Wednesday, March 28, 2012

लीड: योजनाओं की प्रगति व राजस्व वसूली का डीएम ने लिया जायजा


रानीगंज (अररिया) : अररिया जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने मंगलवार को प्रखंड, अंचल एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की अद्यतन प्रगति, राजस्व वसूली एवं लोक सेवाओं का अधिकार से संबंधित जानकारियों की संचिका खंगाली। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने सबसे पहले प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों के लिए चलायी जा रही अति महत्वपूर्ण इंदिरा आवास योजना के लक्ष्य एवं आवंटन की पंचायत वार जानकारी ली। इसके अतिरिक्त पेंशन योजना, नि:शक्तता, कन्या विवाह, वीआरजीएफ, छात्रवृत्ति आदि योजनाओं की अद्यतन स्थिति का जायजा भी उन्होंने लिया। प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान बीडीओ ललन ऋषि निरीक्षण के दौरान जानकारियां उपलब्ध कराते दिखे।
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान राजस्व वसूली, लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम की अद्यतन जानकारी ली। राजस्व वसूली का शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति का निर्देश उन्होंने सीओ रामविलास झा को दिया। राजस्व वसूली के 44 लाख 63 हजार 6 सौ 66 रुपये लक्ष्य की तुलना में अब तक उसका 63 प्रतिशत 28 लाख 30 हजार 1 सौ 85 वसूली की जानकारी दी गयी। विदित हो कि रानीगंज अंचल में 32 पंचायतों में 8 हलका कर्मचारी है। अंचल में अब तक बास रहित महादलित परिवारों को रैयती भूमि के लक्ष्य 1083 के आलोक में 928 व्यक्तियों के बीच 27.84 एकड़ भूमि खरीद कर बांटा गया है। वही 103 व्यक्तियों के बीच महादलित बासगीत पर्चा 7.72 एकड़ भूमि बांटने की जानकारी सीओ द्वारा दी गई। सीओ ने यह भी जानकारी दी। पूरे अंचल में विभिन्न सर्वे बिहार सरकार भूमि 8354.5 एकड़ है जिनमें से 5822.62 एकड़ भूमि 8251 लाभान्वितों के बीच बांट दी गयी है। शेष बिहार सरकार की भूमि के संबंध में बताया कि ये भूमि नदी, नहर, सड़क, सैरात में है अथवा विवादित है।

0 comments:

Post a Comment