Monday, June 27, 2011

नीलम बनी प्रमुख, उमेश बने उपप्रमुख


रानीगंज (अररिया) : प्रखंड के परमानंदपुर पंचायत क्षेत्र संख्या 23 की समिति सदस्य नीलम देवी ने रानीगंज के प्रखंड प्रमुख का चुनाव जीत लिया है। वहीं, हसनपुर क्षेत्र संख्या 06 के पंसस उमेश मिश्र उपप्रमुख पद के लिए चुने गए हैं।
अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित प्रखंड प्रमुख पद पर नवनिर्वाचित नीलम देवी ने 13 के मुकाबले 30 मत प्राप्त किये।
कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को प्रखंड सामुदायिक भवन में पंचायत समिति की विशेष बैठक आरंभ हुई। 46 सदस्यों वाली पंचायत समिति की बैठक में निर्वाचित 45 सदस्य उपस्थित थे। बैठक में अररिया अनुमंडलाधिकारी डा. विनोद कुमार ने उपस्थित सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। प्रखंड प्रमुख पद के लिए नीलम देवी, पूनम देवी एवं मटरी देवी ने नामांकन दाखिल किये। परंतु मटरी देवी को किसी सदस्य का समर्थन नही रहने के कारण उनका नामांकन रद्द कर दिया गया।
नीलम देवी एवं पूनम देवी के हुये सीधे मतदान में नीलम देवी को 30 मत तथा पूनम देवी को 13 मत प्राप्त हुये। जबकि दो मत अवैध हो गये। इस प्रकार नीलम देवी को प्रखंड प्रमुख निर्वाचित घोषित किया गया। उप प्रमुख के चुनाव में निर्वतमान उप प्रमुख आशुतोष कुमार एवं उमेश मिश्र के नामांकन दाखिल हुए। मतदान प्रक्रिया में उमेश मिश्र को 27 एवं आशुतोष कुमार को 17 मत प्राप्त हुये, जबकि एक मत अवैध हो गया।
नवनिर्वाचित प्रखंड प्रमुख नीलम देवी तथा उप प्रमुख उमेश मिश्रा को एसडीओ डा. विनोद कुमार ने प्रमाण पत्र प्रदान कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, डीएसपी बदरे आलम, पुलिस निरीक्षक ललन पांडे, बीडीओ चंद्रमा राम, सीओ रामविलास झा, थानाध्यक्ष अरुण सिंह आदि उपस्थित थे।

टूट गया कंप्यूटर शिक्षा का सपना


अररिया : अररिया जिले के स्कूलों में कम्प्यूटर शिक्षा देने का सपना टांय टांय फिस्स हो गया है। अधिकांश स्कूलों में पावर सप्लाई या अन्य तकनीकी गड़बड़ी के कारण कम्प्यूटर की पढ़ाई ठप है।
जिला मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय परिसर में जिला कम्प्यूटर सोसाइटी का भवन विगत छह सात साल से बन कर तैयार है। कमरों में कम्प्यूटर सेट्स भी रखे हुए हैं, लेकिन उसमें कंप्यूटर की पढ़ाई नहीं होती है।
पलासी प्रखंड के लाल बहादुर शास्त्री स्मारक उच्च विद्यालय स्थित कम्प्यूटर शिक्षण केंद्र लंबे अरसे से बंद पड़ा है। केंद्र के प्रशिक्षक मुश्ताक का कहना है कि जेनरेटर में पेट्रोल ही नहीं है। कई माह से पेट्रोल नहीं मिला है। वहीं, 11 में से 7 कम्प्यूटर सेट भी खराब पड़े हैं।
इस संबंध में पूछे जाने पर हाई स्कूल के हेड मास्टर मो.मुस्लिम ने बताया कि उनके स्कूल में दिसंबर 2009 में ही कंप्यूटर लगा था, लेकिन अब तक एक भी बच्चा लाभांवित नहीं हो पाया है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि केंद्र में कई और खराबियां भी हैं। इस संबंध में साल भर पहले बीओ को लिख कर दिया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
पलासी के अलावा बरदाहा, नरपतगंज सहित अन्य स्थानों पर भी कम्प्यूटर शिक्षा ठप पड़ी है।

अपराधी को रिमांड पर लेने दिल्ली पुलिस पहुंची अररिया


अररिया : आधा दर्जन से अधिक अपराधिक मामलों को लेकर जेल में बंद गैयारी निवासी दारा उर्फ तबरेज को रिमांड पर लेने के लिए शनिवार को दिल्ली पुलिस अररिया पहुंची। दिल्ली पुलिस ने दारा से पूछताछ के लिए न्यायालय में अर्जी दाखिल कर दी है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार संगम बिहार में एक ज्वेलर्स की दुकान में हुई लूट मामले में इस अपराधी का नाम आया है। पुलिस के अनुसार अपराधी से पूछताछ के बाद कई और रहस्यों पर से पर्दा उठने की संभावना है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि बीते दो माह पूर्व ही दिल्ली से एक लड़की को सब्जबाग दिखा कर दारा अररिया ले आया था, लेकिन गैयारी गांव के ही किसी होटल संचालक के सहयोग से लड़की को मुक्त करा लिया गया था। लड़की भगाने के क्रम में ही बदमाश ने दिल्ली में कई अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। इस बात का खुलासा तब हुआ जब इसके एक और सहयोगी पुलिस गिरफ्त में आया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि दारा से पूछताछ के बाद सभी मामले उजागर होंगे।

प्रशिक्षण में भारत स्काउट एंड गाइड को मिली जानकारी


अररिया : भारत स्काउट एंड गाइड का छह दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को उमवि जयप्रकाश नगर में संपन्न हो गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विद्यालय के कुल 190 स्काउट एंड गाइड ने भाग लिया। जिसमें प्रावि ओमनगर , प्रावि शिवपुरी, प्रावि बैजनाथपुर , उमवि जय प्रकाश नगर तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के स्काउट व गाइड शामिल थे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अब्दुल कुद्दुस ने भाग लिया। प्रशिक्षक के रूप में वैद्यनाथ साह, विन्देश्वरी साह एवं जूही मल्लिक ने नियम, प्रतिज्ञा, खेलकूद, व्यायाम, पिरामिंड सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मानव सेवा की जानकारी दी। प्रशिक्षक ने कहा कि 'तैयार रहो सेवा के लिए' यही स्काउट गाइड का मुख्य उद्देश्य है। इस मौके पर प्रधानाध्यापक महबुबुन नबी, अब्दुररहीम, अमर यादव, दीपक तिवारी, रामचन्द्र सिंह, वार्ड आयुक्त सुदामा देवी, रासो पासवान, फिरोज आलम, गणेश भारती, परमानंद ऋषिदेव एवं रामू के अलावा सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

Sunday, June 26, 2011

भजनपुर: दो ग्रामीणों ने दर्ज कराया बयान


अररिया : फारबिसगंज स्थित स्टार्च फैक्ट्री को लेकर हुये चर्चित घटनाक्रम में दो लोगों द्वारा शनिवार को अररिया की अदालत में स्वेच्छा से दिये गये बयान के बाद घटना में नया मोड़ आ गया है।
जानकारी के अनुसार फारबिसगंज के प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक सुनील कुमार गुप्ता ने 03 जून 11 को फारबिसगंज थाने में कांड संख्या 269/11 दर्ज कराया था। इस मामले में करीब एक हजार अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया तथा भादवि की धारा 342, 323, 436, 353, 332, 333, 324, 147, 379, 149 आदि समेत आ‌र्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत आरोप लगाया गया था।
जीआर नंबर 120/11 के तहत लंबित इसी मामले में रामपुर दक्षिण निवासी मो. असीफ तथा मो. तैयब अली अंसारी ने शनिवार को अदालत में दप्रसं की धारा 164 के तहत प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी बीएम त्रिपाठी की अदालत में अपना बयान दर्ज कराया है।
इसमें पचपन वर्षीय मो. असीफ कहा है कि वे घटना तिथि 03 जून को मकई प्रोसेसिंग हेतु प्रस्तावित फैक्ट्री होकर अपने घर जा रहे थे कि करीब चार-पांच हजार लोग फैक्ट्री के अंदर घुस गये तथा फैक्ट्री में बुलडोजर, जीप, मशीन आदि
में आग लगा दिया गया।
इसी बीच अररिया के पुलिस अधीक्षक, फारबिसगंज एसडीओ व फारबिसगंज के बड़ा बाबू ने वहां पहुंचकर भीड़ को शांत करने के लिये संबोधित किया। तभी भीड़ पथराव करने लगी तथा एसपी, एसडीओ तथा बड़ा बाबू को लाठी, रड आदि से मारने लगी। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का गोला छोड़ा, बावजूद भीड़ नही हटी। उधर भीड़ द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस के उपर गोली से फायरिंग भी की गयी।
वहीं इसी मामले में रामपुर दक्षिण के मो. तैयब अली अंसारी ने भी अदालत में 164 के तहत अपना बयान दर्ज कराया है। जिसमें अपने घर जाने के क्रम में तीन चार हजार की भीड़ द्वारा प्रस्तावित फैक्ट्री की दीवाल को तोड़कर घुस जाने तथा जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर, जेनरेटर में आग लगा देने की बात कही है तथा पुलिस कर्मियों के आने पर भीड़ द्वारा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव करने तथा एसपी साहब व अन्य अधिकारियों द्वारा भीड़ को समझाने के प्रयास के बावजूद मारपीट करने का जिक्र किया है तथा कहा है कि भीड़ की ओर से फायरिंग होने लगी तो जान बचाकर वहां से भाग निकले।

माहौल बिगाड़ने में लगी है कांगेस: राय


अररिया : कांग्रेस व अन्य तथाकथित धर्मनिरपेक्ष दल फारबिसगंज मामले पर अनापशनाप बयानवाजी कर माहौल को बिगाड़ने में लगे हैं। लेकिन उनकी नापाक साजिश सफल नहीं होने वाली है। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के कला एवं संस्कृति मंच के प्रदेश मंत्री भानुप्रकाश राय का।
उन्होंने शनिवार को बताया कि कांग्रेस व उनके सहयोगियों को बिहार के विकास से खुशी नहीं हो रही है। इसीलिए कांग्रेस द्वारा बिहार की गुजरात से तुलना की जा रही है। श्री राय ने बताया कि नीतीश मोदी की सरकार अल्पसंख्यकों को विकास की मुख्य धारा में लाना चाहती है। यह कांग्रेस को पच नहीं रहा। बिहार में विकास होता देख कांग्रेस व सहयोगियों को अपना अपमान महसूस हो रहा है। श्री राय ने बताया कि भाजपा कला संस्कृति मंच ने इस बात का विरोध करते हुए
शनिवार को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन समर्पित किया है। ज्ञापन में बताया गया है कि फारबिसगंज में स्टार्च फैक्ट्री लगायी जा रही है। इससे इलाके का भरपूर विकास होता, लेकिन गलत तत्वों द्वारा इसे भू विवाद में उलझा कर मामले को लटकाने की साजिश की जा रही है। इसमें वे हस्तक्षेप करें ताकि केंद्र सरकार व कांग्रेस महंगाई, कालाधन वापसी, भ्रष्टाचार नियंत्रण आदि पर ध्यान दे और फारबिसगंज गोलीकांड पर राजनीति न करे।
इस अवसर पर मंच के जिला संयोजक सत्यनारायण सुमन, सहजिला संयोजक विनोद पांडेय, अरविंद साह, विजय चौधरी, नवनीत आदि मौजूद थे।

कूपन वितरण कार्यक्रम आयोजित

कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में किरासन, अंत्योदय एवं बीपीएल कूपन वितरण का कार्यक्रम शिविर के माध्यम से पंचायत सचिव के माध्यम से किया जा रहा है। कुर्साकांटा पंचायत के पंचायत सचिव बंगलेश्वर सिंह ने बताया कि वार्ड एक से सात तक लाभार्थियों के बीच पांच हजार से अधिक कूपन वितरीत किया जा चुका है। प्रखंड के सभी तेरह पंचायतों के पंचायत भवन में लाभार्थियों को कूपन दिया जा रहा है।

स्कार्पियो दुर्घटनाग्रस्त, 8 घायल

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज-अररिया एनएच 57 सड़क मार्ग पर शनिवार के सुबह सिरसिया गांव के समीप सड़क पर मकई सुखाने के लिए रखे गये पत्थर से टकराकर एक स्कार्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में सवार पटना एसबीआइ के शाखा प्रबंधक सहित उनके परिवार के आठ लोग जख्मी हो गये। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को रेफरल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। घटना की सूचना थाने को दे दी गई है। घायलों में पटना के एसबीआई शाखा में कार्यरत राजीव रमसा साहा (42), उनकी पत्‍‌नी लिपी भारती (35), राबिन, साक्षी रमण, स्वाती सोनल, संजीव रमण, मिनाक्षी एवं खगेन्द्र प्रसाद साहा शामिल है। श्री साहा फारबिसगंज के हाईस्कूल शेड निवासी है जो आज सुबह कटिहार से सपरिवार फारबिसगंज लौट रहे थे।

विश्वासघात के कारण नहीं मिला उपप्रमुख पद


फारबिसगंज (अररिया) : गत दिनों संपन्न प्रखंड उप प्रमुख के चुनाव में उपप्रमुख पद के दावेदार रहे समिति सदस्य सह जदयू नगर अध्यक्ष नौशाद आलम ने कहा कि चुनाव में विश्वासघात के कारण उन्हें उपप्रमुख का पद नही मिल पाया।
उन्होंने कहा कि हम सभी ने मिलकर पूरे विश्वास के साथ प्रखंड प्रमुख को निर्विरोध चुन लिया। उपप्रमुख के पद के लिए भी निर्विरोध चुनाव होना था। किंतु अचानक एक नये उम्मीदवार को लाकर खड़ा कर देना विश्वासघात को ही उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि एक सोची समझी साजिश के तहत ही ऐसा किया गया है।

अररिया: जुगनु परवीन दोबारा बनी प्रमुख


अररिया : अररिया प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को संपन्न हुए प्रमुख चुनाव में कांटे की टक्कर में जुगनु परवीन ने लगातार दूसरी बार प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया। कुल 42 उपस्थित समिति सदस्यों में से 22 ने जुगनु परवीन के पक्ष में मतदान किया जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी गुलशन आरा को 20 मत प्राप्त हुए। रिजल्ट की घोषणा होते ही गुलशन आरा के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। समर्थकों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने गलत तरीके से जुगनु परवीन को मदद कर चुनाव जिताया है। देर तक हंगामा होने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने प्रमुख पद का शपथग्रहण व उपप्रमुख का चुनाव अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मो. कासिम, नगर थाना के एसएचएओ रामशंकर सिंह के अलावा कई पुकिलस अधिकारी व सशस्त्र बल उपस्थित थे। इधर, नवनिर्वाचित प्रखंड प्रमुख जुगनु परवीन ने कहा कि सारी चुनावी प्रक्रिया स्वच्छ एवं पारदर्शी तरीके से प्रशासन ने कराया। प्रशासन पर भेद भाव का आरोप गलत है।
बाक्स के लिए
्रप्रमुख चुनाव में बरती गई अनियमितता : गुलशन
अररिया, संस: अररिया प्रखंड प्रमुख चुनाव में मात्र दो मतों के अंतर से पराजित होने पर गुलशन आरा ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने जुगनु परवीन को लाभ पहुंचाने काम किया। साथ ही हाल के अंदर समिति सदस्यों को भी बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने इसके खिलाफ डीएम के नाम आवेदन सौंपा तथा पुन: मतदान की मांग की है।

जबरन दुष्कर्म की प्राथमिकी

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरा परवाहा गांव निवासी युवती सलमा खातुन (काल्पनिक नाम) ने गांव के ही दो युवकों पर दुष्कर्म करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीडि़त युवती ने पड़ोसी बद्री साह तथा मो. हजरत पर गुरुवार की रात घर में घुसकर जबरन मुंह काला करने के आरोप में कांड संख्या 318/11 दर्ज कराया है।

अपहृत लड़की बरामद, युवक को जेल

फारबिसगंज/रेणुग्राम(अररिया) : करीब दो माह पूर्व खवासपुर पंचायत से नाबालिग लड़की को अपहरण कर लेने के मामले में सिमराहा थाना पुलिस ने शनिवार को आरोपी युवक राज कुमार सहित अपहृत लड़की को बरामद करने में सफलता पाई। बरामदगी के बाद अपहृत लड़की मीना कुमारी (काल्पनिक नाम) को अररिया सीजेएम कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। सिमराहा थाना अध्यक्ष नवीन कुमार ने कहा कि युवती ने आरोपी युवक पर पिस्तौल का भय दिखाकर अपहृत कर लेने की बात बतायी है। इधर आरोपी युवक राज कुमार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया। उक्त मामले में संबंधित कांड संख्या 220/11 दर्ज कराया गया था। सिमराहा पुलिस ने दोनो को अररिया रेलवे स्टेशन पर गुप्त सूचना के आधार पर बरामद किया।

मूलभूत सुविधा से वंचित है भेंड़ियारी


जोगबनी (अररिया) : नगर पंचायत जोगबनी का वार्ड संख्या 19 भेडियारी मूलभूत सुविधा से वंचित हो यहां के लोग गांव से भी बदतर जिंदगी बिता रहे है लेकिन इस दिशा में प्रशासन उदासीन बना बैठा है।
प्राप्त जानकारी अनुसार जोगबनी अधिसूचित क्षेत्र की घोषणा 1976 में की गयी थी जिस के तहत भेंड़ियारी को अधिसूचित क्षेत्र के अधीन किया गया था लेकिन इसकी मूलभूत समस्या सड़क, बिजली व स्वास्थ्य की दिशा में नगर पंचायत पदाधिकारी उदासीन बने रहे। जिस कारण यहां के लोग आज भी इन समस्या से जूझ रहे है। वार्ड वासी द्वारा वर्ष 2000 में 126 उपभोक्ताओं ने बिजली हेतु कनेक्शन शुल्क जमा किया लेकिन इसके बावजूद इस वार्ड में विद्युतीकरण नहीं हो पाया है जब यहां के लोगों द्वारा विद्युत विभाग कार्यालय फारबिसगंज संपर्क किया जाता है तो विभाग द्वारा टालमटोल किया जाता रहा है। जिससे परेशान हो यहां के लोगों ने जिलापदाधिकारी को लिखित आवेदन दे समस्या निदान की मांग किया लेकिन जिला पदाधिकारी कार्यालय से भी इस दिशा में कोई कार्रवाही नही किया गया जिससे आहत हो हमलोग आंदोलन के मूड में है।
इस संबंध में वार्ड वासी मोती लाल रजक, रमेश प्र. यादव, संजय सिंहा एवं वार्ड पार्षद अशोक रजक ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा कनेक्शन शुल्क जमा के बाद भी विद्युत मुहैया नहीं कराये जाने की बात कई बार नगर पंचायत की बैठकों में भी उठायी गयी लेकिन नगर पंचायत द्वारा भी किसी प्रकार विद्युतीकरण में रूचि नहीं लिया गया जिससे अब आंदोलन ही एक मात्र विकल्प रह जाता है उन्होंने कहा कि अगर अति शीघ्र विभाग द्वारा कार्रवाही नहीं की गयी तो हमलोग आंदोलन को बाध्य होंगे।

प्रांतीय उच्च पथ 77 बना खलिहान


रानीगंज (अररिया) : कुरर्सेला से जोगबनी तक जानेवाली राज्य उच्च पथ इन दिनों खलिहान बना हुआ है। सड़क के इर्द-गिर्द के किसान फसलों की तैयारी से लेकर भंडारण तक का काम सड़कों पर ही कर रहे हैं। इससे सड़कों पर चलने वाले वाहनों को जहां भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है वहीं दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है। किसान सड़क पर फसल सुखाने को अपनी मजबूरी बता रहे हैं वहीं प्रशासन मौन साधे हुए है।
कुर्सेला से जोगबनी तक जाने वाली राज्य उच्च पथ संख्या 77 पर इन दिनों खेतों में कटे मकई, मूंगफली, मिर्च, मूंग आदि फसल को किसान दाना तैयार करने से लेकर सुखाने तक का काम सड़क पर कर रहे हैं। इसके लिए सड़क पर हीं जगह-जगह थ्रेसर लगाये गये हैं जिसमें खेतों में कटे मकई के भुट्टे से दाना तैयार किया जाता है। तैयार फसल के दाने से डंठलों को अलग करने से लेकर सुखाने का काम सड़क पर ही हो रहा है तथा तैयार सूखे फसल का भंडारण बाजार भेजने के इंतजार में सड़कों पर हीं है। विस्टोरिया गांव से लेकर मिर्जापुर कोठी तक के कई ग्रामीण किसान इस कार्य में लगे हैं। 7 मीटर (लगभग 24 फीट), चौड़ी सड़क पर वाहनों के आने-जाने के लिए मात्र 3 मीटर (लगभग 10 फीट) जगह छोड़ा गया है।
वाहन चालक बताते हैं कि विपरीत दिशा से वाहनों के आने पर साइड लेना अत्यंत कठिन होता है। वहीं किसान दुखन मेहता एवं बालगोविन्द बताते हैं कि समय से पूर्व लगातार क्षेत्र में हो रही वर्षा के कारण किसानों को अपने दरवाजे पर फसल सुखाने व तैयारी करने की असुविधा है। अत: हमें मजबूरन सड़क के एक भाग पर यह काम करना पड़ रहा है जो एक पखवारे में समाप्त हो जायेगा। इधर प्रशासन का पंचायत चुनाव आदि कार्य में लगे रहने के कारण इस ओर ध्यान जाना अभी बांकी है।
सड़क निर्माण कंपनी चढ्डा एंड चढ्डा के प्रोजेक्ट मैनेजर ने मांग की है कि सड़कों को अभी पूर्ण रूप से विभाग को सूपूर्द नहीं किया गया है। अत: सड़क निर्माण एवं आवागमन में खलन न पड़े इसके लिए सड़कों के इस अवैध अतिक्रमण को हटाना प्रशासन का कर्तव्य है।

युवक ने किया विषपान

कुसियारगांव (अररिया) : पलासी थाना क्षेत्र के डेगा गांव निवासी चमरू मुखिया के पुत्र चंदन मुखिया घरेलू विवाद के कारण शुक्रवार की देर शाम विषपान कर लिया। परिजनों को सूचना मिलते ही इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया, वहीं डा. के अंसारी ने बताया कि स्थिति बेहद नाजुक बनी है घटना की सूचना थाना को भेज दिया गया है।

यहां मुर्दो के लिये नहीं मिलते वाहन


फारबिसगंज : जिले के अस्पतालों, सड़कों पर या फिर घरों में दम तोड़ने वालों को मौत के बाद भी बड़ी समस्या से जूझना पड़ता है। जिले में मुदरें को ढोने वाले शव वाहन उपलब्ध नहीं हैं। एंबुलेंस में मुर्दो को ले जाने की मनाही है और प्राइवेट गाड़ी शवों को ढोना नहीं चाहते। मौत के गम में डूबे परिजनों के लिए तथा पुलिस के लिये बड़ी समस्या तब खड़ी हो जाती है जब उन्हें शव को पोस्टमार्टम कराने के लिये जिला के अलग-अलग हिस्सों से जिला मुख्यालय ले जाना पड़ता है। अधिकांश मामलों में शवों को पोस्टमार्टम हेतु ले जाने की जवाबदेही पुलिस की होती है। हालांकि शव को ले जाने के लिए वाहन का इंतजाम करने की परेशानी मृतक के परिजनों की भी कम नहीं होती है। लेकिन शवों को ढोने के लिये अधिकतर वाहन मालिक तैयार नहीं होते। पुलिस के खौफ अथवा दबाव में ही प्राइवेट वाहन की व्यवस्था हो पाती है।
फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार ने भी माना कि शवों को ढोने में वाहन की व्यवस्था करना पुलिस के लिये एक बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि इसके लिये सभी थानों में फंड की व्यवस्था रहती है लेकिन आसानी से वाहन नही मिल पाता है।
उधर अररिया के सिविल सर्जन डा. सीके सिंह ने कहा कि जिला में शव वाहन उपलब्ध नही रहने के कारण बड़ी समस्या उत्पन्न होती है। हालांकि उन्होंने कहा कि रोगी कल्याण समिति अथवा जन प्रतिनिधियों, एनजीओ या रेड क्रास के द्वारा शव वाहन की व्यवस्था की जा सकती है। कई बड़े शहरों में मेडिकल कालेजों में, बड़े अस्पतालों में खुद के द्वारा अथवा सरकारी, गैर सरकारी संगठनों के द्वारा शव वाहन की व्यवस्था रहती है। डा. सिंह ने कहा कि वे प्रयास करेंगे कि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से शव वाहन उपलब्ध हो सके।

कुर्साकाटा: दस दिन से बिजली नहीं, लोगों में आक्रोश


अररिया : कुर्साकाटा बाजार व प्रखंड के विद्युतीकृत गांव विगत आठ दिनों से अंधेरे में है। फारबिसगंज के रास्ते कुर्साकाटा तक आने वाली बिजली कटी हुई है। बाजारवासी इसके विरोध में आंदोलन करने को गोलबंद हो रहे हैं। दो दिन पहले सड़क जाम हुआ था अब इससे भी उग्र आंदोलन की तैयारी है। नवनिर्वाचित जिप उपाध्यक्ष भाई उस्मान, कुर्साकाटा के प्रमुख धनजीत सिंह, कमलदाहा के पूर्व मुखियापति फौजी अनवार आलम सहित दर्जनों लोग इस आंदोलन की तैयारी में लगे हैं।
कुर्साकाटा क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति दुरुस्त करने के लिए नया नेटवर्क बना कर इसे सीधे फारबिसगंज पावर ग्रिड से जोड़ा गया था। लेकिन अब इसे फिर से अररिया पावर सब स्टेशन से जोड़ने की बात चल रही है।
इस संबंध में कार्यपालक विद्युत अभियंता सीताराम सिंह ने बताया कि कुर्साकाटा में अररिया से बिजली आपूर्ति हो रही थी। लेकिन दूरी कम होने के कारण ट्रायल बेसिस पर इसे फारबिसगंज ग्रिड से जोड़ दिया गया था। जोगबनी में वोल्टेज ड्राप करने के कारण यह डिस्कनेक्ट हो जा रहा है। श्री सिंह के अनुसार कुर्साकाटा में अररिया से कनेक्सन करने के नाम पर भारी विरोध है। वे जोगबनी के रास्ते फारबिसगंज से ही कनेक्सन चाहते हैं। स्थिति को ठीक करने का प्रयास हो रहा है।
वहीं, जिप उपाध्यक्ष भाई उस्मान, प्रमुख धनजीत सिंह, कमलदाहा के पूर्व मुखियापति अनवार आलम फौजी आदि ने बताया कि वे अररिया के रास्ते बिजली नहीं चाहते, क्योंकि अवांछित तत्व अक्सर तार काट कर सप्लाई रोक देते हैं। जबकि जोगबनी के रास्ते ठीकठाक बिजली मिलती है। उन्होंने शीघ्र बिजली नहीं दिये जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

Friday, June 24, 2011

पुलिस मेन्स एसोसियेशन ने दी अध्यक्ष को बधाई


अररिया : पुलिस मेन्स एसोसियेशन के प्रदेश अध्यक्ष पद पर जितेन्द्र नारायण सिंह के दुबारा चयन होने पर अररिया के पुलिस कर्मियों में खुशी व्याप्त है। खुशी के इस मौके पर पुलिस कर्मियों ने अध्यक्ष को बधाई संदेश भेजकर संगठन के हित में दृढ़ता से काम करने की अपेक्षा की है।
बधाई संदेश भेजने वालों में पुलिस मेन्स एसोसियेशन अररिया के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, मंत्री वृन्द कुमार, उपाध्यक्ष सुमन झा, कोषाध्यक्ष बसंत कुमार, रविन्द्र सिंह, गोपाल पाठक आदि ने बताया कि नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष के टीम में महामंत्री नरेन्द्र कुमार 'धीरज' संगठन महामंत्री दिनेश दुबे एवं कोषाध्यक्ष पद पर हरेराम कुशवाहा निर्वाचित हुये है जो सदैव संगठन के लिये सोचते हैं। अध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पूरे बिहार के संगठन का भविष्य उज्जवल होगा और पुलिस कर्मियों को भी काम करने में नया जोश पैदा होगा।

क्षेत्र को अशांत करने का प्रयास कर रही कांग्रेस: भाजपा


अररिया : शांतिप्रिय अररिया को कांग्रेस पार्टी अशांत कर बिहार सरकार के विरुद्ध एक गंदा माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। लेकिन उसके मंसूबे नाकामयाब रहेंगे। यह बात भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने कही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस फारबिसगंज गोलीकांड के पीड़ित परिजनों के लिए घड़ियाली आंसू बहा रही है। जिलाअध्यक्ष श्री भगत ने कहा कि कांग्रेस ने तो राजनीति की रोटी सेंकने के लिए फारबिसगंज कांड के पीड़ितों की सुधि तो ली, लेकिन उन्हें रामपुर मोहनपुर में नाव दुर्घटना, ओला वृष्टि, बिजली दुर्घटना, थंडरिंग, चक्रवात आदि याद नही रहे। इन घटनाओं में भी दर्जनों गरीब परिवारों के लोग पीड़ित हुये। कांग्रेस पार्टी को इन गरीबों की सुधि नही रही। चूंकि उनकी मंशा यहां के लोगों के बीच मतभेद और अशांति फैलाने की है इसलिये ऐसी घटना से वे वाकिफ भी नही होना चाहते है। श्री भगत ने बताया कि बिहार सरकार ने पूर्व में ही घोषणा कर रखी है कि न्यायिक जांच के बाद दोषी के सजा और पीड़ितों को उचित न्याय मिलेगा, इसके बावजूद कुछ स्वार्थी तत्व समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर में किसी बीमारी से कई लोग काल के गाल में समा चुके है लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अब तक किसी भी केन्द्रीय टीम को वहां नही भेजा, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

न्याय के साथ विकास के प्रति सजग रहें सब: विधायक


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट विधायक सरफाराज आलम ने नवनिर्वाचित प्रमुख मोमताज बेगम एवं उपप्रमुख तारिक अनवर उर्फ नन्हा की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि जीत-हार राजनीति की परंपरा रही है। उन्होंने अररिया स्थित अपने आवास पर विजयी प्रमुख एवं उपप्रमुख तथा सभी समिति सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि न्याय के साथ विकास के प्रति सजग रहे। प्रमुख की जीत पर अमजद ट्रस्ट की सचिव सह सरफाराज आलम की पत्‍‌नी सरबत जहां ने कहा कि मोमताज की जीत से महिला सशक्तिकरण को ताकत मिलेगी। समिति संघ के सचिव फिरोज आलम, संजय यादव, नीतू आनंद ने नये प्रमुख व उपप्रमुख को बधाई देते हुए कहा कि चुनावी रंजिश खत्म कर भाईचारा को बढ़ावा दें। बधाई देने वालों में पैक्स अध्यक्ष सलीमुद्दीन, पप्पू, जावेद, शाहिद आलम, इश्तियाक, आफाक जफर आदि शामिल हैं।

सड़क दुर्घटना में एक की मौत, छह जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान जिले के अलग-अलग मार्गो पर हुई सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। वहीं, अस्पताल में समुचित व्यवस्था नही रहने के कारण डा. सत्यव‌र्द्धन ने तीन को पूर्णिया रेफर कर दिया, जहां एक जख्मी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
जानकारी अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 57 चातर लहटोरा समीप नमाज अदा कर लौट रहे स्थानीय निवासी मो. इलियास के बाइक की ठोकर लगने के कारण बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसने पूर्णिया जाने के क्रम में दम तोड़ दिया। इस घटना में मोटर साइकिल संख्या बीआर 11 बी/0826 के चालक राजेन्द्र साह व सवार भवेश प्र. सिंह कुसियारगांव आजम नगर निवासी भी बुरी तरह जख्मी हो गये। दूसरी घटना में बैरगाछी चौक समीप स्थानीय निवासी मोटर साइकिल सवार मो. सजाम की बाइक फिसल जाने के कारण एक बच्चा समेत तीन जख्मी हो गये।

इंदिरा आवास लाभुकों ने बैंक में किया हंगामा


जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के गिरदा पंचायत के इंदिरा आवास लाभुकों ने गुरुवार को द्वितीय किश्त की राशि भुगतान करने में बैंक द्वारा टालमटोल किये जाने को लेकर गुरूवार को हंगामा किया तथा प्रबंधक के विरुद्ध नारेबाजी की। इस बीच कुछ बुद्धिजीवियों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत कराया गया। लाभुक बीबी साहेना, फरहती, उम्मती, हलीमा, मोसामात कलावती, इलियास, रफीक आदि ने बताया कि पंचायत चुनाव से पूर्व ही प्रखंड द्वारा बैंक को एडवाइस भेज दिया गया था लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद भी अबतक भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस सिलसिले में पूछने पर शाखा प्रबंधक श्री आलम ने कहा कि मटियारी पंचायत के लाभुकों के भुगतान के बाद गिरदा के लाभुकों का वितरण किया जायेगा।

गोलीकांड में मृतकों के परिजन व घायलों को कांग्रेस ने दिया एक-एक लाख


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज पुलिस फायरिंग कांड में मृतकों के परिजन तथा घायलों को कांग्रेस पार्टी की ओर से गुरुवार को सहायता राशि वितरित की गयी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महबूब अली कैसर व बिहार प्रभारी गुलचैन सिंह चरक आदि भजनपुर गांव पहुंच कर चारों मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख तथा घायलों को दस-दस हजार रुपया का चेक प्रदान किया। नेताओं ने सजमीना खातून, मुस्तफा अंसारी, मुक्तार अंसारी तथा नौसाद अंसारी के परिजनों को एक-एक लाख तथा घायल सलमा खातून, मुजाहिद अंसारी, जुबेर अंसारी, शमजद अंसारी, इबादुल अंसारी, रइस अंसारी, जिवछी खातून,ऐकराम अंसारी एवं मंजुर अंसारी को दस दस हजार का चेक प्रदान किया। इस मौके पर बिहार प्रभारी श्री चरक ने ग्रामीणों को बताया कि यह सहायता राशि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनियां गांधी की ओर से सहायता के लिये भेजी गयी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य सरकार से इस मामले में बात कर रही है। जबकि ग्रामीणों के वाजिब हक के लिये कांग्रेस अंतिम समय तक लड़ाई लड़ेगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष श्री कैसर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ग्रामीणों तथा पीड़ितों के साथ खड़ी है और न्याय दिलाया जायेगा। इस मौके पर कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, जिलाध्यक्ष भारतेन्दु यादव, उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंहा, सचिव शंकर प्रसाद साह, डा. शकील अहमद खान, शाद अहमद, जय प्रकाश अग्रवाल, सुनील आर्य, मो. ताहीर, श्री कुमार ठाकुर सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।

आरोपी गृहस्वामी पर प्राथमिकी दर्ज होगी


फारबिसगंज (अररिया) : नरपतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पलासी गांव में एक घरेलू बाल नौकर को गृह स्वामी द्वारा गर्म सलाखों से दागने और बेरहमी से पीटने के मामले में आरोपी गृह स्वामी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी। साथ हीं आरोपी की गिरफ्तारी भी होगी। इसके लिये पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके विरुद्ध गिरफ्तारी की कार्रवाई की जायेगी। अधिकारी ने कहा कि अनुसंधान आरंभ कर दिया गया है। आरोपी राघव लाल दास के पुत्र राजू तथा अन्य पर 12 वर्षीय घरेलू नौकर बहादुर दास की बेरहमी से पिटाई करने तथा बाल श्रम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जायेगा। मालूम हो कि पलासी गांव में बुधवार को गृहस्वामी द्वारा अपने घरेलू नौकर को बांध कर पीटा गया तथा गम सलाखों से दागा गया था जिसके बाद जख्मी बालक को चचेरे भाई द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़ित बालक के माता-पिता पूर्व में हीं मर चुके हैं और वह अनाथ है।

भू विवाद को ले मारपीट, आधा दर्जन घायल


फारबिसगंज (अररिया) : भूमि विवाद को लेकर फारबिसगंज थाना क्षेत्र की दो अलग-अलग मारपीट की घटनाओं में करीब आधा दर्जन महिलाएं एवं पुरुष जख्मी हो गई। अररहा पंचायत के भंगहा गांव में हुई मारपीट की घटना में मीना देवी तथा उद्रानंद यादव जख्मी हो गए। वही बसगड़ा रामपुर में हुई मारपीट की घटना में नीतू कुमारी, बबीता देवी, नूतन देवी, तुलना देवी घायल हो गई। घायलों का इलाज फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में कराया गया।

भ्रष्टाचार मिटाने का कार्य करुंगा: अशोक विश्वास


फारिबसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के नवनिर्वाचित प्रमुख अशोक विश्वास ने गुरुवार को शपथ ग्रहण समारोह के पश्चात पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि वे जनता एवं पंचायत प्रतिनिधियों के शुक्र गुजार हैं कि उन्हें इस पद के लिए निर्विरोध रूप से चुना गया। बताया कि भ्रष्टाचार मिटाना उसकी पहली प्राथमिकता है। जिसके लिए वे कार्य करते रहेंगे।

फारबिसगंज कांड की हो सीबीआइ जांच: उपेन्द्र


फारबिसगंज (अररिया) : बिहार नव निर्माण मंच के संयोजक एवं चर्चित सांसद उपेन्द्र कुशवाहा तथा झंझारपुर के सांसद मंगनीलाल मंडल ने फारबिसगंज गोलीकांड की सीबीआई जांच की मांग की है। श्री कुशवाहा ने वर्तमान राज्य सरकार को पूंजीपतियों की सरकार करार दिया। बिहार नव निर्माण मंच के बैनर तले दोनों सांसदों सहित पूर्व सांसद डा. अरुण कुमार, सदस्य शमशाद सहित अन्य नेताओं की टीम गुरुवार को घटना स्थल तथा प्रभावित गांव का दौरा करने के बाद प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। सांसद उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि प्रथम दृष्टया ग्रामीणों का दोष नजर नहीं आता है। पुलिस प्रशासन ने खास व्यक्ति तथा कंपनी के लोगों के नाजायज हित के लिये निर्दोष ग्रामीणों की जान ली है। कहा कि यह सरकार पूजिपतियों और बड़े लोगों को नाजायज तरीके से सुरक्षा देने का काम कर रही है। वहीं झंझारपुर के सांसद मंगनीलाल मंडल ने भी मामले की सीबीआई जांच की मांग के साथ कहा कि न्यायिक जांच की घोषणा मामले को ठंडे बस्ते में डालने की सरकार की सुनियोजित साजिश है। श्री मंडल ने कहा कि घटना के बाद सरकार के कोई भी प्रतिनिधि पीड़ितों की सुधि लेने नही पहुंचे हैं। कहा कि सरकार में पुलिस बेलगाम हो गयी है। दोनों सांसदों ने मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख रुपया मुआवजा शीघ्र देने की मांग की तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर मदन प्रसाद, शंकर आजाद, शहजहां शाद, अबूल हसन, आलोक मेहता, संजय शर्मा आदि मौजूद थे।

नये उपप्रमुख को दी बधाई


फारिबसगंज (अररिया), हप्र: उपप्रमुख पद के प्रत्याशी नौशाद आलम का मानना है कि यदि प्रमुख पद की तरह यहां उपप्रमुख पद भी निर्विरोध घोषित होता तो फारबिसगंज की जनता के बीच एक अच्छा संदेश जाता। बहरहाल उन्होंने नवविर्वाचित प्रमुख एवं उप प्रमुख को मुबारक बाद दिया है।

मुझे जनता ने मदद की : किरण देवी


फारिबसगंज (अररिया) : उप प्रमुख किरण देवी ने कहा कि शायद उनमें कुछ खुबी थी कि जनता ने उन्हें मदद की और वे चुनाव में विजयी हुई। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने प्रमुख श्री विश्वास से आर्शीवाद लेते हुए कहा कि वे उनकी बहू बेटी जैसी हैं और उनके स्नेह व आशीर्वाद दोनों की उन्हें आवश्यकता है।

ससुर व साले के विरुद्ध दर्ज करायी प्राथमिकी


रेणुग्राम (अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र के सुखसेना गांव निवासी रामचन्द्र मेहता ने अपने ससुर, साला सहित अन्य संबंधियों पर घर में घुसकर लूट-पाट किये जाने के मामले को लेकर स्थानीय थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी है।
दर्ज प्राथमिकी में पीड़ित ने बताया है कि बुधवार की रात्रि सुपौल जिला के जीवछपुर गांव निवासी उनके ससुर चन्देश्वरी मेहता सहित एक दर्जन लोग मेरे घर आए। मुझे जगाया तथा बोला कि हल्ला करोगे तो जान मार देंगे फिर मेरे घर में घुसकर कपड़ा, वर्तन, जेवर, नगदी लूट लिये। वहीं सिमराहा थाना पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

पशुओं में नि:शुल्क टीकाकरण प्रारंभ


कुर्साकांटा (अररिया) : पशुओं में बरसात के मौसम में बिझुवा एवं गलाघोंटु जैसे जानलेवा बिमारियों के कारण अक्सर मवेशी मौत के मुंह में समाते रहे हैं। पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं की सुरक्षा हेतु नि:शुल्क पशु सुरक्षा शिविर का आयोजन शुरू किया गया है। प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी बालेश्वर मंडल ने बताया कि पहुंसी पंचायत से टीकाकरण की शुरूआत की गयी। मुखिया बालकृष्ण सिंह के सहयोग से लगभग 2400 मवेशियों को टीकाकरण किया गया। अबतक पहुंसी डुमरिया एवं सौरगांव पंचायत में मवेशियों को टीका दिया गया है। यह शिविर 30 जून तक शेष पंचायतों में भी आयोजित कर लिया जायेगा। इस नि:शुल्क टीकाकरण का शतप्रतिशत लाभ पशुपालकों को मिले इसके लिए प्रखंड चिकित्सक एवं प्राइवेट वेक्सिनेटरों को भी लगाया जा रहा है। बताया कि पशुओं में होने वाली सामान्य बीमारियों की सभी दवाएं प्रखंड पशु चिकित्सालय में उपलब्ध है।

पलासी के विकास को ले सबको ले चलें साथ: विधायक


पलासी (अररिया) : प्रमुख सदानंद यादव की जीत पूरे पलासी प्रखंड के जनता की जीत है। प्रमुख के निर्विरोध होने का भी प्रयास किया, किंतु नहीं हो पाया। उक्त बातें मौके पर गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचे विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने कही। इस क्रम में उन्होंने कहा कि विपक्ष स्वस्थ्य लोकतंत्र का परिचालक है। साथ ही प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रमुख सदानंद यादव से अनुरोध किया है कि पलासी के सर्वागीण विकास हेतु सबको साथ लेकर चलें।

अशोक विश्वास बने प्रमुख, किरण देवी उपप्रमुख


फारिबसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड प्रमुख पद के लिए अशोक विश्वास दुबारा निर्विरोध चुने गये हैं। जबकि उपप्रमुख पद पर खैरखां पंचायत की पंसस किरण देवी निर्वाचित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी जीडी सिंह ने दोनों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को प्रखंड कार्यालय के हाल में आयोजित होने वाले प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन का कयास लोगों द्वारा लगाया जा रहा था। जिसमें पूर्व प्रमुख अशोक विश्वास तो निर्विरोध प्रमुख चुन लिये गए, लेकिन उपप्रमुख पद के लिए चुनाव की नौबत आ गयी।
इस पद के लिए खैरखां पंचायत की किरण देवी व भागकोहलिया के नौशाद आलम के बीच मुकाबला हुआ। कुल 45 सदस्यों ने उप-प्रमुख पद के लिए गुप्त मतदान में भाग लिया। जिसमें किरण देवी को 23 मत और नौशाद आलम को 18 मत मिले, जबकि 4 मतों को रद्द कर दिया गया। इस तरह कुल पांच मतों से किरण देवी ने उपप्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया।

किरण केसरी को मिल रहा सभी वर्गो का समर्थन: झा


अररिया : विधान सभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी रहे भाजपा नेता नारायण झा ने कहा है कि पूर्णिया में भाजपा की उम्मीदवार किरण केसरी को सभी वर्गो का व्यापक समर्थन मिल रहा है तथा वे भारी मतों से विजयी होंगी।
श्रीमती केसरी के समर्थन में कई गांवों में जनसंपर्क अभियान कर लौटे भाजपा नेता ने कहा कि शुरुआती दौर में कुछ स्वार्थी तत्वों ने भ्रम फैलाने की कोशिश की, ताकि उनकी दुकानदारी फिर चमक सके, लेकिन अब सारे लोग इस बात को समझ गए हैं तथा उनके मंसूबे कामयाब नहीं होने वाले। उन्होंने लोगों से श्रीमती केसरी को समर्थन करने की अपील की, ताकि पूर्णियां में स्व. राजकिशोर केसरी के छूटे हुए कार्यो को पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि राजकिशोर एक नेकदिल व लोकप्रिय इंसान थे तथा जनसेवा को अपना व्रत समझते थे।

जोकीहाट में प्रमुख पद का फैसला आज


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख की कुर्सी पर कब्जा करने को लेकर चल रहे राजनीतिक घमासान पर आज विराम लग जायेगा। प्रमुख व उपप्रमुख के चुनाव को लेकर बाजार समिति अररिया के प्रागंण में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बीडीओ मो. सिकंदर ने बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच मतदान की प्रक्रिया संपन्न करायी जायेगी। चुनाव परिणाम जानने के लिए प्रखंड वासियों के साथ-साथ जिलेभर के लोगों की निगाहें जोकीहाट पर टिकी है।

राजनीतिक दलगत से उपर उठकर सबों ने किया सहयोग: शगुफ्ता

अररिया : जिला परिषद अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार सफलता प्राप्त करने के शगुफ्ता अजीम ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हमारी जीत संपूर्ण जिलावासियों की जीत है। उन्होंने कहा कि जिप अध्यक्ष चुनाव दलगत राजनीतिक से उपर उठकर हुआ है। जात, बिरादरी, धर्म से उपर उठकर सभी लोगों ने मुझे सहयोग किया है। खास तौर पर उन्होंने कहा कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री सह सांसद सैय्यद शाहनाज हुसैन, पूर्व सांसद सुकदेव पासवान, रंजीत रजन, विधायक देवंती देवी, परमानंद ऋषिदेव, पदम पराग वेणु, पूर्व मंत्री विजय मंडल, यमुना राम, अररिया विधायक जाकीर अनवर, अजय झा, समद सिंह, भारवेन्दु प्र. यादव, हरि प्रसाद, डा. श्कील अहमद खां, मयानंद ठाकुर पूर्व विधायक, एमएलसी डा. दिलीप जयसवाल, लोजपा जिलाध्यक्ष सुनील झा, जदयू जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक भगत, मलय सिंह, जयप्रकाश अग्रवाल, पूर्व नगरपिता हंसराज प्रसाद, मासूम रजा, सभी वर्तमान व पूर्व जिला पार्षदों ने दल व पार्टी से उपर उठकर मुझे नैतिक सहयोग किया है। उन्होंने नाम लिए बगैर कहा कि कुछ लोग इस चुनाव को दलगत बनाने के प्रयास में लगे थे जिन्हें जिलावासियों ने पूरी तरह नकार दिया। शगुफ्ता ने अपने जीत का श्रय संपूर्ण जिलावासियों को दी है।

लघु पत्रिका का विमोचन


फारबिसगंज(अररिया) : स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी पंडित रामदेनी तिवारी द्विजदेनी के शहादत दिवस पर बुद्धिजीवी विचार मंच के अध्यक्ष डॉ. मोतीलाल शर्मा द्वारा प्रकाशित लघु पत्रिका द्विजदेनी स्मारिका का विमोचन कर्नल अजीत दत्त ने किया।
उल्लेखनीय है कि द्विजदेनी चेतना समिति और बुद्धिजीवी विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में बीते रोज रानी लक्ष्मीबाई एवं पं. द्विजदेनी का शहादत दिवस उमाकांत दास की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस मौके पर डॉ. अनुज प्रभात, हेमंत यादव शशि, प्रो. कमला प्रसाद बेखबर, आशुतोष झा, मोहन लाल मेहता, मांगन मिश्र, विजय वंसल, विनोद कुमार तिवारी, कृत्यानंद राय, संजीव विश्वास, शंभू बनर्जी, मनोज तिवारी आदि उपस्थित थे।

Thursday, June 23, 2011

अररिया के गावों में आज भी जिंदा है ढेकी


अररिया : आधुनिकता के प्रवेश ने भले ही ग्रामीण परंपरा का 'चीर हरण' कर लिया हो, परंपराओं से प्यार करने वाले अररिया जिले के गांवों में धान कूटने वाली ढेकी आज भी 'जिंदा' है। जिले के सुदूरवर्ती गांवों में पारिवारिक उपयोग का चावल ढेकी के माध्यम से ही तैयार होता है।
अररिया प्रखंड के देवरिया गांव में खास कर शेरशाहवादी मुस्लिम समुदाय की महिलाएं ढेकी से ही चावल बनाती हैं।
इस संबंध में पूछने पर गांव की एक महिला मुशकुरा, सुवेरा खातून, मुन्नी आदि ने बताया कि अपने खाने के लिए हर परिवार के लोग ढेकी का चावल ही पसंद करते हैं। क्योंकि ढेकी से बने चावल में पौष्टिक तत्व पर्याप्त मात्रा में मौजूद रहते हैं। जबकि राइस मिल में बनाए जाने वाले चावल से पोषक तत्व समाप्त हो जाते हैं।
रेलवे में प्रवासी मजदूर के रूप में काम करने वाले अकबर ने बताया कि वे बाहर रहते हैं, लेकिन ढेकी से बने चावल का स्वाद उन्हें गांव खींच लाता है, लेकिन उससे भी बड़ी बात है कि ढेकी से चावल तैयार करने के कारण महिलाएं इंगेज रहती हैं और इस दौरान उनका शारीरिक अभ्यास भी हो जाता है। वहीं, तेल का दाम बढ़ जाने के कारण मिल में लगने वाली अधिक कुटाई का पैसा भी बच जाता है।

बिहार सरकार से होगी जनहित की बात: हबीबुल्ला


अररिया : राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष वजाहत हबीबुल्ला ने कहा है कि भजनपुर मामले का शीघ्र समाधान जनहित में बेहद जरूरी है। क्योंकि खुशहाली का रास्ता समाधान से ही निकलेगा। वे मंगलवार की देरशाम फारबिसगंज के भजनपुर ग्राम से लौटने के बाद अररिया डाक बंगला में मीडिया से रुबरू थे।
श्री हबीबुल्ला ने कहा कि उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद सभी पक्षों से बातचीत कर ली है और सारी रिपोर्ट बिहार सरकार को शीघ्र सौंप देंगे। उससे पहले इस संबंध में कुछ बोलना उचित नहीं होगा। मौके पर आयोग की महिला सदस्य सैयदा बिलग्रामी इमाम भी उपस्थित थी।
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि इलाके में उद्योग लगना लोगों के हित की बात है। क्योंकि इससे लोगों को नौकरी व रोजगार के मौके मिलते, लेकिन बदकिस्मती से एक सड़क को लेकर झगड़ा हुआ। इस सड़क से ही गांव के लोग अस्पताल, बाजार, कर्बला सहित अन्य जगहों के लिए जाते थे। लेकिन इस मामले का समय रहते समाधान करने के प्रति प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि इस समय किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा। लेकिन कांड से जुड़ी शिकायतों तथा दिल दहला देने वाली तस्वीरों को देखने के बाद गांव का दौरा करना जरूरी था। अध्यक्ष ने कहा कि वे सभी पक्षों से मिल चुके हैं तथा इस संबंध में शीघ्र ही अपनी रिपोर्ट बिहार सरकार को सौंप देंगे। उन्होंने कहा कि मामले का हल निकलना कठिन नहीं है। इलाके की खुशहाली का रास्ता इसी हल से निकलेगा।

पुन: मतदान कराने की मांग


अररिया : जिला परिषद अध्यक्ष पद प्रत्याशी रेखा देवी ने जिला पदाधिकारी से पुन: मतदान कराने की मांग की है। उन्होंने प्रभारी जिला पदाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि यदि उनकी मांगे नहीं सुनी गई तो वे अनशन पर बैठ जाएगी।
श्रीमती देवी ने बताया है कि चुनाव के दौरान विजय घोषित किए गए प्रत्याशी शगुफ्ता अजीम सात बच्चों को निरक्षर कहकर मतगणना हाल ले गए। जबकि सारे बच्चे शिक्षित थे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हीं बच्चों के माध्यम से क्रास वोटिग कराया गया। क्रास वोटिंग के कारण ही मत का अंतर इतना पाया गया। उन्होंने आरोप लगाया है कि शगुफ्ता पूर्व से ही राजनीतिक परिवारों से जुड़ी है। इसलिए वह अपने प्रभाव से कई अधिकारियों को भी अपने पक्ष में कर रखी थी।

शगुफ्ता के सामने होंगी कई चुनौतियां


अररिया  : कई राजनीतिक महाबलियों के बीच से जीत की राह तय करने में शगुफ्ता ने इस बार मैच्योरिटी का परिचय दिया। लेकिन इस बार की जीत के बाद उन्हें विकास की राह पर न केवल मजबूती के साथ कदम रखने होंगे, बल्कि कार्यपालिका के साथ समन्वय, विकास योजनाओं की ससमय पूर्णता तथा त्रिस्तरीय पंचायती राज के मान सम्मान की रक्षा जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां भी उनके सामने होंगी।
बुधवार को समाहरणालय के वातानुकूलित आत्मन कक्ष में हुए पार्षदों के शपथग्रहण के बाद हुए चुनाव में शगुफ्ता ने रेखा देवी को दस मतों के अंतर से हराया। अंतर लगभग एकतरफा था, लेकिन इस अवसर पर रेखा देवी के समर्थकों ने निर्वाची पदाधिकारी सह प्रभारी जिलाधिकारी पर पक्षपात का आरोप लगाया तथा दोबारा वोटिंग की मांग की।
वहीं, कचहरी परिसर में इस अवसर पर खूब गहमागहमी रही। तनाव भरे मौके भी आए, लेकिन प्रशासन तथा पब्लिक दोनों ने ही संवेदनशीलता का परिचय दिया तथा हालात को नियंत्रित रखा।
जीत के बाद दैनिक जागरण से बातचीत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष शगुफ्ता ने नारी सशक्तीकरण, गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, शिक्षा व बिजली की आपूर्ति में जिले को वास्तविक हक दिलवाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल में मैंने जहां से विश्राम लिया था, मेरी विकास यात्रा वहीं से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में सबका सहयोग, समर्थन व पहले से बेहतर समन्वय मेरा कमिटमेंट रहेगा।
चुनाव के अवसर पर एसडीओ डा.विनोद कुमार, एसडीपीओ मो. कासिम, नगर थाना के एसएचओ रामशंकर सिंह, दंडाधिकारी के रूप में रानीगंज के सीओ रामविलास झा, अररिया के सीओ टीए शाहिदी के साथ बड़ी संख्या में सैप, जिला पुलिस बल के जवान व अधिकारी तैनात थे। पुलिस कप्तान गरिमा मलिक भी स्थिति का लगातार अनुश्रवण कर रही थी।
इससे पहले डीडीसी सह प्रभारी जिलाधिकारी शशिभूषण प्रसाद ने नव निर्वाचित पार्षदों को पद पर गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक विजय कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

मेरी जीत सहयोग व दुआओं का असर: शगुफ्ता


अररिया : अररिया जिला परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने कहा है कि उनकी जीत दलगत प्रतिबद्धताओं से ऊपर उठ कर लोगों के समर्थन व विश्वास की जीत है। इस अवसर पर उनके पति व पूर्व जिप अध्यक्ष आफताब अजीम उर्फ पप्पू भी उपस्थित थे। दोनों ने संयुक्त रूप से बताया कि उन्हें जीत हासिल करने में जहां सैयद शाहनवाज हुसैन, विधान पार्षद डॉ.दिलीप जायसवाल, विधायक देवंती यादव, पदमपराग राय वेणु, परमानंद ऋषिदेव जैसे भाजपा नेताओं का भरपूर समर्थन मिला, वहीं लोजपा विधायक जाकिर अनवर के अलावा अजय झा ने भी अपना खुला समर्थन दिया। श्रीमती अजीम ने बताया कि उनकी जीत पार्षदों के समर्थन व जिलावासियों की दुआओं का असर है। उन्होंने कहा कि मैं सबके समर्थन व सहयोग को सलाम करती हूं।

भाई की गोली मार कर हत्या, शव काटकर नदी में फेंका


अररिया : बैरगाछी ओपी क्षेत्र के मझुआ गांव में घरेलू विवाद में दो भाइयों ने मिलकर अपने ही सगे भाई जहांगीर आलम की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को धारदार हथियार से काटकर बोरा में बंद कर बकरा नदी में फेंक दिया। बुधवार की सुबह जब शव फूल कर ऊपर आ गया तब पुलिस पहुंची। वहीं शव मिलने से पूर्व ही आशंका के आधार पर मृतक की पत्‍‌नी बीबी हुस्नी ने अपने दो सगे देवर एवं उनके तीन साले को नामजद अभियुक्त बनाते हुए बैरगाछी ओपी में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस पर प्रशिक्षु दारोगा मो. शज्जाद के नेतृत्व में पुलिस ने गांव पहुंचकर तहकीकात की थी, लेकिन शव की बरामदगी नहीं होने के कारण पुलिस गांव से बैरंग लौट आई। पुलिस को घटनास्थल पर खून के छींटे मिले थे।

जरूरत पड़ी तो सीबीआइ जांच की अनुशंसा करेगा आयोग


अगर जरूरत हुई तो अल्पसंख्यक आयोग फारबिसगंज कांड की जांच सीबीआइ से करवाने की अनुशंसा करेगा। यह बात आयोग के अध्यक्ष वजाहत हबीबुल्ला ने मंगलवार को भजनपुर गांव में कही। वे गांव का भ्रमण करने के बाद संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आयोग एक सप्ताह के अंदर मामले की जांच पूरी कर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप देगा।
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि आयोग का भरसक प्रयत्‍‌न होगा कि यहां के लोगों को इंसाफ मिले और उन्हें इसका अहसास भी हो। उन्होंने कहा कि किसी भी हिन्दुस्तानी की मौत चाहे वह हिन्दू हो या फिर मुसलमान, खेदजनक है। घटना के सही कारणों का पता जांच के बाद ही लगेगा।
उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थानों से प्राप्त शिकायतों के मुताबिक आयोग यहां पहुंची है और ग्रामीणों की सारी बातों को ध्यानपूर्वक नोट किया है। वे प्रशासन से भी इस विषय पर वार्ता करेंगे, फिर बुधवार को आवश्यकता पड़ी तो मुख्यमंत्री के समक्ष भी इस मुद्दे को रखेंगे।
इससे पहले श्री हबीबुल्ला ने गांव का भ्रमण किया तथा पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी बातें ध्यान से सुनी। उनके साथ आयोग की सदस्य सैयदा बिलग्रामी इमाम भी थीं।

किस पंसस को वोट डालना नहीं आता?


नरपतगंज (अररिया) : क्या नरपतगंज प्रखंड में समिति सदस्यों को अपने मत का प्रयोग करना नही आता? अगर नहीं तो वे हजारों मतदाताओं के सम्मान कीरक्षा किस प्रकार कर पायेंगे? प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को प्रमुख व उपप्रमुख चुनाव के दौरान तीन मत अवैध घोषित किये गये। जिसमें प्रमुख चुनाव में दो मत तथा उपप्रमुख चुनाव के दौरान एक मत अवैध घोषित किया गया। इसे स्पष्ट होता है कि किसी न किसी पंचायत समिति को मत डालना नही आता है।

बाइक सवार सहित तीन जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : राष्ट्रीय राज मार्ग पर सोमवार की देर संध्या अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटना में दो नाबालिग समेत एक मोटर साइकिल सवार बुरी तरह जख्मी हो गया। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया, जहां दोनों नाबालिग को बेहतर इलाज के लिए चिकित्सक ने पूर्णिया रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार फारबिसगंज मार्ग डोरिया सोनापुर चौक समीप स्थानीय निवासी मो. अफाक के 12 वर्षीय पुत्र इंतखाब आलम को मोटर साइकिल सवार द्वारा ठोकर मार देने के कारण बुरी तरह जख्मी हो गया। इस घटना में मोटर साइकिल सवार भी बुरी तरह जख्मी होने की बात बताई गयी है। जिसका इलाज निजी तौर पर चल रहा है। एक अन्य घटना में रामपुर को यादव टोला समीप वाहन के ठोकर लगने के कारण ककोडा निवासी प्रमोद यादव के पुत्री सूगन्द कुमारी बुरी तरह जख्मी हो गयी, जो अपने नानी के घर आई थी।

मारपीट: तीन महिला सहित सात घायल


कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान विभिन्न मामले को लेकर अलग-अलग थना क्षेत्रों में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में तीन महिला समेत सात लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना थाना को भेज दिया है। जानकरी के अनुसार रानीगंज थाना क्षेत्र के कदवा गांव में बीबी अशमिना को भूमि कब्जा करने के नियत से गांव के मुजाहिद आदि ने पीटकर अध्यमरा कर दिया।
दूसरी घटना बैरगाछी ओपी क्षेत्र के भगिया टोला में पति समेत अन्य लोगों ने बीबी शैयेदू खातुन का धुनैया कर दिया। तीसरी घटना बैरगाछी ओपी क्षेत्र से ही पोखरिय मछुआ टोला में पुरानी रंजिश को लेकर बीबी हुस्नी खातुन को पड़ोसी ने पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। बताया गया है कि पहले उक्त लोगों द्वारा पति जहांगीर को पकड़ कर पीटा जा रहा था, महिला जब बचाने गयी तो उसे भी पीटा गया। वहीं, महिला का जख्मी पति गायब है।
चौथी घटना नगर थाना क्षेत्र के हिरदम पुर गांव में भूमि विवाद के कारण मारपीट में दोनों पक्षों से जख्मी में रामचन्द्र चौहान, राजू मंडल व श्याम चौहान जख्मी हैं।

दो पंचायतों के उपमुखिया का चुनाव


सिकटी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के दो पंचायतों के उप मुखिया व उपसरपंच का चुनाव किया गया तथा शपथ ग्रहण के अंतिम दिन दो पंचायतों के प्रतिनिधियों को पद व गोपनीयता की शपथ बीडीओ टीपी शर्मा ने दिलायी। उन्होंने मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य व ग्राम कचहरी के पंच को शपथ दिलायी। वहीं ग्राम पंचायत डोरिया के उप मुखिया देवकी देवी ने शशि देवी को 5 मतों से पराजित किया। उप सरपंच उगन लाल यादव विजय रहे। वहीं डेंगा पंचायत से उपमुखिया रीना देवी, उप सरपंच सुशिला देवी निविर्रोध चुने गये। मजिस्ट्रेट के रूप में एनके झा मौजूद थे।

घटनास्थल से भजनपुर गांव पैदल ही पहुंचे अध्यक्ष


फारबिसगंज (अररिया) : मंगलवार को फारबिसगंज गोलीकांड की जांच को आए राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष वजाहत हबिबुल्लाह एवं सदस्य सैयदा बीलग्रामी इमाम ने घटनास्थल स्टार्च फैक्ट्री से भजनपुर गांव तक का सफर पैदल ही तय किया। करीब एक किमी तक के सफर में वे अपने साथ चल रहे कुछ ग्रामीण तथा प्रशासनिक पदाधिकारियों से लगातार विवादित सड़क तथा प्रस्तावित वैकल्पिक सड़क के बारे में जानकारी लेते रहे। जब भजनपुर गांव में उन्हें कुछ ग्रामीणों ने यह बताया कि कई मकानों पर गोलियों के निशान अब भी बने हुए हैं तो वे हैरान रह गए। इधर, आयोग की टीम के निरीक्षण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था काफी चुस्त-दुरूस्त नजर आई।

जमीन विवाद में भाभी की गर्दन मरोड़कर निर्मम हत्या


अररिया/कुसियारगांव : बैरगाछी ओपी क्षेत्र के ईदगाह टोला मैनापुर में सोमवार की रात रास्ता विवाद को लेकर देवर व ससुर आदि ने बीबी सैबुन की हत्या गला मरोड़ कर कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर में बंद कर दिया तथा भाग निकले। लेकिन मृतका के छह वर्षीय पुत्र मो. अरमान के हो हल्ला मचाने पर आस-पास के लोग दौड़कर आये और घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मृतका के पुत्र के ही बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दर्ज प्राथमिकी में ससुर, देवर व सास को आरोपी बनाया गया है। पीड़ित पुत्र ने पुलिस को यह भी बताया कि जब उनकी मां का हत्या कर घर में बंद किया जा रहा था उस समय उनके पिता भी वहां मौजूद थे।
घटना के संबंध में पीड़ित पुत्र ने बताया कि उनके चाचा आदि उनलोगों का रास्ता बंद कर रहे थे। जिसका विरोध उनकी मां कर रही थी। घटना के दो दिन पूर्व भी उनकी मां के साथ मारपीट की गयी थी। इसी कारण उसके मां की गला मरोड़ कर हत्या कर दी गयी।

यौन शोषण की प्राथमिकी


रेणुग्राम (अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र के पुरबी औराही निवासी राजो खातुन के आवेदन पर गांव के ही शेख आवेश के विरुद्ध शादी का प्रलोभन देकर यौन शोषण का मामला दर्ज किया गया है।

मामूली विवाद में पुत्र ने पिटाई कर ले ली अपने पिता की जान


अररिया/रानीगंज : पुत्र की पिटाई से घायल एक पिता ने मंगलवार को सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया है। घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के गाढ़ा गांव की है जहां मामूली विवाद को ले पुत्र हसनैन ने अपने ही पिता मो. मुस्लिम की गत रविवार को जमकर पिटाई कर दी थी जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। जख्मी हालत में उनके परिजनों ने इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो दिनों के बाद मंगलवार को उनकी मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण कराया है। रानीगंज पुलिस के अनुसार मारपीट की घटना के बाद ही मृतक की पत्‍ि‌न बीबी रहिना खातून ने थाना कांड संख्या 127/11 दर्ज कराई थी। जिसमें पुत्र, पतोहु एवं उनके एक अन्य सहयोगी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। घटना के संबंध में बताया गया है कि दो दिन पूर्व दरवाजे पर बंधी भैंस को हटाने को लेकर पुत्र एवं पिता के बीच विवाद हुआ था। उसके बाद पुत्र एवं पतोहू ने मिलकर पिता की जमकर धुनाई कर दी। पुत्र एवं उनके पतोहू बीबी रशीदा की पिटाई से मृतक की एक बेटी बीबी नजहत भी बुरी तरह जख्मी है।

जनप्रतिनिधियों को दिलाई गई शपथ


रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत रहिकपुर ठीलामोहन व बोकड़ा आदि पंचायतों के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को मंगलवार को पंखंड मुख्यालय में बीडीओ के समक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ लेने वालों में मुखिया सुरेश पासवान, मुखिया गजाला खातून आदि शामिल हैं।

ट्रक की ठोकर से एक की मौत, सड़क जाम

अररिया : अररिया-कुर्साकांटा मार्ग पर रामपुर चौक के निकट मंगलवार को मो. हासिम नामक युवक को एक ट्रक ने कुचल दिया जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। वह राज मिस्त्री का काम करता था। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने मार्ग को बाधित कर करीब पांच घंटे तक यातायात को अवरुद्ध रखा। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही तथा यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अंचल पदाधिकारी एवं पुलिस के प्रयास के बाद ग्रामीण शांत हुये और यातायात का चालू किया गया। वहीं पुलिस ने भाग रहे बोल्डर लदी ट्रक संख्या डब्लू बी 71-1875 एवं चालक को हिरासत में ले लिया। प्राप्त जानकारी अनुसार राज मिस्त्री मो. हासिम बटुर गांव से रामपुर चौक पर काम करने आ रहे थे। चौक के निकट पहुंचते ही कुर्साकांटा की ओर से आ रही बोल्डर लदी उक्त ट्रक ने उसे कुचल डाला जिससे उसकी दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। इसके बाद ग्रामीणों ने उक्त सड़क को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अंचल पदाधिकारी एवं बैरगाछी पुलिस स्थल पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों का कहना था कि पिछले वर्ष मृतक के चाचा की मौत भी सड़क दुर्घटना में हो गयी थी। परंतु आज तक कोई भी सुविधा पीड़ित परिवारों को नहीं मिला। बाद में अंचल पदाधिकारी ने पीड़ित परिजनों को इंदिरा आवास, कबीर अन्त्येष्ठी एवं अन्त्योदय योजना का लाभ देने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए।

एसीओ के निवास में चोरी


अररिया : अररिया शहर के आश्रम रोड मुहल्ला में सहायक चकबंदी पदाधिकारी विद्यानंद झा के घर से सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने एक लाख से अधिक मूल्य के सामान चुरा लिए।
इस संबंध में श्री झा ने बताया कि वे फारबिसगंज के निकट स्थित अपने गांव परवाहा में एक शादी में शामिल होने गए थे। इस दौरान चोरों ने उनके निवास से डीवीडी, जेवरात, नगद, गैस सिलिंडर व चूल्हा के अलावा अन्य घरेलू वस्तुएं चुरा ली। चुराई गई वस्तुओं का मूल्य एक लाख से अधिक बताया। श्री झा ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

नरपतगंज : सुलोचना देवी दोबारा बनी प्रखंड प्रमुख

नरपतगंज (अररिया) : अ‌र्द्ध सैनिक बलों व कड़ी सुरक्षा के बीच प्रखंड मुख्यालय के किसान भवन में मंगलवार को प्रखंड प्रमुख एवं उप प्रमुख का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुलोचना देवी एवं मनोज यादव दोबारा क्रमश: प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख चुने गए हैं। प्रमुख पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे, जिसमें सुलोचना देवी एवं कुमुद देवी शामिल थीं। कुल उपस्थित पंचायत समिति सदस्यों की संख्या 41 थी, जिसमें सुलोचना देवी को 26 तथा उसके प्रतिद्वंदी कुमुद देवी को 13 मत प्राप्त हुए वहीं सुलोचना देवी ने 18 मतों से दोबारा विजय घोषित हुई जबकि दो मत अवैध घोषित किए गए। वही प्रखंड उपप्रमुख पद के लिए भी दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए जिसमें मनोज यादव एवं इब्राहिम शामिल थे। जिसमें मनोज यादव को कुल 41 मतों में 32 मत प्राप्त हुए जबकि उनके प्रतिद्वंदी इब्राहिम को 8 मत प्राप्त हुए। मनोज यादव ने 24 मतों से विजय हासिल की। उपप्रमुख चुनाव में भी एक मत अवैध घोषित किए गए हैं। इस चुनाव प्रक्रिया के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी जीडी सिंह प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार यादव, अंचल पदाधिकारी मौजूद थे। प्रखंड प्रमुख सुलोचना देवी एवं उप प्रमुख मनोज यादव को अनुमंडल पदाधिकारी जीडी सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने किया भजनपुर गांव का दौरा


फारबिसगंज (अररिया) : राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष वजाहत हबिबुल्लाह एवं सदस्य सैयदा बेलग्रामी इमाम ने मंगलवार को भजनपुर गांव पहुंचकर फारबिसगंज गोलीकांड में मृतकों के परिजन एवं पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिया।
इससे पूर्व वजाहत एवं सुश्री इमाम ने घटना स्थल ओरो सुन्दरम स्टार्च फैक्ट्री तथा विवादित सड़क का भी निरीक्षण किया एवं उपस्थित पदाधिकारियों से कई जानकारियां ली। यहां उनके साथ प्रभारी डीएम अररिया, पुलिस कप्तान गरिमा मल्लिक, अनु. पदाधिकारी फारबिसगंज जीडी सिंह, अनु. आरक्षी पदाधिकारी फारबिसगंज व अररिया क्रमश: विकास कुमार तथा अब्दुल कासीम, भूमि उप समाहत्र्ता मुकेश कुमार सिन्हा, सहित कई अन्य अधिकारी व पुलिस कर्मी उपस्थित थे।
वहीं भजनपुर गांव में आयोग के अध्यक्ष श्री वजाहत और सदस्य सुश्री इमाम का अररिया में लोजपा विधायक जाकिर अनवर एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकिल अहमद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने स्वागत किया तथा विगत 04 जून की घटनाक्रम से अवगत कराया। मृतकों के परिजन मो. तौफिर, समसुल अंसारी, फारूख तथा मो. फारूख अंसारी आदि ने बिलखते हुए उस हादसे की विस्तृत जानकारी उन्हें दी। जबकि मो. इसलाम, अब्दुल गफ्फार, मो. वाहिद अंसारी, गेवालाल महतो, जिप सदस्य मो. इफ्तेखार और गौस मोहम्मद आदि ने बताया कि किस तरह सड़क मसले का हल निकालने के लिए अनु. पदाधिकारी को कई बार ज्ञापन भी सौंपा गया तथा बैठक में कोई हल नहीं निकलने के उपरांत प्रशासन के सहयोग से फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा सड़क पर दीवाल उठा दिया गया। उन्होंने पुलिस पर गांव के करीब आकर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया और कहा कि पुलिस द्वारा सैकड़ों राउंड गोलियां चलाई गई।
विधायक जाकिर अनवर ने आयोग से गुजारिश की केंद्र सरकार के समक्ष इस मुद्दे को रखा जाए।
इस मौके पर पूर्व विधायक मायानंद ठाकुर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंहा, भोला शंकर तिवारी, मो. साजिद, अबु अहमद, प्रयाग पासवान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

मारपीट में महिला जख्मी


कुर्साकांटा (अररिया) : जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में एक महिला जख्मी हो गयी। घायल महिला मैगरा निवासी हरिलाल साह की पत्‍‌नी शकुंतला देवी ने इस घटना को लेकर कुर्साकांटा थाना में उसी गांव के चार व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। जानकारी के अनुसार कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के मेगरा गांव में जमीन विवाद के कारण रास्ते में मिट्टी गिराने को लेकर जमकर मारपीट हुई।

गाछी टोला जाने को आज भी नहीं बन पायी सड़क


बसैटी(अररिया) : रानीगंज प्रखंड के बसैटी पंचायत स्थित वार्ड नंबर छह गाछी टोला जाने को आज भी सड़क नहीं बन पायी है। गांव वासी पगडंडी के सहारे आने जाने को विवश हैं। सड़क नहीं रहने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वार्ड वासी मो. मुख्तार, फटकन, वली मुहम्मद आदि बताते हैं कि चुनाव के समय प्रत्याशी सड़क बनवाने का आश्वासन देकर चुनाव जीत लेते हैं, परंतु उसके बाद कोई सुधि लेने नहीं आता है। ग्रामीण एक बार फिर नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से उम्मीद लगाये हुए है। इस अल्पसंख्यक बहुल मुहल्ले में अधिकांश गरीब व मजदूर तबके के लोग रहते हैं। अधिकांश पुरूष दिल्ली, पंजाब में मजदूरी करते हैं। जबकि उनकी पत्‍‌नी दिन भर खेतों में काम कर अपनी जीविका चलाती है। लेकिन सड़क के अभाव में उन्हें आने-जाने में काफी कठिनाई उठानी पड़ती है। खासकर बरसात के दिनों में मुहल्ले की स्थिति नारकीय हो जाती है।

लघु पत्रिका का विमोचन


फारबिसगंज(अररिया) : स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी पंडित रामदेनी तिवारी द्विजदेनी के शहादत दिवस पर बुद्धिजीवी विचार मंच के अध्यक्ष डा. मोतीलाल शर्मा द्वारा प्रकाशित लघु पत्रिका द्विजदेनी स्मारिका का विमोचन कर्नल अजीत दत्त ने किया।
उल्लेखनीय है कि द्विजदेनी चेतना समिति और बुद्धिजीवी विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में बीते रोज रानी लक्ष्मीबाई एवं पं. द्विजदेनी का शहादत दिवस उमाकांत दास की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस मौके पर डा. अनुज प्रभात, हेमंत यादव शशि, प्रो. कमला प्रसाद बेखबर, आशुतोष झा, मोहन लाल मेहता, मांगन मिश्र, विजय वंसल, विनोद कुमार तिवारी, कृत्यानंद राय, संजीव विश्वास, शंभू बनर्जी, मनोज तिवारी आदि उपस्थित थे।

सोहंदर के जनप्रतिनिधयों ने ली शपथ


पलासी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी में चल रहे शपथ ग्रहण के अंतिम दिन मंगलवार को बीडीओ उपेन्द्र सिंह ने सोहंदर पंचायत के जनप्रतिनिधियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी। शपथ लेने वालों में सोहन्दर के मुखिया राजनारायण विश्वास सरपंच गोपाल प्रसद गोस्वामी शामिल हैं। इस क्रम में उपमुखिया व उपसरपंच का भी चुनाव कराया गया।