Sunday, July 17, 2011

सामाजिक अंकेक्षण में खुली खामियों की पोल

रेणुग्राम(अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत सिमराहा मध्य विद्यालय मैदान पर शनिवार को पश्चिमी औराही एवं पूरबी औराही पंचायतों में हुए विकास कार्यो का सामाजिक अंकेक्षण जनजागरण शक्ति संगठन की कामायनी स्वामी के नेतृत्व में किया गया। इस जन सुनवाई में मनरेगा एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में व्याप्त गड़बड़ी का मामला छाया रहा।
जनजागरण के आशीष व कामायनी ने उपस्थित लोगों को बताया कि पश्चिमी औराही पंचायत में वर्ष 2009-10 में मनरेगा अंतर्गत कई योजनाओं में कई लोगों के खाते से बिना उनकी जानकारी के रूपयों का उठाव हो गया है। उन्होंने बताया कि कई मजदूरों को पता भी नहीं है कि डाकघर में उनके नाम का खाता खोला गया है। वहीं,आशीष ने बताया कि औराही पश्चिम में वर्ष 10-11 में 46 लाख राशि की 21 योजनाएं ली गयी है इसमें अभी तक 24 लाख का खर्च अभी तक हुआ है। काम धीमी गति से हो रहा है। उन्होंने बताया कि राजा पोखर, रानी पोखर व वार्ड नंबर दस में महादलित टोले में मिट्टी भराई में मजदूरी में अनियमितता सामने आयी है। आशीष ने जानकारी दी कि बीते वित्तीय वर्ष 10-11 का पूरबी औराही के आठ आंगनबाड़ी केंद्रों का अंकेक्षण किया गया जिसमें एक लाख 92 हजार एक सौ 69 रूपये का गड़बड़ी सामने आया है। जन सुनवाई में मनरेगा के पीओ मो. इरशाद आलम, पंचायत तकनीकी सहायक ब्रजेश कुमार, सुशील कुमार, जेई प्रभात रंजन, अशोक कुमार, आंगनबाड़ी डीपीओ सीपी सिंह, सीडीपीओ ए बरवां, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी नुनु लाल चौधरी, मुखिया सलाउद्दीन, सुनील मंडल आदि उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment