Friday, March 30, 2012

प्रमुख पर प्राथमिकी के बाद बढ़ी हलचल

भरगामा(अररिया) : प्रखंड प्रमुख पर राजस्व कर्मचारी द्वारा स्थानीय भरगामा थाना में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद भरगामा में राजनीतिक हलचल बढ़ गयी है। गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित जवाहर उच्च विद्यालय प्रांगण में प्रखंड के विभिन्न राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं संग जनप्रतिनिधियों व बुद्धिजीवियों की एक बैठक आहूत की गयी। जिसमें प्रखंड प्रमुख पर दर्ज प्राथमिकी को गहरी साजिश बताते हुए विरोध दर्ज कराया। बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने दर्ज प्राथमिकी पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए इसे प्रशासन की दमनात्मक प्रयास बताया। इस मामले को लेकर प्रशासनिक उच्चाधिकारियों से भी भेंट कर राजस्व कर्मचारी की कार्यशैली की जांच करवाने की मांग रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में विभिन्न पंचायत के पंचायत समिति सदस्य, मुखिया वार्ड सदस्य संग बुद्धिजीवी व विभिन्न राजनीतिक दल के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। यहां बतातें चलें कि पिछले मंगलवार को हलका कर्मचारी ब्रजकिशोर पासवान ने सरकारी कामकाज में बाधा डालने एवं अनावश्यक गाली गलौज व मारपीट करने को लेकर प्रखंड प्रमुख दिव्य प्रकाश यादवेंदु के विरूद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है।

0 comments:

Post a Comment