Saturday, February 25, 2012

अलग-अलग दुर्घटना में घायल दो की मौत


पलासी (अररिया) : कलियागंज-जोकीहाट मुख्य मार्ग पर गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायल दो व्यक्तियों की मौत हो गयी। जबकि एक व्यक्ति घायल है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार प्रात: पलासी-कलियागंज मुख्य मार्ग पर घने कोहरे के कारण ट्रक व मोटर साइकिल की टक्कर में मोटर साइकिल सवार मो. मुस्लिम बुरी तरह घायल हो गया। उसे पीएचसी पलासी में प्राथमिक उपचार के पश्चात चिकित्सक ने पूर्णिया रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान गुरुवार रात्रि उनकी मौत हो गयी। जबकि गुरुवार रात्रि पलासी-जोकीहाट मुख्य मार्ग पर मोहनियां ईंट भट्ठा के समीप मोटर साइकिल व ट्रैक्टर की टक्कर में मोटर साइकिल सवार दो व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गये। घायल मो. महताब उर्फ लड्डू साकिन सिकटी दहगामा तथा मो. जाफर दहगामा का उपचार पीएचसी पलासी में कराया गया। जहां चिकित्सक ने बेहतर उपचार हेतु अररिया रेफर कर दिया। इस क्रम में मो. महताब उर्फ लड्डू की मौत रास्ते में ही हो गयी। मृतक के परिजन ने बताया कि लड्डू अपनी नई मोटर साइकिल पल्सर गाड़ी पर पूर्णिया से अपने घर लौट रहा था।
वहीं एक अन्य घटना में पलासी जोकीहाट मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को ट्रैक्टर के बलुआ चौक के समीप पलटने से हरिलाल विश्वास साकिन मटियाटोला घायल हो गया। जिनका उपचार पीएचसी में कराया गया। थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि दोनों मृतक के शव को पोस्टमार्टम के हेतु भेज दिया है।

0 comments:

Post a Comment