Tuesday, November 23, 2010

चीन निर्मित खतरनाक खिलौना पहुंचा बच्चों के हाथ

फारबिसगंज(अररिया),जासं: अब चीन निर्मित खतरनाक जानलेवा खिलौना बंदूक भारतीय बाजारों में पहुंच गया है। इस बंदूक से निकली गोली दस मीटर की दूरी पर जाकर विस्फोट करता है जो जानलेवा हो सकता है। कहीं साजिश के तहत इसे बच्चों के हाथों में तो नहीं थमाया जा रहा है। चीन निर्मित खिलौनों में गुडडा गुड़िया, बार्बी डाल और साधारण बंदूके ही अब तक भारतीय बच्चों के हाथों में हुआ करता था। लेकिन अब बच्चों के पास चीन निर्मित खतरनाक खिलौने पहुंचने लगे हैं। नौनिहालों के हाथों जानलेवा खिलौना बंदूक लग गया है। जिसमें बारूद भरी गोली लगायी जाती है। फायर करने के बाद काफी तेजी से करीब दस मीटर की दूरी पर जाकर यह पटाखे की तरह विस्फोट करता है जो अगर किसी व्यक्ति को लग जाय तो यह उसे बुरी तरह घायल हो सकता है तथा जान भी जा सकती है। यदि किसी बच्चे को लग जाये तो..।
छोटे आकार की इस चीन निर्मित पिस्तौल में आठ राउंड की एक चकरी लगायी जाती है। ट्रेगर के प्रहार से नाल में एक एक कर डाली गयी लंबे आकार की गोली काफी तीव्र गति से निकलती है तथा ब्लास्ट कर जाती है। कभी कभी तो यह बंदूक में ही यह विस्फोट कर जाता है। जिससे चलाने वाले बच्चे भी जख्मी भी हो जाते हैं। लेकिन खतरों से अनजान बच्चे इस जानलेवा खिलौना से खेलने से परहेज नहीं कर रहे हैं। अभिभावक भी बच्चों के साथ इस खतरनाक खिलौना का मजा लेते हैं। एक अभिभावक ने बताया कि यह खिलौना खतरनाक तो है पर मजेदार है। बाजार में सौ से सवा सौ रूपये की कीमत पर बिक रहा है।
भारत की होली दीवाली और तीज त्योहार पर पहले ही चीन निर्मित सामानों की धमक हो चुकी है। रंग गुलाल से लेकर बल्ब, मोबाइल, खिलौने, कपड़े, श्रृंगार के सामान, टार्च जैसी रोजमर्रा की चीजों पर चीन निर्मित सामान ने मजबूत पकड़ बना ली है। भारतीय अर्थव्यवस्था को दीमक की तरह चाट जाने की चीन की योजना खतरनाक दिशा में बढ़ रही है। भारतीय परंपराओं में अपनी जगह बनाती जा रही चीनी सामान अब बच्चों पर भी गहरी छाप छोड़ने लगी है। सिंथेटिक पदार्थ से बने पहले के चीनी खिलौना भी बच्चों के सेहत पर बुरा प्रभाव छोड़ रहा है। खिलौनों की दुनियां में नयी तकनीक के चीनी खिलौने भी बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहा है। सस्ते दामों में मिलने वाली चीनी खिलौनों ने भारतीय खिलौनों की चाबी गुम कर दी है। बाजार में अधिकांश दुकानों पर चीन निर्मित खिलौनों की ढेर पड़ी हुई है। नये और जानलेवा हो सकने वाले खिलौना चीनी पिस्तौल बच्चों के लिए खतरनाक तो है ही इसके जद में आने वाले भी खतरों से बाहर नहीं हैI

साम्प्रदायिक सौहार्द जरूरी, आज लोग हैं परेशान : मतीन

अररिया, संवाद सहयोगी: मआशरे में फैली विभिन्न सामाजिक बुराईयां, गैर इसलामी रस्म रिवाज के कारण आज हर लोग परेशान हैं। दहेज जैसी बुराईयों के कारण आज समाज की हजारों लड़कियां शादी से महरूम हैं। यह बातें रविवार को एक अजीमुशान जलसे को संबोधित करते हुए मौलाना अमीन अहमद खान चतुर्वेदी ने कही। तंजीम असलाहे मआसरा अररिया के सौजन्य से बुधेश्वरी रामपुर में आयोजित जलसे को संबोधित करते हुए श्री चतुर्वेदी ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए मआशरे में सुधार जरूरी है। तंजीम समाज में फैली तमाम तरह की छोटी छोटी बुराईयों को जलसे के माध्यम से समाप्त करने की कोशिश कर रही है। जलसे की अध्यक्षता करते हुए मौलाना मो. इशहाक ने कहा कि असलाहे मआशरा के लिए जरूरी है कि हम अपने बच्चों को बेहतर से बेहरत तालिम दें और बेकार के खर्चो से बचें। समाज में अमन शांति के लिए सभी धर्म के लोगों के बीच आपसी प्रेम और सौहार्द जरूरी है। जलसे को संबोधित करते हुए तंजीम के महासचिव मौलवी हदीशुल्लाह नसर भागलपुरी ने कहा कि सामाजी, तालिमी, बेदारी लाना, गरीब बच्चों की मदद करना, लड़कियों को शिक्षा के साथ साथ हुनर सिखाना, गरीब और बीमार का इलाज कराना तथा बैतुल माल का नज्म आदि कार्य तंजीम के माध्यम से किया जा रहा है। जलसे को मौलाना आबिद खान, मुफ्ती अतहर कासमी, गुलाम रब्बानी कासिर, मौलाना नसीमुद्दीन व हारूण रशीद ने भी संबोधित किया। जलसे का संचालन मौलाना हबीब ने किया। जलसे में इलाके के हजारों अकीदतमंद मौजूद थे।

जात की चाशनी के बावजूद फोकस में रहा विकास का एजेंडा

अशोक झा,अररिया, जागरण प्रतिनिधि : जात की चुनावी चाशनी के बावजूद विधान सभा चुनाव में विकास के एजेंडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सबने बोले विकास के बोल, चुनावी जीत के बाद भरपूर विकास का वायदा। ..क्षेत्र को चमका देंगे। वहीं इस बार के चुनाव में मतदान का प्रतिशत विगत चुनाव की तुलना में अधिक रहा। जिले के तीन विस क्षेत्रों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों की तुलना में अधिक रहा। अन्य तीन में भी विगत चुनाव की तुलना में महिलाएं अधिक तादाद में वोट डालने निकली।
डीडीसी उदय कुमार सिंह की मानें तो चुनाव के दौरान प्रशासन न केवल कानून व्यवस्था को ले सजग था बल्कि वोट गिराने से समाज का कोई तबका वंचित नहीं रहे इस पर भी उसकी नजर थी।
हाल में संपन्न विधान सभा चुनाव के दौरान जिले में सत्ता पक्ष व विपक्ष की लगभग पचास बड़ी सभाएं हुई। इन सभाओं में विकास सेंट्रल फोकस पर रहा। कल तक जात के नाम पर समाज में वोट की जुगाड़ करने वाले राजनेताओं के बोल भी विकास पर ही केंद्रित रहे। जिनका दावा विकास का है वे तो विकास पर ही बोलते रहे।
ऐसा क्यों हुआ? इस संबंध में अररिया कालेज में समाजशास्त्र के विभागाध्यक्ष डा. सुबोध कुमार ठाकुर का मानना है कि समाज में शिक्षा व जागरूकता दोनों बढ़ी है। अब केवल जाति के झुनझुने से काम चलने वाला नहीं। जनता चाहती है कि समाज से विकास हीनता का अभिशाप दूर हो। जात शादी ब्याह के लिये ठीक है अब धरातल पर कुछ काम होना
चाहिये।
इस बार के चुनावों में यह खास रहा कि जोकीहाट, सिकटी व रानीगंज में महिलाओं ने वोट डालने के मामले में पुरुषों को पछाड़ दिया। अन्य तीन क्षेत्रों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत उल्लेखनीय रहा।
जानकारों की मानें तो चुनाव आयोग के डंडे व प्रशासन के प्रयासों से ऐसा संभव हो पाया। इस बार के चुनाव में सेक्टर मैजिस्ट्रेट को काम पर लगाया गया था। उन्हें मतदाताओं को जागरूक करने व मतदान में किसी प्रकार की बाधा को दूर करने का काम सौंपा गया था। महिला कालेज में प्राध्यापक व चुनाव में सेक्टर मैजिस्ट्रेट रहे प्रो. संजय शंकर का मानना है कि उनके जैसे लोगों की दिन रात मेहनत की वजह से लोंगों में मतदान के प्रति आम तौर रहने वाली अरुचि घटी और लोग वोट डालने निकले। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के बहुत से युवा हरियाणा व पंजाब में धन कटनी का सीजन होने की वजह से अनुपस्थित रहे, अन्यथा मतदान का प्रतिशत और भी अधिक रहता।

पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश लेकर आते हैं सामा चकेवा

अररिया, जागरण प्रतिनिधि: सामा चकेवा की सदियों पुरानी कथा मिथिला व मत्स्य के इलाके की सुंदर सांस्कृतिक छटा है। देवोत्थान एकादशी के दिन धार्मिक कर्मकांड की आफिसियल क्लोजिंग के बाद कल्चर की छटा बिखेरने की अद्भुत कोशिश। सामा चकेवा के गीत न केवल एक बहन द्वारा अपने भाई व पति की सुख समृद्धि की कहानी बयान करते हैं, बल्कि पर्यावरण व जल संरक्षण का संदेश लेकर भी आते हैं। इस बार भी कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर रविवार की देर रात सामा चकेवा का त्यौहार पारंपरिक निष्ठा के साथ मनाया गया।
जरा एक गीत पर गौर कीजिये:
..गाम के राजा तोहें, हम्मर भैया हे, हाथ दस पोखरि खुनाय दीह, चंपा फूल लगाय दीह, सामा चकेवा खेल करय हे।
मेरा भैया गांव का राजा है और मेरे लिये कई तालाब बनबा देगा, चंपा फूल लगबा देगा ताकि सामा व चकेवा आकर उसमें क्रीड़ा कर सकें। कौन थे सामा व चकेवा?
जानकारों के मुताबिक सामा भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री थी। उनका विवाह चक्रवाक (चकेवा) के साथ हुआ था। दोनों प्रसन्नता पूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे थे। इसी बीच डिहुली नामक चेरिया ने सामा के चरित्र पर झूठा दोषारोपण कर उसे पिता श्री कृष्ण द्वारा शापित करवा दिया। सामा चिड़िया बन जाती है और विभिन्न स्थानों पर भटकने लगती है।
बाद में भाई साम्ब के प्रयासों से सामा की शाप मुक्ति होती है। वह अपने पति के साथ खुशी खुशी रहने लगती है। वहीं,चुरिया डिहुली को चुगलखोरी की सजा मिलती है। उसे चुगला बना कर मुंह में कारी व चूना लगा कर जला दिया जाता है।
सामा चकेवा त्यौहार को ले जिले के गांव व बाजारों में खासी चहल पहल रही। महिलाओं ने देर रात होते ही सामा चकेवा का का पर्व मनाया तथा चुगला के मुंह में आग लगा कर उसे चुगलखोरी की सजा दी।

मतगणना को ले सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद

अररिया, संसू: आगामी 24 नवंबर को कृषि उत्पादन बाजार समिति के प्रांगण में होने वाले छह विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किया है। बुधवार को होने वाले मतगणना के लिए चप्पे- चप्पे पर सुरक्षा की व्यवस्था की गयी है। विधि व्यवस्था कोषांग से जिला पदाधिकारी एम सरवणन एवं पुलिस कप्तान विनोद कुमार ने 24 नवंबर के लिए संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों एवं पुलिस बलों की तैनाती कर दी है। मतगणना के दौरान अररिया रानीगंज मुख्य मार्ग पर आम लोगों के लिए आवागमन बाधित रहेगा। जिला प्रशासन ने इस मार्ग पर तीन बैरियर लगाने का आदेश जारी किया है। पहला बैरियर मार्केटिंग परिसर से दक्षिण नहर पुल के समीप होगा जहां दंडाधिकारी के रूप में नप के ईओ अनिल कुमार मौजूद रहेंगे। वहीं पश्चिम की ओर दूरसंचार कार्यालय के सामने दूसरा बैरियर पर रानीगंज बीईओ अनिरूद्ध कुमार सदल बल के साथ डयूटी करेंगे। इसके अलावा नहर के मार्केटिंग परिसर मुख्य द्वार तक पैदल गश्ती के लिए रानीगंज बीएओ उमाशंकर सिंह को तैनात किया गया है। मुख्य द्वार पर मेटल डिक्टेटर मशीन लगाया जायेगा। इसके अतिरिक्त जोकीहाट, अररिया व नरपतगंज मतगणना प्रशाल के लिए नरपतगंज के कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार झा व फारबिसगंज सिकटी तथा रानीगंज के प्रशाल की देखरेख का जिम्मा कुर्साकाटा के कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार पासवान को सौंपा गया है। संयुक्तादेश में नगर थाना को शहर के चांदनी चौक से माता स्थान भगत टोला, ठाकुरबाड़ी रोड, काली बाजार, आश्रम चौक होते हुए एडीबी चौक तक तथा दूसरा गश्ती बस स्टैंड से गोढ़ी चौक से आरएस कोर्ट रेलवे स्टेशन तथा जीरोमाइल तक करने का निर्देश है। जबकि सभी थानाध्यक्ष अपने अपने थाना क्षेत्रों में गश्ती करेंगे। मतगणना को लेकर मार्केटिंग परिसर में बैरिकेटिंग किया जा रहा है तथा हाल में भी जाल आदि लगाये जा रहे है।

बेवजह हंगामा करने वाले एजेंट होंगे बाहर: डीएम

अररिया, संसू: जिला निर्वाचन पदाधिकारी एम. सरवणन ने कहा कि मतगणना के दौरान बिना किसी वजह से काउंटिंग एजेंट हंगामा करेंगे तो उनका प्रवेश पत्र जब्त कर उन्हें परिसर से बाहर कर दिया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कोई प्रत्याशी किसी भी अंगरक्षकधारी व्यक्ति सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, एमएलसी आदि को मतगणना अभिकत्र्ता नहीं बना सकते हैं। श्रीएम श्री सरवणन यह बातें सोमवार को डीआरडीए सभा भवन में आयोजित मतगणना अभिकत्र्ता व प्रत्याशी के प्रशिक्षण में कही। उन्होंने कहा कि फोटोयुक्त परिचय पत्र धारी एजेंट को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी। श्री सरवणन ने कहा कि काउंटिग एजेंट के प्रवेश के लिए मतगणना हाल में अलग से द्वार होगा। उन्होंने बताया कि संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के टेबुल पर प्रत्याशी या उनके चुनाव अभिकत्र्ता बैठ सकते हैं। मतगणना हाल के बारे में श्री सरवणन ने बताया कि 14 टेबुल पर मतगणना होगी। एक राउंड होने के पश्चात ही दूसरे राउंड की गिनती शुरू होगी। उन्होंने कहा कि आठ बजे सुबह से ही मतगणना शुरू होगी। उन्होंने तमाम काउंटिग एजेंट व प्रत्याशियों से 24 नवंबर को संयम रखने तथा प्रशासन को सहयोग की अपील की। प्रशिक्षण दो पाली में दिया गया।
इस मौके पर निर्वाची पदाधिकारी उदय कुमार सिंह, विजय कुमार, डा. विनोद कुमार, जफर रकीब, कपिलेश्वर विश्वास, एसडीसी विधानचंद्र यादव, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल के अतिरिक्त प्रत्याशियों मं मुख्य रूप से नारायण झा, जाकिर अनवर, मंटु भगत, रंजीत यादव, परमानंद ऋषिदेव, मंजूर आलम आदि उपस्थित थे।

प्रशासन सक्रिय : मतगणना परिसर में मोबाइल पर लगी रोक

अररिया, संसू: आगामी 24 नवंबर को होने वाले छह विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना को लेकर जिला प्रशासन सुरक्षा के प्रति काफी सक्रिय है। कृषि उत्पादन बाजार समिति के प्रांगण में मतगणना कार्य होगा। उस दिन परिसर में मोबाइल ले जाना वर्जित होगा। अगर जांच के दौरान चाहे वह प्रत्याशी हो या एजेंट ही क्यों न हो उनका मोबाइल जब्त होगा साथ ही उन पर कार्रवाई भी होगी। डीएम एम सरवणन द्वारा जारी आदेश के अनुसार मोबाइल ले जाने की अनुमति प्रेक्षक, डीएम, एसपी, निर्वाची पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी की होगी। इसके अतिरिक्त सुरक्षा में लगे जवान के बड़े अधिकारी को भी मोबाइल ले जाने की अनुमति होगी।

शिक्षा क्षेत्र में निरक्षर कलावती का योगदान अविस्मरणीय

रानीगंज(अररिया),जाप्र: है वही इस जग में जो अपनी राह बनाता है, कोई चलता है पद् चिन्हों पर कोई पद चिन्ह बनाता है। पद्मश्री कलावती ऐसी शख्सियत थी जिसके पद चिन्हों पर आज समाज चल रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में अविस्मरणीय कार्य के लिए इस निरक्षर महिला को सन् 1980 में भारत सरकार ने पद्मश्री से अलंकृत किया था। पुण्यतिथि के मौके पर कार्यक्रम आयोजित कर उस महान आत्मा को श्रद्धांजलि देने की तैयारी की जा रही है।
काली काया वाली इस महिला की कृति से तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी इतनी प्रभावित हुई थी कि इन्हें बुलाकर ससम्मान अंगवस्त्र प्रदान किया था। कहते है कलावती का हर कार्य अनुकरणीय था। फिजूलखर्ची को वो इतना नापसंद करती थी। जब उन्हें पद्मश्री अलंकरण के लिए दिल्ली बुलाया गया तो उन्हें वहां एक बड़े व महंगे होटल में ठहराने की व्यवस्था की गयी जिसका प्रतिदिन किराया 2000 रूपये से भी अधिक था। जानकारी होने पर कलावती होटल के उस कमरे में टिकने से यह कहकर मना कर दी कि वह तो 25 रूपये के ही कमरे में रह सकती है। यह फिजूलखर्ची है। कलावती शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि पर्यावरण के क्षेत्र में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। कई एकड़ में उनके द्वारा लगाये गये हजारों वृक्ष विद्यालय व महाविद्यालय के लिए करोड़ की संपत्ति है। वृक्ष की महत्ता को समझाते हुए वह दूसरों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करती रही। विद्यालय के छात्रावास में छात्राओं के संग रहकर उन्हें निरंतर अनुशासन का पाठ पढ़ाती रही। भले ही वे हमारे बीच नहीं है। परंतु उनके द्वारा स्थापित विद्या का तीन तीन मंदिर क्षेत्र के हजारों छात्र छात्राओं के लिए शिक्षा का स्रोत बना हुआ हैI

सिर्फ कागज कलम लेकर भीतर जायेंगे काउंटिंग एजेंट

अररिया, संसू: अगर आप 24 नवंबर को किसी प्रत्याशी की तरफ से मतगणना अभिकर्ता बनकर बाजार समिति के भीतर जा रहे है तो अपना पाकेट जरूर जांच ले। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना अभिकर्ता सिर्फ कागज व कलम भीतर ले जा सकते है। इसके अलावा उनके पाकेट में या उनके साथ बाजार समिति के भीतर कुछ भी नहीं जायेगा। इस बात की जानकारी डीएम एम सरवणन एवं एसडीओ डा. विनोद कुमार ने सोमवार को मतगणना एजेंट को दे दी है। डीएम ने स्पष्ट कर दिया कि मतगणना अभिकर्ता साथ में दियासलाई, लाईटर, मोबाइल, आदि अपने साथ नहीं ले सकते। उन्होंने कहा कि मेटल डिक्टेटर से जांच के बाद उक्त सामग्री पाये जाने पर संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की जायेगी।

Monday, November 15, 2010

सांसद ने दीप प्रज्जवलित कर किया बैठक का शुभारंभ

फारबिसगंज(अररिया),हमारे प्रतिनिधि: बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संघ फारबिसगंज शाखा की वार्षिक साधारण बैठक रविवार को अपराह्न नगर स्थित मारवाड़ी अतिथि सदन में संपन्न हुआ। बैठक का शुभारंभ सांसद प्रदीप सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। वहीं संघ के नव मनोनीत पदाधिकारियोंको शपथ दिलायी गयी।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि स्वस्थ और सुंदर बिहार के निर्माण में दवा विक्रेताओं का भी उतना ही महत्व है जितना कि चिकित्सकों का। उन्होंने संघ के भवन निर्माण में सहयोग देने का आश्वासन देते हुए प्रस्तावित जमीन को माननीय राज्यपाल के नाम रजिस्ट्री कराने की बात कही। वहीं संघ के सदस्य विनोद सरावगी, जगदीश नारायण प्रसाद, सुरेन्द्र केसरी आदि के लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया के सरलीकरण तथा अनुकंपा के आधार पर लाइसेंस जारी करने की वकालत किया। बैठक में संघ के नव मनोनीत अध्यक्ष अशोक कुमार ठाकुर, उपाध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, सचिव अवधेश तथा संयुक्त सचिव गोपाल सोनू, कोषाध्यक्ष अमरेन्द्र नारायण प्रसाद, संगठन सचिव मनोज भारतीया को सुशील सोमानी द्वारा संघ की ओर से प्रमाण पत्र दिये गये। मौके पर मो. खुर्शीद, गणेश अग्रवाल, राजेन्द्र अग्रवाल, जयप्रकाश केडिया, युवा जदयू अध्यक्ष रमेश सिंह, दिलीप पटेल, ललित अग्रवाल, मो. कलीमुल्लाह, विनोद कुमार पप्पू, मो. मुन्ना आदि दर्जनों सदस्य उपस्थित थे।

Sunday, November 14, 2010

महिला ने परिजनों के साथ मिलकर दफादार के साथ की मारपीट

फारबिसगंज(अररिया),जासं: फारबिसगंज थाना क्षेत्र कें सैफगंज पंचायत में रविवार की संध्या मोटर सायकिल से जा रहे दफादार पर एक महिला अचानक टूट पड़ी तथा दफादार चौकीदार संघ के अनुमंडल अध्यक्ष सह दफादार सच्चिदानंद सिंह पर महिला ने अचानक हमला कर मोटर सायकिल से गिरा दिया तथा अपने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट करने लगी। दफादार श्री सिंह के वर्दी भी फाड़ दिये गये। बबली देवी(25) नामक महिला द्वारा किये गये अचानक हमले तथा महिला के परिजनों के सहयोग से किये गये मारपीट के बाद श्री सिंह वहां से भागकर किसी तरह जान बचाये। घटना के बाद पहुंची पुलिस गश्ती दल को दफादार द्वारा मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने छानबीन शुरू की। फारबिसगंज थाना पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे पुराना विवाद हो सकता है। हालांकि जांच की जा रही है। इधर दफादार सच्चिदानंद सिंह के द्वारा महिला समेत राजू दत्त सहित कई परिजनों पर मारपीट करने, मोबाइल व छह हजार रूपये नगदी लूटने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है।

छठ: ग्रामीण क्षेत्रों में दिखा सामाजिक सौहार्द का माहौल

अररिया,निप्र: सूर्योपासना का महापर्व ग्रामीण क्षेत्रों में भी परंपारागत ढंग से पूरी नेम-निष्ठा से मनायी गयी। विभिन्न नहरों, तालाबों, जलाशयों, पोखरों के किनारे साफ-सफाई कर अस्ताचलगामी व उगते सूरज को अ‌र्घ्य दिया। सामाजिक सौहार्द के इस पावन पर्व को ले हिंदु सहित मुस्लिम परिवार के महिला-पुरूषों में भी खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीण परिवेशों में छठ व्रत को ले विभिन्न स्थानों पर पूजा घाट की साफ-सफाई समेत अन्य कार्यो में मुस्लिम परिवारों के सदस्यों ने भी तन्मयतापूर्वक सहभागिता निभाई। अररिया प्रखंड के बांसबाड़ी पंचायत गरगद्दी स्थित नाथ बाबा स्थान के समीप के पोखरों में महादलित परिवार सहित तकरीबन 50 परिवारों के उपासकों ने श्रद्धापूर्वक छठ पूजा की। स्थानीय हसनैन, मंसूर आलम, मु. हुसैन आजाद, मो. आरिफ आदि ने पूजा के सफल आयोजन में महती भूमिका निभाई। दूसरी ओर गीतवास में दुलारदेई नदी व कमलपुर में बाबा नरसिंह स्थान के समीप जलाशयों में सैकड़ों परिवारों ने छठी मैया की पूजा अर्चना की। जिसमें मुस्लिम महिलाओं को भी शामिल देखा गया।
कुर्साकांटा से निप्र के अनुसार प्रखंड से होकर गुजरने वाली बकरा नदी के किनारे छठ व्रतियों ने भगवान सूर्य देव को अ‌र्घ्य दिया। एक घाट पर समाज सेवी हेमन्त कुमार गुप्ता द्वारा लाइट की व्यवस्था भी की गयी थी।
बसैटी से संसू के अनुसार रानीगंज प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया। हालांकि नहर व पोखर में पानी नहीं रहने के कारण छठ व्रतियों को कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा। बसैटी, गुणवंती, खरहट, पचीरा, पहुंसरा, अररिया आरएस, धामा, कुपाड़ी आदि स्थानों पर भगवान भास्कर का पर्व धूमधाम से मनाया गया।

भूत बंगला बना प्राथमिकी उप स्वास्थ्य केन्द्र

बसैटी(अररिया),संसू.: रानीगंज प्रखंड के गीतवास स्थित प्राथमिक उप स्वास्थ्य केन्द्र भूत बंगला सा बन गया है। स्वास्थ्य केन्द्र का भवन खंडहर में तब्दील हो गया है। यहां पर न तो चिकित्सक आते हैं और नही कोई नर्स व कम्पाउडर। ऐसे में दवा वितरण की बात तो बेमानी ही है। ग्रामीण झोला छाप चिकित्सक के ऊपर ही पूरी तरह आश्रित हैं। ग्रामीणों ने राज्य सरकार व जिला प्रशासन से गीतवास में स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने की मांग की है।
गीतवासी निवासी सह जदयू जिला सचिव रामचन्द्र चौधरी, पवन ठाकुर, प्रदीप साह आदि ने बताया कि 25 वर्ष पूर्व प्राथमिक उप स्वास्थ्य केन्द्र पर प्रतिदिन चिकित्सक आते थे। सैकड़ों रोगियों का इलाज मुफ्त में हुआ करता था। परन्तु आज अस्पताल को खुद चिकित्सा की जरूरत है। अस्पताल की भवन खंडहर में तब्दील हो गया है। परिसर में चहुंओर गंदगी का साम्राज्य पसरा है। राष्ट्रीय कार्यक्रम में गाहे-बगाहे एएनएम जरूर दिखाई पड़ जाती हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल में चार कर्मी स्थापित है। परन्तु दिखाई एक भी नहीं देते हैं। कागजों में ही उनकी उपस्थित बनती है।
पंचायत के मुखिया रीता देवी ने बताया कि प्राथमिक उप स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सक व नर्स के नहीं आने के कारण नीम हकीम का सहारा पंचायत वासियों को लेना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार सिविल सर्जन से शिकायत की। लोगों की समस्या से उन्हें अवगत भी कराया, परन्तु आज तक कार्रवाई नहीं हुई। कमोवेश यही स्थिति प्रखंड के अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र बसैटी, मिर्जापुर, परसा हाट आदि का है।

मोटर साइकिल व टेम्पो की टक्कर में चार जख्मी

बसैटी(अररिया), संसू.: अररिया- रानीगंज मार्ग पर हांसा डाकबंगला चौक के निकट शनिवार की संध्या एक टेम्पो में मोटर साइकिल सवार ने ठोकर मार दी। इस घटना में टेम्पो चालक समेत चार व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग इलाज के लिए रेफरल अस्पताल रानीगंज ले जाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अररिया से रानीगंज की ओर जा रही एक मोटर साइकिल हांसा चौक पर खड़ी एक टेम्पो से जा टकरायी। जिसमें मोटर साइकिल पर सवार तीनों व्यक्ति तथा टेम्पो चालक गणेश चौधरी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। टेम्पो चालक हांसा गांव के निवासी बताए जाते हैं। वहीं अन्य तीन घायलों की पहचान नहीं हो सका है। बताया जाता है कि तीनों जख्मी मोटर साइकिल पर सवार थे। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

स्कूल का ताला तोड़कर चोरी

कुर्साकांटा(अररिया),निसं: स्थानीय उच्च विद्यालय परिसर में गुरूवार की देर रात्रि अज्ञात चोरों ने तीन कमरों का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य की चीजें चुरा लीं।
ज्ञात हो कि विद्यालय परिसर बाजार से दूर सूनसान में पड़ता है, जहां कोई नाइट गार्ड भी नहीं रहता। छठ पर्व के अवसर में शिक्षक भी अपने-अपने घर जा चुके हैं। विद्यालय के शिक्षक सुधीर कुमार, रवि शंकर एवं मो. इसराफिल विद्यालय परिसर में रहते थे। चोरों ने सूना पाकर रूम का ताला तोड़कर कुकर, गैस स्टोव, बैग आदि सामान चुरा लिये।
शुक्रवार की सुबह आदेशपाल द्वारा ताला टूटा देखकर इसकी सूचना प्रधानाध्यापक एवं स्थानीय थाना को दी गयी। इधर, शिक्षक के विद्यालय से बाहर रहने के कारण चोरी हुई सामानों क सही जानकारी नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि 9 मार्च 09 में भी इसी विद्यालय से कम्प्यूटर रूम का ताला तोड़कर चार कम्प्यूटर सेट, मॉनीटर, सीपीयू, माउस आदि सामान चुरा ले गये थे। इस संबंध में स्थानीय थाना में अज्ञात चोरों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। प्रधानाध्यापक योगेन्द्र कु. शर्मा ने बताया कि विद्यालय में चारदिवारी नहीं है। कम्प्यूटर की आपूर्ति कर दी गयी, लेकिन रात्रि प्रहरी नहीं दिया गया। विद्यालय में दो आदेशपाल है जो रात्रि में अपने घर चला जाते हैं।

जलजमाव दूर करने की मांग

फारबिसगंज(अररिया), निप्र: नगर के वार्ड नंबर सात के रेफरल अस्पताल सड़क के दर्जन से अधिक लोगों ने उक्त सड़क पर नाले की व्यवस्था नहीं होने के कारण उत्पन्न जल जमाव की समस्या को लेकर नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर समस्या को शीघ्र समाधान करने की मांग की है। आवेदन में जितेन्द्र कुमार, सतीश कुमार, दिनेश कुमार साह, सरोज चौधरी, संजय कुमार, प्रकाश, मनोज कुमार, मधुकांत मल्लिक, दिनेश कुमार मंडल, अशोक कुमार अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि डा. आशुतोष कुमार एवं जगदम्बा काम्प्लेक्स के सामने पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है।

उदयीमान सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व संपन्न

फारबिसगंज/रेणुग्राम/जोगबनी/जोकीहाट/पलासी/नरपतगंज/सिकटी/कुसियारगांव, जाटी : उदयीमान सूर्य को अ‌र्घ्य अर्पण के साथ ही लोक आस्था का महापर्व छठ फारबिसगंज नगर सहित पूरे अनुमंडल में भक्ति पूर्ण व शांतिपूर्ण माहौल में शनिवार को संपन्न हो गया। आस्था के प्रतीक छठ पर्व को लेकर फारबिसगंज नगर स्थित कोठीहाट नहर, सुल्तान पोखर, अलख बाबू का तालाब, सीताधार, कालेज नहर सहित अन्य जलाशयों पर चकाचौंध रोशनी की व्यवस्था विभिन्न समितियों द्वारा की गयी थी। सैकड़ों छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य अर्पण कर मनोवांछित फल की कामना की। कई छठ घाटों पर भगवान सूर्य देव की आकर्षक प्रतिमा भी विभिन्न पूजा समितियों द्वारा स्थापित किया गया था, जो आकर्षण का केन्द्र बने हुए थे। स्काउट गाइड के बच्चों ने कोठी हाट नहर पर भीड़ को नियंत्रित करते देखे गये। वहीं रोनियार सेवा संघ, कांवरिया सेवा संघ, हरिहर गौशाला आदि द्वारा मुफ्त दूध का वितरण अ‌र्घ्य के लिए किया गया।
रेणुग्राम से जाप्र के अनुसार पारंपरिक रूप से शनिवार को भक्तिमय वातावरण में छठ महापर्व संपन्न हो गया। इस मौके पर घोड़ाघाट, सिमराहा, खवासपुर, मानिकपुर, हिंगना, अम्हारा, समौल, रमई, मझुआ, ठीलामोहन, लहसनगंज, हलहलिया सहित कई गांवों में लोगों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य दिया।
नरपतगंज से निसं के अनुसार छठ का महापर्व प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर धूमधाम से मनाया गया। नरपतगंज शिव मंदिर, 14 आरडी जेबीसी नहर, सुरसर नदी, गेरूआ धार, पलासी नहर आदि स्थानों पर व्रतियों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य दिया।
सिकटी से निसं के अनुसार प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में छठ पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। छठ के मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी व थानाध्यक्ष विभिन्न घाटों का निरीक्षण करते देखे गए।
जोगबनी से निप्र के अनुसार भारत नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में छठ पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। छठ व्रतियों ने नेता चौक स्थित पोखर, कैसले एवं नेपाल स्थित मंटा पोखर में लोगों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य दिया।
जोकीहाट से निप्र के अनुसार सूर्योपासना का महापर्व छठ प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। शनिवार की सुबह के अ‌र्घ्य के साथ ही पर्व समाप्त हो गया। प्रखंड के जोकीहाट बाजार, चकई, केसर्रा, गैरकी, महलगांव, काकन, तारण, सिमरिया, बागनगर, बारा इस्तम्बरार आदि गांवों से छठ पर्व मनाने की खबर है। प्रखंड के सभी घाटों एवं तालाबों में श्रद्धालुओं खासकर महिलाओं की काफी भीड़ देखी गयी।
पलासीसे निसं के मुताबिक प्रखंड क्षेत्र में सूर्य उपासना का पर्व छठ शनिवार को श्रद्धा पूर्वक उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर प्रखंड मुख्यालय सहित कोढैली, मालद्वार, पिपरा कोठी, सोहंदर, कलियागंज आदि गांव के विभिन्न जलाशयों में छठ व्रतियों ने शुक्रवार को जहां डूबते सूर्य को अ‌र्घ्य दिया वहीं शनिवार के प्रात: उगते हुए सूर्य को अ‌र्घ्य देकर उपासना पूरी की।
कुसियारगांव संसू के अनुसार: प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों मं छठ पर्व धूमधाम से मनायी गयी। वहीं एबीसी नहर में पानी नहीं रहने के कारण लोगों ने दरवाजे पर पोखरनुमा गढ्ढा खोदकर पर्व मनाया। वहीं गैयारी के समिति सदस्य संजीव कुमार यादव ने गोपनगर व गैयारी मुसहरी टोला के लोगों के लिए नहर में इंजन से पानी व जेनरेटर का सुविधा उपलब्ध करायी।
फारबिसगंज हप्र के अनुसार: लोक आस्था का महा पर्व छठ शनिवार प्रात:काल उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ फारबिसगंज तथा आसपास के क्षेत्र में शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। इससे पूर्व छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा शुक्रवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति के साथ अ‌र्घ्य देते हुए नमन किया गया।
कुर्साकांटा निसं के अनुसार: आस्था का पवित्र महापर्व शनिवार को सूर्योदय काल में सूर्य को पवित्र अ‌र्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। अस्पताल रोड स्थित सरकारी तालाब एवं शर्मा जी के तालाब में सैकड़ों छठ व्रतियों ने जल में खड़ा होकर सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। इस अवसर पर बच्चों ने खूब पटाखे फोड़े।

बसैटी में बनेगा विवाह भवन : सांसद

बसैटी(अररिया),संवाद सूत्र.: मंदिर परिसर में एक विवाह भवन व दस नंबर रोड से मंदिर तक जाने वाली सड़क को सांसद कोटे से पक्का बनाया जायेगा। यह बातें शुक्रवार की संध्या रानीगंज प्रखंड के शिव मंदिर बसैटी के प्रांगण में आयोजित एक कार्यक्रम के मौके पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कही। इससे पूर्व सांसद ने शंकर नाट्य कला परिषद बसैटी के तत्वावधान में आयोजित सामाजिक नाटक जुर्म की दहलीज का उद्घाटन फीता काटकर किया।
मौके पर सांसद ने कहा कि बसैटी शिव मंदिर एक ऐतिहासिक मंदिर है। उन्होंने मंदिर के गेट बनाने की भी घोषणा की। सांसद श्री सिंह ने कहा कि सांसद कोटे से बसैटी में विवाह भवन का भी निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का गठन होते ही इन क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही बसैटी, गुणवंती, बौंसी सहित अन्य गांव में राजीव गांधी विद्युत परियोजना के तहत बिजली उपलब्ध करायी जायेगी। स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी आदि समस्याओं को दूर करने के लिए हमेशा प्रयासरत है। मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष पुतुल कुमार राय, भाजपा नेता राज कुमार सिंह, विक्रम मंडल, रविन्द्र लाल, जयश्री सिंह, पप्पू सिंह, मनोज कुमार चौरसिया, सुधाकर झा सहित दर्जनों कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित थेI

अग्निकांड में चार घर समेत दो लाख की संपत्ति राख

जोकीहाट(अररिया), निप्र.: प्रखंड के केसर्रा गांव के परती टोला में गुरुवार की देर रात अचानक लगी आग में चार घर समेत दो लाख से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी। आग उस समय लगी जब गृह स्वामी घर में सो रहे थे। आग की उठती लपटों को देख नूरजहां चिल्लाने लगी तथा घर में सोये लोगों को जगाया। जिससे आधा दर्जन से अधिक लोग झुलसने से बच गये। अग्निकांड में आधा दर्जन बरी, तीन दर्जन मुर्गी, तीन बत्तख, चावल, गेहूं, साइकिल, कपड़ा आदि जलकर राख हो गए। सबसे अधिक नुकसान नूरजहा को हुआ है। अग्निपीड़ितों में नूरजहां, तहजीब एवं हबीब शामिल है। गांव के मास्टर हलीम, मो. तालीब एवं मो. अतीक ने अग्नि पीड़ितों को इंदिरा आवास, कंबल एवं खाद्य सामग्री जिला प्रशासन से मुहैया कराने की मांग की है।

मैदान से गायब हो गए उम्दा खेल व खिलाड़ी

फारबिसगंज(अररिया),जासं.: कभी खेल और खिलाड़ियों की गतिविधियों से चर्चा में रहने वाले सीमांचल को फारबिसगंज क्षेत्र में खिलाड़ियों की गतिविधि निचले स्तर पर है। खेल का माहौल मृत प्राय है। बेहतर खिलाड़ियों का सुखाड़ चल रहा है। कभी फुटबाल और क्रिकेट जैसे खेलों के यहां के खिलाड़ी राज्य स्तर पर जाने जाते थे। अब न तो उस स्तर की प्रतियोगिताएं ही आयोजित होती है और न ही खेलों में रूचि लेने वाले लोग सक्रिय है। खेल के मैदानों में नवसिखुआ बच्चों की अधकचरी टीम मनोरंजन भर ही खेलते नजर आते हैं।
बहुमुखी खेल प्रतिभा के धनी उज्जवल कुमार डे उर्फ बच्चू दा बताते हैं कि यह क्षेत्र खेलों और खिलाड़ियों के लिए उर्जावान रहा है। लेकिन हाल के वर्षो में खेल गतिविधियां उच्च स्तरीय नहीं रह गयी है। वे बताते हैं कि यहां करीब 15 वर्ष पूर्व फुटबाल की मजबूत टीम हुआ करती थी। क्रिकेट के मैदान में स्वयं बच्चू दा, अशोक दुग्गर, ओम प्रकाश, बासू दा, संजय भगत, अजय सिंह बेदानी, विजय श्रीवास्तव, अजय कास्ती जैसे खिलाड़ियों का जलवा जिला से बाहर तथा नेपाल तक देखा जाता था। इनमें से अधिकांश विश्वविद्यालय अथवा जिला टीम से खेला करते थे। जय हिन्द क्रिकेट क्लब, राइजिंग क्रिकेट क्लब, करबला क्रिकेट क्लब, टाउन क्लब जैसी टीम वर्षो तक थी। इन टीमों के खिलाड़ी आनन्द अग्रवाल, श्रवण मंडल, राजेश बाल्मिकी, मनु मुकेश मानव, संजू तिवारी, जोगबनी के मिथिलेश झा सहित कई नामी खिलाड़ी क्रिकेट के अपने पीढ़ी के अंतिम पायदान पर थे। इसके बाद तो क्रिकेट टीम में निष्क्रियता आ गयी। अब उन टीमों का अस्तित्व भी नहीं बचा। वर्षो तक जेएचसीसी के चलान वाले मीडिया कर्मी उज्ज्वल चौधरी कहते हैं कि खिलाड़ी घटे, प्रतियोगिताओं के स्तर में गिरावट आयी, यहां तक की माहौल भी समाप्त होने लगा। भावुक होकर वे बताते हैं कि उनकी टीम अब पूरी तरह बंद हो चुकी है।
बच्चु दा बताते हैं कि फुटबाल के मैदान में फावर्ड खिलाड़ी राम सेवक मिश्रा, अजय सिन्हा, जीवानन्द झा, गोलकीपर मुस्ताक, काला मित्रा, सपन कुमार दास, तपन कुमार, मो. शमीम, मासूम आलम, सुनील सहित स्वयं बच्चू दा जैसे खिलाड़ी थे, जिनकी प्रतिभाएं खेल प्रेमियों को मैदान तक खींच लाता था। बच्चू दा अनोखी प्रतिभा के धनी रहे हैं। जितना अच्छा वह क्रिकेट खेलते थे उतना ही अच्छा फुटबाल और इतनी उम्दा टेबूल टेनिस के खिलाड़ी थे। उस समय अधिकांश खिलाड़ी ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के टीम का महत्वपूर्ण हिंसा हुआ करते थे। दरअसल पहले विद्यालय स्तर पर ही फुटबाल की टीमें हुआ करती थी, जिसके कारण खेल का एक सकारात्मक माहौल हुआ करता था, लेकिन स्कूलों में अब ऐसी कोई टीम नहीं रही। कबड्डी और पहलवानी जैसी खेलें तो दिखती भी नहीं है। क्रिकेट महंगे खेल होने और टेनिस बाल के प्रचलन के कारण खिलाड़ी दूरी भाग रहे हैं। बेहतर खिलाड़ियों के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर की टीमें में मौका नही मिलना भी यहां खेल की दुर्गति का एक कारण माना जाता है। जिला खेल संघ के सचिव मासूम रेजा बताते हैं कि सरकारी स्तर पर खेलों के लिए किसी प्रकार की आर्थिक मदद नहीं मिलती है। जिलाधिकारी संघ के अध्यक्ष होते हैं। कोई-कोई जिलाधिकारी होते हैं जिनकी रूची खेलों में होती है और वे खेल के आयोजन में सहयोग करते हैं। संघ के माध्यम एथलेटिक्स सहित कुल 23 प्रकार की खेल गतिविधियां जिला में करवाया जाता है। जोकि संघ के सदस्यों, जिसमें पुरानी खिलाड़ी भी शामिल है। मासूम मानते हैं कि अब खेल का बेहतर माहौल नहीं रहा। निजी स्तर पर चारदीवारी के बीच टेनिस खेलने से इस महंगे खेल की गरीब प्रतिभागी सामने नहीं आ पाते हैं। इतना अवश्य हुआ है कि खेलों में हमेशा से सक्रिय रहने वाले बासू दा स्टेट एम्पायर पैनल में जगह बनाने में सफल रहे। वे आज भी सक्रिय है, लेकिन पूर्व के माहौल को जीवंत करने के लिए एक मुहिम और जोरदार प्रयास के साथ आर्थिक सहयोग की जरूरत बतायी। पर अब सवाल उठता है कि इसके लिए सामने कौन आएगा?