लोगों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत के बाद मृतक के भतीजा के बयान पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री गफ्फार अपने गांव से टेम्पो पर अररिया आ रहे थे। चौक के निकट टेम्पो में खराबी आने के कारण सभी यात्री गाड़ी से नीचे उतर गए। इसी बीच विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही एक पिकअप वैन ने उसे ठोकर मार दी और फरार हो गया। ठोकर लगते ही वह सड़क से दूर जा गिरा तथा बुरी तरह जख्मी हो गया। जब तक अन्य लोग कुछ समझ पाते तब तक चालक गाड़ी भगाने में सफल रहा। तब लोगों ने घायल को चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।
फारबिसगंज थानाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस
अररिया : अररिया के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सोमवार को फारबिसगंज थानाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही फारबिसगंज थाना कांड संख्या 179/10 से संबंधित केस डायरी के साथ सदेह अदालत में हाजिर होने का आदेश दिया है। अदालत ने एबीपी नंबर 824/10 की सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने उक्त आदेश पारित किया है। उक्त अग्रिम जमानत अर्जी पिछले 23 सितंबर 10 से केस डायरी के अभाव में लंबित है। अदालत ने हत्या के प्रयास से संबंधित छह अरोपियों की ओर से दायर इस मामले में पूर्व में पांच बार नोटिस तथा स्मार पत्र जारी किया बावजूद केस डायरी अब तक अदालत में प्रस्तुत नही किया गया, जिस कारण यह गंभीर आदेश जारी किया गया है।
बिना नाला के सड़कों का प्राक्कलन नहीं होगा पास : मोदी
अररिया : राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि सूबे के किसी भी शहरी क्षेत्र में अब बिना नाला के सड़क नहीं बनाया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नगर विकास योजना व नगर निकाय योजना के तहत बनने वाले सड़कों में नाला अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना नाला वाले सड़कों का प्राक्कलन पर तकनीकी स्वीकृति नहीं देने का निर्देश डीएम को दिया गया है। डिप्टी सीएम श्री मोदी ने यह बात रविवार को अधिकारियों व इंजीनीयरों के साथ बैठक में कही। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सभी नगर निकायों को भी इस बात का ध्यान रखना अनिवार्य होगा। डिप्टी सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में सड़कों, गलियों की चौड़ाई के हिसाब से ही योजना तैयार करें। श्री मोदी ने कहा कि जिस गली में सड़क बनाया जाएगा वहां पहले से निर्मित मकानों का ख्याल रखा जाएगा। श्री मोदी ने इंजीनीयरों से साफ शब्दों में कहा कि माकन से ऊंचा सड़क बनाया तो उस इंजीनीयर को बख्शा नही जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आमआदमी के हित में काम करेगी। इस बैठक में सांसद, विधायकगण समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
नो ड्यूज कराए बिना भी अब मिल सकेगा केसीसी ऋण
अररिया : जिला स्तरीय परामर्शदात्री व समीक्षा समिति की तिमाही बैठक सोमवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने किया। बैठक में डीएम के सुझाव पर आमलोगों की परेशानी को कम करने के लिए बिना नो डयूज कराए ही शपथ पत्र के आधार पर एक लाख तक ऋण मुहैया कराने का निर्णय लिया गया। इस मुद्दे पर इलाहाबाद बैंक के प्रतिनिधि ने असमर्थता जताई। डीएम श्री सरवणन ने केसीसी की समीक्षा के क्रम में पाया कि एसबीआई, बैंक आफ बड़ौदा, यूको बैंक, यूनाईटेड बैंक, बैंक आफ इंडिया व यूनियन बैंक की स्थिति काफी खराब है। डीएम ने पलासी सेंट्रल बैंक में व्याप्त भ्रष्टाचार व बिचौलियों के हावी होने की चर्चा करते हुए कहा कि वहां रामपुकार चौधरी, शोएब आलम समेत कई दलाल काफी सक्रिय हैं। उन्होंने सीबीआई के आरएम को जांच के निर्देश दिए। श्री सरवणन ने सभी बैंक समन्वयकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक माह में एक दिन अपने अधीनस्थ शाखा बार ग्राम सभा का आयोजन कर लोगों की समस्या आन द स्पाट निबटाए। डीएम ने सभी बैंक शाखाओं में मैनुअल पंजी संघारित करने का निर्देश दिया। डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले दो वित्तीय वर्षो में स्वीकृत केसीसी ऋण लाभुकों का पूर्ण विवरण सभी मैनेजर 7 जून तक उपलब्ध करा दें। वरना उनके विरुद्ध राज्य के डिप्टी सीएम को रिपोर्ट की जाएगी। उन्होंने ग्राम सभा के लिए ब्रांचवार रोस्टर तैयार करने का निर्देश एलडीएम को दिया। उन्होंने बैंक अधिकारियों को ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार करने की भी नसीहत दी। बैठक में प्रभारी डीडीसी जफर रकीब, एलडीएम दीपक कुमार सिन्हा, डीडीएम नाबार्ड एसके झा, सीबीआई आरएम एनके प्रसाद, एलबीओ मो. अशफाक, एडीपीआरओ योगेन्द्र लाल, आरपेटी निदेशक अशोक कु. यादव, एसबीआई समन्वयक वाल्टर लोरेन्स समेत कई बैंक अधिकारी मौजूद थे।
बाक्स
तीन बैंक अधिकारियों से डीएम ने पूछा स्पष्टीकरण
अररिया : सोमवार को आयोजित डीएलसीसी व डीएलआरसी की तिमाही बैठक में अनुपस्थित रहने के मामले में डीएम ने तीन बैंक मैनेजर से स्पष्टीकरण पूछा है। यूको बैंक के मैनेजर लगातार तीन बैठक से अनुपस्थित रहे हैं, जबकि सोमवार को बैंक आफ बड़ौदा व बैंक आफ इंडिया के प्रबंधक भी अनुपस्थित थे। डीएम ने यह भी कहा है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तीनों मैनेजर के विरुद्ध वित्त विभाग पटना व दिल्ली को रिपोर्ट करेंगे।
32 में छह निवर्तमान मुखिया ही बचा सके अपनी सीट
रानीगंज (अररिया) : संपन्न पंचायत चुनाव में 32 में से मात्र छह निवर्तमान मुखिया ही अपनी सीट बचा पाए। जबकि 26 नए चेहरे कुर्सी पर काबिज हुए हैं, जिनमें परसाहाट, परिहारी, पहुंसरा, गुणवंती, कोशिका पुर दक्षिण एवं फरकिया के मुखिया है।
पंचायत निर्वाचित प्रत्याशी प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी
1. खरसाही चन्द्रिका देवी बेचनी
2. विस्टोरिय फरहत अमानी हाजरा
3. विशनपुर अनुराधा देवी धमनी देवी
4. हसनपुर राज कुमार साह गीता देवी
5. वरवन्ना पूनम देवी परमानंद राम
6. वगुलाहा सुनीता देवी इन्दूमाला सिंह
7. परसाहार शशिकांत मिश्र अनिल कु. सिंह
8. परमानंदपुर फरियाना खातुन सूलोचना देवी
9. पचीरा पूनी विभा देवी
10. भोरहा रहिमा खातुन मंजू देवी
11. वेलसारा सुनील कु. सिंह बीरबल यादव
12. परिहारी च्योतिष्णा देवी मंजू देवी
13. कुपाड़ी विकास कु. यादव मौ तैयब
14. हौसां विनोद सिंह निलेश सिंह
15. पहुंसरा उपेन्द्र मारण्डी हाकिम
16. मझुआ पश्चिम सुलेखा देवी अमला देवी
17. मझुआ पूरब डोमी ऋषिदेव नक्षत्तर ऋषि
18. काला वलुआ धर्मेन्द्र कुमार मो. इसराइल
19. कोशिकापुर उत्तर जयचंद्र सिंह मनोज कु.साह
20. कोशिकापुर दक्षिण दु:खमोचन यादव योगानंद सिंह
21. धामा दूरखसॉ डैजी देवी
22. छतियौना रेहाना खातुन अख्तरी खातुन
23. खरहट ममता देवी अर्चना देवी
24. मोहनी सेवार नसरीन जेवा
25. गुणवंती अर्चना देवी शकुंतला देवी
26. वसैठी नियो देवी नाजिया खातून
27. मिर्जापुर प्रदीप कुमार राजू ततमा
28. नन्दनपुर राजू ऋषिदेव पावर्ती देवी
29. वौंसी निर्मल कु. मेहता मो. सुभाव
30. फरकिया पावर्ती देवी- 2 अफसाना खातून
31. घघरी नियाउर्रहमान जर्नादन विश्वास
32. धोबनियां जियाउरहमान इसाराही
एससी- एसटी की जमीन पर लगेंगे फलदार वृक्ष : मोदी
अररिया : महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत वृक्षारोपण का कार्य अब वन विभाग को सौंप दिया जाएगा। उक्त बात उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने रविवार को यहां एक बैठक के दौरान बताई।
उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत प्रति पंचायत कम से कम छह हजार पेड़ जरूर लगाए जाएं। एससी व एसटी की जमीन पर निश्शुल्क रूप से फलदार वृक्ष लगाएं जाएं तथा वृक्षों की सुरक्षा के लिए अजा जजा समुदाय के लोगों की ही नियुक्ति की जाए। इसमें बुजुर्ग व विकलांग व्यक्तियों को वरीयता दी जानी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री जो प्रदेश के वनमंत्री भी हैं, ने कहा कि वन रोपण बरसात के मौसम में रोजगार का सर्वश्रेष्ठ साधन है। दो सौ वृक्ष पर एक व्यक्ति की नियुक्ति कर वृक्षों को प्रभावी तरीके से बचाया जा सकता है।
इस अवसर पर मौजूद वन प्रमंडल पदाधिकारी ने कहा जिले में इस सीजन के दौरान 6.73 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
तेरह में तीन मुखिया ही जीते दोबारा
कुर्साकांटा (अररिया) : कुर्साकांटा प्रखंड के 13 पंचायतों में मुखिया पद पर दो समिति सदस्य तीन एवं सरपंच पद पर प्रत्याशियों ने दोबारा जीत दर्ज की। परंतु सौरगांव पंचायत के मुखिया पद पर मनोज सिंह लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर अपना कब्जा जमाया। इन्होंने 982 मत प्राप्त कर चन्द्रानंद मंडल को 41 मतों से पराजित कर तीसरी बार पुन: मुखिया पद पर काबिज हुए। गौरतलब है कि पिछले तीन चुनाव से श्री सिंह का मुकाबला चन्द्रानंद मंडल से होता रहा है परंतु अन्तत: जीत दर्ज करने में श्री सिंह कामयाब होते रहे हैं। प्रखंड में तीन बार से इन्हें लगातार मुखिया बनने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।
बारातियों से भरी सवारी गाड़ी पलटी, एक दर्जन घायल
सिकटी(अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के खोरागाछ पंचायत के टप्पू टोला में शनिवार की रात बारात से भरी सवारी गाड़ी के पलटने से लगभग एक दर्जन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पांच की स्थिति गंभीर बताई जाती है। सभी घायलों को ग्रामीणों के सहयोग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकटी में भर्ती कराया गया। वहीं पांच की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी चालक नशे में धुत था।
जानकारी अनुसार शनिवार की रात मुरारीपुर निवासी लखन लाल मंडल के घर से बारातियों ने पनभिजुआ निवासी शिवनारायण मंडल के यहां प्रस्थान किया। रास्ते में खोरागाछ टप्पू टोला के निकट बाराती गाड़ी के पलटने से उस पर सवार कन्हैया मंडल, सनील मंडल, अनिल मंडल, राकेश सिंह, केदार मंडल, प्रसाद मंडल, डोमरू मंडल, रविलाल सरदार गंभीर रूप से घायल हो गए। गाड़ी चालक फरार हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से घायल बारातियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकटी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं पांच की स्थिति को गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया के लिए रेफर कर दिया गया।
बिहार के साथ केंद्र कर रहा जुल्म : शाहनवाज
अररिया : बिहार के साथ कांग्रेस व उसकी केंद्र सरकार जुल्म कर रही है। वास्तव में कांग्रेस की सरकार को नीतीश व मोदी की सफलता से भारी जलन हो रही है। उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने रविवार को कही। इस मौके पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह तथा महिला आयोग की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लेसी सिंह, जदयू नेता महमूद अशरफ आदि मौजूद थे। शाहनवाज भाजपा नेता व विधायक आनंदी यादव की पुत्री के विवाह में शिरकत करने के लिए यहां आए हुए थे।
श्री शाहनवाज ने कहा कि बिहार में कांग्रेस दो बटे चार की पार्टी है। दो सांसद व चार विधायक। अगर कांग्रेस इसी तरह बिहार के साथ भेदभाव करती रही तो यहां वह पूरी तरह डूब जाएगी।
कोसी त्रासदी के बाद लगातार मांगने पर भी केंद्र ने बिहार को मदद नहीं दी। कोसी में पुनर्वास का जो भी काम हुआ है वह बिहार ने अपने बलबूते किया है। कोसी के बेड में नए चैनल को डेवलप करने का काम है, केंद्र बिहार सरकार को पैसे दे, जले पर नमक नहीं छिड़के। बिजली के लिए 1700 मेगावाट का हमारा निर्धारित कोटा नहीं मिल रहा है। हम स्वयं बिजली कारखाने बनवाते तो उसके लिए केंद्र कोल ब्लाक व लिंकेज भी नहीं दे रहा।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का पैसा मिल रहा है, खाली बिहार में नहीं मिल रहा। यह भेदभाव नहीं तो और क्या है? शाहनवाज ने कहा कि वे व एनडीए के अन्य सांसद आगामी सत्र में इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे।
बाक्स के लिए
अररिया में पंचायत चुनाव का प्रबंधन शानदार
अररिया: सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि अररिया सहित पूरे बिहार में पंचायत चुनाव का प्रबंधन शानदार रहा है। इसके लिए सरकार व प्रशासन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन का असर साफ दिख रहा है। शाहनवाज ने अररिया के डीएम व एसपी की तारीफ की तथा उन्हें घटना रहित पंचायत चुनाव करवाने के लिए बधाई दी।
आग लगने से आधा दर्जन घर जलकर राख
जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के चकई गांव के पूरब टोला में शनिवार की रात आग लगने से लगभग आधा दर्जन घर जलकर राख हो गए। अगलगी की इस घटना में गाय, बकरी समेत छह मवेशी की झुलस कर मौत हो गई। अग्नि पीड़ितों में अनवार अख्तर, अखबारूल, फारूख, मोसमात कारी आदि शामिल है। चकई पंचायत के मुखिया महमूद आलम ने बताया कि इस अग्निकांड में चावल, गेहूं, जेवर समेत लगभग पांच लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। जिप सदस्य तमन्ना खातून एवं मुखिया महमूद आलम ने अग्नि पीड़ितों को राहत एवं इंदिरा आवास दिलाने की मांग की है।
हार से बौखलाए प्रत्याशी व समर्थकों ने महादलित महिला के साथ किया दुर्व्यवहार
अररिया/रेणुग्राम : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलै पोठिया से मुखिया पद पर हार से बौखलाए प्रत्याशी राजेश मंडल एवं उनके समर्थकों ने रविवार को एक दर्जन से अधिक महादलित महिला व पुरुषों के साथ दुर्व्यवहार कर उनके राशन कार्ड फाड़ डाले। इस दौरान कई महादलितों की जमकर पिटाई की। घटना से आक्रोशित गांव से तीन सौ से अधिक ग्रामीण सिमराहा थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। ग्रामीणों की गुहार पर पुलिस ने दुर्व्यवहार की पीड़ितों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषिदेव समुदाय की कुछ महिलाएं व पुरुष पोठिया गांव के डीलर कलानंद यादव के दुकान पर तेल लेने के लिए गए थे। दुकान पर हारे हुए प्रत्याशी एवं उनके कुछ समर्थक पूर्व से मौजूद थे। महिलाओं को देख प्रत्याशी एवं उनके समर्थक महिलाओं के साथ गाली गलौज कर बैठे। कई महिलाओं के हाथ से राशन कार्ड लेकर फाड़ दिया। इस दौरान कई के साथ मारपीट की। पीड़ित महिलाओं में रबिया देवी, विलक्षण ऋषिदेव, कुंदन देवी, सुमित्रा देवी, दुलारी देवी, बच्चा दाय आदि ने बताया कि वे लोग निर्धारित समय के अनुसार तेल लेने के लिए डीलर के दुकान गए थे। जैसे ही वे लोग वहां पहुंचे वैसे ही प्रत्याशी व उनके समर्थक वोट नहीं देने का आरोप लगाते हुए उनके साथ गाली गलौच करने लगे। इस बीच उनके समर्थकों ने राशन कार्ड फाड़ डाले और मारपीट की। घटना के बाद सिमराहा पुलिस कुंदन देवी के बयान पर प्रत्याशी, डीलर समेत पांच नामजद एवं पांच अन्य अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तहकीकात करने में जुट गई है।
पंचायत चुनाव : खूब हो रही फूल मालाओं की बिक्री
अररिया : पंचायत चुनाव की मतगणना जिले के चार प्रखंडों में लगातार जारी है। विगत डेढ़ सप्ताह से फूल मालाओं की बिक्री ने खूब जोर पकड़ रखा है। वहीं, रंग अबीर व गुलाल भी खूब बिक रहे हैं।
अररिया के मार्केटिंग यार्ड स्थित मतगणना केंद्र के बाहर फूल माला व रंग अबीर की दर्जनों अस्थाई दुकानें लग गई हैं। प्रचंड धूप में हाथ में माला लिए कई लड़के मिल जाएंगे।
..खूब बिकता है। हर घटे सैकड़ों के हिसाब से बिक्री, एक माला विक्रेता ने बताया। प्रत्येक पंचायत में मुखिया व सरपंच के अलावा तकरीबन तीन दर्जन जनप्रतिनिधि हर दो घंटे पर निर्वाचित घोषित होते हैं। सबको चाहिए माला। इस बार कागज की डिजाइनर मालाएं खूब बिक रही हैं। लेकिन कई लोग गेंदा व गुलाब के ताजा मालाओं की फरमाइश करते हैं। लिहाजा सिलीगुड़ी से हर दिन ताजा गेंदे की मालाएं मंगवाई जाती हैं। गुलाब, लिली व डैफोडिल्स के फूलों से बने बुके की भी खूब मांग है। कई लोग सस्ता होने की वजह से कागज के फूलों की माला व बुके ही खरीदते हैं।
इसके अलावा रंग, अबीर व गुलाल की भी बिक्री पुरजोर हो रही है। मतगणना केंद्र के इर्द- गिर्द लगता है कि फूल व रंगों की बारिश हो रही है। हर रोज होली जैसा नजारा।
पक्कीकरण को लेकर प्लेटफार्म एक से परिचालन ठप
जोगबनी (अररिया) : कटिहार रेलखंड के जोगबनी स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या एक के लाइन के पक्कीकरण को लेकर रविवार से इस लाइन पर परिचालन ठप किया गया है। अब सभी ट्रेनें प्लेटफार्म संख्या दो से परिचालन करेगी। उपरोक्त बातों की जानकारी देते हुए स्टेशन प्रबंधक एनसी राय ने कहा कि लाइन संख्या एक के पक्कीकरण हेतु ब्लाक लिया गया है जो 60 दिनों का है।
सर्पदंश से महिला की मौत
कुर्साकांटा (अररिया) : शनिवार को घर के अंदर सर्प के एक बिल को बंद करने के क्रम में उसके अंदर जहरीला सर्प ने एक महिला को डस लिया। उनके परिजनों ने उसे कुर्साकांटा अस्पताल पहुंचा परंतु डाक्टरों कि अथक परिश्रम के बाद भी उसे नहीं बचाया जा सका। जानकारी के अनुसार कुटहारा निवासी मसोमात साती देवी अपनी बेटी की ससुराल मारतीपुर कैसरैल वार्ड नंबर 09 रहती थी। शनिवार के दोपहर लगभग 2 बजे घर का अंदर सर्प का बिल देखकर उसे बंद करने का प्रयास करने लगी इसी क्रम में सर्प ने उसे डस लिया जिससे उसकी मौत हो गई।
मुक्त बाल श्रमिकों को डिप्टी सीएम ने दिए चैक
अररिया : बालश्रम के अभिशाप से मुक्त कराए गए एक दर्जन श्रमिकों को उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने अनुदान राशि प्रदान की। उन्होंने पांच लाभुक महिलाओं को पारिवारिक लाभ के रूप में दस दस हजार की राशि भी प्रदान की।
उन्होंने पांच लाभुकों को निश्शक्तता पेंशन का पीपीओ भी प्रदान किया।
इस अवसर पर श्री मोदी द्वारा पूछे जाने पर मुक्त बाल श्रमिक असहाक ने बताया कि वह दिल्ली में बिंदी बनाने की फैक्ट्री में काम करता था। जहां उसके साथ न केवल दुर्व्यवहार होता था बल्कि अत्यंत ही विषम परिस्थितियों में काम करना पड़ता था।
इस अवसर पर डीएम एम सरवणन, एसपी गरिमा मल्लिक, एसडीओ डा.विनोद कुमार, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक गोपाल प्रसाद व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
प्रमुख चयन को लेकर राजनीति हुई तेज
पलासी (अररिया) : प्रखंड में संपन्न हुए मतगणना के पश्चात प्रमुख बनाने की कवायद तेज हो गई है। हालांकि इसकी शुरुआत मतगणना आरंभ होने के पश्चात से ही हो गई थी। इसको लेकर जोड़-तोड़ की राजनीति तेज हो गई है। हालांकि इस पद की दौड़ में कई नए चेहरे शामिल है। किंतु सूत्रों की मानें तो निवर्तमान प्रमुख सदानंद यादव पुन: अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहेंगे।
मतदान कर्मियों पर प्राथमिकी व पुनर्मतदान की मांग
अररिया : जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र संख्या 30 जोकीहाट के भूना मजगामा बूथ संख्या 318 पर मतदान कर्मियों द्वारा हेराफेरी करने को लेकर उन पर प्राथमिकी दर्ज करने एवं वहां पुनर्मदान कराने की मांग प्रत्याशी समरीन तबस्सुम ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी को आवेदन देकर किया है। बीबी समरीन ने आरोप लगाया है कि एक साजिश के तहत मुझे हराया गया है। उन्होंने रद किए गए मतपत्रों की गिनती पुन: कराने एवं जिला परिषद के रिजल्ट पर रोक लगाने की मांग की है। विदित हो कि भूना मजगामा पंचायत के बूथ नंबर 318 के बैलेट पेपर पर पीठासीन पदाधिकारी का हस्ताक्षर नहीं रहने एवं बैलेट पेपर पर क्रास मार्क के बदले दूसरा चिह्न अंकित रहने के कारण चुनाव परिणाम प्रभावित हुआ है। हालांकि पीठासीन पदाधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की बात प्रशासन कर रहा है।
लोक अदालत में 25 मामलों का निष्पादन
अररिया : बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार रविवार को स्थानीय न्यायालय परिसर में लोक अदालत आयोजित किया गया, जहां मजदूरी अधिनियम से संबंधित 25 मामलों का निष्पादन हुआ।
विधिक संघ सह सुलह केन्द्र के तत्वावधान में आयोजित इस लोक अदालत में एसडीजेएम किशोरी लाल तथा न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी आर मिश्रा काफी सक्रिय थे। मजदूरी से संबंधित 25 मामलों का निष्पादन किया गया। वही सुलह केन्द्र के सचिव सह सब जज अजीत कुमार सिन्हा इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।
अररिया में इंदिरा आवास की स्थिति असंतोषजनक : मोदी
अररिया : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि अररिया जिले में गरीबों को पक्का घर देने के लिए चलाई जा रही इंदिरा आवास योजना की स्थिति पूरी तरह असंतोषजनक है। वे सत्तारूढ़ दल के उपनेता गंगा प्रसाद, डीएम एम सरवणन व एसपी गरिमा मल्लिक तथा अन्य अधिकारियों के साथ जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने एक- एक कर सारी योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री को जब यह बताया गया कि जिले में चौसठ हजार से अधिक इंदिरा आवास लंबित हैं तो उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा प्रभारी डीडीसी को शीघ्र काम पूरा करवाने को कहा।
श्री मोदी ने प्रत्येक बुधवार को हरएक प्रखंड के किसी एक पंचायत में ग्राम विकास शिविर लगाने व ग्रामीणों की समस्या का मौके पर ही समाधान करने का निर्देश दिया। डीईओ, डीएसई व डीआरडीए डायरेक्टर द्वारा बैंकों की शिकायत करने पर उपमुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी व एसपी को साफ कहा कि वे भ्रष्ट बैंकरों पर शिकंजा कसें तथा जरूरत पड़े तो प्राथमिकी दर्ज करा कर जेल भेंजे।
मुख्यमंत्री नगर विकास योजना की समीक्षा के दौरान डिप्टी सीएम ने प्रत्येक शहर में मेन रोड को शानदार सड़क के रूप में बनवाने को कहा तथा स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि बिना जल निकासी के सड़कें नहीं बनायी जाए।
इस अवसर पर डीएम ने उपमुख्यमंत्री को योजनाओं के व्यावहारिक क्रियान्वयन में हो रही दिक्कतों के बारे में बताया। श्री मोदी ने बाढ़ पूर्व तैयारी की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को इस संबंध में कई निर्देश दिए। वहीं, एमएलसी डा. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने मौसम विभाग नहीं रहने के कारण हो रही दिक्कतों पर चर्चा की। डा. गुप्ता ने अररिया व फारबिसगंज के अस्पतालों में मरीजों को हो रही दिक्कतों की बात भी उठाई। सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने एबीएम सिकटी सड़क की चर्चा करते हुए कहा कि इस बार अगर इस पथ में स्थित पुलों को ठीक नहीं किया गया तो बारिश के मौसम में सिकटी का जिला मुख्यालय से संपर्क भंग हो जाएगा। सांसद सहित सभी विधायकों ने स्वास्थ्य सेवा की बदहाली तथा अस्पतालों में दवा की कमी पर सीएस की जम कर क्लास लगाई।
वहीं विधायक देवंती देवी ने भरगामा के चिकित्सा प्रभारी की मनमानी व मरीजों के साथ खिलवाड़ का मुद्दा उठाया। विधायक जाकिर अनवर ने डूडा योजनाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठाये। वहीं विधायक सरफराज आलम ने बिजली की बदहाली पर चर्चा की। प्राय: सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन पर कार्यक्रम की सूचना नहीं देने का आरोप लगाया। जिस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय सांसद व विधायक के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ही इंदिरा आवास के पासबुक बंटवाएं जाएं। अगर पंचायत में एससी एसटी को कोटा सेचुरेट कर गया है तो उसे अन्य पंचायत में दे दिया जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने बाबाजी कुटिया के समीप शहर सुरक्षा बांध के अब तक टूटे ही रहने का सवाल उठाया।
इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, डीईओ दिलीप कुमार, डीएसई अहसन, आरइओ वन के कार्यालक अभियंता उदयकांत मिश्रा, डायरेक्टर विजय कुमार व जफर रकीब, पीडब्लुडी के इइ केसी ठाकुर, सिविल सर्जन डा.सीके सिंह, एलडीएम डीके सिंहा, अश्फाक आलम आदि उपस्थित थे।
कैदियों के बीच विधिक जागरुकता शिविर आयोजित
अररिया : मंडल कारा अररिया में रविवार को कैदियों के बीच विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सब जज अजित कुमार सिेन्हा एवं देवेश कुमार ने कैदियों को उनके अधिकार के प्रति जागरूक किया। श्री सिन्हा ने कैदियों को जागरूक करते बताया कि न्यायालय से जमानत पना उनका अधिकार है। विधि सम्मत कोई भी कैदी यदि अपने अधिकार के लिए आगे आते हैं तो उन्हें न्याय जरूर मिलेगी। उन्होने कैदियों को सच्चरित्रता एवं सामाजिकता का भी पाठ पढ़ाया। कैदियों से कहा गया कि एक अच्छे इंसान ही समाज व देश का कल्याण कर सकते हैं। इसलिए समाज और देश के सेवा के लिए कैदी को भी एक अच्छे इंसान बनकर आगे आना चाहिए। मौके पर जेलर शैलेश कुमार एवं सहायक जेलर राजेन्द्र प्रसाद को कैदियों की समस्याओं को संग्रहित कर न्याय पालिका को समर्पित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कई कैदियों ने न्यायाधीश के समक्ष अपनी-अपनी समस्याएं रखी और पुलिस से सहयोग नहीं मिलने की शिकायत की।
Sunday, May 29, 2011
सलाउद्दीन बने औराही पूर्वी के मुखिया
फारबिसगंज (अररिया) : शनिवार को हुई मतगणना के अनुसार औराही पूरब से मुखिया पद पर मो. सलाउद्दीन को विजयी घोषित किया गया है। उन्होंने 821 मत लाकर निकटतम प्रतिद्वंदी मो. सलाउद्दीन को 421 मतों से हराया। ।
सरपंच पद से मो. इसराफिल ने 776 मत लाकर निकटतम प्रतिद्वंदी मो. अनवारूलहक को 134 मतों से हराया।
समिति क्षेत्र सं.40 से आसमीन को 356 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कारी बेगम को 301 मत मिले। आसमीन ने 55 मतों से विजय प्राप्त किया। वहीं 39 से रंभा देवी ने 388 मत लाये हैं जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कल्पना कुमारी को 257 मत मिले। रंभा देवी ने कल्पना देवी को 131 मतों से हराया। खवासपुर मुखिया पद से कुमार नाथ झा को 1489 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रामजी भगत को 1297 मत मिले। कुमार नाथ झा ने 192 मत से रामजी भगत को हराया।
सरपंच पद से मो. हनीश ने 1274 मत लाये जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी नूनू लाल यादव को 1010 मत मिले। मो. हनीश ने नूनू लाल यादव को 264 मतों से पराजित किया।
समिति पद से प्रमिला देवी को 616 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी मनोरमा देवी को 520 मत मिले। प्रमिला देवी ने मनोरमा देवी को 96 मतों से पराजित किया।
औराही पश्चिम से मुखिया पद से सुनील कुमार मंडल को 1537 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी अपराजीत राय को 804 मत मिले।
सरपंच पद से मो. मनोवर आलम को 1145 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सत्यनारायण मंडल को 883 मत मिले। मो. मनोवर आलम ने सत्यनारायण मंडल को 262 मतों से हराया।
समिति पद से मो. मुस्ताक को 667 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी संजय कुमार को 519 मत मिले। मो. मुस्ताक ने संजय कुमार को 148 मतों से पराजित किया।
पोठिया से मुखिया पद पर बैद्यनाथ मंडल को 713 मत मिले वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंदी मो. इमामुद्दीन को 652 मत मिले। बैद्यनाथ मंडल ने मो. इमामुद्दीन को 61 मतों से पराजित किया।
सरपंच पद से चमन लाल झा को 688 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रज्जाक को 591 मत मिले। चमन लाल झा ने रज्जाक को 97 मतों से पराजित किया।
समिति पद से राजेश कुमार मंडल को 425 मत मिले वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रामेश्वर महतो को 423 मत मिले। राजेश कुमार मंडल ने रामेश्वर महतो को 02 मतों से पराजित किया।
11वें दिन भी जारी रही मतगणना
पैकटोला में पंसस पद की दोबारा गिनती
अररिया : अररिया प्रखंड में पंचायत चुनाव की मतगणना का कार्य 11वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को ढाई पंचायतों की गिनती पूरी की गयी तथा दो पंचायतों के परिणाम घोषित किये गये। पैकटोला पंचायत में पंसस के दो पदों में से एक के लिए पुनर्मतगणना की गई। हालांकि परिणाम पर इससे कोई अंतर नहीं आया।
निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार के अनुसार चिकनी पंचायत से मुखिया पद के लिए अब्दुल कैयूम ने जीत हासिल की है। उन्हें 562 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मंसुरुल हक को 538 वोट ही मिल पाये। इस पंचायत से सरपंच पद पर आशिक आलम ने खुर्शीद आलम को पचास मतों के अंतर से हराया। वहीं, पंसस पद पर शांति देवी ने लगभग 3 सौ मतों के अंतर से जीत प्राप्त की।
पैकटोला पंचायत से मुखिया पद पर कलानंद ऋषिदेव विजयी रहे हैं। उन्होंने वीरेंद्र राम को 46 वोट से हराया। सरपंच पद पर दिलचंद ऋषिदेव ने मनोज पासवान को 19 मतों के अंतर से हराया। पंसस पद पर भामा देवी व नरगिस खातून विजयी रहीे हैं। नरगिस ने नाहिदा को तीन मतों से हराया। इस सीट के लिए दोबारा वोट गिने गए, लेकिन परिणाम में कोई अंतर नहीं आया।
पुनर्मतगणना की मांग को ले अनशन तीसरे दिन भी जारी
अररिया : ग्राम पंचायत तारण के पुनर्मतगणना को लेकर शुरू हुई आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी है।
अनशन के तीसरे दिन तक भी जिला प्रशासन के किसी अधिकारी ने अनशन कारियों की सुधि नहीं ली।
अनशन पर बैठे मुखिया प्रत्याशी के समर्थक आज भी अपने जिद पर पड़े हुये है कि जब तक एआरओ मो. हारुण एवं कर्मी रणवीर पासवान के विरुद्ध कार्रवाई नही होती है उनका आंदोलन जारी रहेगा। समर्थकों ने बताया कि भले हीं जिला प्रशासन उनके मांगों को सुनने के लिए तैयार नही है लेकिन न्याय के लिये उनकी फरियाद जारी रहेगी। गौरतलब है कि तारण पंचायत के मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए एक मुखिया प्रत्याशी रफअत प्रवीण के अभिकर्ता मो. ईशा एवं उनके समर्थकों ने पुनर्मतगणना की मांग को ले तीन दिनों से समाहरणालय परिसर में अनशन पर बैठे हैं।
चुनावी रंजिश में मारपीट का सिलसिला जारी
जोकीहाट (अररिया) : महलगांव थानाक्षेत्र के डुमरिया गांव में बुधवार की शाम चुनावी रंजिश को ले दो मुखिया प्रत्याशी जेबा खातुन एवं पंजुम शाहीन के समर्थकों के बीच मारपीट की घटना में पंजुम शाहीन के समर्थक मो. फैजान एवं धनेश्वर राम जख्मी हो गये जिसे सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। अररिया नगर थाना पुलिस को दिये बयान में फैजान एवं धनेश्वर राम ने शेख ताजुद्दीन तबारक रिजवान, करीम, रिहान, दिलशाद, इफ्तिखार, असरार आदि को दुकान में घुसकर लूटपाट करने एवं लाठी, डंडा से मारपीट कर जख्मी कर देने का आरोप लगाया है। महलगांव थानाध्यक्ष असगर अली अंसारी मामले की छानबीन कर रहे हैं।
सड़क दुर्घटना में महिला सहित चार जख्मी
कुसियारगांव(अररिया) : जिले में अलग अलग हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला सहित चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक को डा. डीएमपी साह ने हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में हड्डी रोड के डाक्टर नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानी होती है।
जानकारी अनुसार अररिया कुर्साकाटा मार्ग पर रामपुर मोहनपुर के समीप टैंपू पलट जाने से उपर बैठे फारबिसगंज निवासी बिजली मिस्त्री, चंदन कुमार यादव, खेरखा, जयकृष्ण ऋषिदेव किचकिचिया व रियासत अली अमराहा निवासी बुरी तरह जख्मी हो गए। वहीं कई लोगों को काफी चोटें लगी है। वहीं अररिया कोर्ट जाने के क्रम में मोटरसाइकिल के ठोकर लगने से रेखा देवी बुरी तरह जख्मी हो गई। जो फारबिसगंज चौड़ी परवाहा निवासी बताई जाती है।
सीबीएसई परीक्षा में भी छात्राओं का रहा दबदबा
अररिया/फारबिसगंज : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के इंटरमीडिएट परीक्षा में एक बार फिर छात्राओं का दबदबा रहा। हालांकि जिले के छात्र टाप टेन में जगह नहीं बना पाए किंतु कई छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाकर जिले का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को घोषित नतीजों में जिला मुख्यालय स्थित एक मात्र मान्यता प्राप्त सीबीएसई प्लस टू स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्राओं का दबदबा रहा। 12 वीं परीक्षा में शामिल 16 छात्रों में 15 उत्तीर्ण हुए हैं जिसमें दस छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में बाजी मारी है। जबकि पांच लड़कों में तीन प्रथम व दो द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। एक परीक्षार्थी असफल रहा है। परीक्षा परिणाम को लेकर छात्र छात्राओं में काफी उत्साह देखा गया। दिन भर परीक्षा परिणाम जानने के लिए इंटरनेट व कैफे दुकानों पर हुजुम लगा रहा। वहीं
फारबिसगंज से निप्र के अनुसार फारबिसगंज स्थित मिथिला पब्लिक स्कूल एवं रानी सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र छात्राओं ने सीबीएसई के 12 वीं की परीक्षा में परचम लहराया है। मिथिला पब्लिक स्कूल की छात्रा पूजा विहानी ने विज्ञान संकाय में सर्वाधिक 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के साथ साथ जिले का नाम रोशन किया है। वहीं श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर के पियुष कुमार ने 90.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। जानकारी अनुसार एमपीएस के सर्वेश कुमार ने 89 प्रतिशत, साक्षी प्रिया 88.8, आशिफ रहमान 89 प्रतिशत, कुमार सानू ने 87 प्रतिशत राहुल कुमार केसरी 83.6 प्रतिशत, माधुरी कुमारी चौधरी 83.4 प्रतिशत, अमित आनंद 83.6 प्रतिशत, नैरेता तरफदार ने 80.4, अविनाश गौरव 80 प्रतिशत, प्रीतम 84.2, सुमित सौरभ 85.4, चंदन कुमार 83.2, आकाश अग्रवाल 83 प्रतिशत, रिया गुप्ता 82.8, आकृति कुमारी 85.8 प्रतिशत अंक विज्ञान में प्राप्त किया है। वहीं श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर के शांति भूषण ने 85 प्रतिशत तथा श्वेता भारती ने 81.8 प्रतिशत अंक विज्ञान में प्राप्त किया है। कामर्स में अपूर्वा चंद्रा ने 84.6, विद्या समदरिया ने 81.8 तथा दीपा कुमारी ने 81.6 प्रतिशत अंक लाया है। विद्यालय सूत्र के अनुसार उक्त विद्यालय से परीक्षा में शामिल 137 परीक्षार्थियों में 95 उत्तीर्ण रहे। उत्तीर्ण छात्र दिन भर एक दूसरे को सफलता पर बधाई देते देखे गए।
दोबारा मतगणना होने पर हंगामा
पुलिस ने खदेड़ा, स्थिति नियंत्रित
फारबिसगंज (अररिया) : शनिवार की संध्या फारबिसगंज प्रखंड के बोकड़ा पंचायत की मतगणना के बाद मुखिया पद के लिए छह मत के अंतर से हार-जीत का फैसला आने के बाद पुनर्मतगणना होने पर एक पक्ष के मुखिया प्रत्याशी समर्थकों द्वारा मतगणना केन्द्र के छोटे वाले गेट पर जमकर हंगामा किया गया। इस दौरान आक्रोशित समर्थकों ने फारबिसगंज कालेज के गेट को तोड़ने का भी प्रयास किया। लेकिन सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों को खदेड़ कर भगाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
मुखिया प्रत्याशी के बीच जीत-हार का परिणाम छह मतों के अंतर का था जिसके बाद एक प्रत्याशी के द्वारा मांग किये जाने के बाद दोबारा वोटों की गिनती शुरू की गई। जिसके बाद दूसरे प्रत्याशी के दर्जनों समर्थक आक्रोशित हो उठे। समाचार प्रेषण तक मतों की दोबारा गिनती जारी थी।
चुनावी रंजिश में मारपीट का सिलसिला जारी
जोकीहाट (अररिया) : महलगांव थानाक्षेत्र के डुमरिया गांव में बुधवार की शाम चुनावी रंजिश को ले दो मुखिया प्रत्याशी जेबा खातुन एवं पंजुम शाहीन के समर्थकों के बीच मारपीट की घटना में पंजुम शाहीन के समर्थक मो. फैजान एवं धनेश्वर राम जख्मी हो गये जिसे सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। अररिया नगर थाना पुलिस को दिये बयान में फैजान एवं धनेश्वर राम ने शेख ताजुद्दीन तबारक रिजवान, करीम, रिहान, दिलशाद, इफ्तिखार, असरार आदि को दुकान में घुसकर लूटपाट करने एवं लाठी, डंडा से मारपीट कर जख्मी कर देने का आरोप लगाया है। महलगांव थानाध्यक्ष असगर अली अंसारी मामले की छानबीन कर रहे हैं।
चुनाव रंजिश में मारपीट प्राथमिकी
फारबिसगंज(अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत औराही पश्चिम पंचायत में चुनाव परिणाम आने के बाद दो मुखिया प्रत्याशी समर्थकों के बीच मारपीट के मामले में एक पक्ष क समर्थक रेणु कुमारी के द्वारा गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया है। सिमराहा थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी में सिंधू राज कुमार, शैलेन्द्र कुमार, निखिल कुमार तथा अमलेश कुमार पर वादी के आंगनबाड़ी केन्द्र पर पहुंचकर मारपीट करने एवं रजिस्टर ले जाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरा मामला प्रत्याशी समर्थकों के बीच चुनाव परिणाम को लेकर हुए मारपीट से जुड़ा हुआ है।
डिप्टी सीएम का आगमन आज
अररिया : बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रविवार को अररिया आ रहे हैं। श्री मोदी रविवार को पटना से सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन से कटिहार उतरेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग के द्वारा अररिया पहुंचेंगे। उप मुख्यमंत्री के निजी सचिव द्वारा डीएम को भेजे गये कार्यक्रम के अनुसार श्री मोदी 10 बजे डीएम व अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। श्री मोदी के कार्यक्रम के संबंध में बताया जा रहा है कि वे सिकटी के भाजपा विधायक आनंदी प्रसाद यादव की पुत्री के विवाह मेंभी शामिल होंगे।
सप्तकोसी के रास्ते नेपाल तक होगा वाहन
-सरकार के निर्देश पर राइट्स ने शुरू किया ट्रैफिक मूल्यांकन
जोगबनी (अररिया) : नेपाल को आवश्यक सामानों की पूर्ति हेतु भारत सरकार द्वारा सड़क व रेल के बाद नदियों के रास्ते भी सामानों की आपूर्ति की योजना बनायी जा रही है। इसी के तहत सरकार के निर्देश पर राइट्स टीम द्वारा शुक्रवार से मूल्यांकन प्रारंभ कर दिया है। इस संबंध में राइट्स के रामाकांत पांडे एवं जयंत श्रीवास्तव ने बताया कि सप्तकोशी के रास्ते नेपाल को समान मुहैया हेतु मूल्यांकन करने कार्य के तहत सर्वप्रथम ट्राफिक सर्वे कर यह अवलोकन किया जा रहा है कि भारत-नेपाल के बीच ट्राफिक की स्थिति क्या है? प्रतिदिन कितने यात्री व कितने वाहन आते जाते हैं? इसके बाद सप्तकोसी के जरिये आवागमन की व्यवस्था का वास्तविक सर्वे किया जाएगा।
विधायक की पहल बाद टूटा अनशन
भरगामा (अररिया) : मतगणना कार्य में की गई धांधली के विरोध में प्रखंड मुख्यालय में आमरण अनशन पर बैठे पंचायत चुनाव में विभिन्न पदों के प्रत्याशियों को विधायक देवंती यादव, पूर्व विधायक जनार्दन यादव, लक्ष्मी नारायण मेहता व अनिल यादव की पहल पर बुधवार को जूस पिलाकर आंदोलन तोड़वाया गया। जिप प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह बब्बन व मुखिया प्रत्याशी संगीता देवी सहित कई अन्य प्रत्याशी दूसरे दिन भी आमरण अनशन पर बैठे थे। उनमें से कुछ दिनों से खराब स्वास्थ्य के कारण अनशन पर बैठे श्री बब्बन की हालत दूसरे दिन काफी गंभीर हो गई और दोपहर से हीं ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों के द्वारा सेलाईन के साथ अन्य उपचार भी प्रारंभ कर दिया गया। चिकित्सा प्रभारी डा. सुखी राउत ने श्री बब्बन को डायबीटीज तथा पेट की अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित होने की जानकारी देते हुये स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से उनके अनशन को चिंताजनक बताया। इसके बाद दोपहर बाद स्थानीय विधायक देवंती यादव, पूर्व विधायक जनार्दन यादव, लक्ष्मी मेहता व अनिल यादव धरना स्थल पर पहुंचे तथा आंदोलन कारियों को मना कर उन्हें जूस पिलाकर अनशन तोड़वाया। हालांकि विधायक व पूर्व विधायकों ने कहा है कि अनशनकारियों की मांगें जायज हैं तथा इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस संघर्ष में उन लोगों का भी सहयोग रहेगा।
नदी तैर मुख्यालय पहुंचते है लोग
अररिया : शहर के एक वार्ड का संपर्क गत एक माह से जिला मुख्यालय से कटा हुआ है। लेकिन न तो नप प्रशासन और न ही जिला प्रशासन को अब तक उक्त वार्ड के निवासियों की सुधि लेने की फुरसत मिली है। वार्ड नं.29 स्थित मरिया टोला को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला परमान नदी चचरी पुल गत एक माह पूर्व आई आंधी में उड़ गया है। तब से उक्त वार्ड वासी नदी में तैर कर ही जिला मुख्यालय आते-जाते हैं। इस क्रम में दुर्घटना की आशका बनी रहती है बावजूद लोगों के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार कहते हैं मरिया टोले तक जाने के लिए नाव की व्यवस्था हो या फिर विकास के अन्य कार्य, वार्ड पार्षद की ओर से प्रस्ताव आयेगा तो उस पर निश्चय ही कार्य करवाया जायेगा।
जिला मुख्यालय से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर बसा है अररिया शहर के वार्ड नंबर 29 अंतर्गत मरिया टोला। आश्चर्यजनक है कि इ-गवर्नेस और सुशासन का दावा करने वाली इस सरकार में भी उक्त मुहल्ला तक जाने के लिए लोगों को नदी तैर कर जाना पड़ता है। शहर के इस भाग तक पहुंचने के लिए आज तक इस नदी पर पुल नहीं बनाया जा सका है,जबकि शहर के बगल से होकर इस नदी घाट पर दर्जनों लोगों की मौत डूबने से हो चुकी है। हालांकि लोगों ने जिला मुख्यालय आने-जाने के लिए चंदा कर उस नदी पर एक चचरी पुल बनाया था, किंतु वह भी विगत आंधी में उड़ गया। उसके बाद से लोग तैर कर बाजार आते जाते हैं।
किसी जिला मुख्यालय व नगर परिषद के अंदर शायद यह वार्ड पूरे प्रदेश में एक मात्र ऐसा टोला है जहां जाने के लिए नदी तैर कर पार करना पड़ता है।
चाहे दैनंदिन का रोजगार हो या फिर हाट बाजार, मरिया टोले के स्त्री पुरुषों के लिए नदी पार करने का कोई अन्य साधन नहीं है। एक टूटी नाव थी, वह भी पानी में डूब गई है। नदी की मेन धारा में कोई नाव नहीं।
इस बार मरिया टोले के लोगों का चचरी का सहारा भी छिन गया।
दशकों पहले नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर मौजा का यह टोला मुख्य शहर का अंग था। लेकिन नदी की धारा में हुए बदलाव के कारण यह टोला शहर के पूर्वी फ्रिंज एरिया में चला गया।
इस वार्ड की पार्षद हबीबा खातून कहती हैं कि मरिया टोले तक जाने के लिए मांग के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक पुल की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है।
सदर अस्पताल : पुलिस तक नहीं पहुंचती ओडी स्लिप
कुसियारगांव (अररिया) : अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण सदर अस्पताल अररिया में इलाज के लिए आये अपराध से जुड़े कई मामलों की सूचना थाने तक नही पहुंच पाती है। जिस कारण पीड़ित की मौत के बावजूद घटना पर पुलिस की नजर नहीं पड़ती। विगत 6 फरवरी से लेकर अबतक दो दर्जन से अधिक मामले पुलिस तक पहुंचे ही नहीं। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार का कहना है कि यह काम मेरा नहीं। वहीं, डीएस हुस्नआरा वहाज का कहना है कि अस्पताल में स्टाफ की भारी कमी है।
जानकारों के मुताबिक अस्पताल में मारपीट,विषपान व सड़क दुर्घटना जैसे मामलों में स्वास्थ्य कर्मियों की मिलीभगत के कारण ओडी स्लिप थाना तक नहीं पहुंचता। या तो ओडी स्लिप को फाड़ दिया जाता है या फिर चिकित्सक की लिखी पर्ची ओडी फाइलों में ही दबकर रह जाती है।
सूत्रों की मानें तो आये दिन ऐसे मामले अस्पताल में आते ही रहते हैं। यहां तक कि मरीज की मौत पर परिजन शव को ले निकल भी जाते हैं पर पुलिस तक खबर नहीं जाती।
बिजली चोरी के आरोप में व्यवसायी गिरफ्तार
अररिया : अररिया बस स्टैंड स्थित टोका लगाकर बिजली चोरी करते बलीउर्ररहमान नामक एक व्यवसायी को विभाग के एसडीओ किरण कुमार ने शुक्रवार को रंगे हाथ दबोचने में सफलता पायी है। व्यवसायी के विरूद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
दर्ज प्राथमिकी में एसडीओ श्री कुमार ने कहा है कि विगत मार्च को व्यवसायी का लाईन काट दिया गया था। लेकिन दो माह के बाद जब उक्त क्षेत्र का निरीक्षण किया गया तो उक्त व्यवसायी टोका लगाकर बिजली चोरी करते पकड़े गये। विभाग ने उनके विरूद्ध 71 हजार चार सौ सड़सठ रूपये हर्जाना का दावा ठोका है।
प्रखंड प्रमुख बनाने की कवायद शुरु
नरपतगंज(अररिया) : पंचायत चुनाव का पूरा परिणाम अभी आया नहीं लेकिन प्रखंड प्रमुख के लिए जी तोड़ के प्रयास शुरू हो गए हैं। प्रखंड में कुल 41 पंचायत समिति सदस्य है। विदित हो कि अचरा से प्रखंड प्रमुख सुलोचना देवी एवं बढ़ेपारा से उप प्रमुख मनोज यादव ने दूसरी बार जीत हासिल की है। प्रमुख पद के लिए सुलोचना देवी के अलावा पलासी पंचायत के कमलेश्वरी यादव की पत्नी विभा देवी के अलावा खाबदह पंचायत से विजयी कुमोद देवी का नाम उभरकर सामने आ रहे है। वहीं मधुरा पश्चिम से अनंत सादा की पत्नी एवं मिरदौल पंचायत की एक महिला प्रत्याशी हालांकि उनका चुनाव परिणाम आना बाकी है वे भी प्रमुख पद की दौड़ में है।
वहीं उप प्रमुख मनोज यादव की सीट सुरक्षित बतायी जा रही है। किसी भी खेमे द्वारा उप प्रमुख सीट पर बदलाव की बात नहीं की जा रही है। हालांकि नरपतगंज प्रखंड में प्रमुख सीट पर किसे बैठाया जाय यह अब तक साफ नहीं हो पाया है। वहीं मनोज यादव के बड़े भाई व क्षेत्र संख्या दो से जिला पार्षद चुनाव विपिन सम्राट का कमलेश्वरी यादव के साथ घूमना कुछ और ही इशारा करता है। प्रखंड प्रमुख पद के लिए चुनाव की तिथि घोषित नहीं हुई है। लेकिन जोड़ तोड़ शुरू हो चुकी है।
Saturday, May 28, 2011
शिक्षक पात्रता परीक्षा : ड्राफ्ट के लिए बैंकों में उमड़ रही भीड़ अफरा-तफरी
अररिया/फारबिसगंज : शिक्षक पात्रता परीक्षा के फार्म के लिए ड्राफ्ट बनवाने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ बैंकों में उमड़ रही है, जिससे बैंककर्मियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं व ड्राफ्ट बनाने वाले छात्रों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि बैंकों में बढ़ी भीड़ को देखते हुए डीएसपी मो. कासिम, थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह समेत पुलिस बल जिला मुख्यालय स्थित सभी बैंक जाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। बावजूद छात्रों, उपभोक्ताओं व बैंक कर्मियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जब तक बैंकों में इसके लिए अलग तथा एक से अधिक काउंटर नहीं खोले जाएंगे तब तक यह परेशानी कम होने वाली नहीं है। ज्ञात हो कि बिहार सरकार द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जा रही है जिसके लिए फार्म भरने की आखिरी तिथि 10 जून रखी गई है। नई व्यवस्था के तहत फार्म खरीदने के लिए एक सौ व पचास रुपये का बैंक ड्राफ्ट मांगा गया है। जिसके लिए तीन दिनों से छात्र बैंकों में ड्राफ्ट बनाने के लिए उमड़ रहे हैं। जिससे अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया है। कभी- कभी तो छात्र एवं बैंक कर्मियों के बीच नोकझोंक की नौबत आ जाती है। गुरुवार को स्टेट बैंक, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, युनाइटेड बैंक आदि में ड्राफ्ट बनाने वालों की इतनी भीड़ हो गई कि बैंक कर्मियों को काम करने में भी परेशानी हो गई। इस दौरान पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत भी झेलनी पड़ी।
फारबिसगंज से निप्र के अनुसार बिहार में भारी शिक्षकों पदों पर नियुक्ति के लिए ली जाने वाली पात्रता परीक्षा को लेकर आवेदन भरने वाले लोगों का हुजूम बैंकों में ड्राफ्ट बनाने सहित जिला मुख्यालय में आवेदन पत्र जमा करने के लिए छात्रों की भीड़ उमड़ने लगी है। शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों से मांगा गया एक सौ तथा पचास रुपये के ड्राफ्ट बनाने को लेकर उन्हें बैंकों की खाक छाननी पड़ रही है।
Subscribe to:
Posts (Atom)






