Friday, January 21, 2011

द्वितीय चरण की जनगणना को लेकर प्रशिक्षण आरंभ

अररिया : भारत की जनगणना 2011 के द्वितीय चरण को लेकर गुरूवार को उच्च विद्यालय में शहरी क्षेत्र के प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आरंभ हुआ। नगर परिषद क्षेत्र के 29 वार्डो के तमाम ब्लाक के लिए प्रतिनियुक्त प्रगणकों को द्वितीय चरण के जनगणना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। प्रशिक्षक के रूप में दीपक नाथ तिवारी, रामचंद्र सिंह व नप के सत्यनारायण मंडल मौजूद थे। प्रशिक्षण में प्रशिक्षकों ने कहा कि द्वितीय चरण की गणना 9 से 28 फरवरी तक होगी। इस अवधि में किये गये गणना की जांच एक से पांच मार्च तक किये जाने की जानकारी दी गयी। प्रशिक्षक ने कहा कि प्रगणक होना आपके लिए गौरव की बात है। इसलिए गणना का कार्य आपको निष्ठा से पूरा करना होगा। इस दौरान प्रगणकों को बताया गया कि एक ब्लाक में 120 से 150 परिवार होंगे। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि गणना के दौरान समयावधि का पूरा ख्याल रखे। मौके पर नप कार्यालय के धर्मनाथ राय समेत दर्जनों शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद थे।

भुगतान को लेकर आशा कर्मियों ने मचाया हंगामा

कुर्साकाटा(अररिया) : गुरूवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा दिवस के अवसर पर आशा कर्मियों की बैठक डा. चंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में बीसीएम हिमांशु कुमार झा ने विभिन्न योजनाओं के तहत बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं आशा कर्मियों ने मुस्कान व प्रसव से संबंधित प्रोत्साहन राशि के लंबित भुगतान को लेकर हो हल्ला मचाया। आशा कर्मी गोदावरी देवी, इंदू, विभा, लीला, रेखा, शोभा, मीना आदि ने बताया कि मुस्कान कार्यक्रम के तहत दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि जनवरी 2009 से लंबित है। वहीं प्रसव के लिए दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि अगस्त 2010 से ही भुगतान नहीं किया गया है। इस बाबत स्वास्थ्य प्रबंधक प्रेरणा वर्मा ने बताया कि भुगतान की प्रक्रिया की जा रही है। जल्द ही भुगतान कर दिया जायेगा। ज्ञात हो कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों को सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संचालन के लिए आशा एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इस कार्य को बेहतर ढंग से पूर्ण करने के उद्देश्य से प्रोत्साहन राशि दी जाती है। लंबे समय से भुगतान लंबित रहने से आशा कर्मियों ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सामूहिक रूप से इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही।

तन व मन के विकास के लिए खेल जरूरी : एसडीओ

अररिया : इंसाफ स्पोर्टिग क्लब मौलवी टोला अररिया के सौजन्य से आयोजित इंडो नेपाल व अंतरराज्यीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन बुधवार की शाम टाउन हाल अररिया में हुआ। मुख्य अतिथि एसडीओ डा. विनोद कुमार व विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीजे वाइएनलाल श्रीवास्तव, जितेन्द्र नाथ सिंह व शैलेन्द्र कुमार सिंह रहे। मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डा. विनोद कुमार ने कहा कि शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए खेल जरूरी है। खेल के द्वारा राष्ट्रीय एकता और भाईचारगी का माहौल बनता है। उद्घाटन मैच फैसल एंड पार्टनर व अंकित एंड पार्टनर के मैच खेला गया। जिसमें फैसल एंड पार्टनर ने 15-8 और 15-6 से लगातार दोनों सेट जीत लिया। इस प्रतियोगिता भारत नेपाल, बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश की टीमें भाग ले रही है। प्रतियोगिता का फाइनल मैच 23 जनवरी को खेला जायेगा। इस अवसर पर इंसाफ क्लब के अध्यक्ष हाजी नैयरूज्जमा, उपाध्यक्ष जकीउल होदा और मजहर कलीम आरजू आदि उपस्थित थे। निर्णायक की भूमिका नौशाद आलम ने निभायी।

दो मोटर साइकिलों की टक्कर, चार जख्मी

कुसियारगांव (अररिया) : इस्माइल चौक कलवर्ट के समीप बुधवार की देर शाम दो मोटर साइकिल के टक्कर में चार लोग जख्मी हो गया। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। बेहतर इलाज के लिए एक को पूर्णिया रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार रामपुर मोहनपुर निवासी मो. सलाम, जमाल, साहिल अररिया से अपने गांव रामपुर मोहनपुर जा रहा था विपरीत दिशा से अररिया रहिका टोला निवासी संतोष कुमार पारिक अमहारा से अररिया लौट रहा था कि चौक पर दोनों मोटरसाइकिल में टक्कर हो गयी।

दो पक्षों के बीच मारपीट


कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान नगर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद के कारण दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में दोनों पक्ष से लगभग छह महिला समेत दस लोग जख्मी हो गये जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना थाना को दे दी गयी है।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के रामपुर बुधेश्वरी गांव में मो. नवि द्वारा घेराबंदी करने को लेकर हुई मारपीट की घटना में मो. मुस्तकीम, बीबी रूबेदा, विरजना मसोमात, गुलशन जख्मी हो गयी वहीं नवि समेत पत्‍‌नी बीबी सैफून भी जख्मी हो गयी। दूसरी घटना बासवाड़ी गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में मो. अफसर, बीबी मशिरा, बीबी कैशर जख्मी हो गयी वहीं दूसरे पक्ष से भी जख्मी होने की बात बताई गयी है। जिसका इलाज निजी तौर पर चल रहा है।

झांकी प्रस्तुति को लेकर बैठक


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज नगर परिषद कार्यालय में गुरूवार को 26 जनवरी के अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा निकाली जाने वाली झांकी प्रस्तुति को लेकर बैठक आयोजित की गयी जिसकी अध्यक्षता मुख्य पार्षद वीणा देवी ने की। बैठक में झांकी समिति के सदस्य एवं विद्यालयों के प्रतिनिधि द्वारा निर्णय लिया गया कि झांकी के विषय वस्तु संबंधित विद्यालयों द्वारा तय करते हुए आगामी 24 जनवरी तक झांकी समिति की अध्यक्ष वीणा देवी के समक्ष जमा किया जायेगा।
बैठक में उपमुख्य पार्षद राजकुमार अग्रवाल, संजय कुमार, अमरेन्द्र कुमार, गोविंद मिश्र एमपीएस, राकेश कुमार आईएचएचएस, मोहन साह शिशु भारती, मनीष कुमार, एनएन ठाकुर क.म.वि. गोढि़यारे, संजय कुमार ली एकेडमी, सी कुमार जिला स्कूल, भारती मिश्र बाल मध्य विद्यालय, रेणुका कुमारी प्रा.वि., तेजबहादुर सिंह द्विजदेनी उ.वि., एसएन गुप्ता सीवी रमण, नागराम काहा एसएसबी, अनिल गिरी, शिशु शिक्षा सदन के प्रतिनिनिधि उपस्थित थे।

कचहरी सचिवों को दो साल से नहीं मिला मानदेय

बसैटी (अररिया)  रानीगंज प्रखंड के ग्राम कचहरी सचिवो को विगत दो वर्षो से मानदेय का भुगतान नही होने के कारण उसके समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। संघ के प्रखंड अध्यक्ष माधव कुमार, सुबोध कुमार, साजिया तबस्सुम, शमशाद आलम आदि ने बताया कि सरकारी उदासीनता के कारण ग्राम कचहरी के सचिवों को मान्य देय का भुगतान नहीं किये जाने से मानसिक रूप से प्रताड़ित होना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र जिला प्रशासन व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मान्य की भुगतान की मांग की है।

Thursday, January 20, 2011

मनरेगा: एनवाईके कर्मी करेंगे 30 राजस्व ग्राम में मानीटरिंग


अररिया : महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत चलने वाली स्कीमों का मानिटरिंग नेहरू युवा केन्द्र के युवा कोर व युवा क्लब के सदस्य करेंगे। इस मायने का निर्देश केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने दिया है। मनरेगा के तहत चलने वाली स्कीमों की जांच एनवाईके द्वारा करने संबंधी निर्देश प्राप्त होते ही जिला स्तर पर योजना चयन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। जिले के नौ प्रखंडों के 360 राजस्व गांवों में इसकी शुरूआत की जायेगी। प्रथम चरण के इस अभियान की शुरूआत 25 जनवरी से होगी। साथ ही इसका समापन की अवधि अगस्त माह निर्धारित की गयी है। नेहरू युवा केन्द्र के युवा कोर व युवा क्लब के सदस्य अब गांव-गांव जाकर लोगों से रोजगार के तरीके जानेंगे। इस दौरान वे लोग जॉब कार्ड की जांच भी करेंगे तथा बिना जॉब कार्डधारी व्यक्ति के नाम एकत्र कर जिला को देंगे। डीआरडीए से मिली जानकारी के अनुसार एक गांव में 5 से 10 लाख तक की एक या दो योजनाओं का चयन किया जायेगा। चयनित योजनाओं के लिए तैयार प्राक्कलन व मास्टर राल आदि चेक लिस्ट के आधार पर क्रास चेकिंग काराया जायेगा। यह चेकिंग का कार्य मनरेगा छोड़ तमाम विभागों के अभियंता करेंगे।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्राप्त निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि अब लोगों को उनके इच्छानुसार रोजगार दिया जायेगा। इस क्रम में एनवाईके कर्मी गांव-गांव घूमकर जॉब कार्डधारी से कैसे रोजगार में उनकी रची है यह एक करेंगे। साथ ही गांव में प्राथमिकता के आधार पर कौन की योजना की जरूरत है उसी ग्रामीण से पूछेंगे। 25 जनवरी से अगस्त माह तक चलने वाली इस योजना अभियान में तकरीबन 36 करोड़ रूपये खर्च करने का लक्ष्य है। डीआरडीए मनरेगा के परियोजना अर्थशास्त्री मनोज कुमार ने बताया कि एनवाईके कर्मी गांव में मनरेगा के लिए जागरूकता फैलाने के साथ साथ विभागीय निर्देशों का पालन करेंगे।

स्वास्थ्य चेतना शिविर 26 से

सिकटी(अररिया) : राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रखंड के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर स्वास्थ्य चेतना शिविर का आयोजन 26 जनवरी के अवसर पर आरंभ किया जायेगा जो 24 फरवरी तक चलेगा। इसकी जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. जमील अहमद ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य स्वच्छता से संबंधित जानकारी गर्भवती माताओं की जांच, पोषण की जानकारी, स्वच्छता समिति के कार्य योजना की जानकारी दी जायेगी। 26 जनवरी को एपीएचसी बरदाहा एवं भूताहा, 27 जनवरी को स्वास्थ्य उपकेंद्र उफरैल चौक, 29 जनवरी सैदपोखर, 3 फरवरी को पोठिया, 5 फरवरी तीरा, 7 फरवरी परमसिया, 10 फरवरी खोरागाछ, 12 को मसुंडा, 14 डैनिया, 17 रानी पुल चौक डेढुआ, 19 फरवरी कासत, 21 को सालगोड़ी एवं 24 फरवरी 2011 को बेंगा स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र पर स्वास्थ्य चेतना शिविर आयोजित की जायेगी। सभी शिविरो में चिकित्सक के अलावा एएनएम, सेविका, आशा एवं ममता स्वास्थ्य कार्यकर्ता मौजूद रहेगी। प्रभारी ने बताया कि इससे पूर्व सभी एएनएम को भी एचएचसी की बैठक आयोजित कर कार्य योजना बनाने के निर्देश दिया जा चुका है। प्रचार प्रसार के लिए शिविर के पूर्व स्कूली छात्रों द्वारा रैली निकालने के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सहयोग करने के लिए सूचित किया गया है। इसके अलावा शिविर के दिन स्वयंसेवी संगठन मानव एवं बाल विकास समिति अररिया द्वारा स्कूलों में छात्र छात्राओं के स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने की व्यवस्था की जायेगी।

यूरिया की कमी से किसान परेशान, गेहूं की खेती प्रभावित

सिकटी(अररिया) : प्रखंड क्षेत्र किसानों को यूरिया नहीं मिलने से जहां किसान काफी परेशान हैं वहीं गेहूं की फसल काफी प्रभावित हो रही है। बरदाहा स्थित खाद व्यवसायियों बताते हैं कि डीलरों द्वारा पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलन से किसानों को यूरिया नहीं मिल रहा है। खाद के लिए किसानों की लंबी लाईन सुबह से ही लग जाती है। यूरिया खाद जहां किसानों को तीन सौ पच्चीस रूपये प्रति बोरा के हिसाब से मिलना चाहिए, प्रखंड क्षेत्र के किसानों को 375-380 रूपये प्रति बोरा के हिसाब से मिल रहा है। प्रखंड क्षेत्र में खाद दुकानदारों द्वारा पहचान पत्र की फोटो काफी लेकर ही यूरिया खाद दिया जाता है। जिससे किसान काफी परेशान हैं। किसानों ने बताया कि यदि इस तरह की समस्या रहा तो लाचार होकर खेती छोड़ना पड़ेगा। किसानों ने जिलाधिकारी से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग किया है। ताकि गेहूं की खेती प्रभावित न हो सके।

भूमि अधिग्रहण नहीं करने का आग्रह

अररिया : अररिया जिला युवक कांग्रेस के नेताओं ने प्रमंडलीय आयुक्त को पत्र लिखकर 28 वीं बटालियन एसएसबी के लिए भूमि अधिग्रहण नहीं करने का आग्रह किया है। नेताओं ने पत्र में तर्क दिया है कि पूरी भूमि गरीबों की है। पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में विस उपाध्यक्ष मुर्शरफ रेजा, असलम रहमानी, मो. शमीम अख्तर, मो. इमरान, गालिब, मो. इकबाल, संतोष झा, मनोज सिंह, राजेश मंडल, साकिर आलम आदि शामिल है।

इंदिरा आवास मामलों का शीघ्र करें निष्पादन : डीआईजी

जोकीहाट(अररिया) : पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआईजी अमित कुमार ने बुधवार को जोकीहाट थाना पहुंचकर सभी लंबित काडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिया। श्री कुमार ने खासकर इंदिरा आवास गबन मामले में विभिन्न बिंदुओं पर गहरायी से अनुसंधान का निर्देश दिया। उन्होंने इंदिरा आवास गबन के आरोपियों की गिरफ्तारी, अपराधियों के धरपकड़, फरार अभियुक्तों के विरूद्ध कुर्की जब्ती करने, लंबित मामलों का शीघ्र निबटारा, डायरी समर्पित करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीआईजी के साथ मौजूद अररिया एसपी विनोद कुमार ने भी अपराध नियंत्रण को लेकर थानाध्यक्ष को कई निर्देश दिये। इस अवसर पर फारबिसगंज डीएसपी शिव कुमार झा, अररिया डीएसपी बदरे आलम, पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार, टाउन थानाध्यक्ष रामाशंकर सिंह, जोकीहाट थानाध्यक्ष जुल्फिकार मौजूद थे।

नाबालिग का अपहरण

पलासी (अररिया) : प्रखंड के ककोड़वा गांव की बारह वर्षीय नाबालिग लड़की (काल्पनिक नाम) अफसाना का अपहरण किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस बाबत अपहृता के पिता मो.अवेस आलम ने पलासी थाना में पांच लोगों के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज प्राथमिकी में बांडोभ गांव के मो. राजा, मो. ताजउद्दीन व मो. बबलू तथा ककोड़वा गांव के मो. मोजाहिद व मो. अनवार को अभियुक्त बनाया गया है। घटना बीते सोमवार संध्या की बतायी गयी है। दर्ज प्राथमिकी में अपहृता के पिता मो. अवेश आलम ने कहा है कि सोमवार की सायं करीब पांच बजे सभी हथियार से लैस होकर मोटर साइकिल से उनके दरवाजे पर आये और उनकी नाबालिग पुत्री को जबरन उस पर बैठा कर दक्षिण दिशा की ओर भाग निकले। इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

विभिन्न मुद्दों को लेकर पैक्स अध्यक्षों की बैठक

पलासी(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित डाक बंगला प्रांगण में मंगलवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर पैक्स अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गयी, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड पैक्स संघ के अध्यक्ष अशोक झा ने की। मौके पर जिला पैक्स संघ के अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह, मो. शमशाद आलम, मो. मुख्तार आलम, मो. जवादुल हक, सुंदर यादव, उमेश, मो. नौशाद, शोभा विश्वास, राम प्यारे यादव, दयानंद चौधरी, मोजीद आदि मौजूद थे। बैठक में मुख्य रूप से पैक्स को खाद बीज की आपूर्ति पर विचार, वैद्यनाथन कमेटी की राशि पैक्स में न होकर बैंक में जमा, जनवितरण प्रणाली का संचालन पैक्स द्वारा नहीं करने सहित अन्य मुद्दों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गयी।

केंद्र में भ्रष्टाचारियों व घोटालेबाजों का राज: ब्रजेश

अररिया : आगामी पांच फरवरी को गांधी मैदान पटना में होने वाले कार्यकर्ता सम्मान समारोह के निमित्त अररिया पहुंचे प्रदेश मंत्री सह क्षेत्रीय प्रभारी ब्रजेश रमण ने बताया कि वर्तमान केंद्र सरकार में भ्रष्टाचारियों का साम्राज्य है। कामनवेल्थ, टू जी स्पेक्ट्रम सहित कई अन्य घोटाले देश को काफी कमजोर कर दिया है। उन्होंने बताया कि देश में बढ़ती महंगाई से आम जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है। पेट्रोल मूल्य, खाद्य पदार्थ एवं अन्य छोटी छोटी चीजों के मूल्यों में लगातार हो रही वृद्धि से लोगों की आर्थिक स्थिति चरमरा गयी है। महंगाई के इस विकराल परिस्थिति में भी देश के प्रधानमंत्री द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र लिखना हास्यास्पद है। इससे पूर्व उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक कुमार भगत सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक कर सम्मान समारोह की तैयारी का जायजा लिया। क्षेत्रीय प्रभारी श्री रमण ने बताया कि सम्मान समारोह की तैयारी के लिए आगामी 22 फरवरी को कटिहार में एक बैठक आयोजित की गयी है जिसमें अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार एवं किशनगंज के सभी विधायक सांसद एवं जिला पदाधिकारी सम्मिलित होंगे। इस बैठक के माध्यम से बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जागरूक कर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिशा निर्देश जारी किया जायेगा। मौके पर महामंत्री सुरेन्द्र झा, अविनाश कुमार सिंह, गौतम साह, संजय गुप्ता आदि मौजूद थे।

शिक्षकों ने किया वृक्षारोपण

अररिया  : नगर परिषद क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय नोनिया टोला हृदयपुर में शिक्षकों ने एक कार्यक्रम आयोजित कर वृक्षारोपण किया। विद्यालय के प्रधान शिक्षक अमरनाथ मिश्रा उर्फ झड़ी मिश्रा ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार सभी विद्यालयों में वृक्षारोपण किया जाना है। इसी के तहत उनके विद्यालय में भी आंवला, सागवान, आम, नारियल के वृक्ष लगाये गये है। इस अवसर पर शिक्षकों में मोइदुर्रहमान, सुरेन्द्र चौधरी, प्रीती कुमारी सिन्हा, सचिव कामदेव मंडल, अध्यक्ष शोभा देवी, सदल, बीरू मंडल, गुडडु झा आदि मौजूद थे।

वैश्य महासभा ने दी केसरी को श्रद्धांजलि

रेणुग्राम (अररिया) : अररिया स्थित राष्ट्रीय वैश्य महासभा कार्यालय में अररिया जिला राष्ट्रीय वैश्य महासभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता द्वारा एक शोक सभा का आयोजन किया गया जिसमें दिवंगत भाजपा विधायक राज किशोर केसरी को नमन करते हुये श्रद्धासुमन अर्पित की गई। शोक सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष किशुन प्र. भगत ने की। इस मौके पर केदार गोयल, हिरालाल जैन, मुरली प्र. गुप्ता, शिवजी जयसवाल, राजीव भगत, प्रकाश भगत, नन्द लाल भगत, ओम प्रकाश भगत, राजू जयसवाल, शांतिलाल, गणेश अग्रवाल, विनय सिंहा, हीरालाल जैन, पारस नाथ आदि मौजूद थे।

दुकानों का ताला तोड़कर लाखों की चोरी


नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज मुख्यालय स्थित बोल बम चौक के तीन दुकान से मंगलवार की रात्रि चोरों ने ताले तोड़ कर लाखों की संपत्ति चुरा ली। इस घटना से शहर वासी दहशत में हैं। जानकारी के अनुसार अंम्बिका मेडिकल एवं रेडीमेड दुकानों के मालिक बबलू लाल दास के अनुसार बारह हजार नकद एवं चालीस हजार रुपये मूल्य के कपड़े व दवा लेकर चोर चलते बने। वहीं अशोक रेडीमेड में मालिक अशोक राउत का कहना है कि पच्चीस हजार रुपये मूल्य के कपड़े एव पैतीस सौ रुपये नकद चोरों ने दुकान का ताला काट कर चुरा लिया।
इस बाबत थानाध्यक्ष टीपी सिंह का कहना है कि घटना को आस-पास के नये उम्र के लड़कों द्वारा अंजाम दिया गया है जिसकी शिनाख्त जल्द ही कर ली जायेगीI

पूस पूर्णिमा: कोसी किनारे खायी गयी दोस्ती की कसम


रानीगंज (अररिया) : पूस पूर्णिमा में कोसी स्नान का अपना अलग स्थान रहा है। कोसी नदी के किनारे बसे रानीगंज में भी पूस की पूर्णिमा में कोसी स्नान की परंपरा आज भी चली आ रही परंपरा कायम है। क्षेत्र में होने वाले इस लोक पर्व एवं इस अवसर पर कोसी नदी किनारे लगने वाले एक दिनी मेले का इस क्षेत्र में बड़ा ही महत्व है। पूस पूर्णिमा के नाम से होने वाले इस लोक पर्व में घर-घर पकवान खाने और खिलाने की प्रथा है।
सबसे ज्यादा आकर्षण का केन्द्र इस अवसर पर बुधवार को कोसी के किनारे लगने वाला एक दिन का मेला होता है। जहां खास कर कुटीर उद्योग में तैयार सामानों की दुकानें मेले की रौनक होते हैं। लकड़ी से बने सामान चौकी (चारपाई), बैंच, कुर्सी, टेबल, फूस के घरों में लगने वाले खिड़की, दरवाजे, बांस के कमानी से बने टोकरी, सूप, पंखा, डगरा, चटाई आदि की खरीदारी के लिए लोग पूर्व से ही इस मेले का इंतजार करते है। बुधवार को संपन्न हुए इस मेले में लगभग 10-15 लाख रुपये की खरीदारी लोगों ने की। मेले में बुधवार को सबसे ज्यादा खरीदारी लकड़ी के सामानों की हीं हुयी। इस पर्व की पौराणिक कथा की ओर ध्यान दें तो इस अवसर पर नदी किनारे दोस्ती लगाने की भी प्रथा रही है। जब नदी में स्नान कर कोसी नदी की कसमें खा दोस्ती को कायम रखने की भी प्रथा आज भी कायम हैं। दो दोस्तों के बीच फूल माला का आदान प्रदान भी किया जाता हैं। बुधवार को संपन्न हुए इस मेले में सुबह से ही चहल-पहल होनी शुरू हो गयी थी।

विवेकानंद पुरस्कार मिलने पर मुख्यमंत्री को बधाई


अररिया : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को स्वामी विवेकानंद पुरस्कार मिलने से जदयू कार्यकर्ताओं में खुशी व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गत पांच वर्षो में बिहार को गुंडा राज से छुटकारा दिलाकर मुख्यमंत्री श्री कुमार ने जो विकासशील राज्य का दर्जा दिलाया है वह निश्चय ही काबिले तारीफ है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस पुरस्कार से न केवल मुख्यमंत्री बल्कि बिहार वासियों को गौरव प्राप्त हुआ है।
बधाई देने वालों में विधायक सरफराज आलम, प्रखंड अध्यक्ष जियाउल्लाह, महिला अध्यक्ष सविता सिंह, रेशम लाल पासवान, मुख्तार आलम, अशफाक, रीता देवी, उमेश राय, राजा मिश्रा, कैशर, शैलेश सुमन आदि शामिल है।