अररिया : आगामी रेल बजट पेश होने से पहले ही सीमांचल क्षेत्र में प्रस्तावित रेल परियोजना को पुन: लागू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। अररिया-सुपौल बड़ी रेल लाइन परियोजना अररिया-गलगलिया रेल लाइन, जलालगढ़-गलगलिया रेल लाईन को लेकर लोग उम्मीदें लगाए हुए है। हालांकि कुछ परियोजनाओं पर सर्वे उपरांत कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया था। लेकिन पुन: उसे बंद बस्ते में डाल दिया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. तस्लीमुद्दीन, विधायक जाकिर अनवर खां, प्रो. रकीब अहमद, समाज सेवी सरवर आलम, मीर मंसूर आलम आदि ने प्रधानमंत्री एवं रेलमंत्री से मांग की है। इस रेल बजट में लंबित परियोजना को शामिल किया जाए। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए जोगबनी से पटना एवं हाजीपुर तक पैसेंजर ट्रेन एवं इंटरसीटी ट्रेन चलाने की मांग की है। साथ ही अम्रपाली को जोगबनी से अमृतसर तक चलाने की मांग भी सीमांचल वासियों द्वारा की जा रही है।
Thursday, February 23, 2012
बैठक 26 को
फारबिसगंज: भरतीय जनता मजदूर महासंघ की एक बैठक 26 फरवरी को नरपतगंज के फुलकाहा में आयोजित होगा। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष बब्बन सिंह, पूर्व विधायक फारबिसगंज लक्ष्मी नारायण मेहता उपस्थित रहेंगे। वहीं इस बैठक में संघ के जिला कार्यकारिणी के विस्तार पर चर्चा की जायेगी। उपरोक्त आशय की जानकारी जिलाध्यक्ष रघुवीर प्रसाद विश्वास ने दी है।
विद्युत आपूर्ति बाधित
फारबिसगंज: बाजार समिति प्रागंण स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले दो दिनों से खराब रहने के कारण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप्प है। विद्युत कार्यालय को गड़बड़ी की सूचना दिए जाने के बावजूद विद्युत आपूर्ति बहाल नही किया जा सका है। जिस कारण स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
इंस्पेक्टिंग जज का आगमन स्थगित
अररिया : इंस्पेक्टिंग जज के रूप में अररिया न्यायालय में पटना हाइ कोर्ट के न्यायमूर्ति का आगमन स्थगित हो गया है। यह जानकारी जिला बार एसोसिएशन के महासचिव अमर कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय कोर्ट के निरीक्षण के लिए इंस्पेक्टिंग जज के रूप में हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति के मल का आगमन स्थगित हो गया है।
हालांकि पटना से आए निरक्षी दल ने कोर्ट में लंबित संचिकाओं का गहन अध्ययन किया।
विवाहिता की गला दबाकर हत्या
अररिया, : नगर थाना क्षेत्र के भगत टोला माता स्थान के निकट बुधवार की रात 22 वर्षीय विवाहिता रानी देवी की गला दबाकर कर दी गयी। हत्या का आरोप उसके पति पर ही लगा है।
इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सब इंस्पेक्टर महाश्वेता सिंहा व अनि प्रशांत कुमार ने माले की तहकीकात की। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हत्या के बाद पति गुरुदेव शर्मा शव को घर में बंद कर फरार हो गया है। घटना की सुबह आसपास के लोगों ने घर में जब शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतु सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के बायसी स्थित परिजनों को घटना की सूचना भेज दी है।
घटना के संबंध में पड़ोसियों ने बताया कि गुरुदेव अक्सर शराब पीकर अपनी पत्नी की पिटायी करता था। रात के करीब नौ बजे दोनों के बीच तेज बहसबाजी हुई। इसके बाद क्या हुआ उन्हें नही मालूम। पड़ोसियों ने बताया कि दिन के ग्यारह बजे तक जब घर नही खुला तो उन्होंने दरवाजा खोला। घर खुलते हीं रानी का शव पाया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह हत्या गला दबाकर होने की पुष्टि की है। चूंकि मृतका के गला दबाने का निशान पाया गया है।
एमडीएम: कहीं गबन तो नही किया गया 70 हजार?
अररिया : अररिया में इतने घोटाले सामने आ गये हैं कि अब छोटी मोटी अनियमितता पर भी गबन की आशंका बन जाती है। कुछ ऐसा ही मामला मध्याह्न भोजन योजना के कार्यालय में प्रकाश में आया है। वित्तीय वर्ष 2009-10 में संवेदकों का चयन करने से पूर्व उनसे सुरक्षित जमा राशि के रूप में 10 हजार प्रति संवेदक की दर से 70 हजार की राशि ली गई थी। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि यह राशि कार्यालय के रोकड़ पंजी में दर्ज नही है। इसका खुलासा एमडीएम के प्रभारी पदाधिकारी रविन्द्र राम द्वारा अररिया बीईओ डा. बैजू झा को लिखे गए पत्र (पत्रांक 183, 15 फरवरी 12) से होता है।
पत्र के अनुसार उस समय डा. बैजू झा एमडीएम के प्रभारी पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे। श्री राम ने पत्र में डा. झा से पूरे मामला का कारण स्पष्ट करने को कहा है। उन्होंने इस पत्र की प्रति डीईओ को भी दी है। इधर मिली जानकारी के अनुसार डा. झा ने पूरा कागजात पत्र के जवाब में कार्यालय को उपलब्ध तो करा दिया है, परंतु श्री राम ने बताया कि कार्यालय में इस संबंध का कोई रिकार्ड नही है। एमडीएम प्रभारी पदाधिकारी ने बताया कि अब बैंक से मिलान करने के बाद ही वस्तुस्थिति स्पष्ट हो पायेगी। अब सवाल यह उठता है कि आखिर कागजात, रिकार्ड उपलब्ध नही होने के बाद 70 हजार का हिसाब कैसे मिल पाएगा? कहीं यह राशि गबन तो नहीं कर ली गयी?
कस्तूरबा विद्यालय में हुए कार्यक्रम
कुर्साकांटा (अररिया) : बुधवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में मैत्रीय 2012 कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्राओं को रेड हाउस, रतीन हाउस, एलो हाउस एवं ब्लू हाउस के तहत चार ग्रुपों में बांटकर क्विज, वाद विवाद, निबंध, भाषण, चित्राकंन, रंगोली, जूडो कराटे, समूह गान के माध्यम से प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सफल छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय की वार्डेन अनिता ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेगी। कार्यक्रम में जिप सदस्या सुशीला देवी भी उपस्थित थी। उन्होंने बच्चियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शिक्षिकाओं की सराहना की।
मौके पर मुखिया निसरत बानो, अवधेश ठाकुर, अनिता देवी, संगीता कुमारी, सुरभी कुमारी, सोनी कुमारी, कलाकार चित्रबोध ठाकुर आदि उपस्थित थे।
डीपीएस में बनी सलाहकार समिति
अररिया : बुधवार को स्थानीय जिला मुख्यालय स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल परिसर में शहर के बुद्धिजीवियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डा. नवल किशोर दास ने की। आयोजित बैठक में स्कूल से जुड़ी समस्याओं के निदान तथा कम समय में स्कूल की उपलब्धि पर चर्चा हुई। साथ ही इस मौके पर रिक्त प्रिसिंपल की सीट के लिए बालिका उवि की सेवानिवृत प्राचार्य अनवरी खातुन का चयन सर्व सम्मति से किया गया। इस बैठक में डीपीएस के निदेशक रजी हैदर उजाला ने स्कूल फीस, हास्टल की समस्या के बारे में बताया तथा स्कूल के सफल संचालन के लिए स्कूल एडवाईजरी कमिटी गठन पर बल दिया गया। मौके पर हीं सर्व सम्मति से एडवाईजरी कमिटी के अध्यक्ष पद पर डा. एनके दास, सचिव के पद पर उद्योगपति सागरमल जैन व विधि सलाहकार के रूप में सेवानिवृत एडीजे जुबेरूल हसन गाफिल को चुना गया। बैठक के दौरान स्कूल के लिए विशेष रूप से प्रचार-प्रसार करने, अभिभावक गोष्ठी करने के अलावा कई निर्णय लिये गये। इस अवसर पर कमेटी सदस्य राजमोहन सिंह, अधिवक्ता श्याम कुमार झा, ध्रुव कमल आदि मौजूद थे।
हादसे के शिकार दस को लाया सदर अस्पताल
कुसियारगांव (अररिया) : जिले के अलग-अलग मार्गो पर हुई सड़क दुर्घटना में घायल हुए लगभग दस लोगों को इलाज के लिए बुधवार की देर शाम सदर अस्पताल लाया गया जिसमें अति गंभीर स्थिति को देखते डा. एसके सिंह ने पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बस स्टैंड अररिया गैस गुदाम स्थित दो मोटर साइकिल के भिड़ंत हो गयी, जिसमें मोटर साइकिल सवार कमलदाहा निवासी मो. शाकिब, अजय कुमार (अररिया) व लड्डू कुमार (बसैटी) आदि घायल हो गये। एसडीपीओ मो. कासिम ने घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती करवाया। वहीं, इसी दिन कलियागंज मार्ग में हुई बस दुर्घटना में घायल तौसिफ मझूआ, विरेन्द्र यादव (सुहागपुर), सुलेमान (करोड़ दिघली), गोपाल प्र. श्री वास्तव (अररिया) व अबू नसर (कलियागंज), टेरागाछ ढवेली किशनगंज के मो. आशासल को भी अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। सभी घायलों का डा. एसके सिंह, डा. जितेंद्र प्रसाद, डा. राजेंद्र, डा. सुशील कुमार व अन्य की देखरेख में इलाज किया गया।
भूमापक विभाग की टीम ने की जमीन की मापी
अररिया : बुआरीबांध स्थित ठोस कचरा प्रबंधन के लिए खरीदी गयी जमीन की राशि वापसी होने के बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को भू मापक विभाग पटना की टीम ने जमीन की मापी की। इस टीम के साथ प्रमंडलीय अमीन, अंचल व नप के अमीन तथा अंचल पदाधिकारी व अन्य मौजूद थे। मापी के बाद उक्त टीम ने क्या रिपोर्ट सौंपी है इस बात का फिलहाल खुलासा नही हो पाया है लेकिन बताया जा रहा है कि मापी के बाद कई त्रुटियां सामने आयी है। जानकारों के मुताबिक नप को दिये गये 191 डिसमिल जमीन में 18.5 (साढ़े अठारह) डिसमिल जमीन नहर एवं छहर का भी शामिल है इधर, जिला पदाधिकारी ने अंचल पदाधिकारी को जमीन मापी के साथ 16 बिंदुओं पर जांच रिपोर्ट अविलंब सौंपने का निर्देश दिया है।
भूमापक विभाग की टीम ने की जमीन की मापी
अररिया : बुआरीबांध स्थित ठोस कचरा प्रबंधन के लिए खरीदी गयी जमीन की राशि वापसी होने के बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को भू मापक विभाग पटना की टीम ने जमीन की मापी की। इस टीम के साथ प्रमंडलीय अमीन, अंचल व नप के अमीन तथा अंचल पदाधिकारी व अन्य मौजूद थे। मापी के बाद उक्त टीम ने क्या रिपोर्ट सौंपी है इस बात का फिलहाल खुलासा नही हो पाया है लेकिन बताया जा रहा है कि मापी के बाद कई त्रुटियां सामने आयी है। जानकारों के मुताबिक नप को दिये गये 191 डिसमिल जमीन में 18.5 (साढ़े अठारह) डिसमिल जमीन नहर एवं छहर का भी शामिल है इधर, जिला पदाधिकारी ने अंचल पदाधिकारी को जमीन मापी के साथ 16 बिंदुओं पर जांच रिपोर्ट अविलंब सौंपने का निर्देश दिया है।
प्रश्नपत्र लीक मामला: अभाविप ने की जांच की मांग
फारबिसगंज (अररिया) सं: 17 फरवरी को संपन्न माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा से पूर्व हुए कथित प्रश्न-पत्र लीक मामले की जांच उच्च स्तरीय आयोग से कराने की मांग विद्यार्थी परिषद ने की है।
अभाविप द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र बाजारों में बिक्री होने से मेधावी छात्रों को नुकसान हुआ और नकल करने वालों को गलत तरीके से लाभ मिल गया। बयान में मामले की जांच करने तथा मामला सही पाये जाने पर पुन: परीक्षा लेने सहित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी है।
Wednesday, February 22, 2012
पूजा के बाद एसपी ने लिया विधि व्यवस्था जायजा
बसैटी (अररिया) : एसपी शिवदीप लांडे रानीगंज प्रखंड के मंठ बसैटी स्थित शिव मंदिर पहुंचकर बाबा भोले की पूजा की तथा माथा टेक कर आर्शीवाद लिया तथा मेला के विधि व्यवस्था को ले बौसी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष महेन्द्र राम से जानकारी ली।
वहीं, उन्होंने थानाध्यक्ष को गिदवास गांव की दुलारी देवी का सोने का चेन शीघ्र बरामद करने का निर्देश भी दिया। ज्ञात हो कि दुलारी देवी मंगलवार को बाबा के दर्शन के लिए शिव मंदिर बसैटी पहुंची थी जहां उसका सोने का चेन गले से निकाल लिया गया था। जिसका अनुमानित मूल्य 50 हजार से अधिक बताया जाता है। उन्होंने इसकी सूचना बौसी थाना पुलिस को दी थी।
एकेसी ने की बाबा सुंदरनाथ की पूजा
कुर्साकांटा (अररिया) : 24वीं बटालियन एसएसबी के कमांडेंट एकेसी सिंह बुधवार को कुर्साकांटा प्रखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक शिव मंदिर सुंदरनाथ धाम पहुंचकर मेला में विधि व्यवस्था का मुआयना किया। कमांडेंट श्री सिंह सर्वप्रथम मंदिर में जाकर जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। उन्होंने मेला कमेटी के लोगों से विधि व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली। नेपाली श्रद्धालुओं के सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कई दिशा निर्देश दिए। मेला में अराजक तत्व पर विशेष नजर रखने की बाते कही। उन्होंने मंदिर के पुजारी घनश्याम गिरि, सिंहेश्वर गिरि एवं शिक्षक उपेन्द्र सिंह तथा स्थानीय लोगों से मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों के लिए सुचारु व्यवस्था किए जाने के विषय में विस्तार से चर्चा की।
बालिकाओं को जूडो कराटे का प्रशिक्षण
पलासी (अररिया) : प्रखंड के म. वि. मालद्वार सीआरसी में सबला कार्यक्रम के तहत मालद्वार व भट्टाबाड़ी सीआरसी के बालिकाओं के लिए छह दिवसीय जूडो कराटे के प्रशिक्षण का समापन बुधवार को प्र. अ. उग्र नारायण यादव की देखरेख में किया गया। जिसमें प्रशिक्षक के रूप में मौजूद रीतेश कुमार यादव ने बालिकाओं का प्रशिक्षण रक्षार्थ जुडो कराटे व मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया।
मौके पर मो. नोमानी, बीआरपी रमेश प्रसाद साह, बिमला कुमारी, संजीव वि. आदि शिक्षक व गणमान्य लोग मौजूद थे।
मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली कलश यात्रा
अररिया : शहरी क्षेत्र के रहिका टोला में अवस्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में राधा कृष्ण की मूर्ति स्थापित होगी। मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर बुधवार को मुहल्ले व आस-पास की महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। बाबा जी कुटिया के निकट परमान नदी में जल भरकर रंगीन वस्त्रों में सजी महिलाओं ने कलश यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा काली मंदिर चौक होते हुए ठाकुरबाड़ी मंदिर चांदनी चौक-नवरत्न चौक होते हुए पुन: मंदिर स्थल पर जाकर संपन्न हुई। इस कलश यात्रा में 201 महिलाएं भगवा ड्रेस, चुनरी ओढ़कर, माथे पर कलश लेकर शामिल हुई। मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के लिए राधाकृष्ण की संगमरमर की मूर्ति राजस्थान से मंगाई गई है। कलश यात्रा में वार्ड पार्षद रितेश कुमार राय, समाज सेवी राजू यादव, दिलीप यादव, प्रो. कमल नारायण यादव, राम लखन राम, बिन्देश्वरी प्र. यादव, कैलू यादव, राजेन्द्र प्र. यादव, अरुण कुमार यादव, रामानंद यादव सहित कई लोग शामिल हुए।
बच्ची की मौत को लेकर दो के विरुद्ध प्राथमिकी
कुर्साकांटा : सोमवार को लक्ष्मीपुर में ट्रैक्टर की ठोकर हुई बच्ची की मौत के बाद मृतक के पिता रामानंद पासवान ने कुर्साकांटा थाना में आवेदन देकर ट्रैक्टर मालिक की पहचान अरताहा निवासी आनंदी यादव के रूप में एवं ट्रैक्टर चालक महेंशखूट निवासी सुखानू यादव के रूप में की है। मृतक के पिता ने ट्रैक्टर मालिक एवं चालक के विरुद्ध 279, 304 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्यवाई की अपील की है।
कालाबाजारी के आरोप में केरोसीन जब्त
कुर्साकांटा (अररिया) : मंगलवार की संध्या कुर्साकांटा मवेशी हाट के निकट ठेले पर कालाबाजारी के लिए ले जा रहे एक ड्राम केरोसीन तेल जब्त कर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी बजरंगी चौधरी ने कुर्साकांटा थाना पुलिस के हवाले किया।
जानकारी के अनुसार दूरभाष के गुप्त सूचना के आधार पर कमलदाहा के डीलर शेख अहमद द्वारा ठेले से ले जाते हुए एक ड्राम केरोसीन तेल को मवेशी हाट के निकट जब्त किया। ठेला चालक बासुदेव मंडल ने बताया कि डीलर ने उक्त केरोसीन तेल पेट्रोल पंप के मैनेजर विमल कुमार को देने जा रहा था। एमओ बजरंगी चौधरी ने लिखित आवेदन देकर कुर्साकांटा थाना में उक्त डीलर शेख अहमद, ठेला चालक वासुदेव मंडल एवं मैनेजर विमल कुमार के विरुद्ध थाना कांड संख्या 20/012 7 ईसी के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। दूसरी ओर डीलर शेख अहमद ने भी आपूर्ति पदाधिकारी के विरुद्ध जबरदस्ती तेल जब्त करने का आरोप लगाते हुए कुर्साकांटा थाना में सनहा दर्ज की है। डीलर ने अपने आवेदन में कहा है कि मवेशी हाट के पास टैंकर से 13 ड्राम (2860) उठाव किया जिसे जनवितरण दुकान भेजा जा रहा था। एमओ ने जबरन जब्त कर कुर्साकांटा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पर्चा लीक की अफवाह के बीच शांतिपूर्ण रही मैट्रिक परीक्षा
अररिया : पर्चा लीक होने की अफवाहों के बीच मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन बुधवार को अंग्रेजी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गयी। जिले में 41 परीक्षा केन्द्र बनाये गए हैं, जहां 18 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
पहले दिन की परीक्षा में 169 छात्र अनुपस्थित रहे। वहीं, कदाचार के आरोप में तीन परीक्षार्थी निष्कासित किए गये। आदर्श मवि अररिया बाजार, फारबिसगंज के भगवती देवी गोयल उवि तथा द्विजदेनी स्कूल से एक-एक परीक्षार्थी निष्कासित किया गया है।
बुधवार को परीक्षा के दौरान डीईओ राजीव रंजन प्रसाद, सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार, एसडीपीओ मो. कासिम, गश्तीदल दंडाधिकारी, डा. बैजू झा, विद्यानंद ठाकुर, अनिरुद्ध प्रसाद यादव, रामदयाल शर्मा व अन्य ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का मुआयना किया।
208 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण
पलासी : नई पीढ़ी स्वास्थ्य गारंटी योजना के तहत मंगलवार को प्रखंड के प्रा. वि. पुरंदाहा के 208 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस बाबत डा. कुणाल शंकर ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण में अस्थमा, हृदयरोग, न्यूरोलोजिकल, अस्थिरोग, चर्मरोग आदि से संबंधित बच्चों की जांच कर मुफ्त में दवा दी गयी। साथ ही उन्होंने बताया कि अब तक विभिन्न विद्यालयों के कुल करीब 6000 विद्यार्थियों की जांच कर दवा दी गयी है।
Subscribe to:
Posts (Atom)