Thursday, December 2, 2010

योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता पर जोर

पलासी(अररिया),निसं: प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा भवन में मनरेगा से संबंधित योजनाओं के चयन व क्रियान्वयन को लेकर पंचायत समिति अध्यक्ष व मुखियों की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सदानंद यादव ने की।
बैठक में मुख्य रूप से वर्ष 2011-12 के लिए विभिन्न मनरेगा से संबंधित योजनाओं के चयन व क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गयी। इस क्रम में कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश रोजगार सेवकों को दिया गया। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिये जाने पर जोर दिया गया। प्रमुख श्री यादव ने रोजगार सेवकों को इस बाबत विशेष निर्देश दिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी अमिताभ ने भी कार्यो की गुणवत्ता पर जोर दिया।
मौके पर बीडीओ अमिताभ, कार्यक्रम पदाधिकारी अनिल कुमार दास, मुखिया राजेश मौआर, रामप्रसाद चौधरी, मो. शमीम अख्तर, मुर्शिद आलम आदि रहे। वहीं पंचायत समिति सदस्यों में मो. इम्तियाज आलम, महेश लाल साह, अशोक सम्राट आदि मौजूद थे।

बाबा रामदेव का आगमन नौ को, तैयारी जोरों पर

अररिया, जागरण प्रतिनिधि: योगगुरु बाबा रामदेव के आगामी नौ दिसंबर को अररिया आगमन को ले चहल पहल तेज होती जा रही है। बाबा के कार्यक्रम की सफलता को ले पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह जानकारी समिति के जिला अध्यक्ष प्रो. कमल नारायण यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि बाबा रामदेव आगामी नौ दिसंबर को अररिया जिले के भ्रमण पर आ रहे हैं। इस दौरान मुख्य कार्यक्रम शिवपुरी मुहल्ले में बिजली आफिस के बगल में होगा। जहां बाबा सुबह पांच बजे से साढ़े सात बजे तक योग प्रशिक्षण देंगे। पुन: दस से ग्यारह के बीच कार्यकर्ता बैठक के बाद एक बजे से फारबिसगंज के द्विजदेनी मैदान में बाबा रामदेव द्वारा योग प्रशिक्षण व व्याख्यान दिया जायेगा। दिन के अंतिम कार्यक्रम में भाग लेने बाबा रानीगंज पहुंचेंगे तथा चार बजे से साढ़े पांच बजे संध्या तक लालजी उच्च विद्यालय प्रांगण में आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे।
प्रो यादव ने बताया कि बाबा के कार्यक्रम की सफलता को ले उनकी अध्यक्षता में शुक्रवार को स्थानीय ठाकुरबाड़ी परिसर में योग समिति की बैठक आयोजित की गयी, जिसमें प्रदेश प्रतिनिधि अरुणेश जी तथा मंडल प्रभारी डा. संजीव कुमार उपस्थित थे।
इस अवसर पर विभिन्न समितियों का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि बैठक में लिये गये निर्णय के मुताबिक रुपेश रंजन शिविर स्थ्ज्ञल प्रभारी, ओमप्रकाश सोनू भोजन प्रभारी, राजेश कुमार मीडिया प्रभारी, विवेकानंद जी आवास प्रभारी, सुरेंद्र झा परिवहन प्रभारी, प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह सुरक्षा प्रभारी, प्रो. शैलेंद्र झा पार्किंग प्रभारी बनाये गये हैं।

लक्ष्य की ओर बढ़ रहा त्वरित न्यायालय

अररिया, विसं: जिले में त्वरित न्यायालय धीरे-धीरे अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। हालांकि अब त्वरित न्याय की राह में कई बाधाएं खड़ी है बावजूद लोगों को इसका लाभ मिल रहा है।
अररिया के विभिन्न सत्र न्यायालयों ने हत्या, डकैती, दुष्कर्म, आ‌र्म्स एक्ट आदि संगीन सेसन मामलों में सुसंगत न्याय के तहत अपना फैसला सुनाया है। किंतु सत्र न्यायालयों में पुलिस बल के साक्षियों की शीघ्र उपस्थिति को लेकर अड़चने आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अररिया के एडीएम प्रथम के न्यायालय ने जहां वर्ष 2010 में अप्रैल माह तक दिये सेसन के फैसले में हत्या व आ‌र्म्स समेत अर्थ दंड का फैसला सुनाया। तो त्वरित न्यायालय के न्यायाधीश गंगा राम शरण त्रिपाठी ने जुलाई 10 में डकैती के मामले के आरोपी को दस वर्षो की सजा व अर्थ दंड दिया।
उधर इन न्यायालयों ने वर्ष 09 में क्रमश: हत्या के प्रयास व दहेज हत्या के मामले में आरोपियों को पांच वर्ष का उम्रकैद की सजा सुनाया तो त्वरित न्यायालय प्रथम ने दुष्कर्म के प्रयास के दो मामलों में सात-सात वर्षो की सजा दी।
त्वरित न्यायालय द्वितीय विजय सिन्हा की अदालत ने वर्ष 2010 में पांच सेसन मामले में सजा सुनाया। जिसमें दुष्कर्म, दुष्कर्म के प्रयास, हत्या आदि मामले रहे। इसमें सत्रवाद संख्या 167/05 में मो. मंसूर उर्फ पिंटू, सत्रवाद संख्या 1004/08 में मो. इद्रीस, बीबी जुवेदा खातून, मो. मुस्ताक, बीबी हुस्ना व यासीन तथा शमीम अंसारी को उम्र कैद की सजा सुनाया तो नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म मामले में सत्रवाद 212/00 में लाल बहादुर मंडल व प्रवेश मंडल को आठ वर्षो की सजा व जुर्माना तथा सत्रवाद संख्या 287/10 में देवेश्वर लाल देव को तीन वर्षो की सजा व अर्थदंड दिये।
वहीं उक्त न्यायालय ने वर्ष 2009 में दस सेसन मामले का फैसला दिया, जिसमें हत्या के तीन मामले में चनकू मुर्मू, युगेश्वर सिंह, कमलेश्वरी साह को उम्रकैद तथा दुष्कर्म के एक मामले में सदानंद यादव, दहेज हत्या के दो मामलों में मो. अनवारूल अंसारी आदि अपहरण के बाद हत्या मामले में शंभु मरांडी व विष्णु मरांडी, डकैती में प्रमोद साह, दुलार चंद मंडल, सफाजुद्दीन तथा हत्या के प्रयास मामले के आरोपी प्यारचंद वर्मा को छह वर्षो की सजा आदि का अहम फैसला दिया।
त्वरित न्यायालय चतुर्थ जीतेन्द्र कुमार सिंह ने वर्ष 2010 में 29 जुलाई 2010 को दिये फैसले में हत्या व आ‌र्म्स एक्ट के दो अलग-अलग मामले के आरोपी को उम्र कैद व दो वर्षो की सजा तथा अर्थदंड तथा वर्ष 09 में दिये गये तीन फैसलों में दो मामले हत्यारोपी को उम्रकैद तथा हत्या के प्रयास के आरोपी के तीन वर्ष की सजा दी।
वहीं त्वरित न्यायालय पंचम सत्य प्रकाश ने वर्ष 2010 के अक्टूबर तक सात मामले में फैसला दिया। जिसमें हत्या के पांच मामले में सभी हत्या रोपी को उम्र कैद तथा दहेज के लिए हत्या मामले में भी उम्र कैद की सजा दी तो वर्ष 09 में आ‌र्म्स एक्ट समेत दो मामले में क्रमश: सात वर्ष व चार वर्ष तथा अर्थदंड दिये।
जबकि त्वरित न्यायालय षटम शैलेन्द्र कुमार सिंह की अदालत ने मार्च 10 तक दिये फैसले में हत्या के मामले के आरोपी को उम्र कैद तथा दहेज हत्यारोपी को उम्र कैद व अर्थ दंड दिये। वहीं उन्होंने वर्ष 09 में कोई मामले का फैसला नहीं दिलाने की बात सामने आया।
उधर डीएम व एसपी अररिया को दिये पत्र में वर्ष 10 में प्रथम सहायक सत्र न्यायाधीश तथा द्वितीय सहायक सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में लंबित सेसन मामले फैसले के बिंदु तक नहीं जा सकता तो वर्ष 2009 में भी त्वरित न्यायालय तृतीय, प्रथम व द्वितीय सहायक सत्र न्यायाधीश द्वय के न्यायालयों में भी फैसले की बिंदु तक मामला नहीं गया।
इस संबंध में लोक अभियोजक के.एन विश्वास ने दिये गये पत्र की प्रति बिहार के मुख्य सचिव, गृह सचिव व पुलिस महा निदेशक, पटना को भी प्रेषित की है। तथा कहा कि सेसन के लंबित मामले में पुलिस बल की उपस्थिति काफी कम है तथा साक्षियों के इंतजार में लंबे समय लग जाते हैं। जिससे आरोपी को अप्रत्यक्ष लाभ मिलता है। जरूरत है सेसन मामले में पुलिस बल, चिकित्सक व सर्जेन्ट मेजर जैसे प्रमुख साक्षियों को शीघ्र साक्ष्य प्रस्तुत हो ताकि त्वरित न्याय दिलाने की मंशा पूरी हो सके।
वहीं अधिवक्ताओं का कहना है कि सेसन मामले में गवाह प्रस्तुत के लिए कार्यपालिका कम जिम्मेवार नहीं है। जब तक इस मुद्दे को संवेदनशील नहीं समझा जायेगा त्वरित न्याय की सारी उम्मीदे कानूनी अड़चनों में सिमट कर रह जायेगी।

आम लोगों के लिए आशियाने का निर्माण बना सपना

अररिया, संसू: मध्यम वर्गीय व गरीब परिवारों के लिए आशियाने का निर्माण सपना बन गया है। भवन निर्माण सामग्री की आकाश कीमतें मध्यम वर्गीय परिवारों के अरमानों पर बुल्डोजर चला रही है। इस ओर सरकार व उसकी मशीनरी का कोई ध्यान नहीं है। ईट, बालू, छड़ व सीमेंट के दामों में गत एक वर्ष में बेतहाशा वृद्धि हो गयी है। सिर्फ पिछले छह माह में इन चीजों के दामों में डेढ़ गुणा वृद्धि हुई है जिसमें मध्यम वर्गीय व निम्न वर्गीय परिवारों के मकान बनाने के मंसूबों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। धूप व बारिश से बचने के लिए लोगों को एक छत की जरूरत होती है। लेकिन सरकारी उदासीनता एवं प्रशासनिक विफलता ने तो मकान निर्माण के सपने पर ग्रहण लगा दिया है। एक ओर राज्य सरकार लगातार दो वित्तीय वर्ष में जमीन खरीद बिक्री निबंधन शुल्क बढ़ा दिया है। वहीं मकान निर्माण में उपयोग होने वाली वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि से आम लोगों के सपने तार तार कर रहा है। पिछले छह माह की तुलना में वर्तमान समय की दर तालिका पर गौर किया जाये तो साधारण हैसियत वाले लोगों के लिए मकान निर्माण आकाश कुसुम जैसा प्रतीत होता है। जबकि जिले के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में ईट भट्टा, बालू व गिट्टी तथा सीमेंट की दुकानें कुकुरमुत्तों की तरह खुल चुकी है। लेकिन दाम घटने की बजाय बढ़ती ही जा रही है। तालिका से स्पष्ट होता है कि भवन निर्माण सामग्री के बढ़ रहे कीमतों को रोकने के लिए न तो सरकार के पास कोई योजना है और न ही प्रशासन के बस की बात।
दर तालिका।
छह माह पूर्व का दर
छड़ प्रति क्विंटल 3400 रूपये वर्तमान दर 4800
ईट प्रति हजार 2700 वर्तमान 4600 सीमेंट प्रति बोरा 250 वर्तमान 325, बालू प्रति ट्रेलर 1900 वर्तमान दर 2500, फाइवेट चिप्स प्रति ट्रेलर 2900 वर्तमान दर 4000 हाफ इंच चिप्स 3100 वर्तमान दर 3600 रूपये।

गरीबों के मुंह से निवाला छीन रहे कालाबाजारी

फारबिसगंज(अररिया),निप्र : गरीबों को सरकारी किफायतों पर मिलने वाला अनाज गरीबों के पेट तक नहीं पहुंच रहा है। अनाजों पर बढ़ रहे कालाबाजारियों की पकड़ ने गरीबों के मुंह से निवाला छीनने का कुकृत्य को बढ़ावा दे रहा है। फारबिसगंज अनुमंडल इलाके में बीपीएल, अन्नपूर्णा, अन्त्योदय जैसे लाभुकों के लिए उठाव किये जा रहे अनाजों को मंजिल तक पहुंचने से पूर्व ही चंपत किये जाने की बात चर्चाओं में है। बताया जाता है कि जन वितरण के डीलरों के द्वारा उठाव किये जा रहे अनाज का एक बड़ा हिस्सा गरीबों के घर तक न पहुंच कर कथित तौर पर कालाबाजारियों के गोदामों तक पहुंच जाता है। इधर, फारबिसगंज विघटित कृषि बाजार समिति प्रांगण स्थित एसएफसी के गोदामों के समीप बिचौलियों की सक्रियता तेज देखी जा रही है। यही से अनुमंडल के फारबिसगंज, नरपतगंज तथा भरगामा प्रखंडों को पीडीएस का अनाज डीलरों को आवंटित किया जाता है। इसके अलावे स्कूलों में आवंटित होने वाले मध्याह्न भोजन योजना के अनाज का भी कालाबाजारी किये जाने की बात बतायी जा रही है। हाल के दिनों में फारबिसगंज, नरपतगंज, भरगामा प्रखंडों में पकड़े गये कालाबाजारी के अनाजों तथा एमडीएम के अनाजों ने कालाबाजारियों के बुलंद हौसले को रेखांकित किया है।
इधर, फारबिसगंज एसडीओ जीडी सिंह ने कहा कि अनाज की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन सर्तक है। कालाबाजारियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। मालूम हो कि कुछ माह पूर्व ही शहर के जुम्मन चौक स्थित एक गोदाम से तत्कालीन एसडीओ सह डीसीएलआर मुकेश सिन्हा ने छापामारी कर सैकड़ों सरकारी बोरा चाल बरामद किया था। इस मामले में नामजद प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी। लेकिन बाद के दिनों में कार्रवाई शिथिल हो गयी। वहीं कई विद्यालयों में एमडीएम के चावल बेचने के मामले में लगातार आते रहे हैं। भरगामा प्रखंड में कुछ माह पूर्व ही कालाबाजारी के अनाज बेचे जाने के कई मामले आये थे। इधर विधान सभा चुनाव में कई माह तक प्रशासनिक अधिकारियों की व्यस्तता का बिचौलियों एवं कालाबाजारियों ने कथित तौर पर काफी लाभ उठाया। जिसका परिणाम रहा की अनाज के गोदामों से लेकर खुले बाजार तथ ग्रामीण इलाकों में बिचौलिये सक्रिय हो गये। आज भी गरीबों को अनाज नहीं दिये जाने की शिकायतें आ रही है। गोदामों से निकलने वाला सरकारी अनाज रास्ते में भटक जा रहा है। आखिर कैसे रूकेगा अनाजों की कालाबाजारी।

पचास फीसदी वोट लाकर भाजपा प्रत्याशी ने बनाया कीर्तिमान

रानीगंज(अररिया),जाप्र: विधानसभा चुनाव में रानीगंज के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक परमानंद ऋषिदेव ने कुल डाले गये 57.9 प्रतिशत (131118) वोटों का लगभग पचास प्रतिशत(65106) मत लाकर भाजपा के लिए एक कीर्तिमान स्थापित किया है। यह रानीगंज विधानसभा में अब तक का भाजपा के लिए सर्वाधिक वोट प्रतिशत है। 1999 के विधानसभा चुनाव में राजद के यमुना राम कुल मतदान(117251) का 44 प्रतिशत(52035) मत प्राप्त किये थे। इस चुनाव में भाजपा के लिए रामजी दास ऋषिदेव 26 प्रतिशत (30365) वोट लाये थे। उसके बाद वर्ष 2005 के विधानसभा चुनाव में कुल 48 प्रतिशत(112930) लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। उस वक्त भाजपा को विजयी श्री दिलाने वाले परमानंद ऋषिदेव ने कुल मतदान का 28 प्रतिशत(31468) वोट लाया था। पुन: इसी वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में कुल डाले गये 48 प्रतिशत(107280) मतदान का 32.42 प्रतिशत(34796) वोट लाकर रामजी दास ऋषिदेव भाजपा को दूसरी जीत दिलायी। पुन: वर्ष 2010 में हुए चुनाव में भाजपा के लिए 49.65(65106) मत लाकर परमानंद ने भाजपा के लिए जीत की हैट्रिक लगायी है। वर्ष 2005 में हुए तीनों विधानसभा चुनाव में भाजपा क्रमश: 28 प्रतिशत, 32.42 प्रतिशत एवं 49.65 प्रतिशत मिला जिससे क्षेत्र में भाजपा का जनाधार बढ़ा है। वहीं राजद का जनाधार पूरे बिहार के साथ साथ रानीगंज में भी घटा है। परंतु जिस तेजी से बिहार व अन्य क्षेत्रों में राजद का वोट ग्राफ नीचे गया है उससे रानीगंज की स्थिति बेहतर है। इस चुनाव में राजद ने कुल मतदान का 31.61 प्रतिशत(41456) मत लाकर दूसरे स्थान पर रहा।

आनंद मार्ग का धर्म महासम्मेलन आज से, तैयारी पूरी

अररिया, निप्र: आनंदमार्ग का दो दिवसीय धर्म महा सम्मेलन शनिवार से आयोजित किया जा रहा है। इसको ले विभिन्न तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। यादव कालेज परिसर में शुरू होने वाले दो दिवसीय धर्म महासम्मेलन के पूर्व शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आचार्य परमेश्वरानंद अवधूत ने बताया कि उनका संगठन समाज में सांस्कृतिक, आध्यात्मिक व सामाजिक चेतना को जागृत कर सर्वागीण रूप से विकसित समाज के निर्माण में अनवरत सक्रिय है। राग द्वेष से रहित साधना और सामाजिक सेवा से जुड़कर ही स्वस्थ्य व आदर्श समाज का निर्माण संभव है। साथ ही समाज में फैली बुराइयों का समूल नाश के लिए आध्यात्मिक उत्थान सर्वाधिक जरूरी है।
दो दिवसीय आनंद मार्ग धर्म महासम्मेलन में 24 घंटे का अखंड महामंत्र जाप बाबा नाम केवलम.. गुरू सकाश, योगासन शिक्षा, सामुहिक साधना, प्रवचन, कीर्तन शोभा यात्रा सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इस अवसर पर आचार्य विश्वेश्वर अवधूत, आचार्य धर्म मित्रानंद अवधूत, कृष्ण कुमार वर्मा, सत्यकाम आदि मौजूद थे।

सरकार के गठन पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न

अररिया, निसं: बिहार की सत्ता पर नीतीश कुमार की ताजपोशी की खबर सुनते ही जिला भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गयी। इस खुशी में कार्यकर्ताओं ने चांदनी चौक पर इकट्ठा होकर रंग गुलाल की होली खेली और पटाखे छोड़े। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच मिठाईयां भी बांटी।
मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक भगत ने बताया कि लोकतंत्र के इतिहास में बिहार में बहुत दिनों के बाद ऐसा मौका आया है। जब चुनाव परिणाम घोषणा के एक दिन बाद ही ताजपोशी हुई। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में मतदाताओं ने विपक्षियों को भी कुछ सोचने समझने का मौका नहीं दिया ताकि सरकार गठन में देरी हो। इस अवसर पर उपाध्यक्ष शंभू साह, सुरेश झा, शंकर सिंह, अनिल कुमार श्रीवास्तव, अमर भगत, श्याम कुमार भगत, सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

साम्प्रदायिक सद्भाव सप्ताह समारोह पूर्वक संपन्न

फारबिसगंज (अररिया),निप्र: भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय साम्प्रदायिक सद्भाव प्रतिष्ठान के निर्देश पर प्रखंड के हरिपुर डाक पंचायत स्थित राम लाल उच्च विद्यालय में 19 नवंबर से जारी साम्प्रदायिक सद्भाव सप्ताह का गुरूवार को एक समारोह का आयोजन कर समापन किया गया। इस अवसर को झंडा दिवस के रूप में मनाया गया। विद्यालय प्रधान जगदीश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता तथा शिक्षक मो. ताहिर, संजय आनंद के संयोजक में झंडा दिवस पर देशभक्ति गीत कार्यक्रम को स्कूली छात्र-छात्राओं ने बखूबी अपने प्रस्तुति से सफल बनाया। इस मौके पर मुख्य वक्ता गिरिजानंद झा ने राष्ट्रीय एकता की मजबूती के लिए साम्प्रदायिकता, जातिवाद, अंधविश्वास आदि कुरीतियों से बचकर रहने का आह्वान किया। इस मौके पर विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी भी मौजूद थे।

निजी जमीन पर जबरन कब्जा का प्रयास

फारबिसगंज(अररिया),जासं: फारबिसगंज थाना क्षेत्र के किरकिचिया पंचायत के कटारा गांव में शुक्रवार की अहले सुबह एक निजी जमीन पर कुछ महादलित लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया। पीड़ित गोपाल गुप्ता की लिखित शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाली तथा जमीन को अवैध कब्जा से मुक्त करने की कार्रवाई शुरू की। इधर थाना में प्रमोद ऋषिदेव, दयानंद ऋषिदेव, बिखाई ऋषिदेव, शिवनाथ ऋषिदेव सहित करीब 20-25 अज्ञात लोगों के विरूद्ध अवैध तरीके से जमीन पर कब्जा करने और सड़क बनाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार फारबिसगंज वार्ड संख्या आठ निवासी श्री गुप्ता के भाई स्व. स्वतंत्र गुप्ता के निजी जमीन पर लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर सड़क बनाये जाने लगा। विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो गये। मामले को लेकर गांव में तनाव व्याप्त हो गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

ससुराल वालों पर लगाया मारपीट कर प्रताड़ित करने का आरोप

फारबिसगंज(अररिया),जासं: फारबिसगंज थाना क्षेत्र के हरिपुर पंचायत में एक विवाहिता को ससुराल पक्ष के द्वारा मारपीट कर जख्मी कर देने का मामला प्रकाश में आया है। हरीपुर निवासी मनोज साह की पत्‍‌नी रूबी देवी ने अपने सास ससुर पर मारपीट करने की शिकायत लेकर शुक्रवार को फारबिसगंज थाना पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगायी। महिला का पति हरियाणा में रोजगार करता है। जबकि अपने तीन बच्चों के साथ महिला गांव में ही रहती है। महिला की शिकायत पर पुलिस गांव पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। रूबी देवी ने पुलिस को बताया कि उसके सास, ससुर आये दिन प्रताड़ित करते है। पंचायत से भी न्याय की गुहार लगायी। लेकिन किसी ने नहीं सुनी। पति के गांव में नहीं रहने के कारण वह प्रताड़ित की जाती है। शुक्रवार को चापाकल का पानी बहाने को लेकर महिला के साथ मारपीट की गयी जिसमें उसका सिर जख्मी हो गया।

शपथ ग्रहण समारोह पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

फारबिसगंज(अररिया),जासं: नयी सरकार के गठन तथा मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के पटना में शुक्रवार को शपथ ग्रहण के अवसर पर फारबिसगंज में जदयू कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। शहर के सुभाष चौक पर जदयू नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों ने पटाखे छोड़े। एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया तथा मिठाइयां बांटी। नीतीश कुमार एनडीए सरकार जिंदाबाद के नारे लगाये। मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण देखने के लिए चौक पर टीवी सेट लगाया गया था जहां शपथ ग्रहण समारोह देखने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। नीतीश सरकार के दोबारा सत्ता में आने की खुशी में कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मुबारकबाद दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण करते ही कार्यकर्ता झूम उठे तथा जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। खुशियों में शरीक जदयू के जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा ने कहा कि यह सिर्फ कार्यकर्ताओं की खुशी नहीं बल्कि आम जनता के लिए भी खुशी है। चौक चौराहों पर भी झलक रही है। श्री मिश्रा ने इस जीत पर नीतीश कुमार, सुशील मोदी सहित कार्यकताओं को बधाई दी। इस अवसर पर युवा जदयू जिलाध्यक्ष रमेश सिंह, नगर अध्यक्ष नौशाद आलम, राजेश भगत, मुकेश सिंह, राजू पासवान, राजेश राज, मंटू, बबलू देव, अमरेन्द सिंह, धीरेन्द्र सिंह, अरूण मेहता, संजय रजक, गोपाल राय, कन्हैया गुप्ता, बिलट चौधरी, आनंदी, गौतम चौहान, माधव सिंह, नब्बी रजक सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

आनंदमार्ग धर्म महासम्मेलन कल से, तैयारी अंतिम चरण में

अररिया, निप्र: स्थानीय यादव महाविद्यालय के प्रांगण में आगामी 27 नवंबर से आरंभ होने वाली दो दिवसीय आनंदमार्ग धर्म महासम्मेलन को ले सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है। मंच व पंडाल आदि की सजावट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गुरूवार को आयोजन समिति के आचार्य विश्वेश्वर, आचार्य धर्म मित्रानंद अवधूत, आचार्य विवेकरज्जानंद अवधूत, आचार्य मनात्मानंद अवधूत, आर्चाय करूणांद अवधूत, आर्चाय पूर्णव्रतानंद अवधूत, आचार्य विरजानंद अवधूत व कृष्ण कुमार वर्मा आदि ने प्रस्तावित धर्म महासम्मेलन स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवधूतों तथा भक्तों का विराट समागम होगा। इस असवर पर ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे।

आश्वासन के बाद भी कटाव पीड़ितों को नहीं मिला इंदिरा आवास

सिकटी(अररिया),निसं : प्रखंड क्षेत्र होकर बहने वाली नदियां बकरा और नूना हर वर्ष तबाही की एक नयी दास्तां लिख जाती है। यहां के लोगों को इन नदियों की त्रासदी झेलने की नियति सी बन गयी है। हर वर्ष बाढ़ व कटाव के कारण उपजाऊ भूमि एवं लोगों के घर नदी में विलीन हो जाते हैं। अब तक सांसद, विधायक एवं अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन ही दिया गया है लेकिन कटाव रोकने का कार्य शुरू नहीं हो सका है। आश्वासन तो यह भी दिया गया था कि जिनके घर नदी में समा गये हैं उन्हें इंदिरा आवास का लाभ दिया जायेगा। लेकिन अब तक इस ओर कोई पहल नहीं की गयी है। वहीं ग्रामीण बिसो बहरदार, प्रकाश कुमार का कहना है कि सरकार घोषणा तो कर देती है लेकिन धरातल पर कोई भी काम नहीं हो पाता है। बकरा नदी में पीरगंज पुल के पास चिराना कार्य के लिए 25 लाख की लागत से शिलान्यास भी किया गया। काम भी चालू हुआ लेकिन राजनीति के कारण यह भी अधर में लटक गया है। जमीन मालिक द्वारा मुआवजा की मांग किये जाने के बाद काम बंद हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि हर साल बाढ़ आने के साथ ही यहां के लोगों को कटाव का दंश झेलना पड़ता है। कटाव के कारण यहां दर्जनों परिवार बेघर हो चुके हैं। वहीं कई परिवारों की आर्थिक स्थिति चरमरा गयी है। कई कीमती जमीन के नदी में विलीन हो जाने से यहां के लोग दूसरे प्रांतों में पलायन को विवश हैं। जबकि कटाव निरोधक कार्य की कोई पहल नहीं की गयी।

पुत्र की दीर्घायु को ले महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

पलासी(अररिया),निसं : प्रखंड मुख्यालय के पलासी बस्ती की सैकड़ों महिलाओं ने विषहरी पूजा को लेकर बुधवार को कलश यात्रा निकाली गयी। बुधवार के प्रात: सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने पलासी के मरियाधार में जल भरकर कलश यात्रा निकालते हुए बकरा नदी के डेहटी घाट में जलाभिषेक किया। इस कलश यात्रा में रेशमी देवी, लक्ष्मी देवी, कौशल्या देवी, राधा देवी, वीणा देवी, केसो देवी, सीता देवी, रेखा देवी सहित सैकड़ों महिलाएं शामिल थी। एक महिला ने बताया कि संतान के दीर्घायु की कामना को लेकर उन सबों ने कलश यात्रा के पश्चात मां विषहरी की पूजा भी की। वहीं इस कार्यक्रम को सफल बनाने में भदरू ठाकुर, शिव चरण मांझी, राम प्रसाद साह, शिव शंकर मांझी, मंगल ठाकुर, बिहारी ठाकुर आदि की भूमिका सराहनीय रही।

चोरी मामले में नामजद प्राथमिकी

फारबिसगंज(अररिया),जासं : शहर के मेला रोड वार्ड संख्या सात में बीते 20 सितंबर को व्यवसायी के घर हुई लाखों रूपये की चोरी मामले में पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़ित गृह स्वामी शंभू प्रसाद जायसवाल ने पड़ोस के ही विनोद सिंह, मनोज सिंह, सुनील सिंह सहित कई पर खाली पड़े घर में लाखों रूपये के समान की चोरी कर लेने के आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। हाल के दिनों में हुई चोरी का यह पहला मामला है कि जब पीड़ित पक्ष के द्वारा थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

वेणु की जीत से अभिभूत हुई पद्मा रेणु

रेणुग्राम(अररिया),जाप्र: प्रसिद्ध कथा शिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु के पुत्र पदम पराग वेणु के भाजपा से फारबिसगंज विधान सभा सीट से विजयी होने पर उनके गांव हिंगना में हर्ष का माहौल व्याप्त है। वहीं उनकी मां पद्मा रेणु भी अपने पुत्र की जीत से अभिभूत थी। उन्होंने बताया कि इस जीत से उनके पिता के अधूरे ख्वाब पूरे होंगे। श्रीमती रेणु ने कहा कि यह जीत फारसिबगंज की आम जनों की जीत है। फारबिसगंज की जनता की अपेक्षाओं का भार अब उनके बेटे के कंधे पर आ गया है। जिसे वे दृढ़ता के साथ निभाने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि वे भी लगातार दस दिनों तक बेटे के प्रचार प्रसार में लगी रही थी। आशा है कि उनके पुत्र विकास के कार्य कर अपने पिता का सपना पूरा करेंगे। उन्होंने फारबिसगंज की जनता को इस जीत की बधाई दी है।

रेणु की परती जमीन पर खिला उम्मीदों का फूल

फारबिसगंज(अररिया),जासं: रेणु की परती प्यासी जमीन अचानक हरियाली पाने के लिए बेताब हो गयी है। उस धूल धूसरित जमीन को सींचने के लिए रेणु के अपने ही खून के कंधों पर आखिरकार पूरा भार आ गया। महान आंचलिक साहित्यकार स्व. फणीश्वर नाथ रेणु ने सन् 1972 ई में खुद भी विधानसभा चुनाव लड़ा था। कांग्रेस के सरयू मिश्र से हार गये थे। जो सपना रेणु पूरा नहीं कर पाये वह उनके बड़े बेटे पदम पराग राय वेणु ने पूरा कर दिखाया। अपार बहुमत के साथ चुनाव जीते वेणु अपने पंचायत के मुखिया भी हैं।
फारबिसगंज प्रखंड के हिंगना औराही गांव स्थित रेणु के पुश्तैनी घर शुभ चिंतकों के आने जाने वालों का सिलसिला जारी है। यहां रेणु के पुराने मकान की जगह पक्का मकान बन गया है। पुरानी फूस के घर की जगह शानदार और महंगा दालान। सामाजिक सरोकार वाले साहित्यकार रेणु के फूस वाले बंगला पर आधुनिकता और पूंजीवाद के मिश्रित फूल खिला हुआ है। यहीं पर सामने बने पक्का के मकान में स्वर्गीय रेणु की दोनों पत्‍ि‌नयों लतिका रेणु और पदमा रेणु शांति के क्षणों में बैठी थी। नवनिर्वाचित विधायक पदम पराग राय वेणु के बारे में पूछने पर लतिका कहती है कि अब उसको बहुत काम करना है। काफी मुश्किल से उन्हे कुछ भी सुनाई देता है। अचानक रेणु की चर्चा करने लगती है। पटना में सारा सामान पड़ा हुआ है। बहुत किताबें वहां है। अरुण जी ने कहा कि पटना में लाइब्रेरी बनवायेंगे। यह कागज पर लिखकर रेणु के चुनाव लड़ने के बारे में पूछने पर कहती है दस हजार से रेणु जी चुनाव हार गये थे। लतिका अचानक कहती है कि वह एक दिन रेणु जी के चुनाव प्रचार के दौरान डा. अलख बाबू के यहां रूकी थी। वहीं से पटना चली गयी थी। रेणु के बारे में बताती है कि उन्हे हारजीत से कोई मतलब नहीं था। वे बोलते थे अपने शौक के लिए चुनाव लड़े है। छोटी पत्‍‌नी पदमा रेणु के बेटे विधायक बने वेणु के बारे में पूछने पर कहती है कि अब तो वेणु का काम बढ़ गया है। इस कमरे में रेणु की तस्वीर पर फूल माला चढ़ा हुआ था। मीडिया कर्मियों से कई बार मुखातिब हो चुकी रेणु की दोनों पत्‍ि‌नयां शांत भाव में पूछे जाने सवालों के जवाब देने के अंदाज में बैठी थी। दरवाजे पर 25-30 ग्रामीण विधायक वेणु पर अपेक्षाओं का बोझ है। रेणु की रचनाओं में क्षेत्र की मृत प्राय भूमि को सींचने की अपेक्षा एवं विकास की अपेक्षाएं और न जाने क्या क्या? दरवाजे पर बैठे रेणु के छोटे बेटे पप्पू विधायक की प्राथमिकताओं के बारे में कहते है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों को दुरूस्त करना पड़ेगा। काफी कुरेदने पर वे कहते है कि दिल में एक सपना है कि बाबुजी के बचे हुए सामानों को लेकर एक म्यूजियम बनाना है। धरोहर को बचानी है। गांव में एक लाइब्रेरी भी बनानी है। वे लगातार आ रहे फोन को रिसीव करने का काम भी करते जा रहे थे। बात सड़क के अलावा बिजली, पानी की भी होती है। रेणु के गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली ईट सोलिंग सड़क में भी बदलाव लाना है।

बेटी की शादी को जा रहे पिता की मौत, एक दर्जन घायल

अररिया/कुसियारगांव: जाटी : बेटी के हाथ पीले करने जा रहे नरपतगंज-छातापुर निवासी किसान अशोक राय की गुरुवार की देर शाम एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी। यह हादसा अररिया पूर्णिया फोर लेन पथ पर इंडेन गैस गोदाम के सामने एक सूमो विक्टा गाड़ी के अचानक पल्टी खा जाने की वजह से हुई। इसमें वाहन पर सवार सोलह लोगों में से एक दर्जन लोग घायल हो गये, जिनमें से सात को गंभीर चोटें हैं।
सभी जख्मियों को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल
अशोक राय की मौत पूर्णिया ले जाते समय हुई। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पूर्णिया रेफर कर दिया था।
जानकारी के अनुसार अशोक राय अपनी पुत्री सोनी कुमारी की शादी को ले कटिहार जा रहे थे। यह शादी वहां के दुर्गा मंदिर में होनी थी।
अररिया बस स्टैंड से आगे ओवरब्रिज पर तेज गति से जा रही सूमो गाड़ी का एक टायर फट गया। टायर आवाज होते ही गाड़ी पलटी खा गयी। सूमो गाड़ी में कुल 16 यात्री सवार थे, जिसमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं। अररिया अस्पताल में इलाजरत घायलों में सोनी कुमारी, उसकी मां माधुरी देवी, तिरफुल देवी, राजकुमारी देवी, निर्मला देवी, डोली देवी एवं राजा कुमार
शामिल हैं।

चुनाव परिणाम से भाजपा-जदयू में खुशी

रानीगंज(अररिया),जाप्र: बुधवार को मतगणना संपन्न होने के बाद उन सभी अटकलों पर विराम लग गया जो मतदान के बाद उभरा था। भाजपा जदयू खेमें में जहां खुशी देखी जा रही है। वहीं राजद- लोजपा गठबंधन एवं कांग्रेस खेमे में मायूसी छायी रही। नव निर्वाचित भाजपा प्रत्याशी परमानंद ऋषिदेव देर शाम रानीगंज पहुंचे तो सड़कों पर रंग गुलाल व पटाखे छोड़ने लगे। भारी संख्या में अपने समर्थकों के साथ वे काली मंदिर, दुर्गा मंदिर व साई मंदिरों में जाकर माथा टेका तथा घूम घूम कर अपने समर्थक मतदाताओं से मिलकर उन्हे धन्यवाद दिया। उन्होंने क्षेत्र के तमाम मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे उनके विश्वास पर खड़ा उतरूंगा।
भाजपा प्रखंड अध्यक्ष कलानंद सिंह उर्फ कैलू सिंह कहते है कि एनडीए गठबंधन को मिली अप्रत्याशित विजय से बिहार में एक नये परंपरा का आरंभ हुआ है। कैप्टन एसएन सिंह, कृषक रंजीत पंजियार, जदयू नेता वकील सिंह आदि ने बिहार को एक नयी राह मिलने की बातें कही है।
शिक्षिकाओं की टोली का नेतृत्व करती नीलम देवी ने भारी संख्या में महिलाओं के साथ जाकर काली मंदिर में पूजा अर्चन की और मिठाईयां बांटी। प्रो. कलानंद राउत, प्रो. अरुण मंडल, प्रो. विनोद महतो, प्रो. निर्मल महतो आदि बुद्धिजीवियों ने मतदाताओं की सूझबूझ की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के निर्णय से आगामी पंचायत चुनाव में भी रचनात्मक कार्यो को नजर अंदाज करने वालों को जनप्रतिनिधियों को सीख मिलेगी।

शराब तमाम बुराइयों की जननी : नसर

अररिया, संवाद सहयोगी: अररिया प्रखंड के लहटोरा गांव स्थित नूरी मस्जिद रसुलपुर चौक पर बुधवार को सिरतुन नबी का एक दिवसीय जलसा का आयोजन किया गया। जलसे की सदारत तंजीमे असलाहे मआसरा के महासचिव मौलाना हदीसुल्लाह नसर भागलपुरी ने की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इंसान की रहनुमाई व हिदायत के लिए कुरान पाठ और हदीश पाक मौजूद है। इंसान अगर कुरान और हदीश के मुताबिक जिंदगी गुजारेगा तो कभी गुमराह नहीं होगा। जलसे में अपनी तकरीर के दौरान मौलाना नसीम ने कहा कि तालिम के बिना इंसान की तरक्की नामुमकिन है। साथ ही उन्होंने मुस्लिम महिलाओं की निरक्षरता को एक कलंक बताया। मुफ्ती अब्दुल सलाम ने कहा कि इंसान का आमाल हमेशा बेहतर होना चाहिए। डा. अब्दुल कयूम ने कहा कि इसलाम एक प्रेक्टिकल मजहब है जो भाईचारगी का पैगाम देता है। मौलाना हदीशुल्लाह ने कहा कि आज हमारे समाज में विभिन्न प्रकार की बुराईयां फैल गयी है। उसका प्रमुख कारण शराब है। आज चौक चौराहों पर सरेआम शराब बेची जा रही है। जिससे बुराईयां फैल गयी है। क्यों कि शराब तमाम बुराईयों की जननी है। शराब की नशे की हालत में लोग हराम, हलाल की तमीज को भूल जाते है। इससे बचने की जरूरत है। विदित हो कि लहटोरा के रसुल चौक स्थित बनी नयी नूरी मस्जिद का आज उद्घाटन बुजुर्गो व उलेमाओं की मौजूदगी में हुई। जलसे में बड़ी संख्या में गांव व समाज के लोग उपस्थित थे।

एक सीट से चूक गया राजग का रिकार्ड

अररिया, काप्र: मात्र एक सीट पर लूज किये जाने के कारण अररिया में राजग अपना पुराना रिकार्ड दोहराने से चूक गया। गत विधानसभा चुनाव में अररिया की सभी छह सीटों पर राजग उम्मीदवारों ने विजय पताका लहरायी थी। लेकिन इस बार अररिया सीट पर राजग उम्मीदवार जीत दर्ज करने में विफल रहे और जिला में राजग का रिकार्ड दुहराया नहीं जा सका।
पूरे सूबे में इस बार जदयु भाजपा के पक्ष में जबरदस्त जन समर्थन प्राप्त हुआ है। आलम यह है कि पार्टी के नेताओं तक को यह आभास नहीं था कि उन्हें इतना मैंडेट प्राप्त होगा। लेकिन जब ईवीएम खुला तो सारे समीकरण, सारे पुर्वानुमान ध्वस्त हो गये और चारों ओर राजग की जय होने लगी। इस बार के चुनाव की खास बात यह भी रही कि मतदान के बाद भी वोटर खुले नहीं जिससे कोई भी अनुमान लगाना मुश्किल हो गया। मतगणना से पूर्व तक वोटर बिल्कुल खामोश थे जो आने वाले तूफान के संकेत थे। और हुआ भी वही, ईवीएम खुलते ही राजग के उम्मीदवारों के विजय की बाढ़ सी आ गयी। क्या पूर्व बिहार, क्या मध्य बिहार.. पूरे सूबे में लोगों ने सुशासन को सर आंखों पर बिठा लिया। पूरे सूबे की सूर में अररिया की जनता ने भी अपना सुर मिलाया। तथा यहां की छह सीटों में पांच पर भाजपा-जदयु प्रतिनिधि को विजयश्री दिला बिठा दिया। बावजूद अररिया में राजग अपना पिछला रिकार्ड नहीं दोहराया पाया। वर्ष 2005 के नवंबर माह में हुए विधान सभा चुनाव में अररिया विस सीट से भाजपा के प्रदीप सिंह, फारबिसगंज विस से भाजपा के लक्ष्मी नारायण मेहता, नरपतगंज से भाजपा के जर्नादन यादव, रानीगंज से भाजपा के रामजी दास ऋषिदेव, सिकटी से जदयु के मुरलीधर मंडल और जोकीहाट से जद यु के ही मंजर आलम ने विजय पताका लहराया था तथा पाटलीपुत्र में नीतीश मोदी की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। यहां के दो विधायकों ने मंत्री पद को भी सुशोभित किया। साथ ही अररिया के विधायक प्रदीप सिंह बाद में संसद भवन भी पहुंचे। लेकिन बदली परिस्थिति में 2010 के विस चुनाव में राजग ने यहां की सभी सीटिंग विधायकों का टिकट काटने का फैसला लिया। संपन्न चुनाव में पार्टी की यह रणनीति सफली भूत भी हुई। छह में से पांच पर राजग की दावेदारी मजबूत हो गयी। लेकिन अररिया सीट पर भाजपा लोजपा से मात खा गयी। लोजपा उम्मीदवार जाकिर हुसैन खां ने भाजपा के नारायण झा को 18 हजार से अधिक मतों से पराजित कर दिया। इसी के साथ राजग अपना पिछला रिकार्ड दोहराने से भी चूक गया। ज्ञात हो कि संपन्न चुनाव में अररिया को छोड़ फारबिसगंज में भाजपा के पद्म पराग वेणु, नरपतगंज में भाजपा की देवयंती देवी, रानीगंज में भाजपा के परमानंद दास ऋषिदेव, सिकटी में भाजपा के आनंदी यादव और जोकीहाट में जद यु के सरफराज आलम ने जीत हासिल की है।

निर्दलीय प्रत्याशियों ने प्राप्त किये 138313 मत

अररिया, संसू: जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में इस विधानसभा चुनाव में 37 प्रत्याशी निर्दलीय रूप से भाग्य आजमा रहे थे। जिसमें अररिया से 8, रानीगंज से 01, सिकटी से 7, जोकीहाट, नरपतगंज व फारबिसगंज से 7-7 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के बाद परिणाम के अनुसार सभी 37 निर्दलीय प्रत्याशियों ने कुल 138313 मत प्राप्त किये है। निर्दलीय उम्मीदवारों ने तो कई क्षेत्रों में गणित ही बिगाड़ कर रख दी। अररिया विस क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवारों को 25953 मत, सिकटी में 36387, जोकीहाट 46119, नरपतगंज में 17340, फारबिसगंज में 10389 तथा रानीगंज में मात्र 2125 मत निर्दलीय प्रत्याशी को प्राप्त हुए है।

मनरेगा: डाकपाल व रोजगार सेवक सहित सात के खिलाफ प्राथमिकी

अररिया, विसं: जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र के कतिपय पंचायत में मनरेगा योजना की करीब साढ़े तीन लाख की सरकारी राशि साजिश के तहत उठा ली गयी। इस संबंध में ग्रामीण विकास विभाग पटना की जांच टीम द्वारा पायी गयी अनियमितता के बाद प्राप्त निर्देश पर जिला पार्षद के पत्र डाकपाल व रोजगार सेवक समेत सात लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई है।
जोकीहाट के कार्यक्रम पदाधिकारी सुनील कुमार ने जोकीहाट (महलगांव) थाना कांड संख्या 249/ दर्ज कराया है जिसमें जिला पार्षद नगमा सीरीन के पुत्र रशीद सीरीन, बागनगर के पोस्ट मास्टर विवेकानंद यादव(3), चातर पंचायत के वार्ड संख्या 12 के वार्ड सदस्य बबिता देवी के पति दिलीप शर्मा (4) ग्राम पंचायत चौकता वार्ड नंबर एक के सदस्य मीरा देवी एवं (3) ग्राम पंचायत चातर एवं बागनगर में पंचायत रोजगार सेवक बमबम कुमार साह एवं प्रेमचंद्र कुमार को आरोपित किया गया है। दर्ज प्राथमिकी में उल्लेख है कि पिछले 13 मई 10 को ग्राम पंचायत चौकता में मनरेगा योजना में सामाजिक अंकेक्षण के दौरान अनियमितता प्रकाश में आया। जिसकी जांच ग्रामीण विकास विभाग पटना द्वारा गठित राज्य स्तरीय जांच टीम ने पिछले चार सितंबर 10 को की। इसके बाद ही उक्त आरोपियों के विरूद्ध विधि सम्मत कार्रवाई के बाद उक्त प्राथमिकी दर्ज की गयी। जिसमें आरोपी बने रशीद सीरीन के विरूद्ध ग्रा.प. चौकता में कार्यान्वित जिला परिषद योजना संख्या 25/09-10 तथा 42/08-09 में बाग नगर के पोस्ट मास्टर की मिली भगत करने तथा चातर एवं बागनगर पंचायत के मजदूरों के खाते से अवैध ढंग से तीन लाख 46 हजार 492 रूपये निकासी करने का आरोप लगाया गया है। वहीं दिलीप शर्मा वार्ड सदस्या के पति तथा प्रकाश झा पर मजदूरों को प्रलोभन देकर फर्जी कागजात तैयार करना तथा ग्राम पंचायत चौकता के वार्ड सदस्या मीरा देवी द्वारा योजना संख्या 03/08-09 की प्राक्कलित राशि 54 हजार में 22 हजार 252 रूपये निकासी कर लेने का आरोप है। उसी तरह पंचायत रोजगार सेवक बमबम कुमार साह तथा प्रेम कुमार द्वारा स्थानीय मजदूरों के कार्य में रुचि नहीं लेने, गायब रहने व बिचौलियों से धीरे रहने की शिकायत जांच टीम को अवगत कराये जाने का उल्लेख किया गया। उक्त सभी आरोपियों के विरूद्ध भादवि की धारा 406,420 एवं 120 बी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

भाड़ा मांगने पर ड्राइवर के साथ मारपीट

फारबिसगंज(अररिया),निप्र: बुधवार की संध्या फारबिसगंज जोगबनी मार्ग पर बथनाहा रेलवे स्टेशन चौक के समीप सवारी गाड़ी के ड्राइवर द्वारा भाड़ा मांगने पर करीब एक दर्जन लोगों ने वाहन चालक को जमकर पीटा तथा गंभीर रूप से घायल स्थिति में छोड़कर भाग निकले। अन्य वाहन के चालकों ने जख्मी चालक को रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया है जहां उसका इलाज किया जा रहा है। सूचना पर अस्पताल पहुंचे फारबिसगंज थाना के अवर निरीक्षक तरूण कुमार का बयान दर्ज किया है। दिये गये बयान में सवारी गाड़ी चालक फारबिसगंज नगर के वार्ड नं. 21 निवासी गोपाल राय(35) ने बताया कि वे जोगबनी से सवारी लेकर फारबिसगंज आ रहे थे। इसी क्रम में बथनाहा रेलवे स्टेशन चौक पर जब गाड़ी रूकी तो उस पर सवार यात्री इंदर सादा, संगम लाल सादा, मंशुरी सादा, भीमा, जितेन्द्र सहित आधा दर्जन अज्ञात लोगों से जब भाड़ा मांगा तो उन लोगों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। तथा टायर की खरीददारी के लिए रखे बीस हजार तथा गाड़ी के चलान मद का 1450 रू. लिया। साथ ही सवारी गाड़ी का शीशा भी तोड़ डाला।

सीएस को डाक्टर ने दी अंजाम भुगतने की धमकी, प्राथमिकी दर्ज

अररिया, निसं: अररिया के सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डा.धनुषधारी प्रसाद को उनके अधीनस्थ व सदर अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सक डा. सत्यवर्धन ने मोबाइल फोन पर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। इस धमकी से घबराये सीएस ने जिलाधिकारी की सहमति के बाद डा. सत्यव‌र्द्धन के खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करवायी है।
प्राथमिकी के अनुसार यह धमकी मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा डा. सत्य वर्धन के विरूद्ध प्रपत्र क भेजने के कारण दी गयी है। धमकी मिलने के बाद सीएस श्री प्रसाद ने इसकी सूचना जिला पदाधिकारी को दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरूवार को सीएस ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
दर्ज थाना कांड संख्या 492/10 में सीएस श्री प्रसाद ने बताया कि गत दो नवंबर को डा. सत्यवर्धन के विरूद्ध भारत सरकार को प्रपत्र क भेजा गया था। प्रपत्र भेजने के बाद डा. सत्यवर्धन ने मोबाइल संख्या 9931596344 एवं 9934531587 पर रात के पौने ग्यारह बजे लगातार दो-तीन बार अंजाम भुगतने की धमकी दी। सीएस श्री प्रसाद ने बताया कि जब उन्हें लगातार धमकी मिलने लगी तब उन्होंने घबराकर इसकी सूचना जिलाधिकारी को दी। जिला पदाधिकारी से हरी झंडी मिलते ही डा. सत्यवर्धन के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
डा. सत्यवर्धन पर विभागीय नियमों का उल्लंघन करने व लगातार अपने कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया गया है।

मूर्ति चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज

नरपतगंज(अररिया),जाटी: प्रखंड के मधुरा उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या तीन स्थित बाबा भीम ठाकुरबाड़ी से सोमवार की रात हुई तीन मूर्ति चोरी मामले में मंदिर के पुजारी सियाराम दास ने नरपतगंज थाना में लिखित आवेदन दिया है जिसमें अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी। थाने में दर्ज कांड संख्या 256/10 भादवि की धारा 379 के अनुसार तीनों मूर्ति एक राधा तथा दो मूर्ति भगवान कृष्ण का है। जिसका वजन पांच किलोग्राम बताया जाता है। बाजार में इसका मूल्य एक हजार रूपये का है। वहीं मंदिर के संदर्भ में पुजारी सियाराम दास ने बताया कि मंदिर पचीस वर्ष पुरानी है जो पहले फूस की झोपड़ी में थी। सात वर्ष पूर्व मंदिर का पक्कीकरण करवाया गया जो आज अर्धनिर्मित है। वहीं फुलकाहा थाना ओपी के थानाध्यक्ष डी कुमार ने बताया चोरी की गयी मूर्ति को बरामद करने के लिए लगातार छापामारी जारी है।

Wednesday, December 1, 2010

जाति-धरम से ऊपर विकास : सरफराज

अररिया, जाप्र: पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीम उद्दीन के पुत्र व जोकीहाट से जदयु टिकट पर जीत हासिल करने वाले सरफराज आलम ने जीत के बाद कहा कि मेरी प्रतिबद्धता विकास है, जात धरम सबसे ऊपर विकास। जोकीहाट के हर गांव तक विकास की लहर पहुंचाने के लिये मैं हर संभव कोशिश करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पांच वर्षो के राजग शासन ने साबित कर दिया कि विकास की बात सर्वोपरि है। जनता अब जात नहीं काम चाहती है। जात की अंधी गलियों में उलझ कर बिहार का बहुत अहित हो चुका है अब जरूरत है विकास की। नीतीश कुमार की अगआई में राजग शासन को इस चुनाव में विकास के लिये ही जनादेश मिला है।

परिणाम सुनने के लिए मतगणना स्थल पर जमी रही भीड़

अररिया, संसू: बुधवार को मतगणना परिणाम सुनने के लिए कृषि उत्पादन बाजार समिति के आसपास सुबह से ही आम लोगों की भीड़ जमा होती गयी जो देर शाम तक जमी रही। नहर पुल से पहले ही बेरियर लगने के बावजूद प्रत्याशी समर्थक व कार्यकर्ता महादेव चौक के रास्ते से शिवपुरी मुहल्ले होते हुए बाजार समिति के सामने जमने लगे। लाउडस्पीकर के द्वारा जैसे ही प्रत्येक राउंडवार परिणाम बताया जाता था तो मानों सड़क पर समर्थक होली की तरह अबीर गुलाल उड़ाये व पटाखे छोड़े। अररिया मुख्य मार्ग पर एक्सचेंज की ओर बेरिकेटिंग लगा था। इसके बावजूद सैकड़ों लोग बेरिकेटिंग के बाहर खड़ा होकर जिंदाबाद मुर्दाबाद के नारे लगाये।
बाक्स के लिए दो निवर्तमान एमएलए को मिली पराजय
अररिया: जिले के छह विधानसभा क्षेत्र में पांच सीट पर राजग ने कब्जा जमाया तो अररिया सीट पर लोजपा के खाते में गयी। इस चुनाव में दो निवर्तमान विधायक मैदान में थे। अररिया के निवर्तमान लोजपा विधायक कुमार मंडल इस बार अररिया छोड़ सिकटी से लड़े थे और सिकटी के निवर्तमान जदयू एमएल मुरलीधर मंडल भी सिकटी सीट से निर्दलीय चुनाव लड़े। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि बुधवार को मतगणना परिणाम आने के बाद यह साफ हो गया कि दोनों निवर्तमान एमएलए को पराजय का मूंह देखना पड़ा। विजय मंडल को 32206 तथा मुरलीधर मंडल को 12496 मत मिले। इस प्रकार विजय कुमार मंडल भाजपा प्रत्याशी से करीब दस हजार मतों से हारे।

अकेला चना अब हो गया हजारों झाड़: वेणु

अररिया, जाप्र: रेणु जी खड़े हुए थे तो अकेला चना थे। उनके द्वारा बोया गया चना का अकेला झाड़ अब हजारों एकड़ में फैल गया है। यह कहना है प्रसिद्ध कथा शिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु के पुत्र व फारबिसगंज से भाजपा उम्मीदवार पद्म पराग राय वेणु का।
उन्होंने अपनी जीत का श्रेय नीतीश कुमार व सुशील मोदी के सुशासन को दिया तथा विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। .. चारो ओर सुशासन की धारा है नीतीश मोदी ने पुकारा है। यह पूछे जाने पर कि रेणु तो समाजवादी थे और आप भाजपाई कैसे? वेणु ने कहा कि भूल जायें भूत को, समय अनुकूल है। अब आगे देखने का वक्त है। आपात काल के समय सोशलिस्ट, जनसंघ व संघ सब मिल कर राजनीति की गंगा में समा गये थे।
उन्होंने अपनी जीत पर रेणु को भी याद किया। ..रेणु को चाहने वाले फारबिसगंज सहित पूरी दुनिया में हैं। मेरी जीत रेणु के लोगों की जीत है।
वेणु ने कहा कि मैला आंचल में रेणु जी ने फारबिसगंज के गांवों के जिस पीड़ा का वर्णन किया है, मैं उसे दूर करने का भरसक प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि गांवों में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास मेरी प्राथमिकता रहेगी। मौके पर साहित्यकार व रेणु जी के साथ काम करने वाले कुलानंद अकेला भी उपस्थित थे।

जोगबनी के बने दो विधायक, जश्न का माहौल

जोगबनी(अररिया),निप्र: एनडीए गठबंधन के अप्रत्याशित जीत से जहां जदयु-भाजपा खेमें में उत्साह व्याप्त है। वहीं जोगबनी से दो-दो विधायक बनने को ले यहां जश्न का माहौल बना हुआ है। जीत की खुशी में जोगबनी में पटाखे फोड़े जा रहे हैं और मिठाईयां बांटी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव के मतगणना से जहां एनडीए गठबंधन के अप्रत्याशित सीटों में उत्साहित कर दिया। वहीं अररिया के दो विधानसभा नरपतगंज और अररिया पर जोगबनी ने कब्जा जमा लिया। अररिया से जहां जाकिर अनवर ने बाजी मारी वहीं नरपतगंज पर देवयंती यादव ने। जोगबनी दो-दो विधायक के जीत पर जश्न में डूब गयी है। लोगों का कहना है कि पहली बार जोगबनी पक्ष (एनडीए देवयंती यादव) और विपक्ष (लोजपा जाकिर अनवर) की भूमिका का अवलोकन करेगी। इस अप्रत्याशित जीत के लिए लोगों ने नीतीश कुमार व सुशील मोदी को बधाई दी है।

भूमि विवाद को ले मारपीट, एक दर्जन जख्मी

फारबिसगंज(अररिया),जासं: जोगबनी थाना क्षेत्र के पिपरा पंचायत में बुधवार को जमीन विवाद में हुई मारपीट की घटना में महिला सहित करीब एक दर्जन लोग घायल हो गये। घायलों को फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दोनों पक्ष की तरफ से मेहरचंद साह, कृष्णचंद्र साह, आनंद साह, सुलेखा देवी, श्रीचंद साह, प्रदीप साह सहित अन्य शामिल है। घटना की सूचना जोगबनी थाना को दे दी गयी है। बताया जाता है कि जिस जमीन को लेकर मेहरचंद तथा गंगा साह पक्षों के बीच विवाद हुआ उस जमीन की खरीद बिक्री की बात हुई थी। बुधवार को गंगा साह के पक्ष द्वारा जमीन पर फसल बुआई को लेकर हल चलाने गये हुए थे जिसका दूसरे पक्ष द्वारा विरोध किया गया। बात मारपीट और खून खराबा तक पहुंच गया। कुदाल से प्रहार कर लोगों को जख्मी कर दिया गया। बीच बचाव करने पहुंची महिलाएं भी मारपीट में जख्मी हो गयी। आनन फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन नये चेहरे पहुंचे पहली बार विधानसभा

रेणुग्राम(अररिया),जाप्र: विधानसभा के लिए अररिया जिले के छह में से तीन विधायक ऐसे चुने गये है जो पहली बार विधानसभा में बैठेंगे। रानीगंज से जीते परमानंद ऋषिदेव हालांकि दुबारा विधानसभा के लिए चुने गये है पर विधानसभा में बैठने का गौरव उन्हें नहीं प्राप्त हुआ था। वहीं विगत उपचुनाव में लोजपा के टिकट पर अररिया से विधायक बने विजय मंडल सिकटी से चुनाव जीतने में असफल रहे। वहां से भाजपा के आनंदी प्रसाद यादव दुबारा विधायक बनने में सफल रहे। जबकि फारबिसगंज का पूर्व में प्रतिनिधित्व कर चुके जाकिर अनवर अररिया से पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। वहीं इस बार फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए पदम पराग राय वेणु एवं नरपतगंज के लिए देवयंती देवी पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा के लिए नये चेहरे बनेंगे।

राजग ने लगाया जीत का पंजा, एक सीट लोजपा को

अररिया, काप्र: अररिया जिले की जनता ने एक बार फिर राजग नेतृत्व पर भरोसा जताया है। यहां की कुल छह विधानसभा सीट में पांच पर भाजपा-जदयु के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। जबकि अररिया विधानसभा की सीट लोजपा के खाते में गयी है।
कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केन्द्र पर सुबह करीब साढ़े आठ बजे से सभी छह विधान सभा सीटों के लिए पड़े मतों की काउंटिंग शुरू हुई। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद थे। सुबह से हीं प्रत्याशी और उनके समर्थक परिणाम जानने के लिए मतगणना केन्द्र के आस-पास मंडराने लगे। गिनती प्रारंभ होने के कुछ देर बाद से ही रूझान का प्रसारण शुरू हो गया। प्रत्येक राउंड के मतों के प्रसारण के साथ ही प्रत्याशी और उनके समर्थकों की उत्सुकता बढ़ती गयी और दोपहर बाद फाइनल रिजल्ट आते हीं जिंदाबाद के नारों और अबीर गुलाल से शहर की सड़कें पटने लगी।
जिला प्रशासन की ओर से की गयी घोषणा के अनुसार अररिया की सीट पर लोजपा तथा फारबिसगंज, रानीगंज, नरपतगंज और सिकटी से भाजपा उम्मीदवार और जोकीहाट से जदयु उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। अररिया में लोजपा उम्मीदवार जाकिर हुसैन खां ने भाजपा उम्मीदवार नारायण झा को 18 हजार 66 मतों से शिकस्त दी है। जाकिर हुसैन खां को 49524 और भाजपा उम्मीदवार नारायण झा को 31458 मत प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी मोइदुर्रहमान 18338 मत लाकर तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं रानीगंज में भाजपा उम्मीदवार परमानंद दास ऋषिदेव ने राजद प्रत्याशी शांति देवी को 23650 मतों से पराजित किया। परमानंद ऋषिदेव को 65106 जबकि राजद प्रत्याशी शांति देवी को 41456 मत प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस के हरि वैश्यंत्री को 9955 मत मिले।
नरपतगंज में भी भाजपा उम्मीदवार देवयंती यादव ने राजद के अनिल यादव को 6937 मतों से मात दी। देवयंती यादव को 61102 और अनिल यादव को 54165 मत मिला। कांग्रेस के भारतेंदु यादव को 8782 मत मिले।
सिकटी विस क्षेत्र में भी भाजपा के उम्मीदवार आनंदी यादव ने लोजपा के विजय मंडल को 9879 मतों से शिकस्त दी। आनंदी यादव को 42073 तथा विजय मंडल को 32206 मत मिले। यहां की कांग्रेस की शगुफ्ता अजीम तीसरे पायदान पर रही तथा उन्हें कुल 20245 मत मिले।
यही स्थिति फारबिसगंज विस क्षेत्र की भी रही। वहां की भाजपा के पदम पराग वेणु ने लोजपा के मायानंद ठाकुर को 26824 मतों से पराजित कर दिया।
पदम पराग वेणु को 70460 और मायानंद ठाकुर को 43636 मत प्राप्त हुए। यहां की कांग्रेस के उम्मीदवार प्रकाश चौधरी तीसरे नंबर पर रहे तथा उन्हें 8185 मत मिला।
वहीं बहुचर्चित जोकीहाट विस क्षेत्र में राजद से जदयु में आये दिग्गज नेता तस्लीमउद्दीन के पुत्र सरफराज आलम ने निर्दलीय प्रत्याशी कौसर जिया को 25320 मतों से पराजित कर दिया। यहां राजद प्रत्याशी अरूण यादव तीसरे स्थान पर रहे। सरफराज आलम को 44022 मत मिले जबकि कौसर जिया को 18646 वोट। जबकि राजद के अरूण यादव 15051 मत लाकर तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं इस विस क्षेत्र में चर्चित युवा नेता रंजीत यादव 13942 मत लाकर चौथे स्थान पर रहे। जोकीहाट ही यहां एक ऐसा विस क्षेत्र रहा जहां दूसरे और चौथे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी काबिज रहे। कुल मिलाकर राजग यहां छक्का जड़ने से जरूर चूके किंतु जीत का पंजा लगाकर नीतीश-मोदी की शासन व्यवस्था पर जरूर मुहर लगा दी। मतगणना का कार्य शाम छह बजे तक चला। वहीं जीत के साथ ही विजेता प्रत्याशी और उनके समर्थक जीत का जश्न मनाने में जुट गये।

सीटिंग को साइड करना राजग के लिए रहा लाभदायक

अररिया, काप्र: जीत का पिछला रिकार्ड दोहराने में हालांकि अररिया में राजग मात्र एक सीट से चूक गया। लेकिन टिकट बंटवारे से पूर्व भाजपा जदयू ने जो रणनीति बनाई वह गठबंधन के लिए फायदेमंद साबित हुआ है। अररिया के छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए भाजपा ने अपने तीन सीटिंग विधायकों का टिकट काटा। जबकि जदयू ने भी अपने दो विधायकों का टिकट काटकर वहां से एक पर भाजपा व एक पर जद यु के दूसरे उम्मीदवारों को मौका दिया। जिसका परिणाम भी पार्टी के हित में गया। दोनों गठबंधन दलों के सभी नये उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराया। ज्ञात हो कि अररिया के छह विधानसभा सीट पर गत विधानसभा चुनाव में राजग का कब्जा था। अररिया विस क्षेत्र से भाजपा के प्रदीप कुमार सिंह जीते थे। लेकिन वे गत संसदीय चुनाव में यहां से सांसद चुन लिये गये। इसके बाद यहां हुए उपचुनाव में लोजपा के विजय मंडल ने जीत दर्ज की थी। इस बार भी यह सीट लोजपा के खाते में ही गयी और जाकिर अनवर ने भाजपा के नारायण झा को शिकस्त दी। इसके अलावा सभी विस क्षेत्र पर भाजपा जदयू विधायक काबिज थे। जिनका इस चुनाव में पार्टी ने टिकट काट दिया। फारबिसगंज विस क्षेत्र से भाजपा विधायक लक्ष्मीनारायण मेहता थे जिनका टिकट काटकर इस बार भाजपा ने महान कथा शिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु के पुत्र पदम पराग वेणु को टिकट दिया। वेणु पहली बार विधानसभा चुनाव लड़े बावजूद उन्होंने मजे हुए राजनेता लोजपा के मायानंद ठाकुर को 26 हजार से अधिक मतों से शिकस्त दे दी। भाजपा ने नरपतगंज में भी अपने पुराने कार्यकर्ता व चार बार विधायक रह चुके सिटिंग विधायक जनार्दन यादव का टिकट काटकर वहां से नयी भाजपा नेत्री देवयंती यादव को उम्मीदवार बनाया। देवयंती यादव ने भी पार्टी का भरोसा बरकरार रखा तथ राजद के अनिल यादव को छह हजार से अधिक मतों से हरा दिया। रानीगंज में भी भाजपा ने सीटिंग विधायक व मंत्री रह चुके रामजी दास ऋषिदेव का टिकट काटकर परमानंद ऋषिदेव पर दांव लगाया और सफल रही। परमानंद ऋषिदेव ने राजद की शांति देवी को 23653 कसे हरा दिया। वहीं सिकटी में जदयू के सीटिंग विधायक मुरलीधर मंडल का टिकट काटकर भाजपा के आनंदी यादव को प्रत्याशी बनाया। उन्होंने भी लोजपा के विजय मडल को 4873 मतों से पराजित कर दिया। जबकि सिकटी में भी जदयू ने सीटिंग विधायक व मंत्री रह चुके मंत्री मंजर आलम का टिकट काटकर सरफराज आलम को प्रत्याशी बनाया जिन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से पच्चीस हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज की
इस तरह अररिया के सभी सीटिंग विधायकों का टिकट काटकर भाजपा जदयु गठबंधन फायदे में रही और उसके सभी बदले गये उम्मीदवारों ने यहां से जीत दर्ज की। यहां से सिर्फ अररिया विस क्षेत्र राजग के हाथ से निकला। वहां से लोजपा के जाकिर हुसैन खा ने जीत का परचम खां ने जीत का परचम लहराया।

मतगणना स्थल पर प्रशासन रहा सतर्क

अररिया, संसू: बुधवार को मतगणना को लेकर जिला प्रशासन काफी सतर्क थी। मतगणना परिसर एवं बाहर तक प्रशासन के अधिकारी तैनात थे। छह विधानसभा क्षेत्र के मतगणना के अधिकारी तैनात थे। छह विधानसभा क्षेत्र के मतगणना के लिए छह अलग अलग हाल में 14-14 टेबुल लगे थे। सभी टेबुल पर मतगणना सहायक, माईक्रो आ‌र्ब्जवर तैनात थे। वज्रगृह से हॉल तक ईवीएम मशीन पहुंचाने के लिए अलग-अलग बेरिकेटिंग कर गैंगवे तैयार किया गया था। प्रत्येक हाल में दो द्वार बनाये गये थे। जिस पर दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात किये गये थे। डीएम एम. सरवणन एवं एसपी विनोद कुमार पूरे सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतगणना कार्य की मानिटरिंग कर रहे थे। सुबह पांच बजे से ही मतगणना कर्मी व मतगणना एजेंट बाजार समिति के गेट पर जमा हो गये तथा अंदर जाने लगे। तीन चरण की सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। वहीं मतगणना हाल में निर्वाची पदाधिकारी क्रमश: विजय कुमार, जफर रकीब, गिरिवर दयाल सिंह, डा. विनोद कुमार, कपिलेश्वर विश्वास तथा उदय कुमार सिंह सभी राउंडवार रिपोर्ट को एकत्र करने में व्यस्त थे।

जेल के पुननिर्माण को शीघ्र पूरा करने की मांग

अररिया, विसं: ब्रिटिशकालीन अररिया जेल की दीवाल पिछले चक्रवाती तूफान में ढह गयी। जिस कारण यहां के कैदियों को कटिहार जेल में रखना तो पड़ रहा है। परंतु इस दीवाल का पुर्ननिर्माण नहीं होने से जहां विभागीय कार्य शिथिलता सामने आ रही है तो लंबित मामले के निष्पादन में बाधा उत्पन्न हो रहा है।
विदित हो कि पिछले दिनों चक्रवाती तूफान के आने से जिले के जन मानस जहां इस प्राकृतिक कोप का शिकार हुए तो अररिया का जेल की दीवाल भी गिर गया। जिस कारण सुरक्षा की दृष्टिकोण से अदालत द्वारा न्यायिक अभिरक्षा में जेल में रखे कैदियों को कटिहार जेल स्थानांतरण कर दिया गया। उसी वक्त से इन कैदियों की अदालत में निर्धारित समय में पेशी के लिए कटिहार से ले आने-जाने की कार्य जारी है।
जिस कारण कई बार यह स्थिति सामने आया की कतिपय कारणों से कैदियों की पेशी अदालत में नहीं हो पाता है। इस परिस्थिति में न्यायार्थियों को कई दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। वहीं लंबित वादों के निष्पादन में विलंब होता है।
जबकि इस संबंध मं अधिवक्ता संघों द्वारा संबंधित विभाग से कई बार ध्यान आकृष्ट किया गया तथा माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश पूर्णिया की अध्यक्षता में अररिया कोर्ट में संपन्न हुए मोनेट्रिंग सेल की बैठक में इस बात की चर्चा छायी रही। साथ ही इस संबंध में कारा अधीक्षक एवं सहायक अभियंता ने गिरे दीवाल को शीघ्र पुर्ननिर्माण के लिए आश्वासन भी दिया था। बावजूद इस संवेदनशील मुद्दा ठंडे ही बस्ते में पड़ा
इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन अररिया के अध्यक्ष लक्ष्मी ना. यादव ने कहा कि जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है तथा जिले में कैदियों को कटिहार से शीघ्र अररिया जेल वापस बुलाने के लिए पत्राचार भी किया गया है। कारण कैदियों को कटिहार जेल में रहने से पेशी में बाधा हो रही है। वहीं संबंधित कारा अधीक्षक एवं सहायक अभियंता को भी जिला न्यायाधीश के समक्ष दिये आश्वासन का अब तक अमलीजामा नहीं दिया है। जो संवेदनशील मुद्दा बनता जा रहा हैI

विस चुनाव : फारबिसगंज ने दिये चार विधायक

अररिया/रेणुग्राम जाटी: फारबिसगंज की धरती फिर एक बार सुर्खियों में आ गयी। बिहार विधानसभा चुनाव में अररिया को चार सीटों पर फारबिसगंज की धरती के चार सपूतों ने अपना विधायक दिया है। इससे पहले यह गौरव पिछले चुनाव में नरपतगंज की धरती ने अपने तीन सपूतो को दिया था। जिले के छह विधानसभा में फारबिसगंज विधानसभा सीट पर कथा शिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु के पुत्र पदम पराग वेणु ने भाजपा के सीट पर अपनी जीत सुनिश्चित की जो सिमराहा थाना क्षेत्र के टीला मोहन निवासी है परमानंद ऋषिदेव जिन्होंने रानीगंज विधानसभा सीट पर राजद प्रत्याशी को करारी शिकस्त देकर जीत सुनिश्चित की। हालांकि श्री ऋषिदेव का कार्य क्षेत्र हमेशा से रानीगंज ही रहा। अररिया विधानसभा सीट पर विजयी हुए लोजपा के जाकिर अनवर भी फारबिसंज विधानसभा क्षेत्र के जोगबनी निवासी है। जबकि इनका कार्य क्षेत्र में पूर्व में फारबिसगंज ही रहा। जोगबनी की रहने वाली देवयंती यादव नरपतगंज विधानसभा सीट पर अपनी जीत हासिल कीI

प्रमंडलीय सम्मेलन को लेकर चिकित्सकों की बैठक

फारबिसगंज(अररिया),हप्र: मंगलवार की शाम स्थानीय रेफरल अस्पताल परिसर में सरकारी चिकित्सकों की बैठक प्रभारी डा. जयनारायण प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें 12 दिसंबर को फारबिसगंज अनिरूद्ध सेवा सदन में होने वाले बिहार राज्य स्वास्थ्य सेवा संघ के प्रमंडलीय स्तर सम्मेलन के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर विचार विमर्श किया गया। इसकी जानकारी देते हुए प्रभारी सह संघ के जिला सचिव डा. प्रसाद एवं प्रवक्ता डा. अजय कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि इस एक दिवसीय सम्मेलन में भासा के प्रदेश संयोजक सहित करीब सौ से ज्यादा सदस्य शिरकत करेंगे। बताया कि यह पहला मौका है जब किसी प्रखंड स्तर पर भासा अर्थात बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ का प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। कहा कि इस मौके पर स्थानीय रेफरल अस्पताल की ओर से एक स्मारिका भी प्रकाशित की जायेगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में संघ की ओर से कई लंबित मांगों को भी उठाया जायेगा। जिनमें देश के चौदह अन्य राज्यों की भांति बिहार में भी हेल्प प्रोफेसनल एक्ट लागू करने, सेवा शर्तो पर प्रशासनिक हस्तक्षेप बंद करने, संविदा पर बहाल चिकित्सकों को नियमित करने आदि मांगे शामिल है। मौके पर डा. हरिकिशोर सिंह, डा. विजय कुमार, डा. एनएल दास, डा. श्रवण कुमार, डा. अतहर, डा. आशुतोष कुमार आदि उपस्थित थे।

चप्पे-चप्पे पर रहा सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम

अररिया, निसं: मतगणना के दौरा शहर के चारों ओर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहा। मतगणना स्थल से लेकर यहां के हर मार्गो पर पुलिस की सक्रियता तेज रही। जगह जगह पुलिस की टुकड़ी तैनात की गयी थी जो हर आने जाने वाले लोगों पर नजर रख रही थी। इसके अलावा एसएसबी जवानों एवं पुलिस बलों की कई गश्ती पार्टी शहर में लगातार घूम घूम कर प्रत्याशी समर्थकों एवं भीड़ पर नजर रख रही थी। वहीं मार्केटिंग यार्ड स्थित मतगणना स्थल से लेकर बस स्टैंड तक बैरिकेटिंग की व्यवस्था की गयी थी। जिसके दोनों किनारे एसएसबी जवानों को तैनात किया गया था। इसके अलावा बीच बीच में बल को दिशा निर्देश देने के लिए दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त थे। इस पुख्ता व्यवस्था में लगे जिले के सभी थानाध्यक्ष बल एवं प्रखंड के पदाधिकारी अपने अपने जगहों पर डयूटी पर निर्वहन करते देखे गये। मतगणना स्थल तक पहुंचने के लिए जगह जगह चेकिंग की व्यवस्था की गयी थी। चुनाव परिणाम की घोषणा शुरू होते ही एसएसबी जवानों व पुलिस बलों की गश्ती और भी तेज थी।

अररिया फिर चला एंटी करंट

अररिया, जाप्र: विगत लगभग पचास सालों से अररिया का चुनावी जनादेश कभी भी सूबे की सरकार के समर्थन में नहीं रहा। 2010 का जनादेश इस धारणा का ताजा उदाहरण है। यदि कभी सरकारी दल का कोई जीता भी तो कार्यकाल पांच साल का नहीं रहा।
सन 1962 के चुनाव में जनसंघ समर्थित बालकृष्ण झा यहां से जीते थे, चुनाव बाद सरकार कांग्रेस की बनी। फिर 1967 व 69 के मध्यावधि चुनाव में कंग्रेस के शीतल प्रसाद गुप्ता जीते। इस दौरान बिहार में संविद सरकारों की होड़ लगी रही। सन 72 के चुनाव में समाजवादी डा. आजम को जीत मिली तो सूबे में सरकार कांग्रेस की बनी। आपातकाल के बाद 77 के चुनाव में अररिया से कांग्रेस के श्रीदेव झा जीते। पटना में जनता पार्टी की सरकार बनी। अस्सी में जब कांग्रेस की सरकार बनी तो यहां से लोकदल के तस्लीमुद्दीन को जीत मिली थी। 1985 में कांग्रेस के हलीम उद्दीन की जीत के अपवाद को छोड़ दें तो नब्बे में यहां से इंसाफ पार्टी के टिकट पर विनोद कुमार राय को जीत हासिल हुई। इस साल पटना में लालू प्रसाद के नेतृत्व में सरकार बनी। 1995 के चुनाव में बिहार पीपुल्स पार्टी के विजय कुमार मंडल जीते। अगले चुनाव में भी निर्दलीय के रूप में वे ही जीते। दानों बार पटना में जद व राजद की सरकार रही। सन 2005 के प्रथम चुनाव में भाजपा के प्रदीप कुमार सिंह जीते। इस बार किसी सरकार का गठन नहीं हो पाया। सूबे में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया। इसी साल के द्वितीय चुनाव में फिर भाजपा के प्रदीप कुमार सिंह ही जीते, लेकिन उन्होंने लोक सभा का चुनाव लड़ कर उसमें जीत हासिल कर ली। उप चुनाव में लोजपा के विजय मंडल को जीत मिल और अब 2010 के चुनाव में लोजपा के ही जाकिर हुसैन खां को जीत मिली है। जबकि प्रदेश में राजग की जीत का जलवा नुमाया है।

एनडीए की जीत पर भाजपाइयों में हर्ष

फारबिसगंज(अररिया),जासं: जिले के छह में से पांच सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत पर भाजपा नेता ने प्रसन्नता व्यक्त की है। भाजपा नेता दिलीप मेहता ने चार सीटों पर मिली जीत के लिए सांसद प्रदीप सिंह सहित पार्टी जिलाध्यक्ष आलोक भगत की कड़ी मेहनत का कारण बताया। इसके अलावा पार्टी कार्यकत्र्ताओं को बधाई दी। श्री मेहता ने कहा कि जिला में चलाये गये चुनाव प्रचार अभियान तथा नीतीश भाजपा गठबंधन सरकार द्वारा किये गये विकास ने ही सफलता दिलाई है। उन्होंने पार्टी जिलाध्यक्ष सहित नीतीश कुमार, सुशील मोदी तथा आम जनता को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी है।

निर्दलीय प्रत्याशी ने किया मतदाताओं का आभार

अररिया, निसं: अररिया विधानसभा क्षेत्र से चौथे स्थान पर रहे निर्दलीय प्रत्याशी अजय कुमार झा ने मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि भले ही वह चुनाव हार गये लेकिन आम लोगों का समर्थन उनके साथ है। उन्होंने बताया कि बिहार में विकास की जीत हुई है। बावजूद उन्हे करीब बारह हजार मतदाताओं ने उन्हे अपना समर्थन दिया। इसके लिए उन्होंने तमाम मतदाताओं धन्यवाद दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव में हार हो या जीत लेकिन वह सेवा भावना से राजनीति में आये है और मरते दम तक वह जनता की सेवा करते रहेगे। उन्होंने इतनी बड़ी जीत के लिए बिहार के मुखिया नीतीश कुमार एवं सुशील कुमार मोदी को भी धन्यवाद दिया है।

चुनाव में विकास की हुई जीत

अररिया, निसं: अररिया जिले के छह सीटों में पांच पर एनडीए की जीत की खुशी से उत्साहित भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने कहा कि इस चुनाव में विकास की जीत हुई है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जिले के तमाम भाजपा व जदयू कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। अध्यक्ष श्री भगत ने कहा कि इस चुनाव में विकास का बोलबाला रहा। नीतीश एवं सुशील कुमार मोदी की जोड़ी ने विकासोन्मुखी कार्यक्रम चलाकर देश में बिहार को ऊपर उठाया उससे आम लोग खुश थे। इसी खुशी में उम्मीद से ज्यादा मतदाताओं ने इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में अपना समर्थन दिया है। उन्होंने बताया कि चुनाव से पूर्व ही यह रणनीति तय कर ली गयी थी कि भाजपा कार्यकर्ता एक मात्र मुद्दा विकास को लेकर मतदाताओं के बीच जायेंगे। इस मुद्दे को मतदाताओं ने अच्छी तरह समझा और खुलकर नीतीश व मोदी के समर्थन में मतदान किया। उन्होंने इस बड़ी जीत के लिए नीतीश कुमार एवं सुशील कुमार को भी बधाई दी है।

महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

कुर्साकाटा(अररिया),निसं: मनोकामना पूरी करने को ले क्षेत्र के महिलाएं लगातार सिर पर कलश लेकर कलश यात्रा निकाल रही हैं। पुत्र के दीर्घायु होने तथा सुख समृद्धि की कामना को ले महिलाएं मां मनसा देवी व विषहरी देवी की पूजा कर रही हैं।
प्रखंड के कपरफोड़ा गांव से मंगलवार को पुत्र के दीर्घायु होने की कामना को लेकर 201 महिलाओं ने कलश शोभा यात्रा निकाली। गाजे बाजे के साथ महिलाओं की लंबी कतार कपड़फोड़ा स्थित भलुवा नदी से जल भरकर विभिन्न टोले, सड़क मुहल्ले होते हुए बरजान नदी पहुंची तथा पूजा अर्चन कर जल विसर्जित किया। कलश शोभा यात्रा का नेतृत्व योगेन्द्र सिंह, अयोध्या सिहं, मणि कुमार बोस, दारा सिंह, सदानंद सरदार आदि ग्रामीण कर रहे थे।

पूण्यतिथि पर याद की गयी पद्मश्री कलावती

रानीगंज(अररिया),जाप्र: मंगलवार को पद्मश्री कलावती की 22 वीं पूण्यतिथि कलावती डिग्री महाविद्यालय के प्रांगण में एक समारोह आयोजित कर मनायी गयी। इस अवसर पर उस महान विभूति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए महाविद्यालय परिवार के सदस्यों सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे। समारोह में कलावती के तैलीय चित्र के सामने जल रहे दीप उस ज्ञान दीप की तरह थी जिसे कई दशकों पूर्व खुद कलावती ने प्रज्ज्वलित की थी। महाविद्यालय के सचिव कैप्टन एसएन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कलावती के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गयी। दिव्यज्ञान की धनी इस निरक्षर महिला को सकारात्मक व रचनात्मक सोच के साथ कार्य करने की विभिन्न घटनाओं की चर्चा वक्ताओं ने की। प्रशासनिक महकमे में गहरी पैठ रखने वाली इस महिला को श्रद्धांजलि देते हुए प्रो. सदरे आलम ने कहा कि आज समाज में सबे ज्यादा ज्ञान का अभाव है। इसके बिना कोई भी समाज या राष्ट्र समृद्धि नहीं बन सकता और उसी ज्ञान की ज्योति प्रज्ज्वलित करने का काम कलावती ने जीवन भर किया। एसएसनभी इंटर कालेज के व्याख्याता प्रो. अरूण मंडल ने कहा कि कास कलावती का जीवन काल दो सौ वर्षो का होता तो शिक्षा के क्षेत्र के अतिरिक्त समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने का मार्ग दिखलाती। प्राचार्य जेपी मल्लिक ने उनके द्वारा महाविद्यालय के अधूरे कार्य को पूरा करने का संकल्प दुहराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एसएन सिंह ने उपस्थित लोगों को निरक्षरों को साक्षर बनाने का संकल्प लेने को कहा। मंच संचालन कर रहे दयानंद राउत ने हम सबों को मिलकर उनके अधूरे सपनों को पूरा करना चाहिए। कार्यक्रम में समाजसेवी सुभाष चंद्र दत्ता, डा. रणवीर सिंह, प्रो. प्रदीप पूर्वे, प्रो. तारकेश्वर प्रसाद, प्रो. रूपा रानी, प्रो. अंजली देवी सहित काफी संख्या में छात्र छात्रा उपस्थित थे।

सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन

ताराबाड़ी(अररिया), संसू: क्षेत्र के साहसमल पंचायत के पटेगना में एक सप्ताह से चल रहे व्यास रचित श्री मद्भागवत कथा मंगलवार को हवन के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर प्रति दिन दर्जनों विद्वानों ने दूर दराज से आये सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्रवचन द्वारा भाव विभोर कर दिया। श्रीमद्भागवत के आयोजक गजाधर झा, शंभूनाथ झा, द्वारिका नाथ झा, अमर झा ने बताया कि इस सप्ताह परायण में प्रत्येक दिन सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में व्यास पं.विजय झा, आचार्य पंडित शोभाकांत झा, पाठक पं.गणेश मिश्र, ब्रह्मा पंडित रामकृष्ण झा आदि ने श्री मद्भागवत कथा द्वारा श्रद्धालुओं को मोक्ष प्राप्ति के अनेक गुण व रहस्य बताये। कार्यक्रम को सफल बनाने में संजय झा, संजीव, विद्यानंद मिश्र, वरूण झा, श्रवण कुमार मिश्र, कमला कांत झा, रजनीश कुमार सिंह, पंचानंद मिश्र, सोनक, बोआ, सौरभ आदि का योगदान सराहनीय रहा।

ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की तीन मूर्तियां चोरी

नरपतगंज(अररिया),जाटी: नरपतगंज प्रखंड के मधुरा उत्तर पंचायत के अकहा गांव में स्थित बाबा भीम ठाकुरबाड़ी मंदिर से बीस पचीस साल पुरानी तीन अष्टधातु की मूर्ति सोमवार की रात चोरी हो गयी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों मूल्य का आंका गया है। घटना के बाबत फुलकाहा थाना ओपी एवं नरपतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने बताया कि चोरी हुई करीब पांच किलोग्राम का है। मंदिर के पुजारी सियाराम दास के अनुसार यह मूर्ति पीतल की थी जिसमें दो मूर्ति भगवान श्री कृष्ण तथा एक राधा की थी। जबकि ग्रामीणों के अनुसार तीनों मूर्ति अष्टधातू की थी। बहरहाल यह तो जांच के बाद ही पता चल पायेगा कि मूर्ति लाखों की है या हजारों की। घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि मंदिर के पुजारी सियाराम दास ने बताया कि मंगलवार की सुबह मंदिर की साफ सफाई के लिए दरवाजा खोला तो तीनों मूर्ति गायब थी। इस घटना से आसपास के ग्रामीण आक्रोशित हैं। समाचार लिखे जाने तक मामला थाना में दर्ज नहीं हो पाया था।

मंदिर से चोरी सोलर प्लेट बरामद, एक गिरफ्तार

पलासी(अररिया), निसं: प्रखंड के नकटा खुद मंदिर से चोरी हुई सोलर प्लेट सेट ग्रामीणों द्वारा पकड़े गये कथित चोर अभिनाथ साह के निशानदेही पर पलासी पुलिस बकराडांगी गांव के संजय यादव के घर से सोमवार को बरामद किया। जबकि घटना में संलिप्त अन्य चोर भागने में सफल रहे। वहीं सत्संग मंदिर के संरक्षक शिवनारायण सिंह द्वारा पलासी थाना में तीन व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया गया है। वहीं पलासी थाना पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा सुपुर्द कथित चोर अभिनाथ साह को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार नकटा खुर्द सत्संग मंदिर में लगे सोलर प्लेट, बैट्री, एम्पलीफायर, माईक स्टैंड रविवार की रात्रि चोरों ने चुरा ली। इस क्रम में सोमवार को प्रात: खोजबीन के बाद ग्रामीणों को जानकारी मिली कि रात में अभिनाथ साह व श्रवण यादव को मोटरसाइकिल पर समान ले जाते देखा गया है। इस दौरान ग्रामीणों ने अभिनाथ साह को दबोचकर पूछताछ की। उसने घटना में संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य दो व्यक्ति संजय यादव व श्रवण यादव के भी घटना में शामिल होने की बात बतायी। तत्पश्चात ग्रामीणों ने सोमवार को उक्त युवक को पलासी पुलिस को सुपुर्द किया। जिसके निशानदेही पर पलासी पुलिस ने चोरी हुए सामान संजय यादव के घर से बरामद की। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

सरसी डकैती कांड में वांछित गिरफ्तार

नरपतगंज(अररिया),जाटी: नरपतगंज थाना क्षेत्र के बरियाहपुर गांव से सोमवार की रात्रि पुलिस ने कुख्यात अपराधी फुचाय बहरदार को गिरफ्तार किया।
इस बाबत थानाध्यक्ष टी.पी सिंह ने मिली जानकारी के अनुसार फुचाय बहरदार सरसी डकैती सहित आधा दर्जन लूटकांड के मामले में फरारी था। जिसकी नरपतगंज कांड संख्या 160/05 सहित फारबिसगंज, छातापुर एवं जोगबनी के थानों में भी अन्य मामलों में तलाश थी। जिसे मंगलवार को पूछताछ कर कटिहार जेल भेज दिया।

मवेशी छीनने को ले मारपीट, एक घायल

कुर्साकांटा(अररिया),निसं: प्रखंड के डढ़हापीपर गांव के निकट सोमवार की सुबह लगभग दस बजे कुर्साकांटा मवेशी हाट में बिक्री के लिए ला रहे मवेशी को जबरन छीनने एवं मारपीट की घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे कुर्साकांटा अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस घटना को लेकर कुआड़ी ओपी थाना कुर्साकांटा में तीन व्यक्तियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को मेघा असराहा निवासी मो. मदबुल का पुत्र मो. अजीम दो गाय एवं दो बछड़ा लेकर कुर्साकाटा मवेशी हाट बिक्री करने ला रहा था। डढ़हा पीपर गांव के निकट नरेश ततमा के घर के पास गाय का बछड़ा नरेश ततमा के दरवाजे पर चला गया। नरेश ततमा के पुत्र संतोष ततमा एवं मुकेश ततमा ने मिलकर मो. अजीम के साथ मारपीट की एवं मवेशियों को बछड़ा सहित कहीं छुपा दिया। मारपीट की इस घटना में मो. अजीम जख्मी हो गया जिसे कुर्साकाटा अस्पताल में भर्ती किया गया। घटना को लेकर मो. अजीम के पिता मो. मदबुल के लिखित आवेदन पर कुआड़ी ओपी थाना कुर्साकाटा में कांड संख्या 131/10 में नरेश ततमा, संतोष ततमा एवं मुकेश ततमा के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। साथ ही आसामीगण से मवेशी दिलाने की गुहार लगायी है। ओपी अध्यक्ष अजय सिंह घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में लगे हैं।

परम्परागत ढ़ंग से मनाया गया सामा-चकेवा पर्व

अररिया निप्र: कार्तिक पूर्णिया के मौके पर मिथिलांचल में प्रचलित भाई-बहनों के अटूट प्रेम संबंधों का उत्सव सामा-चकेवा परम्परागत ढंग से हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया।
शाम ढलते ही महिलाओं व बालिकाओं की टोली सामा-चकेवा पर आधारित सामा खेलय गेलिये हो भईया.. आदि लोक गीत गाकर अपने भाईयों की सलामती की कामना की। इस मौके पर बहनों ने मिट्टी के बने रंग-बिरंगे सामा-चकेवा को फोड़ा तथा चुगला को आग के हवाले कर वृंदावन में लगी आग को बुझाया। इस उत्सव में मिट्टी से सामा-चकेवा, चुगला, खजन चिड़िया, सतभईया, कचबचिया, सखारी, भंवरा-भंवरी, वृंदावन आदि की खूबसूरत प्रतिमा बनाकर उसे विभिन्न आकर्षक रंगों से रंगाया गया था।
कुर्साकांटा निसं के अनुसार: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अपने भाई के दीर्घायु की कामना से बहना बड़े ही श्रद्धा भाव इस पर्व को मनाती है। मिट्टी से बने छोटे-छोटे पशु, पक्षी का आकार को बड़े ही जतन से रंग रोगन भरती है एवं सामा चकेवा का खेल खेलती है।
ज्ञात हो कि श्रीकृष्ण माता की पुत्री सामा एवं भाई साम्ब की प्राचीन कथा को लेकर भाई बहन के प्रेम का प्रतीक इस पर्व को अत्यंत प्राचीन काल से श्रद्धाभाव से मनाती है। महिलाएं बांस के बने चंगेरा में सामा चकेवा की प्रतिमा को माथे पर ले सामा चकेवा का गीत गाती घर से दूर मैदान में या सड़कों पर बैठकर उसे पूजती है। इस मौके पर सामा चकेवा कथा के अनुसार एक चुगला का पुतला बनाया जाता है। चुगला के मुंह में आग लगाकर महिलाएं हंसी ठिठोली करती है। चुगला के मुंह में आग लगलै कोय नै बुझाबै के आदि अनेकों हर तरह के गीत गाती है। माना जाता है कि भाई बहन के पवित्र प्रेम के बीच चुगलपनी करने वालों को प्रतीक के रूप में इस पुतले को जलाया जाता है। गीत के माध्यम से भाई के सुख, समृद्धि एवं लंबी उम्र की कामना लेकर हर बहन इस पर्व को मनाती है। तीस वर्षीय महिला सुमित्रा देवी ने बताया कि इस पर्व को मनाने की अत्यंत प्राचीन परंपरा है। महिला समा को बेटी के रूप में मानकर घरभरी की जाती है, उसकी विदाई की जाती है।

चोरी की बढ़ी घटनाओं से नगरवासी परेशान

फारबिसगंज(अररिया),निज प्रतिनिधि: चोरी की घटनाओं में हो रही लगातार वृद्धि से नगर वासियों की परेशानी बढ़ गई है। बताया जाता है कि पिछले एक माह के दौरान नगर के विभिन्न इलाकों में एक दर्जन से भी ज्यादा चोरी की घटनाएं घट चुकी हैं। जिनमें ज्यादातर चोरियां गृहस्वामी की अनुपस्थिति में हुई है। पुलिसिया की निष्क्रियता के कारण चोरों को मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है।
लोगों की मानें तो पुलिस पेट्रोलिंग दिन के उजाले में अधिक रात के अंधेरे में कम ही देखा जाता है। विभिन्न चौक चौराहों पर मुस्तैद किये जाने वाले चौकीदार, पुलिस बल अब देखने तक को नहीं मिल पा रहा है। पूर्व में रात्रि प्रहरी के लिए इन लोगों की तैनाती की जाती थी किंतु यह प्रथा ही अब खत्म हो चुकी है। ताजा तरीन मामले में बीती रात नगर के दरभंगिया बस्ती में भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर लोगों की नींद हराम कर दी है। वहीं चोरों की गिरफ्तारी की दिशा में पुलिस को अब तक कोई सफलता प्राप्त नहीं हो सकी है। जानकारों की मानें तो चोर गिरोह में संभवत: महिलाएं भी शामिल है।

चुनाव नतीजा जानने को लेकर समर्थकों में बेचैनी

फारबिसगंज(अररिया),जासं: चुनाव परिणाम जानने को लेकर आम मतदाताओं से लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों में अजब सी बेचैनी है। बुधवार को जिला मुख्यालय में मतगणना शुरू होने पर सभी विधान सभा क्षेत्रों में पल-पल की जानकारी पाने के लिए लोगों की बेताबी छलक रही है। सभी अपने संपर्क सूत्रों से संपर्क बनाऐ रखने की बात कर रहे हैं। इस बीच मीडिया कर्मियों ने भी अपना मोबाइल स्वीच आन रखने का आग्रह नेता व कार्यकत्र्ता कर रहे हैं। एक पार्टी के कार्यकर्ता ने कहा कि आप तो अंदर (मतदान केन्द्र) में रहेंगे। जब कि एक अन्य पार्टी कार्यकर्ता ने कहा कि आज के दिन मोबाइल आफ मत कीजिएगा। वैसे पार्टी कार्यकर्ता जो मतदान केन्द्र पर एजेंट भी है उन पर कार्यकत्र्ताओं को सूचना देने के आग्रह का बोझ पड़ा हुआ है, आखिर एक-एक क्षण की जानकारी जो चाहिए। रमेश प्रसाद ने कहा कि वे तो टीवी से ही चिपके रहेंगे। बेचारे कुछ मीडिया कर्मियों ने मतदान की गिनती के पास आने वाले फोन की परेशानी से बचने के लिए अपना मोबाइल आफ रखने का मन बना लिया है। त्वरित सूचना के लिए पार्टी ने भी अलग से व्यवस्था कर रखी है।

Tuesday, November 23, 2010

एचसी के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने लगायी रोक,मुर्शिदा फिर बनी प्रमुख

फोटो नंबर 22 एआरआर 11 कैप्शन: समर्थकों के साथ प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख
जोकीहाट(अररिया), निज प्रतिनिधि: माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने जोकीहाट प्रमुख मुर्शिदा बेगम बनाम किश्वर नसीम के मामले में माननीय हाईकोर्ट पटना के फैसले पर स्थगन आदेश जारी किया है। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति हरजीत सिंह वेदी तथा चंद्रमौलि कुमार प्रसाद की खंडपीठ ने सीडब्लूजेसी नंबर 12617/08 के फैसले पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगा दिया है। इसके साथ ही सोमवार को प्रखंड प्रमुख मुर्शिदा बेगम एवं उपप्रमुख तारीक अनवर उर्फ नन्हा ने बीडीओ मो. सिकंदर के समक्ष पदभार ग्रहण किया।
सुप्रीम कोर्ट में पूर्व प्रमुख मुर्शिदा बेगम नेवाद संख्या 9729/10 उच्च न्यायालय के फैसले के विरूद्ध मामला दायर करवाया था। सुप्रीम कोर्ट के स्थगन आदेश के आधार पर सोमवार को पुन: जोकीहाट प्रखंड प्रमुख की कुर्सी मुर्शिदा बेगम एवं उपप्रमुख की कुर्सी तारिक अनवर उर्फ नन्हा ने संभाला। इस दौरान प्रमुख मुर्शिदा बेगम ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की प्रतिलिपि डीएम एम सरवणन, एसडीओ डा. विनोद कुमार, डीपीआरओ कुमार सिद्वार्थ, बीडीओ मो. सिकंदर को सौंप दिया है। गौरतलब है कि मुर्शिदा बेगम ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर जोकीहाट प्रमुख पद से किश्वर नसीम को अपदस्थ कर दिया था। अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया के विरूद्ध प्रखंड प्रमुख किश्वर नसीम ने पटना हाई कोर्ट की शरण ली। हाई कोर्ट ने अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया को रोष पूर्ण करार देते हुए पुन: किश्वर नसीम को प्रखंड प्रमुख बनाने का फैसला दिया। हाई कोर्ट के फैसले के विरूद्ध मुर्शिदा बेगम ने सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली में उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती दी। माननीय उच्चतम न्यायालय ने अपने निर्णय के आधार पर हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगा दिया। इस निर्णय के आलोक में सोमवार को प्रखंड प्रमुख मुर्शिदा बेगम एवं उपप्रमुख तारीक अनवर उर्फ नन्हा ने बीडीओ मो. सिकंदर के समक्ष पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उनके साथ दर्जनों समर्थक मौजूद थे।

किस का बजेगा बाजा, किस के गले में पड़ेगी माला?

रेणुग्राम(अररिया),जाप्र: नेपाल की सीमा पर अवस्थित अररिया जिले के छह विधान सभा क्षेत्रों में विगत एक माह पूर्व हुए चुनाव में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने के साथ ईवीएम में बंद वोटों की गिनती की अब उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जिसमें दलीय, निर्दलीय प्रत्याशियों के परिजनों, कार्यकत्र्ताओं व समर्थकों की दिल की धड़कने बढ़ने लगी है। हालांकि जीत हार को लेकर प्रत्याशी समर्थक सहित आमजन अपने-अपने तरीके से जीत-हार का गणित सुलझाने में लगे हुए हैं। मतगणना 24 नवंबर को है और परिणाम भी उसी दिन सामने आयेंगे। लेकिन समय नजदीक आने के साथ ही इन दिनों चाय-पान की दुकानें, चौक-चौराहों, गांव-टोलों व खेत-खलिहानों के साथ सरकारी, गैर सरकारी सभी संस्थानों में विभिन्न क्षेत्रों से कौन प्रत्याशी जीतिगा, कौन हारेगा ओर किस-किस के गले में पड़ेगी विजय माला तथा किस-किस का निकलेगा दीवाला जैसी चर्चा ही जोरों पर है। इवीएम में बंद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला तो भविष्य के गर्भ में है। लेकिन किस विधान सभा क्षेत्र से कौन प्रत्याशी जीतेगा और कौन-कौन हारेगा इस बात को लेकर लाखों रूपये दांव पर लग गये हैं। समर्थकों में अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में श‌र्त्त लगाने की होड़ मची है।

एसडीपीओ ने की मारपीट मामले की जांच

कुर्साकांटा(अररिया),निसं: पिछले मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट को लेकर उपजे तनाव के मद्देनजर डीएसपी ने सोमवार को जांच की। इस मारपीट की घटना में एक पक्ष की ओर से पांच व्यक्ति एवं दूसरे पक्ष की ओर से एक व्यक्ति घायल हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से कुर्साकांटा थाना में कांड संख्या 128/10 एवं 129/10 दर्ज की गयी है। सोमवार को एसडीपीओ मो. कासिम ने घटना स्थल पर पहुंचकर घटना के संबंध में जांच पड़ताल की। एसडीपीओ मो. कासिम ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों द्वारा दर्ज प्राथमिकी को लेकर घटना स्थल पर विभिन्न लोगों एवं दुकानदार से पूछताछ की।

साढ़े चार साल में चार बार बदले प्रमुख व उपप्रमुख

जोकीहाट(अररिया),निप्र: जोकीहाट प्रखंड प्रमुख एवं उपप्रमुख की कुर्सी बीते साढ़े चार वर्षो में चार बार बदल चुकी है। इन दिनों प्रखंड प्रमुख की कुर्सी पर अपने समर्थक को बैठाने के लिए कई बार दिग्गज नेताओं ने पर्दे के पीछे से शह मात का खेल जारी रखा। जिसमें वे सफल भी रहे। सर्वप्रथम प्रमुख बनी किश्वर नसीम ने अपने चिरप्रतिद्वंदी मुर्शिदा बेगम को एकमत से एवं उपप्रमुख पद पर मुरलीधर झा को उपप्रमुख गौरी देवी ने एक मत से पराजित किया था। अपनी पराजय का दर्द दो वर्षो तक दबाते हुए मौका पाकर मुर्शिदा बेगम ने अविश्वास लाकर हार का बदला चुका लिया। इस मात को प्रमुख किश्वर नसीम एवं उपप्रमुख गौरी देवी को हजम नहीं हुआ। उन्होंने पुन: हाई कोर्ट का फैसला लाकर मुर्शिदा बेगम एवं गौरी देवी को अपदस्थ कर दिया। इस पराजय से निराश मुर्शिदा बेगम ने फिर किश्वर नसीम को पटकनी देकर कुर्सी पर काबिज हुए। इस तरह बीते कार्यकाल में जोकीहाट प्रमुख एवं उपप्रमुख की कुर्सी पर संकट के बादल छाये रहे।

जीत को लेकर जोर पकड़ रहा दावों का दौर

फारबिसगंज(अररिया) ,जासं: बिहार विधान सभा चुनाव परिणाम आने से पूर्व पार्टी नेताओं ने जीत को लेकर अपने अपने दावे किये है। आगामी 24 नवंबर को होने वाले मतगणना से पूर्व भाजपा व लोजपा जीत के प्रति आश्वस्त है। वहीं मनोज साह ने यहां से पार्टी प्रत्याशी मायानंद ठाकुर के विजय होने का दावा किया है। श्री साह ने कहा कि पार्टी को समाज के सभी वर्गो का समर्थन मिला है जो जीत का आधार होगा। इधर जदयू के जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा ने भी फारबिसगंज विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी पदम पराग राय वेणु के विजयी होने का दावा किया है। श्री मिश्र ने कहा कि मतगणना के बाद विपक्ष के दावों की हवा निकल जायेगी। उन्होंने जिले की सभी सीटों पर राजग के जीत का दावा किया है।

मतगणना: काउंटडाउन शुरू, फैसले पर टिकी सब की निगाहें

अररिया, संसू: फैसले की घड़ी आने में अब कुछ ही घंटे शेष बचे हैं। बुधवार को आठ बजते ही ईवीएम में बंद प्रत्याशियों के भाग्य धीरे धीरे खुलने लगेंगे। 80 प्रत्याशियों का भाग्य 21 अक्टूबर को ही मतदाताओं ने ईवीएम में बंद कर दिया था। 24 नवंबर को छह माननीय की घोषणा हो जायेगी। इस चुनाव में न सिर्फ अस्सी प्रत्याशियों के बल्कि सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व केंद्रीय मंत्री की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। परिणाम सामने आते ही छह प्रत्याशी को विधायक का ताज पहनाया जायेगा। काउंट डाउन शुरू है। कोई जीत के प्रति आश्वस्त है और पार्टी की तैयारी में जुटा है। लेकिन कुछ प्रत्याशी यह भी जान रहे है कि उनकी हार तय है लेकिन वे भी मतगणना की तैयारी में पूरी ताकत के साथ जुड़े है।
छह विधानसभा क्षेत्र में 2005 के चुनाव में राजग गठबंधन ने छक्का लगाया था। लेकिन उपचुनाव में अररिया सदर की सीट खिसककर लोजपा के खाते में चली गयी। इस बार हुए चुनाव में मतदाताओं ने पूरे जोश खरोश के साथ चुनाव में भाग लिया है। राजग व राजद लोजपा से जुड़े नेता व कार्यकर्ता अपनी अपनी जीत के प्रति काफी आश्वस्त हैं। कांग्रेस पार्टी के लोग एक दो सीट को छोड़ किसी की चर्चा नहीं कर रहे है। अररिया, जोकीहाट, सिकटी, फारबिसगंज, रानीगंज तथा नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने तो अपना काम कर दिखाया है। अब उन्हें सिर्फ 24 नवंबर का इंतजार है।