अररिया : जिला शिक्षा अधीक्षक ने भवन निर्माण की राशि गबन करने के आरोप में कार्रवाई करते हुए दो हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है। डीएसई अहसन द्वारा जारी आदेश के अनुसार मध्य विद्यालय भरगामा के हेडमास्टर देवेन्द्र झा व जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय रहिकपुर के हेडमास्टर सतीश चन्द्र झा को भवन निर्माण राशि गबन के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। श्री अहसन ने बताया कि दो-तीन दिनों में आधे दर्जन और हेडमास्टरों पर कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
Tuesday, March 29, 2011
कार्यशाला में डाकपालों को दी जानकारी
अररिया : ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना को लेकर मंगलवार को मुख्य डाकघर अररिया के प्रागंण में शाखा डाकपालों की कार्यशाला आयोजित की गयी। जिसमें पूर्णिया प्रमंडल के डाक अधीक्षक विभाग चन्द्र सिंह ने इस योजना को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने डाकपालों को निर्देश देते हुए कहा कि डाक योजना के तहत ग्रामीण जीवन बीमा योजना एक स्वर्णिम भविष्य है। मौके पर पूर्णिया से आये कन्हैया लाल टुडू व डाक निरीक्षक महेन्द्र प्रसाद मंडल ने कार्यशाला में योजना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने इस योजना के तहत सरकारी कर कटौती में लाभ होने की भी जानकारी दी। इस अवसर पर अररिया के पोस्टमास्टर, संजय कुमार वर्मा, आरएस के अजय शंकर, सुमन जी, राजेश कुमार, दयानंद जी, शंकर, विधानन्द पासवान, अशोक राय, शंभू मिश्र समेत अररिया के सभी शाखा डाक पाल उपस्थित थे।
नामांकन के दौरान चार वारंटी गिरफ्तार
बसैटी : रानीगंज प्रखंड परिसर में मंगलवार को नामांकन पर्चा भरने आये चार को रानीगंज व बौंसी थाना पुलिस ने चार अलग-अलग कांडों के चार वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। बौंसी थाना क्षेत्र के लकुनवर गांव के फेकन यादव, संजीव शर्मा व रानीगंज थानाक्षेत्र के दिनेश यादव व दुर्गानंद मंडल को पुलिस पूर्व से तालाश कर रही थी।
Monday, March 28, 2011
विराटनगर ने 2 विकेट से जीता टी 20 का फाइनल
कुर्साकांटा (अररिया) : नेताजी सुभाष चन्द्र बोस मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टुर्नामेंट के फाइनल में विराटनगर (नेपाल) की टीम ने कुर्साकांटा को दो विकेट से पराजित कर दिया।
यहां के नेता जी सुभाष स्टेडियम में आयोजित फाइनल में कुर्साकांटा की टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी प्रारंभ की। पारी की शुरुआत कप्तान मृत्युंजय ने चौके-छक्कों की बरसात के साथ शुरू की। पहले 9 ओवर तक यह टीम पूरे जोशो खरोश से खेली। परंतु विराटनगर टीम के मनोज उसके बाद एक तूफान बनकर मैदान में उतरे। उन्होंने लगातार पांच गेंद में पांच विकेट चटका दिये। इससे कुर्साकाटा टीम की कमर टूट गयी तथा टीम के खिलाड़ी 20 ओवरों में 135 रन ही जोड़ पाये।
जबाव में बैटिंग को उतरी विराट नगर की टीम ने 19.1 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन बनाकर इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
निर्णायक मंडल द्वारा विराटनगर के मनोज को मैन आफ द मैच के रूप में चयनित किया गया। वहीं, अजय राजवंशी को मैन आफ द सिरीज का खिताब दिया गया। इस टुनामेंट में बरदाहा, कुर्साकांटा, कुआड़ी, फारबिसगंज एवं विराटनगर कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया। कुर्साकांटा क्रिकेट कल्ब द्वारा आयोजित इस टुनामेंट के फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में सिकटी विधायक आनंदी प्र. यादव थे। हजारों दर्शकों से भरे स्टेडियम में कमेन्टेटर गुलाब सिंह एवं आमीर साहनी ने अच्छा मनोरंजन किया। मौके पर शाहरुख खान, अंजर राजा, लड्डू सिंह, विकास साह, चिंतलाल मंडल, मुस्ताक अली आदि उपस्थित थे।
जोकीहाट: कोई उड़ायेगा पतंग तो कोई करेगा रेल इंजन की सवारी
जोकीहाट (अररिया) : मुखिया, सरपंच, पसंस, वार्ड सदस्य, व वार्ड पंच को जहां चुनाव चिन्ह निर्गत किया गया है, वहीं जिला परिषद सदस्य पद के उम्मीदवारों को निर्वाची पदाधिकारी सदर एसडीओ द्वारा प्रपत्र 9 में चिन्ह निर्गत किया गया है। आयोग द्वारा स्वीकृत चिन्हों में से ही सिंबाल आवंटित किया गया है।
जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र के जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र सं. 24 से कुल 8, 28 से 13, 29 से 5 तथा क्षेत्र सं. 30 से 9 प्रत्याशी मैदान में रह गये हैं। जिसमें क्षेत्र सं. 24 के जिप सदस्य अभ्यर्थी कनीज फातिमा को पतंग, कौशर को लेडी पर्स, गुलशन आरा को लेटर बाक्स, चांद मुसर्रफ को ताला और चाबी, नसीमा खातुन को मक्का, रूही फरजाना को प्रेशर कुकर, शाहीना खातुन को रेल का इंजन व सकुरा को आरी निर्गत किया गया है। वहीं क्षेत्र सं. 28 के प्रत्याशी अनिता देवी को पतंग, आशा देवी को लेडी पर्स, गजाला को लेटर बाक्स, बीबी तसनीम समसी को ताला और चाबी, मनीषा देवी को मक्का, मरयम को प्रेशर कुकर, मेहबूबा खातुन को रेल का इंजन, मेहरून निशां को आरी, राबीया खातुन को कैंची, रूक्मिनी देवी को सिलाई मशीन, रेहाना खातुन को स्लेट, शबाना प्रवीण को चम्मच तथा शाहीना खातुन को स्टूल मिला है। जबकि जिप सदस्य क्षेत्र सं.- 29 से भाग्य आजमा रही तमन्ना खातुन को पतंग, नगमा शारीन को लेडी पर्स, नरगीस को लेटर बाक्स, नाजनीन अख्तर को ताला और चाबी तथा सुकुमारी देवी को मक्का चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। प्रखंड के प्रादेशिक निर्वाचन जिप क्षेत्र सं. 30 के उम्मीदवार गजाला प्रवीण को पतंग, चंदा देवी को लेडी पर्स, जन्नतुल फिरदोस को लेटर बाक्स, नरगिस को ताला और चाबी, नीतू आनंद को मक्का, फरहाना खातुन को प्रेशर कुकर, संजीदा खातुन को रेल का इंजन, समरीन तबस्सुम को आरी व सुलेखा देवी को कैंची दिया गया है।
वारंट तामिला में सुस्ती बरत रही पुलिस
अररिया, : विभिन्न कांडो में आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय द्वारा निर्गत वारंट के तामिला में अररिया पुलिस सुस्ती बरत रही है। पंचायत चुनाव सामने हैं, फिर भी जिले के विभिन्न थानों में 672 वारंट तामिला के लिये धूल फांक रहे हैं। जबकि चुनाव के मद्देनजर पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआईजी एवं पुलिस कप्तान के निर्देश पर साप्ताहिक समकालीन अभियान चलाये जा रहे हैं। बावजूद वारंटियों की संख्या कमने का नाम नहीं ले रही है। रिपोर्ट के मुताबिक नगर थाना में 22, ताराबाड़ी में 22, मदनपुर में 7, बैरगाछी में 15, आरएस में 17, जोकीहाट में 8, महलगांव में 9, पलासी में 57, सिकटी में 40, बरदाहा में 18, फारबिसगंज में 24, सिमराहा 20, जोगबनी में 9, बथनाहा में 5, कुर्साकांटा में 10 सोनामनी गोदाम में 6, कुआड़ी में 5, रानीगंज में 79, बौसी में 18, भरगामा में 35, नरपतगंज में 196, फुलकाहा में 76 एवं घुरना में 19 वारंट तामिला के लिये लंबित है। जबकि न्यायालय सूत्रों के मुताबिक जिले के विभिन्न थानों में आज भी तीन हजार वारंट तामिला के लिये धूल फांक रहे हैं। वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो चुनाव आयोग के डर से थाने की पुलिस वास्तविक आंकड़ों को छुपाती है।
प्रशिक्षण
पलासी: प्रखंड मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य केन्द्र प्रागंण में सोमवार को शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिसमें प्रशिक्षकों ने स्कूली छात्रों को कृमि की दवाई खिलाने की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रशिक्षक डा. जहांगीर आलम, डा. एकबाल हुसैन, स्वास्थ्य प्रबंधक खतिब अहमद आदि मौजूद थे।
अष्टयाम
पलासी: प्रखंड के कासत गांव में ग्रामीणों की सहयोग से आयोजित 96 घंटे का अष्टयाम सोमवार को संपन्न हो गया। यह जानकारी देते हुए अशोक यादव ने बताया कि इस अष्टयाम में 9 कीर्तन मंडली भाग लिया। अष्टयाम को सफल बनाने में जागेश्वर मंडल, सदानंद मंडल, नशीब लाल मंडल, नेतु मंडल की भूमिका सराहनीय रही।
गिरफ्तार
पलासी: रविवार की रात्रि छापामारी अभियान में पलासी थाना पुलिस ने वारंटी नौशाद आलम साकिन कुजरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।
अंधेरे में डूबा फारबिसगंज रेलवे स्टेशन
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पिछले चार दिनों से अंधरे में डूबा है। एक और बिजली की भारी किल्लत चल रही है वहीं दूसरी और स्टेशन पर लगा 125 किलोवाट क्षमता का जेनेरेटर पिछले 23 मार्च से खराब पड़ा है। जिसके चलते शाम होती ही स्टेशन परिसर अंधेरे में डूब जाता है तथा आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि ट्रेनों को पास कराने के लिए स्टेशन पर लगे 50 किलोवाट का एक जेनेरेटर अभी काम कर रहा है जिसका उपयोग स्टेशन पर गाड़ी खड़ी करने के समय तक ही हो रहा है। यात्रियों को टिकट खरीदने से लेकर स्टेशन पर गाड़ी का इंतजार अंधेरे में ही रहकर करना पड़ रहा है। इस बात की पुष्टि स्टेशन मास्टर बीपी यादव ने भी की है। वहीं विद्युत इंचार्ज किशोर कुमार ने शीघ्र ही जेनरेटर ठीक होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि मैकेनिक जेनरेटर को ठीक करने में जुटे हुए है। इधर यात्रियों ने अविलंब बिजली की सुविधा बहाल करने की मांग रेलवे के वरीय अधिकारियों से की है। वहीं यात्रियों ने सहरसा-फारबिसगंज मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों के डब्बों में भी विद्युत आपूर्ती का दुरूस्त करने की मांग की है।
जिप नामांकन: अररिया व रानीगंज से एक एक ने भरा पर्चा
अररिया :सातवें चरण के पंचायत चुनाव को लेकर अररिया में नामांकन के पांचवे दिन सोमवार को चार जिला परिषद क्षेत्रों से कुल सात प्रत्याशियों ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। वहीं रानीगंज प्रखंड के लिए भी सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गयी। नामांकन के संबंध में सहायक निर्वाची पदाधिकारी देवेन्द्र राम ने बताया कि अररिया प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत जिप क्षेत्र सं. 17 से रेखा देवी (पति पं.दयानंद झा), सुलेखा देवी व ममता रानी, क्षेत्र सं. 22 से अब्दुल गफूर, 23 से मो. सरवर आलम, मुजाहिद व अब्दुल अहद ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया है। वहीं रानीगंज के क्षेत्र सं. 19 से राजीव कु. झा ने पर्चा भरा है। अररिया के क्षेत्र सं. 18 में अब तक मात्र दो प्रत्याशियों ने ही नामांकन का पर्चा भरा है। श्री राम ने बताया कि अररिया के लिए नामजदगी की अंतिम तारीख 30 मार्च है।
दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई पीड़िता न्याय के लिए पहुंची थाना
रेणुग्राम (अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र के बेलई पोठिया गांव में एक लड़की के साथ जबरदस्ती कर उसे गर्भवती किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता नीता कुमारी (काल्पनिक नाम) ने स्थानीय थाने में गांव के ही संतोष मंडल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज प्राथमिकी में पीड़िता ने बताया है कि आठ माह पूर्व जब वह कोटा तेल लेने गोगी पोठिया जा रही थी तो रास्ते में गांव के ही संतोष मंडल ने उससे जबरन संबंध स्थापित किया और किसी को नहीं बताने की धमकी दी। इस बीच जब उसके पेट का आकार बढ़ने लगा तो उसने ग्रामीणों को सच बात बताई। तब पंचायत भी बैठी जिसमें संतोष मंडल को शादी करने को कहा गया। लेकिन बाद में पंचों को भी उसने 10 हजार रु. दे दिया और और वह पंजाब भाग गया। तब लाचार होकर वह थाना पहुंची है।
सब कुछ जली गेला हो बाबू..
बसैटी (अररिया) : सब कुछ जली गेला हो बाबू बेटी के शादी के लिये रखला रहे रुपया-पैसा आरो सभे समान जली गेला हे बाबू..। यह चित्कार है रानीगंज प्रखंड के धोबिनियां पंचायत के करंकिया जाम टोला की मसोमात मजीदा, साईदा खातून आदि अग्नि पीड़ितों का, जिनकी जिंदगी भर की कमाई पल भर में ही आग की भेंट चढ़ गई है। शनिवार की मध्य रात्रि को मवेशी घर से उठी आग में गांव के 25 परिवारों के अस्सी घर जलकर खाक हो गये। जिसमें मसोमात मजीदा व सईदा का अपनी बेटी की शादी के लिए रखे 12 हजार तथा दस हजार नगदी समेत शादी का सभी सामान भी जल कर राख हो गये। इस भीषण आग ने गरीब अग्नि पीड़ितों के समक्ष रोटी, कपड़ा व मकान तीनों बुनियादी समस्या एक साथ उत्पन्न कर दी है। हर आने वाले व्यक्ति से मसोमात मजीदा यही सवाल करती है कि अब उसकी बेटी की शादी कैसे होगी। अग्निकांड में दस लाख कि संपत्ति जलने का अनुमान लगाया जा रहा है। अग्निपीड़ितों को देख सभी की आंखें नम हो जाती है। वही पूर्व प्रमुख कौशल्या देवी लोजपा नेता अशोक पासवान, पुतुल राय, मो. रजी आदि ने इन परिवारों को इंदिरा आवास मुहैया कराने की मांग की है।
कम पोशाक राशि दिये जाने पर छात्र एवं अभिभावकों ने किया हंगामा
जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय चकई कन्या में पोशाक राशि कम दिये जाने के कारण छात्रों एवं अभिभावकों ने सोमवार को विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान छात्र एवं अभिभावकों ने प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध नारेबाजी भी की। ग्रामीणों ने इसकी सूचना जिला शिक्षा अधीक्षक मो. अहसन को दी है। उधर,विद्यालय तदर्थ कमिटी के सचिव प्रकाश सिंह ने गड़बड़ी की लिखित शिकायत बीईओ गयासउद्दीन अंसार से भी की है। इस संबंध में डीएसी ने बताया कि मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। वही प्रधानाध्यापिका ने आरोप को बेवुनियाद बताया।
ग्रामीणों का कहना था कि प्रधानाध्यापिका एवं उनके पुत्र मनमाने ढंग से पोषाक राशि विद्यालय में नहीं बांटकर छात्रों के घर जाकर राशि पहुंचाते हैं। ग्रामीणों का कहना था कि छात्रों को 500 के बदले 400 रुपये ही दिये जा रहे हैं। जिससे आक्रोशित छात्रों व अभिभवकों ने सोमवार को विद्यालय पहुंच कर हंगामा मचाया। हालांकि बाद में बुद्धिजीवियों की पहल पर लोग शांत हुए।
पांच घर जल कर राख
पलासी : प्रखंड के बरमाना गांव में रविवार की संध्या आग लगने से लगभग पांच घर जल कर राख हो गये। इस अग्निकांड में कपड़ा, अनाज व अन्य समान सहित करीब डेढ़ लाख संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। अग्निपीड़ितों में मसोमात समसुल, मो. हसन तवरेज व मुर्शिदा खातुन शामिल हैं। इस संबंध में अंचल अधिकारी अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि हल्का कर्मचारी को प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दे दिया है।
विवाहिता लापता
नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पलासी पंचायत के डुमरिया गांव निवासी विवाहिता अजमीरा खातुन (18) एवं संजरी खातुन (21) विगत चार दिनों से लापता है। इस संबंध में अजमीरा के पिता मो. नसीम ने नरपतगंज थाने में आवेदन दिया है।
बच्चों की दी जायेगी कृमि की दवा
नरपतगंज (अररिया), निसं: प्रखंड क्षेत्र में सभी स्कूली बच्चों के बीच कृमि की दवा मुफ्त खिलायी जायेगी। आगामी सात से 11 अप्रैल तक नरपतगंज प्रखंडाधीन सभी सरकारी, गैर सरकारी विद्यालय एवं मदरसा के बच्चों के बीच डी-वर्म कार्यक्रम के तहत कृमी मारने की दवा खिलाई जायेगी। यह जानकारी नरपतगंज स्वास्थ्य प्रभारी डा. योगेन्द्र सिंह ने दी।
ट्रक पलटा,चालक घायल
नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज-फारबिसगंज सड़क मार्ग पर गढि़या के पास बन रहे पुल के पास एक ट्रक सोमवार को पलट गया। जिससे ड्राइवर शंभू राय घायल हो गया। घायल का इलाज नरपतगंज में कराया गया है। ट्रक पाकुड़ से गिट्टी लादकर सुपौल जिला जा रहा था। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का नं.डब्लू 59 ए-0739 बताया गया है।
दुष्कर्म का मामला दर्ज
नरपतगंज (अररिया) : एसपी के निर्देश पर नरपतगंज थानाध्यक्ष ने मधुरा उत्तर पंचायत की एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। दर्ज प्राथमिकी कांड सं. 77/11 में पीड़िता ममता(काल्पनिक नाम) ने बताया है कि गत 25 मार्च की शाम जब वह नरपतगंज रेलवे स्टेशन से लौट रही थी तो आउटर सिग्नल के पास उपेन्द्र साह ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस संबंध में केश के अनुसंधानकर्ता एसआई आई डी पासवान ने बताया किे मामले की जांच की जा रही है तथा दोषी को बख्शा नहीं जायेगा।
फारबिसगंज अनुमंडल में अब दमकल उपलब्ध
फारबिसगंज (अररिया) : अनुमंडल क्षेत्र में लगातार हो रहे अग्निकांड के मद्देनजर जिला प्रशासन ने अनुमंडल मुख्यालय में एक अग्निशामक वाहन उपलब्ध कराया है। अनुमंडल क्षेत्र में अगलगी की घटनाओं के समय अब दमकल को जिला मुख्यालय से बुलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दमकल को फारबिसगंज थाना परिसर में रखा गया है। अगलगी की घटना के समय थाना में सूचना देकर दमकल को बुलाया जा सकेगा। ज्ञात हो कि आग लगने पर जिला मुख्यालय से दमकल को आने में काफी समय लग जाता था। जिससे गांव के गांव स्वाहा हो जाया करते थे। अब दमकल के समय पर पहुंचने से कई घरों को जलने से बचाया जा सकेगा। प्रशासन की इस पहल से लोगों में हर्ष है।
कवियत्री महादेवी वर्मा की जयंती आयोजित
फारबिसगंज (अररिया) : इंद्रधनुष साहित्य परिषद के तत्वावधान में सुप्रसिद्ध कवयित्री महादेवी वर्मा की जयंती समारोहपूर्वक अयोजित की गई। द्विजदेनी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. कमला प्रसाद बेखबर ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित साहित्यकार एवं साहित्य प्रेमियों द्वारा महादेवी वर्मा के तैल चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुआ। फिर उनकी जीवनी पर प्रकाश डालते हुए प्रो. बेखबर, उमाकांत दास, मांगन मिश्र मार्तड एवं एमएल शर्मा ने बताया कि महादेवी जी का जन्म उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद में 26 मार्च 1907 को हुआ था। उन्होंने 1933 में इलाहाबाद वि. विद्यालय से संस्कृत में एमए पास किया। वहीं इंदू कुमारी, हेमंत यादव शशि, कृष्ण सिंह और डा. जगदीश लाल मंडल ने उनकी कृतियों रश्मि, दीपशिखा व पथ के साथी पर चर्चा करते हुए उन्हें आधुनिक युग की मीरा बताया। जबकि विनोद कुमार तिवारी ने कहा कि महादेवी ने सन 1956 में साहित्यकार संसद की स्थापना की भी और साहित्य सेवा के लिए पद्म भूषण, पद्म विभूषण और यामा काव्य ग्रंथ के लिए ज्ञानपीठ पुरस्कार से नवाजी गई। समारोह में कृत्यानंद राय, शशिकांत सिंह, महेन्द्र झा, बिहारी झा, राज नारायण प्रसाद, सुभाष डे, भुवनेश्वर लाल दास, धीरेन्द्र कुमार, शिव नारायण चौधरी, श्री वास सिंह जयकांत झा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में संयोजक मनोज तिवारी थे।
बाक्स के लिए
कवयित्री महादेवी वर्मा जयंती समारोह के मौके पर राम लाल उच्च विद्यालय, हरिपुर डाक के छ: छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इन छात्रों मदन, सुभाष, अमित, अमरजीत, राकेश और नवल किशोर को प्रहसन में उत्कृष्ट अभिनय के लिए द्विजदेनी चेतना समिति के सौजन्य से पुरस्कार प्रदान किया गया।
भूमि विवाद के लेकर मारपीट, चार नामजद
जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के सिसौना पंचायत के अंतर्गत करबैला गांव में रविवार को घटित मारपीट की घटना में एक पक्ष के तिनकौड़ी पोद्दार ने गांव के ही चार लोगों को नामजद करते हुए कांड संख्या 65/11 के तहत प्राथमिकी दर्ज करवायी है। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जाता है। नामजद अभियुक्तों में कल्लू उर्फ कलीम, रशीद, अभीम एवं सौभार शामिल हैं।
प्राथमिकी के अनुसार अभियुक्तों ने सोमवार को तिनकौड़ी पोद्दार एवं उनके पुत्र चंद्रानंद पोद्दार के साथ मारपीट की तथा इस दौरान सोने का चैन एवं सात हजार रुपया छिन लिया। अभियुक्तों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाने की धमकी दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
नामांकन कराने पहुंचे वारंटी गिरफ्तार
बसैटी/रानीगंज : नामांकन के पहले दिन शुल्क जमा कराने पहुंचे विभिन्न थानों के चार वारंटियों को सोमवार को रानीगंज प्रखंड परिसर से रानीगंज, बौसी तथा आरएस की पुलिस ने संयुक्त रूप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जीआर सं. 1065/07 के फरारी बौसी थाना क्षेत्र के रजबेली गांव निवासी सुबोध साहनी, जीआर सं. 1152/01 के वारंटी रानीगंज थाना क्षेत्र के कबीलासा गांव निवासी पूर्व सरपंच बैजनाथ यादव के पुत्र राजेश यादव तथा रानीगंज थाना क्षेत्र के हसनपुर पंचायत के पूर्व मुखिया विनोद यादव तथा आरएस थाना क्षेत्र के एसटी सं. 709/98 के स्थायी वारंटी मटीयारी गांव निवासी मो. हसीब को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सादे लिबास में पुलिस प्रखंड परिसर में वांछित अपराधियों को गिरफ्त में लेने के लिये घूम रही है। वहीं उप समाहर्ता नवीन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रमा राम, रानीगंज व बौसी थाना अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह व टुन-टुन पासवान आदि मुस्तैदी से नामांकन कार्य में जुटे हुए हैं।
सत्तर महिलाओं को मिलेगा ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण
जोगबनी (अररिया) : राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा कौशल विकास कार्यक्रम को ले स्नेह वेलफेयर सोसाइटी द्वारा यूको बैंक परिसर में सोमवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नारी सशक्तिकरण की दिशा में 70 महिलाओं को ब्यूटीशियन के लिए प्रशिक्षित करने को ले स्नेह वेलफेयर को 31 मार्च से अधिकृत किया गया।
इस मौके पर नाबार्ड के डीडीएम एस के झा ने कहा कि महिलाओं में हुनर कौशल का प्रशिक्षण दे स्वाबलंबी बनाना ही इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। इससे महिलाएं स्वरोजगार प्रापत कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकेगी।
इस मौके पर यूको बैंक के शाखा प्रबंधक शशि रंजन जायसवाल, स्नेह वेलफेयर के सचिव अनवर राज एवं वेलफेयर के प्रोजेक्ट डाइरेक्टर राजीव सिंह आदि उपस्थित थे।
ढोलबज्जा से फरार नाबालिग बरामद
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के ढोलबज्जा गांव से बीते दिनों एक नाबालिग लड़की के कथित अपहरण मामले में पुलिस ने लड़की को सोमवार को अररिया से बरामद कर लिया। पूरा मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। बरामद लड़की बीबी सायना को फारबिसगंज पुलिस द्वारा अररिया कोर्ट में प्रस्तुत करने के लिये थाना से भेज दिया गया। जबकि आरोपी युवक सरफराज तथा रकीब अभी भी फरार हैं। अररिया भेजने से पूर्व बरामद लड़की से एसडीपीओ आर के शर्मा द्वारा पूछताछ की गई। ढोलबज्जा निवासी बीबी चुन्नी ने बेटी सायना को सरफराज तथा रकीम द्वारा शादी की नीयत से अपहरण कर लेने का आरोप लगाते हुए फारबिसगंज थाना में 17 मार्च को कांड संख्या 70/11 दर्ज कराया था। सायना ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से सरफराज के साथ गई थी। उसने बताया कि यहां से निकलने के बाद वह सरफराज के साथ पंजाब चली गयी और वहां से लौट कर अररिया के एक मदरसा में उससे निकाह कर लिया है।
ठनका से एक की मौत
फारबिसगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के रेवाही पंचायत अंतर्गत स्वालदह मझुआ गांव में रविवार की रात बारिश के क्रम में ठनका गिरने से 42 वर्षीय अजीम की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि करीब आधा दर्जन महिला-पुरुष को करंट का झटका लगा। इस घटना से मृतक के घर में गहरा शोक व्याप्त है।
बस पड़ाव को ले लगी 11 लाख की बोली
जोगबनी (अररिया) : जोगबनी बस पड़ाव की 2011-12 बंदोबस्ती सोमवार को कार्यपालक पदाधिकारी शिव शंकर सिंह के देख-रेख में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गयी।
बंदोबस्ती में सबसे उंची बोली कुल 11 लाख 3 हजार लगाने वाले मित्रकांत झा को 2011-12 के लिए वसूली हेतु अधिकृत किया गया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष थानाध्यक्ष सहित कई लोग उपस्थित थे। बंदोबस्ती नगर पंचायत परिसर में की गयी।
लड़कियों की शिक्षा समय की मांग: तस्लीम
अररिया : मुख्यालय स्थित अल्पसंख्यक छात्राओं के हाई स्कूल कुल्लीयातुस सालेहात में रविवार को वार्षिक समारोह धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य कमर मसूद ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केन्द्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन मौजूद थे।
मौके पर अपने संबोधन में तस्लीमुद्दीन ने कहा कि आज लड़कियों में शिक्षा समय की मांग बन गई है। बगैर लड़कियों को शिक्षित किए तय समाज के सर्वागीण विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने इस दिशा में विद्यालय के प्रयास की सराहना की। विद्यालय के सचिव मो. मोहसिन ने कहा कि इस विद्यालय में दीनी व असरी तालीम के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा भी दी जाती है। वहीं, श्री मसूद ने कहा शिक्षा अंधेरे से रोशनी की ओर लाती है। शिक्षा के बगैर इंसान दिशाहीन होता है। वार्षिक समारोह में बच्चियों द्वारा तिलावते कलाम पाक, हम्द,्र नात, अकबाल जरी, नज्म, तकरीर, राईम्स, चुटकुले व कौआली आदि
पेश किए गए। जिसमें शाहीन नाज, रासदा प्रवीण, दरखशां प्रवीण, शहीदा फरहीन, ताहिश आदि ने सुंदर
प्रस्तुति की। मंच संचालन विद्यालय की छात्रा नीलोफर जहां, मेहर दरखशां ने किया। मौके पर मो. ताहा अधिवक्ता, प्राचार्य इफफत हेना फलाही, शम्से आजम, मो. इफनेश्वार, शोसे अख्तर, हाजी जफरुद्दीन तकीम, मो. अशरफुल आदि गणमान्य लोग मौजूद थे। अंत में छात्राओं को मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कृत किया गया।
पुराने पाठ्यक्रम पर आधारित मैट्रिक परीक्षा दो से
अररिया : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित पुराना पाठ्यक्रम पर आधारित मैट्रिक की परीक्षा जिले के तीन केन्द्रों पर आगामी दो अप्रैल से शुरू होगी। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए अररिया में दो तथा फारबिसगंज में एक केन्द्र बनाये गये हैं। श्री कुमार ने बताया कि इस परीक्षा में कुल 2593 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिसमें हाई स्कूल अररिया में 689, गर्ल्स हाई स्कूल में 735 तथा ली एकेडमी फारबिसगंज में 1169 छात्र शामिल होंगे।
Sunday, March 27, 2011
उपेक्षा के खिलाफ जविप्र दुकानदारों ने किया आंदोलन का शंखनाद
अररिया : जन वितरण प्रणाली दुकानदारों ने उपेक्षा के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। आठ अप्रैल को डीलर्स एसोसिएशन के सदस्य पटना में मौन जुलूस निकालेंगे। एसोसिएशन के एक दिवसीय राज्य स्तरीय वार्षिक सम्मेलन रविवार को अररिया के नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयेाजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता आल इंडिया फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीसी कटारिया ने किया।
सम्मेलन में वक्ताओं ने जन वितरण विक्रेताओं समस्याओं को लेकर प्रशासन व सरकार को जिम्मेदार ठहराया। वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक एवं प्रशासनिक भ्रष्टाचार के कारण बिहार में जन वितरण दुकानदारों की स्थिति बंधुआ मजदूरों से भी बदतर हो गयी है। संघ के नेताओं ने कहा कि जन वितरण प्रणाली में व्याप्त राजनीतिक एवं प्रशासनिक भ्रष्टाचार का खात्मा तथा जन वितरण दुकानदारों को सरकारी कर्मचारी घोषित करने या 15 हजार रु. मासिक मानदेय देने सहित विभिन्न 11 सूत्री मांगों को लेकर आगामी 08 अप्रैल को गांधी मैदान पटना में विशाल मौन जुलूस का आयोजन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जायेगा। नेताओं ने आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का डीलरों से आह्वान किया। सम्मेलन को प्रदेश महामंत्री श्रीकांत लाभ, प्रदेश अध्यक्ष कुबेर प्रसाद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भोले राम, आनेद गोयल, उमेश सिंह, महावीर, पवन, मोहन लाल शर्मा, आजाद सिंह, जिला महामंत्री मो. असलम, सत्यनारायण राम सहित पूर्णिया, भागलपुर, कोसी प्रमंडलों के विभिन्न जिलों से आये ऐसोसिएशन के नेताओं ने संबोधित किया। मंच संचालन प्रदेश महामंत्री श्रीकांत लाभ ने किया।
अनुकूल चन्द्र जी के जन्मोत्सव पर सत्संग में उमड़े श्रद्धालु
रानीगंज (अररिया) : युग पुरुषोत्तम श्री श्री ठाकुर अनुकुल चन्द्र जी के 123वें जन्मोत्सव पर आयोजित दो दिवसीय सत्संग रविवार को भक्ति भाव से संपन्न हो गया। इस अवसर पर क्षेत्र के श्रद्धालु काफी संख्या में धर्म सभा के ऋत्विकों को सुनने पधारे थे।
रविवार को सत्संग अधिवेशन के आरंभ में भजन कीर्तन के उपरांत शोभा यात्रा निकाली गयी। शोभा यात्रा के आगे-आगे श्रद्धेय ठाकुर के तैल चित्र के साथ सैकड़ों स्त्री-पुरुष नाचते-गाते नगर भ्रमण किया। इस अवसर पर लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल भी लगाये। दोपहर के आनंद बाजार के उपरांत अपराह्न में धर्म सभा का आयोजन किया गया। धर्म सभा में विभिन्न जगहों से पधारे विद्वान ऋत्विक जनों ने सभा को संबोधित किया। धर्म एवं सम्प्रदाय विषय पर अपना व्याख्यान देते हुए उमेश महतो ने कहा कि मत अनेक हो सकते हैं परंतु धर्म नहीं और न ही सम्प्रदाय धर्म है। धर्म तो सबों का कल्याण करता है। ऋत्विक समीर कुमार डे ने विवाह का शब्दिक अर्थ बताते हुए कहा कि विशेष रूप से जीवन में बढ़ना ही विवाह है। राष्ट्र निर्माण एवं विश्व कल्याण के विषय पर भी विद्वत जनों ने धर्म सभा में प्रकाश डाला। सतसंग स्थल पर मेला का माहौल था। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋत्विक रघुवंश प्रसाद मिश्रा कर रहे थे। जबकि डा. ओम प्रकाश लाल, विजय कांत झा, पूर्णिया के विजय कांत झा आदि ने धर्म सभा में प्रवचन दिये जब कि गायक भानु दा, राजेन्द्र पूर्वे, शंकर महतो, शंभु महतो, रमेश महतो, सुरेश मंडल आदि मंच पर विराजमान थे।
निशुल्क मेडिकल कैंप में स्वास्थ्य जांच
अररिया : नवगठित लब्बैक वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा रविवार को नप क्षेत्र के वार्ड नं. 23 स्थित मछली पट्टी एवं दुर्गा बाजार में नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में रोगियों को देखने के लिए प्रसिद्ध फिजीशियन डा. नैय्यर हबीब मौजूद थे। उन्होंने दर्जनों निर्धन लोगों की मुफ्त जांच की तथा चिकित्सीय सलाह दी। मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष शाहिद अनवर ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज सेवा के माध्यम से स्वस्थ्य एवं समृद्ध समाज का निर्माण करना है। ट्रस्ट के केशियर मकसूद आलम, सदस्य एकबाल रजा, मो. रिजवान, एहसानुल हक अजमी ने कार्यक्रम की सफलता में अहम योगदान दिया। मौके पर अधिवक्ता मो. ताहा, तफज्जुल हुसैन, शाकिब अरसलान आशिक अहमद मास्टर आदि उपस्थित थे।
मजदूरी का भुगतान नहीं होने से मजदूरों ने रोका काम
बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के बसैटी पंचायत स्थित करेला टोला से बसैटी पासवान टोला जाने वाली सड़क में मनरेगा योजना से चल रहे मिट्टी भराई का कार्य अधुरा पड़ा है। मजदूरों का भुगतान समय पर नहीं होने के कारण काम बंद है। मजदूर जकीर अंसारी, इसहाक मुमताज अंसारी आदि का कहना है कि समय पर भुगतान नहीं किया जाता है। जिस कारण गरीब मजदूरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं सड़क के किनारे जमीन मालिक किसानों का कहना है कि तीन माह खेत में लगे फसल के समय मिट्टी भराई र्का शुरू हुआ था। दोनों तरफ के करीब दर्जनों बीघा में लगे फसल काट दी गई। किसान ने इसका विरोध इस लिये नहीं किया कि सड़क बन जाने से लोगों को सुविधा होगी। परंतु मनरेगा कर्मी की लापरवाही के कारण सड़क अधुरा पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि सड़क नहीं बनाना था तो फसल क्यों काटी गयी। इधर प्रोग्राम पदाधिकारी अवधेश कुमार ने दूरभाष पर बताया कि मजदूरों का भुगतान किया जा रहा है। शीघ्र सड़क का काम शुरू किया जायेगा।
सत्संग का समापन
बसैटी : रानीगंज प्रखंड के गुणवंती गांव में आयोजित दो दिवसीय सत्संग का समापन हो गया। सत्संग में दूर दूर से आये श्रद्धालुओं ने संतों के प्रवचन से लाभ उठाया। इस आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।
अभिभावकों की जागरूकता को लेकर कार्यक्रम
अररिया : दिल्ली पब्लिक स्कूल विराटनगर (नेपाल) के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय एक होटल के सभागार में पैरेन्ट्स अवेयरनेस एवं स्टूडेन्ट्स काउसिंलिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपस्थित डीपीएस के शिक्षकों ने विद्यालय की विशेषता, शिक्षा पद्धति, उपलब्ध अत्याधुनिक सुविधाओं को स्लाइड शो के माध्यम से विस्तार पूर्वक बताया। बताया गया कि बच्चे क्लास रूम के अलावा बाहर मैदान में भी बहुत कुछ सीखते हैं। अभिभावकों एवं छात्रों की सुविधा को ले स्थानीय नवोदय कोचिंग सेन्टर के प्राचार्य नदीम अहमद को भार सौंपे जाने की जानकारी शिक्षकों ने दी। बैठक में डीपीएस के शिक्षक पंकज कुमार राय, पंकज गुप्ता एवं दिपेन्द्र ठाकुर के अलावा शहर के दर्जनों अभिभावक एवं बच्चे मौजूद थे।
सीएस ने ड्राप पिला की पोलियो अभियान की शुरूआत
अररिया : पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत सिविल सर्जन डा. सीके सिंह ने रविवार को रजोखर गांव स्थित एक ईट भट्ठा में बच्चे को ड्राप पिलाकर किया। इस मौके पर सीएस डा. सिंह ने कहा कि अररिया जिला पूरे बिहार में पोलियो उन्मूलन के मामले में अव्वल बनता जा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि ड्राप से अगर एक भी बच्चा छूट जाएगा तो पोलियो बीमारी होने की संभावना प्रबल हो जाती है। डा. सिंह ने उपस्थित अभिभावकों से 0-5 वर्ष तक के बच्चों को ड्राप पिलाने की अपील की। इस अवसर पर डीपीओ चन्द्रप्रकाश, डीपीएम रेहान अशरफ, एसएमओ, अरुण पांडे, एसएमसी परमानंद, बीएमसी आलोक, चेतन कुमार, संजय सिंह आदि मौजूद थे।
कार्यशाला
अररिया : भूमिका बिहार के तत्वावधान में प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय इटहरा में बच्चों के लिए मुफ्त व अनिवार्य शिक्षा का कानून विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता रासो पासवान ने किया। मंच संचालन चंदन साह ने किया। मौके पर विमल कुमार, दिलीप कुमार, गिरिजा देवी, महेश, श्याम, मुनीष, अशोक आदि मौजूद थे।
सम्मानित किये जायेंगे बीईओ
नरपतगंज (अररिया) : मुख्यमंत्री अक्षर आंचल योजना में बेहतर कार्य करने के लिए नरपतगंज बीईओ आमीचन्द्र राम को सरकार पुरस्कृत करेगी। जन शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को पटना के तारामंडल में आयोजित कार्यक्रम में श्री राम को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के हाथों पुरस्कार दिया जायेगा। श्री राम पुरस्कार लेने के लिए सोमवार को पटना के लिए रवाना होंगे।
रानीगंज में पंचायत चुनाव के लिए आज से होगा नामांकन
रानीगंज (अररिया) : पंचायत चुनाव के नौवें चरण में होने वाले चुनाव के लिए रानीगंज प्रखंड के सभी 32 पंचायतों के लिए सोमवार से नामांकन आरंभ हो रहा है। आरक्षित पदों पर अपनी उम्मीदवारी के लिए प्रत्याशियों की तैयारी पूरी हो चुकी है। मलाईदार पद मुखिया के लिए सबसे ज्यादा होड़ लगने की उम्मीद है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विभिन्न पंचायतों का मतदाता सूची सहित अन्य जानकारी उपलब्ध कराने की अंतिम तिथि रविवार तक अनउपलब्ध रही जिससे संभावित प्रत्याशियों में उहापोह की स्थिति बनी रही।
अग्नि पीड़ितों को मुआवजे की मांग
फारबिसगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के स्वालदह मझुआ गांव में आगलगी से पीड़ित परिवारों को सरकारी मदद शीघ्र मुहैया कराने की मांग ग्रामीणों ने की है। घटना के समय पीड़ितों की मदद को पहुंचे ग्रामीण मो.अब्दुल हमीद, बीपीन मेहता, मो. जहागीर, इसहाक, कारी हसीब, आजम हाजी, सगीरुद्दीन, गणेश ऋषीदेव, सहित दर्जनों ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को तत्काल भोजन, कपड़ा तथा आवास की व्यवस्था कराने की मांग प्रशासन से की है। पीड़ित परिवार फिलहाल खुले आसमान के नीचे आ गये हैं।
पुरस्कार वितरित
जोगबनी (अररिया) : बिहार दिवस के समापन पर उच्च विद्यालय जोगबनी में भाषण प्रतियोगिता एवं क्वीज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आये प्रतिभागियों के बीच प्रधानाचार्य राजेन्द्र पासवान द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया। इस मौके पर कमल तापडिया, मंटू भगत, प्रकाश चन्द्र विश्वास, श्याम साह, उच्च विद्यालय के चन्द्र शेखर मिश्र, प्रयाग नाथ झा सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
श्रद्धालुओं ने की शीतला माता की पूजा
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज पटेल चौक के निकट स्थित श्री काली मंदिर के प्रांगण में रविवार को शीतला माता की पूजा अर्चना श्रद्धापूर्वक संपन्न की गई।
इस अवसर पर शीतला माता की भव्य प्रतिमा स्थापित कर पंडित शंभू नाथ बनर्जी के पौरोहित्य में श्रद्धालुओं ने पूजा की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने व्रत रख कर अपने परिवार के स्वास्थ्य की कामना की। पूजा के उपरांत प्रसाद का वितरण किया गया। शीतला माता की पूजा को लेकर मंदिर परिसर में उत्सव का माहौल देखा गया।
अगलगी में एक दर्जन घर राख
फारबिसगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के रेवाही पंचायत अंतर्गत स्वालदह मझुआ गांव में शनिवार की रात आग लगने से करीब एक दर्जन घर जल कर खाक हो गये। जबकि चार बकरियों की मौत आग में झुलसने से हो गयी। आगलगी की इस घटना में नकदी सहित लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। ग्रामीणों के द्वारा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जबकि आग बुझाने के क्रम में कई लोग जख्मी हो गये। घटना में मो. अयूब, मो. जबीर, जफरूल, फत्ते मोहम्मद, इकबाल, अकबर, गयासुद्दीन, मुजब्बीर, मुनाजीर, मुजाहीद, मुस्तकीम का घर पूरी तरह जल कर नष्ट हो गया। घटना के बाद नपरतगंज प्रखंड के सीआई प्रमोद सिंह रविवार की सुबह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इधर नपरतगंज बीडीओ अरुण कुमार ने कहा कि स्थिति का आकलन किया जा रहा है तथा पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जायेगा।
समाज सेवा करने का माध्यम है एनएसएस: डा. लतीफ
अररिया :राष्ट्रीय सेवा योजना पीपुल्स कालेज इकाई के तत्वावधान में 2010-11 का सात दिवसीय विशेष शिविर की शुरूआत रविवार को हुई। शहरी क्षेत्र से सटे बेलवा के मनव्वर नगर में आयोजित शिविर का उद्घाटन बीएन मंडल विश्व विद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डा. अब्दुल लतीफ ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. नवल किशोर दास ने की। उद्घाटन के पश्चात अपने संबोधन में डा. लतीफ ने कहा कि एनएसएस समाज सेवा करने का अच्छा व सरल माध्यम है। शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद एएन आर्या, कालेज कसबा के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. वसी अहमद व अररिया कालेज के डा. अशोक पाठक ने भी अपने विचार व्यक्त किये। पिपुल्स कालेज के कार्यक्रम पदाधिकारी मो. वकार अजीम नदा ने सात दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। स्वागत भाषण कालेज के प्रधानाचार्य प्रो. महफुजुर्रहमान ने दिया। इससे पूर्व स्वयं सेवक शमा प्रवीण, हेना प्रवीण, रानी प्रवीण आदि द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। मौके पर कालेज के युगेश झा, प्रो. नाजीम, प्रो. वकार, पुलिस कर्मी डीके सिंह, बीके सिंह, स्वयं सेवक सुभान आलम, जियाउल हक, सहीदुलरहमान, शहनवाज आदि उपस्थित थे।
बीएसएफसी के अधिकारी ने की जांच
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के सुल्तान पोखर स्थित एक जमीन व भवन बिक्री के कथित विवाद मामले में निगम के पूर्णिया शाखा के उप प्रबंधक जेपी सिंहा ने मामले की छानबीन की है। स्थानीय निवासी सुरेन्द्र कुमार संचेती ने जय प्रकाश अग्रवाल सहित आठ लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 117/11 दर्ज करायी है। मामला बिहार राज्य वित्तीय निगम तथा बैंक आफ बड़ौदा मोरगंज पर श्री संचेती के पुश्तैनी घर के रहने के बाद इसे बेचने और कथित अवैध तरीके से जमीन पर जबरन दखल करने का है।
यक्ष्मा रोग के उन्मूलन को लेकर कार्यक्रम
अररिया : बिहार दिवस के अवसर पर ग्रामीण बाल एवं मानव विकास समिति ने जिले में यक्ष्मा रोग उन्मूलन के लिये कई कार्यक्रम आयोजित किये। समिति ने जोकीहाट व रानीगंज के विभिन्न पंचायतों में 30 सामुदायिक बैठक आयोजित कर इस रोग के प्रति जागरूकता अभियान चलाया। इसके बाद रानीगंज के पचीरा पंचायत में टीबी फारम का निर्माण कर इस अभियान से लाभ उठाने का आह्वान किया। पुन: शिवलोक होटल में ग्रामीण चिकित्सकों की एक बैठक आयोजित कर इस रोग के उन्मूलन के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
इस दौरान स्वयं समूह के प्रशिक्षण, स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण तथा विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता रैली निकाल कर समिति ने इस रोग को जड़ मूल से समाप्त करने के लिये लोगों से आगे आने की अपील की।
युवक ने किया विषपान
कुसियारगांव (अररिया) : अलग-अलग मार्गो पर रविवार को हुई सड़ दुर्घटना में तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया जहां दो को चिकित्सक ने सिटी स्कैन के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार सिकटी कलियागंज मार्ग पर चरवना पुल के निकट दो मोटर साइकिल के आमने-सामने की भिड़ंत में तैयफुल हुसैन, दहगामा निवासी व नंद लाल कलियागंज निवासी बुरी तरह जख्मी हो गये। दूसरी घटना जोकीहाट मटियारी निवासी मोटर साइकिल सवार मो. मौकरम पत्थर से टकरा जाने के कारण बुरी तरह जख्मी हो गये।
शमा यमन चुनी गयी सर्वश्रेष्ठ पेंटर
अररिया : कला उम्र की मोहताज नहीं होती। रविवार को छोटी-छोटी बच्चियों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन करके यह साबित कर दिया कि जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उसे तराशने की। मौका था बिहार के 99वें स्थापना दिवस व सौवें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में विश्व का सर्वाधिक पढ़े जाने वाले समाचार पत्र दैनिक जागरण की ओर से आयोजित जिला स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता। इस अवसर पर सभी सफल छात्राओं को अनुमंडल पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने पुरस्कृत किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। अररिया पब्लिक स्कूल परिसर में रविवार को दोनों अनुमंडल से चयनित होकर आये पांच-पांच छात्राओं के बीच फाइनल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसका विषय था बिहार के बढ़ते कदम। दो घंटे की इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सफेद सीट पर अपनी कूची से बिहार के सर्वांगीण विकास की कहानी उकेर कर रख दी। निर्णायक मंडल में मशहूर पेंटर व शिक्षक दीन रजा अख्तर व दैनिक जागरण के उज्जवल चौधरी थे। मंथन के बाद निर्णायकों ने एपीएस अररिया की छात्रा शमा यमन को जिले की सर्वश्रेष्ठ पेंटर करार दिया। उसे एक निर्णायक ने 91 तथा दूसरे ने 86 अंक प्रदान किया। जबकि दूसरे स्थान पर शिशु भारती, फारबिसगंज की राधिका बायवाला रही। उसे निर्णायकों ने 84 और 79 अंक प्रदान किये। तीसरे नंबर पर केंद्रीय विद्यालय अररिया की आस्था सिंह रही। उसे 80 तथा 78 अंक प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त रानी सती विद्या मंदिर, फारबिसगंज की भारत भारती, एमपीएस, फारबिसगंज की पलक झा, एपीएस की शादान अफसर, सायमीन सफी, कुल्लेयात सालेहात,अररिया की नायाब जबी, रानी सती विद्या मंदिर, फारबिसगंज की अपूर्वा आनंद व प्रियम श्रीवास्तव ने भी बेहतरीन पेंटिंग्स का नमूना पेश किया। प्रतियोगिता में भाग लेने आये सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एसडीओ डा. विनोद कुमार, प्रायोजक व समाजसेवी शांति लाल जैन व दीन रजा अख्तर ने संयुक्त रूप से पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर एसडीओ डा. कुमार ने कहा कि दैनिक जागरण का यह पहल काफी सराहनीय है। मौके पर एपीएस के निदेशक तुफैल अहमद, जागरण के ब्युरो चीफ मनोज कुमार, एपीएस के असरार आलम, नासरीन, मो. सलाउद्दीन, जागरण के उज्जवल चौधरी, कमर आलम,विजय कश्यप, अमर वर्मा, अमित कुमार 'अमन', संजय शंकर, अमोद शर्मा, मंटू भगत, राजीव मिश्रा, राकेश, घनश्याम, गौतम, बंधु मिश्रा आदि उपस्थित थे।
नेपाल में राजनीतिक शांति के लिए सभी दल सहयोग करें: उपराष्ट्रपति
जोगबनी (अररिया) : भारत-नेपाल के बीच सदियों पुराने संबंध ही नहीं दोनों देशों के बीच बेटी-रोटी का संबंध भी है जो किसी के तोड़ने से नहीं टूटेगा।
उपरोक्त बातें नेपाल के उपराष्ट्रपति परमानन्द झा ने शनिवार को विराटनगर स्थित अतिथि सदन में भारत-नेपाल मैत्री संघ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कही। हालांकि उन्होंने भारतीय सुरक्षा बल द्वारा नेपाली जनता के साथ कभी-कभी किये जा रहे दुर्व्यवहार पर चिंता जताते हुए उस पर रोक लगाने की। उन्होंने नेपाल में जारी राजनीतिक संकट पर कहा कि संविधान निर्माण कार्य अविलंब होना चाहिए। अगर तय अवधि में उक्त कार्य पूरा नहीं हुआ तो समय सीमा बढ़ाई जा सकती है ताकि देश में शांति कायम की जा सके। इसके लिये सभी राजनीतिक दलों से उन्होंने सहयोग की अपील की।
श्री झा ने कहा कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के अभाव में मधेश का विकास नहीं हो पा रहा है। इस अवसर पर नेपाल स्थित भारतीय दूतावास प्रतिनिधि देव वर्मा ने कहा कि भारत नेपाल के विकास हेतु हर संभव सहायता देगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मुरारी लाल अग्रवाल ने किया। जबकि मंच पर नेपाल के पूर्व सांसद अशोक कोइराला, किशनगंज के तारा चन्द्र अग्रवाल, मैत्री संघ के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश सरावगी सहित बड़ी संख्या में दोनों देशों के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
जमीन विवाद मामले में बीएसएफसी के अधिकारी ने की जांच
फारबिसगंज (अररिया) : सुल्तान पोखर स्थित एक भूमि व एक भवन बिक्री के कथित मामले में निगम के पूर्णिया शाखा के उप प्रबंधक जेपी सिंहा विवादित स्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। विदित हो कि सुरेन्द्र कुमार संचेती ने जय प्रकाश अग्रवाल सहित आठ लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए फारबिसगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। मामला बिहार राज्य वित्तीय निगम तथा बैंक आफ बड़ौदा मोरगंज पर श्री संचेती के पुश्तैनी घर के रहने के बाद इसे बेचने और कथित अवैध तरीके से जमीन पर जबरन दखल करने का है। इसी मामले में श्री संचेती द्वारा बैंक तथा निगम को आवेदन देकर मामले से अवगत कराया था जिसकेअनुसार श्री संचेती ने जयप्रकाश अग्रवाल से जमीन बेचने का एग्रीमेंट किया था। जिसके तहत संचेती श्नामेल वर्क्स फारबिसगंज, जो कि बैंक और निगम से लिये गये कर्ज के कारण मोरगंज में है, का पूरा भुगतान होने के बाद जमीन रजिष्ट्री एवं दखल देना था। लेकिन पूरी प्रक्रिया से पहले हीं उसने तोड़-फोड़ शुरू करने का अरोप है। जिसका विरोध करने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
करंकिया में 80 घर जलकर राख, लाखों की क्षति
बसैटी (अररिया) : बौंसी थाना क्षेत्र के धोबिनियां पंचायत स्थित करंकिया जाम टोला में शनिवार की मध्य रात्रि को अचानक लगी आग में 25 परिवारों के करीब 80 घर जलकर राख हो गये। इस अग्निकांड में 25 हजार नकदी व कीमती सामान सहित लगभग दस लाख से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग बुझाने के क्रम में एक व्यक्ति भी झुलस गया है। वहीं एक दर्जन से अधिक मुर्गा-मुर्गी भी जल गये हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार की मध्य रात्रि को जब सभी अपने घरों में सोये थे तभी एक मवेशी घर से उठी चिंगारी ने पूरी गांव को अपने आगोश में ले लिया। निवर्तमान मुखिया मो. लुकमान व स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर से पीड़ितों के बीच चूड़ा, मूढ़ी व चावल आदि वितरित किया है।
अग्निपीड़ित बदस दुजा, असरफ अली, मो. अब्दुल हन्नान, मो. नजीर, तफेजुल हक आदि ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैला कि उन लोगों कि घर से कुछ भी निकालने का मौका तक नहीं मिला। वहीं आग की चपेट में आने से मो. सिराजुल जख्मी हो गया है। आग में मसोमात मजेदा तथा साइदा खातून के घर बेटी विवाह के लिए रखे हुए 22 हजार नकदी व फर्नीचर जल गया। इसके अलावा गांव एक दर्जन से अधिक मुर्गी, मुर्गा समेत सब कुछ आग की भेंट चढ़ गयी। इधर, दूरभाष पर अंचलाधिकारी राम विलास झा एवं क्षेत्र के विधायक परमानंद ऋषिदेव ने बताया कि अग्निपीडि़तों को सरकारी स्तर पर हर संभव सुविधा मुहैया करायी जायेगी। उधर, जिला पार्षद बेनजीर साकिर,विधायक प्रतिनिधि उमेश चंद्र मिश्र एवं हलका कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचकर अग्निपीडि़तों की सूची तैयार की है। अधिकांश अग्निपीडि़त परिवार मजदूर व किसान हैं।
पोलियो अभियान को लेकर एसएसबी ने निकाली रैली
जोगबनी (अररिया) : पल्स पोलियो को लेकर एसएसबी जवानों ने शनिवार को जागरूकता रैली निकाली। रैली को जोगबनी रेलवे स्टेशन परिसर से अनुमुंडल पदाधिकारी जीडी सिंह ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
इस मौके पर श्री सिंह ने कहा कि जागरुकता रैली का मुख्य उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के लोगों को पोलियो के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने नेपाल से आये बच्चों को भी पोलियो का ड्राप पिलाये जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पोलियो को भारत ही नहीं संपूर्ण विश्व से भगाना है। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक कार्यो को भी एसएसबी बखूबी करती आ रही है जो सराहनीय है।
रैली में एसएसबी की महिला बटालियन, चिकित्सा प्रभारी जयनारायण प्रसाद, संजय कुमार, यूनिसेफ के जिला प्रतिनिधि परमानंद, एसएसबी सहायक सेनानायक बीआर चौहान तथा एसएसबी जवानों ने भाग लिया। रैली स्टेशन परिसर से निकल कर मुख्य मार्ग से होते हुए जोगबनी एसएसबी कैंप पहुंच कर समाप्त हो गया।
डीएम ने भरगामा आरओ व कुर्साकांटा बीडीओ से पूछा स्पष्टीकरण
अररिया, : पंचायत चुनाव में लापरवाही बरतने एवं जिला प्रशासन को गुमराह करने के मामले में जिला निर्वाचन सह जिलाधिकारी एम. सरवणन ने दो अािकारियों से स्पष्टीकरण पूछा है। श्री सरवणन ने जिन अधिकारियों से कारण पृच्छा की है उनमें भरगामा के निर्वाची पदाधिकारी सह फारबिसगंज डीसीएलआर मुकेश कुमार तथा कुर्साकांटा बीडीओ सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी पृथ्वी नाथ पांडे के नाम शामिल है।
डीसीएलआर श्री कुमार पर मतपत्र प्रपत्र 9 तथा इनडेंट का सीडी जिला निर्वाचन कार्यालय को बिना उपलब्ध कराये तथा मतपत्र बिना जांच कराये पि्रंट के लिए कलकत्ता भेजने का आरोप है। उनसे डीएम ने तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। वहीं दूसरी ओर कुर्साकांटा के बीडीओ पृथ्वी नाथ पांडे जो प्रखंड के एआरओ हैं पर चुनाव में निष्क्रियता बरतने, मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का निष्पादन नहीं करने तथा आरओ के निर्देश की अवहेलना केआरोप है। श्री पांडे के खिलाफ कुर्साकांटा आरओ ने डीएम को रिपोर्ट की थी।
मांगों के समर्थन में रिक्शा चालकों ने दिया धरना
अररिया : आठ सूत्री मांगों के समर्थन में रिक्शा चालक यूनियन के सदस्यों ने अपनी आठ सूत्री मांगों के समर्थन में समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। धरना का नेतृत्व संघ के महासचिव मो. नसीमउद्दीन ने किया। धरना के उपरान्त सदस्यों ने मांगों का एक ज्ञापन जिला पदाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को प्रेषित कर कार्रवाई की मांग की।
उनकी मांगों में टेम्पो एवं टैक्सी स्टैंड बीच बाजार से दूर हटकर बनाने, रिक्शा चालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने, नगर पालिका टैक्स से मुक्त करने, रिक्शा चालकों का नाम बीपील सूची में दर्ज करने व इंदिरा आवास का लाभ आदि शामिल हैं। धरना में मुख्य रूप से अध्यक्ष मो अलाउद्दीन, सुरेश पासवान, कमली पासवान, सुरेन्द्र ऋषिदेव, अब्दुल कैय्युम, जैनुद्दीन, नईम, हीरालाल यादव, श्रवन बहरदार आदि शामिल थे।
समकालीन अभियान के तहत जिले में 50 वारंटी गिरफ्तार
अररिया : पंचायत चुनाव के मौके पर चलाये जा रहे साप्ताहिक समकालीन अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने 50 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। जिसे शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस दौरान पुलिस ने दो दर्जन से अधिक मामलों का निष्पादन भी किया। गिरफ्तारी में नगर थाना पुलिस ने 9, ताराबाड़ी 3, मदनपुर 2, बरदाहा 1, आरएस 1, जोकीहाट 5, महलगांव 2, पलासी 3, सिकटी , फुलकाहा1, सिमराहा 3, जोगबनी 1, बथनाहा 3, कुर्साकांटा 2, कुआड़ी 2, रानीगंज 4, बौसी 1, भरगामा 3 व नरपतगंज पुलिस ने 1 को गिरफ्तार किया है।
अभियुक्त गिरफ्तार
पलासी (अररिया) : पलासी थाना पुलिस ने छापामारी के क्रम में कांड सं. 55/10 के नामजद अभियुक्त मो. जुबेर आलम को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। यह जानकारी थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने दी।
दुकानदार को चकमा दे गल्ला से उड़ाये 15 हजार
जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के तुर्केली चौक पर स्थित एक किराना दुकानदार को चकमा दे एक मोटरसाइकिल सवार ने उसके गल्ला से शनिवार को 15 हजार नकदी उड़ा लिया तथा चंपत हो गया। किराना दकानदार शमसुल कमर ने इसकी सूचना जोकीहाट थाना पुलिस को दी है। मिली जानकारी अनुसारशमसुल की दुकान पर शनिवार को एक मोटर साइकिल सवार पहुंचा तथा गेहूं का दाम पूछा और शमसुल से पानी पिलाने को कहा। उसके पानी लेने अंदर जाने ही मोटर साइकिल सवार ने गल्ला में रखे पंद्रह हजार रुपये निकाल लिया तथा फरार हो गया।
आग में आधा दर्जन घर जले
पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र कनखुदिया गांव में शनिवार अपराह्न अचानक लगी आग में आधा दर्जन घर जल गये। इस अग्निकांड की घटना में कपड़ा, अनाज व अन्य घरेलू समान सहित करीब एक लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कनखुदिया गांव के अघोरी मंडल के रसोई घर से शनिवार करीब ढ़ाई बजे अपराह्न उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते अजय मंडल, युवराज मंडल, नेघु मंडल आदि के घरों को चपेट में ले लिया।
बैठक में उठा कोषागार का मुद्दा
अररिया : शुक्रवार को बिहार पेंशनर समाज के सदस्यों की बैठक में कोषागार में व्याप्त गड़बड़ी का मुद्दा जोर-शोर से उठा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष डा. नवल किशोर दास ने कहा कि कोषागार में बिचौलिये हावी हैं। अगर प्रशासन ने बिचौलियों को नहीं रोका समाज आंदोलन करने पर बाध्य होगा। बैठक में आगामी 28 मार्च को पटना में आयोजित राज्य स्तरीय अधिवेशन में राजमोहन सिंह राघव, जुफैरूल हसन, सबिता सिंह, सत्यवान मेहता, भुवनेश्वर प्र. यादव को भेजने का निर्णय लिया गया। मौके पर देवेन्द्र प्रसाद, गंगा प्रसाद, पं.सुरेश झा, विनय कुमार झा, अनिल आचार्य, शशि वर्मा, प्रभा कुमारी, कल्पना सिंह आदि मौजूद थे।
प्रशिक्षण में 13 मास्टर ट्रेनर अनुपस्थित
अररिया : पंचायत चुनाव के मद्देनजर प्रखंड स्तरीय व जिला स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए चिन्हित किये गये 53 मास्टर ट्रेनरों में से शनिवार को प्रशिक्षण के दौरान 13 एमटी अनुपस्थित रहे। डीआरडीए सभा भवन में आयोजित प्रशिक्षण में उपस्थित एमटी को वरीय उप समाहत्र्ता सह प्रशिक्षण कोषांग के प्रभारी विधान चन्द्र यादव ने प्रशिक्षण दिया। श्री यादव ने इस दौरान मतपेटी सील करने से लेकर मतपत्र मिलाने तथा मतदान समाप्ति के पश्चात कागजी कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
दहेज नहीं देने पर की दूसरी शादी, प्राथमिकी
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मझुआ गांव निवासी मुन्ना लाल पासवान की पुत्री रीता देवी ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने व दहेज नहीं देने पर पति अजय पासवान पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है।
फारबिसगंज थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार रीता पर उसक ा पति व ससुराल वाले मायके से एक लाख रुपये लाने के लिये लगातार दवाब दिया जा रहा था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती रही है। दहेज लाने से इंकार करने पर पति अजय पासवान ने उसको धोखे से मैके पहुंचा दिया और दूसरा विवाह कर लिया है। पीड़िता ने पति अजय पासवान, रामानंद पासवान, दुर्गानंद पासवान, सुटा पासवान, मुन्नी देवी, आशा देवी व सरिता देवी पर दहेज के लिये मारपीट व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है
ठाकुरजी के जन्मोत्सव पर निकाली शोभा यात्रा
फारबिसगंज (अररिया) : श्रद्धेय श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का 123वां जन्म महामहोत्सव शनिवार को फारबिसगंज नगर के जयानंद दयानंद नगर स्थित सत्संग अधिवेशन केन्द्र में आनंद और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव की शुरूआत ब्रह्मा मुहूर्त में वेद मांगलिकी, उर्षाकीर्तन, प्रात: कालीन प्रार्थना, धर्मग्रन्थादि पाठ और भजन से हुआ तथा विशाल शोभा यात्रा भी निकाली। शोभा यात्रा में ठाकुर जी को गरूड़ रथ में विराजमान किया गया था
जिनके पीछे काफी
संख्या में बाल, वृद्ध वनिता व अन्य श्रद्धालु शामिल थे। रथ यात्रा नगर का परिक्रमा किया तथा ठाकुरजी के
जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। आनंद बाजार में प्रसाद मातृ सम्मेलन, भजन-कीर्तन व विचित्रानुष्ठान आयोजित किया गया। सत्संग में देवघर से आये सारंगधर सिंह, दालकोला के दासुदेव घोष, इस्लामपुर से आये मो. नुरुल इस्लाम, पूर्णिया के नवीन मिश्र और सिलीगुड़ी के जयदेव धर ने श्री श्री ठाकुर जी प्रदत्त जीवनदर्शन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की सफलता में स्थानीय भक्त समीर कुमार डे, भानु सिंह, राजेश गुप्ता, शिव कुमार अग्रवाल, विजय कांत झा, हीरा कुमार दास, देवाशीष दे, सुनील चक्रवती, पुनीत अग्रवाल, शिवदेव झा का सक्रिय सहयोग रहा।
श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चन्द्र जी के जन्मोत्सव पर सत्संग
रानीगंज (अररिया) : युग पुरुषोत्तम श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चन्द्र जी का 123 वां जन्म महोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को रानीगंज कलावती कन्या विद्यालय के प्रागंण में दो दिवसीय सत्संग का आरंभ हुआ। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए काफी संख्या में सत्संग स्थल पर पहुंचे हैं। मंच के एक ओर श्रृत्विक व भजन-कीर्तन मंडली के बैठने की व्यवस्था की गयी है। व्यवस्थापकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के अंतिम दिन रविवार को प्रात: प्रत्युष-ऊषा कीर्तन के बाद शोभा यात्रा निकाली जायेगी तथा दिन में आनंद बाजार में प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गयी है। सत्संग के अंतिम सत्र में धर्म सभा में धर्म एवं सम्प्रदाय द्वारा व्याख्यान होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रृत्विक उमेश महतो, कलानंद मंडल, शंकर महतो, प्रो. दयानंद राउत, राजेन्द्र पूर्वे, सुरेन्द्र मंडल, भारती देवी, अर्चना देवी, कृष्णानंद महतो आदि तत्पर थे।
राज्य स्तरीय सम्मेलन आज
अररिया : फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन बिहार का राज्य स्तरीय एक दिवसीय सम्मेलन रविवार को सुभाष स्टेडियम में आयोजित किया गया है। इस सम्मेलन में एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई अधिकारी भाग लेंगे। उक्त आशय की जानकारी एसोसिएशन के जिला महामंत्री मो. असलम ने दी।
प्रखंड कार्यालय जलाने की धमकी
फारबिसगंज (अररिया) : अज्ञात व्यक्ति द्वारा शनिवार को फारबिसगंज बीडीओ को फोन कर प्रखंड कार्यालय में आग लगाने की धमकी दी गई। जिससे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। अज्ञात व्यक्ति द्वारा कार्यालय में फोन कर कहा गया कि शेखड़ा जाति का प्रमाण-पत्र निर्गत नही किया जा रहा है। अगर प्रमाण पत्र नहीं जारी किया गया तो प्रखंड कार्यालय में आग लगा दी जायेगी। इस संबंध में बीडीओ अमीनउल्लाह अंसारी द्वारा फारबिसगंज थाना में एक सनहा दर्ज कराया गया है। जिस मोबाइल से धमकी दी गयी है उसका नंबर 9973432324 है। धमकी के बाद प्रखंड कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही वरीय पदाधिकारियों को भी मामले की सूचना दे दी गई है। बीडीओ अमीनुल्लाह अंसारी ने कहा कि शेखड़ा जाति के गलत प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर नहीं करने के कारण उन्हें इस प्रकार की धमकी दी गई है।
जिप सदस्य के लिए तीन नामांकन
अररिया : सप्तम चरण में हो रहे पंचायत चुनाव के तहत अररिया प्रखंड क्षेत्र के लिए नामांकन के चौथे दिन कुल तीन अभ्यर्थियों ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन भरा है। सहायक निर्वाची पदाधिकारी देवेन्द्र राम ने बताया कि शनिवार को नामाकंन दाखिल करने वालों में क्षेत्र सं. 22 से अब्दुल्लाह, एकरामुद्दीन तथा क्षेत्र सं. 23 से अहमद मंसूरी शामिल हैं।
बैंक का सायरन बजने से अफरा-तफरी
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज रेणु पुस्तकालय रोड स्थित यूको बैंक की शाखा में शनिवार की सुबह अचानक सायरन बज जाने से अफरा-तफरी मच गई। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना पुलिस तथा शाखा प्रबंधक को दी गई। इसके बाद पुलिस तथा शाखा प्रबंधक बैंक पहुंचकर मामले की छानबीन की। शाखा प्रबंधक एन के जैन ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण बैंक में सायरन बज उठा था। मामले की सुचना बैंक के वरीय पदाधिकारी को दी गई है।
नोमेंस लैंड पर सात किग्रा से अधिक गांजा बरामद
सिकटी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के मुरारीपुर गांव में नो मेन्स लैंड के निकट सिकटी थानाध्यक्ष व एसएसबी के जवानों ने लावारिस हालत में 7 किलो 8 सौ ग्राम गांजा बरामद किया।
सिकटी थानाध्यक्ष पुष्कर कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह गांजा पकड़ा गया है। बरामद गाजे का मूल्य 32000 हजार रुपये बताया गया।
आश्वासन पर शांत हुए ग्रामीण
फारबिसगंज : प्रखंड के सहबाजपुर पंचायत अंतर्गत एक सड़क निर्माण में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाकर कुछ ग्रामीणों ने निर्माण कार्य पर रोक लगाने का प्रयास किया और बेहतर कार्य की मांग की। जिसके बाद गुणवत्ता युक्त कार्य के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और कार्य को जारी किया गया।
यौन शोषण की शिकार नाबालिग बनी बिन ब्याही मां
फारबिसगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के घुरना थाना क्षेत्र के पथराहा गांव में यौन शोषण से पीड़ित नाबालिग लड़की के अविवाहित मां बनने को मामला प्रकाश में आया है। चौदह वर्षीय पूनम कुमारी (काल्पनिक नाम) ने शुक्रवार की रात एक शिशु को जन्म दिया। पूरा मामला एक बच्चे के पिता विवाहित युवक द्वारा नाबालिग लड़की को प्रेम के झांसा में फंसा कर यौन शोषण करने का बताया जा रहा है। घुरना पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घुरना ओपी अध्यक्ष रतन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित लड़की के चाचा महेन्द्र मेहता ने पुलिस से एक लिखित शिकायत की है जिसमें आरोपी हीरेन्द्र मेहता, फूलदेव मेहता, रामदेव मेहता, कपिल देव मेहता, कामदेव मेहता, गिरानंद मेहता, जगदीश मेहता, मुवीन मेहता तथा हरी मेहता पर गर्भवती लड़की का जबरन गर्भपात कराने के प्रयास का भी आरोप लगाया है। ओपी अध्यक्ष ने बताया कि आरोपी हीरेन्द्र मेहता पूर्व से एक बच्चे का बाप है। रिश्ते में बहन लगने वाली छात्रा पूनम को प्यार का झांसा देकर लगातार उसका यौन शोषण करता रहा जिससे वह गर्भवती हो गई। जानकारी के अनुसार गांव में सामाजिक स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
मारपीट का मामला दर्ज
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के सुल्तान पोखर स्थित भूमि व भवन की बिक्री के मामले में स्थानीय निवासी सुरेन्द्र कुमार संचेती ने आठ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 117/11 दर्ज कराया गया है।
Subscribe to:
Posts (Atom)




