Thursday, February 24, 2011

लूटी गयी राशि के साथ छह बदमाश गिरफ्तार


अररिया : अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन के समीप जोगबनी के व्यवसायी से मंगलवार को लूटी गयी राशि के साथ कसबा पुलिस ने छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से व्यवसायी से लूटे गये 1.49 लाख एवं कई अन्य सामान भी बरामद हुए हैं। सभी अपराधियों से कसबा में ही पूछताछ जारी है।
अररिया की पुलिस कप्तान गरिमा मल्लिक भी इन गिरफ्तारियों की पुष्टि कर रही है। लेकिन उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी जोकीहाट स्थित बैंक लूट कांड के है या फिर स्टेशन पर हुई लूट के, इसकी जांच जारी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही दोनों मामलों का उद्भेदन कर लिया जायेगा।
जानकारी अनुसार जोगबनी वार्ड संख्या 17 निवासी अनिल कुमार साह एवं मो. हैदर ने सात एटीएम कार्ड से दो जगहों पर एक लाख उनसठ हजार की निकासी की। निकासी के बाद दोनों लोग साथ साथ टेंपू से अररिया कोर्ट स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर पूर्व से घात लगाये सूमो पर सवार छह अपराधियों ने अनिल कुमार को पकड़कर गाड़ी पर बैठा लिया। जबकि हैदर भागने में सफल रहा। अपराधियों ने अनिल को जलालगढ़ के पास छोड़ दिया और कसबा की ओर भाग निकले। वहां जोकीहाट कांड को लेकर चलाये गये सघन छापामारी अभियान में जब सूमो को रोका गया तो तलाशी के दौरान लूटी गयी राशि बरामद हुई तथा छह बदमाश भी धरा गये। इसके बाद पीड़ित व्यवसायी से भी उक्त अपराधियों की पहचान करायी गयी। इधर स्टेशन से भागे एक अन्य व्यवसायी मो. हैदर को भी पुलिस संदेह के दायरे में रख रही है। क्योंकि जब उसकेसाथी को अपराधियों ने पकड़ लिया तो उसने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी और भाग निकला।
बाक्स के लिए
हरदार बैंक लूट कांड का उद्भेदन जल्द: एसपी
अररिया, निसं: जोकीहाट स्थित हरदार एसबीआई में हुई लूट के बाद पुलिस द्वारा जगह जगह छापामारी जारी है। इस बीच अररिया की नव पदस्थापित पुलिस कप्तान गरिमा मल्लिक ने दावा किया कि मामले का जल्द ही उद्भेदन कर लिया जायेगा। उन्होंने बुधवार को नगर थाना में बताया कि इसके लिए जिले के तमाम पुलिस पदाधिकारियों को एलर्ट कर दिया गया है। गरिमा मल्लिक ने बताया कि यह घटना उनके लिए बड़ी चुनौती है। इस चुनौती को जल्द ही हल कर लिया जायेगा।

0 comments:

Post a Comment