Sunday, July 17, 2011

सभी के सहयोग से रूकेगा मानव व्यापार: डेरेक ग्लास

फारबिसगंज(अररिया) : पुलिस प्रशासन सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों तथा स्थानीय समुदाय के सहयोग से मानव व्यापार पर अंकुश लगाया जा सकता है। भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर महिलाओं की तस्करी की रोकथाम के लिए आंद्रा इंडिया भविष्य में और भी कई कार्यक्रम चलायेगा जिसमें स्थानीय पुलिस प्रशासन, एसएसबी व अन्य एजेंसियों तथा स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी। यह बातें अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था आंद्रा इंडिया के कंट्री हेड सह संस्था के राष्ट्रीय कार्यक्रम कार्यकारी निदेशक डेरेक ग्लास ने होटल ग्रिन प्लाजा में एक प्रेस वार्ता में कही। दक्षिणी अफ्रीकी निवासी श्री ग्लास ने कहा कि भारत नेपाल की खुली लंबी सीमा से नेपाल से भारत में महिलाओं, लड़कियों की ट्रैफिकिंग होती रही है जिसको लेकर संस्था काफी समय से फारबिसगंज जोगबनी सहित अन्य इलाकों में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन, आरपीएफ, एसएसबी से मानव तस्करी रोकने की दिशा में नये कर्यक्रम के तहत वार्ता चल रही है। जबकि सीमावर्ती जोगबनी शहर के विभिन्न वार्डो में जागरूकता अभियान चलाकर मानव तस्करी पर रोक लगाने का शीघ्र कार्यक्रम चलाया जायेगा। इसके तहत शीघ्र ही पुलिस को भी प्रशिक्षण दिया जायेगा। श्री ग्लास क्षेत्र में आंद्रा के चल रहे स्टाप ह्यूमन ट्रैफिकिंग कार्यक्रम तथा गरीबी उन्मूलन की दिशा में हो रहे प्रयासों को देखने यहां पहुंचे हुए थे। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र का भ्रमण भी किया। उन्होंने कहा कि आंद्रा इंडिया अब नेपाल में चल रहे आद्रा नेपाल के साथ समन्वय बिठाकर मानव व्यापार पर रोकथाम के लिए काम करेगा। श्री ग्लास के साथ आन्द्रा के कार्यक्रम पदाधिकारी राजन पाइदीमाला, प्रोजेक्ट निदेशक राकेश कुमार शर्मा, अभय श्रीवास्तव, अमर गुप्ता, अभिषेक आदि मौजूद थे। उन्होंने दुधमूंहे बच्चों को दूध पिलाने के लिए नेपाल से महिलाओं की हो रही तस्करी की सूचना की दिशा में भी काम करने की संभावना की बात श्री डेरेक ने कही।
बाक्स
बिहार में विकास से अब दूर हो रही लोगों की भ्रांतियां: डेरेक ग्लास
-आंद्रा इंडिया के कंट्री हेड स्टाप ट्रैफिकिंग की समीक्षा को पहुंचे फारबिसगंज
फारबिसगंज(अररिया),जासं: दक्षिणी अफ्रीकी निवासी सह आंद्रा इंडिया के कंट्री हेड डेरेक ग्लास को बिहार की विकास रास आयी है। श्री ग्लास ने कहा कि बिहार में अब विकास हो रहा है जो काबिले तारीफ है। श्री ग्लास आद्रा संस्था द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में मानव व्यापार के रोकथाम के लिए चलाये जा रहे कार्यक्रम की समीक्षा करने फारबिसगंज पहुंचे थे। बिहार के बारे में पूर्व में कई भ्रांतिया सुनने के बाद पहली बार बिहार पहुंचे डेरेक ग्लास ने कहा कि यहां अब निवेश हो रहा है। विकास के काम चल रहे हैं। यही कारण है कि पहले की तरह बिहार से अब पलायन नहीं हो रहा है। उन्होंने बिहार और यहां के लोगों की तारीफ की। श्री डेरेक ने कहा कि बिहार में बदली सकारात्मक परिस्थिति के कारण ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्थाएं यहां आकर काम कर रही है और यहां के लोगों का भरपूर सहयोग भी मिल रहा है।

0 comments:

Post a Comment