Sunday, December 4, 2011

जिले में बढ़ा हनीमून किडनैपिंग का केस


अररिया : जिले प्रवासी युवक जहां परदेस से प्रेमिकाओं को भगा कर ला रहे हैं, वहीं शादी की नीयत से लड़कियों के अपहरण व यौन शोषण के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे कहते हैं कि पुलिस कानून के तहत मामलों से निपट रही है, लेकिन समस्या का सामाजिक समाधान बेहद जरूरी है।
पुलिस रिकार्ड में इस साल नवंबर तक अपहरण के 102 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से नब्बे फीसदी प्रेम प्रसंग से जुड़े अपहरण (हनीमून किडनैंपिंग) के थे। अभिभावकों की ढिलाई के कारण किशोरवय लड़के- लड़कियां 'लव' के चक्कर में फंस जाते हैं और फिर बात थाने तक पहुंच जाती है। यद्यपि जानकारों की मानें तो जितने मामले थाने तक पहुंच रहे हैं, वास्तविक संख्या उससे कहीं अधिक है। प्रेम प्रसंग के ढेर सारे मामले गांव में ही निपट जाते हैं।
जोकीहाट थाने में कार्य कर चुके एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में ऐसे दो दर्जन मामले हर माह सामने आते हैं, जिनमें से कुछ ही थाने तक पहुंचते हैं। शेष में पंचायती कर उसे ग्राम स्तर पर ही निपटा दिया जाता है। कमोबेश, यही स्थिति पूरे जिले की है। इन मामलों का एक पहलू और है। इसमें थानों के कथित दलाल अहम भूमिका निभाते हैं। इनमें कतिपय जनप्रतिनिधि भी शामिल होते हैं।
पूरी समस्या का चिंताजनक पहलू यह है कि दलाल किस्म के लोगों की नजर इन (अ) भागे प्रेमी युगलों की जमीन पर होती है। वे पैरवी के नाम पर पैसों की जुगाड़ करते हैं तथा उसके बदले में गरीबों से उनकी जमीन लिखवा लेते हैं।
प्रवासी युवकों द्वारा भगाई गई लड़कियों में सबकी किस्मत अच्छी नहीं होती। कुछ लड़कियां या तो मार दी जाती हैं या फिर देह व्यापार की मंडी में बेच दी जाती हैं। कुछ साल पहले पंजाब की एक लड़की प्रवासी श्रमिक के प्रेम में फंस कर यहां के सिकटी प्रखंड के एक गांव में चली आई। उस श्रमिक को पहले से भी एक बीबी थी। लिहाजा कुछ ही वक्त बाद उस लड़की को मार दिया गया। पूना के फरगुसन कॉलेज में पढ़ने वाली एक लड़की भी इसी तरह प्रेम के चक्कर में सिकटी पहुंच गई। जब उसे अपने प्रेमी की हकीकत का पता चला तो वह वापसी को छटपटाने लगी। कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उसे रिलीज करा वापस भिजवाया।

हरिनंदन बाबा ने किया सत्संग मंदिर का उद्घाटन


फारबिसगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के पलासी गांव में रविवार से आयोजित दो दिवसीय सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भागलपुर कुप्पाघाट आश्रम से पहुंचे हरिनंदन बाबा का भव्य स्वागत किया गया। उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में बने नव निर्मित संतमत सत्संग मंदिर का हरिनंदन बाबा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ प्रमोद बाबा भी मौजूद थे। सत्संग कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। हालांकि समाचार प्रेषण तक प्रवचन कार्यक्रम स्थल पर बाबा से आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई थी। कार्यक्रम के आयोजक कमलेश्वरी यादव सहित दर्जनों सहयोगियों एवं कार्यकर्ता-श्रद्धालु समारोह को सफल बनाने में लगे हुए थे। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भंडारा का आयोजन भी किया गया।
इससे पूर्व हरिनंदन बाबा एवं प्रमोद बाबा के आगमन पर फारबिसगंज में भी श्रद्धालुओं द्वारा बाबा का अभिनंदन किया गया। मोटर साइकिल जुलूस के साथ बाबा का काफिला फारबिसगंज से निकलकर पलासी गांव पहुंचा। बाबा का प्रवचन कार्यक्रम दूसरे दिन सोमवार को भी जारी रहेगा।

पुस्तकाध्यक्ष पद की काउंसलिंग आज

अररिया : पुस्तकालय अध्यक्ष पद को ले नगर निकायों में अंतिम काउंसलिंग सोमवार को आयोजित की जायेगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अररिया एवं फारबिसगंज नगर परिषद अंतर्गत अभ्यर्थियों की अंतिम काउंसलिंग परिषद कार्यालयों में पांच दिसंबर को आयोजित की जा रही है जबकि जोगबनी नगर पंचायत में यह काउंसलिंग आगामी सात दिसंबर को आयोजित होगी। वहीं जिला परिषद क्षेत्र के लिए काउंसिलिंग की तिथि 9 दिसंबर रखा गया है।

धान के सैकड़ों बोझे में लगायी आग


बसैटी (अररिया) : बौसी थाना क्षेत्र के बसैटी विश्वास टोला में तैयारी के लिए रखे किसानों के सैकड़ों बोझे में शनिवार की रात्रि अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। जिससे हजारों रुपये के धान जलकर राख हो गया।
अग्निपीड़ित किसान सालदेव विश्वास, दिलीप विश्वास, रेखा देवी ने बताया कि पांच एकड़ खेत से धान कटवा कर दस नंबर रोड के किनारे खम्हार बना कर धान का बोझा रखे थे कि करीब साढे ग्यारह बजे रात्रि किसी ने उसमें आग लगा दी। जिससे पचास हजार रुपये से अधिक के धान जलकर नष्ट हो गये। किसान बताते हैं कि महाजन व बैंक से कर्ज लेकर धान का खेती किये थे। दुश्मनों ने हमारे अरमानों में आग लगा दी। पंचायत के मुखिया निभो देवी व सरपंच पूनम देवी ने घटना की पुष्टि की तथा पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की मांग प्रशासन से की है।

ट्रेन से तस्करी का एक क्विंटल सुपाड़ी जब्त


फारबिसगंज (अररिया) : कस्टम विभाग की एक टीम ने शनिवार की संध्या फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर जोगबनी-कटिहार पैसेंजर ट्रेन में छापेमारी कर करीब एक क्विंटल तस्करी की सुपारी बरामद किया। इस दौरान बरामद सामान का सीजर लिस्ट बनाने को लेकर कस्टम तथा आरपीएफ के बीच कहा सुनी भी हुई। आरपीएफ प्रभारी एहसान अली ने छापेमारी की पुष्टि की है।
मृत महिला की हुई शिनाख्त
फारबिसगंज: जोगबनी-फारबिसगंज रेल खंड पर सीताधार के समीप ट्रेन की ठोकर से मृत महिला की शिनाख्त सिमराहा थाना क्षेत्र के स्वर्गीय बसीर की पत्‍‌नी खयातन (50) के रूप में हुई है। फारबिसगंज आरपीएफ प्रभारी एहसान अली ने मामले की पुष्टि की है। परिजनों के अनुसार महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी।

लक्षित हिंसा अधिनियम तुष्टिकरण की नीति पर आधारित

फारबिसगंज(अररिया) : स्थानीय सार्वजनिक रेणु पुस्तकालय में रविवार को प्रस्तावित सांप्रदायिक और लक्षित हिंसा अधिनियम 2011 पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। बिहार सांस्कृतिक विकास परिषद की फारबिसगंज शाखा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस अधिनियम को एक पूर्वाग्रही तथा विभाजनकारी प्रस्तावित कानून करार दिया। सेमिनार के मुख्य अतिथि पूर्व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश झुलानंद झा ने कहा कि प्रस्तावित कानून अन्याय कारी है जो देश की एकता एवं अखंडता पर चोट कर सकता है। यह कानून हिंदुओं को कानूनी संरक्षण से वंचित करने जैसा होगा तथा सांप्रदायिक हिंसा के शिकार होने वाले हिंदुओं को दोयम दर्ज के नागरिक के रूप में देखा जायेगा। वहीं विशिष्ट अतिथि कर्नल अजीत दत्ता ने कहा कि यह प्रस्तावित कानून पंथ निरपेक्ष ढांचे पर प्रहार है। वक्ताओं ने कहा कि अधिनियम का लक्ष्य संप्रग सरकार का अल्पसंख्यक तुष्टिकरण है। जबकि हिंदू समाज में फुट डालकर अनुसूचित जाति जनजाति को हिंदुओं से अलग कर इसे अल्पसंख्यक बनाने का षडयंत्र भी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मोतीलाल शर्मा ने की जबकि डा. प्रो. एनएल दास सहित अन्य ने प्रस्तावित सांप्रदायिक एवं लक्षित हिंसा अधिनियम 2011 को खतरनाक बताते हुए इसकी घोर निंदा की। सेमिनार में विंदेश्वरी मेहता, सच्चिदानंद मेहता, रामकुमार केसरी, सीताराम चौधरी, मोहन कुमार, विभाष चंद्र मेहता, रंजीत सिंह, शंभू शरण तिवारी, प्रियवर्थ मेहता, अरूण सिंह, इंदू कुमारी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

करंट लगने से किशोर की मौत

नरपतगंज : प्रखंड क्षेत्र के नाथपुर पंचायत के वार्ड नं. 12 के परमेश्वरी यादव के 17 वर्षीय पुत्र धनंजय यादव बिजली के स्पर्श में आ जाने से मौत हो गई। बताया जाता है कि धनंजय अपने घर के बिजली के तार को जोड़ रहा था उसी समय बिजली आ जाने के कारण वह करंट की चपेट में आ गया। ग्रामीणों की मदद से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नरपतगंज लाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। इस घटना से नाथपुर में मातमी सन्नाटा पसरा है।

मनोनयन पर हर्ष

भरगामा : भाजपा महिला मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष के रूप में महिला कार्यकर्ता सरिता भारती को मनोनीत किए जाने से भाजपा कार्यकर्ता में हर्ष है। भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अशोक सिंह, दीपक कुमार मुन्ना, राजकुमार गुप्ता, रंधीर गुप्ता, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुधीर भगत, प्रखंड प्रवक्ता चन्द्रानंद झा चाणक्य आदि लोगों ने कहा है कि महिला मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष के रूप में श्रीमती भारती के मनोनयन से पार्टी संगठनको मजबूती मिलेगी।

मारपीट व छिनतई


पलासी : प्रखंड के बेनी गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट व छिनतई की घटना को ले पीड़ित दिलीप कुमार साह ने पलासी थाना में गांव के ही किरण साह, महेश लाल साह सहित पांच व्यक्तियों के विरुद्ध के नामजद प्राथमिकी दर्ज कराया है।
विद्यालय का उद्घाटन
पलासी: प्रखंड के कुजरी पंचायत के नवसृजित प्रावि मदरसा टोला कुजरी हाट का उद्घाटन रविवार को स्थानीय मुखिया मुर्शिदा खातुन ने किया। मौके पर समन्वयक सियाराम यादव मो. एकरामुद्दीन, सरपंच, मो. फैयाज आलम, रेजीलाल यादव सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
संघ का गठन
पलासी : प्रखंड के हसनपुर चौक स्थित रैनबसेरा में रविवार को जागरूकता अभियान के तहत न्यू युवा शक्ति के बैनर तले एक संघ का गठन किया गया।
बैठक में सर्व सम्मति से अध्यक्ष पद के लिए अली बाबा, सचिव पद के लिए मंजय कुमार भगत, उप सचिव मो. इश्तियाक आलम, उपाध्यक्ष पद पर मिथुन कुमार साह, संरक्षक पप्पू देव तथा उप संरक्षक पद के लिए उपेन्द्र चौधरी का चयन किया गया।

प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक

अररिया : पटना में आगामी 8 दिसंबर को आहुत कार्यक्रम की सफलता को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ की एक बैठक कार्यालय में रविवार को हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष अब्दुल कुद्दुस ने की। बैठक में 10 सूत्री मांगों पर चर्चा की गयी। इस मौके पर 8 दिसंबर को पटना में आयोजित बैठक में 25 शिक्षक, संघ के जिला केबिनेट के पदाधिकारी व प्रखंड अध्यक्ष के शामिल होने पर सहमति प्रदान की गयी। बैठक में प्रधान सचिव राजेन्द्र प्रसाद सिंह, उप प्रधान सचिव पंकज कुमार सिंह, आबिद हुसैन, विद्यानंद पासवान, मुन्ना पांडे, राम विनय सिंह, हरि कुमार आदि मौजूद थे।

लोक शिक्षक संघ की बैठक

फारबिसगंज(अररिया) : स्थानीय द्विजदेनी मैदान में जिला लोक शिक्षक संघ की बैठक रविवार को आयोजित की गयी। संघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष शंभू मंडल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। सर्वसम्मति से जिला संघ अध्यक्ष का प्रभार मो. मैराजउद्दीन को सौंपा गया। बैठक में फारबिसगंज प्रखंड अध्यक्ष मनोज मंडल सहित अन्य प्रखंडों के सत्येन्द्र कुमार यादव, विनोद कुमार बहरदार, पिंकू पटेल, मो. मैराजुद्दीन, कमलेश कुमार, जगत नारायण यादव, मो. शमशाद सहित कई लोक शिक्षक मौजूद थे।

मुहर्रम के दौरान शराब बिक्री पर रहेगी पूर्ण पाबंदी


अररिया/कुर्साकाटा : मुहर्रम पर्व शांति पूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रविवार को विभिन्न थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। नगर थाना परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने की। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए एसडीओ श्री कुमार ने बताया कि पर्व के दौरान विधि व्यवस्था को ले तैयारी पूरी कर ली गयी है। लेकिन इसमें आम लोगों का सहयोग ज्यादा अपेक्षित है। मौके पर नगर थाना क्षेत्र के सभी दस अखाड़ों के अनुज्ञप्तिधारियों एवं बुद्धिजीवियों ने पर्व के दौरान शाति बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर बुद्धिजीवियों ने पर्व के दौरान शहर में शराब की बिक्री पर पूर्ण पाबन्दी लगाने एवं जगह जगह लगने वाले टेम्पू स्टैंड को हटाने की मांग की। बैठक में मुख्य रूप से प्रशिक्षु डीएसपी अशोक कुमार दास, आरक्षी निरीक्षक विजय कुमार, थानाध्यक्ष राम शंकर सिंह, पूर्व नप अध्यक्ष हंस राज प्रसाद, वार्ड पार्षद रेशम लाल पासवान, मो यासीन, तेतर पासवान, गुड्डु, रामाकांत जायसवाल, नवाब रजा मासूम समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।
कुर्साकांटा से निसं के अनुसार हजरत इमाम हुसैन के शहादत की याद में मनाया जाने वाला मोहर्रम पर्व धर्म के प्रति समर्पण, ईमानदारी व त्याग का प्रतीक है। उक्त बातें जिप उपाध्यक्ष भाई उस्मान ने थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में शनिवार को कही। मुहर्रम को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता थाना अध्यक्ष राधा कृष्ण रजक ने की। बैठक में मोहर्रम पर्व शांति पूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया। मौके पर उपस्थित मुखिया मुश्ताक अली, प्रणव गुप्ता, रामनाथ गुप्ता, जगरनाथ ठाकुर, सुबोध साह, निजामउद्दीन, बीडीओ पृथ्वी नाथ पांडे, अंचलाधिकारी विजय शंकर सिंह, मो. हातीम, मो. शमसुल आदि ने शांतिपूर्ण तरीके से मुहर्रम मनाने की अपील की। रानीगंज से जाटी के अनुसार रविवार को रानीगंज थाना परिसर में थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में मुहर्रम के मद्देनजर शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी जिसमें पर्व को शांति पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के सभी उपायों पर चर्चा की गई। बैठक में ताजिया जुलूस के दौरान सुरक्षा बल एवं स्थानीय कार्यकर्ता को मुस्तैद रहने की बाते कही गई। बैठक में पूर्व मुखिया संघ के अध्यक्ष सुनील सिंह, लीलानन्द सिंह, मो. उदो सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।
बथनाहा संसू के अनुसार रविवार को बथनाहा ओपी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुबोध राव ने किया। बैठक में अमौना बथनाहा, सोनापुर, भंगही एवं सहवाजपुर पंचायत के जनप्रतिनिधि सहित करीब दो दर्जन से अधिक संख्या में लोग उपस्थित हुए। बैठक में नरपतगंज के पूर्व प्रमुख हाजी शफीअहमद, राम प्रसाद मंडल, हैदर अली, रघुवंश यादव, जितेन्द्र मल्लिक सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ 50 प्रतिशत मतदान


अररिया/जोकीहाट/रानीगंज/भरगामा/नरपतगंज/रेणुग्राम : जिले के चार प्रखंडों में पंचायत उपचुनाव के लिए रविवार को हुआ मतदान शांतिपूर्ण रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लगभग पचास प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। सबसे अधिक 65 प्रतिशत मतदान नरपतगंज में व सबसे कम 40 प्रतिशत लोगों ने जोकीहाट में वोट डाले।
जोकीहाट से निप्र के मुताबिक प्रखंड क्षेत्र के कुल 18 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को पंचायत उपचुनाव संपन्न हो गया। निर्वाची पदाधिकारी रवीन्द्र राम ने बताया कि कुल 40 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि पथराबाड़ी पंचायत में सरपंच पद के लिए 13 बूथों पर, चिरह पंचायत के एक वार्ड सदस्य व दो पंच पद के लिए तीन बूथों पर तथा गिरदा में दो पंच पद के लिए दो बूथों पर मतदान कराया गया। इस दौरान निर्वाची पदाधिकारी रविन्द्र राम, बीडीओ मो. सिकंदर, थानाध्यक्ष टीपी सिंह, सअनि नुरूल होदा खान, बीके ओझा एवं मतदान कर्मियों ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने में योगदान दिया।
भरगामा से जासं के अनुसार नया भरगामा पंचायत के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के ग्राम कचहरी पंच के एक पद को लेकर चुनाव रविवार को संपन्न हो गया। एक पद को लेकर उप चुनाव शांतिपूर्ण रहा। इस दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था दिखी।
रेणुग्राम से जाप्र के अनुसार फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र में पांच जगहों पर पंच पद के लिए रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हुआ। फारबिसगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी किशोर कुमार दास ने बताया कि उप चुनाव में 40 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि इस मतदान में 42 प्रतिशत पुरुष एवं 38 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
रानीगंज से जाप्र के अनुसार बौसी पंचायत क्षेत्र संख्या 19 में रविवार को पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान कराया गया। लगभग 6028 कुल मतदाताओं में से 54 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। कुल आठ उम्मीदवार मैदान में थे जिनका भाग्य का फैसला सोमवार को मतगणना के पश्चात होगा। प्रखंड बीडीओ ललन ऋषि से प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण रहा है।
नरपतगंज से निसं: पोसदाहा पंचायत के मुखिया पद का उपचुनाव एवं खैरा पंचायत के वार्ड नं. 6 एवं दरगाहीगंज के वार्ड नं. 9 एवं 3 में मतदान शांतिपूर्ण हो गया। पोसदाहा में सभी बूथ पर व्यापक पैमाने पर पुलिस बल व्यवस्था की थी। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह सभी बूथों पर पेट्रोलिंग करते दिखे। पोसदाहा पंचायत के 65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपनी मतदान का प्रयोग किया।

35 केन्द्रों पर 15,300 परीक्षार्थी देंगे टीइटी परीक्षा

अररिया : प्रारंभिक शिक्षक पात्रता परीक्षा आगामी 20 और 21 दिसंबर को निर्धारित है। इसके लिए विभाग व जिला प्रशासन तैयारी में जुट गये हैं। टीइटी परीक्षा के लिए जिले में 35 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों पर कुल 15 हजार तीन सौ परीक्षार्थी शामिल होंगे। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सचिव ने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से भेजी गयी केन्द्रों की सूची को मंजूरी प्रदान कर दी है। सरकार द्वारा भेजे गए पत्र के मुताबिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2011 के प्रथम पेपर का संचालन तीन चरणों में होना है। जिसमें पहले दिन प्रथम एवं द्वितीय पाली में दो चरण व दूसरे दिन प्रथम पाली में तीसरे चरण के साथ-साथ दूसरी पाली में द्वितीय पेपर की परीक्षा होगी। परीक्षा के लिए फार्म भरने वाले अभ्यर्थियों को 11 से 15 दिसंबर तक एडमिट कार्ड मिलेगा। डीईओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिस केन्द्र से फार्म लेकर जमा किया गया था वहीं एडमिट कार्ड अल्फाबेटिकल काउंटर खोलकर वितरित किये जायेंगे। बताया गया है कि रद्द आवेदनों के संबंध में सूचना बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के बेबसाइट पर 5 दिसंबर को उपलब्ध करा दिया जायेगा। ताकि वैसे अभ्यर्थी एडमिट कार्ड काउंटर पर न आये।

इटहरी बम विस्फोट में एसपी सहित पांच घायल


जोगबनी (अररिया) : पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के इटहरी में शनिवार को हुए बम विस्फोट में पुलिस अधीक्षक सहित पांच लोग घायल हो गये। सभी घायलों को इटहरी व धरान स्थित बीपी कोइराला अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि इटहरी चौक पर अचानक जोर की आवाज हुई देखते ही देखते लोग चीत्कार करने लगे। इस घटना में सुनसरी एसपी राजन मानधर सहित पांच लोग घायल है। घायलों शेख राज गिरि, प्रवीण भुजेल, गोपाल भुजेल व सुरेन्द्र पोखरैल शामिल है। उनका इलाज बीपी कोइराला अस्पताल धरान व स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है। बम विस्फोट की जवाबदेही खाम्बूवान मोर्चा ने ली है। घटना के बाद जहां पुलिस बल की भारी मात्रा में तैनाती कर दी गई है वही लोगों में दहशत व्याप्त हो गई है।

देश के आधा दर्जन लब्ध प्रतिष्ठित रचनाधर्मियों को किया गया सम्मानित


अररिया : अररिया समिति के सभागार में हिंदी त्रैमासिक परती पलार व उर्दू त्रैमासिक अब्जद के संयुक्त तत्वावधान में देश के आधा दर्जन लब्ध प्रतिष्ठित रचनाधर्मियों को सम्मानित किया गया।
सृजनात्मक साहित्यिक, सामाजिक व सांस्कृतिक संगठन वाग्वैचि˜य मंच के अध्यक्ष राज राघव ने रविवार को बताया कि कोसी माटी के प्रसिद्ध कथाकार बसंत कुमार राय को उनके उपन्यास 'एक लड़ी ऐसी भी' के लिए कथा कौस्तुभ की उपाधि दी गई। वहीं अररिया कालेज के प्राचार्य डा. मुहम्मद कमाल को उनके निबंध संग्रह आलोचकीय संवेदना के लिए साहित्य शिवम की उपाधि से अलंकृत किया गया। दोनों को फणीश्वर नाथ रेणु सम्मान भी दिया गया। जबकि गजल संग्रह 'जाल के अंदर जाल मियां' के लिए अलीगढ़ के अशोक अंजुम और 'अजनबी शहर के लिए' रिटायर्ड एडीजे जुबैरुल हसन गाफिल को गुलाब ए गजल की उपाधि व दुर्गा प्रसाद स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। गजल संग्रह 'तमाशा' के लिए मुंगेर के गजलकार अनिरुद्ध सिंह को भी गुलाब ए गजल की उपाधि व रेणु स्मृति सम्मान दिया गया। वहीं, डा. जनार्दन यादव को साहित्य सत्यम की उपाधि व रेणु स्मृति सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में सम्मानित हुए सभी साहित्यकारों को एक हजार एक सौ रुपये नगद, प्रशस्ति पत्र, पुष्पहार व अंग वस्त्र प्रदान किए गये।
कार्यक्रम में डा. परमेश्वर गोयल, डा. एसआर झा, डा. भुवनेश, सिद्धेश्वर कश्यप, प्रो. आरआर चौधरी, एसएसबी के प्रभारी सेनानायक श्री तालियानी सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार व साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।

काली मंदिर में दो लाख की लागत से लगेगी सीढ़ी

अररिया : अररिया के अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त मां खडगेश्वरी काली मंदिर में दो लाख की लागत से लोहे की स्पाइरल सीढ़ी लगायी जाएगी। यह जानकारी रविवार को नानू बाबा ने दी। उन्होंने बताया कि विशेष अवसरों पर मंदिर की सजावट को ध्यान में रखते हुए सीढ़ी लगवायी जा रही है। इसका निर्माण अगले माह शुरू होगा। उन्होंने यह भी बताया कि कुर्साकाटा के सुंदरी मठ शिव धाम सहित अन्य मंदिरों के लिए उनकी दंड प्रणाम यात्रा आगामी रविवार यानी 11 दिसंबर से प्रारंभ होगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी तथा वे रविवार को ही कुर्साकाटा के लिए रवाना हो जायेंगे।

क्विज प्रतियोगिता को ले हुई लिखित परीक्षा


अररिया : युवा छात्र संगठन द्वारा आगामी 14 दिसंबर को आयोजित होने वाले क्विज प्रतियोगिता तथा 22 जनवरी को कौन बनेगा हजारपति में भाग लेने के लिए रविवार को लिखित प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। संगठन के तत्वावधान में लिए गए इस परीक्षा में तकरीबन 500 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। महिला कालेज परिसर में आयोजित परीक्षा में ग्रुप एक के तहत वर्ग वर्ग पंचम से सप्तम व ग्रुप बी के तहत वर्ग अष्टम से दशम तक के छात्रों ने हिस्सा लिया।
संगठन के अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि 14 दिसंबर को ग्रुप सी की परीक्षा होगी। इसमें ग्यारहवीं से खंड तृतीय तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकती है। श्री गुप्ता ने बताया कि तीनों ग्रुपों से दस-दस सफल प्रतिभागियों को चुना जायेगा। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी 2012 को कौन बनेगा हजारपति कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। इसमें प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपये दिए जायेंगे। रविवार को आयोजित परीक्षा को सफल बनाने में प्रकाश गुप्ता, प्रमोद सिंह, सुमन कुमार, राजेश कुमार, सोम नारायण चौधरी आदि की भूमिका सराहनीय रही।

वर्षो से फरार वारंटी गिरफ्तार

फारबिसगंज : करीब तेरह वर्ष पूर्व हुए लूटपाट के एक मामले में वर्षो से फरार चल रहे आरोपी अमरजीत ठाकुर को फारबिसगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। आरोपी सहरसा जिला के बिहटा थाना क्षेत्र बरहटेर गांव गांव निवासी अमरजीत ठाकुर पर फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 279/98 दर्ज कराया गया था जिसके अनुसार आरोपी द्वारा मानिक लाल विश्वास के साथ लूटपाट को अंजाम दिया गया था। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस को वर्षो से आरोपी की तलाश थी।

Saturday, December 3, 2011

भारत-नेपाल बार्डर वैरी सेंसेटिव:एसपी

फारबिसगंज(अररिया) : इट्स वैरी डिफिकल्ट ! यहां बार्डर पर तो पता ही नहीं चलता कि कौन आ रहा है और कौन जा रहा है? वेरी सेंसेटिव..! अररिया एसपी जिले की कमान संभालने के बाद पहली बार जब शनिवार को भारत नेपाल सीमा के जोगबनी बार्डर पर मुआयना करने पहुंचे और लोगों की भारी बेरोक टोक आवाजाही देखे आवाक रह गये। जिसके बाद उन्होंने उपरोक्त प्रतिक्रिया व्यक्त की। सीमा रेखा के अंदर ही खड़े एसपी शिवदीप लांडे को मालूम था कि नेपाल सीमा में प्रवेश नहीं करना है। वहीं से खड़े खड़े सीमा पर कस्टम और अन्य एजेंसी की गतिविधि और जांच प्रक्रिया को भी बारीकी से देखा। फिर यहां से एसपी पैदल ही टिकुलिया बस्ती की ओर चल पड़े। बीच में एक जगह रूक कर दूसरी तरफ एक गली में खडे़ कुछ नेपाल पुलिस के जवानों से अनौपचारिक बातचीत की। यहीं किसी ने बताया कि आधा किमी आगे चार पहिया वाहन तक भारत से नेपाल में अवैध तरीके से प्रवेश कर जाता है तस्करी के लिए। एसपी लांडे आगे जाकर उस स्थान की भी निरीक्षण किया। यहां वाहन क्रास करने लायक सड़क मिली। यहीं पर एसपी ने फिर नेपाल फोर्स के जवानों से बात की। इसके बाद वापस लौट मटियरवा बार्डर पर पहुंचे एसपी यहां नो मेंस लैंड के अतिक्रमण की स्थिति देख कर और भी अचरज में पड़ गये। एसपी ने कहा यहां तो नो मेंस लैंड का कोई हिसाब ही नहीं है। एसपी ने थानाध्यक्ष से कहा आपका एरिया काफी सेंसेटिव है। उन्होंने कहा यहां काफी काम करने की जरूरत है। एसपी ने कहा मैं सेंट्रल को..।

शिविर लगाकर बांटी जायेगी इंदिरा आवास की राशि

अररिया : शनिवार को डीएम कार्यालय कक्ष में जिले के आला अधिकारियों की बैठक बुलाई गयी। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में इंदिरा आवास योजना से लेकर आरटीपीएस तक पर विचार विमर्श हुआ। बैठक में डीएम श्री सरवणन ने कहा कि इंदिरा आवास योजना का द्वितीय किस्त भी अब शिविर लगाकर बांटा जायेगा। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को अररिया के चातर पंचायत में निरीक्षण के दौरा लाभार्थियों ने कई शिकायतें की। इसलिए प्रखंड कार्यालय कर्मी का मनमानी व दलाल की सक्रियता को रोकने के लिए ऐसा तरकीब अपनाया गया है। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा अनुसूचित जनजातियों के विकास हेतु जनजाति विकास योजना के तहत भाड़ा एवं पीटीजीएस के क्रियान्वयन के बारे में प्लान तैयार किया। डीएम श्री सरवणन ने कहा कि इन योजना के लिए सभी वरीय उप समाहत्र्ता पुराने योजना का निरीक्षण नौ दिसंबर तक कर 15 दिसंबर तक प्राक्कलन बनावाकर प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि 21 दिसंबर से पूर्व इन योजनाओं का क्रियान्वयन शुरू कराया जायेगा। विशेष अंगीभूत योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि लाभार्थी से 12 दिसंबर को आवेदन प्राप्त किया जायेगा। 14 दिसंबर को बैंक में आवेदन भेजकर स्वीकृत कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना का पासबुक 27 दिसंबर को शिविर में बांटा जायेगा। उन्होंने डीडब्लूओ को इस योजना का उपयोगिता 29 दिसंबर को भेजने का सख्त निर्देश दिया गया। इस मौके पर प्रभारी डीडीसी जफर रकीब, एसडीओ डा. विनोद कुमार, जीडी सिंह, पीएचईडी के ईई अशोक कुमार, डीपीओ सीपी सिंह, वरीय उप समाहत्र्ता संजय कुमार, बुद्ध प्रकाश, कैय्युम अंसारी, रंजन चौहान आदि मौजूद थे।

युवा जदयू की नयी कमेटी गठित

फारबिसगंज(अररिया) : युवा जदयू जिला कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को फारबिसगंज स्थित महिला महाविद्यालय परिसर में युवा जदयू के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव सह संगठन प्रभारी युवा जदयु सुशील सिंह थे। मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, महिला सेल की अध्यक्ष सविता सिंह, दलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रेशम लाल पासवान, अत्यंत पिछड़ा प्रकोष्ठ के उमेश चंद्र राय, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष प्रदीप साह, किसान प्रकोष्ठ के नसीम अहमद गाजी आदि मौजूद थे।
बैठक में नयी कमेटी की घोषणा की गयी तथा संगठन विस्तार आदि पर विस्तृत चर्चा की गयी। बैठक में सरकार को बदनाम करने वाले सरकारी पदाधिकारियों पर पैनी नजर रखने की बात कही गयी। इसके अलावा वृक्षारोपण कार्यक्रम, सदस्यता अभियान आदि विषयों पर चर्चा की गयी। कार्यक्रम का संचालन युवा जदयू के जिला महासचिव पवन मिश्रा ने किया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष नौशाद आलम, सीता देवी, मीना झा, राजू पासवान, छात्र संगठन के प्रदेश महासचिव राजा मिश्रा, अनवर अंसारी, अब्दुल माजिद, प्रभात रंजन, गोपाल राय, रवींद्र पासवान सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये युवा जदयू के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कोर्ट परिसर में की जायेगी पार्किंग की व्यवस्था:एसपी

अररिया : अररिया के एसपी शिवदीप लांडे ने शनिवार को न्यायालय परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने जिला जज, मुख्य न्यायाधीश आदि से मिलकर सुरक्षा के मुद्दे पर विचार विमर्श भी किया। मौके पर एसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से व्यवहार न्यायालय परिसर सुरक्षित है लेकिन कुछ कमियां जरूर है। उन्होंने बताया इस कमियों को भी जल्द दूर करवाने का प्रयास किया जायेगा। सर्व प्रथम गाड़ी सुरक्षा के लिये दो पार्किंग की व्यवस्था करायी जायेगी। एक पार्किंग में जज व अधिवक्ताओं को वाहन तो दूसरे में पब्लिक वाहन खड़े किये जायेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि न्यायालय परिसर से गाड़ी चोरी की शिकायतें भी आ रही है। इसके लिये न्यायालय परिसर घुसने वाली दोनों हीं मुख्य दरवाजे पर पुलिस की व्यवस्था करायी जायेगी। इस अवसर पर आसपास के सैकड़ों बच्चे व बच्चियों ने एसपी से मिले और उनके सफल नेतृत्व के लिये दुआएं मांगी।
इस अवसर पर डीएम मो. कासिम, मो. बदरे आलम, थानाध्यक्ष राम शंकर सिंह आदि मौजूद है।

धरना में शामिल हुए रानीगंज व भरगामा के शिक्षक

अररिया : बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में जिला माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा जारी पांच दिवसीय धरना के दूसरे दिन शनिवार को रानीगंज एवं भरगामा प्रखंड के शिक्षकों ने भाग लिया। समाहरणालय परिसर में आयोजित धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष नवकांत झा ने की। घटना के दूसरे दिन भी माध्यमिक शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। वक्ताओं का कहना था कि नवनियुक्त शिक्षक भी सरकार के निर्धारित कार्यो का निर्वहन करते हैं, परंतु उन्हें न तो नियत वेतन, नियमित मानदेय का भुगतान हो रहा है। शिक्षकों ने धरना के माध्यम से नवनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्राकृतिक अवकाश, अध्ययन अवकाश, सुविधाजनक स्थानों पर स्थानांतरण व पदस्थापन का लाभ देने की मांग की गयी। इस मौके पर संघ के प्रमंडलीय संयुक्त सचिव मो. नेमतुल्लाह, जिला सचिव असरारुल हसन, परमानंद मल्लिक, शांतिभूषण तरुण, प्रेमजीत, प्रकाश झा, जय शंकर झा, नदीम सिद्दीकी, गौतम कुमार, गुरुदेव मेहता, कामेश्वर राम, राजेश कुमार, सिद्दीनाथ झा सहित दर्जनों शिक्षक मौजूद थे।

एनएच पर धान सुखाने वालों पर होगी प्राथमिकी: एसपी

नरपतगंज (अररिया) : अररिया के एसपी शिवदीप लांडे ने नरपतगंज थाना में कहा कि एनएच 57 पर कहीं कोई धान सुखा रहा है तो कोई मुंगफली या अन्य कोई फसल इसे अब बर्दाश्त नही किया जायेगा। इस तरह सड़क अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों को संबंधित थाना क्षेत्र के थानाध्यक्ष को कह दिया गया है प्राथमिकी दर्ज करें।
विदित हो कि नरपतगंज प्रखंड के कालेज, बढ़ेपारा, पलासी के निकट इन दिनों किसानों द्वारा एनएच 57 सड़क मार्ग का एक भाग अतिक्रमण कर धान थ्रेसिंग का कार्य कर रहे है। पलासी मंदिर मोड़ के निकट इसे पूर्व कई बार गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई। वहीं दो व्यक्तियों की मौत भी हुई है। लेकिन वहां के किसान इस घटना का सबक न लेते हुए अब भी सड़क पर अपनी फसल रख कार्य करते है। देखना है नये एसपी का फरमान का क्या असर होता है।

भाजपा की प्रखंड स्तरीय बैठक 9 दिसम्बर से

अररिया : संगठन को व्यापक बनाने एवं स्थानीय मुद्दों को लेकर जिले के तमाम प्रखंडों में आगामी 9 से 15 दिसंबर तक प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की जायेगी। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है। उन्होंने बताया इस बैठक में सांसद, सभी पूर्व व वर्तमान विधायक, क्षेत्रीय प्रभारी सत्येन्द्र कुशवाहा, जिला संगठन प्रभारी मनोज सिंह समेत प्रदेश स्तर के कई नेता भाग लेंगे। इस बैठक में प्रखंड व पंचायत स्तर के कई स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। अध्यक्ष श्री भगत ने बताया कि 10 दिसंबर को भरगामा में परमानन्द मल्लिक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जायेगी। वही 9 दिसंबर को संजय मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जायेगी। वही 9 दिसंबर को संजय मिश्रा की अध्यक्षता में सिकटी तथा 11 दिसंबर को अररिया ग्रामीण प्रभारी संतोष सुराना, शंभु साह की अध्यक्षता में फारबिसगंज ग्रामीण, सुरेन्द्र झा की अध्यक्षता में रानीगंज एवं जागेश्वर ठाकुर की अध्यक्षता में कुर्साकांटा में बैठक आयोजन की जायेगी। जबकि 14 दिसंबर को निलिमा साह की अध्यक्षता में अररिया नगर पलासी में देवी प्रसाद सिंह तथा 12 दिसंबर को जोगबनी में उमानंद राय, फारबिसगंज नगर में रामराज गुप्ता अध्यक्षता करेंगे। 15 दिसंबर को जोकीहाट में अचमित ऋषिदेव एवं दीन दयाल नगर में विमल सिंह प्रभारी के रूप में मौजूद रहेंगे।

एसपी ने किया थाने का औचक निरीक्षण

नरपतगंज (अररिया) : अररिया जिला के पुलिस अधीक्षक शिवदिप लांडे ने शनिवार को नरपतगंज थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी कई मामलों से रूबरू हुए तथा उन्होंने थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साहा को थाना क्षेत्र में कड़ी नजर रखे तथा शांति बनाए रखने का निर्देश दिया। पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे ने बीते रात नरपतगंज पुलिस द्वारा जब्त किये गए सरकारी छड़ सहित ट्रैक्टर का जायजा लिया तथा ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की। ट्रैक्टर चालक ने बताया कि गाड़ी रामानंद यादव का है। वहीं,पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस क्षेत्र में हो रहे मवेशी तस्करी सहित जालसाजी पर रोक लगाया जायेगा। तथा फोर लेन सड़क तथा प्रखंड क्षेत्र के सभी सड़कों पर किये गए अतिक्रमण को जल्द हटाया जायेगा। उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि अगर अतिक्रमण नही हटता है तो मामला दर्ज करें।
पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे के नरपतगंज आने से प्रखंड में चर्चा का बाजार गर्म रहा। श्री लांडे को देखने के लिए थाना के मुख्य द्वार पर भीड़ जमा हो गई साथ ही वाहन चालकों में भी हडकंप मच गया।

जोकीहाट व महलगांव में शांति समिति की बैठक

जोकीहाट (अररिया) : मुहर्रम पर्व को लेकर जोकीहाट व महलगांव थाने में शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जोकीहाट थाने में अध्यक्षता कर रहे एसडीपीओ मो. कासिम ने बुद्धिजीवियों व जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्व के अवसर पर दूसरों को गम न दें। श्री कासिम ने कहा कि जंगियो की विडियोग्राफी कराई जायेगी उन्होंने कहा इस दिन शराब व मादक पदार्थो के विक्रय पर रोक रहेगी। बैठक में बीडीओ मो. सिकंदर अनि फिरोज आलम, सअनि ओंकार नाथ झा, मो. फारुक, मुखिया मो. इस्माईल, महमूद आलम, नौशाद आलम, रणजीत भगत, हाशिम, रुपेश शर्मा, पवन जैन, हाजी असगर कमाल आदि उपस्थित थे। वहीं महलगांव थाना में इंस्पेक्टर विजय कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इंस्पेक्टर कुमार ने जनप्रतिनिधियों व बुद्धिजीवियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का आग्रह किया। बैठक में थानाध्यक्ष मन्नु प्रसाद, प्रमुख मोमताज बेगम, जिला सरपंच संघ अध्यक्ष मो. हन्नान आदि उपस्थित थे।

जयंती पर याद किये गये देशरत्‍‌न डॉ राजेंद्र प्रसाद

अररिया : अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा खरैया बस्ती में देश के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता कन्हैया कुमार दास ने की। इस मौके पर वक्ताओं ने डा. प्रसाद के जीवनी व कार्यकाल पर प्रकाश डाला तथा उनके बताये मार्गो पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महासभा के जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सोनू, महासचिव विनीत प्रकाश राजा, सचिव मिथिलेश दास, उपसचिव विश्वनाथ श्रीवास्तव, चन्द्र भूषण दास, रितेश रंजन, त्रिवेणी शंकर मल्लिक, प्रदीप लाल दास आदि मौजूद थे।

बैठक में संघ का गठन

अररिया : शनिवार को पीपुल्स कालेज के शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मियों की एक बैठक अधिवक्ता मंजूर आलम के निवास पर हुई। बैठक की अध्यक्षता ताहिर अंसारी ने की। इस बैठक में शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मियों के हित में आवाज उठाने के लिए संघ का गठन किया गया। जिसमें सर्व सम्मति से प्रो. सरफराज मोहम्मद को अध्यक्ष, एमएन आजम को उपाध्यक्ष, मो. अफरोज आलम को सचिव, मो. आजम को कोषाध्यक्ष एवं प्रो. साजिद आलम को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।

दो दिवसीय संतमत सम्मेलन आज से

अररिया: संतमत के वर्तमान आचार्य महर्षि हरिनंदन परमहंस जी महाराज रविवार से फारबिसगंज के पलासी में होने वाले दो दिवसीय सत्संग समारोह में भाग लेंगे तथा वे उक्त अवसर पर पलासी में निर्मित संतमत सत्संग भवन का उद्घाटन भी करेंगे।
उक्त बात की जानकारी संतमत सत्संग समिति अररिया के अध्यक्ष डा. श्याम लाल यादव ने दी।

सेमिनार आज

फारबिसगंज: सांप्रदायिक और लक्षित हिंसा अधिनियम 2011 विषय पर बिहार सांस्कृतिक विकास परिषद द्वारा रविवार को सार्वजनिक रेणु पुस्तकालय परिसर में सेमिनार का आयोजन किया जायेगा। इस आशय की जानकारी रमेश मेहता ने दी है।
निधन
फारबिसगं: नरपतगंज स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय के लिपिक सुबोध झा का निधन शुक्रवार को इलाज के दौरान सिलीगुड़ी में हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे।
दवा उपलब्ध नहीं
फारबिसगंज: पिछले कई माह से फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में डॉग बाइट की दवा उपलब्ध नहीं रहने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिस कारण गरीब तबके के लोगों को खुले बाजार से दवा खरीदनी पड़ती है।
मामला दर्ज
रेणुग्राम: सिमराहा थाना क्षेत्र के पोखर टोला औराही निवासी बीबी समशा खातून ने अपने पड़ोसी खुर्शीद पर मारपीट कर हाथ जख्मी कर देने को लेकर स्थानीय थाना में एक मामला दर्ज कराया है। दिये गये आवेदन में पीड़िता ने बताया कि बकरीद पर्व पर खुर्शीद ने पांच सौ रूपये मांगा था नहीं देने पर मारपीट किया।
शिकायत दर्ज
रेणुग्राम: मारपीट कर छिनतई के एक मामले को लेकर लहसनगंज निवासी बथुआ देवी पति रामफल पासवान ने अपने ही गांव के कुछ लोगों के विरूद्ध सिमराहा थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज करवायी है।
प्रभात फेरी निकाली
रेणुग्राम: देश रत्‍‌न डा. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती शनिवार को प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा में विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा पोषक क्षेत्र में प्रभातफेरी निकाली गयी। इसकी जानकारी विद्यालय के प्रधान राजीव रंजन ने दी।
संकीर्तन में उमड़ी भीड़
रेणुग्राम: फारबिसगंज प्रखंड के अम्हारा में आयोजित अष्टयाम संकीर्तन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इस संकीर्तन में क्षेत्र के एक दर्जन कीर्तन मंडलियों ने भाग लिया।
मारपीट
रेणुग्राम: फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के पुरबारी झिरूआ निवासी राजेन्द्र शर्मा ने मारपीट कर घायल कर देने के मामले को लेकर गांव के ही हरदेव ठाकुर सहित पांच के विरूद्ध सिमराहा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है।

आरटीपीएस: जोकीहाट सीओ पर लगा अर्थदंड

अररिया : 15 अगस्त 2011 से जारी लोक सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत दी जाने वाली सेवाओं में विलंब करने वालों पर कार्रवाई की तलवार चलनी शुरू हो गयी है। शनिवार को बैठक के दौरान आरटीपीएस समीक्षा क्रम में पाया गया कि जोकीहाट अंचल में दाखिल खारिज के नौ सो से अधिक मामले लंबित है। दिये गये रिपोर्ट के मुताबिक जोकीहाट में अब तक दाखिल खारिज के 1000 आवेदन प्राप्त हुये, पर निष्पादन मात्र 102 का किया गया। जबकि वहां के सीओ के अनुसार निष्पादन की सं. 498 है। परंतु डीएम एम. सरवणन ने शेष बचे 396 आवेदन के लिए प्रति एक रुपया आवेदन की दर से जोकीहाट सीओ के वेतन से 396 रुपया काटने का निर्देश दिया। जबकि वहां के आईटी सहायक का एक दिन का मानदेय काटने का आदेश हुआ। वहीं जिला आईटी सहायक व संबंधित प्रखंड के वरीय उप समाहत्र्ता के शिकायत पर डीएम ने भरगामा व कुर्साकांटा के कार्यपालक सहायक को 100 रुपया आर्थिक दंड लगाया।

अतिक्रमण मामले में प्राथमिकी

फारबिसगंज(अररिया) : कृषि बाजार प्रांगण समिति में अवैध तरीके से अतिक्रमण कर व्यापार करने तथा आवंटित दुकानदार को गाली गलौज करने के एक मामले में समिति के प्रतिनियिुक्त लेखा लिपिक अमरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। जिसमें उमेश चौधरी को आरोपी बनाया गया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार दिनांक 9 नवंबर को बाजार प्रांगण खाली कराने का निर्देश एसडीओ द्वारा दिया गया था, लेकिन एसडीओ के आदेश की अवहेलना करते हुए अतिक्रमण कर लिया गया।

किसानों के आर्थिक विकास के लिए सरकार कृतसंकल्पित: विधायक

जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय जोकीहाट में शनिवार को प्रखंड प्रमुख मोमताज बेगम की अध्यक्षता में फसल मुआवजा व मुख्यमंत्री कन्या विवाह की राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर विधायक सरफराज आलम ने कहा कि दो चार हजार की राशि से किसानों को बड़ा लाभ नहीं मिलेगा। लेकिन राज्य सरकार इस राशि के माध्यम से अपनी सहानुभूति किसानों के प्रति प्रदर्शित कर रही है। श्री आलम ने कहा किसानों के आर्थिक विकास के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कृत संकल्प हैं। शिविर में बीडीओ मो. सिकंदर व प्रमुख मोमताज बेगम ने लाभुकों को बिचौलियों से बचने की हिदायत दी। शिविर में कन्या विवाह के 181 तथा फसल मुआवजा के तहत तारण, डूबा व हरदार पंचायत के लगभग 1135 किसानों को मुआवजा राशि दी गयी। शिविर में जीपीएस श्यामानंद ठाकुर, सुरेन्द्र नाथ झा, विधायक प्रतिनिधि रफीक आलम, मुखिया प्रतिनिधि नाजिम हुसैन, मुखिया इस्बाइल, मोहीउद्दीन, महमूद आलम, पंसस फिरोज आलम, मो. सलाउद्दीन, मो. वाजुद्दीन आदि उपस्थित थे।

ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत

फारबिसगंज(अररिया) : जोगबनी-फारबिसगंज रेलखंड के सुभाष चौक रेलवे क्रासिंग से कुछ ही दूरी पर स्थित सीताधार रेल पुल के निकट शनिवार की सुबह ट्रेन के ठोकर से करीब 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान तथा प्रभारी एहसान अली मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव की पहचान नहीं हो सकी थी। मृतक महिला उजला साड़ी तथा काले रंग की ब्लाउज पहनी थी।

मनोनयन पर हर्ष

फारबिगंज: वाणिज्य कर विभाग पटना के निर्देशानुसार जिला जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष प्रदीप साह को पूर्णिया प्रमंडलीय वैट सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। श्री साह के मनोनयन पर जदयू जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा, युवा जदयू जिलाध्यक्ष रमेश सिंह, राजू पासवान, रवींद्र पासवान, किशोर राय, रंजीत राय, मंजू देवी ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

जहर खाकर आत्महत्या

बथनाहा(अररिया) : फुलकाहा थाना क्षेत्र के कोशिकापुर गांव में शनिवार को एक विवाहित ने जहर खाकर आत्म हत्या कर ली है। मृतक महिला का नाम निर्मला देवी बताया गया है जो तीन बच्चों की मां थी।

सड़क दुर्घटना में चार जख्मी

फारबिसगंज(अररिया) : जोगबनी थाना क्षेत्र के कलुआ बैजनाथपुर गांव में शनिवार को टेंपो तथा बाइक की ठोकर में चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। घायलों को फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में बाइक सवार कुर्साकाटा निवासी अशोक बहरदार(36), भवानीपुर जोगबनी नित्यानंद यादव (38), टेंपो सवार चंदा मोहन निवासी मो. मजनूर (62) तथा मीरगंज निवासी बबलू (29 वर्ष) शामिल हैं।

तय रास्तों से ही गुजरेगी ताजिया जुलूस

अररिया : आगामी 6 दिसंबर को होने वाले मोहर्रम पर्व को शांति व स्वच्छ पूर्ण वातावरण में मनाने को ले शनिवार को बैरगाछी ओपी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता ओपी अध्यक्ष राम अयोध्या राम ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसी भी गांव से आने वाली ताजिया जुलूस तयसुदा रास्तों से ही गुजरेगा। कोई भी जुलूस यदि निजी रास्तों से गुजरकर विवाद खड़ा करने की कोशिश करेगा तो वे दंड के भागी होंगे। इस अवसर पर पूर्व में हुई घटना की पुनरावृत्ति नहीं किये जाने का सबों ने संकल्प लिया। बैठक में समाज के बुद्धिजीवियों ने पर्व को शांति व स्वच्छ पूर्ण वातावरण में मनाने के लिये सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहरायी। बैठक में मुख्य रूप से अनि मो. सज्जाद हुसैन, बेलवा के मुविया मो. एजाज, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष मो. जियाउल्लाह, प्रमुख पति हन्नान, पैक्स चेयर मेन, कांग्रेस नेता बदीउज्जमा, नईम आलम, साकिर आलम आदि मौजूद थे।

शिक्षक फरमा रहे आराम, रसोईया कर रहे पढ़ाने का काम

भरगामा (अररिया) : देश के प्रधानमंत्री-नीतीश कुमार, राष्ट्रपति- सोनियां गांधी.. चौंक गये न! लेकिन बात चौंकने की नहीं सोचने की है। भरगामा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय थरूवा पट्टी में बच्चों को ऐसी ही शिक्षा दी जा रही है। ग्रामीणों ने जब इसकी तहकीकात की तो पता चला कि विद्यालय में बच्चों को रसोईया पढ़ाया करते हैं। इसकी शिकायत विद्यालय पोषक क्षेत्र निवासी व पूर्व पंचायत समिति सदस्य सरिता भारती ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राधेय सिंह के समक्ष की है।
दरअसल विद्यालय में करीब सवा पांच सौ छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं। लेकिन वहां कुल पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं ही कार्यरत हैं जिनमें नियमित शिक्षक एक ही हैं जबकि चार पंचायत शिक्षक हैं। विद्यालय में लूंज पूंज व्यवस्था के कारण जब बच्चे शोर गुल मचाने लगते हैं तो उन्हें शांत करने के लिए रसोइया निर्मल ठाकुर ही उनकी क्लास लेने लगते हैं और उन्हें जितनी जानकारी रहती है वही बच्चों को बताने लग जाते हैं। पूर्व
पंसस सरीता भारती बताती हैं कि एक दिन जब वे बच्चे की होम वर्क की कापी देखे तो उसमें प्रधानमंत्री का नाम नीतीश कुमार लिखाया गया था। जिसे देखकर वे दंग रह गयी और प्रधानाध्यापक को इसकी शिकायत करने पहुंची। वहीं यह जानकारी मिली कि शिक्षकों की कमी के कारण जब बच्चे हल्ला मचाने लगते हैं तो रसोईया ही उन्हें कुछ पढ़ाने लग जाते हैं। एक निरक्षर रसोईया का पठन-पाठन का दायित्व सौंपना कितना तर्कसंगत है, समझा जा सकता है। क्या यही शिक्षा बच्चों को राष्ट्रनिर्माता बनायेगा? बहरहाल प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राधेय सिंह ने मामले को जांच का विषय बताते हुये इस संबंध में छानबीन कर कार्रवाई करने की बात कही है।

ध्वनि प्रदूषण: पर्यावरण के साथ साथ स्वास्थ्य के लिए भी घातक


फारबिसगंज (अररिया) : विकास के साथ ही ध्वनि प्रदूषण का दुष्प्रभाव भी लोगों के जीवन में लगातार बढ़ता जा रहा है। जिस कारण लोग कई मानसिक अवसादों से ग्रसित हो रहे हैं। दैनिक जीवन में बढ़े विलासिता पूर्ण मशीनों से उठने वाले शोर निर्धारित मानक से कई गुणा अधिक होते हैं जिस कारण वे हमारे स्वास्थ्य के लिए घातक होते हैं।
सड़कों पर सरपट दौड़ते वाहनों के कर्कश हार्न की आवाज हो या डीजे, लाउडीस्पीकर, जेनरेटर व फैक्ट्री आदि से निकलने वाले शोर सभी लोगों के जीवन में जहर घोल रहे हैं। वैवाहिक लगन व अन्य मौकों पर फोड़े जाने वाले पटाखों की आवाज भी स्वास्थ्य के लिए घातक है। ये शोर सामान्य स्वास्थ्य के लिए निर्धारित मानक 64 डेसिबल ध्वनि से कई गुणा अधिक होते हैं जो हमारे स्वास्थ्य को हानि पहुंचाता है साथ ही यह गैर कानूनी भी है। पर यहां कानून की परवाह करता ही कौन है। तभी तो चाहे अस्पताल हो या शैक्षणिक संस्थान या फिर कोई रिहायशी इलाका, संवैधानिक निषेध की परवाह किए बगैर वाहन चालक अपने एअर हार्न तक बजाने में कोताही नहीं करते और ना ही लाउडीस्पीकर व डीजे बैंड के सुर धीमा होता है।
क्या कहते हैं चिकित्सक?
क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सक अजय कुमार इस संदर्भ में बताते हैं अन्य प्रदूषण की तरह ध्वनि प्रदूषण भी पर्यावरण व मानव स्वास्थ्य के लिए उतना ही हानिकारक है। उन्होंने बताया कि शारीरिक रूप से स्वस्थ्य व्यक्ति भी ध्वनि प्रदूषण के कारण अवसाद ग्रस्त एवं अन्य पीड़ा से ग्रसित हो सकते हैं। लोगों में बढ़ते चिड़चिड़ापन का प्रमुख कारण ध्वनि प्रदूषण भी है। दिल और कान के मरीजों के लिए तो ध्वनि प्रदूषण काफी हानिकारक है। उन्होंने बताया कि निर्धारित मानक से अधिक शोर हार्ट मरीज के लिए घातक हो सकता है। कभी कभी तो ध्वनि प्रदूषण के कारण हृदयाघात तक हो जाता है। जबकि गर्भवती महिला को भी उन्होंने कानफाड़ू शोर से बचने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि खासकर बच्चे और बुजुर्गो पर ध्वनि प्रदूषण का काफी बुरा असर पड़ता है। उन्होंने ध्वनि प्रदूषण को ले लोगों में जागरुकता लाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

जर्जर सड़क से लोगों को हो रही परेशानी

पलासी (अररिया) : प्रखंड के पिपरा विजवार पंचायत अंतर्गत वार्ड नं. 5 बेलगच्छी से पिपरा कोठी स्कूल तक जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील है। या यूं कहे की लोगों को गड्ढो में सड़क खोजना पड़ता है। इस बाबत स्थानीय प्रदीप यादव ने बताया कि इस सड़क से होकर प्रतिदिन करीब आधा दर्जन गांवों के लोगों की आवाजाही होती है। लेकिन जर्जर सड़क के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं मरिया धार में पुलिया नहीं रहने के कारण लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ जाती है। जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक उदासीनता के कारण दिनों-दिन इस सड़क की स्थिति और भी बदतर हो गयी है। खासकर वर्षात में यह क्षेत्र बकरा नदी के बाढ़ के प्रभाव में रहता है। इस बाबत उन्होंने प्रशासन से सड़क व मरिया धार में आरसीसी पुलिया निर्माण कराने की मांग की है।

एबीएम सिकटी पथ पर यातायात बाधित


सिकटी (अररिया) : सिकटी को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली एबीएम सिकटी सड़क पूरी तरह जर्जर हो गयी है तथा इस पर आवागमन बंद है। टूटे पुल व जर्जर सड़क के कारण लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
विदित हो कि एनबीसीसी की देख रेख में बनी इस सड़क के निर्माण पर करोड़ों की राशि व्यय किये जाने के बावजूद इसपर निर्बाध आवागमन की सुविधा अब तक बहाल नही हो पायी है।
निर्माण को ले सड़क पर लगे दर्जनों शिलापट मुंह चिढ़ाते प्रतीत होते हैं तथा नेताओं के लंबे आश्वासन अब तक खोखले ही साबित हुए हैं।
कहते चलें कि यह सड़क सुरक्षा व सामरिक महत्व के कारण उत्तर बिहार की एक महत्वपूर्ण सड़क है। लेकिन इसकी जर्जर स्थिति एवं टूटे पुल के कारण इस पथ पर आवागमन की सुविधा विगत कई वर्षो से बंद है।
अगर टूटे पुलों का जिक्र किया जाय तो बैरगाछी, फरासूत कसैला, बीड़ी एवं रानीपुल स्थित ध्वस्त पुल इस सड़क की वर्तमान हालत बयां करते आज भी नजर आते है।
इस सड़क के जीर्णोद्धार के दिशा में कोई ठोस कार्य योजना अब तक सरजमीन पर नहीं उतरी है। टूटे पुल पर जोखिम भरे सफर में अब तक कई लोग दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो चुके हैं। डेढुआ गांव के वीरेन्द्र यादव फरासुत पुल से नीचे गिर कर अपाहिज जैसी स्थिति में पहुंच गए हैं। जबकि मौके बेमौके सड़क दुर्घटनाओं में दर्जनों अन्य राहगीर भी जख्मी हो चुके हैं।
अगर सड़क जीर्णोद्धार के लिए विगत दस वर्षो में शिलान्यास का शिलापट पर गौर करें तो तत्कालीन रक्षा मंत्री जार्ज फर्नांडीस, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, तसलीमउद्दीन, पूर्व विधायक विजय कुमार मंडल, सरफराज आलम, पूर्व विधान पार्षद अजीमउद्दीन, पूर्व जिप अध्यक्ष आफताब अजीम 'पप्पू', पूर्व सांसद शुकदेव पासवान के नाम आज भी कई जगह लगे शिलापटों पर देखे जा सकते हैं। घोषणाओं व आश्वासन के नाम पर वर्तमान सांसद प्रदीप सिंह व विधायक आनंदी यादव भी पीछे नही रहे हैं। लेकिन इन प्रतिनिधियों का कोई सार्थक प्रयास इस सड़क के जीर्णोद्धार में अब तक देखने को नही मिल पाया है।
अगर इस पर होने वाले निर्माण कार्यो पर गौर करें तो इसके लिए निर्माण एजेंसी भी बराबर जिम्मेदार है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क तहत करीब चार-पांच वर्ष पूर्व प्रारंभ हुआ निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा है। जिसका प्रमाण रानीपुल से बच्चा पुल, फुटानी चौक से भूताहा तक की सड़क निर्माण काल से ही अब तक नही बनी है। लेकिन इसे देखने वाला कोई नही है। इस सड़क महत्ता सिकटी प्रखंड सहित अन्य भाग के करीब दो लाख जनता से जुड़े रहने पर भी इसके प्रति न तो प्रशासन और नही जनप्रतिनिधि कभी संवेदनशील रहे।
बहरहाल मुख्यमंत्री की संभावित सेवा यात्रा के दौरान इस सड़क समस्या के निदान के लिए हाल में ही गठित एबीएम सड़क निर्माण संघर्ष समिति डेढुआ सोहदी ने सेवानिवृत अपर समाहर्ता वीरेन्द्र नारायण राय के संयोजन में ज्ञापन देने का फैसला किया है।

कटाव से विस्थापित परिवारों की स्थिति दयनीय


कुर्साकांटा (अररिया) : बकरा नदी के कटाव से विस्थापित लगभग डेढ़ सौ परिवार बेहद खराब स्थिति से गुजर रहे हैं।
बाढ़ व नदी के कटान से विस्थापित हुए परिवारों के लोग विगत कई वर्षो से भारत नेपाल सीमा के नोमेन्स लैंड, कुआड़ी सिकटी सड़क किनारे व अन्य उच्च स्थानों पर खानाबदोश की जिंदगी व्यतीत कर रहे हैं।
क्षेत्र के लगभग 33 अ.जा. 21 अज.जा. व 20 पिछड़ी जाति के परिवार तो सिर्फ नोमेन्स लैंड पर बदहाल जिंदगी जी रहे हैं।
इन्हें शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल रही है। प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से पुनर्वास के आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला।

धनकटनी को ले घटी छात्रों की उपस्थिति


जोकीहाट: प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में इन दिनों छात्र-छात्राओं की संख्या कम दिख रही है।
इस संबंध में कई विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि क्षेत्र में मजदूर किसानों की संख्या अधिक है गरीब अभिभावक अपने बच्चों को धानकटनी में लगा देते हैं जिससे विद्यालय में छात्र-छात्राओं की संख्या घटती नजर आ रही है।
बिहार पेंशनर भवन का निर्माण अधूरा
फारबिसगंज: करीब चार लाख की लागत से नगर परिषद के वार्ड संख्या सात में निर्माणाधीन बिहार पेंशनर भवन पौने दो साल बाद भी अधूरा पड़ा है। इस भवन का शिलान्यास मार्च 2010 में तत्कालीन विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता के हाथों किया गया था। विधायक मद से बनने वाले इस भवन का निर्माण पौने दो वर्ष बीत जाने के पश्चात भी पूरा नही हो सका है। भवन में न तो प्लास्टर ही हुआ है और न ही खिड़की दरवाजे लगे है।

जबरन काटी धान की फसल, प्राथमिकी

पलासी (अररिया) : प्रखंड के मधैल-रूपैल निवासी सोहेल अख्तर ने जबरन धान काटने, मारपीट तथा धमकी देने का आरोप लगाते हुए गांव के ही सत्रह व्यक्तियों के विरुद्ध पलासी थाना में एक नामजद प्राथमिकी दर्ज कराया है। जिसका थाना कांड संख्या 165/11 के तहत अंकित किया गया है। घटना बुधवार की बतायी गयी है। दर्ज मामले में सूचक ने कहा है कि वह चिकित्सक महेश ठाकुर (जो वर्तमान में फारबिसगंज में चिकित्सक है) व उनके फरीकों के मधैल-रूपैल कामत की जमीन की देखरेख करता है। इस क्रम में गांव के ही सरफुद्दीन, अब्बास, आरिफ सहित 17 व्यक्तियों ने जबरन उनका धान काट लिया। शेष बचे धान भी काटने की धमकी दी तथा मारपीट किया। काटे गए धान लगभग 100 मन मूल्य करीब 40,000 रु. बताया जाता है।

मामला दर्ज


सिकटी: सिकटी थाना प्रभारी ने हत्या के नामजद अभियुक्त मो. कासिम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है। उस पर धारा 341, 323, 504, 376, 493, 34 भादवि के तहत कांड सं 89/11 दर्ज है।
गिरफ्तारी
फारबिसगंज: दुष्कर्म के मामले में कांड संख्या 318/11 के वारंटी मीयां हाट निवासी बद्री साह को फारबिसगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।
प्राथमिकी
पलासी: प्रखंड के धपहर गावं में फसल चरने के विवाद को लेकर मारपीट व छिनतई का आरोप लगाते दोनों प्रक्षेत्र में पलासी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। जिसमें लक्ष्मी देवी तथा रीना देवी क्रमश: सूचक बनी है।
शराब की अवैध बिक्री
फारबिसगंज: पुलिस कप्तान के कड़े निर्देश के बावजूद फारबिसगंज सहित बथनाहा-नरपतगंज क्षेत्र में चोरी-छिपे शराब अवैध तरीके से बेचे जा रहे है। चाय-पान की दुकानों में देशी विदेशी शराब की बिक्री की जा रही है।
बच्चों की बड़ी संख्या शिक्षा से दूर
भरगामा: सरकार द्वारा शिक्षा के प्रति जागरूकता को लेकर किए जा रहे लगातार प्रयास के बाद भी बच्चों की एक बड़ी सं. विद्यालय से वंचित है। इन बच्चों को विद्यालय लाकर शिक्षा से जोड़ने का धरातल पर एक भी प्रयास नहीं किया जा रहा है। कारण अशिक्षा पेट की आग स्थिति यह है कि विद्यालय जाने के उम्र में यह बच्चे गिल्ली-डंडा या मवेशी चारा रहे होते है। जिसकी सहज रूप में देखा जा सकता है।
ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
भरगामा: खजुरी बाजार में ट्रांसफार्मर जलने के महीनों बाद भी विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर अबतक नहीं लगाए जाने से बिजली उपभोक्ताओं में आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने अविलंब विभाग द्वारा समस्या का निदान नहीं किये जाने की स्थिति में निकट समय में आंदोलन चलाने की धमकी दी है। बताते चलें कि खजुरी बाजार में ट्रांसफार्मर जल जाने से खजुरी पंचायत के कई गांव पिछले एक-डेढ़ महीने से अंधेरे में है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ट्रांसफार्मर की लगातार मांग विभागीय अधिकारियों से की गई किंतु संबंधित अधिकारी मौन बने हुए है।
समस्याओं से घिरे है मछुआरा समुदाय
भरगामा: खजुरी पंचायत के बिलैनियां नदी के तटबंध पर बसे मछुआरा समुदाय के लोग पंचायती राज व्यवस्था के तहत विकास के दौड़ में भी विभिन्न समस्याओं से घिरे एक तरह की उपेक्षा की जिंदगी जीने पर मजबूर है। दयनीय दशा वाले समुदाय के अधिकांश लोगों नाम एपीएल में दर्ज है, वहीं सड़क, बिजली, पानी, आवास, रोजगार जैसी कई समस्याएं है जो अहम है। मछुआरा समुदाय के लोगों का आरोप है कि चूंकि वे लोग मतदान के रूप में संख्या में कम है अत: प्रशासनिक स्तर के बाद पंचायती स्तर पर भी पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा शौतेला व्यवहार रहता है।
माप-तौल में गड़बड़ी
भरगामा: प्रखंड के विभिन्न बाजारों में माप-तौल में सही बाट का प्रयोग लगातार ठगी के शिकार हो रहे हैं। उपभोक्ताओं की माने तो सत्यापित तराजू या बाट का प्रयोग व्यवसाई वर्गो के द्वारा यदा-कदा वो भी व्यक्ति विशेष हीं किया जाता है। आमतौर पर इन व्यवसाइयों द्वारा जिसमें किराना, खाद, दुकानों की संख्या अधिक है, मनमाने घिसे-पिटे बाट का धड़ल्ले से प्रयोग किए जाने की शिकायत आम लोगों की है। ताज्जुब यह है कि विभाग इस तरह के किसी भी समस्या के प्रति अनजान बनी हुई है।

मारपीट व छिनतई का आरोप

रेणुग्राम : सिमराहा थाना क्षेत्र के धुमगढ़ पोठिया निवासी राजेश मंडल ने मारपीट एवं छिनतई का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाना में गांव के ही मायानंद मंडल सहित छह के विरूद्ध एक मामला दर्ज कराया है। दर्ज प्राथमिकी में पीड़ित ने ने मारपीट कर नगदी व अन्य सामान छीनने का आरोप लगाया है।

फसल लूट


रेणुग्राम: फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के बेलई गांव निवासी सच्चिदानंद ठाकुर ने धान की फसल लूट लिए जाने को लेकर सिमराहा थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज प्राथमिकी में मो. जलाल, मुश्ताक सहित पांच लोगों को आरोपी बनाया है।
प्राथमिकी
रेणुग्राम: हरबे हथियार से लैस होकर खेत में लगी धान की फसल काट लिये जाने के एक मामले में पुरंदाहा गांव निवासी मो. सगीरउद्दीन ने सिमराहा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है।

नरपतगंज अंचल में करोड़ों की अनियमितता उजागर


अररिया/बथनाहा  . जिले में डेहटी पैक्स घोटाले के बाद एक और बड़े घोटाला सामने आया है। नरपतगंज अंचल कार्यालय में 2008 के बाढ़ के दौरान राहत के नाम पर खर्च किए गए करोड़ों की राशि का कोई लेखा जोखा अंचल कार्यालय में मौजूद नही है। यही नहीं अंचल में तत्कालीन अंचल पदाधिकारी व नाजिर की मिलीभगत से दोहरे कैश बुक का संधारण भी किया गया। इस बात का खुलासा अपर समाहर्ता कपिलेश्वर विश्वास के जांचोपरांत डीएम को सौंपे रिपोर्ट से हुआ है। कैश बुक के संधारण में गड़बड़ी करने, करोड़ों रूपये के वाउचर का समायोजन नहीं करने के मामले में एडीएम श्री विश्वास ने नरपतगंज के तत्कालीन सीओ अजय कुमार ठाकुर के खिलाफ प्रपत्र क गठित कर सरकार को भेजा है। इस बात की पुष्टि अपर समाहर्ता कपिलेश्वर विश्वास ने शुक्रवार को दूरभाष पर की है।
जानकारी के अनुसार कुसहा बांध टूटने के कारण 2008 में जिले में बाढ़ ने विकराल रूप धारण किया था। अगस्त 2008 के बाढ़ के समय अशोक कुमार तिवारी और फिर राकेश रंजन बीडीओ सह सीओ के रूप में नरपतगंज अंचल में पदस्थापित थे। बाढ़ के ही दौरान इस पद का प्रभार अनिल कुमार ठाकुर व बाद में अजय कुमार ठाकुर को मिला था।
एडीएम श्री विश्वास ने पिछले माह नरपतगंज अंचल पहुंचकर कैश बुक आदि का जांच की थी। इसी जांच क्रम में करोड़ों रूपये के अनियमितता का मामला पकड़ाया। यह घोटाला
25 करोड़ रूपये तक जा सकता है।
हालांकि एसी श्री विश्वास ने बताया कि फिलहाल करीब चार करोड़ रूपये की अनियमितता स्पष्ट रूप से पकड़ में आयी है। वाउचर को पास कर समायोजित करना था जो नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि वहां दोहरा कैश बुक का संधारण किया गया जो अधिकारी व नाजिर की गलत मंशा को दर्शाता है। उन्होंने अपने रिपोर्ट में नरपतगंज अंचल में चार वित्तीय वर्षो का विशेष अंकेक्षण कराने का भी अनुशंसा की है।

सदस्यता अभियान को लेकर कार्यक्रम का आयोजन


भरगामा(अररिया) : प्रखंड के महादलित बस्ती गम्हरिया में गुरूवार को हरित बिहार व जदयू के सदस्यता अभियान को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी प्रो. आलोक व‌र्द्धन के साथ पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
मुख्य अतिथि प्रो. व‌र्द्धन ने पार्टी के नये कार्यकर्ता सुमन कुमार के आवास के साथ साथ सदस्यता ग्रहण करने वाले अन्य नये सदस्यों के आवास पर भी पेड़ लगाये। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव, सेवादल प्रकोष्ठ के सुबोध श्रीवास्तव, जिला महासचिव शिवनारायण भगत, युवा जदयू प्र.अ. रामदेव सिंह, रानी देवी, जवाहर झा, कैलू सरदार, मुखिया विनोद यादव, पारसमैन देवी, सुबोध मेहता, जयकुमार यादव, शिवनंदन सरदार आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

माध्यमिक शिक्षकों का पांच दिवसीय धरना शुरू


अररिया : बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर राज्य स्तरीय आंदोलन के तहत जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने शुक्रवार से समाहरणालय परिसर में पांच दिवसीय धरना शुरू हुआ। पहले दौर के धरना में पहले दिन अररिया व सिकटी प्रखंड के शिक्षकों ने भाग लिया। धरना की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष नवकांत झा ने की।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि 17 अगस्त 2010 को संघ और सरकार के बीच एक समझौता हुआ था। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि समझौता के तहत मात्र एक बिंदू को छोड़कर किसी विषय पर अमल नहीं किया गया। शिक्षकों ने कहा कि नियोजित शिक्षकों को न तो विहित वेतनमान, भत्ते सरकार प्रदान करती है और न ही नियत समय पर मानदेय का भुगतान। शिक्षकों का कहना था कि सरकार अपने घोषणाओं पर अमल नहीं कर रही है। इसी का नतीजा है कि 2006 के नियोजन नियमावली में आज तक संशोधन नहीं कियागया। जिलाध्यक्ष नवकांत झा ने अपने छह सूत्री मांगों के संबंध में बताया कि नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन 9300-34800 के बीच होना चाहिए। श्री झा ने कहा कि नवनियुक्त शिक्षकों का प्रतिवर्ष वार्षिक वेतन वृद्धि, संचयात्मक प्रभाव से चिकित्सा अवकाश, सेवानिवृति की सीमा 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरा जाए, वर्ग चार के कर्मियों को वर्ग तीन में प्रोन्नति देने सहित कई मांगे हैं जो सरकार के पास लंबित है। उन्होंने बताया कि तीन दिसंबर को रानीगंज, भरगामा, सात दिसंबर को जोकीहाट, पलासी, आठ को कुर्साकाटा, नरपतगंज तथा नौ दिसंबर को फारबिसगंज व अररिया प्रखंड के शिक्षक धरना पर बैठेंगे। धरना को संघ के जिला सचिव असरारूल हसन, बसंत कुमार राय, शेखर कुमार मिश्रा, जावेद अख्तर आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर शिक्षक अब्दुल कादिर, बंधुनाथ झा, सुनील कुमार, विवेकानंद यादव, निशात, हफीज, मो. नेमतुल्ला सहित कई शिक्षक मौजूद थे।

लोक आस्था का केन्द्र है मेला परिसर का काली मंदिर



फारबिसगंज (अररिया) : आस्था का केन्द्र है, फारबिसगंज नगर के मेला परिसर स्थित काली मंदिर। ऐसा कहा जाता है कि कोशी कमीश्नरी के सबसे पुराना मंदिरों में इसका भी स्थान है। आस्था से जुड़े श्रद्धालुओं का यहां आने का लगा रहता है तांता। पिछले कई दशक से काली पूजा के अवसर पर वहां लगता है भव्य एवं आकर्षक मेला। करीब एक माह तक चलने वाले मेले में वर्षो से मवेशियों के खरीद-बिक्री के लिए लगता है बाजार। जहां बिहार के अलावे अन्य कई राज्यों के दुकानदार, मवेशी विक्रेता पहुंचकर मेले की शान बढ़ाते रहे है। वहीं पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के लोगों के आस्था एवं आकर्षण का केन्द्र रहा है उक्त मेला। आस्था का केन्द्र उक्त काली मंदिर में मनत मांगने वाले लोगों की मानोकामना पूर्ण होती है। मंनत पूरी होने पर श्रद्धालु विभिन्न क्षेत्रों से आकर अपना चढ़ावा भी चढ़ाते है। मंदिर के संदर्भ में वर्तमान पुजारी काशीनाथ मिश्र बताते हैं कि मूल मंदिर की स्थापना 100 वर्ष पर्व की गई थी। जिसके पहले पुजारी उनके पूर्वज स्व. पंडित दाता राम मिश्र जी थे। उनके बाद आये अन्य पूजारियों के प्रयास एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर का जीणोहार किया गया। वहीं 2000 ई. के आस-पास यहां प्रतिमा की स्थापना स्थाई रूप से कर दी गई। बतायाकि इससे पूर्व दशहरा के मौके पर मा दुर्गा तथा दीपावली के मौके पर मां काली की प्रतिमा स्थापित होती रही है। कहा कि करीब डेढ़ दशक पूर्व तक दशहरा में लगने वाला मेला काली पूजा तक चलता था जिसकी करीब एक माह रही थी। किंतु अब मेला कब लगेगा कब टूटेगा यह निश्चित नही कहा जा सकता। बताया कि कई वर्ष पूर्व तक मंदिर में काली पूजा के मौके पर अंचल कार्यालय से सामग्री आदि की खरीददारी के लिए राशि भी मिलती थी, अब यह बंद है। मंदिर में प्रतिदिन भगवान को भोग तो लगाया ही जाता है, किंतु कृष्ण पक्ष एवं शुक्ल पक्ष मंगलवार एवं शनिवार को महाभोग लगता है। कृष्ण पक्ष अष्टमी, अमावस्या पूजा, पूर्णिमा पूजा भी पूरे धूमधाम से प्रत्येक माह किया जाता है। कहते हैं कि उक्त मंदिर में सच्चे हृदय से मांगी गयी मुराद अवश्य ही पूरा होता है, यही कारण है कि यह मंदिर आस्था का केन्द्र बना हुआ है। दाता भी अपने पूरे तन, मन, धन के साथ अपना सहयोग मंदिर प्रबंधन को देते रहते हैं।

एड्स से बचाव को ले कार्यक्रम का आयोजन


अररिया : विश्व एड्स दिवस के अवसर पर गुरुवार को पीएलए पब्लिक स्कूल परिसर में स्वयंसेवी संस्था पारागान एजूकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा एड्स के लक्षण व बचाव को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने बच्चों को रेड रिबन लगाकर एड्स के कारण, लक्षण और उसके बचाव संबंधित विस्तृत जानकारी दी। संस्था के सचिव गोपाल प्रसाद दास ने शिक्षकों से आह्वान किया कि एड्स के बारे में अंजान लोगों को इसकी विस्तृत जानकारी ही इसका मुख्य बचाव है।
इस अवसर पर मधु कुमारी, मधुबाला, मदन कुमार दास, प्रशांत कुमार, प्रीतम कुमार, हैदर यासीन समेत शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे।

स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना अधर में


भरगामा(अररिया) : बड़े बजट से विभिन्न ठिकानों पर स्ट्रीट लाइट लगाकर प्रखंड को रोशन करने की महत्वाकांक्षी योजना विभागीय उदासीनता के कारण खटाई में पड़ी हुई है। हालांकि योजना के मद्देनजर प्रखंड के कई जगहों पर खजुरी बाजार, पेट्रोल पंप भरगामा आदि में गगनचुंबी खंभे भी गिराया गया। लोगों में क्षेत्र रोशन होने की उम्मीद जगी लेकिन अज्ञात कारणों से योजना पोल गिराने तक ही सीमित होकर रह गई।
सांसद निधि से रोशन किए जाने की योजना के बाबत बताया जा रहा है कि योजना के मद संवेदक द्वारा राशि की निकासी भी बगैर कार्य निष्पादित किए ही कर ली गई थी।

फल चोरी करते दो चोर पकड़ाए, एक फरार

अररिया : नगर थाना क्षेत्र के चांदनी चौक पर फल की दुकान में चोरी करते दो चोर को आसपास के लोगों ने दबोचने में सफलता पायी है। दबोचने के बाद लोगों ने दोनों चोर को पुलिस के हवाले कर दिया है। दबोचे गये चोरों में गाछी टोला के रिजवान एवं रहिका टोला के दीपक कुमार भगत शामिल है। जबकि वारिस नामक चोर भागने में सफल रहा। पुलिस ने पीड़ित फल दुकानदार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के समक्ष पीड़ित दुकानदार मो. मसरूल ने बताया सुबह के करीब सात बजे जब वह अपनी दुकान पर पहुंचा तो देखा कि तीन लोग उसके दुकान से निकल रहा है। जब वह नजदीक पहुंचा तो तीनों लोग भागने लगा। हो हल्ला मचाने पर आसपास के लोगों ने दो चोर को खदेड़कर पकड़ा। जबकि एक चोर भागने में सफल रहा। तब तक पुलिस भी वहां पहुंच गयी। लोगों ने दबोचे गए चोर को पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित ने बताया कि जब तक चोर को वे लोग पकड़ते तब तक उसका एक और साथी भागने में सफल रहा।

पुत्र की दीर्घायु कामना को ले कलश यात्रा

अररिया : पुत्र के दीर्घायु होने की कामना को लेकर ग्राम पंचायत हलहलिया की दर्जनों महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। महिलाओं ने सिमराहा कालोनी के निकट बाबा सलहेश स्थान से यात्रा शुरू कर कई गांवों में भ्रमण किया। महिलाओं ने पनार नहर से जल उठाकर गांव के ही एक पोखर में जलार्पण किया। इसी क्रम में महिलाओं ने साढे तीन गांव में भिक्षाटन कर मां विषहरी की पूजा अर्चना की। कलश यात्रा का नेतृत्व कर रही मीना देवी ने बताया कि इस कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। यात्रा में गीता देवी, गुड्डी देवी, सुनीता देवी, शकुंतला, ऊषा, पुनिता, जहरी, उर्मिला, कौशल्या, कुंती, राधा, रुक्मिणी आदि शामिल थे।

भरगामा बैंक लूट: बदमाशों ने की थी 15 लाख की रैकी

अररिया : भरगामा प्रखंड के बैंक आफ बड़ौदा शाखा रघुनाथपुर में अपराधियों ने 15 लाख रुपयों की लूट की मंशा से धावा बोला था। लेकिन वे 9.54 लाख रुपये ही लूट पाये। लूटी गयी राशि में एक लाख रुपये के फटे नोट भी शामिल हैं। यह खुलासा शुक्रवार को घटना में शामिल अपराध कर्मी अचरा निवासी पप्पू कुमार यादव ने पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे के समक्ष किया है। बैंक लूट कांड का खुलासा करते हुए गिरफ्तार बदमाश पवन कुमार उर्फ पप्पू यादव ने पुलिस के समक्ष बताया कि कांड को अंजाम देने से पूर्व स्थानीय सूचक ने बैंक में 15 लाख रुपये होने की जानकारी दी थी। जब तक वे लोग धावा बोलते तब तक बैंक कर्मियों द्वारा करीब साढ़े पांच लाख रुपये आंगनबाड़ी केन्द्र कर्मियों के बीच वितरित हो चुकी थी। बदमाश ने यह भी खुलासा किया कि घटना में कुल 3 मोटर साइकिल पर सवार 6 अपराध कर्मियों ने धावा बोला था। धावा बोलने के दस मिनट पूर्व ही दो मोटर साइकिल पर सवार उनके सदस्यों ने बैंक के माहौल को परखा। जब उसके सदस्य ने हरी झंडी दी तो शेष सदस्य भी वहां पहुंच गये। बैंक पहुंचते ही बदमाशों ने ग्राहकों को अंदर कर बाहर से ग्रिल लगा दी। इसके बाद उनके तीन सदस्य कैश रूम तक पहुंच गए और कर्मियों को कब्जे में लेकर सभी राशि लूट ली। एसपी के समक्ष अपराधी ने यह भी खुलासा किया कि लूट कांड में बंटी यादव तीन कारबाईन लेकर पहुंचा था। जबकि तीन के पास देशी पिस्तौल थी। उसने यह भी बताया कि लूट की रकम में उसे व अनिल को 35-35 हजार रुपये दिये गये थे। जबकि दो अन्य साथियों को एक-एक लाख रुपये मिले। एक-एक लाख पाने वाले साथी घटना के दिन हीं नेपाल भागने में सफल रहे। शेष रकम बंटी यादव ने स्वयं रखी थी। इस रकम में एक लाख रुपये का फटा नोट भी शामिल है। पप्पू ने खुलासा किया कि गिरोह के सरगना बंटी यादव पुलिस की बढ़ती सक्रियता को देखकर ही छातापुर लूट कांड के एक मामले में सुपौल न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया है। ताकि वह लूटी गई रकम को भी आसानी से पचा सके।

बंटी के पास रहती थी पिंटू यादव गिरोह की कमान: एसपी


अररिया : भरगामा बैंक लूट कांड के उद्भेदन के दौरान नव पद स्थापित पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया एवं अररिया में हत्या लूट कांड के लिए चर्चित पिंटू यादव गिरोह का कमान कभी बंटी यादव संभालता था। यह खुलासा एसपी ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। एसपी लांडे ने बताया कि जब जब पिंटू यादव जेल के सलाखों के भीतर होता था तब तक उसके गिरोह का कमान बंटी यादव ही संभालता था।
एसपी ने बताया कि बंटी यादव, पिंटू यादव का निकट संबंधी है। इसलिए पिंटु अपने सगे बंटी पर आंख मूंद कर भरोसा करता था। लेकिन धीरे धीरे बंटी यादव ने अपना गिरोह बना लिया। एसपी ने बताया कि बंटी गिरोह के पास तीन कार्बाइन एवं दर्जनों देशी पिस्तौल है। ये सभी हथियार बंटी ने विभिन्न जगहों से लूटे हैं। इसके गिरोह में आज भी दर्जनों सक्रिय सदस्य है जो खासकर मधेपुरा, अररिया एवं सुपौल में सक्रिय हैं। एसपी ने बताया कि बैंक से लूटी गयी रकम को बचाने के लिए भले ही बंटी ने सुपौल न्यायालय में आत्म समर्पण कर जेल में है, लेकिन पुलिस उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करेगी।

आधा दर्जन लूट कांडों में थी पुलिस को पप्पू की तलाश


अररिया : भरगामा बैंक लूट कांड में पकड़ाए नरपतगंज के अंचरा निवासी पवन कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक लूट के मामले दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास को खंगालने में लगी है।
पुलिस के अनुसार नरपतगंज थाना कांड संख्या 137/08 डकैती के एक मामले में वह जेल गया था। छह माह जेल में रहने के बाद जब वह बाहर आया तो मोटर साइकिल व सड़क लूट की लगातार आधा दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम देकर नरपतगंज, छातापुर एवं आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैला दी। इसी क्रम में वह सुपौल के बंटी यादव गिरोह से जुड़ गया। बंटी यादव गिरोह से जुड़ने के बावजूद उसने कई बार पिंटू यादव गिरोह में भी शामिल होकर लूट कांडों को अंजाम दिया। आज भी उसके विरूद्ध नरपतगंज थाना कांड संख्या 79/09, 93/09, 71/09, 129/07, 137/08 दर्ज है। इसके अलावा छातापुर, सुपौल में भी इसके विरूद्ध कई मामले लूट के दर्ज है।

काकन में दो दिवसीय जलसा संपन्न


जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के काकन चौक पर गुरुवार की रात्रि दो दिवसीय जलसा दारूल उलूम बहादुरगंज के नाजिम अनवार आलम की अध्यक्षता में संपन्न हो गया। जलसे में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अनवार आलम साहब ने कहा इस्लाम के अनुसार इंसानी हकूक व उसके अहमियत की पहचान होनी चाहिए। इस्लामी पद्धति के तहत मियां-बीबी के बीच समानता व पर्दा आवश्यक है। मंच संचालक कारी नियाज ने कहा कि इस्लाम में शराब व सूद हराम है। जलसे में मुस्लिम विद्वानों ने समाज सुधार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा किये। जलसे को संबोधित करने वालों में मुफ्ती तबारक हुसैन, मुफ्ती रिफाकत हुसैन, मो. अबुजर, अली मुद्दीन, नसीमुद्दीन, मो. इसहाक आदि शामिल हैं।
जलसे का आयोजन मुन्तजमीन कमेटी कासिमी जामे मस्जिद काकन की ओर से किया गया। जलसे में काकन, तारण, बगडहरा, धोबनियां, मटियारी, काशीबाड़ी, सिसौना, गिरदा, डूबा, फर्साडांगी आदि गांव से लोगों ने शिरकत की।

राजस्व संबंधी कार्यो की एसी ने की समीक्षा



अररिया : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सेवा यात्रा के दौरान संभावित आगमन का भूत जिला प्रशासन पर सर चढ़ कर बोल रहा है। शायद इसी का नतीजा है कि अब प्रखंड व अंचल के अधिकतर काम जिला मुख्यालय के हाईस्कूल में बैठाकर कराया जा रहा है। शुक्रवार को हाईस्कूल में सभी बीडीओ, सीओ, पंचायत सचिव, हल्का कर्मचारी आदि को बुलाकर राजस्व संबंधी कार्यो की समीक्षा की गई। अपर समाहत्र्ता कपिलेश्वर विश्वास ने सभी प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों के समक्ष एक-एक योजना के संबंध में समीक्षा किया। उन्होंने आरटीपीएस के तहत दाखिल खारिज, जाति, निवासी, आय व भू स्वामित्व प्रमाण पत्र के बारे में रिपोर्ट मांगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में विलंब नही होना चाहिए। श्री विश्वास ने महादलित समुदाय को गैरमजरूआ आम, खास, खास महल व रैय्यति भूमि क्रय कर तीन डिसमील देने का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर भेजने निर्देश दिया। एसी श्री विश्वास ने कहा कि पंचायत भवन, कालेज, स्टेडियम, गोदाम आदि निर्माण के लिए शीघ्र जमीन को चिन्हित करें। महादलित टोलों में उनके लिए वर्क शेड निर्माण कराया जायेगा। इस बारे में एसी ने सभी सीओ से रिपोर्ट मांगा है। इस अवसर पर एसडीओ द्वय डा. विनोद कुमार, जीडी सिंह, डीपीआरओ विधान चन्द्र यादव, वरीय उप समाहत्र्ता रंजन चौहान, संजय कुमार, कैय्युम अंसारी आदि मौजूद थे।

पशु तस्करी नेटवर्क पुलिस के लिए कड़ी चुनौती


फारबिसगंज (अररिया) : पशुओं की तस्करी तथा इसकी आड़ में जाली नोटों का कारोबार सीमावर्ती क्षेत्र में बड़ी समस्या बनकर उभरी है। पशु तस्करों का मजबूत नेटवर्क पशु चोरी की लगातार हो रही घटनाओं को बढ़ा रहा है। पशु तस्करों का बड़ा और मजबूत रैकेट भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाके से लेकर दूसरी तरफ भारत-बांगलादेश की सीमा तक फैला हुआ है। जिसके बीच अररिया जिला सहित सीमावर्ती किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा तक इनके एजेंट सक्रिय है। एजेंट के द्वारा चोरी की मवेशी सहित मवेशी हाटों में खरीदी गई पशुओं को ट्रकों में लादकर या पैदल ही एक थाना से दूसरे थाना, एक जिला से दूसरे जिला बेधड़क पार करते हुए बांगलादेश पहुंचा दिया जाता है। रात की अंधेरों में तो पशुओं के झुंड को जाने की बात कौन कहें, यहां तो दिन के उजाले में भी आराम से लंबा सफर तय कर जाते है मवेशी तस्कर। हैरत की बात है कि पुलिस अथवा प्रशासन के अधिकारी इसे पकड़ने या रोक पाने में सफल नही हो सके है। हालांकि अररिया के नए पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे के आने के बाद उम्मीद जगी है। एसपी श्री लांडे बताते है कि क्षेत्र में पशु चोरी और तस्करी जैसे अवैध काम बड़े सुनियोजित तरीके से चलने की सूचना मिली है जिस पर वे रोक लगायेंगे।
पशु तस्करी के द्वारा क्षेत्र में जाली नोटों का बड़े पैमाने पर अवैध करोबार भी चलाये जाने की बात बताई जाती है। मवेशी हाटों में तस्करों तथा एजेंटों द्वारा खरीदी गई मवेशी के बदले जाली नोट थमाया जाता है। हाल के कुछ वर्षो में इन मवेशी हाटों में नकली भारतीय नोटों पर रोक लगाने के लिए एसएसबी द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया गया था। जिसमें ग्रामीणों, पशु पालकों, किसानों को जाली नोट, पहचानने के कुछ नुस्खे बताये गये थे। लेकिन उस अभियान के बावजूद जाली नोटों के सौदागर एक बार फिर क्षेत्र में सक्रिय है। राष्ट्र विरोधी तत्व तस्करों के मजबूत तंत्र के सहारे देश को क्षति पहुंचा रहा है।
बताया जाता है कि पुलिस थाना को तस्करों द्वारा प्रति मवेशी 2 से पांच रुपया का निर्धारित देकर पशुओं की खेप गंतव्य स्थान तक पहुंचा दिया जाता है। नये पुलिस कप्तान के लिए तस्करों के तिलिस्म को तोड़ना एक कठिन चुनौती होगी। जिससे जाली नोट के अवैध कारोबार पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाएं जारी है।
सुनियोजित तरीके से मवेशी तस्करों द्वारा क्षेत्र में अवैध काम करने की सूचना मिल रही है। पशुओं की तस्करी पर रोक अवश्य लगेगी: शिवदीप लांडे

घोषणा के बावजूद नही बनी शहीद अमर के नाम सड़क


फारबिसगंज (अररिया) : प्रखंड के मानिकपुर गावं में सेना के एक शहीद जवान अमर कुमार मंडल के नाम पर बनने वाली सड़क आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। करीब दो वर्ष पूर्व स्थानीय निवासी सेना के जवान अमर कुमार मंडल जब शहीद हुए थे उस समय उनके अंतिम संस्कार में कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया था। परिजनों को सांत्वना देने वालों की लंबी कतार लगी थी। उसी समय सांसद व विधायक द्वारा अमर कुमार मंडल के नाम पर पक्की सड़क बनवाने की घोषणा की गई थी। लेकिन इतने समय बीत जाने के बाद भी एक अच्छी सड़क का निर्माण नही किया जा सका। आज भी यह कच्ची सड़क उद्घाटन की बात जोह रहे है। समय-समय पर गांव में यह चर्चा हो जाती है कि घोषणा के बावजूद सड़क नही बनी है। शहीद अमर के साथ-साथ ग्रामीण भी राजनीतिक घोषणा का शिकार हो गये। उक्त सड़क एनएच 57 फोरलेन से जुड़े रहने के कारण इसकी अहमियत ग्रामीणों के लिए और भी बढ़ी हुई है। ग्रामीण रवि मंडल, रंजीत कुमार, ओम प्रकार मंडल ने बताया कि सेना के एक शहीद के नाम पर नेताओं द्वारा मात्र घोषणाएं हीं की जा सकी। आम लोगों के मामलों में जनप्रतिनिधियों द्वारा कितनी गंभीरता बरती जाती होगी यह आसानी से समझा जा सकता है। महज एक किलोमीटर की सड़क बनने में घोषणा के बावजूद इतना विलंब हो चुका है जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष भी है।
क्या कहते है विधायक:
फारबिसगंज विधायक पद्म पराग राय वेणु कहते हैं कि विधायक फंड से यह सड़क शीघ्र बनेगी। काम शुरू हो चुका है लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण विलंब हो रहा है। तत्कालीन विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता के समय की कई घोषणा के अनुसार राशि भी आवंटित कर दी गई है। विधायक ने कहा कि घोषणा शीघ्र पूरी होगी।

मुहर्रम को ले शांति समिति की बैठक

कुर्साकांटा (अररिया) : आगामी 6 दिसंबर को होने वाले मुस्लिम भाईयों के प्रसिद्ध पर्व मुहर्रम को लेकर शुक्रवार को थाना परिसर में शांति समिति की एक बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता थाना अध्यक्ष राधा कृष्ण रजक ने की। मौके पर उपस्थित मुखिया मुश्ताक अली, प्रणव गुप्ता, रामनाथ गुप्ता, जगरनाथ ठाकुर, सुबोध साह, निजामउद्दीन आदि ने शांतिपूर्ण तरीके से मुहर्रम मनाने को लेकर विचार विमर्श किया।

हादसे में बाइक सवार घायल

कुर्साकांटा (अररिया) : शरणपुर से अपने घर कुर्साकांटा लौट रहे मोटर साइकिल सवार मनोज कुमार गुप्ता अररिया-कुर्साकांटा पीडब्लूडी सड़क पर कमलदाहा हातिम कांटा के निकट असंतुलन होने के कारण गुरुवार की संध्या दुर्घटना के शिकार होकर बुरी तरह घायल हो गये। घायल अवस्था में उसके परिजनों ने उसे कुर्साकांटा अस्पताल में भर्ती किया। जहां प्राथमिक उपचार के बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया भेज दिया गया।

मुखिया व पूर्व पंसस समर्थकों के बीच मारपीट


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के पथराबाड़ी पंचायत के मुखिया वसीम राजा व पूर्व पंचायत समिति सदस्य हुमा परवीन के समर्थकों के बीच गुरुवार को मारपीट व छिनतई की घटना घटी। इस सिलसिले में मुखिया गुट में मो. तमन्ना पिता हमीद दर्जी मोहल्ला जोकीहाट बाजार निवासी ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य हुमा परवीन के पति मो. जब्बार, जुबैर व हसनैन को नामजद अभियुक्त बनाते हुए जोकीहाट थानाकांड संख्या 330/11 दर्ज कराया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार तमन्ना अपनी पत्‍‌नी शाहजहां खातुन (शिक्षिका) को स्कूल ले जाने व बैंक के काम से हरदार जाने के क्रम में रास्ते में रोककर जब्बार एवं उनके भाईयों ने तमन्ना व उनके शिक्षिका पत्‍‌नी शाहजहां खातुन को मारपीट किया व पचास हजार रुपये व पासबुक भी छीन लिया।
दूसरी ओर पथराबाड़ी के पूर्व पंसस हुमा परवीन ने पथराबाड़ी के मुखिया वसीम राजा, तमन्ना, शाहजहां, लंगटू एवं चांद बाबू को आरोपी बनाते हुए कांड सं. 331/11 दर्ज कराया है। मुखिया समर्थकों ने हुमा परवीन को मारपीट, गाली गलौज किया तथा छह हजार रुपये तथा सोने का आभूषण भी छीन लिया। घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव व्याप्त है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

उपचुनाव: प्रचार-प्रसार थमा कल पड़ेंगे वोट


नरपतगंज : नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के मात्र एक पंचायत पोसदाहा में मुखिया पद का चुनाव होना है। कुल 16 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। शुक्रवार की शाम से इस चुनाव के लिए प्रचार प्रसार बंद हो गया।
वहीं इस उपचुनाव को लेकर प्रखंड से सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी जागो दास ने बताया कि पोसदाहा पंचायत में कुल 6822 मतदाता है, जिनके लिए कुल 13 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। चुनाव को ले पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।

जारी रहेगा आरटीई एक्ट का विरोध: पीएसए

अररिया : प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गयी शिक्षा का अधिकार एक्ट का विरोध जारी रहेगा। पीएसए के बैनर तले प्राइवेट स्कूल संचालकों ने एक बैठक कर बताया कि संघ पहले से ही स्कूल निबंधन की बात कर रहा है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सूर्यनारायण गुप्ता तथा महासचिव मो. आला मख्तुर मुजीब ने संयुक्त रूप से कहा कि निबंधन के कुछ शर्तो पर हमारा विरोध है। इन्होंने कहा है कि जिस प्राइवेट स्कूल के संचालकों ने निबंधन के लिए आवेदन दिया है, उसके साथ पीएसए का विरोध पत्र संलग्न है। पीएसए का विरोध है। इन्होंने कहा है कि 17 दिसंबर को फारबिसगंज में आयोजित सम्मेलन में विशेष चर्चा होगी। इधर डीईओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एक सौ से अधिक प्राइवेट स्कूलों ने निबंधन के लिए आवेदन दिया है। बताया जाता है कि इसमें से अधिकतर स्कूल संचालक पीएसए के पदाधिकारी हैं तथा आंदोलन में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया था।

अररिया में लगेगी चित्रगुप्त महाराज की प्रतिमा

अररिया : स्थानीय वार्ड नं. 22 के थाना मुहल्ला स्थित चित्रगुप्त मंदिर में 25 वर्षो से भगवान चित्रगुप्त महाराज की प्रतिमा बनवाकर पूजा कराई जा रही है। लेकिन चित्रांश परिवार के लिए खुशखबरी है अब इस मंदिर में शीघ्र ही भगवान चित्रगुप्त महाराज के संगमरमर की प्रतिमा स्थापित होगी। इस संबंध में मंदिर कमिटी के एक सदस्य सागर कुमार ने बताया कि पूरे कोशी जोन में सिर्फ अररिया में हीं 1574 में राजा टोडर मल द्वारा गंगा तट स्थापित चित्रगुप्त भगवान प्रतिमा का प्रतिरूप प्राप्त हो रहा है। सागर कुमार ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी को लेकर आगामी चार दिसंबर को चित्रगुप्त मंदिर परिसर में चित्रांश परिवार के लोगों की बैठक बुलाई गई है।

मारपीट को ले प्राथमिकी


कुर्साकांटा : घर में जबरन घुसकर मारपीट करने एवं सामान व रुपये छिनने का आरोप लगाते हुए
बलचंदा निवासी रहीत महतो की पत्‍‌नी लितनी देवी ने गांव के ही शोभा देवी, तेजनारायण महतों एवं दुखहा महतो के विरुद्ध कुर्साकांटा थाना में कांड संख्या 148/11 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अभियुक्तों ने अकारण घर में घुसकर लूटपाट एवं मारपीट की तथा हाथ की हड्डी तोड़ दी।

व्यापक रूप ले रहा जाली नोटों का कारोबार


भरगामा (अररिया) : भरगामा प्रखंड में जाली नोटों का कारोबार एक बार फिर व्यापक रूप ले रहा है। वैसे पूर्व में प्रशासन के हरकत में आने से पुलिस को कई बड़ी सफलता भी मिली थी तथा काफी हद तक धंधे पर विराम भी लगा था किंतु गुजरते वक्त के साथ यह धंधा एक बार फिर फलने-फूलने लगा है।
हाट-बाजार से लेकर गांवों तक इस तरह के जाली नोटों का जैसे साम्राज्य सा स्थापित है। खासकर पांच सौ और सौ के जाली नोट बड़ी संख्या में देखे जा रहे हैं। असली और नकली का इतना मामूली फर्क होता है कि असली या नकली का फर्क जानने वाले लोग भी आसानी से ठगी के शिकार हो जाते हैं। मालूम हो कि कुछ वर्ष पूर्व भरगामा थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के नेतृत्व में मामले के उद्भेदन के मद्देनजर छापेमारी की गई थी। जिसमें वीरनगर से पुलिस ने 40 हजार के जाली नोट बरामद किया था। संबंधित क्षेत्र की पहली एक बड़ी सफलता थी। अनुसंधान में खुद पुलिस ने कई सफेद पोश की संलिप्ता की संभावना भी स्वीकार की तथा कई राज सामने आए जिसमें धंधेबाजों का तार देश के सीमापार से जुड़ा होना तथा अन्य था। यहां जाली नोट बरामदगी को लेकर पुलिस गुमान में रही और अनुसंधान बीच राह में हीं गुम होकर रह गया। सूत्रों के मुताबिक पुलिसिया कार्रवाई के बाद धंधे पर काफी हद तक विराम लगा, लेकिन गुजरते वक्त के साथ धंधा एक बार फिर पनपने लगा है।

बिजली मिली नहीं, फिर भी आ गया बिल


रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के औराही पश्चिम पंचायत के अहमदपुर गांव में ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। जिससे गांव के लोग बिजली सुविधा से वंचित है। लेकिन विभाग द्वारा हर महीने का बिजली बिल लोगों को मिल रहा है। बिल विपत्र मिलने से ग्रामीण परेशान है।
ग्रामीण मो. हेफाज उद्दीन, मो. नसीमउद्दीन, मो. कलीम, राजेन्द्र पासवान, हरिनंदन शर्मा, जदयू प्रखंड सचिव डा. सरफराज अहमद आदि ने बताया कि राजीव गांधी विद्युत योजना के तहत गांव में पोल, तार भी लगाया गया और 25 केवी का ट्रांसफार्मर भी लगा जो लगने के बाद से ही खराब पड़ा है। बावजूद हमलोगों के नाम बिजली बिल भेजा जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग बार-बार इसकी सूचना लिखित और मौखिक रूप से दी गई है पर फिर भी बिल आ रहा है। जदयू प्रखंड अध्यक्ष मजहर आलम एवं सचिव सरफराज अहमद ने विभाग से इसकी जांच की मांग की है।

नानू बाबा की दंडप्रणाम यात्रा को ले बैठक



कुर्साकांटा (अररिया), : विश्व शांति एवं साम्प्रदायिक सद्भाव को लेकर अररिया काली मंदिर के साधक नानू बाबा का 12 दिसंबर से प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गा मंदिर के महादंड प्रणाम यात्रा को सफल बनाने के लिए हनुमान मंदिर परिसर में एक बैठक आयोजित की गयी। 12 दिवसीय इस महा दंड प्रणाम यात्रा की शुरुआत मरातीपुर स्थित दुर्गा मंदिर एवं हनुमान मंदिर से प्रारंभ की जायेगी। काली मंदिर हाट रोड से दुर्गा मंदिर हत्ता चौक शंकरपुर, बजरंगबली मंदिर, कपरफोड़ा दुर्गा मंदिर होते हुए कबीर मंठ, बघुवा खजूरबाड़ी आदि कई मंदिरों में रात्रि विश्राम करते हुये 24 दिसंबर को बाबा सुंदर नाथ धाम पहुंचकर यात्रा का समापन करेंगे। नानू बाबा का यह 33वां महादंड प्रणाम यात्रा अररिया जिला वासियों के साथ-साथ प्रखंड वासियों के लिए भी सांस्कृतिक उपलब्धि है जो सभी धर्म प्रेमियों के लिए गौरव की बात है। इस बैठक में नानू बाबा के इस यात्रा को सफल बनाने के लिए श्री रमेश गोस्वामी, श्री भोला विश्वास एवं भक्त जनों सिबन पासवान, अरुण मिश्रा, शशि कांत दुबे, अवध बिहारी, शोभाकांत झा, शंकर माली, अखिलेश दास, नंद किशोर, रतन भगत, मंटू सिंह, गंगा यादव, सुभाष दा, संजय दा, श्री कृष्ण आदि उपस्थित थे।

पत्‍‌नी की विदाई कराने आये युवक की ससुराल में हत्या


बथनाहा(अररिया) : जोगबनी थाना क्षेत्र के अमौना ग्राम पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर एक नगरमोड़ा गांव में गुरूवार को अपनी पत्‍‌नी की विदाई कराने आये एक युवक की ससुराल में पीट पीटकर हत्या कर दी गयी। मृतक युवक का नाम मो. दाउद(27 वर्ष) है जो फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मझुआ पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 6 मियांहाट चौरा परवाहा का रहने वाला बताया जाता है।
घटना की जानकारी मिलने पर शुक्रवार की सुबह जब मृतक के परिजन अमौना शव लेने आये तो मृतक के ससुराल वालों ने उसके परिजनों को बेरहमी से पीटा तथा शव ले जाने से रोक दिया।
बताया जाता है कि गांव वाले शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे। मृतक के परिजनों ने बताया कि जब गांव वाले उन लोगो को खदेड़ खदेड़ कर पीट रहे थे उस वक्त जोगबनी थाना पुलिस वहां मौजूद थी। पिटाई में मृतक की विधवा मां एवं अन्य महिलाएं सहित करीब दो दर्जन लोग शामिल है। मृतक के बड़े भाई मो. कैसर, भांजा मो. सोहरान सहित सभी लोगों ने बताया कि उन लोगों की पिटाई स्थानीय मुखिया पति मुन्ना खान के कहने पर पर गांव वालों ने की। बाद में घटना की सूचना मिलने पर मृतक पक्ष के अन्य कई लोग घटना स्थल पर पहुंचे तथा फारबिसगंज के आरक्षी निरीक्षक एमएफ अहमद के नेतृत्व में जोगबनी, बथनाहा एवं फारबिसगंज थाना पुलिस बल द्वारा माहौल को शांत कराया तथा शव को अन्त्य परीक्षण के लिए अररिया भेज दिया। घटना के संबंध में पूछने पर फारबिसगंज के डीएसपी विकास कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी।