Tuesday, January 25, 2011

सड़क दुर्घटना या हत्या: जांच में जुटी पुलिस


अररिया : एनएच 57 पर कुसियारगांव के निकट रविवार की रात हुई वारदात में व्यवसायी मो. सज्जाद की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। ग्रामीण जहां लूटपाट के क्रम में अपराधियों की पिटाई से उसकी मौत होने की बात बता रहे हैं, जबकि पुलिस इसे दुर्घटना में हुई मौत मान कर प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक के परिजन जियाउर्रहमान ने भी पुलिस को बयान देकर सड़क दुर्घटना में सज्जाद की मौत का मामला अंकित कराया है। हालांकि पुलिस सड़क दुर्घटना से हटकर भी मामले की छानबीन कर रही है। इस संबंध में एसडीपीओ मो. कासिम ने शंका जाहिर करते बताया कि इस घटना के पीछे कोई अन्य विवाद भी हो सकता है। चूंकि घायल जाहिद ने जिस जगह पर दुर्घटना होने की बात पुलिस को बतायी है वहां खून का एक बूंद भी नहीं पाया गया है। जबकि मृतक के पजिरनों द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में कहा गया है कि पूर्णिया की ओर से आने के क्रम में पीछे से एक पिकअप भान ने मोटर सायकिल में ठोकर मार दी। ठोकर लगने से गाड़ी नीचे गिर गयी और अत्यधिक चोट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। उन्होंने यह बयान सज्जाद के सहयोगी खैरूगंज निवासी मो. जाहिद से पूछताछ के बाद पुलिस को दी है।
इधर कई लोग इसे हत्या का मामला से जोड़कर देख रहे हैं। चर्चाओं पर विश्वास करें तो इस मामले में सज्जाद की अन्यत्र हत्या कर सड़क दुघर्टना का रूप दिया जा रहा है। इस घटना की वास्तविकता क्या है यह अनुसंधान का विषय है। लेकिन सूत्रों की माने तो पुलिस इस मामले को लेकर दोनों के परिवारों में उपलब्ध मोबाइल का प्रिंट आउट करने में लग गयी है।

आपूर्ति: सोमवार को लगेगा एसडीओ का जनता दरबार


अररिया : आपूर्ति विभाग में गड़बड़ी करने वाले लोगों के लिए बुरी तथा आपूर्ति व्यवस्था को सुधारने के लिए लगनशील व्यक्तियों के लिए अच्छी खबर है। आपूर्ति संबंधित यथा गैस कनेक्शन व आवंटन में अनियमितता, डीलरों की मनमानी आदि शिकायतें सुनने के लिए अब एसडीओ प्रत्येक सोमवार को जनता दरबार लगायेंगे। जिसमें सिर्फ आपूर्ति संबंधित शिकायतें ही ली जायेगी। इसका निर्णय सोमवार को आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में लिया गया। सदर एसडीओ कक्ष में एमओ के साथ की गई बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि उस जनता दरबार में तमाम प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, तथा प्राप्त शिकायतों का निष्पादन आन द स्पाट करने का प्रयास किया जायेगा।
समीक्षात्मक बैठक में अनाज का उठाव नहीं करने वाले डीलरों के खिलाफ रिपोर्ट नहीं देने पर एसडीओ ने सभी एमओ को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अब ऐसी शिकायतें प्राप्त होने पर उस डीलर का लाईसेंस रद्द किया जायेगा। पंचायत स्तरीय निगरानी समिति सदस्यों को एमओ द्वारा एसएमएस नहीं करने के विषय पर एमओ ने बताया कि सदस्यों का मोबाइल नंबर अनुपलब्ध है। एसडीओ ने हरिरा के डीलर मो. सैय्याद व मिर्जा भाग के डीलर जसीमउद्दीन के खिलाफ जांच करने का निर्देश दिया है। बैठक में अनाज उठाव, वितरण तथा कूपन जमा होने संबंधित विषयों पर समीक्षा हुई। इस अवसर पर सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी मो. नासीरउद्दीन, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार, हारूण रशीद, तिमोथ मरांडी सहित कई एमओ उपस्थित थे।

चोरी करते तीन चोर धराये


अररिया : अररिया आरएस ओपी पुलिस ने रविवार की रात गश्ती के दौरान रेलवे गुमटी के निकट एक पान दुकान में चोरी करते तीन चोरों को रंगे हाथों दबोचने में सफलता पायी है। दबोचे गये चोरों में सहदेव कुमार, बेगुसराय,अरविंद कुमार, भोलका रोड, बंगाल एवं मनोज कुमार सिंह, जलालगढ का रहने वाला बताया जा रहा है। चोरों के पास से पुलिस ने एक डायगर,फाईटर एवं अन्य हथियार भी बरामद किया है। तीनों चोर नाबालिग बताये जा रहे हैं।
दबोचे गये चोरों ने पुलिस को बताया है कि वे तीनों कटिहार में अलग अलग जगहों पर होटल में काम करते हैं। गत संध्या वे तीनों फारबिसगंज थियेटर देखने के लिए निकले थे। लेकिन वे लोग आरएस स्टेशन पर ही उतर गये और बगल के पान दुकान में चोरी करने लगे। चोरों ने बताया कि रड लगाकर पहले दुकान का ताला तोड़ा फिर दो लोग अन्दर में घुसकर सामान निकालने का प्रयास करने लगे। इसी बीच आरएस थाना का गश्ती दल वहां पहुंच गया। पुलिस को देखते ही बाहर खड़ा एक चोर भागने लगा। चोर को भागते देख पुलिस को शक हुआ और तलाशी ली जाने लगी। इसी क्रम में तीनों चोरों को दबोचने में पुलिस ने सफलता पायी।

भाजपा नेताओं ने दी लतिका रेणु को श्रद्धांजलि


अररिया : भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह विधान पार्षद डा. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता व प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र पासवान व अन्य भाजपा नेताओं ने सोमवार को विश्वविख्यात कथाकार फणीश्वरनाथ रेणु की दिवंगत पत्‍‌नी लतिका रेणु की स्मृति में उनके गांव हिंगना औराही में में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया व उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इन नेताओं में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण झा, चंद्र शेखर सिंह बबन, विजय भगत आदि शामिल थे।
बाद में डा. गुप्ता व श्री पासवान ने बताया कि लतिका जी का जाना समाज के लिये गहरी क्षति है, क्योंकि वे ही रेणु जी की विश्वप्रसिद्ध रचना मैला आंचल के लेखन व प्रकाशन के पीछे की मुख्य शक्ति एवं प्रेरणा थी। उनका निधन एक युग का अंत है। भाजपा नेताओं ने कहा कि वे पटना जाकर इस बात का प्रयास करेंगे कि स्व. लतिका जी की याद में स्मारक बनाने का सार्थक प्रयास किया जाय। वे इसके लिये सरकार से मांग भी करेंगे। श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के बाद भाजपा नेता फारबिसगंज के पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता के भी घर गये तथा उनके छोटे भाई के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

बाल श्रम स्कूल: 21 माह से नहीं मिला मानदेय

अररिया : जिले के राष्ट्रीय बाल श्रमिक विशेष विद्यालय कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं को विगत 21 माह से मानदेय व छात्रवृति नहीं मिलने के अलावा मध्याह्न भोजन बाधित रहने से बाल श्रम उन्मूलन कार्यक्रम प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में राष्ट्रीय बाल श्रमिक विशेष विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी संघ ने जिला पदाधिकारी को एक आवेदन देकर उपरोक्त समस्याओं का निदान किये जाने की मांग की है। दिये गये आवेदन पर संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कु. मिश्र, पूनम नंद कुलियार, प्रवेज आलम, धर्मनाथ मंडल आदि के हस्ताक्षर अंकित है।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस आज


अररिया : 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना दिवस एवं इस वर्ष आयोग स्थापित होने के 60 वर्ष पूर्ण होने पर मंगलवार को आयोग द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जायेगा। जिला प्रशासन इसकी तैयारी को ले जोर शोर से लग गया है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में नये वोटरों को पहचान पत्र दिया जायेगा। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि आयोग के निर्देश पर सभी प्रखंड, अनुमंडल मुख्यालय के साथ-साथ जिला मुख्यालय पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। श्री सिंह ने बताया कि जिले में 18 से 20 वर्ष तक के 316 वोटरों को पहचान पत्र देने के साथ-साथ उन्हें बैच भी दिया जायेगा। श्री सिंह ने कहा कि आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि नये वोटर्स को मतदाता होने के नाते देश के प्रति वफादारी निभाने का शपथ भी दिलाना है। इधर सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि अनुमंडल मुख्यालय का मुख्य कार्यक्रम अररिया प्रखंड में होगा।

ट्रेन की ठोकर से बच्चे की मौत


रेणुग्राम(अररिया) : सिमराहा रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे लाइन पार करने के क्रम में हल्दिया गांव निवासी मो.अल्फेज(15)की मृत्यु सोमवार को सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन की ठोकर लगने से हो गयी। घटना के संबंध में मृतक के परिजन ने बताया कि मृतक अल्फेज सिमराहा मिडल स्कूल में पढ़ता था। वह सोमवार को स्कूल के किसी छात्र के साथ जलावन के लिए रेलवे लाइन के पार जा रहा था कि उसी क्रम में सीमांचल ट्रेन से टकरा जाने के कारण गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज हेतु फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसकी मृत्यु हो गयी। फारबिसगंज के जीआरपी प्रभारी पीसी राकेश ने घटना की पुष्टि की है।

एसएसबी ने बरामद की जानवरों की 50 बोरा हड्डी


बथनाहा(अररिया) : एसएसबी 24 वीं बटालियन बथनाहा की ए कंपनी ने रविवार की देर रात्रि 50 बोरी जानवरों की हड्डी जिमराही गांव से बरामद किया है। बरामद हड्डी का मूल्य एक लाख 47 हजार रूपये बताया जा रहा है। बल के सेनानायक एकेसीसिंह ने बताया कि जब्त हड्डी तस्करी कर नेपाल से लाया गया था। वहीं दूसरी ओर ए कंपनी के पथराहा बीओपी अंतर्गत नेपाल से तस्करी कर लाये जा रहे 16 रास मवेशी को एसएसबी के जवानों द्वारा सोमवार की देर शाम जब्त किया गया। जब्त मवेशी का मूल्य 80 हजार रूपया आंका गया है। सोमवार को ही बथनाहा में लाये जा रहे 65 बोरा प्याज को भी जब्त किया गया है। जब्त समानों को कस्टम के हवाले देने की बात सेनानायक के द्वारा कही गयी है।

जदयू ने मनायी जननायक कर्पूरी की 87वीं जयंती


फारबिसगंज(अररिया) : fसोमवार को जदयु के नगर कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की 87वीं जयंती जदयु नगर अध्यक्ष नौशाद आलम की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। जिसमें मुख्य अतिथि युवा जदयु के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह एवं व्यवसायी प्रकोष्ठ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष प्रदीप साह थे। जबकि मंच का संचालन नगर उपाध्यक्ष उमेश दास ने किया।
इस मौके पर पार्टी जन द्वारा कर्पूरी के तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के उपरांत जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा ने कर्पूरी जी के सरल जीवन को आत्मसात करने का आह्वान किया। अन्य वक्ताओं ने भी उनकी जीवन व कृतित्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर रजत रंजन, प्रमोद रजक, गोपाल राय, शमीम आलम, सुनील पासवान, शंभू मरीक, अनवर अंसारी, टिंकू साह, नवीन कुमार, मुकेश सिंह आदि उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन संतोष पासवान ने किया।

सड़क दुर्घटना में एक की मौत, पंद्रह घायल


फारबिसगंज (अररिया) : सोमवार की सुबह एनएच 57 पर फारबिसगंज कालेज चौक के समीप टेम्पो और बोलेरो की टक्कर में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई जबकि पंद्रह व्यक्ति जख्मी हो गये। इनमें से दो की हालत गंभीर बतायी जाती है। ये सभी घायल टेम्पो पर सवार थे।
घटना के बारे में बताया गया कि टेम्पो संख्या बीआर 11डी 6213 यात्रियों को लेकर परमान्दपुर से फारबिसगंज आने के क्रम में पाईप फैक्ट्री के पास बोलेरो संख्या बीआर 11एच 2289 से टकरा गई। जिससे टेंपू पर सवार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। ग्रामीणों द्वारा घायलों को उपचार हेतु रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां सिमराहा निवासी गंभीर रूप से घायल जय कृष्ण यादव (45) की मृत्यु हो गई। जबकि घायलों में मृतक की पत्‍‌नी नूतन देवी, पुत्र प्रेम कुमार व राज कुमार, पुत्री मनीका एवं परिजन रामवती देवी भी शामिल हैं, जो एक सत्संग में भाग लेने सिमरबनी जा रहे थे। इसके अलावा टेंपू पर सवार रेफरल अस्पताल कर्मी परमानन्द ठाकुर, चन्दन देवी, सुलेखा देवी, जानकी देवी, रवीन्द्र मेहता, मुन्नी देवी, के मंडल, विसकी एवं मनिकांत भी घायल हुये। जबकि गंभीर रूप से जख्मी रवीन्द्र मेहता को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया है। फारबिसगंज की थाना पुलिस भी घटना स्थल व रेफरल अस्पताल पहुंचकर मामले को सूचीबद्ध किया और बोलेरो को जब्त कर थाना ले गयी। वहीं बोलेरो और टेम्पो के चालक फरार बताये गये।

जयंती पर याद किये गये जननायक कर्पूरी ठाकुर


अररिया/कुसियारगांव : प्रमंडलीय नाई संघ के तत्वावधान में सोमवार को कर्पूरी ठाकुर की जयंती समारोह आयोजित की गयी। प्रमंडलीय अध्यक्ष गणेश लाल ठाकुर के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में संघ के सदस्यों ने जननायक जी के तैल चित्र पर सामूहिक रूप से पुष्पांजलि अर्पित की। मौके पर कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा की गयी। कार्यक्रम में राजधर ठाकुर, जीवछ लाल ठाकुर, जीवछ लाल ठाकुर, कमलानंद ठाकुर, कृत्यानंद ठाकुर, अशोक, सुकदेव, शंकर ठाकुर, शिवशंकर ठाकुर, अरूण ठाकुर, सोहन लाल आदि शामिल थे।

प्रधानाध्यापक को सेवामुक्त करने का निर्देश

जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट प्रखंड के गिरदा पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय रामगंज दर्शना के प्रधानाध्यापक मीर मुजफ्फर को सेवामुक्त करने का निर्देश डीएसई मो.अहसन ने नियोजन समिति को दिया है। रविवार को ग्रामीणों एवं स्थानीय मुखिया की शिकायत पर विद्यालय पहुंचकर डीएसई अहसन ने विभिन्न मामलों की जांच की। ग्रामीणों ने डीएसई से प्रधानाध्यापक मीर मुजफ्फर के विरुद्ध एमडीएम नहीं चलाने, फर्जी तरीके से राशि निकालने, भवन निर्माण में गड़बड़ी, पठन-पाठन में रुचि नहीं लेने का आरोप लगाया था। गौरतलब है कि विद्यालय का भवन निर्माण लगभग दो वर्षो से निर्माणाधीन है तथा गुणवत्ता की अनदेखी की गई है। मध्याह्न भोजन भी अधिकाशत: बंद रहता है। इस संबंध में डीएसई अहसन ने बताया कि प्रधानाध्यापक को सेवामुक्त करने का निर्देश नियोजन समिति को दे दिया गया है। स्कूल में जल्द ही दूसरे हेड मास्टर को प्रभार दे दिया जायेगा।

कर्मचारी संघ ने आयोजित की गोष्ठी

अररिया : अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी संघ के तत्वाधान में रविवार को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के मौके पर पेन्शनर समाज सभा भवन में एक गोष्ठी आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता कार्यपालक दंडाधिकारी सह संघ के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र राम ने किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने नेताजी के जीवनी पर प्रकाश डालते हुये कहा कि वे मात्र 23 वर्ष की आयु में ही ब्रिटिश हुकूमत की जड़े हिला रखी थीं। वक्ताओं ने कहा कि आजादी की लड़ाई में उनके योगदान को भुलाया नही जा सकता है। इस अवसर पर समाज के जिलाध्यक्ष डा. नवल किशोर दास, अभियंता शशिनाथ दास, संघ के अखिलेश्वर कुमार, जगदीश राम, रणवीर पासवान, जगदीश पासवान, महेश्वर राम, रामशरण मंडल, जगदीश प्रसाद, अनिल पासवान आदि मौजूद थे।

पिस्टल व कारतूस के साथ छह गिरफ्तार


रानीगंज (अररिया) : रविवार की रात्रि समकालीन अभियान के तहत रानीगंज पुलिस ने थानाक्षेत्र के मधुलता गांव से पिस्टल एवं जिंदा कारतूस के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार किये गये व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।
रानीगंज थानाध्यक्ष अरुण सिंह के नेतृत्व में रविवार की रात्रि छापामारी के दौरान गिरफ्तार लोगों में बौंसी थानाक्षेत्र के महसैली गांव का मो. गालिब, मो. तारिक, मो. जमील, मो. अकील तथा रामपुर कोदर कट्टी गांव का मो. तबरेज आलम आदि है। सभी को रानीगंज थाना में पूछताछ के बाद अररिया जेल भेज दिया गया है।

Monday, January 24, 2011

अंग्रेजो से लड़े थे आजाद हिंद फौज के सिपाही राधामोहन


रेणुग्राम (अररिया) : फणीश्वरनाथ रेणु की परती परिकथा की भूमि में बसा है शुभंकरपुर गांव। यहां सन 1973 में बर्मा (म्यांमार) से लाये गये विस्थापितों को बसाया गया था। इसी गांव में रहते थे राधा मोहन सिंह। उन्होंने नेताजी द्वार स्थापित आजाद हिंद फौज के सैनिक के रूप में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी।
राधा मोहन सिंह का कुछ साल पहले निधन हो चुका है। फिलहाल उनके तीन पुत्र व परिजन किसानी कर अपना गुजर बसर करते हैं। उनके पास बर्मा में आजाद हिंद फौज से संबंधित गतिविधियों के कुछ दस्तावेज थे। वर्मा से पलायन करते समय राधामोहनजी ने उन दस्तावेजों को शायद खूब संभाल कर रखा होगा। लेकिन भारत में उनकी कद्र नहीं की गयी। शुभंकरपुर में बसने के बाद उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी सम्मान पेंशन के लिए आवेदन किया। सारे दस्तावेज आवेदन के साथ संलग्न किये गये। लेकिन पेंशन नहीं मिली। उनके पास केवल बिहार सरकार के अधिकारी द्वारा केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजे गये पत्र की प्रति रह गयी। जिसमें उनके आजाद हिंद फौज से जुड़ाव के प्रमाण हैं।
राधामोहन जी के पुत्र राम विशुन सिंह, जय विशुन सिंह व शिव विशुन सिंह ने बताया कि उनके पूर्वज उन्नीसवीं सदी में मि. जानसन द्वारा बिहार के शाहाबाद जिले से गिरमिटिया मजदूर के रूप में वर्मा ले जाये गये थे। वर्मा में बिहार के ही एक जमींदार राजा धनुषधारी चौबे भी रहते थे। वहीं, नेता जी के आह्वान पर उनके पिता राधामोहन सिंह आजाद हिंद फौज में भर्ती हो गये और अंग्रेजों के खिलाफ खूब लड़ाई की। सन पचास में बर्मा की आजादी के बाद जब वहां बर्मी राष्ट्रवाद तेज हो गया तो भारतीयों पर अत्याचार होने लगे और इसी कारण उन्हें 1973 में उन्हें बर्मा छोड़ कर पलायन करना पड़ा।

नेताजी की जयंती पर कई कार्यक्रम


अररिया : नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के जयंती के मौके पर रविवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किये गये। मुख्यालय स्थित सुभाष चौक स्थित नेताजी की प्रतिमा स्थल पर नगर परिषद के सौजन्य से एक श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया। सहारा परिवार द्वारा स्थापित की गई सुभाष के आदमकद प्रतिमा को बड़े हीं आकर्षक ढंग से सजाया गया थी।
इस मौके पर उपस्थित तमाम लोगों ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ा कर उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। इस मौके पर मुख्य रूप से नगर परिषद के मुख्य पार्षद अफसाना परवीण, वार्ड पार्षद मो. यासीन, समाजसेवी नंदमोहन मिश्र, गजेन्द्र वर्मा, प्रो. कमल नारायण यादव, रामशरण मंडल, मो. ताहा, डा. एनके दास, दुकानदार अनिल मिश्र, अब्दुल कुद्दुस अखिलेश्वर कुमार, रासो पासवान, निक्कू, राणा मल्लिक सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
वहीं दूसरी ओर नेताजी के जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा शिवपुरी में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता कराई गई। इस अवसर पर परिषद के जिला प्रमुख प्रो. एमपी सिंह, नगर मंत्री कुणाल प्रियदर्शी, प्रो. अनिल मिश्रा, प्रो. शैलेन्द्र झा, प्रो. सुष्मिता सिंह सहित कई परिषद कार्यकर्ता मौजूद थे।

जयंती पर याद किये गये नेताजी


फारबिसगंज/जोगबनी/रानीगंज(अररिया)  नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर रविवार को फारबिसगंज नगर स्थित सुभाष चौक पर स्थापित नेताजी की प्रतिमा पर जदयू कार्यकत्र्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। इस मौके पर युवा जदयू के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह, प्रवक्ता पवन मिश्रा, नगर अध्यक्ष नौशाद आलम, प्रदीप साह, पशुपति शर्मा, कांग्रेस नेता दिलीप पासवान, तमाल सेन, संजय शर्मा, राजेश कुमार, इसराइल, मनोज यादव, शंभू सिंह, शमीम अनवर, असलम, उमेश दास उपस्थित थे। इधर बिहार बंगाली समिति फारबिसगंज के सचिव बापी दास, दीपक सेन, उत्तम चौधरी, पप्पू दास, संजय पासवान ने भी नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
जोगबनी निप्र के अनुसार भारत स्वाभिमान (न्यास) शाखा जोगबनी के बैनर तले रविवार को सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर एक दिवसीय विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर जोगबनी शाखा न्यास के अध्यक्ष अधिवक्ता सुनील आर्य, प्रधानाध्यापिका इंदिरा मिश्रा, शिक्षक प्रयाग नाथ झा, रविन्द्र झा, राकेश सिंह, मनोज राय, नरेश प्रसाद, शिवकांत ठाकुर, विजय श्रीवास्तव, बैद्यनाथ चौधरी, जितेन्द्र पूर्वे, महाकांत झा, नरेश प्र. सिन्हा आदि उपस्थित थे।
रानीगंज जाप्र के अनुसार प्रखंड के रमणजी लक्ष्मी सरस्वती मंदिर प्रांगण में एक समारोह आयोजित कर नेताजी की जयंती मनायी गयी। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक झांकी निकाली गयी। जिसका नेतृत्व विद्यालय के प्रधान अजय झा कर रहे थे।

साइकिल व पोशाक योजना सकारात्मक पहल: तापड़िया


जोगबनी (अररिया) : मुख्यमंत्री द्वारा स्कूली बच्चों के बीच साइकिल एवं पोशाक योजना एक सकारात्मक पहल है। इससे बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि पैदा होगी तथा बच्चे स्कूल में अपना नामांकन करायेंगे। मुख्यमंत्री का यह योजना शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल है।
उपरोक्त बातें माहेश्वरी बालिका उच्च विद्यालय जोगबनी के स्थानीय समिति सचिव भीखन चन्द तापड़िया ने बच्चों के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम में कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस योजना से स्कूल में बच्चों की संख्या में वृद्धि हुई है तथा बच्चों में खासकर लड़कियों में शिक्षा के प्रति रुझान बढ़ा है। यही कारण है कि लड़कियां अब पढ़ने स्कूल आती है और मुख्यमंत्री योजना का लाभ उठाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में बालिका शिक्षा को विशेष प्रोत्साहन मिला है जो स्वागत योग्य है।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापिका इन्द्रा मिश्रा, रंजू झा, किरण जी, रवीन्द्र झा, केदार नाथ सिंह एवं कमला मिश्रा सहित विद्यालय समिति के श्याम तापड़िया जय किशन राठी एवं विद्यालय के बच्चियां मौजूद थी।

गणतंत्र दिवस की तैयारी जोरों पर

रेणुग्राम (अररिया) : ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी जो शहीद हुए है, उनकी जरा याद करो कुर्बानी..। जैसे देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की गूंज जहां राष्ट्रीय महापर्व गणतंत्र दिवस के आगमन की स्वाभाविक सूचना दे रही है। वहीं इस पर्व को मनाने के लिए सभी जगहों पर युद्धस्तरों पर तैयारियां चल रही हे। कहीं रंग-रोगन तो कहीं परेड व झांकी की तैयारी। शैक्षणिक संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी व राष्ट्रीय गीतों के पूर्वाभ्यास ने राष्ट्रीय भावना जगाने का काम शुरू कर दिया है। विभिन्न स्कूलों, पंचायत भवनों व अन्य सरकारी कार्यालयों स्थलों की साफ-सफाई व रंग-रोगन जैसे कार्य जोरों पर किए जा रहे है।

ड्राप पिलाकर सीएस ने की पोलियो राउंड की शुरुआत

अररिया : रविवार को नगर परिषद के गोढ़ी चौक आंगनबाड़ी केन्द्र संख्या 3 पर पांच दिवसीय पल्स पोलियो राउंड की शुरूआत सिविल सर्जन डा. धनुषधारी प्रसाद ने नवजात को ड्राप पिलाकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दो बूंद जिंदगी की यह सिर्फ नारा नहीं है बल्कि सचमुच दो बूंद से वंचित होने वाले बच्चे विकलांगता के शिकार हो जाते हैं। वहीं मौके पर मौजूद जिला प्रोग्राम पदाधिकारी चन्द्र प्रकाश ने तमाम लोगों से अपने 0-5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने की अपील की। जबकि डा. कैप्टन एस.आर. झा ने कहा कि गोढ़ी चौक पर राउंड का उद्घाटन कराने के पीछे उद्देश्य है। एसएमसी परमानंद ने इस राउंड की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर डीआईओ डा. राजेश कुमार महिला पर्यवेक्षिका मंजू कुमारी, बीएमसी जय कुमार झा, सुपरवाईजर सौरव कुमार, ओमप्रकाश, सेविका मोसर्रत जहां आदि मौजूद थी।