Thursday, February 23, 2012

बस दुर्घटना: नहीं हो पायी मृतक की पहचान


पलासी(अररिया) : कलियागंज मुख्य पथ पर बुधवार को हसनपुर के समीप हुई सड़क दुर्घटना में मारे गए एक व्यक्ति की पहचान गुरुवार तक नहीं हो पायी है। जबकि शव को अंत्य परीक्षण के पश्चात पलासी थाना में रखा गया है। इस संबंध में पलासी थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि मृतक के शव की पहचान हेतु बर्फ में रखा जायेगा। यदि शुक्रवार तक शिनाख्त नहीं हो पाती है तो शव का अंतिम संस्कार कर दिया जायेगा।
गौरतलब हो कि बुधवार को करीब साढ़े तीन बजे अपराह्न पलासी कलियागंज मुख्य पथ पर हसनपुर गिरागाछ के समीप बस के पलटने से जहां एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी थी जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये थे। मृतक के बाये हाथ पर गोदना से सदानंद लिखे जाने से ही उसके नाम की पहचान की गयी थी। किंतु कहां का रहने वाला है या कौन है? कहां से जा रहा था। इसकी अब तक कोई शिनाख्त नहीं हो पायी है। वहीं घायलों को पीएचसी पलासी में भर्ती कराया गया था। जिसमें नौ व्यक्तियों को बेहतर उपचार के लिए अररिया रेफर किया गया था। इस बाबत कलियागंज निवासी अबुनसर के फर्द बयान पर पलासी थाना में अज्ञात गाड़ी चालक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

0 comments:

Post a Comment