Thursday, February 24, 2011

एसपी के जनता दरबार में खुली कांडों की गुत्थी


अररिया : एसपी के जनता दरबार में गुरुवार को कई पुराने कांडों की गुत्थियां खुली। आंसूओं के बीच न्याय की गुहार। फरियादियों की ओर से इंसाफ देने की आरजू और पुलिस अधीक्षक गरिमा मल्लिक द्वारा फटाफट कार्रवाई के आदेश..।
नरपतगंज के गुड्डु यादव रिक्शा चलाते हैं। दो साल पहले उनके भाई नरेश का अपहरण हो गया था। अब तक प्राथमिकी भी दर्ज नहीं हुई। एसपी प्राथमिकी को ले आदेश देती हैं।
दुष्कर्म की शिकार तीन अलग अलग लड़कियों ने पुलिस अधीक्षक के पास न्याय की गुहार लगायी। तीनों ही मामले में एसपी ने त्वरित कार्रवाई की। ..पुलिस आरोपी को छोड़ेगी नहीं। मैं पूरी प्रक्रिया को त्वरित करुंगी। अपराधी जरूर पकड़े जायेंगे।
एसपी ने कहा कि थानाध्यक्षों को न्याय दिलाने व कानून का राज बनाये रखने के लिये काम करना ही पड़ेगा। ढिलाई बरतने वालों को जगह नहीं मिलेगी। इसी बीच नगर थानांतर्गत लहटोरा गांव की तीन औरतें आती हैं। ..हजुर, हमरा जमीन पर दंबग सब कब्जा कर लिया है, मार पीट भी किया। मामले में कार्रवाई के आदेश होते हैं।
भरगामा सीडीपीओ कार्यालय में कार्यरत एक व्यक्ति ने झिरुवा गांव के सत्यनारायण विश्वास व चार पांच अन्य लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिये। बड़ा बाबू को तुरंत कार्रवाई का आदेश होता है।
महलगांव थाने से चैनपुर मसुरिया के मुखिया वृक्ष कटाई का मामला लेकर जनता दरबार में पहुंचते हैं। .. सरकारी पेड़ काट लिया। बड़ा बाबू एफआईआर नहीं कर रहे।
बनगामा के शेमा सिंह को इंदिरा आवास का पैसा मिला था। गांव के ही दबंग दलालों ने पैसा छीन कर पैर भी तोड़ दिया। ..साल भर से हसामी सब छुट्टा घूम रहा है हजुर।
कन्हैली मझुआ के मो. इसराइल की बेटी को मोटर साइकिल के लिये ससुराल वालों ने बुरी तरह मारा। ..एखन तक कोय गिरफदार नै भेलै सर।
पलासी थाने के सीताराम कुमार मंडल की मां को आरोपियों ने डायन कह कर प्रताड़ित किया। विरोध करने पर मारपीट। अब तक प्राथमिकी भी नहीं दर्ज हुई है। एसपी सारे मामलों में मोबाइल पर संबद्ध थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के आदेश देती हैं। क्विक एक्शन लीजिये, अन्यथा मैं कार्रवाई करुंगी।

0 comments:

Post a Comment