Thursday, February 23, 2012

मैट्रिक परीक्षा: कदाचार के आरोप में दो निष्कासित



फारबिसगंज (अररिया) : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित मैट्रिक की परीक्षा के दूसरे दिन गुरुवार को अनुमंडल क्षेत्र में बनाये गए सभी 20 परीक्षा केन्द्रों पर विज्ञान विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस दौरान एसडीओ जीडी सिंह ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय परीक्षा केन्द्र से कदाचार के आरोप में दो परीक्षार्थी को निष्कासित कर दिया। इधर उड़नदस्ता टीम में शामिल कार्यपालक दंडाधिकारी शोभा रानी तथा नप के कार्यपालक पदाधिकारी गिरजानंद कापड़ी द्वारा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। वहीं पेट्रोलिंग दंडाधिकारी की टीम भी केन्द्र के बाहर गश्ती करते नजर आये। इधर केन्द्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल विधि व्यवस्था संधारण में मुस्तैद दिखे। परीक्षा केन्द्रों पर प्रशासन द्वारा धारा 144 लागू कर दिये जाने के बावजूद कुछ केन्द्रों पर परीक्षा के दौरान भीड़-भाड़ देखी गयी। हालांकि यहां पर लोगों की गतिविधि शांत रही। गौरतलब हो कि 22 फरवरी से आगामी 28 फरवरी तक चलने वाली परीक्षा में अनुमंडल के बीस परीक्षा केन्द्रों पर करीब दस हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल है। जिनमें 6 परीक्षा केन्द्रों पर करीब 29 सौ महिला परीक्षार्थी परीक्षा दे रही है। पिछले कई वर्षो के बाद यहां के परीक्षा केन्द्रों पर शांति दिख रही है।

0 comments:

Post a Comment