Thursday, January 20, 2011

दरिद्रनारायण भोज का आयोजन

अररिया : जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ता श्याम कुमार झा की विगत दिनों दिवंगत हुई माता दमयंती देवी की स्मृति में व उनकी आत्मा की शांति के लिये बुधवार को दरिद्र नारायण भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर सैकड़ों बेबस व नि:सहाय लोगों के बीच भोजन करवाने के बाद कंबल वितरण किये गये।

महादलित विकास मित्र भी चढ़ेंगे साइकिल पर

अररिया : महादलित समुदाय के परिवारों को जागरूक करने के लिए बहार किये गये महादलित विकास मित्र भी अब साइकिल पर चढ़ेंगे। सरकार ने साइकिल के लिए जिला कल्याण विभाग को राशि प्राप्त करा दी है। जिले के 190 विकास मित्र को बुधवार के दिन समाहरणालय में डीडब्लुओ सुशील कुमार मिश्र ने एक बैठक कर साइकिल क्रय के लिए चेक बांटा। उन्होंने इस मौके पर प्रथम चरण के 114, द्वितीय चरण के 44 तथा तृतीय चरण में नियोजित 32 विकास मित्र को मानदेय का चेक भी प्रदान किया। श्री मिश्रा ने बताया कि साइकिल क्रम के लिए प्रति विकास मित्र को दो हजार की दर से प्रथम व द्वितीय चरण के 158 लोगों को चेक प्रदान किया गया है। श्री मिश्र ने इस मौके पर तमाम विकास मित्रों से राशि का हर हाल में साइकिल क्रय करने की अपील करते हुए कहा कि साइकिल खरीदकर शीघ्र विपत्र जमा करें।

एसपी का जनता दरबार आज फारबिसगंज में


अररिया : अररिया के पुलिस कप्तान विनोद कुमार गुरुवार को फारबिसगंज थाना में जनता दरबार लगायेंगे। इस दरबार में जिले के पीड़ितों की बात सुनकर उन्हें न्याय हिलाया जायेगा। यह जानकारी एसपी के हवाले से एसडीपीओ मो. कासिम ने दी।
एसडीपीओ श्री कासिम ने बताया कि पिछले दिनों हुई चुनाव एवं विभागीय कार्य की व्यस्तता के कारण कुछ दिनों से पीड़ितों की व्यथा नही सुनी जा रही थी। लेकिन अब यह सुचारू रूप से चलने लगेगा। उन्होंने बताया कि यह दरबार अब थाना क्षेत्र पर भी आयोजित की जायेगी। दरबार में जिले के कोई भी पीड़ित अपनी समस्याओं को लेकर आ सकते है।

शिक्षा व स्वास्थ्य को बढ़ावा देना जरूरी: डीएम

अररिया : जिले के भूमिहीन 32 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केद्र, 101 स्वास्थ्य उपकेंद्र व 135 प्राथमिक विद्यालय को क्रय कर या सरकारी तथा दान के माध्यम से भूमि उपलब्ध कराने को लेकर बुधवार को डीआरडीए सभा भवन में पंचायत व शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलायी गयी। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी एम सरवणन ने की। इस बैठक में डीएम ने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधा को बढ़ावा देने में जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने मौजूद पंचायत व शहरी क्षेत्र के प्रतिनिधियों से कहा कि जिस समाज में दान देने वाला अधिक होता है उस समाज का विकास तेजी से होता है। डीएम श्री सरवणन ने कहा कि आम लोग स्वयं कम भोजन करें लेकिन अपने बच्चों को शिक्षा जरूर दे। इसके लिए आप सबको सहयोग करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम आप सरकारी जमीन के बारे में जानकारी दे। अगर सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं है तो आप में से कोई स्कूल व स्वास्थ्य केंद्र के नाम भूमि दान करें। दान दाता के नाम पर स्वास्थ्य केंद्र व स्कूल का नाम रखा जाये। डीएम ने यह भी कहा कि दान वाली जमीन मुफ्त में रजिस्ट्री की जायेगी। वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक अहसन ने कहा कि पहले स्कूल की कमी थी। अब भी 135 स्कूल भूमिहीन है। श्री अहसन ने बताया कि एक प्रा. वि. के लिए न्यूनतम 21 डिसमिल जमीन की आवश्यकता है। वहीं डीपीएम रेहान अशरफ ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए 5000 वर्ग फीट व अतिरिक्त प्रा. स्वास्थ्य केंद्र के लिए 15 हजार वर्ग फीट जमीन की जरूरत होती है। मौके पर वरीय उप समाहर्ता नलिन कुमार, अररिया नप की मुख्य पार्षद अफसाना परवीन, जोगबनी नपं अध्यक्ष तरन्नुम नाज, एडीपीआरओ वाईके लाल, एसएस के सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।

एनओसी के अभाव में दो मोबाइल टावर सील

अररिया : नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर लगाये गये अवैध ढंग से मोबाइल टावरों के विरूद्ध कार्रवाई शुरू हो गयी है। बुधवार को नगर कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार एवं अभियान के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी कौशल किशोर रश्मि ने खरैया बस्ती स्थित एयरटेल तथा टाटा इंडिकाम मोबाइल टावर को सील किया। इन टावरों के मालिकों द्वारा नगर परिषद को अब तक एनओसी उपलब्ध नहीं कराया है। नप कार्यपालक श्री कुमार ने बताया कि शहर में विभिन्न कंपनियों के 34 टावर लगे हुए है। इन टावरों की जांच के लिए चार दिवसीय अभियान चलाया जाना है। उन्होंने बताया कि पिछले माह सभी टावर कंपनियों को एनओसी लेने का निर्देश दिया गया था। श्री कुमार ने बताया कि टावर कंपनी के साथ साथ जमीन मालिकों पर भी कार्रवाई की संभावना है। चूंकि जमीन मालिक नगर परिषद को बिना जानकारी दिये ही व्यापार के दृष्टिकोण से टावर कंपनी को अपने जमीन पर स्थापित करने की अनुमति दी जो अवैध है। श्री कुमार ने बताया कि शेष टावरों के विरूद्ध जल्द कार्रवाई की जायेगी तथा उन्हें दंड स्वरूप जुर्माना किया जायेगा।

विधिक जागरूकता शिविर में दी जानकारी

अररिया : अदालत परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार में बुधवार को लोगों के स्वास्थ्य, उपचार एवं सेवा विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं ने मौजूद लोगों को इस ओर जागरूक होने के लिए विस्तृत प्रकाश डाला। जागरूकता शिविर की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम उमेश चन्द्र मिश्रा ने की। इस अवसर पर फास्ट ट्रैक कोर्ट तृतीय के न्यायाधीश वाईएन लाल श्रीवास्तव ने सरकार द्वारा जनहित में मुहैया कराये गये स्वास्थ्य सुविधा की चर्चा करते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। वहीं प्राधिकार के सचिव सह सब जज अजीत कुमार सिंहा ने इस शिविर की महत्ता पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुहैया करायी गयी सुविधा को आम लोगों को उपयोग करना चाहिये। खासकर उन्होंने इण्डियन कल्चर की चर्चा करते हुए कहा कि हर गांव, प्रखंडों में सरकारी अस्पताल तो खोले गये है, बावजूद गर्भवती महिलायें व छोटे बच्चे के साथ हो रही असायिक घटनायें ज्यादा हैं। जब कि इस सुविधा का लाभ लेने से बीमारियों पर काबू पाया जा सकता है। इसलिये हर लोगों को स्वास्थ्य उपचार लाजमी है।
एडीजे प्रथम श्री मिश्रा ने नीम, हकीम खतरे जान की चर्चा करते झोला छाप डाक्टरी से सचेत होने पर प्रकाश डाला तथा सरकारी स्वास्थ्य सुविधा के प्रति लोगों को जागरूक किया। अधिवक्ता मो. अकरम हुसैन ने महिलाओं की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर फास्ट ट्रैक कोर्ट के न्यायाधीश, सीजेएम सत्येन्द्र रजक, मुंसिफ रवि कुमार, समेत अन्य न्यायिक दंडाधिकारी व अधिवक्ता वीणा झा, रीता घोष, प्रभा कुमारी, पूनम कुमारी, सुधा कुमारी, विनोद प्रसाद, एलपी नायक, संघ के सचिव अमर कुमार व चिकित्सक मो. माईन आदि ने अपने विचारों को रखे।

अधिवक्ताओं ने दी बधाई

अररिया : जिला बार एसोसिएशन अररिया के चुनाव संपन्न होने के बाद अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई के साथ कर्तव्य बोध भी कराया। वहीं चुनाव दंगल में उतरे अधिवक्ता ने भी एक-दूसरे से मिलते रहे। संघ के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण यादव तथा महासचिव चन्द्रशेखर सिंह ने चुनाव नतीजे निकलने के बाद संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी है।

मनरेगा के प्राक्कलनों की क्रास चेकिंग शुरू


अररिया : भारत सरकार के ग्रामीण विकास विभाग मंत्रालय द्वारा मनरेगा कार्यो के लिए नये दिशा निर्देश प्राप्त होने के बाद योजना के प्राक्कलनों की क्रास चेकिंग डीएम की उपस्थिति में बुधवार को आरंभ की गई। जिले के नौ प्रखंडों के पीओ, जेई को डीआरडीए सभा भवन, समाहरणालय स्थित आत्मा कक्ष व एसजीएसवाय प्रशिक्षण भवन में तीन-तीन प्रखंड को बांट कर चेक स्लिप के माध्यम से जांच शुरू हुई। डीआरडीए सभा भवन में स्वयं डीएम एम. सरवणन, एनईपी निदेशक विजय कुमार उपस्थित थे। इस दौरान डीएम ने कहा कि प्रत्येक प्राक्कलन के साथ मानव दिवस का मस्टर रोल दर्शाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि मानव दिवस की संख्या बिल्कुल स्पष्ट होनी चाहिए। श्री सरवणन ने बताया कि क्रास चेकिंग के बाद प्रत्येक पृष्ठ पर मोहर लगायी जायेगी। वहीं एनईपी निदेशक श्री कुमार ने कहा कि संबंधित पीओ अपने प्रखंड के चिन्हित गांव का नाम शीघ्र उपलब्ध करायें। ताकि गांवों की सूची नेहरू युवा केन्द्र को दी जा सकें। इस मौके पर आरईओ वन के कार्यपालक अभियंता यूके मिश्रा, टू के मनोज कुमार, पीओ स्वतंत्र कुमार आदि उपस्थित थे। वहीं आत्मा कक्ष में परियोजना अर्थशास्त्री मनोज कुमार, प्रशिक्षण भवन में लेखा पदाधिकारी मुकेश कुमार ने जांच की समीक्षा की।

Wednesday, January 19, 2011

तीन गोल्ड प्राप्त कर किया जिले का नाम रोशन

फारबिसगंज(अररिया) : हैदराबाद में आयोजित भारत स्काउट व गाइड के 16 वें राष्ट्रीय जम्बृरी में अररिया जिले के स्काउट और गाइडों ने अपना जलवा दिखाया। भारत स्काउट और गाइड के जिला संगठन आयुक्त वैद्यनाथ साह के नेतृत्व में अररिया जिला के 15 स्काउट, 8 गाइड एवं एक स्काउटर ने भाग लेते हुए तीन गोल्ड, सत्रह सिल्वर तथा दो कास्य मेडल प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है।
श्री साह ने बताया कि विगत चार जनवरी को इस जम्बूरी का उद्घाटन आंध्र प्रदेश के महामहिम राज्यपाल द्वारा किया गया था। यह नौ जनवरी को संपन्न हुआ जिसमें भारत के बाईस हजार स्काउट गाइड के अलावा नेपाल, बांग्लादेश और फ्रांस के स्काउट गाइडों ने भी भाग लिया। बताया कि अररिया जिला से दो स्काउट अक्षय कुमार और टुनटुन साह तथा एक गाइड जुली मल्लिक को गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ। जबकि अजय गोस्वामी, अब्दुल वहाव, नसीम, निरंजन, इमरान, अविनाश, भारतेंदु, विक्की कपाड़िया, कन्हैया कुमार, सूरज पटवा, पूजा भगत, जूही, कविता मेहता, दीपा कुमारी, कविता राय, जहांआरा और बीबी जुलेखा को सिल्वर मेडल तथा अमित भारती और नीरज कुमार को ब्राज मेडल से नवाजा गया। वहीं भाग लेने वाले सभी को प्रमाण पत्र, बैग, टार्च आदि दिये गये। स्काउट और गाइड के इस बेहतरीन प्रदर्शन पर जिला मुख्य आयुक्त सुरेन्द्र मिश्र एवं सचिव विंदेश्वरी प्रसाद मेहता ने बच्चों को बधाई दी।

भू अर्जन की ढिलाई से लटका एसएसबी कैंप निर्माण

अररिया : अररिया प्रखंड अंतर्गत बैरगाछी में प्रस्तावित सशस्त्र सीमा बल के 28वीं बटालियन के मुख्यालय निर्माण का मामला भू अर्जन विभाग के विलंब के कारण अधर में लटका दिख रहा है। नेपाल की सीमा से सटे अररिया जिला कई तरह के आपराधिक गतिविधियों से त्रस्त रहता है। कभी अनाज तस्करी की जाती है तो कभी हथियारों का जखीरा इस पार-उस पार होता है। अधिकांश बड़े घटनाओं के बाद आपराधिक प्रवृति के लोग नेपाल की तरफ भागते हैं।
जानकारी के अनुसार कैंप निर्माण के संबंध में पिछले पांच वर्षो से कार्रवाई की जा रही है। लेकिन सूत्रों की माने तो कुछ सफेदपोश इस निर्माण के विरोध में अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। लेकिन गृह मंत्रालय व रक्षा मंत्रालय बैरगाछी में कैंप निर्माण के लिए सकारात्मक रुख अख्तियार किये हुए है। इसी का नतीजा है कि सोमवार को एसएसवी के डीजी आर के शुक्ला, आईजी अमित मिश्रा, डीआइजी एल के गोहाई समेत कई अधिकारियों ने बैरगाछी पहुंचकर चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया।
प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए 132 व्यक्तियों का कुल 74.299 एकड़ जमीन चिन्हित किया गया है। जिला भू अर्जन कार्यालय के अनुसार जमीन अधिग्रहण की स्वीकृति के लिए भू अर्जन अधिनियम 7(17) के तहत राच्य सरकार के पास भेजा गया है। बताया जाता है कि वर्ष 2010 के जुलाई माह में भी विभाग को पत्र भेजा गया है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर डीएम ने विगत 27 दिसंबर 10 को पुन: स्मार पत्र भेजकर स्वीकृति देने का अनुरोध किया है। कैंप निर्माण व मुआवजा के लिए पिछले तीन वर्षो से 9 करोड़ 9 लाख 48 हजार 595 रुपये जिला को प्राप्त है। परंतु बताया यह जा रहा है कि धारा 7(17) के तहत स्वीकृति मिलने के बाद ही मुआवजा दिया जायेगा।
जानकारी के अनुसार मुआवजा का निर्धारण डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी की बैठक में तय होगा। इस कमेटी में एडीएम, एसडीओ, डीएलओ, रजिस्टार व सीओ भी रहेंगे। अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक कैंप निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। 132 व्यक्तियों का 74.30 एकड़ जमीन जो चिन्हित की गई है। इसका मुआवजा का भुगतान कब तक किया जायेगा।

स्कूली बच्चों के बीच बंटी पोशाक राशि

जोगबनी (अररिया) : राजकीय मध्य विद्यालय में समारोह आयोजित कर स्कूली बच्चों के बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री पोशाक राशि का वितरण किया गया। इस मौके पर फारबिसगंज विधायक के प्रतिनिधि के रूप में दक्षिणेश्वर राय उर्फ पप्पू मौजूद थे।
इस मौके दक्षिणेश्वर राय उर्फ पप्पू ने कहा कि शिक्षा के प्रति नीतीश सरकार काफी सजग है। यही कारण है कि शिक्षा की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। खासकर बालिका शिक्षा का स्तर काफी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने साइकिल एवं पोशाक दे उनके मन में शिक्षा के प्रति रुचि पैदा किया है। इस योजना से जो बच्चियों स्कूल से दूर थी, अब वो भी स्कूल में दाखिला ले शिक्षा अर्जन में लग गयी है। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अनवर राज ने कहा मुख्यमंत्री पोशाक योजना काफी कामयाब है। इससे बच्चियों में शिक्षा के प्रति रूझान पैदा होगा।
इस मौके पर जदयू नगर अध्यक्ष रामावतार शर्मा, भाजपा के मनोज झा, वार्ड पार्षद विभा देवी, विद्यालय के प्रभारी प्रकाश चन्द्र विश्वास, श्याम साह, श्यामानंद साह, राजीव सिंह एवं शंकर गुप्ता सहित स्कूल के बच्चे मौजूद थे। इस संबंध में प्रभारी प्रधानाचार्य श्री विश्वास ने बताया कि पोशाक राशि कक्षा 6,7 एवं 8 के छात्राओं एवं 3 से 5 के छात्र-छात्राओं के बीच वितरण किया जा रहा है।

परवाहा हाट में आग लगने से लाखों का नुकसान

फारबिसगंज(अररिया) : प्रखंड के परवाहा हाट में रविवार की देर रात अगलगी की घटना में खाद की एक दुकान सहित पाट का एक गोदाम जलकर खाक हो गया। इस घटना में करीब छह लाख रूपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान बताया जाता है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर अग्निशामक वाहन जिला मुख्यालय से तथा फारबिसगंज पुलिस परवाहा हाट पहुंची। जिसके बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया गया जिससे अन्य दुकानों को खाक होने से बचाया जा सका। हालांकि अग्निशामक के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों के सहयोग से बहुत हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया था। घटना में व्यवसायी मंडी परवाहा हाट की दर्जनों दुकान जलने से बाल-बाल बच गयी। अगलगी में हरि नारायण मेहता की खाद दुकान में तीन लाख तथा मुरली साह के पाट गोदाम से तीन लाख रूपये से अधिक का समान जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय दुकानदारों तथा ग्रामीणों की आशंका है कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा व्यवसायियों को नुकसान पहुंचाने के लिए रात के अंधेरे में जानबुझ कर आग लगायी गयी है। मालूम हो कि एक सप्ताह पूर्व ही परवाहा हाट के करीब दस दुकानों में चोरी की घटना के साथ यहां पूर्व से दर्जनों आपराधिक वारदातें हो चुकी है। परवाहा के पूर्व मुखिया मणिकांत ठाकुर ने परवाहा हाट पर हो रही आपराधिक वारदातों को लेकर पुलिस पर शिथिलता का आरोप लगाया है तथा आग लगने की इस घटना की गहन जांच करने की मांग है।

भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित


फारबिसगंज(अररिया) : स्थानीय जेपी सभा भवन में मंगलवार को भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में आगामी पांच फरवरी को पटना में होने वाले कार्यकर्ता सम्मान समारोह की सफलता एवं इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने को लेकर विचार विमर्श किया गया। इससे पूर्व बैठक में उपस्थित भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व जिलाध्यक्ष रमाशंकर प्रसाद गुप्ता, विधायक राजकिशोर केसरी, लतिका रेणु और श्यामानंद मिश्र के निधन पर दो मिनट का मौन रखा। बैठक में प्रदेश मंत्री ब्रजेश रमण सहित अन्य वक्ताओं ने कार्यकर्ता सम्मान समारोह में भागीदारी को ले अपने अपने विचार व्यक्त किये। बैठक में मुख्य पार्षद वीणा देवी, रेणु वर्मा, महिला सेल की जिलाध्यक्ष नीलिमा साह, मंडल महामंत्री इंदू देवी, जिप उपाध्यक्ष शंभू प्रसाद साह, मनचन केसरी, जिला उपाध्यक्ष मो. नसीमुद्दीन, रामराज गुप्ता, नागेश्वर ठाकुर और उमानंद राय, मंडल अध्यक्षों में रघुनंदन प्रसाद साह, राजकुमार झा, शंकर सिंह, कलानंद सिंह, संजय सिन्हा, विनोद वर्णवाल, नंदलाल मंडल, और अशोक सिंह, उद्योग मंच के सीताराम जायसवाल, संतोष सुराना, जिला प्रवक्ता अविनाश कुमार सिंह, संतोष मंडल, सुरेन्द्र झा, गोपाल कुमार सोनू, प्रदीप कन्नौजिया, पंकज कुमार साह आदि उपस्थित थे।

फोटोस्टेट वालों की हड़ताल से परेशानी

अररिया : नगर फोटो स्टेट दुकान संघ अररयिा द्वारा बढ़ती महंगाई को देखते हुए फोटो स्टेट की दरें बढ़ाने को लेकर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार से दो दिवसीय दुकान बंद की शुरूआत की। सोमवार को शहर के तमाम फोटो स्टेट की दुकानें बंद होने से आम लोगों को खासकर कोर्ट, रजिस्टरी आफिस एवं सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। आंदोलन की रूप रेखा तैयार करने को लेकर सोमवार को संघ की एक बैठक भी आयोजित की गयी। बैठक में बढ़े हुए पेट्रोल, डीजल की मूल्य वृद्धि को लेकर फोटो स्टेट की दरें प्रति कापी बढ़ाने का निर्णय लिया। मंगलवार को भी दुकानें बंद रखी गयी।
बैठक में आफताब आलम, मो. जमील, सुमित कुमार, नौशाद आलम, विनोद गुप्ता, विजय कुमार, ईश्वर प्र. गुप्ता, विकास कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

लूटी गयी मोटर साइकिल बरामद

जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के गिरदा पंचायत के दर्शना गांव में सोमवार की रात ग्रामीणों द्वारा लोकनृत्य के दौरान आग्नेयास्त्र से लैश लगभग एक दर्जन अपराधियों ने ग्रामीणों को धमकाना शुरू किया। ग्रामीणों के विरोध करने पर अपराधी मोटर साइकिल नंबर बीआर- 37बी-3263 छोड़ कर भाग निकले। इस बीच ग्रामीणों ने जोकीहाट थानाध्यक्ष मो. जुल्फिकार को सूचना देकर घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह मोटर साइकिल केसर्रा पंचायत के बैरगाछी गांव के निकट अपराधियों ने दो दिन पूर्व हरिराही गांव के चंदन कुमार से लूटी गयी थी।

खाद्यान्न का बोरा उतार रहे तीन मजदूर जख्मी

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज स्थित बिहार राज्य भंडार निगम के गोदाम में सोमवार को खाद्यान्न का बोरा उतार रहे करीब तीन मजदूर इन बोरों के चपेट में आ गये। बोरा मजदूरों के शरीर पर गिर गया जिस कारण तीनों मजदूर बुरी तरह जख्मी हो गये। बाद में बोरा को हटाया गया और मजदूरों को निकाला गया जिससे उसकी जान बचायी जा सकी। इलाज के लिए मजदूरों को रेफरल अस्पताल में भर्ती किया गया है।

कल मिलेगी राशि

अररिया : आपदा प्रबंधक विभाग द्वारा जिले के वृद्धा विधवा, विकलांग व असाध्य रोग से पीड़ित व्यक्तियों को दी जा रही सुखाड़ सहायता की 600 की राशि से वंचित व्यक्ति को अब राशि 20 जनवरी को दी जायेगी। यह जानकारी जिला नजारत उप समाहर्ता नरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि निर्धारित तिथि को प्रखंड में कैंप लगाकर राशि वितरित की गई। शिविर में जो भी लोग राशि नहीं ले पाये है उन्हें 20 जनवरी को प्रखंड मुख्यालय में राशि दी जायेगी।

छात्रों के बीच 2.50 लाख की राशि वितरित

कुर्साकांटा (अररिया), : प्रखंड कार्यालय परिसर में मुख्य मंत्री पोशाक योजना एवं छात्रवृति योजना के तहत मंगलवार को 2 लाख 50 हजार रूपये वितरित किये गये। विभिन्न विद्यालयों के छात्र एवं छात्राओं को पोशाक हेतु 1 लाख 50 हजार एवं छात्रवृति के रूप में 1 लाख की राशि छात्र एवं छात्राओं के बीच वितरित किये गये। मौके पर प्र. कल्याण पदाधिकारी संजय पासवान, मुशरी यादव, ब्रह्मानन्द पासवान आदि अनेकों अध्यापक एवं छात्रागण मौजूद थे।

आग लगने से दुकान जलकर राख

रेणुग्राम(अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के सिमराहा बाजार के हाजी उस्मान मार्केट स्थित एक मनिहारा दुकान में सोमवार की रात्रि आग लगने से दुकान जलकर राख हो गया। इस घटना में में दुकान में रखा मनिहारा का सारा समान जल गया। पीड़ित दुकानदार मो. नईमउद्दीन ने बताया कि इस घटना में दो लाख से अधिक का समान जल गया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। घटना रात्रि नौ बजे की है। इधर, पीड़त द्वारा घटना की सूचना सिमराहा थाना को दे दी गयी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है

एसएसबी ने जब्त किया तस्करी का 350 बोरा प्याज

जोगबनी(अररिया) : तस्करी के माध्यम से नेपाल जा रहे लगभग आठ लाख रूपये मूल्य के 350 बोरा प्याज को गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी जोगबनी ने जब्त कर कस्टम को सौंप दिया। घटना मंगलवार की सुबह पीलर संख्या 179/2 के पास की है।
जानकारी अनुसार देश में प्याज के बढ़ते मूल्य को देखते हुए सरकार ने प्याज के निर्यात पर जहां रोक लगा दिया है वहीं तस्करों द्वारा भारी मात्रा में प्याज तस्करी के माध्यम से नेपाल भेजा जा रहा है। गुप्त सूचना मिलते ही एसएसबी की 40 वीं बटालियन, एसआई आरपी वर्मा के नेतृत्व में पीलर संख्या 179/2 के पास जवानों के साथ पहुंचा तो ठेलों पर प्याज नेपाल जा रहा था। जब तक गाड़ी वहां पहुंची तक ठेला चालकों ने प्याज को जमीन पर गिराकर ठेला सहित भाग खड़ा हुआ। सभी प्याज के बोरों को एसएसबी वाहन एवं निजी वाहनों से कैंप पर लाया गया जहां सूची बनाकर कस्टम को सौंप दिया गया है। जब्त 350 बोरा प्याज की अनुमानित मूल्य आठ लाख रूपये आंकी गयी है। मौके पर प्रभारी के साथ सीएचएम यूएस देवली सहित सशस्त्र जवान मौजूद थे।