Tuesday, May 29, 2012

एक दर्जन अपहरण कांडों का वांछित है पप्पू


अररिया : कहलगांव एवं साहेबगंज से दो छात्रों का अपहरण कर नेपाल भागने के क्रम में अररिया में पकड़ा गया पप्पू एक दर्जन से अधिक अपहरण और हत्याकांडों का वांछित अपराधी है। यह खुलासा सोमवार को पप्पू यादव एवं उनके गिरोह के दो अन्य सदस्य विवेक व बंटी ने अररिया पुलिस के समक्ष किया है।
पुलिस के समक्ष पप्पू यादव ने खुलासा किया कि 10 वर्षो से वह अपराध की दुनिया में है लेकिन वर्ष 2008 से उसके विरुद्ध पहली बार आ‌र्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई। एक बार वह जेल भी गया लेकिन जल्द ही उसकी रिहाई हो गयी। इसके बाद वर्ष 2012 के 15 अप्रैल को हजारीबाग के चौपारन स्थित बालाजी ज्वेलर्स दुकान में घटना को अंजाम दिया। इस घटना में उनकी पत्‍‌नी मिली सिंह अंगूठी लेने के बहाने दुकान गयी। दुकान में अंगूठी लेने के बाद चार हजार रुपये भुगतान किया। इसके बाद सोने का अन्य जेवरात निकलवाकर मिली बाहर में लगी गाड़ी में आकर बैठ गयी। दुकान के एक स्टाफ ने जब रुपये की मांग की तो बगल में खड़े गिरोह के दो लड़कों ने स्टाफ पर गोली चला दी थी। इस संबंध में दुकानदार ने चौपारन थाना कांड संख्या 79/12 दर्ज करायी थी। वर्ष 2011 में साहेबगंज स्थित ह्वाईट हाउस से दो लड़के सोनू एवं झंडु नामक 14-15 वर्षीय छात्र का अपहरण किया। जनवरी माह तक फिरौती की रकम नहीं मिलने पर पप्पू एवं विवेक ने पहले सोनू की बाराहाट के निकट हत्या कर दी। फिर दो दिन बाद साहेबगंज में झंडु की हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक डाला। पुलिस के समक्ष पप्पू ने बताया कि दोनों छात्र की हत्या के बाद वे लोग वैष्णो देवी मंदिर चले गये। वहां से दस दिन बाद जब लौटे तो बोकारो होते हुए आसनसोल गये। वहां से लौटकर एक माह पूर्व ही कटिहार के नया टोला में किराये का मकान लेकर रहने लगा। पप्पू ने खुलासा किया कि साहेबगंज थाना कांड संख्या 20/12 एवं बाराहाट भागलपुर थाना कांड संख्या 4/12 में अपहरण के बाद हत्या के मामले में वांछित है।
पप्पू ने यह भी खुलासा किया कहलगांव थाना कांड संख्या 151/12 में भी पुलिस उसे सरगर्मी से तलाश रही थी। उन्होंने बताया कि इस कांड में संतोष कुमार जायसवाल का अपहरण के बाद उनके मां से 5 लाख रुपये फिरौती की मांग किया गया था। संतोष की मां दो लाख रुपये देने के लिये तैयार भी हो गयी थी। 35 दिन पूर्व सकरी रोड साहेबगंज से उठाया गया मोनू के पिता ने 45 हजार रुपये अपहत्र्ता को चुकता भी कर दिया था। लेकिन अपहर्ता चुकायी गयी रकम पर तैयार नही हो रहा था। पूछताछ के बाद एसपी शिवदीप लांडे ने बताया कि पप्पू यादव अपहरण एवं फिरौती नहीं मिलने के हत्या करने का एक बड़ा संगठित गिरोह चला रहा था। इस गिरोह का तार बिहार, बंगाल, झारखंड एवं अन्य राज्यों से जुड़ा है। एसपी ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर इस गिरोह के निशाने पर कई और अपहरण की योजना थी।

कौन बनेगा अररिया नप का एमपी


अररिया : नगर परिषद के मुख्य पार्षद (एमपी) पद चुनाव की तिथि घोषित होते ही शहर की राजनीति का तापमान अचानक बढ़ गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने नप के मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद चुनाव के लिए 9 जून की तिथि निर्धारित की है।
इधर 29 वार्ड वाले अररिया नगर परिषद के मुख्य पार्षद की होड़ में तीन नामों की चर्चा जोरों पर है। इनमें निवर्तमान मुख्य पार्षद व वार्ड 18 की पार्षद अफसाना प्रवीण, वार्ड नं. 22 की पार्षद स्वीटी दास गुप्ता तथा वार्ड नं. 23 की पार्षद अनुराधा देवी के नाम शामिल हैं। नप क्षेत्र में 29 वार्ड पार्षद हैं। कुर्सी पर काबिज होने के लिए 15 के जादुई आंकड़े की जरूरत है। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि तीनों प्रबल दावेदार 15-15 वार्ड पार्षद का समर्थन का दावा कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार निवर्तमान मुख्य पार्षद को एक बार फिर कुर्सी दिलाने के लिए अररिया विधायक के समर्थक काफी सक्रिय हैं। जबकि स्वीटी दास गुप्ता के लिए यहां के एक बड़े माननीय तथा विस प्रत्याशी रहे एक नेता का टीम काम कर रहा है। वहीं अनुराधा देवी तीसरा खेमा बनाकर विकास के नाम पर पार्षदों से समर्थन का दावा कर रही है।
एक दर्जन पार्षद सैर कर रहे गंगटोक की
अररिया: एक दर्जन नव निर्वाचित वार्ड पार्षदों से भेंट नहीं हो रही। उनके वार्ड के वोटर परेशान हैं कि आखिर वे गये कहां? सूत्रों की मानें तो पार्षदों का एक खेमा फिलहाल गंगटोक की सैर पर है। तो दूसरा खेमा पार्षदों को लेकर धरान विराटनगर घुमा रहा है। वोट की भी बोली लग चुकी है। लेकिन शहर के आम लोगों की जुबां पर बस एक ही बात है। जो भी मुख्य पार्षद बने, अनुभवी, ईमानदार व शहर हित में सोचने वाली हो।

12वीं की परीक्षा में एमपीएस के विद्यार्थियों ने लहराया परचम


फारबिसगंज(अररिया) : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड दिल्ली द्वारा संचालित 12 वीं परीक्षा में स्थानीय मिथिला पब्लिक स्कूल के छात्र छात्राओं ने कामयाबी की बेहतरीन मिसाल पेश की है। सोमवार को प्रकाशित 12 वीं के परीक्षाफल में इस विद्यालय के चार छात्रों ने जहां विज्ञान संकाय में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए वहीं कामर्स विभाग में पांच छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाकर फारबिसगंज ही नहीं अपितु अररिया जिला का नाम रोशन किया है।
विद्यालय की प्राचार्य पुतुल मिश्र ने बताया कि साइंस स्ट्रीम में अनुज प्रियदर्शी ने 94.6 प्रतिशत अंक लाकर टाप किया है। जबकि अर्पित कुमारी राठी ने 93.2 प्रतिशत, अम्बुज अंकेश ने 91.8 प्रतिशत और रजत फोगला ने 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। वहीं 12 विद्यार्थियों ने 80 में 90 प्रतिशत अंक लाया। उसी तरह कामर्स स्ट्रीम में जिन पांच विद्यार्थियों ने नब्बे प्रतिशत से ज्यादा प्राप्तांक लाया उनमें अपेक्षा अग्रवाल 95.4 प्रतिशत अंक के साथ सबसे आगे रहे। जबकि कुंदन शर्मा ने 92.4 प्रतिशत, रश्मि गुप्ता 92 प्रतिशत, स्मृति अग्रवाल 90.8 प्रतिशत और स्नेहा बोथरा ने 90 प्रतिशत प्राप्त की है।
प्राचार्य श्रीमती मिश्रा ने बताया कि शोभना कीर्ति और नंदी राय टोपनो ने अंग्रेजी में 94 प्रतिशत, अनुज प्रियदर्शी ने गणित में 96 प्रतिशत, फीजिक्स में 95 प्रतिशत और अपेक्षा अग्रवाल ने फिजीकल एजुकेशन में 100 प्रतिशत तथा संगीत में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है।

बिगाड़ के दानव पर हावी हुआ ईमान का ईश्वर


बसैटी (अररिया) : आपस में जमीन के एक छोटे टुकड़े के लिए दो पक्षों के चल रहे बिगाड़ के दैत्य पर आखिरकार ईमान का ईश्वर हावी हो गया। पंचों ने बसैटी में दो पक्षों के बीच दशकों से चल रहे भूमि विवाद को मिनटों में निबटा दिया।
रानीगंज प्रखंड की ग्राम कचहरी बसैटी के सरपंच पूनम देवी की पहल पर रविवार को 28 साल पुराने जमीन संबंधी विवाद को आपसी समझौते के आधार पर निष्पादित कर दिया गया। इस फैसले ने चाचा-भतीजे व अन्य संबंधियों के बीच चल रही कटुता को मिटा कर आपसी संबंधों को मधुर बना दिया। इस पंचायत में जन प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी आदि शामिल थे।
सरपंच पूनम देवी ने बताया कि प्रथम पक्ष कादीर अंसारी द्वितीय पक्ष शरीफ अंसारी जब्बार अंसारी व वगैरह के बीच जमीन के दखल व कब्जा को लेकर 1984 ई. से विवाद चल रहा था। एक दूसरे के दुख-सूख में शामिल होना तो दूर एक दूसरे को देखना तक नही चाहते थे। दो माह पूर्व मो. कादीर अंसारी द्वारा अपने भतीजे एवं संबंधियों के विरुद्ध एक लिखित आवेदन ग्राम कचहरी को दिया गया था। ग्राम कचहरी की ओर से सभी पक्षकारों को सूचना के माध्यम बुलवाकर सुना गया। पक्षकारों के सहमति से पंचों का गठन कर विवादित जमीन का रजिस्ट्री केवाला, दखल कब्जा तथा पूर्व के समझौता सहित अन्य बिंदुओं पर विचार विमर्श करने के उपरांत विवादित जमीन के स्थल कर सुनाया गया। जिसे सभी पक्षकारों ने राजी खुशी से स्वीकार किया तथा एक दूसरे के गले मिलकर सारी रंजिशें भुला दी।
वहीं, जमींदार सुरेन्द्र विश्वास ने पक्षकारों को गले मिलते देख जमीन के उस प्लाट में बची आधा डि. जमीन अपनी मर्जी से रास्ते के लिये दान में दे दी। इस बैठक में जहांगीर अंसारी, झावों चौधरी, दिनेश पासवान, मो. जाबीर अंसारी, मो. सिराज, ग्राम कचहरी सचिव साजिया तब्स्सूम, उपसरपंच अवधेश कुमार सहित अन्य बुद्धिजीवी व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

रूहे कायनात कांफ्रेंस संपन्न


बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के बसैटी गांव में एक दिवसीय रूहे कायनात कांफ्रेंस का समापन हुआ। जिसमें पटना, झारखंड, यूपी से आये उलमाओं ने कुरान व हदीश के रोशनी में नमाज, रोजा, हज, जकात, आपसी भाई चारा आदि बिंदुओं पर तफसील से चर्चा की।
मौलाना गुलाम रसूल बलयाबी, मोलाना कुतुबुद्दीन चतुर्वेदी, मौलाना अब्दुल कासीम, मुफ्ती मो. आसिफ आदि ने कुरान पाक को दुनियां का सबसे बेहतरीन किताब बताया। इस पाक किताब की तिलावत करने तथा खोदा के सबसे प्यारे पैगंबर हजरत मो. स. के बताये हुए तरीकों पर चलने की नसीहतें दी। वहीं मो. अहमद रजा, नजाम समसी आदि ने अपने खूबसूरत आवाज में गजल व नाच सुनाकर उपस्थित लोगों को खुश कर दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में मो. जाबीर अंसारी, मोलवी सगीर उद्दीन, मौलाना मो. आरिफ सहित स्थानीय लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

जाम बना आम, परेशान हर खास ओ आम


अररिया : यह शायद विकास का नकारात्मक बाय प्रोडक्ट है। जाम की समस्या जिले के जीवन के लिए नासूर बनती जा रही है। हर कोई परेशान है, लेकिन समस्या का हल नहीं ढूंढा जा रहा है। सुबह और शाम, जाम ही जाम। अररिया व फारबिसगंज जैसे शहर विगत पंद्रह साल से जाम से त्रस्त हैं। जाम जी का जंजाल बन चुका है और अब इसका रोग रानीगंज व अन्य ग्रामीण शहर बाजारों में भी लग चुका है।
जिले में यातायात परिदृश्य पर गौर करें तो यही प्रतीत होता है कि प्रशासन जाम हटाने के प्रति गंभीर नहीं है। अगर ऐसा होता तो अररिया व फारबिसगंज में सुबह आठ बजे से शाम नौ बजे के बीच बड़े वाहनों के प्रवेश पर लगे अंकुश का कड़ाई से पालन जरूर होता।
पहले सड़कों के जर्जर होने की वजह से जाम लगता था। जुम्मन चौक व फारबिसगंज बथनाहा मार्ग पर लगने वाला जाम अक्सर चर्चा में रहते थे। लेकिन अब तो सड़कें चकाचक बन गयी हैं। तो फिर जाम क्यों लग रहा है? जानकारों की मानें तो आम जन का ट्रैफिक नियमों के प्रति अराजक माइंड सेट जाम का सबसे पहला कारण है। लोग सड़कों पर चलने के दौरान यातायात नियमों का पालन नहीं करते। सड़क पर खड़ा होकर बतियाना आम शगल बन गया है, अगर टोकिये तो अपनी शामत ही समझिए। ..सड़क आपके बाप की है ? वाद विवाद की लंबी श्रृंखला। सड़कों पर अतिक्रमण, ट्रैफिक नियमों की उपेक्षा, वाहन पड़ाव का अभाव तथा पार्किंग व्यवस्था का नहीं होना जाम लगने के अन्य प्रमुख कारण हैं।
अररिया में काली मंदिर चौक से चांदनी चौक व आगे बर्मा सेल तक अक्सर जाम जैसी स्थिति रहती है। हास्पीटल रोड तथा बस स्टैंड रोड की भी यही स्थिति है। सदर अस्पताल के निकट जाम के कारण अक्सर छोटे बड़े हादसे भी होते रहते हैं। शहर की सारी सड़कों पर रिक्शा आराम से खड़े रहते हैं। अब जरा इनके प्रति प्रशासन की संवेदना पर गौर कर लीजिए। शहर को स्वच्छ व अतिक्रमण मुक्त रखने की जिम्मेदारी नगर परिषद की होती है। लेकिन नगर परिषद के ठीक सामने ही टेंपू पड़ाव लगता है। बस स्टैंड से नगर परिषद को हर साल लाखों की कमाई होती है, लेकिन अब तक बस पड़ाव की समुचित व्यवस्था नहीं की गयी है।
उधर, फारबिसगंज के सदर रोड व अस्पताल रोड में जाम का रोग वर्षो पुराना हो गया है। अस्पताल रोड में जाम का संकट दूर करने के प्रति प्रशासन की असंवेदनशीलता समझ से परे लगती है। जाम से जोगबनी शहर भी परेशान है। थाना से अ गर आपको सीमा पर स्थित जेपी द्वार तक जाना हो तो एक किमी की दूरी तय करने में कम से कम आधा घंटा जरूर लग जायेगा।
इधर, स्टेट हाइवे 76 व 77 के चालू हो जाने के बाद रानीगंज में भी जाम की बीमारी लग गयी है। इसके अलावा अररिया जीरो माइल, बैरगाछी, मदनपुर, बरदाहा, कुर्साकाटा, नरपतगंज, जोकीहाट, रजोखर, गीतवास व ताराबाड़ी जैसे ग्रामीण बाजारों में भी जाम का जंजाल जानलेवा बनता जा रहा है।

15 करोड़ की लागत से चार पुल का शिलान्यास

जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के लोगों के लिए रविवार का दिन शायद एक बड़ा दिन था क्योंकि लगभग पंद्रह करोड़ की लागत से चार पुलों का शिलान्यास सह निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। जोकीहाट -महलगांव सड़क पर डुमराकुंड , जोकीहाट -दलमालपुर रोड में सरकारी धार बलुवा,फुलवड़िया धार एवं डोमिया धार में पुल निगम की ओर से चार बड़े पुलों का शिलान्यास विधायक सरफराज आलम ने किया। शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्री आलम ने कहा डुमराकुंड पुल जहां महलगांव क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण तोहफा है। वहीं बलुवा सरकारी धार में बनने वाले पुल से अररिया जिले को पूर्णियां से जोड़ेगा क्योंकि अररिया व पूर्णियां के लोगों का एक दूसरे से रोटी बेटी का रिश्ता है। उन्होने कहा बिहार सरकार विकास के प्रति संवेदनशील है। विधायक श्री आलम ने उपस्थित लोगों से पुल निर्माण में सहयोग देने का आग्रह किया। विधायक श्री आलम ने कहा जोकीहाट बाढ़ वाला इलाका है। इन पुलों के निर्माण से अब बाढ़ के दिनों में भी ग्रामीणों को प्रखंड व जिला मुख्यालय आने जाने में कोई कठिनाई नहीं होगी। इससे पूर्व विधायक ने पाइलिंग मशीन चलाकर पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। पुल निगम के प्रोजेक्ट इंजीनियर आफाक अहमद ने कहा पुल निर्माण कार्य जारी है निर्धारित समय सीमा के अंदर ही निर्माण कार्य पुरा कर लिया जाएगा। मौके पर पुल निगम के जेई मिथिलेश कुमार मारती , अमिकर्ता पंकज पाठक,सुशील कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ चौधरी, मुखिया महमूद आलम, पूर्व मुखिया प्रदीप यादव,समेत सैंकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

सम्मेलन 10 जून को

अररिया : जिला जनता दल यू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का जिला स्तरीय सम्मेलन 10 जून को टाउन हाल अररिया में होगा। यह जानकारी पूर्व मंत्री प्रदेश जदयू के उपाध्यक्ष मंजर आलम ने दी। इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव वर्तमान सांसद रामचंद्र प्रसाद सिंह भाग लेंगे। जदयू जिलाध्यक्ष मो. नौशाद आलम ने बताया कि पार्टी संगठन की मजबूती एवं अल्पसंख्यक विकास संबंधी योजनाओं पर चर्चा होगी।

सम्मेलन के दूसरे दिन संगठन को लेकर हुई चर्चा


फारबिसगंज(अररिया) : 24 वां अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद के संगठन एवं नयी कार्यकारिणी के गठन को लेकर परिषद के उपाध्यक्ष डा. एनएल दास की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गयी। जिसमें फारबिसगंज सहित अररिया अनुमंडल इकाई के नव कार्यकारिणी की घोषणा की गयी।
बैठक के उपरांत डा. एनएल दास ने बताया कि फारबिसगंज अनुमंडल इकाई में पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता को संरक्षक एवं मांगन मिश्र मार्तण्ड को अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इनके साथ महासचिव पद पर रामप्रकाश यादव, उपाध्यक्ष पद पर अरविंद ठाकुर और नरेन्द्र पांडेय, कोषाध्यक्ष प्रकाश कुमार और कार्यालय मंत्री संजय कुमार ठाकुर चुने गये। इसी प्रकार अररिया अनुमंडल इकाई के लिए अभय शंकर झा अध्यक्ष, रामपरी चौधरी, महासचिव और किरण झा उपाध्यक्ष बनायी गयी।
डा. दास ने बताया कि इसके अलावा परिषद के मैथिली एक्शन कमेटी का भी गठन किया गया जिसमें पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता, फारबिसगंज को संयोजक तथा पूर्व विधायक संजय झा, वैशाली के मनोज यादव, बेगुसराय के दिनेशानंद सिंह और रांची के डा. धनाकर ठाकुर को सदस्य बनाया गया है। जबकि परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयनगर के डा. कमलकांत झा और कानपुर के प्रेमकांत झा के नेतृत्व में एक्शन कमेटी संपूर्ण मिथिलांचल का दौरा कर जन जागरण अभियान चलायेगी।
मौके पर अनंत झा, किरण, डा. उदय शंकर झा, प्रमोद कुमार झा, अमलेश झा, अशोक आदि उपस्थित थे।

Wednesday, May 23, 2012

भवन निर्माण में गड़बड़ी करने वाले आधा दर्जन हेडमास्टरों पर होगी


नरपतगंज (अररिया) : बुधवार के रोज आदर्श मध्य विद्यालय में भवन निर्माण को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी। बिहार शिक्षा परियोजना के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की विद्यानंद ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में भवन निर्माण में गड़बड़ी करने वाले आधा दर्जन विद्यालय प्रधानों पर कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
डीपीओ श्री ठाकुर ने प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रखंड के कई विद्यालयों मं अभी तक शौचालय, रसोई घर, छत ढलाई नहीं हुई है ऐसे सभी विद्यालयों में काम को 20 जून तक हर हालत में कार्य पूरा कर लें। अन्यथा 20 जून के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं 25 मई को पून: सभी विद्यालय प्रधान को केशबुक, पासबुक, कार्यवाही पंजी की छाया प्रति के साथ बीआरसी में उपस्थित होने को कहा गया है। कार्रवाई का दिया आदेश: प्रखंड के प्रावि थलहा गढि़या, प्रावि बबुआन ऋषिदेव टोला, महेशपट्टी पूरब भाग, उमवि दरगाहीगंज, अचीतनगर मिरदौल, रिफ्यूजी पलासी के प्रधानाध्यापक पर डीपीओं ने बीईओ आमीचन्द राम से जांच कर अनुशासनात्मक व प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई का आदेश दिया। इस समीक्षात्मक बैठक में बीईओ आमीचन्द राम, बीआरपी अवधेश कुमार, अर्चना कुमारी, अनु. शिक्षक संघ के सचिव विद्यानंद पासवान, मो. एहसान, मदन यादव, सहित आदि प्रधान शिक्षक उपस्थित थे।

जनस्वास्थ्य कर्मचारी संघ की बैठक


कुर्साकांटा (अररिया) : बुधवार को कुर्साकांटा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में बिहार चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य कर्मचारी संघ की एक बैठक आयोजित की गयी। संघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष भवतारिणी शरण की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में विभिन्न समस्याओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी।
बैठक में राज्य संयोजिका पूनम कुमारी ने स्वास्थ्य अधिकार को मौलिक अधिकार में शामिल कराने हेतु राज्य में 20-25 मई तक जनजागरण चेतना यात्रा के आयोजन पर बल दिया। मौके पर राज्य के संघर्ष उपाध्यक्ष सुशील कुमार झा, किरण झा, मदन पासवान, राजेन्द्र पासवान, मनिषा कुमारी, माला कुमारी, विभा झा, उर्मिला देवी सहित अनेक स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।

निर्मल बाबा मामले में नया मोड़


अररिया : निर्मल सिंह नरुला उर्फ निर्मल बाबा द्वारा पटना हाई कोर्ट में दायर याचिका की सुनवाई के बाद गिरफ्तारी पर रोक के साथ ही मामले में नया मोड़ आ गया है। अब अररिया में उनकी लंबित अग्रिम जमानत अर्जी की सुनवाई की संभावना भी बढ़ गयी है।
पूर्णिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार ने कैंप कोर्ट अररिया में निर्मल बाबा का अग्रिम जमानत अर्जी 15 मई 12 को सुनवाई की तथा इस मामले में एबीपी नंबर 440/12 में केश डायरी की मांग करते अगली तिथि निर्धारित कर दी। इसी क्रम में अररिया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सत्येन्द्र रजक की अदालत में 21 मई 12 को निर्मल सिंह नरुला उर्फ निर्मल बाबा के विरुद्ध गैर जमानतीय वारंट जारी कर दिया। यह आदेश फारबिसगंज थाना कांड संख्या 154/12 के अनुसंधानकर्ता राम दिनेश मंडल के 23 अप्रैल, 12 को दाखिल अनुरोध पत्र के बाद जारी हुआ। इस मामले में फारबिसगंज के एसडीपीओ ने अपने पर्यवेक्षण रिपोर्ट में निर्मल बाबा के खिलाफ दर्ज आरोप सत्य पाया था। तत्पश्चात सीजेएम श्री रजक ने इसी मामले के जीआर नंबर 875/12 में उक्त गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
उधर अररिया की अदालत के इस आदेश के विरुद्ध निर्मल बाबा पटना हाई कोर्ट की शरण में गये तथा गिरफ्तारी पर रोक लगाने की याचिका दाखिल कर दी।
जानकारी के अनुसार निर्मल बाबा की गिरफ्तारी पर 22 जून तक रोक लगा दी है। जिस कारण अब निर्मल बाबा के विरुद्ध जारी गैर जमानतीय वारंट की प्रक्रिया स्थगित होने की संभावनाएं बढ़ गयी हैं।

अच्छे बोर्ड गठन की वकालत

अररिया, : अररिया नगर परिषद वार्ड सं. 23 की नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद अनुराधा देवी ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई दी है। वार्ड पार्षद अनुराधा देवी ने एक बयान जारी कर कहा है कि नये बोर्ड गठन में सभी राजनीतिक दलों को एक मंच पर आकर भूमिका निभाना चाहिए। उन्होंने सभी बड़े या छोटे जनप्रतिनिधि को अच्छे बोर्ड गठन के लिए एकजुट होने तथा शहर को सजाने, संवारने का उद्देश्य रखने वाले व्यक्ति को मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद बनाने की वकालत की है।

कन्या मवि की छात्राओं के बीच बंटी पोशाक राशि


अररिया : शहर के चांदनी चौक स्थित राजकीय कन्या विद्यालय में बुधवार को मुख्य मंत्री पोशाक योजना के तहत 305 छात्राओं के बीच पोशाक राशि का वितरण प्रधानाध्यापिका श्रीमती सउदा खातून द्वारा किया गया।
इस मौके पर प्रधानाध्यापिका ने छात्राओं से जल्दी पोशाक सिलवा कर नियमित रूप से स्कूल आने को कहा। उन्होंने बच्चों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह भी दी।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि
छात्राओं के बीच बांटी गयी राशि मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना की है तथा वर्ग छह व सात की 160 छात्राओं को 700 रुपये व वर्ग तीन से पांच तक की 145 छात्राओं को 500 रुपये प्रति छात्रा की दर से राशि बांटी गयी है।
इस अवसर पर संकुल समन्वयक हरहिर प्रसाद यादव, विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद सुमन देवी, सचिव जीनत प्रवीण, सदस्य शबनम प्रवीण, सारिका देवी, भागवती देवी एवं स्कूल की सहायक शिक्षक सुश्री रीता दास, प्रतिभा देवी एवं अभिभावकगण उपस्थित थे।

अलग-अलग घटनाओं में एक दर्जन घायल


कुसियारगांव (अररयिा) : जिले के अलग-अलग मामला को लेकर दो पक्षों के बीच विगत 24 घंटे के दौरान जमकर धारदार हथियार के इस्तेमाल करने के कारण दो पक्षों से महिला सहित एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गये। घायलों का इलाज सदर अस्पताल अररिया में चल रहा है। घटना को लेकर लगभग दो दर्जन लोगों के खिलाफ फर्द ब्यान पुलिस के समक्ष देने की बात कही गयी है।
जानकारी के अनुसार आरएस ओपी क्षेत्र के रजोखर जटवाडा वार्ड नं. 5 में बिजली तार घर के उपर से ले जाने और करंट पूरे घर आ जाने के कारण तार हटाकर ले जाने का पर कहे जाने के कारण दूसरे पक्षों से तू-तू, मैं-मैं होते-होते मामला मारपीट तब्दील हो गया। जिसमें नसीम साह, अमिना खातुन, नाजमीन, शहनाज, फरजना, निशाद आलम, दिलशाद जख्मी हो गया जिसमें अब्बा साह सहित आठ लोगों के खिलाफ संबंधित थाना से फर्द बयान दिया गया है। दूसरी घटना आरएस ओपी क्षेत्र के ही जख्मी में चंदेश्वर राम, विजय कुमार, जोकीहाट गिरदा के मो. आसिक, पलासी थाना क्षेत्र के बरहट निवासी बीबी सरिना बताया गया है कि मजदूरी का रुपया मांगने के कारण सरिया से महिला को पीटा गया। वहीं नगर थाना क्षेत्र के रामपुर कोद्दरकट्टी दियागज टोला में भूमि विवाद के कारण बीबी नजबूल के दबिया से वार कर जख्मी कर दिया।

पोशाक राशि वितरित


अररिया : प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय ऋषिदेव टोला सगुना में बुधवार को कक्षा तीन, चार व पांच वर्ग के छात्र-छात्राओं को पोशाक राशि वितरण किया गया। पोशाक राशि का वितरण प्रधानाध्यापक संतोष कुमार मिश्र द्वारा किया गया। इस दौरान 500 प्रत्येक छात्रों को पोशाक हेतु दिया गया।
इस मौके पर विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष रूको देवी, सचिव आरती देवी, शिक्षक गोपाल कुमार, मनीष कुमार आदि मौजूद थे। प्राथमिक विद्यालय शिशवा मुसहरी में भी मंगलवार को कक्षा तीन, चार, व पांच वर्ग के 88 छात्राओं के बीच पोशाक राशि का वितरण किया गया। राशि का वितरण प्रधानाध्यापक संजीव कुमार द्वारा किया गया। इस मौके पर विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष भेदय सादा, सचिव सोमनी देवी व शिक्षक अखिलेश कुमार झा, ग्रामीणों में जितेन्द्र सादा, महिषानंद सादा, रामलाल सादा, दामोदर सादा, श्री प्रकाश सादा आदि मौजूद थे।

वर्दी के दोस्ती भरे स्पर्श ने बदली हबुआ के जीवन की दिशा


अररिया/पलासी : जो दिखता है, हमेशा सच नहीं होता। क्योंकि यह अक्सर छुपा होता है। सच को देखना हो तो दोस्ती भरे हाथ बढ़ाईये, वक्त व हालात से बना पत्थर पिघल जायेगा और मौके पर एक सच्चा व संपूर्ण इंसान नजर आयेगा। सदियों पहले भगवान बुद्ध के दोस्ती भरे स्पर्श ने डाकू अंगुलीमाल के जीवन की दिशा ऐसे ही बदली होगी। कोई व्यक्ति पैदाइशी बदमाश नहीं होता। हालात व कुसंगति उसे बदमाश बना देते हैं। लेकिन जीवन के सफर में कोई हाथ ऐसा भी बढ़ता है जो निर्दय व बर्बर रत्‍‌नाकर को विज्ञान विशारद बाल्मिकी बना देता है। पलासी के कुख्यात हबुआ की कहानी भी इससे मिलती जुलती है।
अररिया जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत पलासी बस्ती का रहने वाला कुख्यात अपराधी हबीब उर्फ हबुआ पलासी थाना क्षेत्र ही नहीं अररिया के जोकीहाट, रानीगंज पूर्णिया, डगरूआ, आमौर, किशनगंज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र के डकैती, लूट, चोरी, बम विस्फोट आदि के तीन दर्जन संगीन कांडों का वांछित अपराधी था। उसे कुछ वक्त पहले पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उसने अपनी गिरफ्तारी के समय ही अररिया के तेज तर्रार एसपी शिवदीप लांडे के समक्ष अपराध को छोड़कर समाज की मुख्य धारा से जुड़ने की इच्छा जतायी थी।
हबुआ पहले किसी पत्थर की माफिक कठोर था और पुलिस को देखकर भागा फिरता था। लेकिन आज वह उसी पलासी थाने के सामने शान से अपनी दुकान लगाता है, जहां उसने शायद कभी जाना नहीं चाहा होगा। यह कमाल खाकी वर्दी से निकले उस मुलायम स्पर्श का है, जिसकी समाज को आज बेहद जरूरत है।
इस संबंध में श्री लांडे ने बताया कि कोई भी व्यक्ति शौकिया बदमाश नहीं बनता। या तो परिस्थितियां उसे बदमाश बनाती हैं या फिर खराब संगत का असर उसे क्राइम की दुनियां में लेकर चला जाता है। उन्होंने बताया कि हबुआ एक ड्रेडेड क्रिमिनल था, लेकिन उसकी केस स्टडी से पता चला कि वह हालात का गुलाम बन कर ही अपराध की दुनियां में आया था। इसी कारण उन्होंने उस पर अपना ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने बताया कि उसे समाज की मुख्य धारा में बनाये रखने की जिम्मेदारी एसडीपीओ मो. कासिम तथा पलासी थाना पुलिस को सौंपी गयी। ज्यों ही हबुआ जेल से छुटकर घर आया उसने पलासी थानाध्यक्ष आरबी सिंह व पीएसआई मिथिलेश कुमार से संपर्क किया। दोनों ने उसे हर संभव सहायता दी व उसका मार्गदर्शन किया। उसे रोजमर्रा की उपयोग में आने वाली सब्जी, आलू, प्याज आदि की दुकान खोलने की सलाह दी गयी। हबुआ ने इस सलाह पर अमल करते सब्जी की दुकान खोल ली और आज शान से सिर उठा कर समाज से रूबरू है। एसपी श्री लांडे के समक्ष हबुआ ने बताया कि उसने फिलहाल करीब चार हजार रुपये की पूंजी से दुकान खोली है, जिससे उसकी रोजी रोटी की समस्या हल हो गयी है।
हालांकि हबुआ के लिए उत्प्रेरक बने खाकी वर्दी के दोस्ती भरे वे ही हाथ जिसने कभी दिघली गांव के आठ कुख्यात अपराधियों को समाज की मुख्य धारा में लाया था। कभी मिनी चंबल के नाम से जाना जानेवाला दिघली के आठ कुख्यात अपराधियों ने पलासी थानाध्यक्ष आरबी सिंह की पहल पर बीते दिसंबर में श्री लांडे के समक्ष आत्म समर्पण किया था। पुलिस उन्हें सरकार द्वारा उपलब्ध हर सरकारी लाभ दिलवाने को प्रयासरत रही। इधर, एसपी श्री लांडे ने हबुआ को भी हर संभव सरकारी लाभ दिलवाने का आश्वासन दिया है।

जेबीएसआई: कुव्यवस्था को ले महिलाओं ने किया हंगामा



जोकीहाट(अररिया) : रेफरल अस्पताल जोकीहाट परिसर में बाल जननी सुरक्षा योजना की राशि लेने बुधवार को आयी महिलाओं ने कुव्यवस्था के कारण शोर शराबा व हंगामा मचाया। हंगामा कर रही प्रसूति महिलाओं और आशा कर्मियों ने बताया कि दस बजे से तीन बजे तक छोटे छोटे बच्चे को लेकर खड़ी हैं, बैठने तक की व्यवस्था नहीं की गयी है। चिलचिलाती धूप में बच्चों के साथ घंटों खड़े रहने के बाद प्रसूति महिलाओं के बच्चे इधर उधर बिलखते देखे गये। महिलाओं का कहना था कि व्यवस्था नहीं रहने के बावजूद हमें बुलाया गया तथा बुलाकर भी चेक नहीं दिया जा रहा है। मौके पर रेफरल प्रभारी डा. सिफतैन अनुपस्थित थे। इधर, स्वास्थ्य प्रबंधक ओवेश अहमद ने बताया कि चेक वितरण की निर्धारित तिथि 19 से 21 मई तक थी। उस दौरान आयी 600 महिलाओं को चेक वितरण कर दिया गया है। जबकि 615 महिलाओं को चेक बांटा जाना है। छूटे हुए लाभार्थियों का चेक बांटने की तिथि बुधवार को रखी गयी थी। प्रबंधक श्री अहमद ने बताया कि अधिक लाभुकों के अचानक पहुंच जाने के कारण थोड़ी गड़बड़ी हुई है।

अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन की तैयारी जोरों पर


फारबिसगंज(अररिया) : आगामी 26 व 27 मई को फारबिसगंज के रेणु सार्वजनिक पुस्तकालय सभागार में आयोजित होने वाले 24 वीं अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन को लेकर तैयारी जोरशोर से चल रही है। अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद, फारबिसगंज के तत्वावधान में होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन को लेकर मिथिलांचल एवं मैथिली भाषियों में उत्साह व्याप्त है।
आयोजक समिति के सदस्यों ने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन शनिवार को कार्यक्रम का उद्घाटन व ध्वजारोहण के उपरांत विभिन्न सत्रों में भारत व नेपाल में मिथिला राज्य की अवधारणा और आवश्यकता विषय पर चर्चा तथा सायंकाल कवि सम्मेलन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। जबकि दूसरे दिन रविवार को संगठन की मजबूती, मातृ भाषा में प्राथमिक शिक्षा, मैथिली भाषा के प्रयोग और प्रसार पर विचार विमर्श के अतिरिक्त नयी कार्यकारिणी की घोषणा की जायेगी।
इस सम्मेलन में भारत व नेपाल के कई विद्वान व प्रबुद्धजन शिरकत करेंगे। जिनमें प्रमुख रूप में अ.मै.प. के संरक्षक डा. भुवनेश्वर प्रसाद गुरमैता, पूर्वाचल विवि नेपाल के कुलपति डा. रामावतार यादव, परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष डा. कमल कांत झा, केंद्रीय उपाध्यक्ष डा.नित्यानंद लाल दास, विधान परिषद के पूर्व अध्यक्ष पं.ताराकांत झा, महामंत्री डा. रामरीझन यादव, प्रवक्ता डा. धनाकर ठाकुर, फारबिसगंज इकाई के संयोजक मांगन मिश्र मार्तण्ड आदि शामिल हैं।

किरोसीन की कालाबाजारी से लोग परेशान


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज में किरोसीन की कालाबाजारी से आम लोग परेशान हैं। किरासन तेल की कालाबाजारी से जुड़े लोगों द्वारा तेल 30-40 रुपये लीटर बेचा जा रहा है। वहीं प्रशासन मूकदर्शक बना है। नगर के कई गुप्त स्थानों पर तेल की कालाबाजारी करने वाले लोग तेल को इकट्ठा कर उसे खपाने का काम करते हैं। बताया जाता है कि डीजल इंजनों में डीजल की जगह किरोसीन के बढ़ रहे प्रचलन के कारण इसकी कालाबाजारी को काफी बल मिल रहा है। वहीं, कालाबाजारी से जुड़े लोग किरोसीन को पड़ोसी देश नेपाल में भी भेजने का काम करते हैं।
उपभोक्ताओं ने भी बताया कि राशन किरासन की दुकानों से मिलने वाला तेल जरूरत के हिसाब से कम है जिस कारण उन्हें कालाबाजार से तेल की खरीददारी ऊंची कीमत पर करनी पड़ती है।