Wednesday, January 19, 2011

ग्रामीणों ने हथियार छीना, बदमाश फरार

फारबिसगंज(अररिया) : सिमराहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत खास हलहलिया गांव में सोमवार को ग्रामीणों ने दो युवकों को हथियार के साथ संदिग्ध हालत में घूमते पकड़ लिया। हालांकि बाद में दोनों युवक भागने में सफल रहे। पकड़े गये युवकों की पहचान फारबिसगंज थाना के समौल गांव निवासी सुनील यादव तथा सिमराहा ओपी क्षेत्र के हल्दिया गांव निवासी रूपेश सिंह के रूप में की गयी है।
उनके पास से ग्रामीणों ने एक देशी पिस्तौल तथा एक कारतूस बरामद किया। बाद में सूचना मिलने पर सिमराहा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन दोनों युवक इससे पूर्व हीं ग्रामीणों के बीच से भागने में सफल रहे। ग्रामीणों द्वारा बरामद हथियार को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। जबकि दोनों युवकों के खिलाफ थाना में आ‌र्म्स एक्ट के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्रत्येक वार्डो में बंटेंगे 200 कंबल

अररिया : वार्ड पार्षदों की बैठक मंगलवार को नप कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पास किये गये। बोर्ड द्वारा पारित प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक वार्डो में गरीबों के बीच वितरण के लिए 200 कंबल खरीदने का निर्णय लिया है। प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक कंबल की लागत मूल्य डेढ़ से दो सौ के बीच निर्धारित किया गया है। वहीं सफाई कर्मियों के लिए एक सौ कंबल अतिरिक्त खरीदने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा शमशान घाट में बनाये गये शवदाह गृह को पूर्ण निर्माण की स्थिति में पीएचईडी विभाग से नगर परिषद में हस्तांतरित करने की बात पर पार्षदों ने मुहर लगायी है। बैठक में पार्षदों ने एक मत से कहा कि टैक्स वसूली का तीस प्रतिशत वार्डो के विकास पर खर्च किया जाय ताकि नागरिकों को समय पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर कई वार्ड पार्षदों ने नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि पूर्व के पास प्रस्ताव पर विभागीय कर्मियों द्वारा अमल नहीं किया जाता है जो खेद का विषय है। पार्षदों ने एक स्वर से कहा कि यदि भविष्य में ऐसी गलतियों को दुहराया जाता है तो वे लोग आदोलन के लिए बाध्य होंगे। बैठक की अध्यक्षता नप अध्यक्ष अफसाना परवीन ने की। इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार, वार्ड पार्षद रेशम लाल पासवान, नूर आलम, संजय कुमार यादव, अनुराधा देवी, अरूण मिश्रा, रीतेश राय, संजय अकेला, गौतम साह, मधु देवी, तेतर पासवान आदि मौजूद थे।

सीएम साइकिल योजना: 50 लड़कियों के बीच बंटी साइकिल

जोगबनी (अररिया) : मुख्यमंत्री साइकिल योजना के तहत जोगबनी माहेश्वरी बालिका उच्च विद्यालय में मंगलवार को नवम कक्षा के कुल 50 लड़कियों के बीच साइकिल वितरण किया गया। साइकिल वितरण का कार्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका इन्दिरा मिश्रा ने विद्यालय समिति सदस्यों के मौजूदगी में किया।
इस मौके पर विद्यालय प्रधानाध्यापिका इन्दिरा मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश पर चल रही इस तरह की योजना से बच्चों में खास कर लड़कियों में शिक्षा के प्रति रूझान पैदा हुआ है। इस कारण से लड़कियों की संख्या बढ़ी है। इस मौके पर विद्यालय समिति के भीखमचन्द्र तापडिया, विद्यालय के रंजू झा, किरण, रवीन्द्र झा, केदारनाथ सिंह एवं कमला सहित विद्यालय की बच्चियां मौजूद थी।

तदर्थ कमेटी का गठन

अररिया : अररिया टाउन क्लब की बैठक सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी डा. विनोद कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से तदर्थ कमेटी का गठन किया गया। कमेटी में अध्यक्ष पद पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हंसराज प्रसाद, संयोजक मो. नुर आलम एवं सह संयोजक विजय कुमार जैन को मनोनीत किया गया है। इस कमिटि में सत्येन्द्र शरण, मो. ताहा, महेश्वर प्रसाद शर्मा, अरुण कुमार वर्मा, अब्दुस सलाम, राजेन्द्र प्रसाद यादव, एजाज सरवर एवं अजय सेन गुप्ता सदस्य बनाये गये है। मौके पर सबों ने संयोजक नूर आलम को पूर्व के सदस्यों की सूची अनुसार सदस्यता शुल्क का पुनरीक्षित सूची समर्पित करने का भार दिया है।

दहेज के लिए विवाहिता की पीट पीटकर हत्या

जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के धापी गांव में सोमवार की रात रेहाना नामक एक विवाहिता की पीट पीट कर हत्या कर दी गयी। हत्या का आरोपी और कोई नहीं रेहाना का पति ही है। रेहाना का पति सुबहान उस पर दहेज स्वरूप एक मोटरसाइकिल लाने के लिये जोर डाल रहा था। इस सिलसिले में मृत विवाहिता रेहाना के पिता इशहाक ग्राम पेचैली थाना पलासी ने सुबहान पर जोकीहाट थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। सूचना मिलते ही जोकीहाट थानाध्यक्ष मो. जुल्फिकार ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
इधर, हत्या के बाद रेहाना का पति सुबहान फरार है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सोमवार को बीबी रेहाना अपने पति सुबहान के साथ अपने मायके पेचैली गांव गयी थी। सुबहान ने अपने ससुर से मोटरसाइकिल की मांग की लेकिन ससुर इशहाक द्वारा मोटरसाइकिल देने से इंकार करने पर सुबहान अपनी पत्‍‌नी रेहाना को लेकर सोमवार को ही लौट गया। सोमवार की देर रात इशहाक को बेटी के ससुराल धापी से किसी ने सूचना दी कि आपकी बेटी की मौत हो गयी। सूचना मिलते ही इशहाक धापी पहुंचा तो बेटी की लाश बरामदे पर पड़ी देखा। इशहाक ने पुलिस को बताया है कि इससे पूर्व भी सुबहान मेरी बेटी रेहाना को दहेज के लिए प्रताड़ित करता रहता था। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। जबकि हत्यारोपी पति पुलिस गिरफ्त से फरार है।

आयकर विभाग ने की तीन दुकानों की जांच

जोगबनी (अररिया) : पूर्णिया के सहायक आयकर आयुक्त मो. शदाब अहमद के नेतृत्व में जोगबनी के तीन दुकानों में जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दिया है। ये दुकानें मेसर्स जोयो के दो किराना दुकान एवं एक मनपसंद साड़ी सेंटर है। जांच प्रक्रिया में सहायक आयकर आयुक्त के साथ दो आयकर अधिकारी निर्मल कुमार पोद्दार एवं आनंद मोहन मिश्र भी मौजूद थे।

राहजनी कर भाग रहे युवक को ग्रामीणों ने दबोचा

अररिया : नगर थाना क्षेत्र के कुसियारगांव में सोमवार की रात राहजनी कर भाग रहे एक युवक को ग्रामीणों ने खदेड़ कर दबोच लिया। बाद में दबोचे गये युवक को बाद में ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया है।
इधर, पुलिस ने राहजनी के शिकार हुये विनोद सिंह के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर युवक को जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद सिंह मोटर साइकिल से घर लौट रहे थे। रेलवे स्टेशन के समीप नहर किनारे तीन युवकों ने उन्हें रोका और जोर जबरदस्ती उनसे तीन हजार रुपये छीन ली। विरोध करने पर आस-पास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और एक युवक को दबोचने में सफलता पायी। दबोचे गये युवक का नाम मुकेश कुमार यादव बागनगर का रहने वाला बताया जा रहा है।

प्रशिक्षण का समापन

अररिया : आदर्श महिला एवं बाल विकास केन्द्र संस्था द्वारा पिछले छह माह से दी जा रही सिलाई-कटाई का प्रशिक्षण मंगलवार को समापन हुआ। 180 दिवसीय प्रशिक्षण में हुनर प्राप्त करने वाले दर्जनों लड़कियों को नप के मुख्य पार्षद द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र भी सौंपा गया। प्रशिक्षण समापन के मौके पर संस्था की सचिव सह ट्रेनर रिजवाना प्रवीण ने कहा संस्था का उद्देश्य है कि प्रशिक्षण में हुनर प्राप्त कर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने। समापन के मौके पर नगमा अख्तर, सबा, महबिश आदि मौजूद थी।

Tuesday, January 18, 2011

गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित

फारबिसगंज (अररिया) : आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी को लेकर सोमवार को फारबिसगंज अनुमंडल सभागार में प्रशासन सहित विभिन्न वर्ग के लोगों तथा प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित की गई। एसडीओ जीडी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार करने के साथ हीं कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कृषि बाजार समिति प्रांगण में किया जाना है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में झंडोत्तोलन किया जाना है। 26 जनवरी के परेड में शामिल होने वाले स्कूलों में से प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार देने के अलावा झांकी में शामिल होने वाले प्रत्येक विद्यालयों को सम्मानित किये जाने का निर्णय किया गया। परेड, झांकी सहित कार्यक्रम के सफल संचालन के लिये विभिन्न कमेटियां बनाई गई है। बैठक में एसडीपीओ एस के झा, नप के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार सिंहा, मुख्य पार्षद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
झंडोत्तोलन से एक दिन पूर्व सुबह में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कार्यक्रम भी पूर्व की तरह आयोजित की जायेगी। लेकिन इस बार माल्यार्पण कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को शामिल नही किया जायेगा। सर्व सम्मति से यह निर्णय लिया गया कि बच्चों को माल्यार्पण कार्यक्रम से राहत दे दी जाय। 26 जनवरी को प्रशासन तथा गणमान्य लोगों के बीच फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन का निर्णय लिया गया। प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में भी 26 जनवरी को परेड निकाले जायेंगे। कार्यक्रम को बेहतर बनाने के लिये एसडीओ ने सभी लोगों से सुझाव आमंत्रित किया। बैठक में संचालन कर्ता संजय शर्मा, थानाध्यक्ष ए.के गुप्ता, तमाल सैन, टुनटुन सिंह, अनिल सिंह, जदयू नेता पवन मिश्रा, रमेश सिंह, नौशाद आलम, भाजपा नेता दिलीप कुंवर, व्यवसायी भूपेश अग्रवाल, जय कुमार अग्रवाल, उपेन्द्र पासवान, राकेश शर्मा, एमजीएस के गोविंद मिश्रा, आइएचएचएस के राकेश कुमार, सी वी रमण एकेडमी के एसएनपी गुप्ता, संजीव यादव, प्रो. चन्द्रिका प्रसाद, राम कुमार भगत सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

आपूर्ति की बैठक में उठा गोदाम की गड़बड़ी का मामला

अररिया : सोमवार को सदर एसडीओ के कार्यालय कक्ष में अनुमंडल आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने की। बैठक में बाजार समिति स्थित खाद्य निगम में हो रहे गड़बड़ी पर तमाम आपूर्ति पदाधिकारी ने नाराजगी जतायी। आपूर्ति पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि गोदाम में कार्यरत मजदूर शाम चार बजे के बाद डीलरों से अवैध उगाही करते हैं इसके साथ यह भी कहा कि वितरण तिथि एक दिन होने के कारण अधिक भीड़ होती है। इस भीड़ में खराब व कम खाद्यान्न डीलरों को जबरदस्ती सौंपा जाता है। वहीं एमओ ने कहा कि माह जनवरी का आधा समय बीत जाने के बावजूद जिला से किरासन तेल का आवंटन नहीं किया गया है। जिस कारण उपभोक्ता आक्रोशित हो रहे हैं। सदर एसडीओ डा. कुमार ने मौके पर मौजूद जिला गोदाम प्रबंधक को गोदामों में मजदूर की संख्या बढ़ाने तथा वितरण की तिथि माह में दो बाद निर्धारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर चावल पूर्णिया से आपूर्ति नहीं हो पा रही है तो अगल-बगल के एसएफसी से संपर्क करें। एसडीओ ने तमाम एमओ को निर्देश देते हुए कहा कि अगर राशि ट्रांसफर में विलंब होता है तो सारे डीलरों को कैनरा बैंक में खाता खुलवाने का निर्देश दे। बैठक में फरवरी माह का राशि जमा, जनवरी माह के खाद्यान्न उठाव तथा दिसंबर माह के कूपन जमा की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला खाद्य प्रबंधक देव चन्द्र मिश्र, एडीएसओ मो. नासीरउद्दीन, एमओ हारुप रशीद, सुरेश कुमार, अजय कुमार, तिमोथ मरांडी आदि उपस्थित थे।

सात प्रखंड मुख्यालयों में बनेंगे बड़े गोदाम

अररिया : जिले में बहुत हीं खाद्यान्न भंडारण की समस्या से मुक्ति मिलने वाली है। राज्य सरकार द्वारा पंचायत स्तर तक खाद्यान्न भंडारण के लिए गोदाम बनाने की घोषणा को अमलीजामा पहनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए सरकार ने प्रथम चरण में तमाम प्रखंड मुख्यालयों में खाद्यान्न भंडारण गोदाम बनाने का फैसला किया है। इस योजना में जिले के सात प्रखंडों का चयन किया गया है, जहां गोदाम बनाई जायेगी। गोदाम निर्माण का जिम्मा एसएफसी को सौंपा गया है। अररिया, फारबिसगंज प्रखंड में मुख्य गोदाम होने के कारण नये गोदाम के लिए इनका चयन नहीं किया गया है। जिले के रानीगंज, भरगामा, कुर्साकांटा, सिकटी, पलासी, नरपतगंज व जोकीहाट प्रखंड मुख्यालय में पांच हजार क्विंटल क्षमता वाला गोदाम बनाया जायेगा।
गोदाम निर्माण के लिए जमीन का ब्यौरा बिहार स्टेट फुड एंड सिविल सप्लायर्स कारपोरेशन से एक माह पूर्व ही मांगा गया था। लेकिन अब तक सरकार के पास जमीन का ब्यौरा नहीं गया है। पलासी प्रखंड का आधा अधूरा ब्यौरा एसडीओ के समक्ष भेजा गया है।
इस संबंध में सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि सभी अंचल पदाधिकारी को शीघ्र जमीन का ब्यौरा नजरी नक्शा सहित देने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़, सूखा से निबटने के लिए ये गोदाम काफी लाभकारी सिद्ध होंगे। इधर कारपोरेशन के प्रधान सचिव व निदेशक ने जिला खाद्य प्रबंधक को स्मार पत्र भेजकर ताकीद की है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय के भीतर सातों प्रखंड के जमीन का ब्यौरा भेजने का निर्देश दिया है। इस विषय में जिला खाद्य प्रबंधक डी.सी. मिश्रा ने बताया कि खाद्यान्न भंडारण की क्षमता की कमी के कारण किसी-किसी माह का पूरा अनाज लाभुकों को नहीं मिल पाता है। कितनी लागत से यह गोदाम बनेगा इस सवाल पर श्री मिश्रा ने बताया कि पूरे राच्य भर में माडल नक्शा व माडल प्राक्कलन के आधार पर गोदाम का निर्माण कराया जाएगा।

व्यक्तित्व व नेतृत्व को लेकर प्रशिक्षण

अररिया, : भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय की जिला इकाई नेहरू युवा केंद्र संगठन अररिया के सौजन्य से युवा नेतृत्व व व्यक्तित्व विकास परियोजना प्रशिक्षण का आयोजन 12 जनवरी से किया गया है। इस तीस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का समापन 12 फरवरी को होगा। अररिया स्थित जैन धर्मशाला में चल रहे इस प्रशिक्षण में जिले के सभी नौ प्रखंडों से आये तीस युवा भाग ले रहे है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा समन्वयक शिवजी पांडेय ने कहा कि युवाओं में व्यक्तित्व और नेतृत्व करने की क्षमता का विकास करना इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य है ताकि युवा वर्ग देश के लिए एक बेहतरीन मोडल बन सके। प्रशिक्षक के रूप में प्रो. कमर मासूम, प्रो. बासुकी नाथ झा, डा. नाजिया परवीन, बचनेश्वर मिश्रा, परवेज आलम और शाहजहां अंसारी ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया गया। जिसमें मनरेगा, स्वयं सहायता समूह, आपदा प्रबंधन, प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य, मातृत्व लाभ योजना, कबीर अंतयेष्टि योजना, आम बीमा योजना, एचआईवी एड्स और शिक्षा साक्षरता आदि विषय पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी गयी। तीस दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में कई अन्य विशेषज्ञों द्वारा भी सरकारी और गैर सरकारी योजनाओं की जानकारी युवाओं को दी जायेगी।

पोशाक राशि वितरण से बच्चों की उपस्थिति बढ़ी : पिंकी

कुर्साकाटा(अररिया) : मुख्यमंत्री पोशाक योजना के तहत बच्चों के बीच पोशाक राशि, छात्रवृत्ति एवं अन्य सुविधा उपलब्ध किये जाने से विद्यालयों में छात्र एवं छात्राओं की उपस्थिति में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे है। यह बातें सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पिंकी देवी ने पोशाक राशि वितरण के दौरान कही। छात्र एवं छात्राओं को पोशाक राशि के रूप में प्रति छात्र पांच सौ रूपये देते हुए उस राशि से पोशाक खरीदने की बात कही। पिंकी देवी ने बताया कि विकास शिविर में भी विद्यालय के 88 छात्र एवं छात्राओं को पोशाक राशि दी गयी। इससे शिक्षा के प्रति छात्र एवं अभिभावकों के बीच शिक्षा के प्रति रूझान बढ़ी है। मौके पर जिला पार्षद प्रतिनिधि विकास प्रसाद साह, शिक्षिका मधु देवी, प्रतिमा कुमारी, अर्चना एवं अभिभावक गण मौजूद थे।

मो. तैय्यब अध्यक्ष व अमर बने महासचिव

अररिया : बिहार स्टेट बार काउंसिल, पटना के निर्देशानुसार सोमवार को अररिया जिला बार एसोसिएशन का चुनाव संपन्न हुआ। मतगणना के बाद अध्यक्ष पद के लिये मो. तैय्यब तथा महासचिव अमर कुमार (प्रथम) जबकि संयुक्त सचिव पद के लिये द्विजेन्द्र प्र. गुप्ता तथा अमर कुमार (द्वितीय) निर्वाचित घोषित किये गये। चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिये चुनाव प्रभारी वरीय अधिवक्ता मो. हासीम बनाये गये थे। अध्यक्ष पद के लिये वरीय अधिवक्ता मो. तैयब तथा देवेन्द्र मिश्रा महासचिव पद के लिये अमर कुमार (प्रथम), राज कुमार राही, राजेन्द्र विश्वास तथा संयुक्त सचिव पद के लिये द्विजेन्द्र कुमार गुप्ता, अमर कुमार द्वितीय, सुरेश राम समेत मो. अयाजउद्दीन अपना भाग्य अजमा रहे थे। जिसमें मो. तैय्यब को कुल 240 मत मिले जबकि देवेन्द्र मिश्रा को 144 मत प्राप्त हुआ, वहीं महा सचिव पद पर अमर कुमार (प्रथम) ने कुल 198 मत लाये। वहीं संयुक्त सचिव के दो पदों के लिए हुए चुनाव में द्विजेन्द्र कुमार गुप्ता ने 206 मत तथा अमर कुमार (द्वितीय) ने 174 मत प्राप्त कर विजयी हुये। जबकि इस पद पर खड़े मो. अयाजुद्दीन तथा सुरेश राम ने क्रमश: 122 एवं 113 मत प्राप्त कर सकें। महासचिव पद के प्रत्याशी रहे राज कुमार राही ने 136 तथा राजेन्द्र विश्वास ने 44 मत ही प्राप्त कर सकें।
अधिवक्ताओं के इस संघ के होने वाले चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लिये वरीय अधिवक्ता कपिलेश्वर लाल कर्ण तथा मो. मोजाहीद एवं कोषाध्यक्ष अशोक कुमार पासवान, सहायक सचिव पद पर अरुण कुमार सिंह समेत कार्यकारिणी सदस्यों के लिये राजेन्द्र प्र. शर्मा, दिनेश प्र. सिंह, कमल प्र. साह, कमलेश्वरी प्र. यादव, प्रदीप कुमार नाग, मो. शाहिद अख्तर तथा मो. साबीर आलम को निर्विरोध घोषित किया गया। माडल रूल के तहत संपन्न हुये इस चुनाव में अधिवक्ता सदस्यों ने अपने मत का प्रयोग किया। वहीं कुल 471 अधिवक्ता सदस्यों में से 385 अधिवक्ताओं ने अपना मत डाले।
चुनाव परिणाम घोषणा के बाद चुनाव प्रभारी मो. हासीम ने अधिवक्ताओं को शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने को लेकर धन्यवाद दिया।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

कुर्साकांटा(अररिया) : सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा भवन में जनगणना कर्मियों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत की गयी। प्रशिक्षक के रूप में योगेन्द्र शर्मा, जगन्नाथ झा, मोहन लाल सरदार, प्रकाश चंद्र गुप्त, शशि भूषण विश्वास, नारायण यादव आदि प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को मतगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी देने का काम किये। उक्त आशय की जानकारी बीडीओ पृथ्वीनाथ पांडेय ने दी।

लिपिक के साथ हुई मारपीट को लेकर कर्मियों ने दिया धरना

पलासी(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय में रविवार को नकटाखुर्द पंचायत में इंदिरा आवास का गलत ढंग से एडभाईस बनाने की बात का प्रतिरोध करने पर प्रखंड लिपिक अमरजीत राय के साथ अभद्र व्यवहार व मारपीट की गयी। इस घटना के बाबत बीडीओ अमिताभ के निर्देश पर पीड़ित श्री राय द्वारा पलासी थाना के बेलबाड़ी गकांव के युवक युगल किशोर यादव सहित अन्य दो युवक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जिसका पलासी थाना कांड संख्या 09/11 अंकित है। दर्ज प्राथमिकी में लिपिक राय ने कहा है कि रविवार को युगल किशोर प्रखंड पहुंचकर नकटाखुर्द पंचायत के इंदिरा आवास के एडभाईस गलत ढंग से बनाने के लिए लिपिक पर दबाव डाला। प्रतिरोध करने पर श्री यादव ने लिपिक श्री राय के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट किया तथा धमकी दी। वहीं दूसरी ओर नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को प्रखंड व अंचल कर्मियों द्वारा धरना प्रखंड मुख्यालय में दिया गया। बाद में बीडीओ व सीओ के गिरफ्तारी के आश्वासन पर धरना को समाप्त किया गया।

घरेलू विवाद के कारण महिला ने किया विषपान

कुसियारगांव (अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में रविवार की देर शाम विकास कुमार की पत्‍‌नी समता देवी ने घरेलू विवाद के कारण विषपान कर लिया। परिजनों के सहयोग से इलाज के लिए भर्ती कराया गया। घटना को लेकर चिकित्सक ने सूचना थाना को भेज दिया है जिसका इलाज जारी है।

युवती के साथ गांव के ही अधेड़ ने किया दुष्कर्म

पलासी(अररिया)  प्रखंड के सुकसेना भदौना गांव की एक युवती के साथ बीते शनिवार को गांव के ही एक 55 वर्षीय व्यक्ति द्वारा जबरन दुष्कर्म किया गया।
इस बाबत पीड़िता ने पलासी थाना में दुष्कर्मी मो. रकीब सहित तीन व्यक्तियों के विरुद्ध थाना कांड सं. 10/11 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज भी है। इधर पलासी थाना पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए अररिया भेज दिया है। दर्ज प्राथमिकी में पीड़िता ने कहा है कि शनिवार को वह बकरी लाने खेत गयी जहां अकेला पाकर मो. रकीब ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

कांग्रेस कमेटी की बैठक आज

अररिया : मंगलवार को कांग्रेस के जिला कार्यालय गांधी आश्रम में सभी प्रखंड अध्यक्षों की एक बैठक आहूत की गयी है। बैठक में संगठन की मजबूती एवं केन्द्र प्रायोजित योजनाओं को ले विचार विमर्श होगा। यह जानकारी जिला प्रवक्ता अब्दुस सलाम ने दी।

कलश यात्रा में उमड़ी महिलाओं की भीड़

जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के जहानपुर गांव के कमार टोला के महिलाओं ने पुत्र के दीर्घायु होने को लेकर शिव मंदिर स्थित तालाब से जल भरकर दुर्गा मंदिर जहानपुर तक कलश यात्रा सोमवार को निकाली। कलश यात्रा की अध्यक्षता कर रही महिला मीरा देवी ने बताया कि नियमानुसार साढ़े तीन दिनों में लगभग एक दर्जन गांवों में भिक्षाटन कर मां दुर्गा की पूजा के लिए राशि एकत्रित की गयी है। कलश यात्रा में शीला देवी, रामवती देवी, पार्वती देवी, मीना देवी, सावित्री देवी, कैला देवी, एवं कीर्तन मंडली में कपिल लाल दास, लालचंद्र दास, ज्योतिष दास, जयराम दास, दालचद दास आदि शामिल थे।