Thursday, February 23, 2012

सात हेडमास्टरों से पूछा स्पष्टीकरण

अररिया : गुरूवार को मध्याह्न भोजन योजना के प्रभारी पदाधिकारी रवींद्र राम ने भरगामा, रानीगंज तथा नरपतगंज प्रखंड के कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अधिकांश स्कूलों को दोपहर बाद बंद पाया तथा एमडीएम की पंजी व कागजात को संधारित नहीं पाया। उन्होंने ऐसे सात स्कूलों के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण पूछा है। एमडीएम के प्रभारी पदाधिकारी रवींद्र राम ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने रानीगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय फरसाहाट, उमवि बेंगवाही, मवि नगराही, उमवि भरना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि मवि परसाहाट व उमवि बेंगवाही बंद पड़ा था। बेंगवाही में तीन नियोजित शिक्षक मौजूद थे। जबकि छात्रों की संख्या शून्य थी। उन्होंने बताया कि मवि नगराही में तत्कालीन एचएम वीणा वर्मा वेतनमान पर सतबिटा में नियुक्त हो गयी हैं, परंतु उन्होंने अब तक प्रभार नहीं सौंपा है। उनके समक्ष ग्रामीणों ने बताया कि अब भी वीणा वर्मा ही यहां सब कुछ देखती हैं। श्री राम ने भरगामा के उमवि गोलहा तथा नरपतगंज प्रखंड के उमवि मधुरा हरिजन तथा मवि अचरा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन सभी स्कूलों के एमडीएम कागजातों में गड़बड़ी पकड़ी है। श्री राम ने बताया कि सभी सात स्कूल के एचएम से स्पष्टीकरण पूछा गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन व्यवस्था में बाधा डालने वाले को बख्शा नहीं जायेगा।

0 comments:

Post a Comment