फारबिसगंज(अररिया) : नटवर लाल निकला यूपी का युवक शनिवार की देर संध्या कुछ नींद की गोलियां खाकर कथित तौर पर आत्म हत्या का प्रयास किया। जिसके बाद पुलिस थाना परिसर के सामने से उसे बेहोशी की हालत में उठाकर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। पहले उसने खुद को लखपति और बड़े घराने का पुत्र बताया था तथा माता पिता के निधन हो जाने की बात कही थी। पिता का नाम उसने स्वर्गीय मेजर सांवला सिंह बताया था जिसके कारगिल युद्ध में शहीद होने की बात कही थी। लेकिन पुलिस उसके पता-ठिकाने की जांच में जुट गयी है।
Tuesday, April 5, 2011
वारंटी को भेजा खगड़िया जेल
भरगामा (अररिया) : भरगामा पुलिस ने रविवार को 502/02 के वारंटी ग्राम हरतुर्वा निवासी कलामुद्दीन को गिरफ्तार कर सोमवार को खगड़िया जेल भेज दिया। वहीं रविवार को ही 6263/07 के वारंटी दुखा ऋषिदेव रहीया निवासी एवं बीआर 539/02 के वारंटी विशरिया निवासी मो. रियाइल को गिरफ्तार कर अररिया भेज दिया।
जर्मनी की टीम ने किया बहारबाड़ी ऊर्जा संयंत्र का निरीक्षण
अररिया : जर्मनी की एक उच्च स्तरीय टीम ने सोमवार को अररिया जिले में देसी पावर के सौजन्य से कार्यरत गैर पारंपरिक ऊर्जा संयंत्रों को निरीक्षण किया। इस टीम में जर्मन सरकार, विनराक इंटरनेशनल, केएफडब्लु बैंक तथा नाबार्ड के प्रतिनिधि शामिल थे। इस टीम ने जोकीहाट के बहरबाड़ी, भेभड़ा तथा अररिया के गैयारी में देसी पावर के प्रोजेक्ट स्थल का भ्रमण किया तथा संस्था के प्रयास की सराहना की।
इस दल में जर्मनी सरकार के प्रतिनिधि राल्फ विरविंस्की, आर्थिक समन्वय के प्रमुख बंर्ड डंसलैफ, केएफडब्लु नई दिल्ली से रामना रेड्डी, , मुंबई से आये नाबार्ड के प्रबंधक सचिन कांबले व रमा संपत,देसी पावर के निदेशक बुल्लु शरण, सत्येंद्र शरण, नाबार्ड के डीडीएम एसके झा आदि शामिल थे।
बाद में नाबार्ड के प्रतिनिधियों तथा जर्मन दल के अधिकारियों ने देसी पावर के माडल को फंडिंग करने व अन्य विंदुओं को ले देसी पावर के कार्यालय में देर तक समीक्षात्मक बैठक की।
साइडस्टोरी
1.
देसी पावर का माडल अनुकरणीय : सिंलिंग
जर्मनी के केएफडब्लु डेवलपमेंट बैंक, फ्रैंकफर्ट के वरीय प्रोजेक्ट मैनेजर जैन सिलिंग ने सोमवार को देसी पावर के कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान
बताया कि बिजली प्राप्त करने के लिये देसी पावर का माडल अच्छा है तथा आने वाले दिनों में इस माडल का अनुकरण कर ऊर्जा संकट को दूर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि देसी पावर द्वारा बायोमास के उपयोग से गैसीफायर चलाया जाता है, जिससे पावर जेनरेशन के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। यह जलवायु की रक्षा करता है तथा कम मात्रा में कार्बन डाई आक्साइड उत्सर्जन करता है। श्री सिलिंग ने बताया कि बहारबाड़ी उपक्रम सफल प्रतीत होता है। आने वाले दिनों में इस प्रकार के संयंत्रों का विस्तार कर भारत के गांवों में 'ग्रीन पावर' के उपयोग से ऊर्जा संकट दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संस्थाओं को वित्तीय मदद देने पर विचार किया जा रहा है तथा इसी क्रम में वे मंगलवार को पटना में ब्रेडा व बिहार सरकार के मंत्री व अधिकारी से मुलाकात करेंगे। जबकि रामन रेड्डी ने बताया कि बहारबाड़ी की योजना ऐसी है कि इसे हर गांव में लगाया जा सकता है। क्योंकि इससे पावर के साथ साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।
वहीं, मौके पर मौजूद देसी पावर के निदेशक बुल्लु शरण ने इस बात पर खुशी जताई कि जर्मनी के दल ने उनके उपक्रम को सही व अनुकरणीय पाया है।
ठनका गिरने से एक की मौत, बालबाल बची सीडीपीओ
जोकीहाट : महलगांव थाना क्षेत्र के चिल्हनियां पंचायत के पोखरिया गांव के निकट ठन्का की चपेट में आकर गेहूं काट रहे तीस वर्षीय याकुब नामक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक व्यक्ति प्रसादपुर गांव का निवासी बताया जाता है। जबकि इसी घटना में जोकीहाट सीडीपीओ शबाना परवीन बाल बाल बच गयी। श्री परवीन ने बताया चिल्हनियां के कई आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कर वे लौट रही थी कि अचानक ठनका गिरा जिससे याकूब नामक युवक की मौत हो गयी। ठनके की तेज आवाज से ड्राइवर ने संतुलन खो दिया इससे बड़ी घटना होते होते बची। मामले की पुष्टि जोकीहाट बीडीओ ने की है।
आपसी सौहार्द के पैगाम के साथ संपन्न हुआ जलसा
रेणुग्राम (अररिया) : इंसानियत को मुहब्बत का पैगाम, ईमान की हिफाजत, सामाजिक बुराई, दहेज प्रथा तथा इसलाहे मआशरा विषय पर घोड़ाघाट गांव में आयोजित दो दिवसीय जलसा रविवार की देर रात्रि संपन्न हो गया। इस जलसे में देश के विभिन्न मार्गो से आऐ नामी गिरामी उलमा हजरात ने अपनी तकरीर पेश की। वही इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के दो युवक युवतियों का निकाह भी संपन्न हुआ। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के साथ-साथ हिन्दु समुदाय के लोगों ने भी तकरीरे सुनी। जलसे में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश से आए चतुर्वेदी मो. अब्दुल सुब्हान दानिश ने लोगों में अमन शांति एवं हिन्दु-मुस्लिम एकता के विषय पर विस्तार से बताया। उन्होंने उपस्थित मुस्लिम-हिन्दू भाइयों को कुराण, गीता, रामायण आदि पौराणिक ग्रंथ के महत्व को विस्तार से बताया। श्री चतुर्वेदी ने उपस्थित लोगों से शराब से दूर रहने एवं ईमान की हिफाजत करने की बात बताई। वही मो. हनीफ काशमी शानी, मो. मुफ्ती अब्दुल वारिश, मो. हासिम, मो. मुबारक कारी, कमरुदजमा सहित अन्य वक्ताओं ने अपनी तकरीरे पेश की। इस जलसे को सफल बनाने में शैखुल हिन्द एजुकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के सचिव मो. शमशाद मोजाहिरी सहित अन्य ग्रामीण तत्परता के साथ जुटे थे।
विष्णु विराट रूप दर्शन सह मानस यज्ञ प्रारंभ
फारबिसगंज(अररिया) : नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर सोमवार को कोठीहाट चौक के समीप ग्यारह दिवसीय श्री विष्णु विराट रूप का दर्शन सह मानस यज्ञ एवं संकीर्तन का भव्य शुभारंभ हुआ। उल्लेखनीय है कि विश्व शांति एवं मानव कल्याणार्थ आयोजित यज्ञ का यह 24 वां वर्ष है। सोमवार को यज्ञ स्थल पर नेपाल से पधारे मुख्य आचार्य चक्रपाणि रामप्रसाद एवं उनके सहयोगी आचार्य दामोदर जी, केशव जीए एवं रंगराज जी के पौरोहित्व में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य मानस यज्ञ का शुभारंभ हुआ। पहले दिवस के यजमान सुधीर केसरी एवं उनकी धर्मपत्नी मंजू केसरी थी। मौके पर उपस्थित आयोजन समिति के रामकुमार केसरी, श्यामसुंदर अग्रवाल, राय बहादुर केसरी, ओमप्रकाश केसरी, हरि धनावत, मनचन केसरी, संजय केसरी, विनोद धनावत आदि ने बताया िइस महती यज्ञ का प्रथम आयोजन वर्ष 1988 में हुआ था तब से लगातार यह परंपरा जारी है। बताया कि यज्ञ में भाग लेने नेपाल से चालीस सदस्यीय कीर्तन मंडली के साथ साथ कई स्थानीय मंडली भी पहुंची है। यज्ञ का समापन 14 अप्रैल को होगा। इधर यज्ञ स्थल पर भगवान विष्णु सहित अन्य देवी देवताओं के भव्य प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी है। जबकि यज्ञ स्थल से रामधून से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बन गया है।
ड्राफ्ट बनाने के लिए बैंक का लगाना पड़ रहा चक्कर
अररिया : एसबीआई मुख्य शाखा में बैंक ड्राफ्ट बनाने के लिए ग्राहकों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। पैसा जमा किये जाने के बाद भी ग्राहकों को समय पर ड्राफ्ट नहीं मिल पाता है। जिस कारण उन्हें बैंक का कई बार चक्कर लगाना पड़ता है।
शनिवार को काली बाजार निवासी संजय शंकर ने आवश्यक कार्य के लिए ड्राफ्ट बनाने के लिए काउंटर पर पैसा जमा करा दिया, उन्हें रिसिविंग भी दे दी गयी। लेकिन समय पर ड्राफ्ट नहीं बन सका। जब वे दोपहर बाद बैंक पहुंचकर ड्राफ्ट मांगे तो एकाउंटेंट ओमप्रकाश ने ड्राफ्ट नहीं बन सकने की बात कही। जिस कारण उन्हें बैंक से निराश होकर लौटना पड़ा।
Monday, April 4, 2011
सामूहिक सुंदर कांड पाठ का आयोजन
फारबिसगंज (अररिया) : अग्रवाल महिला मंच के तत्वावधान में सामूहिक सुंदर कांड पाठ का आयोजन किया गया। इसके तहत शनिवार को मंच की अध्यक्ष सरोज अग्रवाल के निवास पर सुंदर कांड पाठ किया गया। इस अवसर पर मंच की दर्जनों महिलाओं ने सामूहिक से सुंदर कांड का पाठ किया। इस अवसर पर कामिनी गोयल, शांता अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, सुनिता अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, उर्मिला जैन, मंजू अग्रवाल, मेधा अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल, नेहा अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल, संजू अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, मीरा अग्रवाल, अनिता अग्रवाल, रंजू डालमिया, रीता अग्रवाल आदि उपस्थित थे। इस मौके पर सुंदर कांड पाठ का बड़े ही रुचिकर बनाकर वक्ताओं ने पेश किया गया। गौरतलब हो कि उक्त कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक सप्ताह विभिन्न भक्तजनों के निवास स्थान पर किया जाता है।
छात्रों के बीच बंटे 77 हजार
अररिया : अररिया कालेज में रेमेडियल कोचिंग प्रणाली के तहत पढ़ने वाले 77 छात्रों के बीच शुक्रवार को प्रति छात्र एक हजार रुपये की दर से कुल 77 हजार रुपये बांटे गये। इस अवसर पर कालेज के प्राचार्य डा. मुहम्मद कमाल, रेमेडियल कोचिंग के समन्वयक डा. सुबोध कुमार ठाकुर, प्रो. चंद्रानंद झा, अर्थपाल प्रो. सीएम चौधरी, कालेज कर्मी अरुण कुमार ठाकुर तथा अन्य लोग उपस्थित थे। इस प्रणाली से लाभान्वित होने वालों में अजा, अजजा व अपिवर्ग के छात्र शामिल थे।
इस मौके पर प्राचार्य ने छात्रों को पढ़ाई लिखाई के प्रति गंभीर होने तथा कालेज में दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाने को कहा। समन्वयक डा. ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम के तहत कुल एक सौ छात्रों को पढ़ाई के बाद आर्थिक लाभ दिया जाना था, जिसमें से 77 को लाभ मिल गया है तथा शेष बचे 23 छात्रों को भी जल्द ही राशि प्रदान कर दी जायेगी।
कोचिंग संस्थान एसोसिएशन का गठन
अररिया : जिले के कोचिंग संचालकों की बैठक रविवार को एडीबी चौक स्थित नवोदय कोचिंग सेंटर में ऐहतसामुल हसन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कोचिंग संस्थानों के निबंधन एवं क्रियान्वयन पर चर्चा की गयी। इस अवसर पर कोचिंग कमेटी का भी गठन किया गया। जिसमें एसएच मासूम व एएम मोजीब को संघ का संरक्षक बनाया गया। वही, ग्यारह सदस्यों की कार्यकारिणी तथा पांच सदस्यों की परामर्शदात्री समिति का भी गठन किया गया। बैठक में राजीव कुमार, गयानन्द झा, संजय कुमार सारथी, एचएन यादव, नदीम अहमद, एमई हसन, अनिल कुमार भगत, विजय झा, योगधर झा, मुस्ताक हुसैन, साकिब, सफक, मंजुर, खलीलुर्लरहमान आदि मौजुद थे।
12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं प्रारंभ
अररिया : अररिया कालेज में 12वीं (इंटर) कक्षा की पै्रक्टिकल परीक्षाएं शुक्रवार से प्रारंभ हो गयी। यह जानकारी कालेज के परीक्षा नियंत्रक डा. महेश प्रसाद सिंह ने दी।
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि कालेज में 332 छात्र प्रायोगिक परीक्षा दे रहे हैं। पहली अप्रैल से प्रारंभ इस परीक्षा में फिलहाल फिजिक्स व केमेस्ट्री की परीक्षाएं ली जा रही है। यह परीक्षा पांच तक चलेगी और उसके बाद बायोलाजी विषय अंतर्गत बाटनी व जुलाजी की परीक्षा ली जायेगी।
उन्होंने बताया कि कालेज में स्नातक प्रथम व द्वितीय खंड की परीक्षाएं भी शांतिपूर्वक चल रही हैं। स्नातक परीक्षाओं के लिये यहां आरकेके कालेज मधुबनी, मोहम्मद हुसैन आजाद कालेज ठाकुरगंज तथा नेहरूकालेज बहादुरगंज आदि के परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं।
मोटर साइकिल सवार घायल
कुर्साकाटा: शनिवार की संध्या कुर्साकाटा ढाढ़ापीपर चौक के निकट सड़क पर मवेशी को बचाने के क्रम में मोटरसाइकिल पर सवार कुआड़ी के राजकुमार गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गये। ग्रामीणों के सहयोग से उन्हे इलाज के लिए कुर्साकाटा लाया गया।
सेवानिवृति पर दी विदाई
रेणुग्राम (अररिया) : बघमारा मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र झा के सेवानिवृत होने पर विद्यालय परिसर में विदाई समारोह का आयोजन रविवार को किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों द्वारा गीत-संगीत का भी आयोजन हुआ। इस अवसर पर शिक्षक गीत गोविन्द झा, सुदर्शन मंडल, किरण प्रकाश, नृपेन्द्र विश्वास, विश्वम्भर मंडल, रुद्रानन्द मंडल, चन्द्रशेखर आदि के अलावा ग्रामीण व स्कूल के छात्र उपस्थित थे।
पंचायत चुनाव: डोर टू डोर जा रहे प्रत्याशी
कुर्साकांटा (अररिया) : आगामी 20 अप्रैल को प्रथम चरण के तहत होने जा रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के बीच घमासान मचा है। सभी प्रत्याशी गण डोर टू डोर की नीति अपनाएं हुए हैं तथा अपने-अपने पंचायत के सर्वागीण विकास के नाम पर वोट मांग रहे है।
ज्ञात हे कि कुर्साकांटा प्रखंड में कुल 13 पंचायत हैं। जिला पार्षद पंचायत समिति, मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य एवं पंच के सभी उम्मीदवारों द्वारा प्रचार के नए-नए नुख्शे अपनाएं जा रहे है। ऐतिहासिक दृष्टिकोण से पंचायतों का भविष्य यू तो पंचायत के मतदाता को हीं करना है। मतदाताओं का कहना है कि विकास के दृष्टिकोण से प्राय: पंचायत काफी पिछड़ा है जिसे दूर करने के लिये बहुमुखी प्रतिभा के धनी उम्मीदवार का चयन पंचायत वासी करना चाहते हैं।
शिविर के समापन पर कार्यक्रम
अररिया : राष्ट्रीय सेवा योजना पीपुल्स कालेज इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय शिविर का समापन शनिवार को देर संध्या हो गया। बीएन मंडल विश्वविद्यालय के निर्देशन में यह शिविर का आयोजन बेलवा पंचायत अंतर्गत मनव्वर नगर में किया गया था। शिविर के समापन सत्र की अध्यक्षता पीपुल्स कालेज के उपाध्यक्ष डा. नवल किशोर दास ने की। शिविर के समापन अवधि में स्वागताध्यक्ष की भूमिका कालेज प्रधानाचार्य प्रो. महफुर्जुरहमान ने निभायी। कार्यक्रम के अंतिम दिन एनएसएस अररिया कालेज इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी डा. अशोक पाठक, पीपुल्स कालेज के प्रो. युगेश झा, प्रो. वकार, प्रो. नजीम सहित कई प्राध्यापकों ने संबोधित किया। एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा कई कार्यक्रम पेश किया गया। सनद रहे कि इस शिविर का उद्घाटन बीएनएमयू के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डा. लतीफ ने किया था।
होटल से लुटा सामान अब तक बरामद नही
फारबिसगंज (अररिया) : बस पड़ाव स्थित एक होटल में चार दिन पूर्व यहां ठहरे यूपी के युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटा गया सामान की बरामदगी अभी तक नहीं हुई है। पीड़ित युवक रामवीर सिंह को शनिवार की देर सायं फारबिसगंज थाना परिसर के सामने बेहोशी की हालत में पुलिस ने बरामद कर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके दोबारा बेहोश होने के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है। जबकि उक्त युवक चोरी गये लैपटाप तथा अन्य सामान की बरामदगी के लिए दिन भर थाने का चक्कर काटता रहा। हालांकि पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार भारत रेस्ट हाउस के तीन कर्मचारियों को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है। जबकि होटल मालिक से भी पूछताछ की। इधर पुलिस ने सामानों की बरामदगी के लिए कई संदिग्ध जगहों पर छापेमारी की। इधर, गिरफ्तार कर्मियों ने मामले में होटल मालिक की भूमिका पर कई जानकारियां पुलिस को दी थी।
सड़क दुर्घटना में दंपती समेत तीन जख्मी
कुसियारगांव (अररिया) : अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटना में रविवार को पति-पत्नी समेत तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार कुर्साकांटा मार्ग बटूरवाड़ी जिलेवी चौक समीप अररिया से अपने गांव साहसमल जा रहे मोटर साइकिल सवार राजेन्द्र ततमा अपनी पत्नी चमेली देवी के साथ संतुलन खो जाने के कारण आगे चल रहे वाहन से टकरा गये। दूसरी घटना अररिया से बुधेश्वरी रामपुर जाने के क्रम में मवेशी को बचाने के क्रम में बेरगाछी गांव के समीप मोटर साइकिल पर पीछे बैठी महिला समा प्रवीण सड़क पर आ गिरी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गयी।
घोड़ाघाट में जलसा शुरू
रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के घोड़ाघाट में दो दिवसीय जलसे की शुरूआत शनिवार से शुरू हुई। शैखुल हिन्द एजूकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी के संयोजन में आयोजित इस जलसे में मुल्क के नामी गिरामी उलेमा हजरात ने तकरीर पेश की। जिसमें मो. हनीफ शानी, मो. इशहाक, मुफ्ती अलीमउद्दीन, शमशाद अहमद, मोजाहिरी आदि ने इशलाहे आसरा पर विस्तार से चर्चा की।
Sunday, April 3, 2011
नाच उठा शहर व झूम उठे गांव
फारबिसगंज(अररिया) : यह जुनून का चरम था। धौनी के विजयी छक्के के साथ पूरा शहर, गांव झूम उठा। पटाखों की लड़ी चौक चौराहों पर फूटने लगा। क्या युवा, क्या बच्चे, बूढ़े और क्या महिलाएं सभी की खुशी देखते नहीं बनती थी। चिल्लाहटों की उस शोर से मिलकर विजयी हुंकार के एकल स्वर में बदल गयी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार की देर संध्या क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में श्रीलंका पर भारत की छह विकेट से जीत ने फारबिसगंज में क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। खुशी इतनी कि कई आंखे छलक उठी तो कई खुशी के मारे सड़क पर ही नाचने गाने लगे। घरों में टीवी सेट से चिपके क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर निकल आये। सभी एक दूसरे से लिपट गये। शहर के बस पड़ाव तथा द्विजदेनी मैदान मं खुले आसमान के नीचे विशाल पर्दे पर प्रोजेक्टर के माध्यम से मैच का प्रसारण हो रहा था जहां क्रिकेट प्रेमियों की बड़ी भीड़ मैच देखने के लिए जमा थी। हरेक चौके छक्के पर डीजे की धुन गुंजने लगती और दर्शक नाचने झूमने लगते। एक एक रन और चौकों छक्कों पर पटाखों की लड़ी फुटने लगती। भारत की जीत के बाद तो पूरा शहर में जश्न मनने लगा। सड़कों पर भीड़ के साथ मोटरसाइकिल सवार धूम मचाने लगे। हिंदुस्तान जिंदाबाद, इंडिया इंडिया, जीत लिया, हरा दिया, इंडिया इज ग्रेट, धोनी युवराज जिंदाबाद, इंकलाब जिंदाबाद जैसे नारों से शहर की सड़कें गांव गलियां गुंजने लगी। शहर में देर संध्या महिलाएं सड़कों पर निकलकर नाचने झूमने लगी। सब क्रिकेट की विश्वकप जीत में मस्त हो गये। देर रात तक शहर में जीत के स्वर लहरी गूंजती रही।
विश्व विजेता बनने पर जश्न में डूबा अररिया
अररिया : शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम बंबई में खेले गये भारत श्री लंका के बीच खिताबी मुकाबले में भारत की जीत के प्रति पहले से ही आश्वस्त लग रहे थे शहरवासी और हुआ भी वही। इस उतार चढ़ाव भरे मैच का आनंद उठाने के लिए लोगों ने सुबह से ही अपने कार्यो को निपटा लिये थे।
भारत की पारी शुरू होते ही मलिंगा के पहले ओवर की पहली गेंद पर विस्फोटक पारी खेलने वाले वीरेन्द्र सहवाग को एलबीडब्लू करार दिया गया तो खेलप्रेमियों में मायूसी छा गयी। टीवी से चिपके लोगों की धड़कने कुछ क्षणों के लिए थम गयी। हार के डर से मायूस लोगों को एक और तेज झटका लगा जब विश्व के महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को मलिंगा ने विकेट के पीछे कैच आउट करवा दिया। बाद में गंभीर और कोहली ने किसी तरह पारी को संवारा। 49 वें ओवर में धोनी ने जैसे ही विजयी छक्का लगाया तो खेल प्रेमी उछल पड़े और पूरा शहर जश्न में डूब गया। अपने अपने हाथों में तिरंगा लिये क्रिकेट के दीवाने शहर के सड़कों पर निकल पड़े और तरह तरह के गगनभेदी नारे लगाते रहे। गली मोहल्ले तक जीत के जश्न में डूबा रहा अररिया। रात भर आतिशबाजियों एवं पटाखों की गूंज से आसमान सतरंगी हो गयी होली और दिवाली एक साथ मनने लगी। लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर भारत के विश्व विजेता बनने की खुशियां व्यक्त की। खेलप्रेमियों ने जय हो जय हो का नारा, सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्ता हमारा लगाते देखे गये है। पटाखों की गुंज से सड़कों पर उजाला जैसा दृश्य रहा। रात भर लोग जश्न में डूबे रहे है। शहर के एडीबी चौक से चांदनी चौक, काली मंदिर चौक, नवरत्न चौक सहित अन्य मुहल्लों में 28 सालों बाद भारत को मिली इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे है।
लोगों ने इस जीत का श्रेय पूरी टीम व कोच गैरी कर्स्टन को दे रहे है। जिन्होंने समय समय पर खिलाड़ियों को उचित सलाह दी। लोगों का कहना है कि काफी दिनों के बाद फाइनल मुकाबले में भारत को यह सफलता मिली है।
संसू के अनुसार कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी के बल्ले से विजयी छक्का निकलते ही शनिवार की रात शहर की सड़कों पर सुनाई देने लगी सिर्फ पटाखों की आवाज। क्लब के लड़कों ने जय हो कहकर शहर के कई सड़कों पर मार्च किया। भारत के इस जीत पर पूरा जिला झूम उठा। दीपावली सा माहौल दिखनें लगा था शनिवार की रात। जिला क्रीड़ा संघ, जिला फुटबाल संघ, जिला क्रिकेट एसोसिएशन, एथलेटिक्स संघ, शतरंज संघ कैरम संघ, वालीबाल संघ, खोखो आदि संघ के अधिकारियों ने टीम इंडिया को बधाई दी तथा चयनकर्ता को साधुवाद दिया है। टीम के जीत पर जिला क्रीड़ा संघ कार्यालय में होली सा माहौल दिखा। लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाया तथा मिठाइयां बांटी गयी। वहीं काली बाजार क्रिकेट क्लब, भेनस क्रिकेट क्लब के सदस्यों के द्वारा भी खूब आतिशबाजी की गयी। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से जिला क्रीड़ा संघ के सचिव मासूम रेजा, आबिद हुसैन अंसारी, चांद आजमी, मो. एहसान, ओमप्रकाश जायसवाल, गजेन्द्र सोरेन, तमल सेन तमाल, एम.ए. मुजीब, अजय सेन गुप्ता, अनवर करीम, वकार अहमद, प्रभात कु. मुन्ना, अजय श्रीवास्तव आदि शामिल हैं।
विश्वकप में जीत पर होली व दीपावली एक साथ
रेणुग्राम/पलासी/कुर्साकांटा (अररिया) : विश्व कप के फाइनल मैच में शनिवार की रात फाइनल में श्रीलंका पर भारत की जीत पर क्रिकेट प्रेमियों का जुनून चरम पर पहुंच गया और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। रमई मिर्जापुर, घोड़ाघाट, खवासपुर, अम्हारा, सिमराहा, मानिकपुर आदि गांवों में रात भर जश्न का माहौल बना रहा। किक्रेट प्रेमी कुमार जी, मेजर कुमार, चिन्मय भारद्वाज, विजय ठाकुर, तरुण, दिलीप शंकर आदि ने पटाखा छोड़कर भारत की जीत का जश्न मनाया और भारतीय टीम को जीत की शुभकामना दी।
पलासी निज संवाददाता के अनुसार शनिवार को मुंबई में खेले गये विश्वकप क्रिकेट के फाइनल मैच में भारतीय क्रिकेट टीम की श्रीलंका क्रिकेट टीम पर 28 साल बाद हुई ऐतिहासिक विजय पर प्रखंड क्षेत्र में दीवाली सा माहौल बन गया। इस बाबत क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी सहित पूरी भारतीय टीम तथा कोच गैरी कर्सटन को बधाई दी है। बधाई देने वालों में मो. हारुन रशीद, राम विलास सिंह, मो. जुबेर आलम, मो. इम्तियाज आलम, अशोक यादव, उमेश चौधरी, के कुमार, खुशीनाथ यादव, संतोष यादव, पंकज यादव, मुकेश यादव, शंकर यादव, मनोज यादव आदि शामिल हैं।
कुर्साकांटा निज प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार के दिन फाइनल मैच में श्रीलंका और भारत का जबरदस्त मुकाबला रहा। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न चौक चौराहों पर मैच देखने की काफी भीड़ देखी गई। मैच देखने के लिये 3 बजते-बजते कुर्साकांटा व कुआड़ी मार्केट की सड़के सूनी हो गई और दुकानें बंद। नेहरू युवा क्लब कुआड़ी के द्वारा मैच दिखाने हेतु टीबी लगाई गई थी जहां देखने वालों का जमघट लगा हुआ था। ज्योंही भारत की जीत हुई लोग हर्ष ध्वनि कर तालियां बजाते हुए नाचने लगे। लोग बम पटाखे फोड़ने लगे, चारों तरफ रात के अंधेरे में भी जश्न का माहौल नजर आया।
क्रिकेट प्रेमियों ने निकाला जुलूस
फारबिसगंज (अररिया) : विश्वकप क्रिकेट टूर्नामेंट-2011 के फाइनल मैच में भारतीय टीम की जीत पर रविवार को क्रिकेट प्रेमियों ने डीजे के साथ नाचते-झूमते खुशियों का जुलूस निकाला। विश्वकप का प्रतिरूप ट्राफी लिये क्रिकेट प्रेमी शहर के पोस्ट आफिस चौक से निकलकर सदर रोड होते हुए विभिन्न मार्गो से गुजरे। डीजे का कानफाडू संगीत पर क्रिकेट प्रेमी ठुमके लगाते चले। अबीर-गुलाल से सराबोर झूमते क्रिकेट प्रेमियों ने राहगीरों को जीत की बधाई दी और माथे पर विजयी टीका, गालों पर गुलाल लगाया। सभी एक दूसरे से गले मिलकर भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का जश्न मनाया। जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे-बूढ़े एवं युवा क्रिकेट प्रेमी शामिल हुए। दर्जनों मोटर साइकिल सवार जुलूस के आगे-आगे चलते रहे और हिन्दुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते रहे। प्रतिरूप ट्राफी को एक हाथ से दूसरे हाथ दिया जाता रहा। धौनी एण्ड कंपनी द्वारा 28 वर्ष बाद दूसरी बार इस विश्वकप जीत पर क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी।
भारत के विजेता बनने पर निकाला जुलूस
जोगबनी (अररिया) : क्रिकेट में भारत के विश्व विजेता बनने पर भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित जोगबनी व नेपाल के रानी विराटनगर में रविवार को जश्न का माहौल रहा। इस मौके पर जोगबनी युवा मंच द्वारा गाजे बाजे के साथ नाचते हुए नगर भ्रमण किया तथा अबीर-गुलाल लगाये। नेपाल में भी जश्न का माहौल रहा। भारत श्रीलंका के बीच कल हुए विश्वकप फाइनल मैच को लेकर नेपाल व जोगबनी में शनिवार को दोपहर से ही सन्नाटा पसर गया तथा लोग टीवी से चिपक गये। कई जगहों पर प्रोजेक्टर व नेपाल के सिनेमा हाल में मैच का प्रसारण किया जा रहा था। भारत के विजय होते ही पटाखों की लड़ी लग गयी। रविवार को युवा मंच द्वारा जुलूस निकालकर कप लिये बाजार का भ्रमण कर खुशियों का इजहार किया। इस मौके पर राजू राय, राजेश पूर्वे, मंटू भगत, योगेश तापड़िया, गयानंद ठाकुर, राजकुमार, भीम राय, सुधीर अग्रवाल, खुशबू, जावेद खान, सोनू विक्रम सिंह सहित दो सौ से अधिक युवा मौजूद थे।
विश्व कप जीतने पर सांसद ने दी बधाई
अररिया : अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय टीम की शानदार जीत पर अररिया सहित संपूर्ण देश वासियों को बधाई दी है। वहीं, उन्होंने अररिया जिले में क्रिकेट व क्रिकेट मैदान के विकास के लिये योजना बद्ध तरीके से काम करने की भी बात कही है।
सांसद ने कहा कि नये साल के मौके पर भारतीय खिलाड़ियों ने विश्व कप में शानदार जीत हासिल कर एक मिशाल कायम की है। नर्व वर्ष पर इससे अच्छा तोहफा शायद कुछ नहीं हो सकता था। उन्होंने बताया कि वे और विधायक आनंदी प्र. यादव ने टीवी पर लगातार मैच देखा तथा इस बात को समझने में कुछ कुछ सफल रहे कि क्रिकेट को क्यों दुनिया का महान खेल कहा जाता है। सांसद ने कहा कि सहवाग व सचिन के आउट होने पर तो सांसे ही थम गयी थी। श्री सिंह ने बताया कि वे अररिया में क्रिकेट व क्रिकेटरों के विकास के लिये जल्द ही योजना बद्ध तरीके से कार्य करेंगे।
रेणु का साहित्य संसार अद्भुत: उषा गागुली
रेणुग्राम (अररिया) : विश्व रंगमंच दिवस के मौके पर पूर्णिया में नाट्य मंचन को ले पहुंची कलकत्ता की प्रसिद्ध नाट्य संस्था रंगकर्मी की निर्देशिका प्रो. ऊषा गांगुली ने शुक्रवार को रेणुगांव हिगना औराही पहुंच कर रेणु के परिजनों से मुलाकात की तथा रेणु के साहित्य संसार का दर्शन किया।
इस दौरान प्रो. गांगुली ने पत्रकारों को बताया कि रेणुजी की लेखनी, कहानियां और आंचलिक भाषा में जादुई स्पर्श है। उनके शब्दों, किस्सों के पात्र जीवंत हैं तथा उनके इर्द गिर्द घूमते रहते थे। उनकी भाषा में जादू है। उन्होंने कहा कि देश विदेश घुमने के बावजूद रेणु जी के गांव में अद्भुत लग रहा है। रेणु का साहित्य संसार भी अद्भुत है। यहां आना बड़ा अच्छा लगा।
रेणु जी की चर्चा करते हुए प्रो.गांगुली ने बताया कि वे कलकत्ता विश्वविद्यालय में जब प्रोफेसर थी तो छात्रों को रेणु जी की कहानी पढ़ाती थी। इसलिए उनके साहित्य संसार से व्यक्तिगत जुड़ाव है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि वे जर्मनी, अमेरिका के न्युजर्सी, न्युयार्क तथा वाशिंगटन के अलावा बांग्ला देश के ढाका आदि सहित कई देशों में नाटक का शो कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें रुदाली, मैय्यत, लोक कथा, गांव-गुटबा आदि नाटकों के मंचन से खूब प्रसिद्धि मिली। उन्होंने बताया कि जर्मनी में काशीनामा नामक नाटक का पांच शो किया। इस पर फिल्म भी बन रही है।
अब उनका इरादा रेणुगांव में भी नाटक शो करने का है। रेणुगांव भ्रमण में उनके साथ भरत नाट्य कला केन्द्र पूर्णिया के सचिव उमेश आदित्य, निर्देशक मिथिलेश राय, रुबी, रंजना, गुड़िया, रामबाबू, सूमन, अमित, शशिकांत, रमन आदि रंगकर्मी भी मौजूद थे।
अभाविप की इकाई का गठन
फारबिसगंज (अररिया) : वर्ष 2011 के लिए अभाविप की फारबिसगंज नगर, कालेज व आईटीआई इकाई का गठन कर लिया गया है। इसके साथ ही नरपतगंज व फुलकाहा इकाई का पूर्ण गठन विगत दिन संपन्न छात्र सम्मेलन में प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार एवं प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार कर्ण की उपस्थिति में किया गया। जिला प्रमुख प्रो. एमपी सिंह व जिला संयोजक मनोरंजन मेहता ने सर्व सम्मति से नामों की घोषणा की।
फारबिसगंज नगर के लिए नगर अध्यक्ष प्रो. जेएल राय, उपाध्यक्ष प्रो. ज्योतिष साह, प्रो. उर्मिला जैन, नगर मंत्री अरविंद राज, नगर सहमंत्री प्रभु यादव, पप्पू राम, अभिषेक यादव, सतीश कुमार, आशिष, छोटू, अजीत कुमार, कार्यालय मंत्री अमित कुमार, सहमंत्री बंटी सिंह, कोष प्रमुख राज प्रकाश चौधरी सह प्रमुख अजय मंडल, एसएफडी प्रमुख आशुतोष मिश्रा, सह प्रमुख महेश यादव, स्वाध्याय मंडल प्रमुख रुपेश कुमार, सह प्रमुख रंजन कुमार के साथ नगर कार्य समिति सदस्य प्रो. के एन झा, विवेकानंद झा, दिनानाथ शर्मा, उपेन्द्र यादव, रूपेश राज, संदीप कुमार, संजय जयसवाल, बब्लू गुप्ता, चंदन पासवान के नामों की घोषणा की गई है। फारबिसगंज कालेज के लिए कालेज अध्यक्ष पिंटू यादव, उपाध्यक्ष नीरज कुमार, रंजीत मेहता, गोलू मंडल, नितेश कुमार, कालेज मंत्री, पंकज झा, सह मंत्री किशोर कुमार भारती, रंजीत सिंह, राजेश सिंह, मनोज कुमार, पांडव कुमार, कार्यालय मंत्री धर्मानंद कुमार, कोष प्रमुख नवीन कुमार के साथ-साथ वीडीबी कालेज प्रमुख के रूप में भुपेश कुमार, आईटीआई अध्यक्ष ललन कुमार, आईटीआई प्रमुख चंदन कुमार, सह प्रमुख अजीत कुमार तथा अजय कुमार।
वही नरपतगंज के लिए नगर मंत्री विभूति कुमार सिंह, नगर सहमंत्री अमित कुमार, राहुल यादव, राजीव रंजन, कार्यालय मंत्री अमित भगत, कार्यालय सह मंत्री मुकेश कुमार, कोष प्रमुख सूर्य भूषण राय, सह प्रमुख राज कुमार झा, कार्य समिति सदस्य के रूप में चंदन यादव, अजय कुमार झा, अभिलाष कुमार, मुणाल कुमार, अनिल कुमार, विशाल कुमार, राजीव राही, प्रीतम भगत तथा फुलकाहा इकाई के लिए नगर मंत्री दिनेश यादव, नगर सह मंत्री मनोज यादव, कौशल कुमार, रिकेश यादव, उत्तम झा, कोष प्रमुख अश्रि्वन मालाकार, सहकोष प्रमुख बब्लू पासवान, कार्यालय मंत्री रुपेश यादव, सह मंत्री दिलखुश कुमार के अलावें कार्य समिति सदस्य के लिए आलोक शर्मा, अशोक राय, संतोष कुमार रंजीत कुमार, पांडव कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया कुमार, भवेश यादव के नामों की घोषणा की गयी है।
मजदूरों को पीट कर लूटी ढाई लाख की संपत्ति
नरपतगंज (अररिया) : शुक्रवार के रात्रि बेखौफ सशस्त्र 40 अपराधियों ने दरगाहीगंज के निकट बन रहे रेलवे पुल संख्या 99 (गेरूआ धार) के निकट कार्य कर रहे सोमरेन कंट्रक्शन के 25 मजदूरों को मारपीट कर बंधक बना कर मोटरसाइकिल सहित लगभग दो लाख की संपत्ति लूट कर भाग निकले।
घटना की जानकारी प्राप्त होते ही डीएसपी फारबिसगंज रामकृपाल शर्मा नरपतगंज थानाध्यक्ष टीपी सिंह एवं फारबिसगंज थानाध्यक्ष ने पुलिस बल व सैफ जवानों के साथ घटना स्थल के आस-पास गांवों में छापामारी की। जिसमें पंजरकट्टा (बढ़ेपारा पंचायत) के घरों यादव के घेरो यादव के घर से लूटी गए 10 मोबाइल, 75 लीटर डीजल, तीन बैट्री बरामद की गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी नही हो पाई है।
सोमरेन कंट्रक्शन के मैनेजर प्रमोद कुमार मंडल, गार्ड बिन्देश्वर मंडल, मजदूर अबु से मिली जानकारी बीती रात्रि 40 के पास अपराधियों ने मजदूरों को बंधक बनाकर मोबाईल 15 सेट, बैट्री 3, डीजल 300 लीटर, मोटरसाइकिल टीवीएस मैक्स 100 पीबी 54 एफ 9288, लोहे की छड़ एक क्विंटल एवं अन्य समान उठाकर चलते बने।
पंचायत चुनाव को लेकर महिलाओं में उत्साह
रानीगंज (अररिया) : पंचायत चुनाव को लेकर महिलाओं का उत्साह भी काफी बढ़ा हुआ है। महिलाओं के लिए सुरक्षित सीटों पर उम्मीदवारी देने के लिए अवकाश प्राप्त शिक्षिकाएं सहित विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाएं काफी बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रही है। ग्रामीण महिलाओं की जागृति का अंदाज इससे भी लगता है कि वे पूर्व के जन प्रतिनिधियों के कार्यो का लेखा जोखा में खामियां एवं अनियमितता मतदाताओं तक अभी से पहुंचाना आरंभ कर दिया है।
मध्य विद्यालय बसैटी में लगातार 25 वर्षो तक अध्यापन कार्य करने के बाद प्रधानाचार्य पद से अवकाश लेने के पश्चात मदिना खातुन शनिवार को मुखिया पद से अपना पर्चा दाखिल किया है। भागलपुर विश्वविद्यालय के सुन्दरवती महिला महाविद्यालय से शिक्षा ग्रहण करने वाली 61 वर्षीय मदिना खातुन कहती है कि आज भी हमारे समाज में नारी शिक्षा की कमी है। मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य आदि पदों पर नामांकन करने वाली रीता देवी, पुष्पा देवी, कविता देवी, विरमा देवी आदि कहती है कि पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं को मिले आरक्षण से स्त्री-पुरुष का विभेद मिटेगा। बसैटी पंचायत के मुखिया पद की अभ्यर्थी अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापिका का मानना है कि समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा तथा गांव-समाज के विकास में अहम भूमिका निभानी होगी।
गोदामों का एसडीओ ने किया भौतिक सत्यापन
फारबिसगंज (अररिया) : जिला पदाधिकारी के निर्देश पर फारबिसगंज एसडीओ जीडी सिंह ने शनिवार को कृषि बाजार समिति प्रांगण स्थित बीएसएफसी के चार गोदामों का वार्षिक भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान एसडीओ ने गोदामों में रखे अनाजों की गुणवत्ता के साथ साथ स्टाफ पंजी की भी जांच पड़ताल की। इस दौरान एसएफसी के गोदाम प्रबंधक उपेन्द्र पासवान मौजूद थे। हालांकि जांच परिणाम के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है।
मुखिया प्रत्याशी की मौत
नरपतगंज (अररिया), : प्रखंड के पोसदाहा पंचायत के मुखिया प्रत्याशी कुंजीलाल मंडल उर्फ बिहारी मंडल की शुक्रवार के रात्रि ब्रेन हेमरेज होने से मौत हो गई। उन्हें ब्लैक बोर्ड चुनाव चिन्ह आवंटित है। इस संबंध प्रखंड कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कुंजीलाल मंडल की मौत की खबर जिला पदाधिकारी को दे दी गयी है।
यूपी के युवक को होटल में लूटने मामले में तीन गिरफ्तार
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के बस पड़ाव स्थित एक रेस्ट हाउस में ठहरे यूपी के एक युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल के तीन स्टाफ युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों ने पुलिस के समक्ष कई चौंकाने वाले बयान दिये हैं। उन लोगों ने होटल मालिक की भी इसमें संलिप्तता की बात स्वीकारी है। युवक की चोरी गई मोबाइल पुलिस ने बरामद कर ली है।
यूपी के आगरा के किरावली निवासी युवक रामवीर ने पुलिस को बताया कि 31 मार्च की संध्या वह होटल के कमरा नंबर 101 में ठहरा था। रात खाना के समय होटल के स्टाफ द्वारा कोल ड्रिंक्स लाकर दिया गया। जिसे पीने के बाद वह शुक्रवार दोपहर तक बेहोश रहा। होश आने पर अपना लैपटाप, हैंडी कैम कैमरा, सोने की चेन, पर्स, करीब नौ हजार रुपया नकद, पर्स, एटीएम कार्ड व अन्य सामान्य गायब पाया। पीड़ित युवक यूपी के गोल्ड लाइफ टैलेंट नामक संस्थान के फोटोग्राफी पत्रकारिता का छात्र है जो नेपाल के धरान में फोटोग्राफी प्रशिक्षण के लिये जा रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल के स्टाफ पिपरा बाजार निवासी शंभू कुमार चौधरी (17), विनोद चौधरी (14), तथा स्थानीय पटेल चौक निवासी संजीव कुमार को गिरफतार कर लिया है। पुलिस ने होटल के दूसरे कमरे से युवक का मोबाइल भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार होटल स्टाफ ने घटना में होटल मालिक की संलिप्तता की बात स्वीकारी है। उसने होटल में वेश्यावृत्ति कराने की बात भी बताई है। गिरफ्तार युवकों ने कई चौंकाने वाली जानकारी पुलिस को दी है।
ओल्ड सिलेबस की मैट्रिक परीक्षा शुरू
फारबिसगंज (अररिया) : विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित पुराने पाठ्यक्रम पर आधारित मैट्रिक की परीक्षा शनिवार को फारबिसगंज अनुमंडल मुख्यालय में बनाये गये एक परीक्षा केन्द्र ली एकेडमी में कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा शुरू हुई। आयोजित प्रथम दिन के परीक्षा में 1179 परीक्षार्थियों में 30 अनुपस्थित रहे। परीक्षा सात अप्रैल तक चलेगी। केन्द्र पर केन्द्राधीक्षक यदुनंदन पोद्दार तथा दंडाधिकारी चंदन प्रसाद की देखरेख में परीक्षा ली जा रही है।
अपहृत किसान सकुशल लौटा घर
जोकीहाट(अररिया) : शुक्रवार को जोकीहाट थाना क्षेत्र के जहानपुर गांव के भट्ठा चौक से अपहृत किसान तेजनारायण विश्वास उर्फ तिनकौड़ी सकुशल देर रात घर लौट आये। पुलिस दबिश से घबराकर अपराधियों ने उन्हें गुरूवार की देर रात जोकीहाट थाना क्षेत्र के खुट्टी चौक के पास ही मुक्त कर दिया। जहां से वे घर लौट आये। हालांकि उन्होंने किसी अपराधी को पहचानने से फिलहाल इन्कार किया है। विदित हो कि अपहरण के बाद ग्रामीणों ने अररिया-किशनगंज मुख्य मार्ग को जाम कर उग्र प्रदर्शन भी किया था। बाद में पुलिस द्वारा 24 घंटे के अंदर बरामदगी का आश्वासन दिये जाने पर जाम हटाया था। इधर, पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गयी है। शनिवार को जोकीहाट थाना पहुंचे डीआईजी अमित कुमार ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस दबिश के कारण अपहर्ता अपने मंसूबे में नाकामयाब रहे। उन्होंने अररिया व किशनगंज जिले के पुलिस पदाधिकारियों की सक्रियता की सराहना करते हुए बताया कि जल्द ही पुलिस अपहर्ता को चिंहित कर गिरफ्तार करेगी। डीआईजी श्री कुमार ने बताया कि अपहरण के पीछे फिरौती और हत्या की संभावना क्षीण ही लगती है। उन्होंने बताया कि पुलिस अपहरण के कारणों को लेकर कई बिंदुओं पर अनुंसधान कर रही है। ज्ञात हो कि अपहरण की घटना के बाद से पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआइजी अमित कुमार स्वयं इसकी मानेटिरिंग कर रहे थे। उनके निर्देशन में अररिया व किशनगंज पुलिस अभियान को अंजाम तक पहुंचाने में सफल रही।
उधर घर लौटे तिनकौड़ी ने बताया कि अपहर्ताओं ने मेरे साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया और आंखों पर पट्टी बांधकर कहां कहां ले गये यह पता नहीं चला। तिनकौड़ी ने बताया कि बाद में उन लोगों ने रात में ही मोटरसाइकिल पर बैठाकर मुझे खुट्टी चौक के निकट छोड़ दिया।
अपहृत किसान के घर लौटने से उनके परिजनों और ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है। ग्रामीण दामोदर विश्वास, राजद नेता अरूण यादव, मुखिया रामनारायण यादव,जोगी विश्वास आदि ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की।
पति की मौत के बाद विधवा को डायन बता घर से निकाला
फारबिसगंज(अररिया) : महिला सशक्तीकरण के दौर में भी नारी प्रताड़ना के मामले लगातार प्रकाश में आ रहे हैं। फारबिसगंज में एक महिला के पति की मौत हो जाने के बाद ससुराल वालों ने उसे डायन बता कर घर से बाहर कर दिया हैं। पीड़िता रूबी देवी ने न्याय के लिए कोर्ट में गुहार लगाई जिसके आधार पर फारबिसगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है। रूबी देवी के आवेदन के अनुसार बीते फरवरी माह में फारबिसगंज के पटेल चौक वार्ड नंबर 24 निवासी मनोज कुमार साह नामक युवक की मौत सुपौल के वीरपुर स्थित ससुराल में संदिग्ध अवस्था में हो गयी थी। उसके बाद ससुराल आने पर उसके ससुराल वाले उसे डायन बता कर पति की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराने लगे तथा मारपीट कर घर से भगा दिया। रूबी देवी ने ससुराल के नगीना प्रसाद साह, विनोद कुमार साह, सुबोध प्रसाद साह तथा संगीता देवी पर प्रताड़ित किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
चोरी की मोटर साइकिल के साथ एक धराया
अररिया : एडीबी चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक के आगे वार्ड संख्या 13 निवासी प्रमोद नाथ झा की मोटर साइकिल की डिक्की तोड़कर चोरी करते एक चोर को आसपास के लोगों ने रंगे हाथ दबोचने में सफलता पायी है। दबोचने के बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। दबोचे गये चोर का नाम नरेन्द्र कुमार पिता बाल यादव निवासी गेड़ाबाड़ी बताया जा रहा है। पुलिस ने श्री झा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वेतन की मांग को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों का धरना
फारबिसगंज(अररिया) : कई माह से लंबित वेतन के भुगतान की मांग को लेकर रेफरल अस्पताल परिसर में चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने शनिवार को धरना दिया। इस दौरान अस्पताल में आउटडोर सेवा पूरी तरह बाधित रही। हालांकि बाद में धरना स्थल पर पहुंचे सिविल सर्जन डा. बीके सिंह ने कर्मियों को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर धरना समाप्त हुआ। धरना पर बैठे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. जेएन प्रसाद ने बताया कि ट्रेजरी पदाधिकारी के असहयोगात्मक रवैये के कारण चिकित्सक सहित स्वास्थ्य कर्मियों को पिछले कई माह से वेतन नहीं मिल पाया है जबकि आवंटन दिया जा चुका है। धरना पर बैठे बीएचएम मनोहर कुमार ने बताया कि उन्हें एक वर्ष से वेतन नहीं मिला है। एम्बुलेंस चालक विनोद पासवान ने बताया कि दो वर्षो से उसका भुगतान नहीं हुआ है। वहीं स्वास्थ्य कर्मी सतेन्द्र झा ने वेतन न मिलने के कारण भारी परेशानी से जूझने की बात कही। धरने पर डा. अजय कुमार, डा. विजय कुमार, डा. एचके सिंह, डा. अतहर, डा. रेशमा अली, डा. आनंद कुमार, डा. पीएन गुप्ता, स्वास्थ्य कर्मी रानी कुमारी, प्रमिला कुमारी, इला कुमारी, सुलोचना कुमारी, रेणु कुमारी, नीलम कुमारी, पार्वती देवी, अफरोज आलम, शैलेन्द्र गुप्ता, रामनरेश सिंह, वैद्यनाथ झा, मो. हसीब अंसारी, मो. शमशुल, संजय साहा आदि बैठे थे। वहीं डा. अजय कुमार ने बताया कि सीएस ने वेतन भुगतान के मामले में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की बात कही है। साथ ही डीएम ने दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही है।
दहेज के लिए विवाहिता को पीटा, हत्या का प्रयास
फारबिसगंज (अररिया) : क्षेत्र में दहेज के लिए प्रताड़ित किये जाने का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। फारबिसगंज थाना क्षेत्र के परवाहा में एक विवाहिता को दहेज के लिए शुक्रवार को मारपीट किया गया है तथा उसे जलाने का प्रयास भी किया गया है। पीड़िता रंजू देवी को घायलावस्था में उसके पिता ने रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया है। इस संबंध में रंजू के पिता फारबिसगंज के दस आना कचहरी निवासी कन्हैया प्रसाद साह ने अपनी विवाहिता पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। श्री साह ने कहा है कि उसने अपनी बेटी की शादी परवाहा गांव के श्यामसुंदर साह के साथ वर्ष 2005 में की थी। शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसे बराबर प्रताड़ित किया जा रहा था। इधर, उस पर घर से 25 हजार रूपये लाने का दबाव डाला जा रहा था। इसी को लेकर शुक्रवार को परवाहा में उसकी पुत्री रंजू देवी को उसके पति श्यामसुंदर साह, ससुर उदयानंद साह एवं देवर के शह पर कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा तथा गला दबाकर व केरोसीन छिड़क कर हत्या करने का प्रयास भी किया गया। लेकिन समय पर घटना की सूचना मिल जाने के कारण वह परवाहा पहुंच गये तथा किसी तरह पुत्री को स्थानीय लोगों के सहयोग से फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
बाल श्रमिक को मालिक ने पीटा
फारबिसगंज (अररिया) : पूर्णिया में मालिक की पिटाई से त्रस्त होकर करीब आठ वर्षीय एक घरेलू नौकर (बाल श्रमिक)शनिवार को भागकर ट्रेन से फारबिसगंज पहुंच गया। फारबिसगंज के सुभाष चौक पर संदिग्ध हालत में स्थानीय युवकों ने उक्त बच्चे को देखा तो पूछताछ करने पर पूर्णिया से भागने संबंधी बात की जानकारी मिली। भटका बच्चा अपना नाम राहुल कुमार झा निवासी बनगांव जिला सहरसा बताता है। उसे अपने मां-बाप के बारे में कुछ भी मालूम नही है। राहुल ने बताया कि वह बनगांव स्थित नाना गौरी शंकर झा के यहां रहता था। कुछ माह पूर्व ही उसके नाना ने उसे पूर्णिया स्थित एक व्यक्ति के घर झाड़ू-पोछा का काम करने लगवाया था। लेकिन मालिक की पिटाई के बाद डर कर वह घर से भाग गया। स्थानीय युवक रवीन्द्र पासवान, विजय स्वर्णकार, राजू पासवान, पशुपति शर्मा, गोविन्द के द्वारा बच्चा को भोजन कराया और बाद में फारबिसगंज थाना पुलिस को सौंप दिया गया। इधर फारबिसगंज पुलिस ने बताया कि भटके हुए बच्चे की जानकारी सहरसा पुलिस को दी गई है ताकि परिजन को सूचना दी जा सके। भटका हुआ बच्चा पूर्णिया स्थित अपने मालिक का नाम नही बता पा रहा है। जबकि उसे माता-पिता के नामों की भी जानकारी नही है। राहुल के गर्दन पर जख्म के निशान है। उसने बताया कि मालिक की पिटाई से यह घाव हुआ है।
अवैध दवा दुकान में छापा, हजारों की दवाएं जब्त
अररिया : गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को नगर थाना क्षेत्र के करहरा पैकटोला में बिना अनुज्ञप्ति के दवा दुकान एवं चिकित्सा का कार्य कर रहे एक झोला छाप चिकित्सक की दुकान पर छापा मार कर 35 हजार से अधिक मूल्य की दवाएं जब्त की गयी। छापामारी ड्रग निरीक्षक दल ने की। जब्ती के बाद सभी दवाईयों को नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं, झोला छाप चिकित्सक अफरोज आलम के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
छापेमारी का संचालन कर रहे ड्रग निरीक्षक विश्वजीत सेन गुप्ता ने बताया उन्हें पूर्व से यह सूचना मिल रही थी कि उक्त दुकान काफी दिनों से बिना लाइसेंस के दवा बेच रही है तथा उसके संचालक ग्रामीणों को बहला फुसलाकर इलाज के नाम पर अवैध उगाही भी कर रहे हैं। इस सूचना पर जब छापेमारी की गयी तो तीन बड़े व एक छोटा कार्टून में 36 तरह की दवाईयां पायी गयी तथा कई लोग चिकित्सा करवाते देखे गये। श्री सेनगुप्ता ने आशंका व्यक्त की है कि जब्त दवा में कई आइटम नकली भी हो सकते हैं। उन्होंने सभी दवाओं की जांच कराने की बात कही। श्री सेनगुप्ता ने बताया कि छापामारी के दौरान ही दुकानदार चकमा देकर फरार हो गया।
544 ने किया नामांकन
रानीगंज(अररिया) : कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को प्रखंड के 544 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। जिसमें सर्वाधिक वार्ड सदस्य के लिए 293 व सबसे कम सरपंच पद के लिए 28 पर्चे दाखिल किये गये। रानीगंज व बौंसी थाना पुलिस ने प्रखंड परिसर के प्रवेश द्वार पर बैरियर लगाकर अभ्यर्थियों के साथ एक समर्थक को आने की अनुमति दी। शनिवार को मुखिया पद पर 54, सरपंच 28, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 53 एवं वार्ड पंच के लिए 116 पर्चे दाखिल किये गये जिसमें महिला अभ्यर्थियों की संख्या काफी थी। विभिन्न पदों के लिए अब तक प्रखंड में 2693 नामांकन दाखिल हो चुके है।
Saturday, April 2, 2011
अप्रैल के अंत में शुरू होगा पोषण दिवस कार्यक्रम
अररिया : समाज कल्याण विभाग व स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पोषक क्षेत्र के सभी महिलाओं व बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण सेवा प्रदान की जायेगी। विभाग द्वारा ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस मनाने को लेकर सभी डीएम व सीएस को पत्र भेजा है। इसी के आलोक में शुक्रवार को सिविल सर्जन डा. सीके सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी। बैठक के पश्चात सीएस डा. सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के लिए पीएचसी स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार किया जायेगा। प्लान बनाने का जिम्मा एमओआईसी व बनवाने का दायित्व स्वास्थ्य प्रबंधक को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि पांच अप्रैल तक पीएचसी का माइक्रो प्लान बनेगा इसके बाद सात अप्रैल को प्रशिक्षण की तिथि निर्धारित की गयी है। डा. सिंह ने बताया कि तैयार माइक्रो प्लान को राज्य स्तर पर स्वीकृत होने के बाद जिला में कार्यक्रम शुरू होगा। श्री सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम जिले में अप्रैल माह के अंत में चालू किया जायेगा। बैठक में डीपीएम रेहान अशरफ, आशा डीसीएम अंजूलता, महामारी रोग विशेषज्ञ अमलेंदु झा समेत कई हेल्थ मैनेजर मौजूद थे।
निकासी के अभाव में वेतन मद की राशि हुई वापस
अररिया : आखिरकार जिसका डर था वही हुआ। अररिया में नये डीडीसी के पोस्टिंग नहीं होने के कारण निकासी के अभाव में जिले को प्राप्त करोड़ों रुपये का आवंटन सरकार को वापस कर दिया गया। यहीं नहीं प्रशासन को प्राप्त दर्जनों कर्मचारियों के वेतन मद की राशि भी 31 मार्च को निकासी नहीं हो पाई। हालांकि गुरुवार को आशा जगी थी कि प्रभारी डीडीसी डीआरडीए निदेशक जफर रकीब को डीएम के स्तर से वित्तीय पावर दिया जायेगा परंतु संचिका में आपत्ति दर्ज कर बैरंग लौटा दिया गया। प्रभारी डीडीसी को वित्तीय अधिकार देने के लिए डीएम के स्तर से डेढ़ माह पूर्व ही सरकार को पत्र लिखा गया था परंतु वित्तीय वर्ष समाप्ति के समय में भी कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ। जिसका खामियाजा जिला को भुगतना पड़ा। जानकारी के अनुसार निकासी के अभाव में जिला परिषद कार्यालय को प्राप्त बीआरजीएफ योजना मद का 10 करोड़ 22 लाख, बीआरजीएफ प्रशिक्षण मद का करीब 15 लाख, जिप कर्मियों के वेतन मद का 9 लाख 2 हजार रूपया मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह डीडीसी के नहीं रहने के कारण लेप्स हो गया। जबकि डीआरडीए प्रशासन मद वेतन मद की 6 लाख 56 हजार रुपया सरेण्डर हो गया। जबकि स्वास्थ्य विभाग के द्वारा भी लाखों की राशि वापस की गयी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से मदरसा शिक्षकों का एरियर व वेतन मद में अवशेष करीब एक करोड़ की राशि प्रत्यर्पित की गयी। इसके अतिरिक्त डीएसई कार्यालय द्वारा प्रखंड शिक्षक मानदेय मद में 3 लाख 71 हजार, अपीलीय प्राधिकार वेतन मद में एक लाख 08 हजार, 900, बीईईओ मद में 3 लाख 54 हजार 520 तथा स्थापना कार्यालय मद का एक लाख 12 हजार 153 रुपये प्रत्यर्पित की गयी। 31 मार्च खत्म होने के बाद शुक्रवार को कोषागार कार्यालय में कार्य बिल्कुल ठप्प रहा। कोषागार पदाधिकारी की माने तो एक भी विपत्र उनके पास लंबित नही बचा है। इधर सिविल सर्जन डा. सीके सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से वापस होने वाली राशि का ब्यौरा पीएचसी स्तर से नहीं आया है। डा. सिंह ने बताया कि सभी पीएचसी प्रभारी को 24 घंटे के अंदर लेखा पंजी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। 31 मार्च के गड़बड़ी रोकने को लेकर डीएम के द्वारा पहले ही कई आदेश जारी किये गये थे।
प्रशिक्षण में कोताही होने पर नपेंगे एमटी: डीएम
अररिया : पंचायत चुनाव के लिए प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण देने वाले मास्टर ट्रेनरों की जिला निर्वाचन सह जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने शुक्रवार को क्लास ली। आत्मन कक्ष में आयोजित मास्टर ट्रेनरों की बैठक में डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण में किसी भी प्रकार की कोताही बरतने पर आपके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। श्री सरवणन ने कहा कि चुनाव में प्रतिनियुक्त कर्मियों को आपके द्वारा हर हाल में गुणवत्ता पूर्ण प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण देते समय इस बात का ख्याल रखें कि वह किस तरीके से जानकारी ले सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दो दिनों के प्रशिक्षण में मतदान के दिन बूथ पर प्रयोग किये जाने वाले प्रपत्रों को भरने की सही-सही जानकारी दे, ताकि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। उन्होंने इस दौरान मतदानकर्मियों के समस्या का भी समाधान करने पर बल दिया।
प्रशिक्षण में फार्मासिस्टों को मिली जानकारी
अररिया : आईडीएसपी अर्थात एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के तहत साध्य व असाध्य रोगों के सर्वेक्षण व समय पर निदान के लिए जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, एएनएम व फार्मासिस्टों का प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को सदर अस्पताल परिसर में संपन्न हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डा. सीके सिंह ने किया। उद्घाटन सत्र में डा. सिंह ने आईडीएसपी के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डाला। डा. सिंह ने कहा कि आज आज मलेरिया, कालाजार, डेंगू, चिकेन पाक्स, फलेरिया, पोलिया आदि ऐसी बीमारियां हैं जिनका समय पर पता नहीं चले तो लोगों की जान भी जा सकती है। वहीं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डा. मो. मोइज ने बीमारियों के निदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। डीपीएम मो. रेहान अशरफ ने भी कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। जबकि महामारी रोग विशेषज्ञ अरुमेन्दू झा ने प्रशिक्षण के मुख्य बिंदु पर विस्तृत चर्चा की। मौके पर आशा डीसीएम अंजूलता, चिकित्सक डा. जितेन्द्र, डा. शरद कुमार आदि मौजूद थे।
रानीगंज में सैरात की शत-प्रतिशत वसूली
रानीगंज (अररिया) : रानीगंज अंचल में सैरात की शत प्रतिशत वसूली हुई है। जबकि राजस्व लगान के कुल डिमांड की 82 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। रानीगंज अंचलाधिकारी रामविलास झा ने जानकारी देते हुए बताया कि सैरात व राजस्व लगान के मद में 38 लाख 89 हजार 7 सौ 55 रुपये के डिमांड पर 33 लाख 33 हजार 8 सौ 84 की वसूली की गयी है जिनमें 10 लाख 69 हजार एक रुपये सैरात के मद में तथा 22 लाख 64 हजार 8 सौ 83 राजस्व लगान के रूप में प्राप्त हुआ है। श्री झा ने बताया कि ओला वृष्टि, आंधी तूफान आदि ले प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद इस लक्ष्य को प्राप्त किया है। 89 राजस्व ग्राम एवं 09 हलका में हलका न. 03 के सरयुग मेहता ने शत-प्रतिशत राजस्व वसूली प्राप्त किया है। विपरीत परिस्थितियों में भी लक्ष्य प्राप्ति के लिए सीओ ने सभी राजस्व कर्मियों को धन्यवाद दिया।
जनसंपर्क अभियान तेज
नरपतगंज (अररिया) : चुनाव चिन्ह आवंटित होते ही नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। साथ ही गांव के चौपालों, चाय व पान दुकानों पर चुनावी चर्चा परवान चढ़ने लगी है।
नरपतगंज प्रखंड में 29 पंचायतों में 29 मुखिया, 29 सरपंच, 41 समिति एवं वार्ड सदस्य एवं पंच पदों का चुनाव आगामी 6 मई को होना है। बहरहाल प्रतिनिधि बनकर अपनी किस्मत चमकाने के ख्वाब के साथ संभावित प्रत्याशियों का मतदाताओं के आगे माथा टेकने का अभियान जोर पकड़ने लगा है।
लापरवाही से नहीं मिल पाया दफादार चौकीदारों को वेतन
अररिया : बिहार राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत की जिला शाखा की बैठक शुक्रवार को नगर स्थित काली मंदिर धर्मशाला में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि राज्य सचिव डा. संत सिंह उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामदेव पासवान ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए डा. सिंह ने कहा कि तृतीय अनुपूरक बजट में पास दफादार-चौकीदारों के वेतन मद में 40 करोड़ 55 लाख 66 हजार रूपये पास कराकर बिहार सरकार द्वारा बीस जिलों को आवंटन भेजा गया। लेकिन वित्त विभाग तथा गृह विभाग के पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण 31 मार्च तक इसे एक्टीवेट नहीं किया जा सका जिस कारण दफादार चौकीदारों का बिल पास नहीं किया जा सका। डा. सिंह ने इस मामले की जांच कराये जाने की मांग मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री से की है। डा. सिंह ने कहा कि इन जिलों के दफादार चौकीदारों का पांच माह से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण उनके समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गयी है। बच्चों की पढ़ाई बंद हो गयी है। बैठक में 14 अप्रैल को बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर पटना में आयोजित रैली को सफल बनाने का भी निर्णय लिया गया तथा लोगों से इसमें बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की। बैठक में श्री नारायण ततमा, दिनेश राय, पवन लाल ठाकुर, लक्ष्मण पासवान, विष्णुदेव, फुलेश्वर मांझी, रामप्रसाद ततमा, लाखो देवी, अबु सेफियान, किशुनदेव पासवान, सच्चिदानंद पासवान, सदानंद, विनोद पासवान, सीताराम मांझी, सत्यनारायण ततमा आदि ने अपने अपने विचार व्यक्त किया।
पंचायत चुनाव: प्रखंड की 32 पंचायतों में 893 ने किया नामांकन
रानीगंज (अररिया) : प्रखंड के 32 पंचायतों के विभिन्न पदों के लिए शुक्रवार को 893 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन की अंतिम तिथि ज्यों-ज्यों निकट आ रही है त्यों-त्यों मुखिया पद सहित पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को मुखिया पद के लिए 104 नामांकन के साथ अब उनकी कुल संख्या 272 हो गयी है। जबकि पंसस के लिए 124 नामांकन के बाद उसकी कुल संख्या हो गयी है। सरपंच पद के लिए शुक्रवार को 48 नामांकन, वार्ड सदस्य के लिए 468 एवं पंच के लिए 149 पर्चे भरे गये।
प्रखंड के 32 पंचायतों में मुखिया के 32 पदों में से 16 पद महिलाओं के लिए आरक्षित है। जबकि सरपंच के 32 पदों में भी 16 महिलाओं के लिए आरक्षित है। पंचायत समिति सदस्य के 46 पद है जबकि पंच व वार्ड सदस्यों के लिए 455 पद पर भी महिला सहित विभिन्न कोटि के आरक्षण लागू हैं। इस प्रखंड के लिए 04 जिला परिषद के क्षेत्र है। नामांकन के लिए सोमवार 04 अप्रैल अंतिम तिथि निर्धारित है।
जांच की मांग
नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड से अचरा पंचायत को जोड़ने वाली सड़क निर्माण में लगी कंपनी के विरुद्ध ग्रामीणों ने लिखित शिकायत फैक्स उच्चाधिकारियों को भेज कर जांच करने की मांग की है। ग्रामीण चैतन्य यादव, दीपचंद, गुलाव चंद राय, रविन्द्र भगत, राज कुमार, मनोज, महेश सहित दर्जनों ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विगत वर्ष आई प्रलयंकारी बाढ़ को देखते हुए भी सड़क को ऊंची नहीं किया गया है।
जलसा आज से
रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के घोड़ाघाट गांव में शनिवार से आयोजित होने वाले दो दिवसीय जलसा को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है। इसको लेकर पंडाल निर्माण का कार्य अंतिम चरण में हैं वहीं जलसा में जुटने वाली भीड़ को लेकर रोशनी, पानी आदि की व्यवस्था की आयोजकों द्वारा की गई। इस धार्मिक आयोजन में जगह-जगह के बड़े-बड़े धार्मिक गुरु के भाग लेने की जानकारी आयोजकों ने दी है।
निवर्तमान जिप सदस्य समेत आठ ने किया नामांकन
अररिया : आठवें चरण में हो रहे पंचायत चुनाव के लिए रानीगंज प्रखंड में नामांकन का दौर जारी है। शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के चार जिला परिषद क्षेत्रों से निवर्तमान जिप सदस्य समेत कुल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। सहायक निर्वाची पदाधिकारी देवेन्द्र राम ने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्र सं. 19 से जिप सदस्य पद के लिए विन्देश्वरी मुखिया, जयप्रकाश यादव, अशोक पासवान क्षेत्र सं. 20 से निवर्तमान जिप सदस्य दयानंद रजक फौजी, अचमित ऋषिदेव, क्षेत्र सं. 21 से बीबी असगरी बेगम, बेनजीर व अनीसा रानी ने नामजदगी का पर्चा भरा है। क्षेत्र सं. 10 से शुक्रवार को भी एक भी नामांकन नहीं हुआ है।
नपकर्मी के निधन पर शोक
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज नगर परिषद में कार्यरत मोहर्रिर मो. यूनुस का देहावसान शुक्रवार को हो गया। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर प्रधान सहायक परमानंद कुंअर, सुरेन्द्र नाथ मिश्र, शंकर झा, कुष्णानंद मंडल, योगानंद मंडल, गणेश राय, गंगा प्र. दास, कुंदन सिंह, मुकेश पांडेय, प्रमोद चौपाल, मनोज श्रीवास्तव, राजेश यादव, विनोद सिंह, पृथ्वीचंद पासवान आदि नप कर्मियों ने शोक व्यक्त किया है।
विश्वकप फाइनल में नियमित बिजली की मांग
फारबिसगंज (अररिया) : शनिवार को आयोजित होने वाले विश्व कप क्रिकेट मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों ने नियमित विद्युत आपूर्ति की मांग विभागीय अधिकारियों से की है। क्रिकेट प्रेमी हरीलाल मेहता, कन्हैया गुप्ता, अशोक कुमार, छोटू, बबलू, टूनटून, दिवाकर, चौरसिया, राहुल ठाकुर, आयुष, अमन, विपुल विश्वास ने मैच के समय नियमित बिजली देने की मांग की है।
अभाविप ने निकाली भ्रष्टाचार विरोधी रैली
फारबिसगंज (अररिया) : देश में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार की संध्या शहर में भ्रष्टाचार विरोधी रैली निकाली। अभाविप कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार सहित काले धन को लेकर केन्द्र की यूपीए सरकार के खिलाफ नारे बाजी की। कार्यकर्ताओं ने केन्द्र की यूपीए सरकार भ्रष्टाचार का नया अवतार, काला धन वापस लाओ, मनमोहन जिसका ताऊ है वो सरकार बिकाऊ है, विद्यार्थी परिषद जिंदाबाद जैसे नारे लगाये। अभाविप के प्रांतीय सदस्य रविशंकर यादव व विभाग प्रमुख सुबोध ठाकुर के नेतृत्व में रेणु सार्वजनिक पुस्तकालय से रैली निकलकर शहर के विभिन्न मार्गो से होकर गुजरा और पुस्तकालय पहुंच सभा में तब्दील हो गया।
इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए परिषद के प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने कहा कि यूपीए सरकार के त्रिगुट नेतृत्व सोनिया, राहुल व मनमोहन के संरक्षण में देश में फैल रहे भ्रष्टाचार एवं घोटालों से लोकतंत्र शर्मसार है। मनरेगा में दे रहे है एक रुपया और खा रहे है करोड़ों रुपया। उन्होंने भ्रष्टाचार और इसे संरक्षण देने वालों के खिलाफ छात्र युवा से आगे आने की अपील की और कहा कि अभाविप का आंदोलन जारी रहेगा। सभा को जिला संयोजक मनोरंजन मेहता, प्रो. जेएल राय, आशीष देवराज, आशुतोष मिश्रा, अरविंद राज, अभिषेक यादव, पिंटू यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में राम कुमार केसरी, रेणु वर्मा, मंचन केसरी, भोला यादव, मोहन दास, मनोज झा, रंजीत सिंह, प्रो. ज्योतिष चौधरी, अजय मंडल, सतीश श्रीवास्तव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
शिविर में दी योग की जानकारी
अररिया : नगर स्थित शिवपुरी प्रांगण में योग साधना केंद्र के तत्वावधान में महिला रोग निवारण शिविर का आयोजन शुक्रवार को किया गया। शिविर में भारतीय योग संस्थान दिल्ली के महामंत्री श्री देशराज एवं संगठन मंत्री श्री राय सिंह जी ने योग के शंका समाधान, अस्थि(रीढ़) दोष व पाचन प्रणाली आदि पर विस्तृत जानकारी दी। शिविर में उपस्थित लोगों ने विभिन्न प्रकार की होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। यह शिविर पूर्णिया, अररिया, सहरसा, कटिहार जिलों में लगभग 35 केंद्रों पर चलाये जा रहे हैं। इस मौके पर विमल कोचर, डा. एसके सिन्हा, अजीत लाल, स्वाती वैश्यंत्री, इंदू सिन्हा, पुष्पा कोचर, गीता भगत, बेनी प्रसाद पाटोदिया, अजय कुमार सिंह एवं उनके सहयोगी मौजूद थे।
सेवानिवृति पर शिक्षक को विदाई
पलासी (अररिया) : प्रखंड के मध्य विद्यालय कलियागंज में शुक्रवार को सेवानृवित शिक्षक मो. जमील अख्तर के सामान विदाई समारोह आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता पूर्व मुखिया धर्मनाथ चौधरी ने की। मौके पर सुमर मल जैन, शिक्षक बटेश नाथ झा, सरजुग लाल साह, देवी चौधरी, समन्वयक सियाराम यादव आदि मौजूद थे। समारोह की शुरूआत छात्रों द्वारा स्वागत गान से किया गया।
निधन पर शोक सभा
फारबिसगंज (अररिया) : प्रलेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमला प्रसाद के आकस्मिक निधन पर इन्द्रधनुष साहित्य परिषद के तत्वावधान में शुक्रवार को एक शोक सभा आयोजित की गयी। प्रो. कमला प्रसाद बेखबर की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में स्थानीय साहित्यकारों ने शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। जिनमें प्रमुख रूप से कर्नल अजित दत्त, डा. जगदीश लाल मंडल, डा. एमएल शर्मा, प्रो. परमेश्वर प्र. साह, डा. सुधीर धरमपुर, डा. अनुज प्रभात, हेमंत यादव शशि, विजय बंसल, राज नारायण प्रसाद, विनोद कुमार तिवारी, रणविजय यादव, फुलेश्वर प्र. मोदी आदि उपस्थित थे।
गायत्री अनुष्ठान का समापन
फारबिसगंज (अररिया), हप्र : गुरुवार की संध्या रामलाल उच्च विद्यालय, हरिपुर डाक के प्रागंण में बाबा पंडित प्रदीप पाण्डेय के सान्निध्य में हरिद्वार से आये संतों द्वारा गायत्री अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मोहन लाल दास के संरक्षण में कामेश्वर लाल दास, कुमुद दास, प्रफुल्ल दास समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त किया जबकि कई लोगों ने दीक्षा ग्रहण भी किया।
फारबिसगंज में इंटर की प्रायोगिक परीक्षा कल से
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज कालेज केन्द्र में अंतर स्नातक 2011 का प्रायोगिक परीक्षा आगामी तीन से सात अप्रैल तक होगी। परीक्षा का समय सुबह नौ बजे से बारह बजे तक होगी, क्योंकि इस केन्द्र पर स्नातक प्रथम एवं द्वितीय खंड की परीक्षाएं दो बजे अपराह्न से चल रही है। उक्त जानकारी केन्द्राधीक्षक सह प्रधानाचार्य डा. सतीन्द्र कुमार के हवाले से मीडिया प्रभारी डा. अरविन्द कुमार वर्मा ने दी।
बिहार दिवस पर कुर्साकाटा के तीन छात्रों ने पटना में लहराया परचम
कुर्साकांटा (अररिया), निप्र: कुर्साकाटा प्रखंड क्षेत्र के तीन छात्रों ने बिहार दिवस पर पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का नाम रोशन किया है। तीनों छात्रों ने पटना में जिले का प्रतिनिधित्व किया। तीनों छात्रों ने वहां सफलता का परचम लहराया है। बिहार स्थापना दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुर्साकांटा प्रखंड के मध्य विद्यालय कुआड़ी के अष्टम वर्ग के छात्र जय कृष्ण यादव ने पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेकर अररिया जिले का नाम रोशन किया है। उसे विशिष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में कुर्साकांटा प्रखंड के मध्य विद्यालय कुआड़ी के अष्टम वर्ग के छात्र राहुल कुमार सिंह ने भाग लिया। जबकि वाद विवाद प्रतियोगिता में उसी विद्यालय के सप्तम वर्ग के छात्र मो. आयूब ने भाग लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। तीनों छात्रों को वहां सम्मानित किया गया।
Subscribe to:
Posts (Atom)










